You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

त्रिपुरा से 14 रोहिंग्या और दो बांग्लादेशी नागरिक गिरफ़्तार

पुलिस के मुताबिक 16 विदेशियों को अगरतला रेलवे स्टेशन से हिरासत में लेकर बाद में गिरफ़्तार किया गया.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and कमलेश मठेनी

  1. चीन पर लेज़र से हमला करने का आरोप

    फ़िलीपींस ने चीन पर आरोप लगाया है कि उसके एक युद्धपोत पर चीन ने लेज़र लाइट मारी.

    जिसकी वजह से युद्धपोत के क्रू को कुछ समय के लिए दिखाई देना बंद हो गया. क्या है ये पूरा मामला?

  2. कांग्रेस ने यदि हमारी बात मानी तो बीजेपी 100 से भी कम सीटों पर सिमट जाएगी: नीतीश कुमार

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कांग्रेस पार्टी को नसीहत देते हुए उनके नेताओं से कहा है कि यदि वे हमारी बात मानकर साथ मिलकर लड़ेंगे, तो बीजेपी 100 सीटों के नीचे सिमट जाएगी.

    पटना में भाकपा (माले) के 11वें महाधिवेशन में उन्होंने ये बातें की हैं.

    नीतीश कुमार ने कहा, ''हम तो चाहते हैं कि अधिक से अधिक लोग एकजुट हो जाएं. आज आप आए हुए हैं, तो आप ही के माध्यम से आपकी पार्टी के नेतृत्व से हम अनुरोध करेंगे कि जल्दी से जल्दी फ़ैसला कीजिए.''

    उन्होंने कहा, ''हम लोगों को बुलाकर बात कर लीजिए कि कहां-कहां और किनके साथ एकजुट होकर अगला चुनाव लड़ना है. ये जिस दिन फ़ैसला कर लीजिएगा, उसी दिन हम सब एकजुट हो जाएंगे.

    उनके अनुसार, ''हम जब मिलकर लड़ेंगे तब जान लीजिए इनसे (बीजेपी से) अच्छी तरह मुक्ति हो जाएगी.''

    कांग्रेस से उन्होंने कहा, ''यदि मेरा सुझाव मान लीजिएगा तो ये (बीजेपी) 100 के नीचे जाएंगे.''

    नीतीश कुमार ने कांग्रेस को सभी दलों को लेकर चुनाव लड़ने की नसीहत देते हुए कहा, ''यदि मेरी बात नहीं मानेंगे तो आप जानिए हमें क्या. इसलिए जल्दी से जल्दी फ़ैसला कीजिए.''

  3. COVER STORY: तुर्की का ये शहर भूकंप से कैसे बचा

    तुर्की और सीरिया में भूकंप के बाद राहत-बचावकार्य और विदेशों से मदद का सिलसिला जारी है. भूकंप से मरने वालों का आंकड़ा 41 हज़ार को पार कर गया है. भूकंप पीड़ितों के सामने अभी भी कई मुश्किलें हैं.

    लेकिन तुर्की में एक ऐसा शहर भी है जो भूकंप के केंद्र के नज़दीक होने के बावजूद तबाही से बच गया. वहां भूकंप से एक भी इमारत नहीं गिरी. ऐसा कैसे मुमकिन हुआ.

  4. मैनचेस्टर यूनाइटेड को ख़रीदने की होड़ में क़तर इस्लामिक बैंक के चेयरमैन हुए शामिल

    क़तर इस्लामिक बैंक के चेयरमैन और क़तर के पूर्व प्रधानमंत्री के बेटे शेख जसीम बिन हमाद अल थानी ने दुनिया के मशहूर फुटबॉल क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड को ख़रीदने की होड़ में शामिल होने का एलान किया है.

    उन्होंने एक बयान में बताया कि उनका फाउंडेशन (नाइन टू फाउंडेशन), मशहूर फुटबॉल क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड को ख़रीदने के लिए नीलामी में भाग लेगा.

    शेख जसीम का दावा है कि ख़रीदने के बाद इस क्लब के पुराने गौरवशाली क्षण लौटाए जाएंगे और लोगों के दिलों में फिर से मैनचेस्टर यूनाइटेड को स्थापित किया जाएगा.

    वहीं बीबीसी स्पोर्ट्स ने बताया है कि सर जिम रैटक्लिफ की कंपनी इनियोस ने भी मैनचेस्टर यूनाइटेड को ख़रीदने के लिए अपनी बोली जमा की है.

    बोली जमा करने की आख़िरी तारीख़ शुक्रवार थी.

    इससे पहले ग्लेज़र परिवार ने मैनचेस्टर यूनाइटेड को बेचने का एलान किया था. उसने 2005 में यह क्लब ख़रीदा था.

  5. रूस में जंग विरोधी आवाज़ों को दबाने का सिलसिला जारी

    यूक्रेन पर रूस के हमले के लगभग एक साल बाद भी क्रेमलिन का एक और हमला जारी है और वो हमला है रूस में ही रूस के आलोचकों पर.

    यूक्रेन पर हमले को रूस अपना स्पेशल मिलिट्री ऑपरेशन बताता है और इससे असहमति या इसकी आलोचना किसी को भी लंबे वक्त के लिए सलाखों के पीछे पहुंचा सकती है.

    रूस में अधिकारी जंग का विरोध करने वालों की आवाज़ किस तरह दबा रहे हैं, यही जानने के लिए बीबीसी संवाददाता स्टीव रोज़नबर्ग पहुंचे उत्तरी शहर अरखेंगगुहलस्क.

  6. दिल्ली एक्साइज़ पॉलिसी केस: सीबीआई ने मनीष सिसोदिया को पूछताछ के लिए बुलाया

    दिल्ली एक्साइज़ पॉलिसी केस में चार्जशीट फाइल करने के तीन महीनों बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को पूछताछ के लिए रविवार को बुलाया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, इस केस की चार्जशीट में सीबीआई ने मनीष सिसोदिया को अभियुक्त नहीं बनाया है क्योंकि उनके और अन्य कथित संदिग्ध लोगों के ख़िलाफ़ अभी भी जांच जारी है.

    आम आदमी पार्टी की सरकार में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के पास आबकारी विभाग भी है.

    इस मामले में पिछली बार 17 अक्टूबर को उनसे पूछताछ हुई थी और तब उनके घर और बैंक लॉकर की भी तलाशी ली गई थी.

  7. COVER STORY: असम सरकार की इस मुहिम से ख़ौफ़ज़दा लोग

    अशिक्षा और ग़रीबी से जूझते असम के बहुत से इलाक़ों में सालों से बाल-विवाह होते आए हैं.

    अब जब पुलिस ने सैकड़ों परिवारों के लड़कों को जेल भेज दिया है तो लोग इस चिंता में जी रहे हैं कि उनका घर अब कैसे चलेगा.

    बीबीसी संवाददाता राघवेंद्र राव की ख़ास रिपोर्ट.

  8. एस जयशंकर बोले- जॉर्ज सोरोस को अब भी लगता है कि ये दुनिया उनके अनुसार चलनी चाहिए...

    अमेरिका के दिग्गज कारोबारी जॉर्ज सोरोस के भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए बयानों की भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने आलोचना की है.

    शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में रायसीना डायलॉग के उद्घाटन सत्र के दौरान उन्होंने जॉर्ज सोरोस पर तंज़ कसते हुए कहा कि उन्हें अभी भी लगता है कि उनके विचारों से पूरी दुनिया की दशा-दिशा प्रभावित होनी चाहिए.

    उन्होंने इस कार्यक्रम में जयशंकर ने कहा, "सोरोस एक बुज़ुर्ग और कई तरह के विचार रखने वाले शख़्स हैं, जो न्यूयॉर्क में बैठकर अभी भी सोचते हैं कि उनके विचारों से पूरी दुनिया की गति तय होनी चाहिए... ऐसे लोग असल में नै​रेटिव गढ़ने में धन ख़र्च करते हैं.''

    उनके अनुसार, "उन जैसे लोग अपनी पसंद के लोगों के जीतने पर चुनाव को अच्छा बताते हैं और दूसरा नतीज़ा आने पर कहेंगे कि यह खामियों वाला लोकतंत्र है. और मज़े की बात ये है कि ये सब खुले समाज का समर्थन करने का दिखावा करके किया जाता है."

    इससे पहले जॉर्ज सोरोस ने म्यूनिख़ सिक्योरिटी कॉन्फ्रेन्स में गुरुवार को पीएम नरेंद्र मोदी की कड़ी आलोचना की थी.

  9. यूक्रेन को पश्चिमी देशों की मदद कब तक मिलती रहेगी?

    रूस के हमले के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की अंतरराष्ट्रीय समुदाय, ख़ास तौर पर पश्चिमी देशों से बार-बार हथियारों की सप्लाई के लिए गुहार लगाते रहे हैं.

    पिछले साल मार्च में यूक्रेनी सेना ने रूसी सेना को राजधानी कीएव से बाहर खदेड़ दिया था. उसके बाद देश के पूर्व में रूस के कब्ज़े वाले महत्वपूर्ण ठिकानों में जंग लड़ने में भी यूक्रेन के मिसाइल सफल रहे.

    लेकिन लगातार और कई मोर्चों पर युद्ध के कारण उनके सैनिक वाहन ख़त्म हो रहे थे और युद्ध में अपनी खोई ज़मीन वापिस पाने के लिए और रुसी सेना के मोर्चों को भेदने के लिए उसे गाड़ियों और टैंकों की ज़रूरत थी. और टैंकों के लिए पश्चिम देशों की ओर देख रहा था.

    युद्ध शुरु होने के लगभग एक साल होने को हैं और पश्चिमी मुल्कों ने यूक्रेन के राष्ट्रपति की अपील मान ली है. जनवरी में अमेरिका और ब्रिटेन ने यूक्रेन को चैलेंजर 2 टैंक और जर्मनी ने अपने लेपर्ड टैंक देने का वादा किया.

  10. फ़िल्म एक्टर शाहनवाज़ प्रधान नहीं रहे, 'मिर्ज़ापुर' सिरीज़ में भी किया था काम

    वेब सिरीज़ 'मिर्ज़ापुर' और शाहरुख ख़ान की फ़िल्म 'रईस' में काम कर चुके एक्टर शाहनवाज़ प्रधान का निधन हो गया है. समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, एक्टर यशपाल शर्मा ने इसकी जानकारी देते हुए बताया है कि उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई है.

    शुक्रवार शाम को एक अवॉर्ड फंक्शन के दौरान शाहनवाज़ प्रधान को सीने में दर्द की शिकायत हुई थी जिसके बाद उन्हें कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके.

    एक्टर यशपाल शर्मा भी उस कार्यक्रम में मौजूद थे. उन्होंने इंस्टाग्राम पर इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए एक पोस्ट किया है.

    उन्होंने लिखा है, "आज मुम्बई में ये प्रोग्राम अटेंड किया. बड़ा अच्छा चल रहा था सब. रिड्ज़ डाइम डैरेल जी का और सैकड़ों कलाकार मौजूद थे लेकिन बीच में ही अवॉर्ड लेने के थोड़ी देर बाद हमारे प्रिय कलाकार शाहनवाज़ को कुछ अटैक आया."

    "सारा प्रोग्राम रुक गया सब लोगों और डॉक्टर की हेल्प से उन्हें जल्दी उठा कर नीचे गाड़ी में बैठा कर कोकिला बेन हॉस्पिटल जो सबसे नज़दीक था ले जाया गया लेकिन कोई उन्हें बचा नहीं सका वो चले गए. ये है हमारी ज़िंदगी का कड़वा सत्य."

    "इंसान किन घमण्डों में जीता है और जीवन क्या है. ख़ैर प्रोग्राम ठीक से ख़त्म हुआ पर एक जीवन चला गया. इतने सारे कलाकार एक जगह इकट्ठा थे और हमारी आँखों के सामने एक जीवन ख़त्म हो गया. कुछ ख़ाली ख़ाली सा लग रहा है."

    "इतने लोग एक जगह मिले पर एक इंसान चला गया ये दुःख ज़िंदगी भर सालता रहेगा. भगवान उनकी आत्मा को शांति दे और परिवार को हिम्मत दे."

  11. भोपाल: पक्की क़ब्र के चलन से दफ़नाने के लिए जगह मिलना हो रहा मुश्किल

    कितना है बदनसीब 'ज़फ़र' दफ़्न के लिए

    दो गज़ ज़मीन भी न मिली कू-ए-यार में.

    यानी दफ़्न होने के लिए दो गज़ ज़मीन भी नसीब नहीं हुई दोस्त की गली में.

    शायद यही बात भोपाल के मुसलमानों के लिए आने वाले वक़्त में सही होती नज़र आ रही है.

    इसकी एक वजह अतिक्रमण के कारण सिमटते जा रहे क़ब्रिस्तान हैं, तो वही दूसरी वजह ये है कि लोग पक्की क़ब्रें बना रहे हैं.

  12. #INDvAUS नाथन लॉयन की घूमती गेंदों के आगे लड़खड़ाई भारतीय टीम, बिखरा टॉप ऑर्डर

    ऑस्ट्रेलिया के ऑफ़ स्पिनर नाथन लॉयन की धारदार गेंदबाज़ी के सामने दिल्ली टेस्ट में भारतीय टीम का टॉप ऑर्डर लड़खड़ा गया है.

    दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम ने ख़बर लिखे जाने तक 97 रन पर चार विकेट गंवा दिए हैं. ऑफ़ स्पिनर नाथन लॉयन ने ये सभी चारों विकेट लिए हैं.

    भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के 263 रन से अभी भी 166 रन पीछे हैं.

    भारत ने दूसरे दिन बिना किसी नुकसान के 21 रन से आगे खेलना शुरू किया.

    ओपनर केएल राहुल (17 रन) का विकेट सबसे पहले गिरा. उसके बाद कप्तान रोहित शर्मा 32 रन बनाकर आउट हुए.

    अपना 100वां टेस्ट खेल रहे चेतेश्वर पुजारा अपना खाता भी नहीं खेल सके. श्रेयस अय्यर केवल 4 रन बनाकर आउट हो गए.

    राहत की बात ये है कि अभी विराट कोहली बल्लेबाज़ी कर रहे हैं और उनके साथ रवींद्र जडेजा हैं.

  13. शिंदे गुट को शिवसेना का नाम और चिह्न, उद्धव ठाकरे के लिए कितना बड़ा झटका

    चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के धड़े वाली शिवसेना को असली शिवसेना माना है.आयोग ने कहा है पार्टी का नाम और चिह्न 'धनुष तीर' शिंदे गुट के पास रहेगा.

    चुनाव आयोग के इस फ़ैसले से उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना को करारा झटका लगा है.

    'इंडियन एक्सप्रेस'ने इस मामले की विस्तृत रिपोर्टिंग की है. अख़बार के मुताबिक़ चुनाव आयोग के इस फ़ैसले के बाद उद्धव ठाकरे ने कहा, "उन्होंने (शिवसेना) हमारा धनुष और तीर चिन्ह चुरा लिया है. लेकिन लोग इस चोरी का बदला लेंगे."

    उद्धव ठाकरे ने चुनाव आयोग के फ़ैसले को लोकतंत्र के लिए बेहद ख़तरनाक बताया और कहा कि वो इस फ़ैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देंगे.

  14. दक्षिण अफ्रीका से लाए गए 12 चीते पहुंचे ग्वालियर, बनेंगे कूनो नेशनल पार्क का हिस्सा

    दक्षिण अफ्रीका से 12 चीतों को लेकर आ रहा भारतीय वायुसेना का मालवाहक विमान (बोइंग C-17 ग्लोबमास्टर) शनिवार की सुबह ग्वालियर पहुंच गया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इन चीतों को ग्वालियर से हेलिकॉप्टर के ज़रिए कूनो नेशनल पार्क ले जाया जाएगा. यह पार्क राज्य के मुरैना और शिवपुर ज़िलों में स्थित है.

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और नरेंद्र सिंह तोमर इन चीतों को नेशनल पार्क में छोड़ेंगे.

    इन 12 चीतों में सात नर चीते हैं, जबकि पांच मादा.

    इस बीच शिवराज सिंह चौहान ने इस घटना पर ख़ुशी ज़ाहिर करते हुए कहा है कि कूनो नेशनल पार्क में चीतों की संख्या बढ़ने वाली है. अब यहां चीतों की संख्या बढ़कर 20 हो जाएगी.

    इससे पहले पांच महीने पहले 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नामीबिया से लाए गए 8 चीतों को कूनो नेशनल पार्क में छोड़ा था.

  15. भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट मैच: दूसरे टेस्ट के बचे हुए खेल से वॉर्नर हुए बाहर, सिर पर लगी चोट

    ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज़ डेविड वॉर्नर सिर में चोट लगने के कारण दिल्ली में भारत के साथ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच का बाक़ी का हिस्सा नहीं खेल पाएंगे.

    आईसीसी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए एक ट्वीट में यह जानकारी दी गई है. वहीं वॉर्नर के बदले अब इस मैच का बाक़ी का खेल मैथ्यू रेनशॉ खेलेंगे.

    आईसीसी ने यह भी बताया है कि मैच के बीच में हुए इस बदलाव के लिए क्रिकेट के 'कनकशन' नियम का इस्तेमाल किया गया है.

    इस नियम के तहत कनकशन (सिर में चोट लगने के बाद दिमाग़ का सही से काम न करना) होने पर कोई खिलाड़ी मैच के बाक़ी हिस्से से हट सकता है. ऐसी सूरत में किसी अन्य खिलाड़ी को मैच का बाक़ी का खेल खेलने की अनुमति दी जा सकती है.

    दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन यानी शुक्रवार को डेविड वॉर्नर ने 15 रन ही बनाए. हालांकि 44 गेंदों की अपनी पारी में उन्हें हेलमेट और शरीर पर कुछ गेंदें लगी थी.

    आईसीसी के अनुसार, शनिवार को आई रिपोर्ट में पाया गया कि वॉर्नर चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं.

  16. ड्रैगन स्क्वॉड की महिला बाउंसर्स

    क्या आपने ड्रैगन स्क्वॉड का नाम सुना है. क्या आपने प्लस साइज बॉडी वाली महिला बाउंसर्स को देखा है, जो पुराने ढर्रों से आगे निकलकर कामयाबी की नई इबारत लिख रही हैं.

    ये कहानी है नाइजीरिया की, जहां महिलाओं के साथ शारीरिक हिंसा काफी हद तक आम बात हो चुकी है. लेकिन ड्रैगन स्क्वॉड का इन महिलाओं ने अपनी ज़िंदगी तो बदली ही है वो दूसरों के लिए प्रेरणा बन रही हैं.

  17. यूपी में बनी तोप जब गरजेंगी, पाकिस्तान अपने आप ग़ायब हो जाएगा: योगी आदित्यनाथ

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ में राज्य में विकसित हो रहे डिफेंस कॉरिडोर की तारीफ़ करते हुए कहा है कि जब यहां बनी तोप गरजने लगेंगी तो पाकिस्तान दुनिया के नक्शे से अपने आप ग़ायब हो जाएगा.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बुंदेलखंड के बांदा में आयोजित 'कालिंजर महोत्सव' के उद्घाटन समारोह में ये बातें कहीं.

    उन्होंने कहा, "चित्रकूट में एक हवाई अड्डा बन रहा है. यहां रक्षा गलियारे का निर्माण हो रहा है. यहां बने तोप जब गरजने लगेंगे, तब पाकिस्तान नक्शे से अपने आप ग़ायब हो जाएगा."

    उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (UPDIC) सरकार की एक महत्वाकांक्षी परियोजना है. इसका उद्देश्य भारत के एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्र की विदेशी सप्लायरों पर निर्भरता घटाना है.

    इसके तहत राज्य के आगरा, अलीगढ़, चित्रकूट, झांसी, कानपुर और लखनऊ में रक्षा क्षेत्र से जुड़े उद्योगों का विकास करना है.

  18. अगले डेढ़ दशक तक 7 से 9 फ़ीसदी रहेगी भारत की विकास दर - एस जयशंकर

    ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर गए भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को सिडनी में ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ से मुलाक़ात की है.

    जयशंकर वहां की विदेश मंत्री पेनी वॉन्ग से भी मिले. इस दौरान उन्होंने वॉन्ग को भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा के हस्ताक्षर वाला एक बल्ला उपहार में दिया.

    भारतीय विदेश मंत्री हर साल आयोजित होने वाले 'रायसीना डायलॉग' में भाग लेने ऑस्ट्रेलिया गए हैं.

    हर साल इस सम्मेलन का आयोजन भारत के विदेश मंत्रालय और थिंकटैंक 'ऑब्ज़र्वर रिसर्च फाउंडेशन' के सहयोग से किया जाता है. इस बार के उद्घाटन सेशन का आयोजन सिडनी में हो रहा है.

    सिडनी में हो 'रायसीना सिडनी बिज़नेस ब्रेकफास्ट' में उन्होंने दावा किया कि भारतीय अर्थव्यवस्था की सेहत काफ़ी बेहतर है.

    उन्होंने कहा है कि भारत की विकास दर अगले डेढ़ दशक तक सात से नौ प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है.

    जयशंकर ने कहा है कि भारत ने बड़ी मज़बूती से कोरोना की चुनौती को मात दी है.

    पिछले साल अप्रैल में दोनों देशों के बीच हुए आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौते (ईसीटीए) के बारे में जयशंकर ने कहा है कि दोनों देशों के कारोबार पर इसका अच्छा प्रभाव पड़ा है.

    ऑस्ट्रेलिया में रह रहे भारतीयों के बारे में उन्होंने कहा, "हमने ऑस्ट्रेलिया में भारत और प्रतिभा का एक बहुत बड़ा आंदोलन देखा है. यहां हमारे लगभग 10 लाख छात्र रहते हैं."

    कुछ दिनों पहले एयरबस और बोइंग से 470 विमान ख़रीदने के टाटा समूह की स्वामित्व वाली एयर इंडिया के फ़ैसले को उन्होंने दुनिया से भारत के जुड़ाव के लिए काफ़ी अहम बताया है.

  19. कराची हमले का पाकिस्तान सुपर लीग पर नहीं होगा असर- सिंध प्रांत के सीएम

    पाकिस्तान सिंध प्रांत के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने कहा है कि कराची पुलिस ऑफ़िस पर हुए चरमपंथी हमले का पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) पर कोई असर नहीं होगा.

    उन्होंने कहा कि "ये आतंकवादी हमला था और हमलावरों ने नुक़सान पहुंचाने की कोशिश तो की, लेकिन हमारी पुलिस, रेन्जर्स और फौज की मदद से उनके इरादों को नाकाम कर दिया गया. ये लोग पुलिस का मनोबल गिराना चाहते थे."

    शाह ने पुष्टि की है कि शुक्रवार को हुए इस हमले में चार लोगों की मौत हुई है. उन्होंने कहा "हमारे पुलिस के तीन जवान और एक रेन्जर की मौत हुई है, लेकिन इस हमले को नाकाम कर दिया गया है."

    उन्होंने कहा कि "ऐसा नहीं लगता कि इसका असर पीएसएल पर पड़ेगा, अगर ऐसा हुआ तो चरमपंथी अपने इराद में कामयाब हो जाएंगे. हम ऐसा नहीं होंने देंगे और हम सुरक्षा के ज़्यादा इंतज़ाम करेंगे."

    पाकिस्तान सुपर लीग के मैच 13 फरवरी से शुरू हो गए हैं और ये टूर्नामेन्ट 19 मार्च को ख़त्म होगा.

    इस टूर्नामेंट के दौरान कई मैच कराची में खेले जाने हैं. इसका फ़ाइनल लाहौर में होगा.

  20. तुर्की-सीरिया भूंकप: जो बच गए वो कहां जाएं?

    सीरिया और तुर्की में 11 दिन पहले आए भूकंप में हज़ारों की मौत हुई हैं. यहां शहर के शहर मलबे के ढेर में बदल गए हैं.

    दुनिया के कई देश तुर्की और सीरिया तक राहत पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं.

    लेकिन इस आपदा में जो बच गए कैसे उन्हें मिलेगी राहत? कैसे उनकी ज़िदगी की कड़ियां जुड़ेंगी?