You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

तुर्की-सीरिया भूकंप: 22,300 से ज्यादा लोगों की मौत, बचाव कार्य लगातार जारी

तुर्की और सीरिया में पांच दिन पहले आए भूकंप के बाद बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य जारी है.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and संदीप राय

  1. भारत में आया ट्विटर का ब्लू टिक, हर महीने देने होंगे 650 रुपये

    अमेरिकी टेक व्यवसायी एलन मस्क ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर को ख़रीदने के बाद इसकी ब्लू टिक सेवा के बदले में पैसे चार्ज करने का ऐलान किया था.

    इसके बाद सोशल मीडिया की दुनिया में उन्हें काफ़ी विरोध का सामना करना पड़ा था.

    दुनिया भर की तमाम सोशल मीडिया हस्तियों ने ब्लू टिक के लिए पैसे नहीं देने का एलान किया था.

    लेकिन विरोध के बावजूद एलन मस्क के नेतृत्व में ट्विटर ने अपनी ब्लू टिक सर्विस को री-लॉन्च किया. उसने वैश्विक स्तर पर तीन तरह के टिक्स लॉन्च किए हैं.

  2. नीट-पीजी की परीक्षा पांच मार्च को ही होगी: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को कहा है कि नीट-पीजी की परीक्षा अपने तय समय पर 5 मार्च को आयोजित की जाएगी. ये परीक्षा पोस्टग्रैजुएट मेडिकल कोर्स में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जाती है.

    संसद में पूछे गए एक सवाल के जवाब में मांडविया ने कहा कि कोई भी मेडिकल स्टूडेंट परीक्षा देने से छूट न जाए इसलिए सभी एमबीबीएस के छात्रों के लिए कट ऑफ़ डेट को बढ़ा दिया गया है.

    नीट-पीजी में बैठने वाले छात्रों का एक समूह प्रवेश परीक्षा को रद्द किए जाने की मांग कर रहा है क्योंकि उनकी इंटर्नशिप पूरी होने में देर है.

    बीते मंगलवार को दिल्ली के जंतर मंतर पर कुछ छात्रों और डॉक्टरों ने ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (एफएआईएमए) के बैनर तले धरना भी दिया था.

    मंत्रालय ने नीट-पीजी एंट्रेंस टेस्ट की अंतिम तारीख़ को 30 से बढ़ाकर 11 अगस्त कर दिया था ताकि एमबीबीएस के छात्र अपनी अनिवार्य एक साल की इंटर्नशिप को पूरा कर सकें.

    मंगलवार को मंत्रालय ने ट्वीट कर कहा कि पांच राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के जो 13,000 एमबीबीएस स्टूडेंट्स इंटर्नशिप में देरी के कारण नीट-पीजी की परीक्षा के पात्र नहीं हैं, उनके भविष्य के मद्देनज़र उनकी इंटर्नशिप के पूरा होने की तारीख़ को 11 अगस्त 2023 तक बढ़ा दिया गया है.

  3. तुर्की और सीरिया में जारी है मलबे से ज़िंदा लोगों को तलाशने की कवायद

    कुदरत के क़हर से जूझ रहे सीरिया और तुर्की. कभी चमत्कार की तरह किसी की जिंदगी बचा ली जाती है तो कहीं किसी परिवार की उम्मीद ख़त्म हो जाती है.

    कैसे सीरिया और तुर्की में लड़ी जा रही है एक एक ज़िंदगी बचाने की जंग, देखिए कवर स्टोरी में.

  4. महाराष्ट्र: पत्रकार की मौत के मामले में पत्रकारों का विरोध प्रदर्शन, अभियुक्त पर मकोका लगाने की मांग

    महाराष्ट्र के रत्नागिरी में एक पत्रकार की मौत के ख़िलाफ़ पत्रकारों ने मुंबई में शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया.

    उन्होंने मांग की कि इस मामले में एसआईटी की जांच हो ताकि इसके पीछे की बड़ी साजिश सामने आ सके.

    प्रदर्शनकारी पत्रकारों की ये मांग भी थी कि इस मामले में अभियुक्त डीलर पंढरीनाथ अंबेरकर पर मकोका (महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट) लगाया जाए.

    पत्रकार शशिकांत वार्शी को सोमवार को एक एसवीयू से टक्कर मार दी गई थी.

    ये घटना मुंबई से 440 किमी. दूर राजपुर में पेट्रोल पंप के पास हुई थी.

    आरोप है कि एसयूवी में डीलर पंढरीनाथ अंबेरकर बैठे थे. वार्शी की अगले दिन अस्पताल में मौत हो गई थी.

    अंबेरकर को फिलहाल हत्या के आरोप में गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    उन पर आरोप है कि वो इलाक़े में रिफ़ाइनरी के लिए ज़मीन अधिग्रहण का विरोध करने वाले हर व्यक्ति को धमकी देते हैं.

    वार्शी ने एक स्थानीय मराठी अख़बार में अंबेरकर के ख़िलाफ़ ख़बर लिखी थी. ये ख़बर दुर्घटना वाले दिन ही प्रकाशित हुई थी.

    विरोध कर रहे पत्रकारों की मांग है कि इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए और अभियुक्त को ऐसी सज़ा मिले जो उदाहरण बने.

    प्रेस कल्ब ऑफ़ इंडिया, प्रेस एसोसिएशन और डीयूजे ने इस घटना को क्रूर हत्या बताते हुए इसकी निंदा की है.

    पत्रकारों का प्रतिनिधित्व करने वाले इन संगठनों ने उच्च-स्तरीय न्यायिक जांच कराने और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.

  5. तुर्की में भूकंप के मलबे में जन्मी बच्ची को गोद लेने हज़ारों आए आगे

    तुर्की में सोमवार की सुबह आए 7.8 तीव्रता के भूकंप से तुर्की और उससे सटे सीरिया में अब तक 21,000 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. यहां तेज़ी से राहत और बचाव कार्य चल रहा है और कहा जा रहा है कि मरने वालों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है.

    दोनों देशों में हर तरफ़ दर्द, मातम और आशंकाओं के बादल मंडरा रहे हैं.

    आपदा प्रभावित इलाक़ों से कुछ ऐसी कहानियां भी सामने आ रही हैं जिन पर विश्वास करना थोड़ा मुश्किल है.

    सीरिया के उत्तर पश्चिमी इलाक़े में भूकंप से गिरी एक इमारत के मलबे में जन्म लेने वाली बच्ची की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. इस बच्ची को गोद लेने के लिए हज़ारों लोग आगे आए हैं.

  6. हिंडनबर्ग से निपटने के लिए अदानी ग्रुप ने हायर की अमेरिकी लॉ फ़र्म: रिपोर्ट

    अदानी ग्रुप ने हिंडनबर्ग के ख़िलाफ़ क़ानूनी लड़ाई के लिए एक अमेरिकी लॉ फ़र्म वॉचटेल को हायर किया है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने फाइनैंशियल टाइम्स के हवाले से कहा है कि अदानी ग्रुप ने वॉचटेल के जाने माने वरिष्ठ अधिवक्ताओं लिप्टन, रोज़ेन और केट्ज़ से संपर्क किया है.

    हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद अदानी ग्रुप भारी संकटों से गुजर रहा है.

    न्यूयॉर्क की वॉचटेल लॉ फ़र्म कॉरपोरेट लॉ और बड़े और जटिल किस्म के लेनदेन में दक्ष है.

    हिंडनबर्ग रिसर्च ने अदानी ग्रुप पर स्टॉक हेराफेरी और फ़्रॉड के आरोप लगाए थे और इसके बाद पिछले हफ़्ते अदानी ग्रुप के शेयरों की क़ीमतें काफ़ी गिरी हैं.

    अदानी ग्रुप ने हिंडनबर्ग को अनैेतिक शॉर्ट सेलर बताते हुए उसकी रिपोर्ट को झूठ का पुलिंदा बताया था.

    बीते 29 जनवरी को ग्रुप ने 413 पेज का एक जवाब जारी किया था और कहा था कि हिंडनबर्ग की रिपोर्ट सिर्फ एक कंपनी पर हमला नहीं है बल्कि ये भारत पर हमला है.

  7. राहुल गांधी पर इशारों में किया तंज़ लेकिन अदानी पर कुछ भी नहीं बोले पीएम मोदी

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संसद में दिए अभिभाषण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को धन्यवाद प्रस्ताव पर भाषण दिया.

    गौतम अदानी मामले पर मंगलवार को राहुल गांधी के लगाए आरोपों पर प्रधानमंत्री ने कुछ नहीं कहा लेकिन उन्होंने कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के दिनों में हुए कथित घोटालों का जिक्र किया.

    देखिए वीडियो.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, #INDvAUS : रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में बनाया ये ख़ास रिकॉर्ड

    ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच नागपुर में खेले जा रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन क्रिकेटर रोहित शर्मा ने एक ख़ास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.

    बीसीसीआई ने बताया है कि रोहित शर्मा ने कैप्टन रहते हुए क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट टेस्ट मैच, एक दिवसीय क्रिकेट और टी-20 में शतक बनाने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं.

    शुक्रवार को रोहित शर्मा 120 रनों पर क्यूमिंस की गेंद पर विकेट गंवा बैठे.

  9. बीबीसी पर बैन लगाने की याचिका खारिज़, सुप्रीम कोर्ट ने कहा- सेंसरशिप नहीं लगा सकते

    बीबीसी पर बैन लगाने की मांग करने वाली याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को ख़ारिज कर दिया है. हिदू सेना ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर बीबीसी पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी.

    भारत की सर्वोच्च अदालत ने कहा कि सेंसरशिप नहीं लगाया जा सकता है.जस्टिस संजीव खन्ना और एमएम सुंद्रेश की बेंच ने कहा कि ये याचिका मिसकंसीव्ड (ग़लत समझा गया) है और कोर्ट संसेरशिप नहीं लगा सकती.

    गौरतलब है कि बीते माह बीबीसी ने डॉक्युमेंट्री 'द मोदी क्वेश्चन' के दो एपिसोड प्रसारित किए थे. हालांकि ये डॉक्युमेंट्री भारत में प्रसारित नहीं हुई लेकिन इंटरनेट से भी इसे हटा दिया गया.

    कई विश्वविद्यालयों में इसकी स्क्रीनिंग को लेकर हंगामा हुआ और पुलिस ने स्क्रीनिंग रोक दी.

  10. यूक्रेन के बाख़मुख़्त में हो रहा भीषण युद्ध

    यूक्रेन के पूर्वी शहर बाख़मुख़्त के आसपास भीषण गोलाबारी हो रही है. शहर पर कब्ज़ा करने के लिए रूसी सैनिक आगे बढ़ रहे हैं और शहर की ओर जाने वाले मुख्य हाईवे तक पहुंच गए हैं.

    यूक्रेनी सैनिकों के मुताबिक़ कुछ बाहरी इलाकों में लगभग आमने-सामने की लड़ाई लड़ी जा रही है.

    बाख़मुख़्त से देखिए बीबीसी संवाददाता ओर्ला गुएरिन की रिपोर्ट.

  11. यूपी इन्वेस्टर समिट में बोले पीएम मोदी- आज उत्तर प्रदेश की पहचान...

    यूपी इन्वेस्टर समिट के उद्घाटन समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ ने संबोधित किया और यूपी में निवेश की संभावनाओं पर बात की.

    पीएम मोदी ने कहा, "एक तरफ़ डबल इंजन सरकार का इरादा और दूसरी तरफ संभावनाओं से भरा उत्तर प्रदेश, इससे बेहतर साझेदारी हो ही नहीं सकती. सरकार आज बुनियादी ढांचे पर रिकॉर्ड खर्च कर रही है और हर वर्ष इसको हम बढ़ा रहे हैं. आपके लिए बुनियादी ढांचे में निवेश के नए मौके बन रहे हैं. स्वास्थ्य, शिक्षा में भी निवेश के अनेक अवसर हैं.''

    ''बहुत जल्द यूपी देश के उस इकलौते राज्य के तौर पर जाना जाएगा जहां पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं. डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से यूपी सीधे समुद्र के रास्ते से गुजरात से जुड़ेगा.''

    उन्होंने कहा, "भारत ग्रीन ग्रोथ के जिस रास्ते पर चल पड़ा है उसमें मैं आपको विशेष तौर पर आमंत्रित करता हूं. इस बार बजट में हमने 35,000 करोड़ रुपये सिर्फ एनर्जी ट्रांजिशन (नियोजित-ऊर्जा-संक्रमण) के लिए रखे हैं."

    "आज उत्तर प्रदेश की पहचान बेहतर क़ानून व्यवस्था, शांति और स्थिरता से है. उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर की पहल के परिणाम नज़र आ रहे हैं."

    वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि यूपी इन्वेस्टमेंट समिट में प्रदेश के पूर्वी के लिए 9 लाख 55 हज़ार करोड़ रुपये और बुंदेलखंड के लिए चार लाख 28 हज़ार करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव मिले हैं. उन्होंने कहा कि इन दोनों इलाक़ों को आर्थिक तौर पर पिछड़ा माना जाता था.

    यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि राज्य ने निवेशकों की सुविधा के लिए क्या इंतज़ाम किए हैं.

    उन्होंने बताया, ''प्रदेश में निवेशकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन सिंगल विंडो पोर्टल 'निवेश मित्र' बनाया गया है जो 33 विभागों की 406 सेवाएं उपलब्ध करा रहा है. निवेशकों की जिज्ञासाओं के समाधान के लिए इन्वेस्टर्स रिलेशनशिप मैनेजमेंट पोर्टल 'निवेश सारथी' बनाया गया है और हर निवेशक के साथ उद्यमी मित्र की तैनाती करने का काम किया गया है.''

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने समिट में यूपी सरकार के कामकाज की तारीफ़ की.

    उन्होंने कहा, ''पिछले कुछ समय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी ने अपने नाम यानी 'अप' को सार्थक किया है. यूपी मतलब स्वास्थ्य अप, शिक्षा अप, कौशल अप, निवेश अप ओर यूपी मतलब निवेश पर रिटर्न अप बन गया है.''

    यूपी की राजधानी लखनऊ में में तीन दिनों का इंवेस्टर समिट चल रहा है. इसमें कई उद्योगपतियों ने हिस्सा लिया है और पीएम मोदी इसमें मुख्य अतिथि हैं.

  12. रवींद्र जडेजा ने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ मैच में ऐसा क्या किया कि याद आए सचिन

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच नागपुर में चल रहे पहले टेस्ट का पहला दिन भारत के नाम रहा.

    भारत ने ऑस्ट्रेलिया को मात्र 177 रनों पर आउट कर दिया.

    भारत के इस शानदार प्रदर्शन में प्रमुख भूमिका निभाई रवींद्र जडेजा ने.

    लंबे समय बाद अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे जडेजा ने पाँच विकेट लिए.

    एक ओर जहाँ रवींद्र जडेजा की शानदार गेंदबाज़ी की चर्चा तेज़ है, वहीं ऑस्ट्रेलियाई मीडिया में मैच के दौरान बॉल टैम्परिंग के आरोप पर बहस हो रही है.

  13. यूपी इन्वेस्टर समिट में उद्योगपति मुकेश अंबानी ने बताया- राज्य में करेंगे कितना निवेश

    उत्तर प्रदेश में हो रहे इन्वेस्टर समिट में रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी ने भारत की बदलती क्षमताओं, औद्योगिक मौकों और रिलांयस के यूपी में निवेश को लेकर अपनी बात रखी.

    उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण भारत के बीच का अंतर कम से होने से क्षेत्रीय असमानता भी ख़त्म हो रही है.

    समिट के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ''आपकी (पीएम मोदी) दूरदर्शिता के कारण क्षेत्रीय असमानताएं तेज़ी से ख़त्म हो रही हैं. उत्तर प्रदेश इसका बेहतरीन उदाहरण है. शहरी और ग्रामीण भारत के बीच अंतर भी कम हो रहा है.''

    मुकेश अंबानी ने कहा, ''मुझे भरोसा है कि भारत विकास के मजबूत रास्ते पर है.''

    उन्होंने इसके चार कारण भी बताए- तकनीक को अपनाना, बड़ी संख्या में युवा आबादी, ख़त्म होती क्षेत्रीय असमानताएं और उम्मीद से भरे लोग.

    अंबानी ने 5जी सेवाओं के संदर्भ में कहा, ''भारतीय इस तरह तकनीक को अपना रहे हैं जैसा विकसित देशों में भी नहीं देखने को मिलता.''

    भारत के युवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि उनमें भरपूर औद्योगिक ऊर्जा और जुनून है. उनकी नई-नई खोजें और आईडिया दुनिया को हिला कर रख देंगे.

    उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती की भी बात की. अंबानी ने कहा, ''दुनिया में कोई भी भारतीय अर्थव्यवस्था की बुनियाद पर सवाल नहीं कर सकता. ये बहुत मजबूत हैं. सभी उद्योगों के लिए आगे बढ़ने का ये सही समय है.''

    अंत में उन्होंने घोषणा की कि रिलायंस की उत्तर प्रदेश में अगले चार सालों में अतिरिक्त 75 हज़ार करोड़ निवेश करने की योजना है. ये निवेश जियो, रिटेल और नवीकरणीय कारोबार में होगा और इससे राज्य में एक लाख नौकरियां पैदा होंगी.

    यूपी की राजधानी लखनऊ में में तीन दिनों का इन्वेस्टर समिट चल रहा है. इसमें कई उद्योगपतियों ने शिरकत की है और पीएम मोदी इसमें मुख्य अतिथि हैं.

  14. दाऊदी बोहरा समुदाय के कार्यक्रम में शामिल होंगे मोदी, वजह क्या है?

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीती 19 जनवरी को मुंबई नगर निगम के कार्यक्रम और नई मेट्रो लाइन के उद्घाटन के लिए मुंबई में थे. एक महीने के भीतर शुक्रवार 10 फरवरी को वे एक बार फिर में मुंबई में होंगे.

    वे छत्रपति शिवाजी टर्मिनस से शिर्डी और सोलापुर जाने वाली दो 'वंदे भारत' एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे. लेकिन इससे ज़्यादा चर्चा उनके दूसरे कार्यक्रम की हो रही है. वे मुसलमानों के दाऊदी बोहरा समुदाय के एक कार्यक्रम में शामिल होंगे.

    नरेंद्र मोदी अंधेरी पूर्व में बोहरा मुस्लिम समुदाय की 'अरबी अकादमी' का उद्घाटन करेंगे. मोदी के साथ मंच पर धार्मिक नेता और दाऊदी बोहरा समुदाय के प्रमुख सैयदना मुफ़द्दल सैफ़ुद्दीन भी साथ होंगे.

    ऐसा नहीं है कि मोदी पहली बार बोहरा समुदाय के किसी कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं, इससे पहले 2018 में, प्रधानमंत्री के तौर पर वे इंदौर में बोहरा समुदाय के कार्यक्रम में शामिल हुए थे.

  15. 'मेड इन चाइना' कैमरे हटाने के ऑस्ट्रेलिया के बयान पर क्या बोला चीन

    चीनी विदेश मंत्रालय ने चीन में बने कैमरे हटाने के ऑस्ट्रेलिया के एक फ़ैसले की कड़ी आलोचना की है और कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा की दलील देकर चीनी कंपनियों को रोकने की कोशिश ग़लत है.

    गुरुवार को चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चीनी सरकार की कोशिश रहती है कि वो बाज़ार के नियमों के अनुरूप और अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय क़ानूनों के दायरे में रहकर चीनी कंपनियों को काम करने के लिए प्रेरित करती है.

    उन्होंने कहा, "चीनी कंपनियों का काम रोकने और उनके साथ भेदभाव करने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा की अवधारणा को बढ़ाचढ़ा कर पेश करने और ताक़त के इस्तेमाल की हम कड़ी आलोचना करते हैं."

    "हमें उम्मीद है कि चीनी कंपनियों के काम करने के लिए ऑस्ट्रेलिया पक्ष एक निष्पक्ष, न्यायसंगत और भेदभाव से हटकर माहौल देगा और दोनों मुल्कों में आपसी भरोसा और सहयोग बढ़ाने के लिए और कदम उठाएगा."

    हाल में ऑस्ट्रेलियाई रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस ने कहा था कि राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार संवेदनशील इलाक़ों में लगे मेड इन चाइना सिक्योरिटी कैमरे हटाएगी.

    उन्होंने कहा था, "ये एक महत्वपूर्ण तथ्य है जो सामने आया है और हम इस पर काम करेंगे. हम सर्विलांस तकनीक की समीक्षा करेंगे और ये सुनिश्चित करेंगे कि हमारी जगहें पूरी तरह से सुरक्षित हों."

    संवाददाता सम्मेलन में समाचार एजेंसी एएफ़पी ने चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग से ऑस्ट्रेलियाई रक्षा मंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया मांगी थी और कहा था कि ऑस्ट्रेलियाई सरकार के इस कदम से सिक्योरिटी कैमरे बनाने वाली हिकविज़न और दाहुआ जैसी चीनी कंपनियां प्रभावित होंगी.

    हाल में एकऑडिट रिपोर्टसामने आई थी जिसके अनुसार 250 से अधिक सरकारी इमारतों में कम से कम 913 मेड इन चाइना सिक्योरिटी कैमरे लगे हैं. इस इमारतों में रक्षा मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, वित्त मंत्रालय और अटॉर्नी जनरल के दफ्तर शामिल हैं.

    समाचार एजेंसी निक्केई एशिया के अनुसार बीते साल नवंबर में ब्रितानी सरकार ने सभी सरकारी विभागों से कहा था कि राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वो संवेदनशन जगहों में चीन से जुड़े सर्विलांस कैमरे न लगाएं.

    इससे पहले अमेरिका ने भी सुरक्षा की दलली देते हुए कुछ चीनी कंपनियों के उपकरणों के इस्तेमाल पर रोक लगाई है.

  16. BBC Hindi: बीते हफ़्ते की वो ख़बरें, जो शायद आप मिस कर गए

    नमस्कार!

    आशा है कि आप स्वस्थ होंगे और आपके आस-पास सब अच्छा होगा.

    हमें मालूम है कि हफ़्ते भर आपके पास वक़्त की कुछ कमी रही होगी.

    इस वजह से आप देश दुनिया की अहम ख़बरों को देख या पढ़ नहीं पाए होंगे.

    इसी के चलते हम लाए हैं आपके लिए बीते हफ़्ते की कुछ अहम ख़बरें. शायद इन ख़बरों में से कुछ पर आपकी नज़र नहीं गई होगी.

  17. राजस्थान: गहलोत के बजट भाषण पर हंगामा, विपक्ष ने पुराना भाषण पढ़ने का आरोप लगाया

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार शुक्रवार को बजट पेश करने जा रही है. विधानसभा में सुबह 11 बजे जैसे ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बजट भाषण पढ़ना शुरू किया, कुछ ही देर में विपक्षी सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया.

    विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर सीपी जोशी ने विपक्ष के हंगामे के बीच सदन को आधे घंटे के लिए स्थगित कर दिया. राजस्थान विधानसभा में ऐसा पहली बार हुआ है कि बजट भाषण के दौरान सदन स्थगित किया गया.

    विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, उपनेता राजेंद्र राठौड़ समेत विपक्षी सदस्य वेल में आ गए और नारेबाज़ी करने लगे. इसके बाद विपक्ष के विधायक वेल में बैठ गए.

    विपक्ष का आरोप है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुराना बजट भाषण पढ़ दिया. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस हंगामे के दौरान कहा, "जो बजट पढ़ा जाएगा. वही आपको डिस्ट्रीब्यूट होगा. गलती से एक पेज गलत लग गया है."

    सीएम अशोक गहलोत ने कहा, "मैं सॉरी फील कर चुका हूं. गलती से एक पेज गलत लग गया था, मैंने उसी समय सॉरी फील किया." हंगामा शांत होने के बाद सीएम अशोक गहलोत ने बजट भाषण शुरू किया.

    मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विधानसभा में बजट भाषण की शुरुआत एक शेर पढ़ कर की है. हालांकि, बीते वर्ष बजट भाषण में शेर नहीं था.

    बजट भाषण के दौरान सीएम अशोक गहलोत ने कहा, "सरकार ने हर वर्ग के लोगों के लिए काम किया है. कोरोना काल में कोई भूखा नहीं सोया है. प्रदेश की जनता को और अधिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी."

    "इंदिरा गांधी शहरी रोज़गार गारंटी योजना के लिए आठ सौ करोड़ रुपये खर्च होंगे. वहीं, मनरेगा के तहत गांव में सौ दिन के रोज़गार को बढ़ा कर 125 दिन का किया जा रहा है. इस पर क़रीब 750 करोड़ खर्च होंगे."

    मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जिन दो योजनाओं का ज़िक्र किया है उनकी घोषणा बीते साल 2022 के बजट में हुई थी. बजट लीक होने के आरोप लगाते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा, "यह बजट पेश नहीं हो सकता."

    उपनेता प्रतिपक्ष ने विधानसभा कहा है कि, "इस बजट को स्थगित कर नया बजट पेश किया जाए."

    पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने कहा कि "जिस प्रदेश के मुख्यमंत्री बिना चेक किए 8 मिनट तक पुराना बजट पढ़ते रहे, आप समझ सकते हैं कि उनके हाथ में प्रदेश कितना सुरक्षित है. ये इतिहास में पहली बार हुआ है."

  18. अदानी पर मोदी की ख़ामोशी के क्या हैं मायने?

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संसद में दिए अभिभाषण पर चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जानेमाने कारोबारी गौतम अदानी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रिश्ते को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे.

    राहुल गांधी का कहना था कि गौतम अदानी की कामयाबी का मुख्य कारण पीएम मोदी से उनकी निकटता है. बाद में स्पीकर ने राहुल गांधी के भाषण के कुछ हिस्सों को संसदीय कार्यवाही को रिकॉर्ड से हटाने का आदेश दे दिया. इस कारण राहुल गांधी के भाषण का पूरा विवरण यहां नहीं दिया जा सकता है.

    नरेंद्र मोदी जब बुधवार को धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देने के लिए खड़े हुए तो सदन समेत सभी लोगों की निगाहें इसी पर टिकी थीं कि राहुल गांधी के आरोप पर मोदी क्या जवाब देते हैं.

    मोदी ने लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में क़रीब डेढ़ घंटे तक भाषण दिया लेकिन उन्होंने पूरे भाषण में ना तो गौतम अदानी का नाम लिया और ना ही उनके बारे में इशारों में ही कोई चर्चा की.

  19. #INDvAUS का दूसरा दिन: भारत 3 विकेट खोकर 151 पर, रोहित शर्मा शतक के क़रीब

    भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच नागपुर में खेले जा रहे टेस्ट मैच का आज दूसरा दिन है. लंच ब्रेक से पहले भारतीय टीम ने खेलते हुए तीन विकेट के नुक़सान पर 151 रन बना लिए हैं.

    कप्तान रोहित शर्मा और पूर्व कप्तान विराट कोहली फिलहाल क्रीज़ पर बने हुए हैं. रोहित शर्मा शतक बनाने के बहुत करीब हैं, उन्होंने 142 गेंदों पर 85 रन बना लिए हैं.

    वहीं, विराट कोहली ने 25 गेंदों पर 12 रन बनाए हैं. दोनों के बीच 16 रनों की भागीदारी हो चुकी है.

    इससे पहले चेतेश्वर पुजारा सात रन, रविचंद्रण अश्विन 23 रन और केएल राहुल 20 रन बनाकर आउट हो गए थे.

    ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया था. टीम दिन ख़त्म होने से पहले ही 177 रन बनाकर ऑल आउट हो गई थी. भारतीय टीम ने कल से ही खेलने की शुरुआत कर दिया था.

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरिज़ होनी है. दूसरा मैच 17 से 21 फरवरी के बीच होना है.

  20. तुर्की: मलबे में फंसे लोगों की तलाश किस तरह की जा रही है

    तुर्की और सीरिया में सोमवार को आए जबरदस्त भूकंप में 20 हजार लोगों की मौत हुई है जबकि हज़ारों घायल हैं.

    इस हाल में दुनियाभर से स्पेशलिस्ट रेस्क्यू टीमें वहां पहुंच रही हैं, ताकि जल्द से जल्द ज़्यादा लोगों को मलबे से निकाला जा सके.

    हालांकि भूकंप से बेहद प्रभावित इलाक़ों में कुछ लोग ये भी कहते हुए सुने जा रहे हैं कि यहां राहत और बचाव कार्य धीरे चल रहा है.

    कुछ लोगों को अपने करीबियों की तलाश में अपने हाथों से ही मलबा हटाना पड़ रहा है.