You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

तुर्की: राहत और बचाव कार्य तेज़, अब भी आ रही हैं मलबे से दबे लोगों की आवाज़ें

भूकंप के बाद तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने दक्षिण के 10 सूबों में तीन महीने के लिए आपातकाल लगा दिया है.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश and चंदन शर्मा

  1. तुर्की: राहत और बचाव कार्य तेज़, अब भी आ रही हैं मलबे से दबे लोगों की आवाज़ें

    तुर्की और सीरिया में सोमवार तड़के आए भूकंप के कई ज़ोरदार झटकों से दोनों देशों में अब तक 5,000 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं. मरने वालों की कुल संख्या अभी और बढ़ने की आशंका है.

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने कहा है कि उन्हें दुनिया के 70 से अधिक देशों से राहत और बचाव अभियान में मदद करने की पेशकश मिल चुकी है. अर्दोआन ने मदद भेजने या पेशकश करने वाले देशों का शुक्रिया अदा किया है.

    इसके साथ ही उन्होंने देश के दक्षिण के 10 सूबों में तीन महीने के लिए आपातकाल लगा दिया है.

    भारत ने भी स्वास्थ्यकर्मियों और उपकरणों के साथ 30 बेड वाला फ़ील्ड हॉस्पिटल तुर्की रवाना किया है. भारतीय सेना और एनडीआरएफ़ की टीमों को लेकर भारतीय वायुसेना के चार सी-17 ग्लोबमास्टर मालवाहक विमान तुर्की रवाना हो गए हैं.

    उधर पूरी दुनिया में फैले तुर्की के कई नागरिक अपने परिजनों की खोज ख़बर लेने अपने देश पहुंच रहे हैं. विदेश में रह रहे ऐसे लोग राहत और बचाव कार्य में शामिल होने की योजना बना रहे हैं. ये लोग पैसे से भी प्रभावित लोगों की मदद करने को तैयार हैं.

    तुर्की में राहत और बचाव अभियान में कड़ाके की सर्दी और बर्फ़बारी से काफ़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इसके बावजूद राहतकर्मी मलबे में दबे लोगों को निकालने का काम जारी रखे हुए हैं.

    हालांकि जैसे जैसे वक़्त गुज़र रहा है, वैसे वैसे लोगों में मलबे में फंसे अपने परिजनों के ज़िंदा बचने को लेकर चिंताएं बढ़ती जा रही हैं.

    तुर्की में तैनात एक रिपोर्टर ने बताया है कि उन्हें मलबे में फंसे लोगों की आवाज़ें सुनाई दे रही है.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बताया है कि भूकंप से लाखों लोगों के प्रभावित होने का अनुमान है. उसके अनुसार, इस आपदा से तुर्की और सीरिया के क़रीब 2.3 करोड़ लोगों के किसी न किसी तरह से प्रभावित होने की आशंका है.

    बीबीसी तुर्की की रिपोर्टर सेलिन गिरीट ने बताया है कि 1939 के बाद से आए सबसे ख़तरनाक भूकंप से अकेले तुर्की में 1.3 करोड़ लोगों के प्रभावित होने की आशंका है.

  2. चीनी गुब्बारे का मलबा लौटाने से अमेरिका ने क्यों किया इनकार

    अमेरिका ने चीन के 'स्पाई बलून' या संदिग्ध जासूसी गुब्बारे के मलबे को चीन को वापस करने से इनकार कर दिया है.

    वहीं चीन का कहना है कि गुब्बारे का मलबा उन्हें लौटाया जाना चाहिए क्योंकि ये एयरशिप चीन का था.

    चीन के इस संदिग्ध जासूसी गुब्बारे को अमेरिकी F-22 फ़ाइटर जेट ने दक्षिण कैरोलिना के अटलांटिक तट के पास गिरा दिया था.

    अमेरिकी सेना ने गुब्बारे के मलबे को इकट्ठा करने की कोशिशें तेज़ कर दी है. ये गुब्बारा पिछले हफ़्ते अमेरिका में मोंटाना से दक्षिण कैरोलिना तक उड़ता रहा.

    अमेरिका के आसमान में दिखे 'चीनी बलून' को गिराने के बारे में अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने बताया था कि इसके गिराने के आदेश देश के राष्ट्रपति जो बाइडन ने दिए.

    उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि शनिवार दोपहर को अमेरिका के उत्तरी कमांड के एक लड़ाकू विमान ने सफलतापूर्वक चीन के भेजे ऊंचाई से सर्विलांस करने वाले 'स्पाई बलून' को गिरा दिया.

  3. भारतीय सेना ने 30 बिस्तरों का फील्ड हॉस्पिटल तुर्की भेजा

    भारत ने भूकंप से बुरी तरह प्रभावित तुर्की में 30 बिस्तरों वाला फील्ड अस्पताल भेजा है.

    भारतीय वायुसेना के भारी भरकम मालवाहक विमान बोइंग C-17 ग्लोबमास्टर से फील्ड हॉस्पिटल के ज़रूरी उपकरणों के साथ डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ़ की 45 लोगों की टीम भी वहां गई है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने सोशल मीडिया साइट ट्विटर से किए एक ट्वीट में यह जानकारी दी है.

    उन्होंने लिखा, ''भारत ने 30 बेड वाली स्वास्थ्य सुविधा स्थापित करने के लिए तुर्की में एक फील्ड अस्पताल भेजा है."

    "इसकी पहली टुकड़ी में 45 लोगों की मेडिकल टीम लेकर भारतीय वायुसेना का एक C17 मालवाहक विमान वहां रवाना हो गया है. इसके साथ क्रिटिकल केयर स्पेशलिस्ट और सर्जन, एक्स-रे मशीन, वेंटिलेटर, ओटी और अन्य उपकरण भी मौजूद हैं."

    दूसरे ट्वीट में उन्होंने बताया कि भारतीय वायुसेना के दूसरे C-17 ग्लोबमास्टर से डॉग स्क्वायड, खोजी और बचाव उपकरण, निकासी उपकरण और गाड़ियों के साथ आत्मनिर्भर एनडीआरएफ़ की टीमों को वहां भेजा गया. भारत ज़रूरत के समय तुर्की के लोगों की मदद कर रहा है.

    उन्होंने एक अन्य ट्वीट में बताया है कि फील्ड अस्पताल के बाक़ी हिस्से लेकर भारतीय वायुसेना का चौथा मालवाहक विमान तुर्की रवाना हो गया है.

    इसमें स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ भारतीय सेना की 54 लोगों की मेडिकल टीम भी है.

  4. तुर्की में भूकंप से एक बंदरगाह में लगी भीषण आग, कई जहाज़ों का रूट बदला

    तुर्की में भूकंप के बाद एक बंदलगाह में लगी भीषण आग के बाद वहां से गुजरने वाले कई जहाज़ों को डायवर्ट कर दिया गया है.

    गाज़ियांतेप के दक्षिण-पश्चिम में क़रीब 112 किमी दूर स्थित इस्केंडरन पोर्ट में कल से आग लगी है.

    घटनास्थल से प्राप्त तस्वीरों में पोर्ट के ऊपर काले धुएं का एक गुबार और कई कंटेनरों में लगी आग दिख रही है.

    बीबीसी संवाददाता क्वेंटिन सोमरविले ने कहा है कि पोर्ट के आसपास की हवा में 'अभी भी काले धुएं और पेट्रोल की गंध घुली हुई है."

    उन्होंने कहा, "ऐसा कल भूकंप आने के बाद से ही हो रहा है. भूकंप के झटकों से शिपिंग कंटेनर गिर गए और पोर्ट में आग लग गई."

    शिपिंग की एक प्रमुख कंपनी एपी मोलर मर्सक ने एक बयान में कहा है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह पोर्ट सामान्य स्थिति में कब आ पाएगा.

    उन्होंने बताया है कि जहाज़ों को तुर्की के अन्य पोर्ट के अलावा मिस्र के पोर्ट सईद भेजा जा रहा है.

    सड़कें और एयरपोर्ट के साथ इस पोर्ट के भी क्षतिग्रस्त हो जाने से इस इलाक़े में राहत और बचाव कार्य करने में सरकार और सहायता एजेंसियों की समस्याएं और बढ़ने की आशंका है.

  5. पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति जनरल परवेज़ मुशर्रफ़ कराची में दफ़न

    पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति और सैन्य तानाशाह जनरल परवेज़ मुशर्रफ़ को मंगलवार को उनके गृहनगर कराची में दफ़ना दिया गया.

    पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता इंटरस्टेट पब्लिक रिलेशंस के अनुसार, जनरल मुशर्रफ़ का शव दफ़नाते वक़्त कराची के पोलो ग्राउंड में विदाई की नमाज़ अता की गई.

    इस मौक़े पर उनके परिजनों, प्रशंसकों के अलावा ज्वाइंट चीफ़ आफ़ स्टाफ़ कमेटी के चेयरमैन जनरल साहिर शमशाद मिर्ज़ा और सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर भी मौजूद थे.

    उनके अलावा सेना के कई सीनियर अधिकारी भी मौजूद थे.

    इससे पहले दुबई से ख़ास हवाई जहाज़ से जनरल परवेज़ मुशर्रफ़ का शव पाकिस्तान लाया गया. उनका 79 साल की उम्र में रविवार को दुबई में निधन हो गया था.

  6. त्रिपुरा में माणिक साहा के साथ योगी आदित्यनाथ का रोड शो, विरोधियों पर साधा निशाना

    त्रिपुरा विधानसभा के लिए चुनाव प्रचार जोर शोर से चल रहा है. दूसरी दलों की ही तरह सत्तारूढ़ बीजेपी ने भी जनता को अपने पक्ष में लुभाने की कोशिशें तेज़ कर दी हैं.

    इसी क्रम में मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री माणिक साहा के साथ रोड शो किया है. यह रोड शो मुख्यमंत्री माणिक साहा के विधानसभा क्षेत्र टाउन बारडोवाली में किया गया.

    उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल से इसका एक वीडियो पोस्ट किया है.

    उन्होंने राज्य में कुछ चुनावी रैलियों को भी संबोधित किया. ऐसी ही एक रैली में खोवाई में योगी आदित्यनाथ ने पिछले पांच साल में बीजेपी सरकार के कामों को गिनाया.

    उन्होंने आरोप लगाया कि पहले की सरकारों के एजेंडे में विकास नहीं था.

    उन्होंने यहां आरोप लगाया कि कांग्रेस और कम्युनिस्ट दोनों एक ही थैले के चट्टे-बट्टे हैं. ये दोनों मिलकर कुशासन को मल्टीप्लाई करके फिर से त्रिपुरा में अराजकता पैदा करना चाहते हैं.

    उन्होंने कांग्रेस पर जनता की आस्था के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया.

    केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी मंगलवार को त्रिपुरा में चुनावी रैलियों में भाग लिया.

  7. 'दिनभर'- पूरा दिन, पूरी ख़बर, सुनिए मोहम्मद शाहिद और प्रेरणा के साथ

  8. तुर्की: जब ज़लज़ले में ताश के पत्तों की तरह ढही इमारतें

    तुर्की में सोमवार सुबह भूकंप आने की वजह से तुर्की और उससे सटे सीरिया में मरने वालों की संख्या चार हज़ार से ज़्यादा हो गयी है.

  9. मुंबई से LIVE: मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मुंबई में रैली

    ज़्यादा जानकारी दे रहे हैं बीबीसी संवाददाता मयूरेश कोण्णूर

  10. तुर्की: भूकंप प्रभावित इलाकों में तीन महीने के आपातकाल

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप अर्दोआन ने भूकंप से बुरी तरह प्रभावित देश के 10 इलाकों में अगले तीन महीनों तक के लिए आपातकाल लगाने का एलान किया है.

    अर्दोआन के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से उनके ​ट्वीट किए गए बयान में कहा गया है कि संविधान के अनुच्छेद 119 का इस्तेमाल करते हुए हमने आपदा से प्रभावित 10 सूबों में राहत और बचाव कार्य तेज़ी से चलाने के लिए आपातकाल लगाने का फ़ैसला किया है.

    अर्दोआन ने यह भी बताया है कि केवल तुर्की में मरने वालों की संख्या बढ़कर अब 3,549 हो गई है.

    उन्होंने दुनिया के 70 देशों से मदद के प्रस्ताव मिलने की पुष्टि की है.

    राष्ट्रपति अर्दोआन ने तुर्की के पांचवें सबसे बड़े शहर अंताल्या में भूकंप से बेघर हुए लोगों को वहां के होटलों में रखने की योजना का भी एलान किया है.

  11. शुभमन गिल और मोहम्मद सिराज जनवरी के आईसीसी प्लेयर अवॉर्ड की रेस में

    श्रीलंका और न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ सिरीज़ में अपनी शानदार बल्लेबाज़ी से भारत को जीत दिलाने वाले शुभमन गिल और तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज को जनवरी 2023 के आईसीसी प्लेयर आफ़ द मंथ अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया है.

    शुभमन गिल ने जनवरी में 64.3 की औसत से 11 मैचों में कुल 643 रन बनाए. इस महीने उन्होंने तीन शतक और एक अर्द्धशतक लगाया.

    वहीं मोहम्मद सिराज ने जनवरी में कुल 14 विकेट लिए.

    इन दोनों के अलावा न्यूज़ीलैंड के डेवोन कॉन्वे भी इस अवॉर्ड के लिए नामित किए गए हैं. उन्होंने जनवरी में तीन शतक और दो अर्द्धशतक के साथ नौ मैचों में कुल 493 रन बनाए.

  12. तुर्की के राजदूत ने भारत को जमकर सराहा

    भारत में तुर्की के राजदूत ​फिरात सुनेल ने सोमवार तड़के अपने देश में आए भूकंप के तगड़े झटकों के कुछ ही घंटों के भीतर भारत द्वारा दी गई मदद की जमकर सराहना की है.

    इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि ज़रूरत में मदद करने वाला दोस्त वाक़ई दोस्त होता है. उन्होंने कहा कि 'दोस्त' शब्द तुर्क भाषा में है और कोई दोस्त अपने दूसरे दोस्त की मदद करता है.

    उन्होंने कहा है कि भारत उन देशों में शामिल है, जिसने तुर्की में राहत और बचाव दस्ते भेजे. उनके अनुसार, पहले झटके के बाद भारत के पीएम मोदी के निर्देश के बाद एनडीआरएफ़ ने एक समन्वय बैठक बुलाई.

    उन्होंने कहा कि वो भारत के गंभीर और उदार मदद की सराहना करते हैं. भूकंप के बाद के 48 से 72 घंटे बहुत अहम हैं और इस दौरान भारतीय टीमें वहां पहुंच गई.

    उन्होंने कहा कि शुरुआती घंटों में सबसे ज़्यादा राहत और बचाव टीमों के साथ कुत्तों के प्रशिक्षित दल की ज़रूरत होती है.

    उन्होंने बताया कि सोमवार को भारत ने राहत और बचाव कार्य चलाने के लिए उपकरणों के साथ मालवाहक विमान भेजे. आज सुबह में यह अदाना पहुंचा. दूसरा जहाज़ आज शाम से पहले तक वहां पहुंच जाएगा.

    उन्होंने बताया कि दक्षिण पूर्वी तुर्की में आए भूकंप के झटकों से 1.4 करोड़ से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं. यह बड़ी आपदा है.

    इससे अब तक क़रीब 21 हज़ार लोग घायल हुए हैं. क़रीब 6,000 इमारतें ध्वस्त हो गई हैं और तीन एयरपोर्ट क्षतिग्रस्त हो चुके हैं.

  13. अगस्ता वेस्टलैंड सौदा: क्रिश्चियन मिशेल की ज़मानत याचिका सुप्रीम कोर्ट में ख़ारिज

    सुप्रीम कोर्ट ने अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलीकॉप्टर घोटाले के एक अभियुक्त क्रिश्चियन मिशेल जेम्स की ज़मानत याचिका ख़ारिज कर दी है.

    मंगलवार को उनकी ज़मानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने यह फ़ैसला दिया.

    ब्रिटिश नागरिक क्रिश्चियन मिशेल पर अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर सौदे में बिचौलिया होने का आरोप है.

    उन्हें दिसंबर 2018 में दुबई से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था. उन्हें भारत प्रत्यर्पित करने के ऑपरेशन को 'यूनिकॉर्न' नाम दिया गया था.

    मिशेल को भारत लाने के लिए सीबीआई के ज्वाइंट डायरेक्टर साई मनोहर की अगुवाई में अधिकारियों की एक टीम दुबई गई थी. सीबीआई के मुताबिक़ प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरा करने के बाद मिशेल को भारत लाया गया था.

    पीटीआई के मुताबिक़ 57 बरस के मिशेल की अपील कोर्ट में ख़ारिज होने के बाद संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) सरकार ने मिशेल के प्रत्यर्पण को हरी झंडी दी थी.

    अगस्ता वेस्टलैंड से 12 वीवीआईपी हेलीकॉप्टर ख़रीदने का सौदा कांग्रेस की अगुवाई वाली यूपीए सरकार के कार्यकाल में हुआ था.

  14. जेईई मेन 2023 परीक्षा के आए नतीजे, जानिए अपना रिज़ल्ट

    आईआईटी और एनआईटी में एडमिशन के लिए हर साल होने वाली ज्वाइंट एंट्रेस एक्ज़ामिनेशन के पहले चरण यानी 'जेईई मेन' के नतीजे मंगलवार को जारी कर दिए गए.

    नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए के अनुसार, इस बार इस परीक्षा के लिए 9 लाख से ज़्यादा विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, बीई या बीटेक के लिए हुई पहले सत्र की परीक्षा में देश भर में कुल 20 विद्यार्थियों ने 100 एनटीए स्कोर हासिल किए.

    यदि आप इस परीक्षा के रिज़ल्ट चेक करना चाहते हैं, तो इस लिंक पर क्लिक करें.

    किसी का परिणाम जानने के लिए आवेदन संख्या के साथ उम्मीदवार की जन्म तिथि की जानकारी भी ज़रूरी है.

    ये दोनों सूचनाएं संबंधित कॉलम में भरने के अलावा दिए गए सिक्योरिटी पिन को भी भरना होता है.

  15. तुर्की: फ़ुटबॉलर को मलबे से निकालकर बचाया गया

    फुटबॉलर क्रिस्टियन एत्सु के मैनेजर का कहना है कि उन्हें मलबे से निकाल कर बचा लिया गया है.

    न्यूकैसल यूनाइटेड और चेल्सी फॉरवर्ड की ओर से खेलने वाले पूर्व खिलाड़ी कल एक इमारत के मलबे में फंस गए थे.

    घाना के रहने वाले एत्सु तुर्की के हेटास्पोर क्लब के लिए खेलते है.

    मैनेजर मुस्तफ़ा ओज़ट ने तुर्की के रेडियो स्टेशन को बताया कि एत्सु को " घायल हालत में मलबे से निकाला गया".

    उन्होंने कहा कि क्लब के खेल निदेशक तानेर सावत भी मलबे में दबे हुए हैं.

  16. अदानी मामले को लेकर राहुल गांधी ने पीएम मोदी और सरकार पर साधा निशाना

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अदानी समूह को ग़लत तरीक़े से मदद करने का आरोप लगाया है. उन्होंने आरोप लगाया है कि केंद्र की मौजूदा सरकार ने सरकारी संसाधनों से अदानी समूह का कारोबार आगे बढ़ाने में मदद की है.

    अदानी मसले पर हुई बहस में उन्होंने मंगलवार को लोकसभा में ये आरोप लगाए. राहुल गांधी ने देश की विदेश नीति को अदानी का कारोबार बढ़ाने की नीति क़रार दिया है.

    उन्होंने आरोप लगाया है कि आज देश के एयरपोर्ट प्रबंधन में अदानी समूह का हिस्सा 30 फ़ीसदी और इसराइल से रक्षा कारोबार में 90 फ़ीसदी तक है, जो मोदी सरकार की 'सीधी मदद' के कारण हुआ है.

    गांधी ने कहा कि पीएम जब ऑस्ट्रेलिया जाते हैं, तो एसबीआई अदानी को एक अरब डॉलर का लोन दे देता है.

    उन्होंने कहा कि मोदी जी की पहली यात्रा बांग्लादेश की होती है तो वहां 1,500 मेगावाट बिजली बेचने का जो समझौता होता है, वो अदानी समूह को ​दे दिया जाता है.

    उन्होंने आरोप लगाया कि 2022 में श्रीलंका के इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड के चेयरमैन ने संसदीय समिति के सामने एक खुली सुनवाई में दावा किया है कि तत्कालीन प्रेसिडेंट राजपक्षा ने उनसे कहा कि उन पर पीएम मोदी का दबाव है और ये प्रोजेक्ट अदानी को दे दिया जाए.

    उन्होंने कहा कि यह देश की विदेश नीति नहीं, अदानी जी का कारोबार बढ़ाने की विदेश नीति है.

    एलआईसी का पैसा अदानी के शेयरों में डालने का उन्होंने विरोध करते हुए कहा कि इनके शेयर बड़े 'वोलाटाइल' हैं. इसके बावजूद सरकार ने 36 हज़ार करोड़ रुपए अदानी समूह की कंपनियों में डाल दिए.

    उन्होंने आरोप लगाया कि हज़ारों करोड़ रुपए के लोन सरकारी बैंकों से अदानी समूह के दिए गए, जिससे समूह का कारोबार आगे बढ़ा.

    सत्ता पक्ष ने किया कड़ा विरोध

    राहुल गांधी जब ये आरोप लगा रहे थे तब बीजेपी के कई सांसदों ने उनका विरोध किया.

    सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि आप पीएम पर आरोप लगा रहे हैं, आप आरोपों का सबूत दीजिए और बताइए कि मोदी सरकार में कौन से नियम बदले गए.

    उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के दौरान जीएमआर और जीवीके कंपनी के पास एयरपोर्ट चलाने का कितना अनुभव था, फिर भी उन्हें इसके ठेके दिए गए.

    वहीं संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि आप अपने आरोपों को प्रमाणित कीजिए. उन्होंने गांधी पर आरोप लगाया कि वे बिना आधार के आरोप लगा रहे हैं.

    वहीं रविशंकर प्रसाद ने नियमों का हवाला देते हुए कहा कि बिना प्रमाण के सदन में किसी पर भी आरोप नहीं लगा सकते. उन्होंने मांग की कि गांधी के आरोपों को रिकॉर्ड में शामिल न किया जाए.

  17. बिलकिस बानो मामले की सुनवाई के लिए जल्द ही स्पेशल बेंच का गठन

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    सुप्रीम कोर्ट ने बिलकिस बानो मामले की सुनवाई के लिए स्पेशल बेंच गठित करने पर सहमति जताई है.

    न्यायालय ने कहा कि बिलकिस बानो मामले की सुनवाई के लिए जल्द ही स्पेशल बेंच का गठन किया जाएगा.

    बिलकिस बानो ने अपनी वकील शोभा गुप्ता के ज़रिए इस मामले में याचिका दायर करते हुए 11 दोषियों की रिहाई को चुनौती दी थी.

    सुप्रीम कोर्ट के चीफ़ जस्टिस डॉ. डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ ने इस पर सुनवाई करते हुए कहा कि वह इसके लिए एक स्पेशल बेंच का गठन करेंगे.

    पीठ ने कहा कि वे जल्द से जल्द ऐसा करेंगे.

    बीबीसी से बात करते हुए शोभा गुप्ता ने कहा कि यह बहुत ही संवेदनशील मामला है, क्योंकि इसमें किसी के जीवन और स्वतंत्रता की बात हो रही है. गुजरात सरकार ने माफ़ी नीति के तहत उम्र कै़द की सजा काट रहे 11 दोषियों को 15 अगस्त को रिहा कर दिया था.

    क्या है मामला?

    • साल 2002 में हुए गुजरात दंगों के दौरान अहमदाबाद के पास रनधिकपुर गांव में एक भीड़ ने पांच महीने की गर्भवती बिलकिस बानो के साथ सामूहिक बलात्कार किया था.
    • उनकी तीन साल की बेटी सालेहा की भी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी.
    • 21 जनवरी, 2008 को मुंबई की एक विशेष सीबीआई अदालत ने बिलकिस बानो के साथ गैंगरेप और परिवार के सात सदस्यों की हत्या के आरोप में 11 अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सज़ा सुनाई थी.
    • बॉम्बे हाई कोर्ट ने दोषियों की सज़ा को बरकरार रखा था.
    • 15 साल से अधिक की जेल की सज़ा काटने के बाद दोषियों में से एक राधेश्याम शाह ने सज़ा माफ़ी के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया था.
    • सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात सरकार को सज़ा माफ़ी के मुद्दे पर गौर करने का निर्देश दिया था.
  18. तुर्की, सीरिया में भूकंप: दर्द, चीखें, दुख और मदद की पुकार

    तुर्की और सीरिया में भूकंप प्रभावित जगहों पर तबाही का मंज़र है. हालात इतने ख़राब हैं कि भारत समेत कई देश मदद के लिए आगे आए हैं.

    भीषण भूकंप के बाद बचाव कार्य तेज़ी से चल रहा है. इस बचाव कार्य में तेज़ बारिश और बर्फबारी चुनौती बनकर सामने आ रही हैं.

    भूकंप की चपेट में आई इमारतों के नीचे लोग दबे हुए हैं या फिर मलबे में फंसे हुए हैं.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी डब्ल्यूएचओ ने आशंका जताई है कि मरने वालों का आंकड़ा काफ़ी ज़्यादा हो सकता है.

    तुर्की की मदद के लिए भारत सरकार ने राहत सामग्री में काम आने वाली कई चीजें भेजी हैं.

  19. तुर्की: 65 देशों के 2,660 राहत कर्मी बचाव अभियान पर

    तुर्की की आपदा और आपात एजेंसी एएफ़एडी ने अपने ताज़ा अपडेट में कहा है कि राहत और बचाव अभियान में मदद के लिए 65 देशों ने 2,660 कर्मियों को भेजा है.

    तुर्की के बचावकर्मियों के साथ मिलकर 13,740 लोग पहले ही प्रभावित इलाके में बचाव कार्य में लगे हुए है.

    राहतकर्मी 629 क्रेन और 360 वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं.

    प्रभावित लोगों को 300,000 कंबल, 41,504 फैमिली टेंट, हीटर और किचन सेट बांटे गए हैं.

  20. भूकंप आए तो आपको क्या करना चाहिए?

    सोमवार को तुर्की और सीरिया में 7.8 तीव्रता का जो भूकंप आया, वो दुनिया में इस दशक में आए ज़लज़लों में सबसे भयानक था. इस भूकंप से दोनों देशों में चार हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई.

    तुर्की ऐसा देश है, जहां भूकंप आने का ख़तरा हमेशा बना रहता है. 1939 से 1999 के बीच तुर्की में पांच बड़े भूकंप आ चुके हैं.

    साल 1900 के बाद से अब तक तुर्की में 76 ज़लज़ले आ चुके हैं, जिनमें 90 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई. इनमें से आधी मौतें तो 1939 से 1999 के बीच हुईं.

    पिछले दो दशकों के दौरान दुनिया में जो दूसरे भयंकर भूकंप आए हैं, उनमें 2021 में हैती में आया ज़लज़ला भी शामिल है. इस भूकंप में 2200 से ज़्यादा लोगों की जान चली गई थी.

    समझिए कि भूकंप आए तो जान बचाने का क्या तरीका है?