You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

तुर्की: राहत और बचाव कार्य तेज़, अब भी आ रही हैं मलबे से दबे लोगों की आवाज़ें

भूकंप के बाद तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने दक्षिण के 10 सूबों में तीन महीने के लिए आपातकाल लगा दिया है.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश and चंदन शर्मा

  1. भारत की मदद पर तुर्की बोला – ‘शुक्रिया, वक़्त पर दोस्त ही काम आता है.’

    भारत में तुर्की के राजदूत फिरात सुनेल ने मंगलवार को एनडीआरएफ़ टीमों के तुर्की पहुंचने पर भारत सरकार का शुक्रिया अदा किया है.

    सोमवार सुबह 7.8 तीव्रता का भूकंप आने के बाद तुर्की और उससे सटे सीरिया में 4300 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गयी है.

    फिरात सुनेल ने भारत सरकार को शुक्रिया कहते हुए ट्विटर पर लिखा है – ‘तुर्की और हिंदी में दोस्त एक कॉमन शब्द है. हमारी तुर्की भाषा में एक कहावत है जिसका मतलब ये है कि ज़रूरत के वक़्त दोस्त ही काम आता है. आपका बहुत बहुत शुक्रिया’

    भारत सरकार ने इस मौके पर राहत सामग्री के साथ-साथ एनडीआरएफ़ की दो टीमों को तुर्की भेजा है.

    एनडीआरएफ़ के महानिदेशक अतुल करवाल ने बताया है कि ‘पहली टीम सात फरवरी को सुबह तीन बजे 51 बचावकर्मियों के साथ रवाना हुई है. इसमें 51 बचावकर्मियों के साथ-साथ एक डॉग स्क्वैड, पांच महिला बचावकर्मी और तीन कारें शामिल हैं. वे अदाना एयरपोर्ट पर उतरेंगे जो कि आपदा प्रभावित क्षेत्र के पास है.’

    इसके बाद दूसरी टीम 11 बजे हिंडन एयरबेस से निकली है जिसमें एक कमांडर के साथ-साथ पचास बचावकर्मी और एनडीआरएफ़ डॉक्टर के साथ पेरामैडिक स्टाफ़ शामिल है.

  2. तुर्की: जब भूकंप के झटके झेलते शख़्स ने कहा, आओ सब एक ही जगह एक साथ मरते हैं

    "मैंने अपने जीवन में ऐसा कुछ नहीं देखा था. हम लगभग एक मिनट तक इधर से उधर झूलते रहे."

    यह कहना है दक्षिणी तुर्की के शहर अदाना के रहने वाले नीलोफ़र असलान का जो आज सुबह तुर्की समेत सीरिया और लेबनान में आने वाले भीषण भूकंप की भयावहता के बारे में बात कर रहे थे.

    तुर्की के शहर अदाना में असलान ने बीबीसी को भूकंप के समय के बारे में बताया, "जब अपार्टमेंट हिलने लगा तो मुझे लग गया था कि अब मेरा परिवार नहीं बचेगा. मुझे लगा हम भूकंप में मर जाएंगे."

    उन्हें दूसरे कमरों में रह रहे अपने रिश्तेदारों को पुकारने की बात याद है. वह कहते हैं, ''मैंने कहा यह तो भूकंप है, आओ कम से कम हम एक साथ एक ही जगह मरते हैं. बस यही बात मेरे दिल में आई."

  3. तुर्की: आगरा के आर्मी फ़ील्ड हॉस्पिटल से 89 लोगों की मेडिकल टीम रवाना

    तुर्की और सीरिया में भूकंप से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. तुर्की और सीरिया में भारी तबाही हुई है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक राहत बचाव कार्य के लिए आगरा के आर्मी फ़ील्ड हॉस्पिटल से 89 लोगों की मेडिकल टीम रवाना हुई है.

    इस टीम में कई मेडिकल विशेषज्ञ शामिल हैं. टीम घायलों का इलाज करेगी.

    इसके अलावा भारत ने राहत और बचाव अभियान के लिए एनडीआरएफ़ की टीम को भी भेजा है.

  4. राना अय्यूब को सुप्रीम कोर्ट से लगा झटका

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को राना अय्यूब से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में उनकी याचिका ख़ारिज कर दी है.

    प्रवर्तन निदेशालय ने पत्रकार राना अय्यूब पर आरोप लगाया है कि उन्होंने अच्छे काम करने के लिए क्राउड फंडिंग के ज़रिए पैसा जुटाया था लेकिन उसे मनी लॉन्ड्रिंग करके महंगी चीज़ें ख़रीदने पर ख़र्च किया.

    इस मामले में राना अय्यूब के ख़िलाफ़ उत्तर प्रदेश के इंदिरापुरम में एफ़आईआर दर्ज की गयी है. और ग़ाज़ियाबाद स्थित विशेष पीएमएलए अदालत ने उन्हें समन भेजा था.

    राना अय्यूब ने इसी समन को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी. लेकिन कोर्ट ने उनकी याचिका को ख़ारिज कर दिया है.

    सुप्रीम कोर्ट की दो जजों जस्टिस वी रामासुब्रमण्यन और जस्टिस जेबी पारदीवाला की बेंच ने मंगलवार को अपना फ़ैसला सुनाते हुए कहा है कि हम ट्रायल कोर्ट के समक्ष इस मामले को उठाने के लिए खुला छोड़ रहे हैं.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा, ‘हमने कहा है कि पीएमएलए की धारा तीन के तहत वह स्थान, जहां छह में से किसी भी गतिविधि को अंजाम दिया जाता है, पीएमएलए के तहत अपराध के घटने वाली जगह है. हम जांच के बाद इस मामले को दोबारा उठाने के लिए खुला छोड़ रहे हैं.’

  5. बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमेन ऑफ़ द ईयर 2022

    बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमेन ऑफ़ द ईयर 2022 के लिए पांच दावेदार हैं.

    इनमें से एक हैं- मीराबाई चानू

  6. जावेद मियांदाद की आपत्तिजनक टिप्पणी पर क्या बोले वेंकटेश प्रसाद

    पूर्व भारतीय खिलाड़ी वेंकटेश प्रसाद ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी जावेद मियांदाद के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि टीम इंडिया भाड़ में जाए.

    जावेद मियांदाद ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कहा था कि ‘टीम इंडिया अगर क्रिकेट खेलने के लिए पाकिस्तान नहीं आना चाहती तो वह भाड़ में जा सकती है. पाकिस्तान क्रिकेट को ज़िंदा रहने के लिए भारत की ज़रूरत नहीं है.’

    इस पर वेंकटेश प्रसाद ने ट्वीट करके कहा है कि ‘लेकिन वो लोग भाड़ में जाना ही नहीं चाहते.’

    भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप की मेज़बानी को लेकर तनातनी चल रही है. मामला उस समय शुरू हुआ था जब एशियाई क्रिकेट परिषद के प्रमुख जय शाह ने एशिया कप की मेज़बानी को लेकर टिप्पणी की थी.

    माना जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट टीम एशिया कप खेलने पाकिस्तान नहीं जाएगी. इसी को लेकर पीसीबी के पूर्व प्रमुख रमीज राजा ने यहाँ तक कह दिया था कि अगर भारत की टीम पाकिस्तान नहीं आई, तो पाकिस्तान भी वर्ल्ड कप खेलने भारत नहीं जाएगा.

    इस मामले को लेकर बयानबाज़ी का दौर जारी है. लेकिन अभी तक आधिकारिक रूप से इस पर कुछ नहीं हुआ है.

  7. अदानी समूह की वजह से इन कंपनियों को हो रहा है भारी नुकसान

    गौतम अदानी के नेतृत्व वाले अदानी समूह के शेयरों में लगातार गिरावट आने की वजह से विल्मर इंटरनेशनल से लेकर अमेरिकी रिटेल कंपनी वॉलमार्ट और इसराइली केमिकल निर्यातक गडोत समूह को लगातार वित्तीय नुकसान उठाना पड़ रहा है.

    ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक़, मलेशिया के सबसे अमीर शख़्स की कंपनी विल्मर इंटरनेशनल को पिछले दिनों नुकसान उठाना पड़ा है.

    नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी एनएसई ने भी बीते सोमवार अदानी समूह की कंपनियों की सर्किट लिमिट को रिवाइज़ कर दिया है.

    इसके बाद अदानी ग्रीन एनर्जी और अदानी ट्रांसमिशन लिमिटेड की सर्किट लिमिट पांच फीसद हो गई है.

    एनएसई ने इससे पहले इन कंपनियों की लिमिट बीस फीसद से घटाकर दस फीसद की थी.

    इसी हफ़्ते की शुरुआत में अदानी समूह के संस्थापक गौतम अदानी बीते रविवार दुनिया के बीस सबसे ज़्यादा अमीर लोगों की सूची से भी बाहर हो गए हैं.

    अमेरिकी फ़ॉरेंसिक फाइनेंशियल कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च की ओर से अदानी समूह पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाने के बाद गौतम अदानी की संपत्ति में भारी गिरावट दर्ज की गयी है.

    उनके नेतृत्व वाली कंपनियों के शेयर मूल्यों में भी ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गयी है.

    कुछ दिनों पहले तक गौतम अदानी की गिनती दुनिया के तीन सबसे ज़्यादा अमीर हस्तियों में हो रही थी.

    लेकिन 24 जनवरी के बाद से वह दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में लगातार फिसलते हुए 21वें स्थान पर आ गए हैं.

    आर्थिक जगत से जुड़ी ख़बरें देने वाले समूह ब्लूमबर्ग की ताजा लिस्ट में गौतम अदानी 21वें स्थान पर पहुंच गए हैं.

    इस लिस्ट को आज यानी 7 फरवरी को ही अपडेट किया गया है.

    हालांकि, फोर्ब्स की अरबपतियों वाली लिस्ट में वह अभी भी 18वें स्थान पर मौजूद हैं.

  8. कर्नाटक: ‘हॉस्टल में खाना’ खाने के बाद अस्पताल पहुंचे 137 छात्र

    कर्नाटक के मेंगलरु शहर में एक निजी नर्सिंग कॉलेज के 137 छात्रों को फूड पॉइज़निंग की शिकायत होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, इन छात्रों ने बीती रात कथित रूप से हॉस्टल की मेस में खाना खाया था जिसके बाद उन्हें उल्टी और दस्त होना शुरू हो गए.

    मेंगलुरु पुलिस कमिश्नर एन शशि कुमार ने बताया है कि ‘हमें रात दो बजे पता चला कि लगभग 137 छात्रों को पेट दर्द, दस्त और उल्टियां होने जैसी दिक्कतें हो रही हैं. इसके बाद छात्रों को सिटी अस्पताल समेत शहर के अलग – अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया. हम इस मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं.’

    मेंगलुरु शहर के स्वास्थ्य विभाग ने इस मामले में घबराहट और चिंतित होने से बचने की अपील की है.

    मेंगलुरु के ज़िला स्वास्थ्य निरीक्षक डॉक्टर अशोक ने बताया, ‘इन छात्रों को फूड पॉइज़निंग होने की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस मामले में घबराने या चिंता करने की ज़रूरत नहीं है. हम हॉस्टल पहुंचकर वॉर्डन से बात करके इस मामले की जानकारी लेने की कोशिश करेंगे. सभी छात्र ख़तरे से बाहर हैं.’

  9. तुर्की में भूकंप से पहले और बाद का हाल देखें इन तस्वीरों में

    तुर्की में सोमवार सुबह भूकंप आने की वजह से तुर्की और उससे सटे सीरिया में मरने वालों की संख्या चार हज़ार से ज़्यादा हो गयी है.

    इस भूकंप में घायल होने वालों की संख्या 15 हज़ार से ज़्यादा बताई जा रही है. और मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है.

    आपदा प्रभावित इलाकों से आती तस्वीरों को देखें तो तुर्की के शहरों में विशाल इमारतें भूकंप के बाद धराशाई दिख रही है.

    बीबीसी की विज़ुअल ज़र्नलिज़्म यूनिट ने आर्काइवल फ़ुटेज़ के ज़रिए भूकंप के असर का विश्लेषण किया है.

    देखें, भूकंप से पहले और बाद की तस्वीरें

  10. ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी एरॉन फिंच ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास

    ऑस्ट्रेलियाई टी20 टीम के कप्तान एरॉन फिंच ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है.

    इससे लगभग एक साल पहले उन्होंने एकदिवसीय क्रिकेट को छोड़ने का फ़ैसला किया था. इसके बाद से माना जा रहा था कि वह टी20 क्रिकेट से भी संन्यास ले सकते हैं.

    हालांकि, वह आईपीएल और बीबीएल जैसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना जारी रखेंगे.

    क्रिकेट की दुनिया से जुड़ी ख़बरें देने वाली वेबसाइट क्रिक बज़ के मुताबिक़, एरॉन फिंच ने मंगलवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा है, ‘मुझे ये अहसास हुआ है कि मैं 2024 में होने वाले अगले टी20 क्रिकेट विश्व कप में नहीं खेल पाऊँगा तो ये अपना पद छोड़ने का सही समय है ताकि वह समय रहते अगले वर्ल्ड कप के लिए खुद को तैयार कर सके.’

    बता दें कि फिंच ने साल 2021 के टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया का नेतृत्व किया था.

  11. तुर्की और सीरिया में भूकंप से मरने वालों की संख्या 3800 के पार पहुंची

    तुर्की के ग़ाज़ी अंतेप कस्बे के पास सोमवार तड़के आए भीषण भूकंप के झटकों से मरने वालों की संख्या 3800 के पार पहुंच गई है.

    इसके साथ ही घायलों की संख्या 12 हज़ार से ज़्यादा बताई जा रही है.

    भूकंप की वजह से तुर्की के साथ-साथ सीरिया में काफ़ी ज़्यादा लोगों की मौत हुई है. दोनों मुल्कों में मरने वालों का आंकड़ा चार हज़ार के पास पहुंचता दिख रहा है.

    इसके साथ ही आशंका जताई जा रही है कि मौतों का आंकड़ा अगले कुछ घंटों में बढ़ सकता है.

    भूकंप आने के बाद से अंतरराष्ट्रीय बचाव कर्मियों का तुर्की पहुंचना जारी है ताकि बचाव अभियान को तेजी से चलाया जा सके.

    लेकिन अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध झेल रहे सीरिया में मदद पहुंचने में विलंब होने की ख़बरें आ रही हैं.

  12. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 06 फरवरी के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    आज की अहम ख़बरें–

    • भारत सरकार ने भीषण भूकंपीय झटकों का शिकार हुए तुर्की को मदद भेजना शुरू किया
    • पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो आज चुनावों की ओर बढ़ रहे त्रिपुरा में रोड शो करेंगी
    • पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ आज सर्वदलीय बैठक में पाकिस्तान के सामने मौजूद चुनौतियों से उबरने पर बैठक करेंगे
    • नेशनल टेस्टिंग एजेंसी जेईई मेन 2023 सेशन 2 के लिए आज से पंजीकरण शुरू करेगा