अदानी एंटरप्राइजेज ने वापस लिया 20 हजार करोड़ का एफपीओ, निवेशकों का पैसा वापस मिलेगा

जिन्होंने एफपीओ को सब्सक्राइब किया है, उनके पैसे वापस लौटा दिए जाएंगे.

लाइव कवरेज

मानसी दाश, विभुराज and दिलनवाज़ पाशा

  1. अदानी एंटरप्राइजेज ने वापस लिया 20 हजार करोड़ का एफपीओ, निवेशकों का पैसा वापस मिलेगा

    गौतम अदानी

    इमेज स्रोत, REUTERS/AMIT DAVE

    इमेज कैप्शन, गौतम अदानी

    अदानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के बोर्ड ने पूरी तरह से सब्सक्राइब हुए 20,000 करोड़ के फॉलोऑन पब्लिक ऑफर (एफपीओ) को वापस ले लिया है. कंपनी ने इसके साथ आगे नहीं बढ़ने का फैसला किया है. जिन्होंने एफपीओ को सब्सक्राइब किया है, उनके पैसे वापस लौटा दिए जाएंगे.

    कंपनी ने एक बयान में कहा कि निदेशक मंडल ने एक फरवरी को हुई बैठक में एफपीओ वापस करने का फैसला किया है.

    कंपनी ने कहा है कि वह अपने शेयरहोल्डरों के हित में आंशिक चुकता आधार पर एक रुपये अंकित मूल्य के 20000 करोड़ रुपये तक के इक्विटी शेयरों की पेशकश पर आगे नहीं बढ़ेगी. कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में यह जानकारी दी है.

    अदानी

    इमेज स्रोत, ADANI GROUP

    इमेज कैप्शन, अदानी इंटरप्राइजेज की प्रेस रिलीज जिसमें एफपीओ वापस लेने का ऐलान किया गया है

    दरअसल हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद अदानी समूह के शेयर तेजी से गिरे थे.गिरावट का यह सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा. पिछले पांच कारोबारी सत्रों में समूहों की कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन सात लाख करोड़ रुपये घट गया है.

    शुरू में लड़खड़ाने के बाद मंगलवार को बाजार बंद होने तक अदानी इंटरप्राइजेज का एफपीओ पूरी तरह से सब्सक्राइब हो चुका था. एफपीओ को आखिरी दिन निवेशकों का समर्थन मिला जिनमें कुछ साथी उद्योगपतियों की पारिवारिक कंपनियां और गैर-रिटेल निवेशक शामिल हैं

    रिपोर्ट में समूह पर कई गंभीर आरोप लगाए गए थे. ये रिपोर्ट ऐसे समय में आई जब अदानी इंटरप्राइजेज का एफपीओ आना था.

  2. टी20 क्रिकेट में भारत ने रचा इतिहास, दर्ज की सबसे बड़ी जीत

    शुभमन गिल

    इमेज स्रोत, RANDY BROOKS/AFP VIA GETTY IMAGES

    इमेज कैप्शन, शुभमन गिल

    भारत ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ रिकॉर्ड 168 रनों से जीत हासिल की है. यह टी20 क्रिकेट में रनों के अंतर से भारत की सबसे बड़ी जीत है.

    सबसे अधिक रनों से जीत का अब तक का रिकॉर्ड 143 रन था जो उसने 2018 में आयरलैंड को हरा कर हासिल किया था.

    इस जीत के साथ ही भारत ने न्यूज़ीलैंड से टी20 सिरीज़ भी 2-1 से जीत ली है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए सिरीज़ के इस आखिरी मैच के हीरो रहे शुभमन गिल, जिन्होंने 63 गेंद पर 126 रनों की धमाकेदार शतकीय पारी खेली. यह गिल का अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में पहला शतक भी था.

    शुभमन गिल के शतक की बदौलत भारत ने न्यूज़ीलैंड के सामने 235 रनों का लक्ष्य रखा. भारतीय पारी में गिल के अलावा राहुल त्रिपाठी ने 44 रन (22 गेंद) और कप्तान हार्दिक पंड्या ने 30 रनों (17 गेंद) की पारी खेली.

    मेहमान किवी टीम ने इसके जवाब में बेहद ख़राब शुरुआत की और उसके शुरुआती चार विकेट केवल सात रन पर गिर गए थे. वहीं पूरी टीम 12.1 ओवर में 66 रन बनाकर ऑल आउट हो गई.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    भारत की ओर से सबसे अधिक विकेट कप्तान हार्दिक पंड्या ने लिए जिन्होंने अपने चार ओवरों में 16 रन देकर चार विकेट लिए. वहीं अर्शदीप सिंह, उमरान मलिक और शिवम मावी को दो-दो विकेट हासिल हुए.

    सिरीज़ का पहला मैच रांची में खेला गया था जहां न्यूज़ीलैंड ने 21 रन से जीत हासिल की थी. वहीं दूसरा मुक़ाबला लखनऊ में खेला गया था और उसे भारत ने 6 विकेट से जीता था.

  3. वंदे भारत के बाद अब चलेंगी वंदे मेट्रो और 8 कोच वाली ट्रेन

    वंदे भारत एक्सप्रेस

    इमेज स्रोत, Reuters

    रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को बताया है कि वंदे भारत ट्रेन की तरह ही बड़े शहरों के आसपास रह रहे लोगों की सुविधा के लिए वंदे मेट्रो ट्रेन सेवा शुरू की जाएगी.

    वित्त मंत्री के संसद में बजट पेश करने के बाद रेलमंत्री ने बताया कि शुरुआत में ये हेरीटेज सर्किट काल्का-शिमला मार्ग पर चलेंगी.

    हालांकि, वंदे भारत ट्रेन के बारे में वित्त मंत्री ने अपने भाषण में कुछ नहीं बोला लेकिन बजट के बाद रेलमंत्री की प्रेसवार्ता में वंदे मेट्रो छाई रही.

    वैष्णव ने कहा, “हम वंदे मेट्रो भी विकसित कर रहे हैं, बड़े शहरों के आसपास, जहां बड़ी आबादी रहती है और लोग काम करने के लिए शहर आते हैं, उनके आने-जाने के लिए हम वंदे भारत जैसी ही वंदे मेट्रो सेवा ला रहे हैं.”

    वैष्णव ने कहा, “यात्री इनमें रैपिड शटल जैसा अनुभव ले सकेंगे. इस साल इसका डिज़ाइन और उत्पादन पूरा किया जाएगा और अगले वित्त वर्ष में ट्रेन का उत्पादन होगा.”

    रेलवे पहले से ही वंदे भारत एक्सप्रेस के स्लीपर वर्ज़न पर काम कर रहा है.

    अधिकारियों के मुताबिक ये ट्रेन आठ कोच की होगी और मेट्रो ट्रेन जैसी होगी.

    नई वंदे भारत ट्रेन का डिज़ाइन विकसित करने के लिए रेलवे ने चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री के प्रबंध निदेशकों और लखनऊ स्थित रिसर्च डिज़ाइन एंड स्टैंडर्ड आर्गेनाइजेशन (आरडीएसओ) को आठ कोच वाली वंदे भारत के रैक उत्पादित करने के लिए निर्देशित किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि कम डिब्बों वाली वंदे भारत चलाना यात्रियों के लिए फ़ायदेमंद होगा, ख़ासकर कारोबारी, छात्र और कामकाज़ी लोग अलग-अलग शहरों का सफ़र कर सकेंगे. सामान्य वंदे भारत ट्रेन में 16 डिब्बे होते हैं.

  4. इसराइली इलाक़ों में धमाकों की आवाज़, गूंजे चेतावनी के सायरन

    आयरन डोन की फ़ाइल तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आयरन डोन की फ़ाइल तस्वीर

    इसराइली मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक ज़ेरोत समेत दक्षिणी इसराइल की कुछ और जगहों पर हमले की चेतावनी देने वाले सायरन सुने गए हैं.

    द यरूशलम पोस्ट ने स्थानीय लोगों के हवाले से बताया है कि ज़ेरोत में बुधवार शाम धमाके की आवाज़ सुनी गई है. बुधवार देर शाम ज़ेरोत नगरपालिका ने बयान जारी कर कहा कि उसकी सीमाओं में कोई सीधा हमला नहीं हुआ है.

    वहीं समाचार एजेंसी एएफ़पी ने इसराइल की सेना के हवाले से बताया है कि गज़ा की तरफ़ से दाग़े गए रॉकेट को हवा में ही मार गिराया गया है.

    इसराइल और फ़लस्तीनियों के बीच इन दिनों तनाव बढ़ा हुआ है. वेस्ट बैंक स्थित जेनिन शरणार्थी कैंप में इसराइली सेना के अभियान के बाद पूर्वी यरूशलम में एक सिनागॉग पर हुए हमले में कम से कम सात लोग मारे गए थे.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  5. चीन से बढ़ते तनाव के बीच सरकार ने रक्षा बजट कितना बढ़ाया?

    चीन भारत सीमा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    केंद्र सरकार ने बीते साल की तुलना में इस बार रक्षा बजट में इज़ाफ़ा किया है.

    रक्षा बजट 5.25 लाख करोड़ से बढ़ाकर 2023-24 के लिए 5.94 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है.

    ये इज़ाफ़ा ऐसे वक़्त में हुआ है, जब लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश की सरहदों पर चीन से तनाव की ख़बरें कई बार आई हैं.

    बजट में एक लाख 62 हज़ार करोड़ रुपये सैन्य खर्चों के लिए रखे गए हैं. इन रुपयों से नए हथियार, एयरक्राफ्ट, युद्धपोतों और सेना के काम आने वाले दूसरे उपकरण खरीदे जाएंगे.

    पिछले साल से अगर तुलना करें तो ये क़रीब 10 हज़ार करोड़ की वृद्धि है.

    भारतीय सरहदों पर सड़कों के निर्माण की अहमियत को समझते हुए भी बजट में इज़ाफ़ा हुआ है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन के लिए बीते साल 3500 करोड़ रुपये रखे गए थे, अब इस बजट में बीआरओ के लिए पांच हज़ार करोड़ रुपये रखे गए हैं.

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2023-24 के लिए क़रीब 45 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया है.

  6. भारत बनाम न्यूज़ीलैंडः शुभमन गिल का ताबड़तोड़ शतक, भारत ने बनाए 234 रन

    शुभमन गिल

    इमेज स्रोत, ANI

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच अहमदाबाद में खेले जा रहे तीसरे टी-20 मुक़ाबले में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत ने निर्धारित बीस ओवरों में 4 विकेट के नुक़सान पर 234 रन बनाए हैं.

    भारत की ओर से पारी की शुरुआत करने वाले शुभमन गिल 63 गेंदों पर 12 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 126 रन बनाकर नाबाद रहे.

    शुभमन ने अपना शतक 54 गेंदों में पूरा किया है. टी-20 मैचों में शुभमन का ये पहला शतक है.

    भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया था. शुभमन के साथ पारी की शुरुआत करने वाले इशान किशन दूसरे ही ओवर में सिर्फ़ 1 रन बनाकर आउट हो गए.

    तीसरे नंबर पर बल्लेबाज़ी करने आए राहुल त्रिपाठी ने तेज़ी से खेलते हुए 22 गेंदों पर 44 रन बनाए और दूसरे विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी की. त्रिपाठी ने चार चौके और तीन छक्के जड़े.

    राहुल के आउट होने के बाद बल्लेबाज़ी करने आए सूर्यकुमार यादव ने भी तेज़ी से खेलते हुए 13 गेंदों में 24 रन जोड़ दिए.

    दूसरे छोर पर शुभमन गिल टिके रहे और ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी करते रहे.

    कप्तान हार्दिक पंड्या ने शुभमन का साथ दिया और 17 गेंदों में चार चौकों और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए.

    शुभमन गिल अंतिम गेंद तक पिच पर टिके रहे.

  7. पेशावर हमले पर अफ़ग़ानिस्तान के विदेश मंत्री ने पाकिस्तान को दी ये नसीहत

    मुतक़्क़ी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पाकिस्तान के पेशावर की पुलिस लाइन में स्थित मस्जिद में हुए आत्मघाती धमाके के मामले में अफ़ग़ानिस्तान के विदेश मंत्री ने पाकिस्तान को घेरा है.

    इस आत्मघाती हमले में सौ से अधिक लोगों की मौत हुई है और बड़ी तादाद में लोग घायल हुए हैं.

    मरने वालों में अधिकतर पुलिसकर्मी हैं.

    अफ़ग़ानिस्तान के विदेश मंंत्री अमीर मुतक़्क़ी ने एक बयान में कहा है कि पाकिस्तान को इस हमले के लिए अफ़ग़ानिस्तान को ज़िम्मेदार ठहराने के बजाए इसकी पूरी जांच करनी चाहिए.

    मुतक़्क़ी ने कहा कि ‘अफ़ग़ानिस्तान आतंकवादियों की सुरक्षित पनाहगाह नहीं है.’

    मुतक़्क़ी ने कहा, “अगर अफ़ग़ानिस्तान आतंकवाद का केंद्र होता तो यहां से चीन, मध्य एशिया और ईरान में भी आतंकवाद फैल रहा होता.”

    'अंदर कौन हैं मददगार'

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    मुतक़्क़ी ने कहा कि बिना आंतरिक मदद के इस बड़े पैमाने पर हमला नहीं किया जा सकता है.

    वहीं समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने पुलिस के हवाले से अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि हमलावर को पुलिस कंपाउंड के भीतर से मदद हासिल थी और शक के आधार पर कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

    ये धमाका पुलिस कंपाउंड की मस्जिद में हुआ था जहां सुरक्षा के पुख़्ता इंतज़ाम थे. धमाके में मारे गए तीन लोगों को छोड़कर बाक़ी सभी पुलिसकर्मी हैं.

    पेशावर पाकिस्तान में अफ़ग़ानिस्तान सीमा के पास क़बायली इलाक़े में स्थित है. ये हाल के सालों में पाकिस्तान में हुआ सबसे बड़ा हमला है.

  8. सुनिए दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  9. पाकिस्तान ने ईशनिंदा कंटेंट ना हटाने पर विकीपीडिया को चेतावनी दी

    विकीपीडिया का लोगो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पाकिस्तान में इंटरनेट की नियामक संस्था पाकिस्तान टेलीकॉम अथॉरिटी यानी पीटीए ने जानकारी मुहैया कराने वाली मशहूर वेबसाइट विकीपीडिया को चेतावनी दी है.

    एक ट्वीट में अपने इस निर्णय की जानकारी देते हुए पीटीए ने बताया है कि विकीपीडिया को ईशनिंदा से जुड़ी सामग्री हटाने के लिए नोटिस दिया गया था और ऐसा ना करने पर अपना पक्ष रखने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था.

    पीटीए का कहना है कि विकीपीडिया ने ना ही कंटेंट हटाया और ना ही अपना पक्ष रखा.

    पाकिस्तान ने 48 घंटे के भीतर विकीपीडिया को संबंधित कंटेंट हटाने का निर्देश दिया है.

    पीटीए ने अपने आदेश में कहा है कि अगर विकीपीडिया ऐसा नहीं करता है तो उसे पाकिस्तान के भीतर पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया जाएगा.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  10. बजट ने वहीं पहुंचा दिया जहां बीस साल पहले थेः ज्यां द्रेज़

    ज्यां ड्रेज़

    इमेज स्रोत, RAVI PRAKASH

    जाने-माने अर्थशास्त्री ज्यां द्रेज़ ने बजट 2023-24 की आलोचना करते हुए इस सामाजिक सुरक्षा विरोधी बताया है.

    एक टिप्पणी में ज्यां द्रेज़ ने कहा कि बजट 2023-24 में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए फंड में कटौती की गई है.

    उन्होंने कहा कि नरेगा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, बाल पोषण कार्यक्रमों और मातृत्व लाभ योजनाओं के फंड में कटौती की गई है.

    ज्यां द्रेज़ ने कहा कि इस सबकों को एक साथ रखते हुए ये कहा जा सकता है कि जीडीपी की तुलना में सामाजिक योजनाओं पर ख़र्च के मामले में हम फिर से वहीं पहुंच गए हैं जहां बीस साल पहले थे.

  11. रईसों की लिस्ट में और नीचे खिसके गौतम अदानी

    गौतम अदानी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, गौतम अदानी

    भारतीय उद्योगपति गौतम अदानी लगातार फोर्ब्स की रईसों की सूची में नीचे की ओर खिसकते जा रहे हैं.

    कुछ वक़्त पहले तक वो इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर थे.

    मगर अब वो नीचे खिसककर 15वें पायदान पर पहुंच गए हैं.

    बुधवार को अदानी की संपत्ति 76.8 अरब अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गई है. अदानी की संपत्ति में ये गिरावट शेयर बाज़ार में हो रहे फेरबदल के चलते हो रही है.

    शेयर बाज़ार में ये हलचल हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद से शुरू हुई है.

    इस रिपोर्ट में अदानी समूह पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे. अदानी समूह ने इन आरोपों को ख़ारिज किया था.

  12. देशद्रोह के मामले में पाकिस्तान की अदालत ने फ़वाद चौधरी को ज़मानत दी

    फ़वाद चौधरी

    इमरान ख़ान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ़ (पीटीआई) के वरिष्ठ नेता और पूर्व सूचना मंत्री फ़वाद चौधरी को पाकिस्तान की एक अदालत ने देशद्रोह के मामले में ज़मानत दे दी है.

    इमरान ख़ान के क़रीबी फ़वाद चौधरी को पिछले सप्ताह लाहौर में उनके घर से गिरफ़्तार किया गया था.

    पाकिस्तान के चुनाव आयोग के सचिव की शिकायत पर फ़वाद चौधरी के ख़िलाफ़ इस्लामाबाद के एक थाने में मुक़दमा दर्ज किया गया था.

    उन पर चुनाव आयोग के सदस्यों और उनके परिजनों को धमकाने का आरोप लगाया गया था.

    सोमवार को एक ज्यूडीशियल मजिस्ट्रेट ने पुलिस रिमांड की मांग को ख़ारिज करते हुए उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था.

    बुधवार को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश फ़ैज़ान चौधरी की अदालत ने उन्हें बीस हज़ार के निजी मुचलके पर ज़मानत दे दी.

    जज ने ज़मानत देते हुए कहा, “फ़वाद चौधरी को दोबारा इस तरह की टिप्पणी ना करने की शर्त पर ज़मानत दी जा रही है.”

    चौधरी पर सार्वजनिक रूप से चुनाव आयोग के सदस्यों को धमकी देने के आरोप में देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया है.

    पीटीआई ने उनकी गिरफ़्तारी को राजनीति से प्रेरित बताया था और उन्हें रिहा किए जाने की मांग की थी.

  13. विदेश से वाहन आयात करना होगा महंगा, इलेक्ट्रिक कारें भी शामिल

    कारें

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अब विदेश से आयातित कारें पहले से महंगी हो जाएंगी, इनमें इलेक्ट्रिक वाहन भी शामिल हैं.

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को बजट भाषण के पूरी तरह से आयातित वाहनों पर कस्टम ड्यूटी बढ़ाने की घोषणा की.

    40 हज़ार डॉलर से कम क़ीमत के वाहन जो पूरी तरह विदेश में बनें होंगे को आयात करने पर लगने वाली कस्टम ड्यूटी को अब 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 70 प्रतिशत कर दिया गया है. ये बदलाव 3000 सीसी पेट्रोल इंजन और 2500 सीसी डीज़ल इंजन वाले वाहनों पर लागू होगा.

    बजट के मुताबिक इलेक्ट्रिक वाहनों समेत सेमी नाक्ड डाउन (एसकेडी) वाहनों पर कस्टम ड्यूटी 30 से बढ़कर 35 प्रतिशत हो जाएगी.

    वहीं 40 हज़ार डॉलर से अधिक क़ीमत और पेट्रोल इंजन में 3000 सीसी और डीज़ल इंजन में 2500 से सीसी से अधिक क्षमता वाले वाहनों पर पहले से ही सौ फ़ीसदी कस्टम ड्यूटी लगती है.

  14. क्रिकेटर उस्मान ख़्वाजा को भारत का वीज़ा मिलने में हुई देरी, छूट गई फ्लाइट

    उस्मान ख़्वाजा

    इमेज स्रोत, REUTERS Photo

    भारत का वीज़ा मिलने में हुई देरी की वजह से ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज़ उस्मान ख़्वाजा की फ्लाइट बुधवार को मिस हो गई. ऑस्ट्रेलिया की टीम ख़्वाजा के बिना ही भारत के साथ चार टेस्ट मैचों की सिरीज़ के लिए भारत रवाना हुई.

    अब उस्मान ख़्वाजा गुरुवार को फ्लाइट पकड़ सकते हैं. उस्मान ख़्वाजा ने एक मीम के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, "मैं भारत का वीज़ा मिलने का इंतेज़ार ऐसे कर रहा हूं…"

    पाकिस्तान में जन्मे बल्लेबाज़ उस्मान ख़्वाजा अब तक 56 टेस्ट, 40 वनडे और 9 टी-20 ऑस्ट्रेलिया के लिए खेल चुके हैं. 36 वर्षीय उस्मान ख़्वाजा 2016 में आईपीएल में भी खेल चुके हैं.

    ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वॉर्न के नाम पर शुरू ऑस्ट्रेलिया टेस्ट प्लेयर ऑफ़ द ईयर अवॉर्ड उस्मान को सोमवार को ही मिला है.

    भारत के साथ ऑस्ट्रेलिया का पहला टेस्ट 9 फ़रवरी को नागपुर में होगा. नागपुर पहुंचने से पहले टीम चार दिन तक बेंगलुरु में अभ्यास करेगी. दोनों ही टीमें वर्ल्ट टेस्ट चैंपियनशिप की दौड़ में हैं.

  15. मोदी सरकार के बजट में महिलाओं के लिए क्या है ख़ास?

    DEV IMAGES

    इमेज स्रोत, DEV IMAGES

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को देश का पाँचवाँ बजट पेश किया.

    इस बजट पर सबकी नज़रें थी, क्योंकि इस साल नौ राज्यों में विधानसभा के चुनाव होने है.

    2024 के लोकसभा चुनाव से पहले ये नरेंद्र मोदी सरकार का आख़िरी बजट है.

    निर्मला सीमारमण ने क़रीब डेढ़ घंटे तक बजट भाषण दिया और कहा कि ये अमृत काल का पहला बजट है.

  16. आज का कार्टून: आय कहां से लाएं?

    कार्टून

    देखिए आज का कार्टून

  17. बजट 2023: वित्त मंत्री ने दिया आमदनी और खर्चे का हिसाब, जानिए सरकार पर ब्याज की देनदारी

    निर्मला सीतारमण

    इमेज स्रोत, ANI

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में सरकार की आमदनी और खर्च का हिसाब भी दिया है.

    बजट दस्तावेज़ों के मुताबिक़ सरकारी खजाने में आने वाले हरेक रुपये में से 58 पैसे प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष करों से आएंगे. 34 पैसे क़र्ज़ या अन्य देनदारियों, 6 पैसे विनिवेश जैसे गैर-कर राजस्व और 2 पैसे गैर-ऋण पूंजी प्राप्तियां से मिलेंगे.

    संसद में पेश बजट के मुताबिक सरकार को हर रुपये में से 17 पैसे जीएसटी के ज़रिए मिलेंगे जबकि कॉर्पोरेशन टैक्स के ज़रिए 15 पैसे मिलेंगे. बजट 2023-2024 के मुताबिक क़र्ज़ और देनदारियों के ज़रिए सरकार हर रुपये में से 34 पैसे जुटाएगी.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    जहां तक ख़र्च की बात है, सरकार सर्वाधिक ख़र्च लिए गए कर्ज़ पर दिए जाने वाले ब्याज़ पर करेगी. ख़र्च होने वाले हर रुपये में से 20 पैसे ब्याज़ पर ख़र्च होंगे.

    इसके अलावा राज्यों को उनके हिस्से के टैक्स और ड्यूटी की देनदारी पर सरकार हर रुपये में से 18 पैसे ख़र्च करेगी. जबकि बजट का 8 प्रतिशत रक्षा पर ख़र्च होगा.

    केंद्रीय योजनाओं पर 17 प्रतिशत जबकि केंद्र सरकार की मदद से चलने वाली योजनाओं पर 9 पैसे ख़र्च होंगे. इसके अलावा सब्सिडी पर भी 9 पैसे और पेंशन पर प्रति रुपए में से 4 पैसे ख़र्च होंगे. वहीं अन्य ख़र्चों पर सरकार प्रति रुपए में से 8 पैसे ख़र्च करेगी.

  18. बजट आया तो '7 लाख रुपये' और 'सिगरेट का धुआं' क्यों छाया?

    निर्मला सीतारमण

    इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty

    इमेज कैप्शन, निर्मला सीतारमण

    आम बजट पेश हो चुका है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में कई एलान किए.

    बजट में मिडिल क्लास को लेकर कई अहम बातें हैं. मगर जिस एक एलान ने लोगों का सबसे ज़्यादा ध्यान खींचा, वो है सात लाख रुपये तक की आमदनी पर कोई टैक्स नहीं.

    बजट 2023-2024 में ये एलान किया गया कि अब ये सीमा सात लाख रुपये होगी.

    ज़ाहिर सी बात है कि जब टैक्स में राहत मिलती है तो लोगों को ख़ुशी होती है. ये ख़ुशी सोशल मीडिया पर भी देखने को मिल रही है. मगर ये ख़ुशी है तो कुछ गम भी हैं. ये गम सिगरेट पीने वाले लोगों के हैं.

  19. FB LIVE: भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच आज हो रहे तीसरे टी-20 मैच से पहले कैसा है माहौल, अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम के बाहर से बता रहे हैं बीबीसी गुजराती संवाददाता सागर पटेल.

  20. अदानी एंटरप्राइजे़ज़ की शेयर क़ीमतों में बुधवार को भी भारी गिरावट

    अदानी

    इमेज स्रोत, ANI

    अदानी एंटरप्राइजे़ज़ के शेयर में गिरावट बुधवार को भी जारी रही. मंगवार को अदानी के फॉलो अप पब्लिक ऑफर को पूरी तरह ख़रीद लिया गया था और इसे कंपनी के लिए राहत के रूप में देखा गया था.

    लेकिन इसके बावजूद भी बुधवार को अदानी ग्रुप की कंपनियों के शेयर में भारी गिरावट आई. अदानी समूह की फ्लैगशिप कंपनी के शेयर 2179.75 रुपये पर 26.70 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए.

    जबकि मंगलवार के बाज़ार बंद होने के समय के मुकाबले बुधवार को एक समय ये शेयर 30 प्रतिशत तक गिर गया था. मंगलवार को अदानी समूह के फॉलो अप पब्लिक ऑफर के तहत उपलब्ध सभी शेयर बिक गए थे.

    सोमवार को अबुधाबी स्थित इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी ने अडानी के एफपीओ में 40 करोड़ डॉलर निवेश करने की घोषणा की थी. अमेरिका स्थित शोध संस्थान हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद से ही अदानी के शेयरों में गिरावट जारी है.

    हिंडनबर्ग रिसर्च ने कई गंभीर आरोप अदानी समूह पर लगाए हैं जिन्हें अदानी ने खारिज कर दिया है.