You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

'पठान' की सफलता भाजपा की नकारात्मक राजनीति को करारा जवाब: अखिलेश यादव

शाहरुख़ ख़ान के अभिनय और सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन वाली इस फ़िल्म ने छह दिनों में क़रीब 600 करोड़ रुपए कमाकर रिकॉर्ड बनाया है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and चंदन शर्मा

  1. धनबाद के एक बहुमंज़िला इमारत में लगी भीषण आग में कम से कम आठ की मौत, कई घायल

    झारखंड के धनबाद के एक बहुमंज़िला इमारत में लगी भीषण आग में कई लोगों के हताहत होने की ख़बर है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ख़बर लिखे जाने तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग घायल हुए हैं.

    हालांकि एएनआई ने अभी तक हताहतों की संख्या नहीं बताई है, लेकिन बताया है कि इस रिहायशी इमारत में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है.

    घटना के सही कारणों की अभी तक पुष्टि नहीं हो सकती है, लेकिन कुछ ख़बरों में दावा किया गया है कि सिलेंडर में विस्फोट इसकी वजह है.

  2. 'पठान' की सफलता भाजपा की नकारात्मक राजनीति को करारा जवाब: अखिलेश यादव

    समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 'पठान' फ़िल्म के सुपरहिट होने के बाद भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है.

    अखिलेश यादव ने मंगलवार को ट्विटर पर लिखा- ‘पठान’ का सुपर हिट होना देश और दुनिया में सकारात्मक सोच की जीत है और भाजपाई नकारात्मक राजनीति को जनता का करारा जवाब.''

    शाहरुख़ ख़ान, दीपिका पादुकोण, जॉन अब्राहम के अभिनय और सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन वाली इस फ़िल्म ने छह दिनों में क़रीब 600 करोड़ रुपए कमाकर रिकॉर्ड बनाया है.

    हालांकि कुछ सीन पर आपत्ति के कारण कुछ संगठन इस फ़िल्म का विरोध कर रहे थे और इसका बॉयकॉट करने की अपील कर रहे थे. लेकिन लगता है कि दर्शकों ने ऐसे विरोध को ज़्यादा महत्व नहीं दिया.

    शाहरुख़ की फ़िल्म 'पठान' हिट क्यों रही?- 5 वजहें यहां पढ़िए.

  3. हाईकोर्ट के दो चीफ़ जस्टिस को सुप्रीम कोर्ट का जज बनाने की सिफ़ारिश

    सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने केंद्र सरकार से इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस राजेश बिंदल और गुजरात हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अरविंद कुमार को सुप्रीम कोर्ट का जज बनाने की सिफ़ारिश की है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, जस्टिस बिंदल को जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाले कॉलेजियम के सभी छह जजों ने सर्वसम्मति से प्रमोट करने की सिफ़ारिश की है.

    वहीं जस्टिस अरविंद कुमार को प्रमोट करने में कॉलेजियम के एक जज जस्टिस केएम जोसेफ़ ने आपत्ति दर्ज कराई है.

  4. आर्थिक सर्वेक्षण: भारतीय अर्थव्यवस्था को जिन तीन चीज़ों से लगा झटका

    भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास दर वित्त वर्ष 2023-24 में 6.5 फ़ीसदी रहने का अनुमान लगाया गया है. यह आईएमफ़ के अगले वित्त वर्ष के अनुमान 6.1 प्रतिशत से ज़्यादा है.

    मंगलवार को संसद में पेश आ​र्थिक समीक्षा में यह जानकारी दी गई है. हालांकि ये आकंड़ा मौजूदा वित्त वर्ष और वित्त वर्ष 2021-22 में अर्थव्यवस्था की विकास दर क्रमश: सात और 8.7 प्रतिशत से कम है.

    आर्थिक समीक्षा संसद में पेश होने के बाद इसे तैयार करने वाली टीम के मुखिया और देश के मुख्य आर्थिक सलाहकार वी अनंत नागेश्वरन ने बताया कि विकास दर का यह अनुमान '2020 के बाद मिले कम से कम तीन वैश्विक झटकों' के बावजूद रहा है.

    पीटीआई के अनुसार, आर्थिक समीक्षा में बताए गए इन तीन वैश्विक झटकों में कोविड महामारी के कारण उत्पादन में आई कमी, रूस और यूक्रेन के युद्ध की वजह से पूरी दुनिया में बढ़ी महंगाई और कई देशों के केंद्रीय बैंकों द्वारा ब्याज दरें बढ़ाना, शामिल है.

    अमेरिका के फ़ेडरल रिज़र्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने के कारण निवेशक अपने निवेश दूसरे देशों से निकालकर अमेरिका में लगाने लगे. इससे चालू खाते का घाटा बढ़ा जिससे महंगाई बढ़ी है. कई देशों की परेशानियां इससे बढ़ी हैं.

  5. पूर्व क़ानून मंत्री शांति भूषण का निधन, पीएम मोदी ने कहा- ग़रीबों की आवाज़ बनने के लिए याद रखा जाएगा

    देश के पूर्व क़ानून मंत्री और जाने माने वकील शांति भूषण का निधन हो गया है. वे 97 साल के थे. भूषण का निधन दिल्ली स्थित उनके निवास पर मंगलवार शाम को हुआ. वे कुछ दिनों से बीमार थे.

    उनके पुत्र और प्रसिद्ध वकील प्रशांत भूषण ने बीबीसी से उनके निधन की पुष्टि की है.

    उत्तर प्रदेश में पैदा होने वाले शांति भूषण ने अपने वकालत करियर की शुरुआत इलाहाबाद हाईकोर्ट से की थी. बाद में वे दिल्ली आ गए और यहां सुप्रीम कोर्ट में वकालत करने लगे.

    उनके वकालत करियर का सबसे अहम मामला 'राजनारायण केस' माना जाता है, जिसमें तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पद का दुरुपयोग करने का दोषी क़रार दिया था. और इस वजह से उनकी लोकसभा की सदस्यता को अवैध ठहरा दिया गया था.

    इस केस में दोषी क़रार देने के कारण ही 1975 में देश में आपातकाल लगाने के हालात बने थे. बाद में वे 1977 से 1979 तक जनता पार्टी की सरकार में वे देश के क़ानून मंत्री बने.

    उन्होंने 1980 में बीजेपी की स्थापना के वक़्त पार्टी ज्वाइन की थी, लेकिन छह साल के बाद नेतृत्व से मतभेद के बाद पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया था.

    शांति भूषण अन्ना आंदोलन और आम आदमी पार्टी की स्थापना के शुरुआती दिनों में भी जुड़े रहे.

    उनके दोनों बेटे जयंत भूषण और प्रशांत भूषण देश के जाने माने वकील हैं.

    उनके पुत्र प्रशांत भूषण ने इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए कहा, ''मैं यही कह सकता हूं कि यह एक युग का अंत है. वे ऐसे शख़्स थे, जिन्होंने आज़ादी के बाद से देश के संविधान और क़ानूनी ढांचे के विकास को बहुत क़रीब से देखा. उन्होंने अपने अनुभवों को दो किताबों 'कोर्टिंग डेस्टिनी' और 'माई सेकेंड इनिंग्स' में लिखा है. मैं यहीं कह सकता हूं कि यह हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है.''

    पीएम मोदी ने ट्वीट कर शांति भूषण की मौत पर दुख जताया. उन्होंने लिखा- शांति भूषण जी को क़ानून की दुनिया में योगदान के लिए और दबे कुचलों की आवाज़ बनने के लिए याद रखा जाएगा.

  6. इसराइली पीएम नेतन्याहू ने हाइफ़ा पोर्ट को किया अदानी समूह के हवाले

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने हाइफ़ा पोर्ट को मंगलवार को भारतीय अरबपति कारोबारी गौतम अदानी को सौंप दिया.

    गौतम अदानी ने मंगलवार को ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है.

    अदानी समूह के चेयरमैन ने अपने ट्वीट में लिखा, ''हाइफ़ा पोर्ट को अदानी समूह को सौंपने वाले इस अहम दिन, इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से मिलने का सौभाग्य मिला. 'अब्राहम समझौता' भूमध्य सागर में माल ढुलाई के लिए गेम चेंजर साबित होगा. अदानी-गादोट, हाइफ़ा पोर्ट को सभी की तारीफ़ के लायक एक लैंडमार्क में बदलने को तैयार हैं.''

    इससे पहले इसराइल के पीएम नेतन्याहू ने अदानी समूह के साथ हाइफ़ा पोर्ट समझौते को 'मील का बहुत बड़ा पत्थर' करार दिया था.

    उन्होंने कहा कि बंदरगाह विकास की इस परियोजना से भारत और इसराइल के बीच कई तरह से संपर्क बढ़ेगा.

    पीएम नेतन्याहू ने कहा कि ये इलाक़ा आने और जाने का एक प्वॉइंट बन जाएगा. इसके कारण अब माल बिना अरब प्रायद्वीप का चक्कर लगाए और बिना तीन 'चोक प्वॉइंट' से गुजरे हुए सीधे भूमध्य सागर और यूरोप पहुंचेगा.

    उन्होंने कहा कि सीधा कहें तो यह बहुत ही अच्छा निवेश है.

  7. एयर इंडिया की फ्लाइट में बुज़ुर्ग महिला पर पेशाब करने वाले शख़्स को ज़मानत

    दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने एयर इंडिया की फ़्लाइट में बुज़ुर्ग महिला सह यात्री पर पेशाब करने वाले अभियुक्त शंकर मिश्रा को ज़मानत दे दी है.

    बीते 26 नवंबर को न्ययॉर्क से दिल्ली आ रही फ़्लाइट की यह घटना जनवरी में सुर्ख़ियों में आई थी.

    उसके बाद दिल्ली पुलिस ने बेंगलुरु पुलिस के सहयोग से अभियुक्त को इस महीने के शुरू में बेंगलुरु से गिरफ़्तार कर लिया था.

    अभियुक्त का कहना है कि वो अपनी बहन के यहां ठहरा हुआ था. हालांकि ​अभियुक्त के पिता ने अपने बेटे को बेगुनाह बताया था.

  8. बजट से पहले अर्थव्यवस्था से जुड़ी अहम ख़बर

    पिछले महीने यानी दिसंबर में अर्थव्यवस्था के आठ कोर सेक्टर्स ने 7.4 फ़ीसदी की गति से विकास किया है.

    साल भर पहले इन सेक्टर्स की वृद्धि दर केवल 4.1 फ़ीसदी थी.

    पीटीआई ने वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों का हवाला देते हुए यह जानकारी दी है.

    मंत्रालय के बयान में बताया गया है कि दिसंबर में कोयले के उत्पादन में 11.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई. प्राकृतिक गैस की विकास दर 2.6 प्रतिशत रही.

    कोयला, बिजली, इस्पात, सीमेंट, उर्वरक, कच्चा तेल, रिफ़ाइनरी उत्पाद और प्राकृतिक गैस का औद्योगिक उत्पादन सूचकांक में 40.27 प्रतिशत हिस्सा होता है.

  9. सुनिए दिनभर- 'पूरा दिन, पूरी ख़बर', अंजुम शर्मा और मोहम्मद शाहिद के साथ

  10. सऊदी अरब को हथियार बेचने के ब्रितानी सरकार के फ़ैसले पर कोर्ट में सुनवाई

    लंदन का हाई कोर्ट मंगलवार को ब्रितानी सरकार के उस फ़ैसले की क़ानूनी वैधता की जांच करेगा जिसके तहत सरकार सऊदी अरब को हथियार बेचने के फ़ैसले को रिन्यू कर रही है.

    इन हथियारों को संभवतः यमन के युद्ध में इस्तेमाल किया जा सकता है.

    ब्रिटेन की ग़ैरसरकारी संस्था, कैम्पेन अगेंस्ट आर्म्स ट्रेड (सीएएटी) ने सरकार पर अंतरराष्ट्रीय क़ानून के उल्लंघन और दुनिया की सबसे बड़ी मानवीय त्रासदी में योगदान देने का आरोप लगाते हुए क़ानूनी दस्तक्षेप की मांग की है.

    यमन के युद्ध में हज़ारों लोग मारे जा चुके हैं. माना जा रहा है कि ब्रितानी सरकार के इस फ़ैसले की न्यायिक समीक्षा इस सप्ताह के अंत तक चलेगी.

    2020 की गर्मियों में ब्रितानी सरकार में सऊदी अरब को हथियारों की बिक्री फिर से शुरू करने की घोषणा की थी जिसके बाद एनजीओ ने कानूनी चुनौती पेश की.

    इस सुनवाई से पहले, सीएएटी की मीडिया कॉर्डिनेटर एमिली एपल ने ब्रिटिश सरकार पर लोगों की मौत और युद्ध अपराध से ज़्यादा अपने मुनाफ़े के बारे में सोचने वाली सरकार होने का आरोप लगाया है.

    एनजीओ ने 2019 में सरकार के ख़िलाफ़ केस जीता, जब कोर्ट ने फ़ैसला सुनाया कि ब्रिटेन की सरकार का हथियारों की बिक्री का लाइसेंस ग़ैरकानूनी था.

    कोर्ट का कहना था कि सरकार इस बात का पूरा मूल्यांकन नहीं कर पाई कि हथियारों की बिक्री मानवाधिकारों को लेकर प्रतिबद्धता का उल्लंघन नहीं करता है.

    बतौर अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री लिज़ ट्रस ने फिर से डील की समीक्षा की और 2020 में घोषणा की कि निर्यात लाइसेंस फिर से शुरू होंगे.

  11. आकाश में दिखा ये रहस्यमयी नज़ारा क्या है?

  12. अदानी ग्रुप के हाइफा पोर्ट प्रोजेक्ट को इसराइल के पीएम ने बताया 'मील का बड़ा पत्थर'

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने अदानी समूह के साथ हाइफा पोर्ट समझौते को 'मील का बहुत बड़ा पत्थर' करार दिया है. उन्होंने कहा कि इस बंदरगाह विकास परियोजना से भारत और इसराइल के बीच कई तरह से संपर्क बढ़ेगा.

    शिपिंग कंटेनर्स और क्रूज़ शिपों के आवागमन के मामले में पोर्ट ऑफ़ हाइफा इसराइल का दूसरा सबसे बड़ा बंदरगाह है.

    अदानी समूह के चेयरमैन गौतम अदानी के साथ पोर्ट बुक पर दस्तखत करने के बाद बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा, "मुझे लगता है कि ये मील का बहुत बड़ा पत्थर है...."

    उन्होंने कहा, "सौ साल से भी ज़्यादा समय पहले और प्रथम विश्व युद्ध के दौरान वे बहादुर भारतीय सैनिक ही थे जिन्होंने हाइफा शहर को आज़ाद कराने में मदद की थी. और आज, वो एक बेहद मजबूत भारतीय निवेशक हैं, जो हाइफा पोर्ट को नए मुकाम पर ले जाने में मदद कर रहे हैं."

    प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा कि उनकी भारतीय समकक्ष और अपने अच्छे दोस्त नरेंद्र मोदी से हमारे दोनों देशों के बीच कई तरीकों से, ट्रांसपोर्ट लाइन, एयर रूट्स और समंदर के रास्ते कनेक्टिविटी बढ़ाने के नज़रिये पर बात हुई है... और आज ये हो रहा है.

    उन्होंने कहा कि जो आज हो रहा है, उसकी ऐतिहासिक अहमियत है क्योंकि हम शांति की दिशा में एक बहुत बड़ा कदम देख रहे हैं.

    पीएम नेतन्याहू ने कहा कि ये इलाक़ा आने और जाने का एक प्वॉइंट बन जाएगा. इसके कारण अब माल बिना अरब प्रायद्वीप का चक्कर लगाए और बिना तीन 'चोक प्वॉइंट' से गुजरे हुए सीधे भूमध्य सागर और यूरोप पहुंचेगा. उन्होंने कहा कि सीधा कहें तो यह बहुत ही अच्छा निवेश है.

    अदानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन (एपीएसईज़ेड) और इसराइल के गादोट ग्रुप के कंसोर्शियम ने पिछले साल जुलाई में हाइफा पोर्ट के निजीकरण का टेंडर 1.18 अरब डॉलर में हासिल किया था.

    इस साल 11 जनवरी को अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो गई जिसके बाद बंदरगाह के विकास का काम शुरू हो गया है.

    इस कंसोर्शियम में भारतीय साझीदार अदानी पोर्ट्स की 70 फ़ीसदी की साझीदारी है जबकि इसराइली कंपनी गादोट ग्रुप के पास 30 फ़ीसदी है.

    गौतम अदानी की कंपनी भारत में 13 सी टर्मिनल्स को नियंत्रित करती है और इन पोर्ट्स के जरिए भारत का 24 फीसदी सामुद्रिक व्यापार होता है.

    हाइफ़ा पोर्ट के अधिग्रहण के ज़रिए इसराइल में अदानी के प्रवेश को 'रणनीतिक ख़रीद' क़रार दिया जा रहा है.

    इसराइल में यह संभवत: किसी भी सेक्टर में सबसे बड़ा विदेशी निवेश है.

  13. श्वेता सहरावत : 'दस साल पहले बेटी ने जब शॉट मारा तो पता चल गया था कि वो कितनी दूर जाएगी'

  14. मोरबी ब्रिज हादसा: ओरेवा ग्रुप के एमडी जयसुख पटेल ने किया सरेंडर, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

    तीन महीने पहले गुजरात के मोरबी में हुए सस्पेंशन ब्रिज हादसे के केस में ओरेवा ग्रुप के एमडी जयसुख पटेल ने मंगलवार को सीजेएम के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने यह जानकारी दी है. पिछले साल 30 अक्टूबर को हुए इस हादसे में कुल 134 लोगों की जान गई थी.

    एएनआई के अनुसार, अदालत ने पटेल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इससे पहले जांच एजेंसी ने 27 जनवरी को अदालत में पेश 1,262 पेज की चार्जशीट में जयसुख पटेल का नाम अभियुक्त के तौर पर दर्ज था.

    इससे पहले अदालत ने ब्रिज की मरम्मत करने वाली कंपनी ओरेवा के एमडी पटेल के ख़िलाफ़ पिछले हफ़्ते गिरफ़्तारी वारंट जारी किया था.

    सरकारी वकील संजय वोरा ने पिछले हफ़्ते एएनआई को बताया था कि अभी लुकआउट नोटिस जारी नहीं हुआ है और पटेल ने अग्रिम ज़मानत के लिए मोरबी की अदालत का रुख़ किया है.

  15. पाकिस्तान: जब मस्जिद में धमाका हुआ तो नमाज़ पढ़ रहे लोगों ने क्या-क्या देखा?

  16. अदानी इंटरप्राइज़ेज़ का एएफपीओ पूरी तरह से हुआ सब्सक्राइब

    भारतीय अरबपति कारोबारी गौतम अदानी की मुख्य कंपनी अदानी इंटरप्राइज़ेज़ के 2.5 अरब डॉलर मूल्य के शेयर मंगलवार को पूरी तरह सब्सक्राइब हो गए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने बीएसई के हवाले से बताया है कि ग़ैर संस्थागत निवेशकों के सहयोग से अदानी एंटरप्राइज़ेज़ के एफ़पीओ पूरी तरह सब्सक्राइब हो गए हैं.

    पीटीआई के अनुसार, इसमें ख़ुदरा निवेशकों और कर्मचारियों का भी योगदान रहा है. भारतीय शेयर बाज़ार से मिले आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को केवल 3 फ़ीसदी ही बोली आई थी.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, पिछले हफ़्ते आई हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद अदानी समूह के शेयरों में ज़ोरदार गिरावट आई थी, लेकिन बिकवाली के लिए उपलब्ध नए शेयरों में निवेशकों ने रुचि दिखाई है.

    नियम है कि किसी भी कंपनी के शेयरों की पुनर्बिक्री तभी हो सकती है जब वह कम से कम 90 फ़ीसदी सब्सक्राइब हो जाए.

    आशंका जताई जा रही थी कि हाल में आई हिंडनबर्ग रिपोर्ट में अदानी समूह पर लगाए गंभीर आरोपों के बाद समूह की कंपनी के शेयरों की इस बिक्री पर असर पड़ेगा.

    अदानी समूह के लिए उनकी कंपनी के शेयरों की यह बिक्री इसलिए भी अहम है कि इससे मिले धन से उन्हें कर्ज घटाने में मदद मिलेगी, बल्कि इससे यह संदेश भी जाएगा कि समूह में निवेशकों का भरोसा अब भी बना हुआ है.

    2014 से अब तक अदानी समूह का कुल कर्ज क़रीब 75 फ़ीसदी बढ़ चुका है.

    अदानी समूह के शेयरों की यह बिक्री भारत का सबसे बड़ा FPO (फॉलो ऑन ऑफ़रिंग) है. कोई कंपनी FPO तभी लाती है, जब वो शेयर बाज़ार में पहले से लिस्टेड होती है. कंपनी के नए शेयर मौजूदा शेयरधारकों या निवेशकों को बेचे जाते हैं.

  17. FB LIVE: आसाराम को रेप मामले में उम्र कै़द, अहमदाबाद से ज़्यादा जानकारी के साथ रॉक्सी गागडेकर छारा-

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, आसाराम को बलात्कार के एक और मामले में उम्र क़ैद की सज़ा

    गांधीनगर की एक अदालत ने मंगलवार को आसाराम को बलात्कार के एक मामले में उम्र क़ैद की सज़ा सुनाई है.

    साल 2013 के इस मामले में गांधीनगर कोर्ट ने सोमवार को आसाराम को अपनी पूर्व महिला शिष्या के बलात्कार के लिए कसूरवार ठहराया था.

    गांधीनगर के सेशन कोर्ट के जज डीके सोनी ने सज़ा पर बहस के बाद मंगलवार को ये फ़ैसला सुनाया.

    इस केस में उन पर आरोप हैं कि सूरत की एक महिला शिष्या जो साल 2001 से 2006 के बीच उनके मोटेरा स्थित आश्रम में रही थीं, के साथ उन्होंने कई बार रेप किया था. महिला ने उन पर ये केस साल 2013 में दर्ज कराया था.

    81 वर्षीय आसाराम फिलहाल जोधपुर जेल में हैं जहां वे रेप के एक अन्य मामले में उम्र क़ैद की सज़ा काट रहे हैं. ये मामला भी साल 2013 का ही है.

    उस केस में भी उन्हें राजस्थान स्थित अपने आश्रम में एक नाबालिग लड़की के बलात्कार के लिए दोषी ठहराया गया था.

  19. आरआरआर और रईस जैसी फ़िल्मों की शूटिंग जहां हुई, वो इलाका देखा है आपने?

  20. शाहरुख ख़ान की 'पठान' की कमाई छठे दिन पहुंची 600 करोड़ के करीब

    शाहरुख ख़ान की 'पठान' की कमाई छठे दिन 600 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गई है.

    यशराज फ़िल्म्स ने बताया है कि पिछले बुधवार को रिलीज़ हुई 'पठान' ने रिलीज़ के छठे दिन तक कुल 591 करोड़ रुपये की कमाई की है.

    समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को फिल्म का टोटल कलेक्शन 542 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, छठे दिन यानी सोमवार को ​इस फ़िल्म ने भारत में कुल 26.5 करोड़ रुपये की कमाई की.

    वहीं, भारत के बाहर फ़िल्म ने छठे दिन कुल 16 करोड़ रुपये कमाए हैं.