लखनऊ टी-20: भारत ने न्यूज़ीलैंड को छह विकेट से हराया, आखिरी ओवर तक रहा रोमांच

भारत ने एक गेंद बाकी रहते हासिल की जीत. सूर्य कुमार यादव ने बनाए नाबाद 26 रन. सिरीज़ में भारत ने की 1-1 की बराबरी

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and अभिनव गोयल

  1. राजस्थान: कांग्रेस विधायक का अपने ही मंत्री पर आरोप, कहा- दलित हूं इसलिए भेदभाव करते हैं

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए
    कांग्रेस विधायक बाबूलाल बैरवा

    इमेज स्रोत, Mohar Singh Meena/BBC

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस विधायक बाबूलाल बैरवा

    अलवर ज़िले के कठूमर से कांग्रेस विधायक बाबूलाल बैरवा ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में अपनी ही सरकार के स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा पर उनके काम नहीं करने के आरोप लगाए हैं.

    विधायक बाबूलाल बैरवा ने कहा, "चिकित्सा मंत्री बिल्कुल काम ही नहीं करते. मैं शेड्यूल कास्ट (अनूसूचित जाति) का आदमी हूं, इसलिए मुझसे नफ़रत करते हैं."

    उन्होंने कहा, "मैं उनसे ज़्यादा सीनियर हूं और उनसे पहले विधायक बना हूं. फिर भी कोई काम नहीं करते, फटकार देते हैं."

    उन्होंने कहा, "मैंने वित्त विकास निगम में उपाध्यक्ष अपने बेटे अवधेश को भेजा. उसको ये कहते हुए भगा दिया कि काम नहीं करता."

    जब विधायक बैरवा से पूछा गया कि चिकित्सा मंत्री भी तो एसटी समुदाय से है, उन्होंने कहा, "वो हमसे ऊपर होते हैं, वो कहां मानते हैं ख़ुद को दलित. नफ़रत तो अनूसूचित जाति के लोगों से होती है, अनूसूचित जनजाति से थोड़े ही होती है."

    चिकित्सा विभाग चला कौन रहा है? मीडिया के इस सवाल पर विधायक बैरवा ने कहा, "चिकित्सा मंत्री का बेटा विभाग चला रहा है, लोग ऐसा कहते हैं."

    वो क्या आपके काम नहीं करते, इस सवाल पर विधायक बैरवा ने कहा, "इलाक़े में पीएचसी या सब सेंटर खोलने हों, महिला नर्स हैं जो जैसलमेर-बाड़मेर में हैं वो परेशान हैं. मेरे इलाक़े में सैकड़ों पोस्ट खाली पड़ी हैं, डॉक्टर नहीं हैं. खाली सीटें भरने को कहते हैं, तो करते ही नहीं हैं."

    क्या आपने सीएम और प्रभारी मंत्री को इसकी शिकायत की? इस साल पर विधायक बैरवा ने कहा, "कह दिया है, 10 बार कह दिया है."

  2. अमेरिका: टायरी निकोल्स की मौत के बाद पुलिस की स्कॉर्पियन यूनिट भंग

    अमेरिका

    अमेरिका में टेनेसी राज्य के मेम्फिस शहर की पुलिस ने अपनी स्कॉर्पियन (SCORPIAN) स्पेशल यूनिट भंग कर दी है.

    यह फ़ैसला पुलिस की कथित पिटाई से एक काले शख़्स टायरी निकोल्स की हुई मौत के बाद हो रही आलोचना के बाद लिया गया है.

    पुलिस ने अपने बयान में कहा है, "इस दस्ते को स्थायी रूप से निष्क्रिय करना सबके हित में है. कुछ लोगों की नृशंस कार्रवाइयों के कारण स्कॉर्पियन के दामन पर बदनामी के धब्बे लगे. इसलिए यह ज़रूरी है कि हम यानी मेम्फिस पुलिस विभाग सभी प्रभावितों के उबरने के लिए सक्रिय कदम उठाएं."

    SCORPIAN शब्द 'स्ट्रीट क्राइम्स ऑपरेशन टू रिस्टोर पीस इन आवर नेबरहुड्स' यानी 'हमारे आसपास शांति बहाल करने वाला स्ट्रीट क्राइम ऑपरेशन' का संक्षिप्त रूप है. 50 पुलिसकर्मियों के इस दस्ते का मकसद किसी ख़ास इलाक़े में अपराध कम करना होता है.

    टायरी निकोल्स

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, टायरी निकोल्स

    इससे पहले सामने आए एक वीडियो में कुछ पुलिस अधिकारियों को 29 साल के काले व्यक्ति टायरी निकोल्स को पीटते हुए देखा गया था. बताया गया कि यह वीडियो सात जनवरी का है.

    निकोल्स के परिजनों ने अपने वकीलों की ओर से जारी एक बयान में पुलिस के इस फ़ैसले का स्वागत किया. उनके परिजनों ने इस फ़ैसले को मेंफिस के सभी नागरिकों के लिए 'सभ्य और न्यायपूर्ण' क़रार दिया है.

    स्कॉर्पियन यूनिट को 15 महीने पहले अक्टूबर 2021 में कार चोरी और अन्य बड़े अपराधों से निपटने के लिए बनाया गया था.

    पुलिस विभाग ने टायरी निकोल्स को पीटने वाले पांच पुलिस अधिकारियों - टैडेरियस बीन, डेमेट्रियस हेली, डेसमंड मिल्स जूनियर, एम्मिट मार्टिन III और जस्टिन स्मिथ - को पिछले हफ़्ते नौकरी से निकाल दिया था.

    इन पांच में से चार लोगों को ज़मानत मिल गई और शुक्रवार सुबह तक उन्हें हिरासत से रिहा कर दिया गया. गुरुवार को इन सभी अधिकारियों को हिरासत में लेते हुए सभी पर दूसरी डिग्री के मर्डर, हमले, अपहरण, दुराचार और उत्पीड़न करने के आरोप लगाए गए थे.

    • टायरी निकोल्स: अमेरिका में काले शख्स को गोली मारने का वीडियो जारी, फुटेज में क्या दिखा?
    टायरी निकोल्स

    क्या है मामला?

    सामने आए वीडियो फ़ुटेज में मेम्फ़िस पुलिस के पांच पुलिस अफ़सर टायरी निकोल्स को पैरों से मारते दिख रहे हैं. वहीं चोट खाए निकोल्स कराहते हुए अपनी मां को पुकार रहे थे.

    इस वीडियो में वे तीन मिनट तक अफ़सरों से पिटते दिखे. पुलिस की पिटाई के तीन दिन बाद निकोल्स की मौत हो गई थी.

    निकोल्स पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप है.

    इस मामले के सामने आने के बाद मेम्फ़िस और न्यूयॉर्क समेत कई जगहों पर प्रदर्शन शुरू हो गए.

    लोग इस घटना की तुलना 1991 में लॉस एजिंलिस में हुई एक घटना से कर रहे हैं, जब पुलिस ने शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले रोडनी किंग्स को मार डाला था.

  3. ईरान में यूरेनियम प्रोसेसिंग सेंटर के पास धमाका, सरकार ने कहा 'माइक्रो ड्रोन' से हुआ हमला

    ईरान में धमाका

    इमेज स्रोत, ATTA KENARE/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    मध्य ईरान के इश्फ़हान शहर में सेना के एक ठिकाने पर बड़े धमाके की ख़बर है.

    ईरान की सरकारी मीडिया आईआरआईबी और सरकारी न्यूज़ एजेंसी आईआरएनए ने रविवार को कहा कि रक्षा मंत्रालय के हथियारों निर्माण करने वाले एक सेन्टर में धमाका हुआ है.

    हालांकि कुछ कुछ देर बाद रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि ये धमाका 'माइक्रो ड्रोन' (छोटे मानवरहित ड्रोन) के ज़रिए किया गया था और एक 'नाकाम हमला' था.

    एक सुरक्षा अधिकारी का कहना है कि धमाके में अब तक कोई हताहत नहीं है.

    सोशल मीडिया पर धमाके के वीडियो शेयर किए जा रहे. इसमें देखा जा सकता है कि एक व्यस्त सड़क के किनारे बने इस ठिकाने में अचानक पहले एक तेज़ धमाके के साथ आग का एक गोला दिखता है जिसके बाद धुंए का ग़ुबार उठता दिखाई देता है.

    इश्फ़हान शहर ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़ा है और यहां यूरेनियम प्रोसेसिंग केंद्र हैं.

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    रक्षा मंत्रालय के एक बयान के हवाले से आईआरएनए लिखा है, "एयर डिफेन्स सिस्टम ने एक ड्रोन को नाकाम कर दिया, लेकिन दो अन्य ड्रोन हमारे जाल में फंसे और धमाके के साथ नष्ट हो गए. किस्मत से ये नाकाम हमला था और इसमें जान-माल का नुक़सान नहीं हुआ. हालांकि इससे हमारे वर्कशॉप की छत को नुक़सान पहुंचा है."

    मंत्रालय ने कहा है कि इस हमले से न तो देश के ठिकानों को और मिशन को कोई नुक़सान नहीं पहुंचा है, इस तरह के अंधाधुंध हमले देश की तरक्की को बाधित नहीं कर सकेंगे.

    रॉयटर्स ने लिखा है कि बीते कुछ सालों में ईरानी सैन्य ठिकानों, परमाणु और कारखानों के आसपास कई धमाके हुए हैं और आग लगने की घटनाएं हुई हैं.

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

    2021 में ईरान के नतांज़ परमाणु संवर्धन केंद्र में बिजली गुल हो गई थी जिस कारण वहां उत्पादन रुक गया था. ईरान ने इसके लिए इसराइल को ज़िम्मेदार ठहराया था और उस पर छद्म युद्ध का आरोप लगाया था.

  4. त्रिपुरा विधानसभा चुनाव: बीजेपी ने जारी की छह उम्मीदवारों की दूसरी सूची

    त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा

    पूर्वोत्तर भारतीय राज्य त्रिपुरा के सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को विधानसभा चुनावों के लिए छह उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी कर दी.

    पार्टी ने शनिवार को ही 48 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी. इस तरह पार्टी ने 60 सदस्यों वाली विधानसभा के चुनाव के लिए अब तक कुल 54 उम्मीदवारों के नामों का एलान कर दिया है.

    शनिवार की रात बीजेपी के ट्विटर हैंडल से किए गए एक ट्वीट में दूसरी सूची का प्रकाशन किया गया.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    त्रिपुरा विधानसभा का कार्यकाल 22 मार्च को ख़त्म हो रहा है. राज्य में इसके लिए 16 फ़रवरी को वोट डाले जाएंगे.

    मौजूदा विधानसभा में बीजेपी के 33 विधायक हैं. 2018 में बीजेपी ने राज्य विधानसभा का चुनाव जीतकर 25 सालों से सत्तारूढ़ सीपीएम को सत्ता से बेदख़ल कर दिया था.

    सीपीएम इस बार कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है.

  5. इसराइल: दो दिन में हुए दो हमलों के बाद पीएम नेतन्याहू बोले, करारा जवाब देंगे

    इसराइल

    इमेज स्रोत, Reuters

    यरुशलम में पिछले दो दिनों में फ़लस्तीनियों द्वारा किए दो अलग-अलग हमलों के बाद इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने 'करारा' और 'तेज़' जवाब देने का वादा किया है.

    प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने इसराइल की सिक्योरिटी कैबिनेट की बैठक से पहले कहा कि वे 'आतंकवाद का मुक़ाबला' करने के लिए नए उपाय तलाश करेंगे.

    इसराइली सेना ने यह भी कहा कि वह पश्चिमी तट में अपने सैनिकों की संख्या और बढ़ाएगी.

    इससे पहले शुक्रवार की रात यरुशलम के एक सिनेगॉग (यहूदी पूजा स्थल) पर हुई गोलीबारी में सात लोग मारे गए और कम से कम तीन लोग घायल हो गए. गोली लगने से फ़लस्तीनी हमलावर की मौक़े पर ही मौत हो गई.

    यह हमला इसराइल के कब्ज़े वाले पश्चिमी तट में गुरुवार को इसराइली सेना की कार्रवाई के बाद हुआ. यहां इसराइली सेना की कार्रवाई में नौ लोगों के मारे जाने की ख़बर है.

    इस कार्रवाई के बाद इलाक़े में तनाव काफ़ी बढ़ गया है. इसराइल में गज़ा से रॉकेट दागे गए, जिसके जवाब में इसराइल ने भी हवाई हमले किए.

    इसराइल

    इमेज स्रोत, Reuters

    पीएम नेतन्याहू के बयान के बाद, इसराइली पुलिस ने एक और हमले की जानकारी दी. उसके अनुसार, शनिवार को यरुशलेम के सिलवान में गोलीबारी की एक अन्य घटना हुई है.

    हमलावर 13 साल का एक फ़लस्तीनी किशोर है. इस हमले में दो इसराइली (पिता और पुत्र) गंभीर रूप से घायल हो गए.

    इसराइल पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि हमलावर ने प्रार्थना करने जा रहे पांच लोगों पर हमला किया. इस हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. वहां मौजूद राहगीरों ने हमलावर किशोर को गोली मारकर घायल कर दिया, जिसे फिर अस्पताल में भर्ती किया गया.

    सिनेगॉग पर हुए हमले के सिलसिले में पुलिस ने अभी तक 42 लोगों को गिरफ़्तार किया है. इसराइल के पुलिस आयुक्त कोबी शबताई ने इस हमले को 'पिछले कुछ सालों में हम पर हुए सबसे बुरे हमलों में से एक' क़रार दिया.

    फ़लस्तीनी चरमपंथी संगठनों ने इस हमले की तारीफ़ की है. हालांकि उन्होंने इस हमले की कोई ज़िम्मेदारी नहीं ली.

    इसराइल के पीएम ने अपने नागरिकों से शांत रहने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों को अपना काम करने दें. वहीं सेना ने बताया कि वह पश्चिमी तट पर और सैनिक तैनात करेगा.

    नेतन्याहू ने इसराइल का समर्थन करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन समेत दुनिया के अन्य नेताओं का शुक्रिया अदा किया.

    • इसराइल-फ़लस्तीन हिंसाः क्यों इतने आक्रामक हो गए हैं नेतन्याहू
  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया.

    हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे.

    यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 28 जनवरी के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.