You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री के चमत्कार पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने उठाए सवाल

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि चमत्कार दिखाने वाले उनके जोशीमठ के मकानों में आ गई दरारों को चमत्कार से भर दें तो वे उनका स्वागत करेंगे.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and अभिनव गोयल

  1. राम रहीम को चार महीने में दूसरी बार 40 दिन की परोल मिली, आज हो सकती है रिहाई

    डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक बार फिर से 40 दिनों की परोल दे दी गई है. गुरमीत राम रहीम को रेप और हत्या के आरोप में 20 साल की जेल की सज़ा मिली है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से ये जानकारी दी है.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया है कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख को परोल से जुड़ी कागज़ी कार्रवाई पूरी होनी बाकी है और 21 जनवरी यानी आज राम रहीम को रिहा किया जाएगा.

    राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल में हैं.

    बीते चार महीने में ये दूसरी बार है जब राम रहीम को परोल दी गई है. इससे पहले अक्टूबर में भी राम रहीम को 40 दिन की परोल दी गई थी.

    हरियाणा के जेल मंत्री रंजीत सिंह चौटाला ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, "डेरा प्रमुख के परिवार ने जेल अधिकारियों से राम रहीम को एक महीने के परोल देने के लिए निवेदन दिया था लेकिन ये कोर्ट और कमिश्नर तय करेंगे कि राम रहीम को कितने दिन की परोल मिलेगी और इस दौरान वो कहां रहेगा."

    इससे पहले डेरा सच्चा सौदा प्रमुख को हरियाणा के पंचायत चुनाव और आदमपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के दौरान भी परोल मिली थी.

    राम रहीम बीते साल 17 जून को भी एक महीने के लिए परोल पर बाहर आए थे.

    राम रहीम अपनी दो महिला शिष्यों के साथ बलात्कार के दोष में 2017 से जेल में सज़ा काट रहे हैं.

  2. न्यूज़ीलैंड के अगले पीएम बनेंगे क्रिस हिपकिन्स, जेसिंडा अर्डर्न की जगह लेंगे

    न्यूज़ीलैंड लेबर पार्टी के सांसद क्रिस हिपकिन्स का जेसिंडा अर्डर्न की जगह प्रधानमंत्री बनना तय हो गया है.

    पार्टी के शीर्ष नेता पद की दौड़ में वो अकेले दावेदार हैं, जिसकी वजह से उनका प्रधानमंत्री पद पर चुना जाना भी तय है.

    क्रिस हिपकिन्स पहली बार साल 2008 में सांसद बने थे और नवंबर 2020 में उन्हें कोरोना प्रबंधन के लिए मंत्री चुना गया था.

    इससे पहले गुरुवार को जेसिंडा अर्डर्न ने एलान किया था कि वो पीएम पद छोड़ने जा रही हैं. उन्होंने कहा था कि अब उनके पास योगदान देने के लिए कुछ भी महत्वपूर्ण नहीं बचा है.

    हिपकिन्स कितने समय तक इस पद पर रहेंगे ये अभी तय नहीं क्योंकि इसी साल अक्टूबर में न्यूज़ीलैंड के आम चुनाव होने हैं. अगर लेबर पार्टी चुनाव हार जाती है तो हिपकिन्स केवल आठ महीनों के लिए ही पीएम रहेंगे.

    44 वर्षीय हिपकिन्स फिलहाल पुलिस, शिक्षा और जनसेवा मंत्री हैं. पीएम बनने से पहले रविवार को संसद में उन्हें लेबर पार्टी की ओर से औपचारिक समर्थन की ज़रूरत होगी.

    अगर ये समर्थन उन्हें मिल जाता है तो अर्डर्न औपचारिक रूप से 7 फ़रवरी को गवर्नर जनरल को अपना इस्तीफ़ा सौंप देंगी. इसके बाद हिपकिन्स को प्रधानमंत्री नियुक्त किया जाएगा.

  3. पहलवानों ने विरोध प्रदर्शन रोका, जांच पूरी होने तक पद से हटेंगे बृजभूषण सिंह

    केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से लगातार दूसरे दिन मिलने के बाद दिल्ली में धरना दे रहे पहलवानों ने शुक्रवार देर रात विरोध प्रदर्शन वापस लेने की घोषणा की.

    कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर महिला खिलाड़ियों के यौन उत्पीड़न सहित कई अन्य गंभीर आरोप लगे थे. बृज भूषण सिंह को पद से हटाने की मांग को लेकर सभी पहलवान दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रहे थे.

    शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से मिलने के बाद देर रात पहलवानों ने ठाकुर के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की.

    इस दौरान केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि खिलाड़ियों की ओर से लगाए गए आरोपों की अगले चार हफ्ते में जांच पूरी की जाएगी और तब तक बृजभूषण सिंह को कुश्ती संघ से दूर रखा जाएगा.

    प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा, "सभी खिलाड़ियों को केंद्रीय मंत्री (अनुराग ठाकुर) ने आश्वासन दिया है. सभी को समझाया भी है... हम खिलाड़ी अपने आंदोलन को बंद कर रहे हैं क्योंकि हमें सरकार ने आश्वासन दिया है. हमें विश्वास है कि हमें न्याय मिलेगा."

    इससे पहले अनुराग ठाकुर ने कहा, "खिलाड़ियों के साथ लगातार चर्चा चली. एक ओवरसाइट कमेटी का गठन किया जाएगा. अगले 4 हफ़्तों में ये अपनी जांच को पूरा करेंगे. जांच पूरी होने तक कमेटी ही संघ के दैनिक काम देखेगी. तब तक भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह अपने आप को दैनिक कार्यकलाप से अलग रखेंगे और जांच में सहयोग करेंगे."

    दिल्ली में धरना देने वाले पहलवानों में विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक और रवि दहिया भी शामिल हैं.

  4. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया.

    हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे.

    यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 20 जनवरी के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.