You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

राहुल गांधी की सलाह पर भगवंत मान का पलटवार, “आप बोलते हुए अच्छे नहीं लगते”

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को 'चुप रहने' की सलाह दी है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and शुभम किशोर

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, शिक्षकों को फ़िनलैंड जाने से रोकने के ख़िलाफ़ केजरीवाल का प्रदर्शन

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समर्थकों के साथ दिल्ली सरकार के शिक्षकों को फ़िनलैंड जाने से रोकने के खिलाफ़ प्रदर्शन कर रहे हैं, ये प्रदर्शन मार्च एलजी के आवास तक किया जाएगा.

    दिल्ली सरकार शिक्षकों और स्कूल के प्रिंसिपल्स को प्रशिक्षण के लिए फ़िनलैंड भेज रही थी लेकिन बीते दिनों एलजी वीके सक्सेना ने इस प्रस्तावित दौरे पर रोक लगा दी.

    इस मुद्दे पर शुक्रवार को सीएम अरविंद केजरीवाल दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना से मिलने पहुंचे और अपने साथ की किताब ले गए.उन्होंने कहा कि हम एलजी के साथ मिल कर काम करना चाहते हैं.

    मुलाकात के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि, “पुलिस, क़ानून और ज़मीन उपराज्यपाल का विषय है और बाकी का अधिकार चुनी हुई सरकार के पास है. सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ का आदेश कहता है कि ट्रांसफर्स विषयों पर उपराज्यपाल को निर्णय लेने का कोई अधिकार नहीं है, यानी जैस्मीन शाह का दफ्तर सील करना, पीठासीन अधिकारी बनाना, 164 करोड़ की वसूली का आदेश देना और अब शिक्षकों को फ़िनलैंड जाने से रोका ये सब असंवैधानिक है.”

    बीते सप्ताह उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रेसवार्ता कर कहा कि “एलजी ने कास्ट बेनिफिट एनालिसिस करने का तर्क देकर दिल्ली सरकार के 30 शिक्षकों के फिनलैंड में प्रस्तावित प्रशिक्षण पर रोक लगा दी है.”

  2. श्रीलंका के ख़िलाफ़ 'विराट' जीत के भारतीय क्रिकेट के लिए मायने क्या हैं

    अंग्रेजी ड्रामा और साहित्य में एक दौर आया था जिसमें 'थियेटर ऑफ़ द ऐब्सर्ड' काफ़ी लोकप्रिय हुआ था. ऐब्सर्ड जिसे हम हिंदी में बेतुका या निरर्थक कह सकते हैं.

    ऐसा थियेटर 1940-60 के दशक में ख़ूब चला. इसकी ख़ासियत होती थी कि उन्हें देखकर दर्शक हैरान होते थे कि ऐसा उन्होंने पहले कभी नहीं देखा - चाहे वो कोई चरित्र हो, भाषा, ड्रामा या प्लॉट हो. ऐसा ड्रामा देखकर दर्शकों को झटका लगता था.

    ऐसा ही कुछ हुआ रविवार को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफ़ील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में.

    भारत ने श्रीलंका के ख़िलाफ़ तीसरे और आख़िरी वनडे में इतिहास रचते हुए सबसे बड़े अंतर से मेहमान टीम को मात दी. इस जीत के विराट कोहली और टीम के लिए क्या मायने हैं.

  3. पाकिस्तान में बदहाली के बीच पीएम नरेंद्र मोदी पर बहस क्यों

    पाकिस्तान में इन दिनों सोशल मीडिया पर भारतीय प्रधानमंत्री का एक वीडियो वायरल हो रहा है.

    इस वीडियो को पाकिस्तानी पत्रकार इरशाद भाटी ने शेयर करते हुए लिखा है, ''जब दुश्मन मज़ाक उड़ाए और आदर न दे तो ज़िंदा रहने से ज़्यादा अच्छा मर जाना होता है.''

    इस वीडियो में नरेंद्र मोदी कह रहे हैं, ''भाइयों-बहनों, हमने पाकिस्तान की सारी हेकड़ी निकाल दी. उसे कटोरा लेकर दुनिया भर में घूमने के लिए हमने मजबूर कर दिया है.''

    पाकिस्तान के राजनीतिक और रक्षा विश्लेषक शहज़ाद चौधरी ने लिखा है- पाकिस्तान में नरेंद्र मोदी तिरस्कृत नाम हो सकते हैं, लेकिन उन्होंने इंडिया को ब्रैंड बनाया है और इससे पहले ऐसा कोई नहीं कर पाया था.

  4. देश की संपत्ति का 40 फ़ीसदी हिस्सा एक फ़ीसदी अमीरों के पास- रिपोर्ट

    भारत के एक फ़ीसदी अमीर लोगों के पास देश की कुल संपत्ति का 40 फ़ीसदी हिस्सा है. जबकि निचले स्तर की आधी आबादी के पास देश की केवल 3 प्रतिशत संपत्ति है.

    ऑक्सफ़ैम इंडिया की सोमवार को सामने आई रिपोर्ट ‘सर्वाइवल ऑफ़ द रिचेस्ट’के अनुसार, साल 2022 में देश के 100 सबसे अमीर लोगों के पास 54.12 लाख करोड़ की संपत्ति है, वहीं 10 सबसे अमीर लोगों के पास 27.52 लाख करोड़ की संपत्ति है, साल 2021 के मुकाबले इसमें 32.8 फ़ीसदी की बढ़ोतरी हुई है.

    इसके साथ ही भारत में अरबपतियों की कुल संख्या भी बढ़ी है. साल 2020 में ये आंकड़ा 102 था जो बढ़कर 2021 में 142 और 2022 में 166 हो गया. इसके विपरीत भारत में 22.89 करोड़ लोग गरीबी में जी रहे हैं, जो दुनिया में सबसे ज़्यादा है.

    रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि टैक्स को प्रगतिशील नहीं बनाया गया तो इससे देश में असमानताएं और बढ़ेंगी.

    ऑक्सफैम इंडिया का कहना है कि भारत में टैक्स की दरें आय पर आधारित होती हैं, लेकिन अप्रत्यक्ष टैक्स सभी के लिए समान होते हैं, भले ही उनकी कमाई कितनी भी हो. इसमें बदलाव लाने की ज़रूरत है.

  5. आरआरआर फ़िल्म को मिला एक और बड़ा अवॉर्ड, 'नाटू नाटू' बना सर्वश्रेष्ठ गाना

    गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड के बाद तेलुगू फ़िल्म ‘आरआरआर’ को अब क्रिटिक्स च्वॉइस अवार्ड्स 2023 में बेस्ट फ़ॉरेन लैंग्वेज फिल्म का अवॉर्ड मिला है,

    साथ ही फ़िल्म के ‘नाटू-नाटू’ गाने ने भी बेस्ट ओरिजनल सॉन्ग का अवार्ड जीता है.

    क्रिटिक्स च्वॉइस अवॉर्ड्स के ट्विटर हैंडल पर इसकी जानकारी दी गई है.

    इसमें लिखा गया, "आरआरआर फ़िल्म के कास्ट और क्रू को ढेरों बधाई– फ़िल्म ने बेस्ट फ़ॉरेन लैंग्वेज फ़िल्म के लिए क्रिटिक्स च्वॉइस अवार्ड जीता है.”

    जूनियर एनटीआर, रामचरण और आलिया भट्ट स्टारर फ़िल्म के "नाटू नाटू" गाने ने बेस्ट ऑरिजनल सॉन्ग का क्रिटिक्स च्वॉइस अवॉर्ड्स भी अपने नाम किया.

    आरआरआर फ़िल्म के ट्विटर हैंडल से ये जानकारी दी गई की फ़िल्म के ‘नाटू-नाटू’ गाने को भी अवॉर्ड मिला है.

    ट्विटर पर लिखा गया, “एक बार फिर ‘नाटू-नाटू’... बेहद ख़ुशी के साथ हम ये जानकारी साझा कर रहे हैं कि क्रिटिक्स च्वॉइस अवॉर्ड्स 2023 में 'नाटू-नाटू' को बेस्ट सॉन्ग का अवॉर्ड मिला है.”

    बीते सप्ताह फ़िल्म के 'नाटू-नाटू' गाने को गोल्डन ग्लोब में बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का अवॉर्ड मिला था.

    'क्रिटिक्स च्वॉाइस मूवी अवॉर्ड्स' अमेरिकी-कनाडा क्रिटिक्स च्वॉइस एसोसिएशन (सीसीए) की ओर से आयोजित किया जाने वाला सालाना अवॉर्ड शो है, जो सिनेमा की दुनिया में साल के बेहतरीन परफ़ॉर्मेंस, फ़िल्म, संगीत और नई उपलब्धियों को सम्मानित करता है.

  6. फ़तवों का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार के तौर पर किया जाता रहा- आरिफ़ मोहम्मद ख़ान

    केरल के राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान ने कहा है कि फ़तवा या दूसरे तरह के इस्लामिक धार्मिक फ़रमान राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल किए जाते रहे हैं.

    ख़ान ने कहा कि उनके खिलाफ़ तब से फ़तवे जारी किए जा रहे हैं जब वो कांग्रेस में थे.

    रविवार को आयोजित किए गए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ी पत्रिका 'पांचजन्य' के एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा, “कुफ़्र फ़तवा केवल और केवल राजनीतिक कारणों से ही जारी किया जाता है और इसे एक राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जाता है.”

    आरिफ़ मोहम्मद ख़ान कुफ़्र धार्मिक फ़रमान का ज़िक्र कर रहे थे- जिसका अर्थ है कि किसी व्यक्ति की ओर से किए गए किसी काम या बयान के कारण उसे धर्म के प्रति बेईमान और गद्दार कहा जाए.

    उन्होंने कहा, “हर समाज में दो दृष्टिकोण हैं, लेकिन जो शक्तिशाली होता है वह अपने विचार को आगे बढ़ाता है. शासक ही मौलवी और ईमाम नियुक्त करते हैं ताकि उनके फ़ैसले सही ठहराए जा सकें. पैगंबर साहब के जाने के बाद से इस्लाम पर राजनीति ही हावी रही.”

    “कुरान में कम से कम 200 उदाहरण हैं जहां यह कहा गया है कि केवल हमें बनाने वाला ही यह तय कर सकता है कि क्या सही है और क्या गलत है, इसका फ़ैसला तब किया जाएगा जब लोग मरेंगे और ऊपर वाले से मिलेंगे.”

  7. अफ़ग़ानिस्तान: पूर्व महिला सांसद की गोली मारकर हत्या, तालिबान के आने पर भी नहीं छोड़ा था देश

    अफ़ग़ानिस्तान की पूर्व सांसद और उनके सुरक्षाकर्मी की काबुल स्थित आवास पर गोलीमार कर हत्या कर दी गई है.

    32 साल की मुरसल नबीज़ादा उन महिला सांसदों में से एक थीं जिन्होंने अगस्त, 2021 में ताबिलान की वापसी के बाद भी देश नहीं छोड़ा था.

    रविवार को उन पर हुए हमले में उनके भाई और दूसरे सुरक्षाकर्मी भी ज़ख़्मी हुए हैं.

    जब से अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान की वापसी हुई है तब से महिलाओं को हर तरह के सार्वजनिक जीवन से पूरी तरह हटा दिया गया है.

    काबुल पुलिस के प्रवक्ता ख़ालिद ज़ादरान ने कहा कि सुरक्षाबलों ने घटना की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है.

    पूर्व विधायक मरियम सुलेमानखिल ने कहा कि “नबीज़ादा एक सच्ची मार्गदर्शक - मज़बूत, मुखर महिला थीं, जो ख़तरों के बावजूद भी अपने दृढ़ विश्वास के खड़ी रहीं.उनके पास अफ़ग़ानिस्तान छोड़ने का मौका था लेकिन इसके बावजूद उन्होंने वहां रुकना चुना."

    नबीज़ादानंगरहार के पूर्वी प्रांत से साल 2018 में चुनकर संसद पहुंची थीं.

    वह संसदीय रक्षा आयोग की सदस्य थीं और मानव संसाधन विकास संस्थान में काम करती थीं.

  8. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट से पहले मध्यम वर्गीय परिवारों को लेकर दिया ये बयान

    केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामण ने कहा है कि वह खुद मध्यम वर्ग से ताल्लुक रखती हैं ऐसे में वह इस वर्ग पर बढ़ रहे दबाव को अच्छी तरह समझती हैं.

    रविवार को सीतारमण ने कहा कि उन्हें पता है कि देश के मध्यम वर्ग पर कितना दबाव है, साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि मौजूदा सरकार ने मध्यम वर्ग पर कोई नए टैक्स नहीं लगाए.

    सीतारमण 1 फ़रवरी को आम बजट 2023-24 पेश करेंगी. ऐसे में मध्यम वर्ग को टैक्स स्लैब में राहत की उम्मीद है.

    रविवार को आयोजित किए गए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ी पत्रिका 'पांचजन्य' के एक कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने कहा, “मैं भी मध्यम वर्ग से ताल्लुक रखती हूं इसलिए मैं मध्यम वर्ग पर पड़ने वाले दबावों को समझ सकती हूं, उनकी परेशानियां मुझे पता है. मोदी सरकार ने अब तक के किसी भी बजट में मध्यम वर्ग पर कोई नया टैक्स नहीं लगाया है, 5 लाख रुपये तक तनख्वाह पाने वालों पर कोई कर नहीं लगाया गया ”

    उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार मध्यम वर्ग के लिए और अधिक प्रयास कर सकती है क्योंकि इस वर्ग में आने वाले लोगों की आबादी बढ़ रही है.

  9. नेपाल विमान हादसे में जांच समिति को ब्लैक बॉक्स का इंतज़ार

    नेपाल के पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास हुए विमान हादसे की जांच के लिए गठित की गई जांच समिति दुर्घटनाग्रस्त हुए यति एयरलाइंस के विमान के ब्लैक बॉक्स के मिलने का इंतज़ार कर रही है.

    अधिकारियों ने बताया कि बचावकर्मी रविवार देर रात तक हादसे में लापता लोगों की तलाश करते रहे, अब तक 68 लोगों के शव बाहर निकाले जा चुके हैं. सोमवार से विमान के ब्लैक बॉक्स की तलाश शुरू होगी.

    अधिकारियों का मानना ​​है कि विमान के पिछले हिस्से में लगे इस उपकरण से विमान हादसे के कारणों का पता चलेगा

    जांच समिति के सदस्य सचिव बुद्धिसागर लामिछाने ने बीबीसी नेपाली सेवा से कहा,"ब्लैक बॉक्स बताता है कि विमान किस स्थिति में था, विमान के किस हिस्से का क्या संकेत था. क्या हादसा अचानक हुई किसी गड़बड़ी के कारण हुआ? ब्लैक बॉक्स से पता चलेगा कि दुर्घटना के लिए बाहरी कारक ज़िम्मेदार थे या ये आंतरिक कारणों से हुआ."

    लामिछाने का कहना है कि विमान के ब्लैक बॉक्स में फ़्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर दोनों होंगे, ऐसे में यह जांच में काफ़ी अहम होगा.

  10. दिल्ली में यलो अलर्ट जारी, तीन दिनों तक शीतलहर की चेतावनी

    तीन दिनों तक दिल्ली में तेज़ शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है.

    मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में 16 से 18 जनवरी तक यानी तीन दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है और तेज़ शीतलहर की चेतावनी दी है. लोगों से ठंड को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है.

    जब न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री से नीचे होता है तो मौसम विभाग इसे शीतलहर मानता है.

    पहाड़ों पर गिर रही बर्फ़ और सर्द हवाओं के चलते दिल्ली समेत उत्तर पश्चिमी भारत में पारा नीचे गिर गया है.

    15 जनवरी को दिल्ली का तापमान 5 डिग्री से नीचे था. राजधानी के सफ़दरजंग इलाके में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री दर्ज किया गया. ज़फ़रपुर में 2.6 डिग्री सेल्सियस और लोधी रोड इलाके में 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

    उत्तर भारत की बात करें तो राजस्थान में रात सबसे सर्द रही, चुरू में सबसे न्यूनतम तापमान (-)2.5 डिग्री सेल्सियस और बीकानेर में 1.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. मौसम विभाग के मुताबिक़, 16 से 18 जनवरी तक उत्तरी पश्चिमी भारत में शीतलहर की स्थिति रहने का अनुमान लगाया गया है.

  11. नेपाल: विमान हादसे से दो सप्ताह पहले ही हुआ था हवाई अड्डे का उद्धाटन, चीन की मदद से बना एयरपोर्ट

    नेपाल के पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को नेपाल ने चीन की मदद से बनाया है. दो सप्ताह पहले नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्पकमल दाहाल ‘प्रचंड’ने इस हवाई अड्डे का उद्धाटन किया था. एक जनवरी को उद्धाटन करते हुए उन्होंने कहा था कि इस क्षेत्र का दुनिया से संबंध स्थापित हो रहा है.

    इसी एयरपोर्ट के क़रीब रविवार को हुए हादसे में कम से कम 68 लोगों की मौत हो गई.

    बीते साल चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने नेपाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा को एक शिष्टाचार फ़ोन कॉल के ज़रिए ये हवाई अड्डा सौंपा था.

    चीन के काठमांडू स्थित दूतावास ने इस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को चीन-नेपाल की साझेदारी के तहत बनने वाला ‘महत्वपूर्ण बेल्ट एंड रोड’ प्रोजेक्ट बताया था.

    इसके उद्धाटन के एक दिन पहले चीनी दूतावास ने कहा था, “ये चीन और नेपाल की साझेदारी से बनने वाला महत्वपूर्ण बेल्ट एंड रोड प्रोजेक्ट है, नेपाल को और नेपाल की जनता को ढेर सारी शुभकामनाएं.”

    काठमांडू पोस्ट अख़बार के मुताबिक, इस एयरपोर्ट को बनाने के लिए नेपाल सरकार ने मार्च 2016 में चीन के साथ 215.96 मिलियन डॉलर का सॉफ्ट लोन लिया था.

    रविवार के क्या हुआ?

    रविवार सुबह 11 बजे हवाईअड्डे के क़रीब यती एयरलाइंस का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस विमान ने काठमांडू से पोखरा के लिए उड़ान भरी थी और लैंडिंग के पहले दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

    राहत-बचाव काम में लगे अधिकारियों ने बताया है कि अब तक 68 लोगों के शव निकाले गए हैं. 72 सीटों वाले इस विमान में 68 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे.

    लैंडिंग से ठीक पहले विमान के पायलट ने लैंडिंग पैड बदलने का फ़ैसला किया था.

    नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कुमार दाहाल प्रचंड और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत दुनिया के कई नेताओं ने हादसे पर दुख ज़ाहिर किया है. नेपाल सरकार ने हादसे की जांच के लिए आयोग गठित किया है.

  12. नमस्कार,बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 15 जनवरी के अपडेट्स के लिए आपयहां क्लिककर सकते हैं.

    नेपाल विमान हादसे के बारे में अब तक क्या पता है

    • नेपाल में पोखरा हवाई अड्डे के करीब एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया
    • अब तक 68 शव बाहर निकाले गए हैं.
    • 72 सीटों वाले इस विमान में 68 यात्री और चालक दल के चार सदस्य थे सवार
    • विमान में पांच भारतीय नागरिक भी सवार थे.
    • विमान को उतारने से ठीक पहले पायलट ने लैंडिग पैड बदलने का फ़ैसला किया था.
    • विमान में नेपाल के 53, रूस के चार, कोरिया के दो और आयरलैंड, अर्जेन्टीना, ऑस्ट्रेलिया और फ्रांस के एक-एक यात्री सवार थे.
    • नेपाल सरकार ने हादसे की जांच के लिए एक आयोग बनाया है.