श्रीलंका पर धमाकेदार जीत के हीरो विराट कोहली क्या बोले?
श्रीलंका के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ में लगातार दो शतक जमाने वाले विराट कोहली ने कहा है कि वो कोई ‘कीर्तिमान हासिल करने के लिए बेताब नहीं’ है लेकिन अच्छा क्रिकेट खेलते रहना चाहते हैं.
विराट कोहली ने श्रीलंका के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ के तीन मैचों में 141.5 के जबरदस्त औसत के साथ 283 रन बनाए. उन्होंने सिरीज़ में दो शतक बनाए. रविवार को खेले गए सिरीज़ के तीसरे मैच में उन्होंने नाबाद 166 रन की पारी खेली. गुवाहाटी में खेले गए पहले मैच में उन्होंने 113 रन बनाए थे.
इस प्रदर्शन के लिए कोहली को मैन ऑफ़ द सिरीज़ चुना गया. सिरीज़ में जमाए दो शतकों की मदद से कोहली के वनडे शतकों की संख्या 46 हो गई है.
वनडे में सबसे ज़्यादा 49 शतक सचिन तेंदुलकर के नाम हैं.
चार मैच में तीन शतक
विराट कोहली ने पिछले चार वनडे मैचों में तीन शतक जमाए हैं और क्रिकेट के कई जानकार कह रहे हैं कि वो इसी साल सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं.
हालांकि, रविवार को कोहली ने कहा कि उनकी नज़र ‘माइलस्टोन’ पर नहीं है.
विराट कोहली ने कहा, “ब्रेक के बाद से जब मैं लौटा हूं तब से मैं अच्छा महसूस कर रहा हूं.”
विराट कोहली ने पिछले साल खेले गए एशिया कप के पहले कुछ दिन का ब्रेक लिया था और जब वो टीम में लौटे तब से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं.
अपनी बल्लेबाज़ी से खुश
विराट कोहली ने कहा, “कीर्तिमान हासिल करने को लेकर मेरे अंदर कोई बेताबी नहीं है. मैं जो कर रहा हूं, उसे जारी रखना चाहता हूं.”
उन्होंने कहा, “आज मैं जिस तरह बल्लेबाज़ी कर रहा था, उससे खुश हूं.मैं अच्छा क्रिकेट खेलने में कामयाब रहा.”
रविवार के मैच में नाबाद 166 रन की पारी के लिए विराट कोहली को मैन ऑफ़ मैच भी चुना गया.
विराट कोहली की शानदार फ़ॉर्म का फ़ायदा टीम इंडिया को भी मिला. भारतीय टीम श्रींलका के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ 3-0 से जीतने में कामयाब रही.
रविवार को खेले गए आखिरी वनडे में भारत ने 317 रन से जीत हासिल की. ये रन अंतर के लिहाज से वनडे की सबसे बड़ी जीत है.
वनडे में रन अंतर के लिहाज से पांच सबसे बड़ी जीत
- भारत ने श्रीलंका को 317 रन से मात दी (15 जनवरी 2023)
- न्यूज़ीलैंड ने आयरलैंड को 290 रन से मात दी थी. (1 जुलाई 2008)
- ऑस्ट्रेलिया ने अफ़गानिस्तान को 275 रन से हराया था. (4 मार्च 2015)
- दक्षिण अफ़्रीका ने जिंबाब्वे को 272 रन से हराया था. (22 अक्टूबर 2010)
- दक्षिण अफ़्रीका ने श्रीलंका को 258 रन से हराया था. (11 जनवरी 2012)