एलन मस्क ने दौलत गंवाने के मामले में तोड़ा विश्व रिकॉर्ड
इतिहास में सबसे अधिक दौलत गंवाने का विश्व रिकॉर्ड एलन मस्क ने तोड़ दिया है.
गिनीस वर्ल्ड रिकॉर्ड ने कहा है कि नवंबर, 2021 से दिसंबर, 2022 के बीच एलन मस्क ने 165 अरब डॉलर गंवाएं हैं.
हालांकि ये आंकड़ें फ़ोर्ब्स मैगज़ीन के डेटा पर आधारित है लेकिन गिनीस वर्ल्ड रिकॉर्ड का कहना है कि अन्य स्रोतों से ये संकेत मिला है कि एलन मस्क का नुक़सान इससे भी बड़ा हो सकता है.
पिछले साल ट्विटर खरीदने के बाद एलन मस्क की इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला के शेयरों की क़ीमत में बड़ी गिरावट देखी गई है.
सोशल मीडिया कंपनी ट्विटर को 44 अरब डॉलर में टेकओवर करने के बाद टेस्ला के निवेशकों को ऐसा लगने लगा कि एलन मस्क अब अपने इलेक्ट्रिक कार के व्यवसाय पर ध्यान नहीं दे रहे हैं.
एलन मस्क से पहले दौलत गंवाने के मामले में विश्व रिकॉर्ड जापान के टेक इन्वेस्टर मासायोशी सोन के नाम पर था.
मासायोशी सोन ने साल 2000 में 58.6 अरब डॉलर गंवाएं थे.
नुक़सान का ये हिसाब-किसाब कंपनी के शेयरों की क़ीमतों में आई गिरावट के आधार पर लगाया गया है और ये भविष्य में बढ़ भी सकती हैं.
यानी इसका मतलब है कि आने वाले समय में एलन मस्क की दौलत पुराने स्तर पर लौट सकती है या फिर उससे भी आगे निकल सकती है.