भारत ने श्रीलंका को पहले वनडे मैच में 67 रन से हराया, शनाका का शतक नहीं आया काम

श्रीलंका के ख़िलाफ गुवाहाटी में खेले गए पहले वनडे मैच में भारत ने 67 रन से जीत दर्ज की है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and शुभम किशोर

  1. जो बाइडन पर बोलसोनारो को वापस ब्राज़ील भेजने के लिए अपनों का दबाव

    जो बाइडन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन पर उनकी पार्टी के सदस्य ब्राज़ील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोलसोनारो को वापस भेजने का दबाव बना रहे हैं.

    रविवार को ब्राज़ील में बोलसोनारो के हज़ारों समर्थकों ने संसद, राष्ट्रपति भवन और सुप्रीम कोर्ट में घुसकर हंगामा और तोड़फोड़ किया था. इसके बाद से अब तक क़रीब 1500 लोगों को गिरफ़्तार किया जा चुका है.

    डेमोक्रैट नेता जोआकिन कास्त्रो ने सीएनएन से कहा, "बोलसोनारो को फ़्लोरिडा में नहीं होना चाहिए. अमेरिका को इस तानाशाह के लिए आश्रय नहीं बनना चाहिए, जिन्होंने ब्राज़ील में आतंकवाद को उकसाया. उन्हें वापस ब्राज़ील की जेल भेज देना चाहिए."

    एक अन्य डेमोक्रैट एलेक्ज़ेंड्रिया ओकासियो-कॉर्टेज़ ने अपने ट्वीट में कहा, "अमेरिका को फ़्लोरिडा में बोलसोनारो को रहने से रोकना चाहिए."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    वहीं, अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने सोमवार को कहा कि अमेरिका को अभी तक बोलसोनारो के वीज़ा को लेकर ब्राज़ील की सरकार से कोई "औपचारिक निवेदन" नहीं मिला है.

    बोलसोनारो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बोलसोनारो अस्पताल में भर्ती

    इस बीच ब्राज़ील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोलसोनारो को पेट में दर्द की वजह से फ़्लोरिडा के अस्पताल में भर्ती किया गया है. बोलसोनारो की पत्नी ने ये जानकारी दी है.

    रिपोर्ट्स के अनुसार, बोलसोनारो को सोमवार को ऑरलैंडो के पास एक अस्पताल ले जाया गया.

    साल 2018 में बोलसोनारो पर धारदार हथियार से हमला हुआ था, जिसके बाद से उन्हें पेट में दर्द की शिकायत रहती है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, बोलसोनारो के परिवार के क़रीबी ने बताया कि उनकी स्थिति चिंताजनक नहीं है.

    बोलसोनारो 10 दिन पहले ब्राज़ील से अमेरिका चले गए थे. उन्होंने नए राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा के सत्ता हस्तांतरण के लिए आयोजित समारोह में भी हिस्सा नहीं लिया था.

  2. अंतरराष्ट्रीय दबाव के बाद तालिबान ने महिलाओं पर पाबंदी हटाने के संकेत दिए

    तालिबान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    महिलाओं पर पाबंदी को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय का विरोध झेल रहे तालिबान ने कुछ नरमी के संकेत दिए हैं.

    बीबीसी पश्तो की ख़बर के अनुसार, अफ़ग़ानिस्तान में काम कर रही एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सहायता एजेंसी का कहना है कि तालिबान के कम से कम तीन मंत्रियों ने जानकारी दी है कि महिलाओं पर लगी पाबंदी को हटाने के लिए शीर्ष नेतृत्व काम कर रहा है.

    काबुल के दौरे पर जा चुके नॉर्वे के रिफ़्यूजी काउंसिल के प्रमुख जैन एगलैंड ने बीबीसी पश्तो को एक ख़ास इंटरव्यू में बताया कि अगर तालिबान महिलाओं के काम करने और लड़कियों की शिक्षा पर पाबंदियों को नहीं हटाता तो अफ़ग़ानिस्तान को मिल रही अंतरराष्ट्रीय सहायता बंद होने लगेगी.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    उन्होंने कहा, "तालिबान के नेताओं ने मुझसे कहा था कि वो दूसरे फ़रमान पर काम कर रहे हैं. इस फ़रमान के अनुसार, महिलाओं को पढ़ने की इजाज़त मिलेगी. सबसे महत्वूर्ण ये है कि महिलाएं काम पर लौट सकेंगी."

    "उन्हें अपना वादा पूरा करना चाहिए, हमसे वादा किया गया था कि हम महिलाओं के साथ काम कर सकेंगे, उन्हें शिक्षा दी जाएगी."

  3. नसीम शाह का कमाल, पाकिस्तान ने न्यूज़ीलैंड को पहले वन-डे में 6 विकेट से हराया

    नसीम शाह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    कराची में न्यूज़ीलैंड के साथ पहले एकदिवसीय मैच में पाकिस्तान ने 6 विकेट से जीत दर्ज की.

    टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करते हुए पाकिस्तान की ओर से तेज़ गेंदबाज़ नसीम शाह ने सबसे अधिक पांच विकेट लिए.

    19 साल के नसीम शाह ने केवल चार एकदिवसीय मैचों में दूसरी बार पांच विकेट लिए हैं. उन्हें प्लेयर ऑफ़ द मैच भी चुना गया.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    न्यूज़ीलैंड की टीम ने 9 विकेट खोकर 255 रन बनाए. इसके जवाब में फ़ख़र ज़मान, बाबर आज़म और मोहम्मद रिज़वान के अर्द्धशतकों की बदौलत पाकिस्तानी टीम ने 1.5 ओवर शेष रहते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया था.

    तीन मैचों की शृंखला में पाकिस्तान की टीम 1-0 से आगे है. बाकी दोनों मैच भी बुधवार और शुक्रवार को कराची में ही खेले जाएंगे.

  4. मॉस्को से गोवा की फ़्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग का मामला: एनएसजी को नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान

      • Author, दर्शन ठक्कर
      • पदनाम, जामनगर से बीबीसी हिंदी के लिए
    विमान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बम की ख़बर मिलने के बाद जामनगर में लैंड हुई मॉस्को से गोवा आ रही फ़्लाइट में किसी भी तरह के बम या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुआ है.

    जामनगर में आपात लैंडिंग के बाद एनएसजी की दो टीमें विमान की जांच कर रही थी. अब एनएसजी की टीमें एयरपोर्ट पर यात्रियों के सामान की जांच करेगी.

    एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार फ़्लाइट सुबह 10 बजे जामनगर से उड़ान भरेगी.

    सोमवार रात करीब 10 बजे जामनगर हवाईअड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी क्योंकि विमान में बम होने का संदेश मिला था.

    फ़्लाइट में 236 यात्री और चालक दल के 8 सदस्य थे, जिन्हें रात ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था.

  5. भारत-श्रीलंका मैच के टिकट के दाम पर केरल के मंत्री के बयान से विवाद

    केरल के खेल मंत्री वी अब्दुर्रहीमन

    इमेज स्रोत, Facebook/vabdurahman

    इमेज कैप्शन, केरल के खेल मंत्री वी अब्दुर्रहीमन

    भारत और श्रीलंका के बीच तिरुवनंतपुरम में होने वाले तीसरे वन-डे मैच में टिकट के दाम अधिक होने को लेकर आलोचनाओं के बीच केरल के खेल मंत्री वी अब्दुर्रहीमन के बयान से विवाद पैदा हो गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, केरल के मंत्री वी अब्दुर्रहीमन ने कहा कि जो लोग टिकट का ख़र्च नहीं उठा सकते उन्हें मैच देखने जाने की ज़रूरत नहीं है.

    मंत्री से रविवार को मीडिया ने पूछा कि क्या सरकार दर्शकों से मनोरंजन कर वसूलने के कथित फ़ैसले को वापस लेने पर विचार की.

    इसके जवाब में अब्दुर्रहीमन ने कहा, "टिकट के दाम कम करने की क्या ज़रूरत है? ये मांग है कि देश में हर चीज़ के दाम बढ़ रहे हैं, तो टिकट सस्ता किया जाए. जो लोग भूखे मर रहे हैं उन्हें मैच देखने जाने की ज़रूरत नहीं है."

    केरल में विपक्षी कांग्रेस और बीजेपी ने अब्दुर्रहीम के इस बयान पर जमकर निशाना साधा है. विपक्षी पार्टियों का कहना है कि एक मंत्री को इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए.

    अब्दुर्रहीम के इस बयान की आलोचना करते हुए विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने सोमवार को केरल विधानसभा में कहा कि राज्य की लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई कम्युनिस्ट सरकार में एक मंत्री के इस तरह के अशिष्ट और बेतुके बयान" को सुनकर लोग "हैरान" हैं.

    भारत-श्रीलंका मैच

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, टी-20 सिरीज़ के दौरान भारत और श्रीलंकाई कप्तान

    उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री को ऐसे मंत्रियों को एक घंटे भी पद पर नहीं रहने देना चाहिए. खुद को गरीबों की पार्टी बताने वाली सीपीआई(एम) इस पर क्या कहना चाहेगी?"

    वहीं केरल बीजेपी के अध्यक्ष के सुरेंद्रन ने राज्य सरकार से भारत-श्रीलंका एकदिवसीय मैच पर लगे भारी-भरकम मनोरंजन कर को वापस लेने की मांग की है.

    उन्होंने कहा, "मंत्री का बयान खेल प्रेमियों का अपमान है."

    के सुरेंद्रन ने कहा, "अचानक पांच से 12 फ़ीसदी हुआ मनोरंजन कर चुकाना राज्य के कई लोगों के लिए मुश्किल है. क्रिकेट प्रेमी मैच देखने के लिए जीएसटी सहित 30 फ़ीसदी कर देने को मजबूर हैं."

    हालांकि, केरल सरकार ने मैच पर अधिक टैक्स लगाए जाने के दावों को खारिज किया है.

    सरकार में मंत्री एमबी राजेश ने कहा कि तिरुवनंतपुरम कॉर्पोरेशन और केरल क्रिकेट एसोसिएशन के साथ चर्चा के बाद टैक्स दर तय की गई हैं.

  6. हज यात्रा को लेकर सऊदी अरब का बड़ा फ़ैसला

    हज

    इमेज स्रोत, Getty Images

    सऊदी अरब ने इस साल हज जाने वालों की संख्या और उम्र से जुड़ी पाबंदी हटा दी है.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार, हज और उमराह संबंधी मामलों के मंत्री तौफ़िक़ अल-राबिया ने मीडिया को ये जानकारी दी.

    उन्होंने कहा, "इस साल हज यात्रियों की संख्या कोरोना वायरस से पहले के समय जितनी रहेगी. हज आने वालों के लिए उम्र की भी कोई पाबंदी नहीं होगी."

    हज हर साल होने वाला धार्मिक आयोजन है, जो इस साल जून महीने में होगा.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    इस्लाम के पांच फ़र्ज़ में से एक फ़र्ज़ हज है. बाकी के चार फ़र्ज़ हैं- कलमा, रोज़ा, नमाज़ और ज़कात. धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक़, शारीरिक और आर्थिक रूप से सक्षम हर मुसलमान पर अपनी ज़िंदगी में कम से कम एक बार इस फ़र्ज़ को निभाने का दायित्व होता है.

    गल्फ़ न्यूज़ की रिपोर्टके अनुसार, साल 2019 में क़रीब 25 लाख लोगों ने हज किया था. हालांकि, इसके बाद के दो सालों में कोरोना महामारी की वजह से यात्रियों की संख्या सीमित कर दी गई थी. इस दौरान केवल 65 साल तक के लोग ही हज यात्रा पर जा सकते थे.

    साल 2022 में करीब 9 लाख यात्री हज पहुंचे थे, जिनमें से 7 लाख 80 हज़ार विदेशी थे.

  7. इसराइल की नई सरकार ने सार्वजनिक जगहों से फ़लस्तीनी झंडे हटाने का आदेश दिया

    इतमार बेन-गिविर

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, इसराइली मंत्री इतमार बेन-गिविर

    इसराइल की नई धुर-दक्षिणपंथी सरकार में राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री ने पुलिस को सभी सार्वजनिक स्थलों से फ़लस्तीनी झंडे हटाने का आदेश दिया है.

    इसराइली मंत्री इतमार बेन-गिविर ने कहा है कि फ़लस्तीनी झंडा दिखाना 'आतंकवाद' को समर्थन देने जैसा है.

    बीते सप्ताह लंबे समय से सज़ा काट रहे एक फ़लस्तीनी क़ैदी की रिहाई के बाद उत्तरी इसराइल में उनके गांव को लाल, हरे और काले रंग के बैनरों से सजाया गया था. माना जा रहा है कि इसी के प्रतिक्रिया स्वरूप इसराइली मंत्री ने आदेश दिया है.

    मौजूदा इसराइली क़ानून सुरक्षा अधिकारियों को सिर्फ़ उन्हीं जगहों से झंडे हटाने की इजाज़त देता है, जहां क़ानून व्यवस्था बिगड़ने का ख़तरा हो.

    बेन गिविर के आदेश को फ़लस्तीन के साथ विवाद बढ़ने की एक और वजह के तौर पर देखा जा रहा है. बिन्यामिन नेतन्याहू सरकार को इसराइल के इतिहास में सबसे कट्टरपंथी सरकारों में गिना जाता है.

    बेन गिविर ने हाल ही में यरुशलम में अल-अक्सा मस्जिद का भी दौरा किया था, जिसपर सऊदी अरब, यूएई सहित कई मुस्लिम देशों ने आपत्ति दर्ज की थी.

  8. बम की धमकी के बाद मॉस्को से गोवा आ रही फ़्लाइट की आपात लैंडिंग

    विमान आपात लैंडिंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बम की धमकी के बाद मॉस्को से गोवा आ रहे एक चार्टर्ड विमान की सोमवार रात गुजरात के जामनगर में आपात लैंडिंग कराई गई.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, विमान में सवार सभी 236 यात्री और क्रू सदस्यों को सुरक्षित निकालने के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने विमान की जांच की.

    राजकोट और जामनगर रेंज के आईजी अशोक कुमार यादव ने ये जानकारी पीटीआई को दी.

    नई दिल्ली में रूसी दूतावास के एक अधिकारी ने कहा कि भारतीय अधिकारियों की ओर से ये सूचित किया गया कि मॉस्को से गोवा आ रही अज़ूर एयर की फ़्लाइट में बम होने की धमकी मिली है.

    अधिकारी ने बताया कि विमान को जामनगर में वायु सेना के एयरबेस पर लैंड कराया गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं.

    गोवा के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विमान डैबोलिम एयरपोर्ट पर लैंड होना था. एहतियातन इस एयरपोर्ट पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    समाचार एजेंसी एएनआई ने जामनगर एयरपोर्ट डायरेक्टर के हवाले से बताया कि गोवा एटीसी को विमान में बम की धमकी मिली थी. विमान सोमवार रात 9 बजकर 49 मिनट पर जामनगर में लैंड हुआ. फ़िलहाल विमान को अलग रखा गया है और जांच जारी है.

  9. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 09 जनवरी के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.