You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पश्चिम बंगाल में मिड डे मील में मिलेंगे चिकन और फल

पंचायत चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल सरकार ने सरकारी स्कूलों के मिड डे मील में जनवरी से चार महीनों के लिए चिकन और फल देने का फ़ैसला किया है

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and शुभम किशोर

  1. अंजलि केस: वारदात की मिनट दर मिनट पड़ताल और वो अनसुलझे सवाल

    कंझावला केस में दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर अब तक की जांच के बारे में जानकारी दी है. अब तक की जांच के आधार पर दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी सागरप्रीत हुड्डा ने क्या-क्या जानकारी दी है, पहले उसे जानते हैं -

    दिल्ली पुलिस ने क्या-क्या बताया -

    • चश्मदीद निधि का अभियुक्तों से कोई कनेक्शन नहीं. उनका बयान रिकॉर्ड किया गया है, जिसके बारे में जानकारी अभी नहीं दी जा सकती है.
    • सीसीटीवी के आधार पर दो और लोगों का पता चला है. यानी पांच नहीं सात अभियुक्त हैं.
    • बाकी के दोनों अभियुक्तों ने सच छुपाने की कोशिश की. अपराधियों को बचाने में मदद की. उनकी गिरफ़्तारी की कोशिश की जा रही है.
    • पुलिस को फ़ोरेंसिक रिपोर्ट का इंतज़ार है
    • पोस्टमॉर्टम की फ़ाइनल रिपोर्ट आनी बाकी है.
    • सीसीटीवी की टाइमिंग का विश्लेषण किया जा रहा है.
    • कॉल डिटेल के आधार पर मृतक अंजलि और अभियुक्तों के बीच कोई पुराना कनेक्शन नहीं मिला है.
    • बाकी पहलुओं का विश्लेषण कर पुलिस जल्दी ही चार्जशीट दाखिल करेगी.
    • लास्ट सीन को ट्रेस करते हुए पुलिस इस नतीजे पर पहुंची है कि निधि इस मामले में अहम चश्मदीद है. 164 सीआरपीसी के तहत कोर्ट में उसका बयान दर्ज हुआ है.
    • घटना के बाद पुलिस को सूचना नहीं दी गई, इसकी भी जांच की जा रही है कि इसकी वजह क्या थी.
    • अभी तक ये पूरा मामला मर्डर केस नहीं बन रहा है. बिना पुख़्ता सबूत धारा 302 (हत्या) नहीं लगाई जा सकती. अभी तक के सबूतों के आधार पर धारा 304 (ग़ैर इरादतन हत्या) का केस बनता है.
    • पुलिस की भूमिका को लेकर इंटरनल एन्क्वायरी हो रही है कि ये ह्यूमन एरर है या प्रोसेस में एरर हुआ है. नतीजे के आधार पर कार्रवाई होगी.
    • मौके पर मिली स्कूटी के आधार पर पुलिस उसके मालिक के घर तक पहुंची. डेड बॉडी उसके बाद मिली थी. पुलिस की तरफ़ से अभी तक कोई चूक सामने नहीं आई है.
  2. एयर इंडिया की फ़्लाइट में महिला पर पेशाब करने वाले व्यक्ति पर दिल्ली पुलिस करेगी कार्रवाई

    दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को कहा है कि वो व्यक्ति जिसने एयर इंडिया की फ़्लाइट पर कथित तौर पर एक महिला पर पेशाब कर दिया था, उसे जल्द से जल्द गिरफ़्तार किया जाएगा.

    दिल्ली पुलिस ने कहा, "अभियुक्त मुंबई का रहने वाला है, लेकिन उसकी अभी की लोकेशन किसी और राज्य की है और पुलिस वहां तक पहुंच गई है. हम अभियुक्त को जल्द गिरफ़्तार करेंगे."

    पुलिस ने कहा उन्होंने उस व्यक्ति को पकड़ने के लिए एक टीम बनाई है. आरोप है कि पिछले साल नवंबर में अमेरिका के न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही एक फ़्लाइट में उस वयक्ति ने एक महिला पर पेशाब कर दिया था.

    पुलिस ने आईपीसी की धारा 354, 509 और 510 के तहत मामला दर्ज किया गया है. साथ इंडियन एयरक्राफ़्ट एक्ट के सेक्शन 23 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

    पीड़िता और अभियुक्त दोनों ही दिल्ली से बाहर के रहने वाले हैं. एयर इंडिया ने कहा है कि उन्होंने अभियुक्त पर 30 दिनों के लिए बैन लगा दिया है. उनके मुताबिक वो इससे कड़ी कार्रवाई नहीं कर सकते.

    एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, "एयर इंडिया ने इस मामले को गंभीरता से लिया है... इससे जुड़ी एक शिकायत दर्ज कराई गई है. एयर इंडिया इस मामले में कानूनी एजेंसियों की मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि ये सुनिश्चित किया जा सके कि पीड़ित यात्री को न्याय मिले."

    इसके अलावा महिला आयोग ने भी दिल्ली पुलिस कमिश्नर से सात दिनों में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.

  3. चीन ने अपने नागरिकों पर पाबंदियों को बताया राजनीति से प्रेरित

    चीन में कोविड संक्रमण बढ़ने की ख़बरों के बीच दुनिया भर के देशों ने चीनी यात्रियों पर पाबंदियां लगाना शुरू कर दिया है.

    चीन सरकार ने इन पाबंदियों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि चीनी यात्रियों पर प्रतिबंध लगाया जाना राजनीति से प्रेरित हैं.

    इसके साथ ही चीन ने चेतावनी दी है कि वो भी इन प्रतिबंधों का जबाव प्रतिबंधों से दे सकता है.

  4. महिलाओं पर तालिबान की पाबंदी पर भारत के मुस्लिम विद्वान चुप क्यों: जावेद अख़्तर

    जानेमाने गीतकार जावेद अख़्तर ने महिलाओं के पढ़ने-लिखने पर तालिबान की पाबंदी को लेकर मुस्लिम विद्वानों की चुप्पी को लेकर सवाल उठाया है.

    उन्होंने कहा, "तालिबान ने महिलाओं और लड़की के स्कूल कॉलेज में पढ़ने-लिखने और उनके काम करने पर इस्लाम के नाम पर पाबंदी लगा दी है. इस पर भारत में मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड और दूसरे इस्लामिक विद्वानों ने अब तक इसकी निंदा नहीं की है. क्यों? क्या वे तालिबान से सहमत हैं?"

  5. क्या पाकिस्तान में जारी रहेगी उठापटक?

    भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान के लिए पिछला साल कई मायनों में उथल-पुथल भरा रहा.

    राजनीति हो, अर्थव्यवस्था हो, या फिर जलवायु परिवर्तन का असर, इन तमाम चुनौतियों से पाकिस्तान साल भर जूझता रहा.

    क्या पिछले साल सामने आई ये चुनौतियां, नए साल में भी पाकिस्तान का पीछा करती रहेंगी या पाकिस्तान इनसे निजात पा लेगा.

    इस बारे में और जानकारी दे रही हैं इस्लामाबाद से बीबीसी संवाददाता शुमाएला जाफ़री.

  6. उत्तराखंड: जोशीमठ में दरकते मकानों के मुद्दे पर धामी सरकार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन

    उत्तराखंड के जोशीमठ में ज़मीन धंसने के मुद्दे पर आम लोगों ने राज्य सरकार के ख़िलाफ़ आक्रोश जताते हुए बद्रीनाथ हाइवे जाम कर दिया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, जोशीमठ के 561 घरों में दरारें आ गयी हैं और यहां की जेपी कॉलोनी में ज़मीन के अंदर से पानी का रिसाव हो रहा है.

    घरों के साथ-साथ जोशीमठ शहर की सड़कों पर भी दरारें नज़र आने लगीं हैं.

    जोशीमठ नगर निगम के अध्यक्ष शैलेंद्र पवार ने कहा है, "सुनील वार्ड की मुख्य सड़कों पर दरारें बढ़ती जा रही हैं जिसकी वजह से लोगों को चलने में दिक्कतें हो रही हैं."

    इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि "बद्रीनाथ हाइवे के पास स्थित सिंहधर जैन क्षेत्र और मारवाड़ी के पास जेपी कंपनी गेट इलाके में वन विभाग चेक पोस्ट के पास दरारें हर घंटे बढ़ती जा रही हैं जो काफ़ी चिंता का विषय है."

    इसकी वजह से जोशीमठ में रहने वाले आम लोग अपने घर छोड़कर रिश्तेदारों के यहां रहने जा रहे हैं. क्योंकि घरों की दीवारों में पड़ी दीवारें गहरी होती जा रही हैं.

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा है कि वह आने वाले दिनों में जोशीमठ का दौरा करेंगे और स्थिति संभालने की दिशा में ज़रूरी कदम उठाएंगे.

    इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि 'जोशीमठ सर्वेक्षण का कार्य लगातार चल रहा है, सर्वेक्षण रिपोर्ट के बाद समीक्षा बैठक की गई है. जोशीमठ शहर को बचाने के लिए सभी ज़रूरी काम किया जाए.'

    इस क्षेत्र के दोबारा अध्ययन के लिए बनाई गई टीम में वाडिया इंस्टीट्यूट और आईआईटी रुड़की के साथ-साथ भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के इंजीनियरों को शामिल किया गया है.

    जोशीमठ में ज़मीन और घर धंसने की वजहों को समझने के लिए पढ़िएये रिपोर्ट

  7. हल्द्वानी से LIVE: अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट से फौरी राहत के बाद क्या हैं हालात, स्थानीय लोगों से बात कर रहे हैं बीबीसी संवाददाता विनीत खरे (कैमरा- दीपक जसरोटिया)

    हल्द्वानी से LIVE: अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट से फौरी राहत के बाद क्या हैं हालात.

    स्थानीय लोगों से बात कर रहे हैं बीबीसी संवाददाता विनीत खरे (कैमरा- दीपक जसरोटिया)

  8. सऊदी अरब और यूएई के दौरे पर पाकिस्तान के सेना प्रमुख, क्या बोले सऊदी रक्षा मंत्री

    सऊदी अरब की अपनी यात्रा पर पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने रियाद में सऊदी रक्षा मंत्री खालिद बिन सलमान से मुलाकात की है.

    इस मौके पर सऊदी मंत्री ने ट्विटर पर एक संदेश में कहा कि इस बैठक में द्विपक्षीय सैन्य और रक्षा संबंधों की समीक्षा की गई और सहयोग पर चर्चा की गई.

    सऊदी प्रेस एजेंसी एसपीए के मुताबिक, सऊदी के रक्षा मंत्री ने भी जनरल असीम मुनीर को यह पद संभालने पर बधाई दी है.

    एसपीए के मुताबिक, इस बैठक में सऊदी अरब के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल फैयाज बिन हामिद अल-रवैली ने भी हिस्सा लिया.

    सात दिनों की आधिकारिक यात्रा पर निकले जनरल मुनीर सऊदी अरब के बाद संयुक्त अरब अमीरात भी जाएंगे.

    इस दौरे के दौरान सेना प्रमुख दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक करेंगे और आपसी हित, सैन्य संबंधों और द्विपक्षीय संबंधों के मुद्दों पर चर्चा करेंगे.

    सेना प्रमुख के रूप में सैयद असीम मुनीर की यह पहली विदेश यात्रा है. जनरल मुनीर ने पिछले साल 29 नवंबर को पाकिस्तान के सेना प्रमुख की जिम्मेदारी संभाली थी.

  9. यरूशलम: अल-अक़्सा मस्जिद की इस्लाम में इतनी अहमियत क्यों है?

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के शपथ लेने के एक सप्ताह के भीतर देश के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री और धुर दक्षिणपंथी नेता इतमार बेन गिवीर का यरूशलम स्थित अल-अक़्सा परिसर दौरा भारी विवाद का विषय बन गया है.

    फ़लस्तीनी प्रशासन ने इसे'अभूतपूर्व भड़काऊ'क़दम बताया है.

    इस्लाम, यहूदी और ईसाई तीनों धर्म के अनुयायियों के लिए यरूशलम पवित्र जगह है.

    अल-अक़्सा मस्जिद को मक्का-मदीना के बाद इस्लाम में तीसरा सबसे पवित्र स्थल माना जाता है. वहीं, यहूदियों के लिए भी ये सबसे पवित्र जगह मानी जाती है.

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, उत्तराखंड: हल्द्वानी में रेलवे की ज़मीन से 'अतिक्रमण हटाओ अभियान' पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    सुप्रीम कोर्ट ने हल्द्वानी के बनभूलपुरा इलाके में रेलवे की ज़मीन से 'अतिक्रमण हटाओ अभियान' चलाने के उत्तराखंड हाई कोर्ट के फ़ैसले पर रोक लगा दी है.

    इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने उत्तराखंड सरकार और भारतीय रेलवे को नोटिस भी जारी किया है.

    इस मामले में उत्तराखंड हाई कोर्ट ने रेलवे की ज़मीन पर रह रहे लोगों को हटाने का आदेश दिया था जिसके बाद प्रशासन ने चार हज़ार परिवारों को जगह खाली करने का नोटिस दिया था.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में वहां रह रहे लोगों के अधिकार का फ़ैसला किए बगैर उन्हें ताक़त के जोर पर नहीं हटाया जा सकता है.

    कोर्ट ने इस मामले को एक मानवीय समस्या बताया है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अतिक्रमणकारियों को वहां हटाने और उनके पुनर्वास के लिए कोई रास्ता खोजा जाना चाहिए.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि बनभूलपुरा के कब्ज़ाधारियों के दस्तावेज़ों की जांच होनी चाहिए क्योंकि उनमें से बहुत से लोगों ने वो ज़मीन नीलामी में खरीदी थी.

    जस्टिस संजय किशन कौल और जस्टिस अभय ओका की खंडपीठ ने कहा कि इनका मूल्यांकन किया जाना चाहिए और उन्हें हटाए जाने से पहले उनके पुनर्वास की योजना तैयार की जानी चाहिए.

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पर कहा, "वो रेलवे की भूमि है और रेल विभाग का हाई कोर्ट में मुकदमा चल रहा था. हमने पहले ही कहा है कि जो भी न्यायालय का आदेश होगा हम उसके अनुरूप आगे कार्रवाई करेंगे."

  11. सऊदी अरब की ये पांच महिलाएं इतनी चर्चा में क्यों हैं?

    दो दिन पहले ही ये ख़बर आई कि सऊदी अरब में महिलाएं अबबुलेट ट्रेनचलाएंगी. सऊदी रेलवे ने एक वीडियो साझा करते हुए ये जानकारी दी और बताया कि 32 महिलाओं ने पहले चरण का प्रशिक्षण पूरा भी कर लिया है.

    इसके बाद मंगलवार को सऊदी अरब के किंग सलमान ने 11 देशों में नए राजदूतों को नियुक्त किया, जिनमें से दो महिलाएं हैं.

    सऊदी गल्फ़ का वो देश है, जहाँ महिलाओं पर कई तरह की पाबंदियां हैं और जहाँ एक समय पर अमेरिकी राष्ट्रपति की पत्नी सिर न ढंकने के कारण लोगों के निशाने पर आ गई थीं.

    लेकिन हाल के वर्षों में महिला सशक्तीकरण, उन्हें बराबर मौक़े देने के लिए सऊदी अरब ने कई बड़े नीतिगत बदलावों को अमल में लाया है.

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, कंझावला केस: दिल्ली पुलिस ने बताया- मामले में दो और लोग हैं शामिल, ड्राइवर के बारे में अभियुक्तों ने ग़लतबयानी की

    कंझावला मामले में दिल्ली पुलिस के सामने कुछ नई जानकारियां सामने आई हैं. पुलिस को मामले में दो और लोग शामिल होने का पता भी चला है.

    स्पेशल सीपी सागरप्रीत हुड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया, ''इस मामले में दो और लोग शामिल थे. इनमें से एक कार में बैठे व्यक्ति का भाई है. इन दोनों को इस घटना की जानकारी थी.''

    फिलहाल ये दोनों अभियुक्त पुलिस की गिरफ़्त में नहीं हैं. उनकी तलाश की जा रही है.

    इस मामले में मृतका की एक जनवरी को तड़के मौत हो गई थी.

    पुलिस के मुताबिक कृष्ण विहार इलाक़े में टक्कर के बाद उसका शरीर कार में फंस गया था और करीब 10-12 किलोमीटर तक घिसटता रहा. पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    सागरप्रीत हुड्डा ने ये भी बताया कि पुलिस को शुरू में अभियुक्तों ने गलत जानकारी दी थी.

    बताया गया था कि जो अभियुक्त दुर्घटना के समय गाड़ी चला रहा था जबकि उस वक़्त स्टयरिंग सीट पर कोई दूसरा व्यक्ति था.

    स्पेशल सीपी ने बताया कि एक अभियुक्त ने खुद को ड्राइवर बताया था लेकिन गाड़ी कोई और चला रहा था. इसके वैज्ञानिक सबूत मिले हैं. जो वास्तव में ड्राइव कर रहा था, उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है. इस बात को छुपाने के लिए किसी और को ड्राइवर बना दिया.

    ''जिसकी गाड़ी थी उसे भी पता था कि गाड़ी कौन लेकर गया है. दीपक ने गाड़ी नहीं ली थी. गाड़ी देने वाले ने भी सही जानकारी छुपाई है इसलिए उन्हें भी अभियुक्त बनाया गया है.''

    पुलिस ने इस मामले में तीन अहम बातें बताईं हैं-

    • कॉल डिटेल से सामने आया है कि अभियुक्तों और मृतका का कोई पुराना कनेक्शन नहीं है.
    • इसी तरह अभियुक्त और चश्मदीद लड़की का भी कोई कनेक्शन नहीं है.
    • पोस्टमॉर्टम में यौन अपराध से जुड़ी कोई चोट नहीं मिली है.
    • पीड़िता और चश्मदीद लड़की के बीच 29, 30 और 31 दिसंबर के बीच 25 से 30 कॉल हुई थीं.

    पुलिस सीसीटीवी कैमरा के अलग-अलग वीडियो में दिख रहे समय के अंतर का भी मिलान करेगी.

    सागरप्रीत हुड्डा ने बताया, ''इस मामले की जांच के लिए पुलिस की 18 टीमें जांच कर रही हैं. सबूतों का विश्लेषण करके क़ानूनी सलाह से एक मजबूत चार्जशीट बनाएगी.''

    उन्होंने बताया कि चश्मदीद का बयान धारा 164 में दर्ज कराया गया है.

    लेकिन, उनके किसी निजी बयान के बारे में कहना संभव नहीं है. पोस्टमार्टम के बाद ये बात साफ़ होगी.

    पुलिस से घटना की रात पीसीआर की प्रतिक्रिया में देरी को लेकर भी सवाल पूछा गया.

    स्पेशल सीपी ने कहा कि इसे लेकर जांच हो रही है कि ये मानवीय गलती थी या प्रक्रियात्मक खामी. अगर मानवीय गलती होगी तो ज़िम्मेदारी तय की जाएगी और प्रक्रियात्मक खामी होने पर सुधार की कोशिश होगी.

  13. क्यूबा की सरकार ने कैसे बदली महिला मुक्केबाज़ों की ज़िंदगी

    भारत में एक ओर जहां मैरी कॉम, निख़त ज़रीन जैसी पदक जीतने वाली महिला मुक्केबाज़ हैं, तो वहीं सात समंदर पार एक ऐसा देश भी है, जहां हाल के दिनों तक महिलाओं के लिए किसी बॉक्सिंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेना मुमकिन नहीं था.

    लेकिन क्यूबा में पहली बार सरकार ने महिला मुक्केबाज़ों को ओलंपिक जैसे बड़े आयोजन में हिस्सा लेने की अनुमति दी है.

    देखिए बीबीसी संवाददाता विल ग्रांट की रिपोर्ट.

  14. ईशान किशन, हार्दिक पंड्या और दीपक हूडा की आईसीसी टी-20 रैंकिंग बढ़ी

    भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन, हार्दिक पंड्या और दीपक हूडा की आईसीसी पुरुष टी20 खिलाड़ियों की रैंकिंग में इजाफा हुआ है.

    बल्लेबाज़ों में ईशान किशन रैंकिंग में 10 स्थान ऊपर खिसकर 23वें पायदान पर पहुंच गए हैं.

    ये रैंकिंग भारत और श्रीलंका के बीच मुंबई हुए मैच में प्रदर्शन के आधार पर बदली है.

    दीपक हूडा बल्लेबाज़ों में 40 स्थान ऊपर बढ़कर 97वें पायदान पर आ गए हैं. हूडा इस मैच में 23 गेंदों पर 41 रन बनाकर प्लेयर ऑफ़ द मैच रहे थे.

    वहीं, हार्दिक पंड्या गेंदबाज़ों में नौ स्थान ऊपर जाकर 76वें पायदान पर पहुंचे हैं. हार्दिक भारत-श्रीलंका टी20 सिरीज़ में कप्तान हैं.

    श्रीलंका के खिलाड़ियों की बात करें तो वनिंदु हसरंगा ऑल राउंडर्स में पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं.

    उनके अलावा दासुन शांका की बल्लेबाजी में और चमिका करुणारत्ने की गेंदबाज़ी में रैंकिंग में सुधार हुआ है.

  15. अंजलि के परिवार ने उसकी 'दोस्त' निधि के दावे पर क्या कहा -प्रेस रिव्यू

    दिल्ली के कंझावला इलाक़े में एक जनवरी की तड़के सुबह एक कथित सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाली अंजलि नाम की महिला के मामले में नया मोड़ सामने आया है.

    दिल्ली पुलिस ने कुछ रोज़ पहले बताया था कि हादसे के वक़्त इस महिला की एक दोस्त भी उसके साथ स्कूटी पर सवार थी.

    इसके बाद मृतका की दोस्त बताई जा रही महिला निधि का भी बयान सामने आया है, जिसमें उसने कहा है कि मृतका ने दुर्घटना के वक़्त शराब पी रखी थी.

    अंग्रेजी अख़बार हिंदुस्तान टाइम्स में प्रकाशित ख़बर के मुताबिक़, मृतका के परिवार ने निधि के बयान को ख़ारिज कर दिया है.

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, तालिबान की कार्रवाई में आठ आईएस चरमपंथियों की मौत, चीनी नागरिकों की हत्या में थे शामिल

    अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान ने कहा है कि उन्होंने खुद को इस्लामिक स्टेट कहने वाले चरमपंथी संगठन के आठ सदस्यों को मारा है.

    तालिबान ने बताया है कि आईएस के कई ठिकानों पर काबुल में छापेमारी की गई जिनमें ये मौते हुई हैं. बताया जा रहा है कि मारे गए ये लोग एक होटल पर हुए हमले में शामिल थे. इस हमले चीनी नागरिकों की मौत हुई थी.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने तालिबान के प्रवक्ता के हवाले से कहा है कि छापेमारी की इस कार्रवाई में सात लोगों को गिरफ़्तार भी किया गया है.

    तालिबान प्रवक्ता ज़बीउल्लाह मुजाहिद ने बुधवार की इस कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए ट्विटर पर बताया, "इन लोगों ने इस्लामिक स्टेट के खुरासन प्रांत की शाखा के विदेशी सदस्यों को अफ़ग़ानिस्तान में दाखिल होने का रास्ता मुहैया कराया था."

    उन्होंने कहा कि तालिबान सुरक्षा बलों की कार्रवाई में बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं.

  17. पाकिस्तान ने मुश्किल वक़्त में सऊदी अरब को लेकर किया ये दावा

    पाकिस्तान की बिगड़ती आर्थिक स्थिति को सऊदी अरब का सहारा मिल सकता है और वो डिफॉल्ट होने से बच सकता है.

    पाकिस्तान के वित्त मंत्री इशाक़ डार के मुताबिक़ सऊदी अरब पाकिस्तान को दिए क़र्ज़ की मियाद बढ़ा सकता है. इससे पाकिस्तान डिफॉल्ट होने से बच जाएगा.

    उन्होंने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ''क़र्ज़ लौटाने की मियाद बढ़ाना कोई असाधारण बात नहीं है. दुनिया के सभी देश पुराना क़र्ज़ चुकाने के लिए नई जगह से उधार लेते हैं या क़र्ज़ चुकाने का समय बढ़ाते हैं. हमने क़र्ज़ की मियाद बढ़ाने का विकल्प चुना है.''

    उन्होंने कहा कि 2018 तक पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार शुद्ध था और उस समय किसी भी दूसरे देश का पाकिस्तान पर क़र्ज़ नहीं था.

    वित्त मंत्री ने उम्मीद जताई की सराकर अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की नौवीं समीक्षा पूरी कर लेगी जिससे क़र्ज़ की अगली खेप का रास्ता खुल जाएगा.

    पाकिस्तान को मिले क़र्ज़ की मियाद पूरी हो रही है और देश बुरे आर्थिक हालात से गुज़र रहा है. हालांकि, वित्त मंत्री ने डिफॉल्ट होने की आशंका से पूरी तरह इनकार किया है.

    उन्होंने कहा, ''पाकिस्तान अपने सभी अंतरराष्ट्रीय दायित्वों को पूरा करेगा.''

    ये मदद ऐसे समय में आ रही है जब पाकिस्तान पर डिफॉल्ट होने का ख़तरा मंडरा रहा है.

    पाकिस्तानी रुपये की कीमत गिर रही है और उसका विदेशी मुद्रा भंडार सिर्फ़ एक महीने की ज़रूरतों के लिए रह गया है.

    पिछले हफ़्ते ही पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार 5.82 अरब डॉलर गिरकर 29 करोड़ 40 लाख डॉलर रह गया है.

  18. शार्ली एब्दो में छपे कार्टून पर भड़का ईरान, फ्रांस को दी चेतावनी

    ईरान ने अपने सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली ख़ामेनेई पर फ़्रांस की व्यंग्य पत्रिका शार्ली एब्दो में छपे कार्टून को लेकर नाराज़गी जताई है.

    ईरान ने इस कार्टून को 'अपमानजनक' बताते हुए फ्रांस के राजदूत निकोलस रोश को तलब किया है और फ्रांस को इसके परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है.

    शार्ली एब्दो ने हिजाब विरोध के मामले में आयातुल्लाह ख़ामेनेई की आलोचना में कई कार्टून प्रकाशित किए हैं.

    इस पर ईरान के विदेश मंत्री हुसैन आमिर अब्दुलाहयन ने ट्वीट किया, ''ईरान के धार्मिक और राजनीतिक प्रशासन के ख़िलाफ़ कार्टून प्रकाशित करने का फ्रांसीसी प्रकाशन का ये अपमानजनक काम बिना प्रभाव और निर्णायक प्रतिक्रिया के भूला नहीं जाएगा.''

    उन्होंने कहा, ''हम फ्रांस की सरकार को उसकी सीमाओं के बाहर नहीं जाने देंगे. उन्होंने वाक़ई एक ग़लत रास्ता चुना है.''

    वहीं, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ''फ्रांस को अभिव्यक्ति की आज़ादी के तहत अन्य मुस्लिम देशों की आस्थाओं को आहत करने का कोई अधिकार नहीं है. ईरान फ्रांसीसी सरकार के जवाब और फ्रांसीसी प्रकाशन के व्यवहार की निंदा में उठाए गए कदम का इंतज़ार कर रहा है.''

  19. अजय जडेजा ने की शिवम मावी की तारीफ़, कहा- लोग उनके लिए लड़ रहे हैं

    पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजय जडेजा ने तेज गेंदबाज़ शिवम मावी के आत्मविश्वास और पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन की तारीफ़ की है.

    वानखेड़े स्टेडियम में मंगलवार को भारत-श्रीलंका के बीच हुए टी20 मैच में जीत के असली हीरो शिवम मावी बताए जा रहे हैं.

    मावी ने बेहतरीन गेंदबाजी से हार्दिक पांड्या की कप्तानी को भी चार चांद लगा दिए. यह उनकी कप्तानी में भारत की पांचवीं जीत है.

    उन्होंने चार ओवर में 22 रन पर चार विकेट लिए और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई.

    क्रिकबज़ के एक कार्यक्रम में अजय जडेजा ने कहा, ''कई बार युवा खिलाड़ी अपनी एक-दो गेंद पर बाउंड्री लग जाने के बाद बचाव में खेलने लगते हैं. इस बात की ख़ुशी थी कि उन्होंने ऐसा नहीं किया. वो अच्छा खेले. पिछला महीना उनके लिए अच्छा रहा. उन्हें जिस कप्तान ने चुना वो अब टीम इंडिया की कमान भी संभाल रहे हैं.''

    ''उनकी ज़रूरत है, इससे ये अहसास होता है. यहां लोग हैं जो उनके लिए लड़ रहे हैं. फिर वो खेलने आते हैं और चार विकेट ले लेते हैं. जब डेब्यू मैच में आप टीम में अहम भूमिका निभाते हैं तो वो यादगार दिन होता है. उन्होंने चारों ओवर में विकेट लिए थे. कप्तान में उन्हें अलग-अलग समय पर भेजने का विश्वास था. मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं.''

    मावी को हाल ही में आईपीएल 2023 के लिए गुजरात टाइटंस ने छह करोड़ में खरीदा है. इस टीम के कप्तान भी हार्दिक पांड्या हैं.

    शिवम मावी ने भारत-श्रीलंका मैच के ज़रिए अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच में डेब्यू किया है. पहले ही मैच में उन्होंने बेहतरीन गेंदबाज़ी दिखाई है.

    उन्होंने पहले ओवर में ही श्रीलंका के निसांका का विकेट लिया था. उन्होंने दूसरे ओवर में भी दो चौके पड़ने के बाद धनंजय को कैच आउट किया था. इसके लिए उनकी काफी तारीफ़ हो रही है.

    मावी अंडर-19 विश्व कप खेलकर सुर्खियों में आए थे. वह उस समय 145 किमी. की रफ़्तार से गेंद फेंकते थे. लेकिन चोट की समस्या के कारण उनकी गति में तो कमी आई है.

    वह अब 135 किमी. तक की रफ़्तार से गेंद फेंक रहे हैं.

  20. इसराइल जिस समझौते से ख़ुश था, उसका असर अरब में ऐसा क्यों

    इसराइल के सबसे बड़े रणनीतिक पार्टनर अमेरिका ने अरब दुनिया और इसराइल के बीच संबंध सुधारने की दिशा में पहल शुरू की थी.

    ट्रंप प्रशासन के दौर में शुरू हुई इस पहल के तहत संयुक्त अरब अमीरात, मोरक्को, सूडान और बहरीन ने साल 2020 में 'अब्राहम अकॉर्ड' पर हस्ताक्षर किए थे. इसके बाद इन देशों ने इसराइल से राजनयिक रिश्ता कायम करने का फ़ैसला किया था.

    बाइडन सरकार की ओर से भी इस्लामिक देशों के इसराइल से राजनयिक संबंध कायम करवाने की कोशिश की गई लेकिन कामयाबी नहीं मिली थी.

    इसराइल से अरब के कुछ मुल्कों ने समझौता कर लिया है लेकिन क्या वहाँ के आम लोगों ने इसे स्वीकार किया है? यूएई समेत खाड़ी के देशों के लोगों का यह रुख़ क्या बताता है?