You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना: विश्व स्वास्थ्य संगठन ने चीन से विश्वसनीय डेटा साझा करने की मांग की

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने चीन से अस्पताल में भर्ती मरीज़ों और मौतों से जुड़े विश्वसनीय डेटा साझा करने को कहा है. साथ ही उन्होंने कहा कि वो चीन के हालात को लेकर चिंतित हैं.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and शुभम किशोर

  1. अमेरिका: सदी में पहली बार नहीं चुना जा सका स्पीकर, मैकार्थी के प्रयास नाकाम

    अमेरिकी संसद में करीब सौ साल में ऐसा पहली बार हुआ कि बिना अध्यक्ष के ही सदन को स्थगित करना पड़ा.

    मंगलवार को रिपब्लिकन पार्टी के नेता केविन मैकार्थी प्रतिनिधि सभा में अध्यक्ष नहीं चुने जा सके. कई बार प्रयास के बाद भी वो असफल रहे.

    मंगलवार रात को बिना अध्यक्ष के ही सदन को स्थगित करना पड़ा.

    ऐसा 1923 के बाद पहली बार हुआ जब पहली बार के मतदान में अध्यक्ष का चुनाव न हो पाया.

    नवंबर में हुए चुनाव के बाद रिपब्लिकन पार्टी के लिए प्रतिनिधि सभा में अध्यक्ष पद पाना आसान माना जा रहा था. मैकार्थी को जीत के लिए कुछ ही वोटों की ज़रूरत थी.

    लेकिन, उन्हें अपनी ही पार्टी में विरोध का सामना करना पड़ा.

    एक रिपब्लिकन लॉबिस्ट ने कहा, ''मैकार्थी ने कुछ समूहों में दोस्त नहीं बनाए हैं. उन्होंने कई दुश्मन बनाए हैं. कई लोग उन्हें राजनीतिक और निजी कारणों से पसंद नहीं करते.''

    उन्हें जीत के लिए 218 वोटों की ज़रूरत थी. वैसे तो रिपब्लिकन पार्टी के पास 222 सीटें थी लेकिन पार्टी के 19 धुर दक्षिणपंथी नेता उनके ख़िलाफ़ हो गए.

    अमेरिकी संसद में लगातार तीन बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ लेकिन कैलिफॉर्निया के सांसद मैकार्थी जीत नहीं पाए.

    अब बुधवार को भी अध्यक्ष पद के लिए मतदान होगा और जब तक अध्यक्ष तय न हो जाए मतदान होता रहेगा.

  2. यूक्रेन के हमले में 'बड़े नुक़सान' को रूस ने बताया लापरवाही, मोबाइल इस्तेमाल करने वालों की तय होगी जवाबदेही

    रूस ने कहा है कि यूक्रेन के हमले में बड़ी संख्या में मारे गए रूसी सैनिकों के मामले में 'लापरवाह अधिकारियों' की जवाबदेही तय की जाएगी.

    माकिएवका शहर में हुए इस हमले में बड़ी संख्या में सैनिकों की मौत हुई थी.

    रूस की सेना की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि वहां मोबाइल फ़ोन के इस्तेमाल पर पाबंदी थी और ये 'साफ़ लगता है कि इस नियम का उल्लंघन हुआ.'

    रूस सेना के मुताबिक 'अमेरिका ने यूक्रेन को जो हिमार्स मिसाइलें दी हैं, उनकी रेंज में मोबाइल फ़ोन का इस्तेमाल ख़तरे की वजह बन सकता है. सैनिकों को इस बारे में जानकारी दी गई थी.'

    एक जनवरी को हुए इस हमले में रूस के 89 सैनिक मारे गए जिनमें रेजिमेंट के डिप्टी कमांडर भी शामिल हैं.

    क्या हुआ था?

    यूक्रेन ने एक जनवरी की रात को रूस के कब्ज़े वाले दोनेतस्क इलाक़े के माकिएवका शहर में एक कॉलेज पर रॉकेट हमला किया था. इस कॉलेज में रूसी सैनिक मौजूद थे.

    रूस के मुताबिक रात करीब एक बजे अमेरिका निर्मित हिमार्स रॉकेट सिस्टम से कॉलेज पर छह रॉकेट दागे गए थे. इनमें से दो रॉकेट को नष्ट कर दिया गया.

    रूसी सेना ने बताया कि सैनिकों ने रोक लगे होने के बावजूद बड़ी संख्या फ़ोन का इस्तेमाल किया था जिससे दुश्मन को उनकी जगह का अंदाज़ा हो गया.

    इस हमले में कितने सैनिक मारे गए इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है. रूस और यूक्रेन दोनों ही अलग-अलग आकंड़े बता रहे हैं.

    हालांकि, रूस ने माना है कि युद्ध में अब तक हुई मौतों में ये सबसे बड़ा आंकड़ा है.

    वहीं, यूक्रेन का कहना है के 400 रूसी सैनिक मारे गए और 300 घायल हुए हैं.

    रूस के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक इस हमले में रेजिमेंट के डिप्टी कमांडर लेफ्टिनेंट करनल बचूरिन की भी मौत हुई है. एक आयोग इस मामले की जांच कर रहा है.

  3. अमेरिका से दिल्ली आ रहे विमान में शराब के नशे में बेकाबू व्यक्ति की 'शर्मनाक हरकत', रिपोर्ट तलब

    न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में शराब के नशे में डूबे एक व्यक्ति ने एक बुजुर्ग महिला पर पेशाब कर दिया. ये मामला करीब एक महीने से ज़्यादा पुराना है लेकिन अब सामने आया है.

    कई लोगों ने इसे 'सदमे में डालने वाली और शर्मनाक' घटना बताया है. नागरिक विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने भी इस मामले पर रिपोर्ट मांगी है.

    बुजुर्ग महिला विमान के बिजनस क्लास में थीं. वहीं, घटना के समय पुरुष यात्री नशे में थे.

    नागरिक विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इस मामले पर एयर इंडिया से रिपोर्ट देने को कहा है.

    डीजीसीए ने बुधवार को कहा, ''हम एयरलाइन से रिपोर्ट मांग रहे हैं और लापरवाही के लिए संबंधित व्यक्ति के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी.''

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए एयर इंडिया के अधिकारी ने बताया, ''एयर इंडिया ने इस मामले को लेकर शिकायत दर्ज की है.''

    उन्होंने बताया, ''ये घटना 26 नवंबर की है जब फ्लाइट न्यूयॉर्क के जॉन एफ़ कैनेडी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दिल्ली आ रही थी.''

    एयर इंडिया ने एक आंतरिक समिति बनाई थी जिसने पुरुष यात्री को 'नो-फ्लाई लिस्ट' में डालने की सिफ़ारिश की है.

  4. ऋषभ पंत का अब मुंबई में होगा इलाज, डीडीसीए ने बताया

    सड़क दुर्घटना में घायल हुए क्रिकेटर ऋषभ पंत को इलाज के लिए मुंबई शिफ़्ट किया जाएगा.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने डीडीसीए के डायरेक्टर श्याम शर्मा के हवाले से बताया है कि ऋषभ पंत को आज मुंबई ले जाया जाएगा.

    ऋषभ पंत की कार 30 दिसंबर को रुड़की के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी. उसके बाद उन्हें इलाज के लिए देहरादून के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया था.

    इसके पहले बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने कहा था कि ऋषभ पंत को ‘हर ज़रूरी सहायता मुहैया कराई जाएगी.’

    शर्मा ने जानकारी दी थी कि पंत की हालत में सुधार के बाद उन्हें आईसीयू से प्राइवेट सुइट में शिफ़्ट किया गया था.

    टीम इंडिया के कोच राहुल द्रविड़, ट्वेंटी-20 कप्तान हार्दिक पांड्या और उप कप्तान सूर्य कुमार यादव समेत टीम इंडिया के कई खिलाड़ियों ने एक वीडियो के जरिए ऋषभ को शुभकामनाएं दी हैं और उनके जल्दी स्वस्थ होने की प्रार्थना की है.

  5. राम मंदिर ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने की राहुल गांधी की तारीफ़, बोले- भारत जोड़ो यात्रा में कुछ ग़लत नहीं

    राम मंदिर ट्रस्ट के सचिव और विश्व हिंदू परिषद के उपाध्यक्ष चंपत राय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' की तारीफ़ की है.

    चपंत राय ने कहा, ''वह खराब मौसम में चल रहे हैं, इसकी सराहना की जानी चाहिए. मुझे कहना होगा कि हर किसी को देश की यात्रा करनी चाहिए.''

    इससे पहले राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पत्र लिखकर ‘देश जोड़ने की उनकी कोशिशों’ के लिए आशीर्वाद दिया था.

    सत्येंद्र दास ने अपने पत्र में लिखा था, "मैं उम्मीद करता हूं और प्रार्थना करता हूं कि आप जिस मिशन में लगे हैं, उसमें आपको सफलता मिले. मैं आपको लंबी उम्र का आशीर्वाद भी देता हूं."

    अब चंपत राय ने मंगलवार को कहा, ''मैं उस नौजवान को धन्यवाद करता हूं जो पूरे देश की यात्रा कर रहा है. मैं इसकी सराहना करता हूं. इसमें कुछ गलत नहीं है.''

    राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो यात्रा अब उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गई है. चपंत राय ने भारत जोड़ो यात्रा से जुड़े सवाल पर मीडिया से ये बातें कहीं.

    उन्होंने कहा, ''मैं आरएसएस का कार्यकर्ता हूं और भारत जोड़ो यात्रा का कभी विरोध नहीं किया.''

    ''हर किसी को देश की यात्रा करनी चाहिए. मैं भगवान राम से उन्हें आशीर्वाद देने की प्रार्थना करता हूं ताकि देश में एकता, सद्भाव और मजबूती रहे.''

  6. इसराइली मंत्री के अल-अक़्सा मस्जिद जाने पर भड़के इस्लामिक देश, इसराइल बोला- धमकी से डरेंगे नहीं

  7. पाकिस्तान के आरोप पर भड़की तालिबान सरकार, याद दिलाई ज़िम्मेदारियां

    अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंध बनाने की इच्छा ज़ाहिर करने के साथ-साथ पाकिस्तान को सख़्त जवाब भी दिया है.

    तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने कहा, ''अफ़ग़ानिस्तान की सरकार पाकिस्तान सहित अपने पड़ोसियों के साथ शांतिपूर्ण संबंध चाहती है और इसे पाने के हर तरीक़े पर भरोसा करती है.''

    हाल ही में पाकिस्तान के अधिकारियों ने अफ़ग़ानिस्तान के बारे में बयान दिया था जिसे तालिबान प्रवक्ता ने खेदजनक बताया है.

    अफ़ग़ानिस्तान ये पूरी कोशिश कर रहा है कि पाकिस्तान या किसी अन्य देश के ख़िलाफ़ उसकी ज़मीन का इस्तेमाल ना हो.

    ''हम इसके प्रति प्रतिबद्ध हैं, लेकिन स्थिति के समाधान के लिए पाकिस्तान की भी ज़िम्मेदारियां हैं. आधारहीन और भड़काऊ बातें ना करना क्योंकि ऐसी बातें और अविश्वास किसी के लिए भी फ़ायदेमेंद नहीं हैं.''

    उन्होंने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान अपने देश और पूरे इलाक़े में शांति और स्थायित्व चाहता है.

    इससे पहले पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ़ ने आरोप लगाया था कि अफ़ग़ानिस्तान की ज़मीन का इस्तेमाल पाकिस्तान के ख़िलाफ़ चरमपंथ के लिए हो रहा है.

    पाकिस्तान में हाल ही में हुए कुछ चरमपंथी हमलों में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) का नाम आने के बाद दोनों देशों के बीच ये टकराव देखने को मिला है. टीटीपी को पाकिस्तान तालिबान भी कहा जाता है जिसे अफ़ग़ान तालिबान से जुड़ा माना जाता है.

  8. जयशंकर ने यूरोप में फिर से ऐसा क्या कहा कि हो रही है चर्चा

    विदेशी मंचों पर भारत का पक्ष ज़ोरदार तरीक़े रखने की पहचान बना चुके भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर फिर से सुर्खियों में हैं.

    जयशंकर अपने तीन दिवसीय यूरोप दौरे के दौरान रूस-यूक्रेन युद्ध पर बात करते हुए एक बार फिर पश्चिमी देशों की नीतियों और नेताओं पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.

    ऑस्ट्रियाई पब्लिक ब्रॉडकास्टर ओआरएफ़ से बात करते हुए एस जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र में सुधारों से लेकर, भारत-पाकिस्तान के बीच जंग की आशंकाओं और रूस के साथ भारत के गहरे रिश्तों से जुड़े सवालों पर जवाब दिए हैं.

    इस इंटरव्यू पर आम लोगों के साथ-साथ वैश्विक राजनीति को समझने वालों की ओर से भी टिप्पणियां आ रही हैं.

  9. कंझावला मामले में किरण बेदी ने बताई पुलिस की तीन खामियां

    पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी ने दिल्ली के कंझावला मामले में बताया कि इस घटना से तीन बातें सामने आती हैं.

    उन्होंने कहा, ''इस घटना से 3 बातें सामने आती हैं. पहला है पुलिस की प्रतिक्रिया करने की प्रणाली में देरी होना. दूसरा, लोगों में क़ानून का भय न रहना और तीसरा पुलिस का सिविक एजेंसियों के साथ एकीकरण न होना. अगर सड़क पर रोशनी नहीं होगी तो कौन किसे सूचना देगा.''

    इस मामले में एक जनवरी को दिल्ली के कृष्ण विहार इलाक़े में एक स्कूटी सवार लड़की का कार से कथित एक्सीडेंट हुआ था.

    पुलिस ने दावा किया है कि इस सड़क दुर्घटना में लड़की के शरीर कार में ही फंसा रह गया और 12 किलोमीटर तक घिसटता रहा. इस हादसे में उनके शरीर का एक हिस्सा घिस गया था.

    किरण बेदी पुडुचेरी की लेफ़्टिनेंट गवर्नर और दिल्ली की पूर्व संयुक्त पुलिस आयुक्त रह चुकी हैं.

    उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि पुलिस की प्रतिक्रिया प्रणाली पूरी तरह ख़त्म हो गई है. क्योंकि, पुलिस कंट्रोल रूम वैन की पुरानी प्रणाली पूरे शहर में फैली हुई थी.''

    ''इसमें मोबाइल पुलिस फोर्स होती थी. सैंकड़ों पुलिस वैन काम करती थीं. ये सालों में बना एक अच्छा सिस्टम था. पता नहीं वो सिस्टम कब और क्यों ख़त्म हो गया.''

    साथ ही उन्होंने समाज में हुए बदलाव पर भी ज़ोर दिया.

    उन्होंने कहा, ''जिस तरह युवा बढ़े हो रहे हैं, शिक्षा पा रहे हैं और क़ानून अपने हाथों में ले रहे हैं, रात को नशे में तेज़ गाड़ियां चलाते हैं, ये बेहद चिंता का विषय है.''

  10. अमेरिकी महिला क्रिकेट टीम का 'इंडिया कनेक्शन'

  11. इरफ़ान पठान ने पूछा- शिवम मावी ऊपर क्यों देखते हैं?

  12. ईरान की शतरंज खिलाड़ी को बिना हिजाब पहने खेलने पर मिल रहीं धमकियां

    ईरान की शतरंज खिलाड़ी सारा खदीम को बिना हिजाब पहने खेलने के चलते देश वापस लौटने को लेकर धमकियां मिल रही हैं.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने सारा खदीम के नज़दीकी सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी है.

    सारा ने पिछले हफ़्ते कज़ाखस्तान में वर्ल्ड रैपिड एंड ब्लिट्ज़ चेस चैंपियनशिप में बिना हिजाब पहने हिस्सा लिया था जबकि ईरान में महिलाओं के लिए हिजाब पहनना अनिवार्य है.

    सूत्र के मुताबिक़ सारा को पहले कई फ़ोन आए जिसमें उन्हें देश लौटने को लेकर चेतावनी दी गई. कुछ ने कहा कि उन्हें वापस लौटना चाहिए और उनकी 'समस्या सुलझा देंगे'.

    यहां तक कि ईरान में मौजूद सारा के माता-पिता और रिश्तेदारों को भी धमकियां मिल रही हैं.

    ईरान के विदेश मंत्रालय ने इस मामले पर कोई बयान नहीं दिया है.

    अब सारा मंगलवार को स्पेन पहुंची हैं. उन्होंने इस मामले पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है.

  13. प्रचंड का निर्देश- विदेशों से दो मोबाइल फ़ोन लाने पर नहीं देना होगा शुल्क

    नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ने मंगलवार को निर्देश दिए कि नेपाल के नागरिकों को विदेशों से दो मोबाइल लाने की इज़ाजत दी जाए.

    सीमा शुल्क अधिकारियों ने त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अमेरिका से आ रहे एक नेपाली यात्री से उसका एक मोबाइल फ़ोन ज़ब्त कर लिया था.

    इस घटना के बाद प्रधानमंत्री और मंत्री परिषद ने वित्त मंत्रालय को नए नियम को लेकर निर्देश दिए हैं.

    प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक़ प्रशासन को मोबाइल फ़ोन से जुड़े नियम में ढील देने के लिए कहा गया है, जिसके तहत नागरिकों को विदेश से दो मोबाइल लाने की इज़ाजत होगी.

    इससे पहले वित्त मंत्रालय ने फ़ैसला किया था कि नेपाल में विदेशों से एक से ज़्यादा मोबाइल फ़ोन लाने पर 18 प्रतिशत सीमा शुल्क देना होगा.

    सरकार के इस क़दम की सोशल मीडिया पर काफ़ी आलोचना हुई जिसके बाद 30 दिसंबर को इस फ़ैसले पर रोक लगा दी गई.

    लेकिन, इसके बावजूद भी सोमवार को अमेरिका से आ रहे एक नेपाली शख़्स का एक मोबाइल फ़ोन ज़ब्त कर लिया गया. इसके लेकर भी सोशल मीडिया पर काफ़ी हंगामा हुआ.

    इसके बाद प्रधानमंत्री ने नियमों में ढील देते हुए विदेशों से दो मोबाइल फ़ोन लाने को मंज़ूरी दी है.

  14. रोनाल्डो ने सऊदी अरब पहुँचकर बताई अल-नस्र से जुड़ने की वजह

    दुनिया के दिग्गज़ फ़ुटबॉल खिलाड़ियों में से एक क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अल-नस्र फ़ुटबॉल क्लब के साथ खेलने को लेकर कहा कि इस फ़ैसले पर उन्हें गर्व है.

    रोनाल्डो मंगलवार सुबह सऊदी अरब की राजधानी रियाद पहुँचे थे.

    उन्होंने सऊदी अरब के फ़ुटबॉल क्लब अल-नस्र के साथ 177 मिलियन पाउंड (1773 करोड़ रुपये) का क़रार किया है जिसके तहत रोनाल्डो इस क्लब के साथ 2025 तक रहेंगे.

    सऊदी प्रेस एजेंसी के मुताबिक़ सऊदी अरब पहुंचने पर रोनाल्डो ने अल-नस्र के साथ जुड़ने को लेकर संतुष्टि जताई. साथ ही उनके और उनके परिवार के स्वागत की सराहना की.

    पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी रोनाल्डो ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ''अपनी ज़िंदगी में इतना बड़ा फ़ैसला लेने पर मुझे गर्व है. यूरोप में मेरा काम ख़त्म हो गया. मैंने काफ़ी कुछ जीत लिया और यूरोप के सबसे अहम क्लबों के साथ खेला. ये अब नई चुनौती है.''

    उन्होंने कहा कि अल-नस्र ना सिर्फ़ दुनिया में सऊदी फ़ुटबॉल की छवि बल्कि देश की धारणा भी बदलेगा.

    उन्होंने ख़ुद को अनोखा खिलाड़ी बताते हुए कहा, ''मैं अनोखा खिलाड़ी हूँ. यहाँ आना अच्छा है. मैंने वहाँ सभी रिकॉर्ड तोड़े हैं और मैं यहाँ भी कुछ रिकॉर्ड तोड़ना चाहता हूँ. मैं यहां जीतने, खेलने और खेल का मज़ा लेने के लिए आया हूँ.''

    रोनाल्डो ने बताया कि उन्होंने अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और ब्राज़ील से मिले कई आकर्षक ऑफ़र को मना कर दिया था. वह सऊदी फ़ुटबॉल में अपना योगदान देना चाहते थे.

    अल-नस्र क्लब के अध्यक्ष मुसली अल मुआम्मर ने भी रोनाल्डो का स्वागत किया और उनकी उपलब्धियां बताईं.

    रोनाल्डो का मैनचेस्टर यूनाइटेड के साथ क़रार ख़त्म होने के बाद उनके भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं.

    सोशल मीडिया में यहां तक लिखा जा रहा था कि ये रोनाल्डो के करियर का सूरज ढलने जैसा वक़्त है.

    लेकिन सऊदी अरब के फ़ुटबॉल क्लब के साथ इतने महंगे क़रार होने के बाद इन अटकलों पर कुछ समय के लिए विराम लग गया है.

  15. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 02 जनवरी के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिककर सकते हैं.

    आज की अहम ख़बरें –

    • पुर्तगाल के स्टार फ़ुटबॉल खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अल-नस्र फ़ुटबॉल क्लब के साथ खेलने को लेकर कहा कि इस फ़ैसले पर उन्हें गर्व है.
    • भारत-श्रीलंका टी20 सिरीज़ के पहले मैच में भारत ने दो रनों से जीत हासिल की. भारत ने पाँच विकेट के नुक़सान पर 162 रन बनाए थे.
    • पीएम मोदी ने ब्रिटेन के राजा किंग चार्ल्स III से जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण और एनर्जी ट्रांज़िशन जैसे मुद्दों बात की.
    • रूस के मुताबिक़ मोबाइल फ़ोन इस्तेमाल करने के कारण एक जनवरी को हुए यूक्रेन के एक हमले में उसके 89 सैनिक मारे गए.
    • पश्चिम बंगाल के मालदा में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर हुई पत्थरबाजी के मामले में एफ़आईआर दर्ज कर ली गई है.