You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कंझावला मामला: पीड़िता के साथ मौजूद होने का दावा करने वाली लड़की ने दी ये जानकारी

खुद को हादसे का चश्मदीद बताने वाली एक लड़की सामने आईं और उन्होंने दावा किया जब गाड़ी ने स्कूटी को टक्कर मारी, तो पीड़िता के साथ वो भी स्कूटी पर बैठी थीं.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश and शुभम किशोर

  1. कंझावला मामला: पीड़िता के साथ मौजूद होने का दावा करने वाली लड़की ने दी ये जानकारी

    दिल्ली के कंझावला केस में एक नया मोड़ आया सामने आया है. खुद को हादसे का चश्मदीद बताने वाली एक लड़की सामने आईं और उन्होंने दावा किया जब गाड़ी ने स्कूटी को टक्कर मारी, तो पीड़िता के साथ वो भी स्कूटी पर बैठी थीं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, लड़की ने कहा है कि, "वो (पीड़िता) ने शराब पी रखी थी लेकिन वो स्कूटी चलाने की ज़िद कर रही थी. जब गाड़ी ने टक्कर मारी तो वो गाड़ी ने नीचे आ गई, और घसीटती चली गई. मैं बहुत डर गई थी, मैंने किसी को नहीं बताया और वहां से भाग गई."

    उन्होंने कहा, "जब गाड़ी ने टक्कर मारी, तो मैं एक तरफ़ गिर गई. मेरी दोस्त गाड़ी ने नीचे फंस गई. गाड़ी में सवार लोगों को पता था कि एक लड़की नीचे फंस गई है. एक्सीडेंट के बाद मैंने पुलिस को नहीं बताया."

    इससे पहले पुलिस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी थी कि एक लड़की पीड़ित के साथ मौजूद थी, उसे 'कोई चोट नहीं लगी.'

    स्पेशल सीपी हुड्डा ने बताया, "जब घटना घटी तो वो (दूसरी लड़की) साथ थी. उसे चोट नहीं लगी. वो वहां से चली गई थी."

    इस बीच पीड़िता की मां ने मांग की है कि पांचों अभियुक्तों को फांसी दी जाए.

    समाचाए एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि सभी पांच अभियुक्तों को फांसी दी जाए. सिर्फ़ इसलिए कि मेरी बेटी का अंतिम संस्कार कर दिया गया है, जनता चुप नहीं बैठेगी."

    शाम को पुलिस की मौजूदगी में पीड़िता का अंतिम संस्कार किया गया था.

    आज पुलिस ने पीड़िता के पोस्टमार्टम की प्रोविजनल रिपोर्ट भी जारी की. दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी (कानून व्यवस्था) सागर प्रीत हुड्डा की ओर से जारी रिपोर्ट में मौत की वजह ‘शॉक और हैमरेज’ बताई गई है.

    डॉक्टरों के मुताबिक ‘शॉक और हैमरेज’ की वजह मौत के पहले सिर, रीढ़ की हड्डी, बाईं जांघ की हड्डी और दोनों पैरों की निचली हड्डियों में लगी चोट है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक पीड़िता के शरीर पर ऐसी कोई चोट नहीं है, जिससे लगे कि 'यौन उत्पीड़न' हुआ था.

    पीड़िता का पोस्टमार्टम तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने मौलाना आज़ाद मेडिकल कॉलेज (MAMC) में किया.

    बोर्ड ने अपनी रिपोर्ट में बताया है, “सभी चोटों की वजह तेज़ी से हुई टक्कर है. संभव है कि किसी वाहन से टक्कर हुई हो और उसके साथ घसीटा गया हो.”

    मेडिकल बोर्ड ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि ऐसी 'कोई चोट नहीं है, जिससे लगे कि सेक्सुअल असॉल्ट (यौन उत्पीड़न) हुआ हो.'

    पुलिस ने जानकारी दी है कि पोस्टमार्टम की फ़ाइनल रिपोर्ट बाद में आएगी.

    दिल्ली पुलिस ने बताया था कि एक जनवरी को तड़के टक्कर के बाद पीड़ित युवती का जिस्म गाड़ी के साथ 10-12 किलोमीटर तक घिसटता रहा.

  2. पीएम मोदी और किंग चार्ल्स III के बीच बातचीत, कई अहम मुद्दों पर चर्चा

    पीएम नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को ब्रिटेन के राजा किंग चार्ल्स III से बात की. पीएम के दफ़्तर से जारी एक बयान में बताया गया कि दोनों ने जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण और एनर्जी ट्रांज़िशन जैसे मुद्दोंं पर बात की.

    बातचीत के बाद पीएम मोदी ने एक ट्वीट मे लिखा, "हिज़ मैजेस्टी किंग चार्ल्स III के साथ पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और राष्ट्रमंडल सहित आपसी हित के मुद्दों पर बातचीत अच्छी रही. साथ ही भारत की जी20 प्रेसीडेंसी की प्राथमिकताओं और मिशन LiFE (लाइफ़स्टाइल फ़ॉर एनवायरनमेंट) की संभावनाओं पर भी चर्चा की."

    किंग चार्ल्स III के सम्राट बनने के बाद पीएम मोदी की उनसे ये पहली बातचीत थी. पीएम ने उनके "सफल शासन" की कामना की.

    पीएम ने किंग चार्ल्स III को भारत की जी-20 अध्यक्षता में उनकी प्राथमिकता के बारे में जानकारी दी. साथ ही उन्होंने मिशन LiFE (लाइफ़स्टाइल फ़ॉर एनवायरनमेंट) जिसके माध्यम से भारत पर्यावरण के नज़रिये से सस्टेनेबल जीवन शैली को बढ़ावा देना चाहता है.

    दोनों ने ब्रिटेन में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों की तारीफ़ भी कि जो एक 'ज़िदा सेतु' की तरह काम कर रहे हैं.

  3. यौन उत्पीड़न के आरोपों से घिरे मंत्री पर बोले खट्टर, 'सिर्फ़ आरोप लगने से कोई दोषी नहीं हो जाता'

    यौन उत्पीड़न के आरोपों में घिरे हरियाणा के मंत्री संदीप सिंह की बर्खास्तगी की मांग के बीच सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि सिर्फ आरोप लगने के कोई दोषी नहीं हो जाता.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है जांच रिपोर्ट आने के बाद कोई कार्रवाई की जाएगी.

    सिंह ने रविवार को खेल मंत्रालय का कार्यभार छोड़ दिया था. उन्होने कहा कि वो नैतिक ज़िम्मेदारी के तहत मंत्रालय छोड़ रहे हैं और उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को ग़लत बताया है.

    हालांकि उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफ़ा नहीं दिया है.

    एक महिला एथलीट और जूनियर कोच की ओर से शिकायत करने के बाद भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह के ख़िलाफ़ यौन प्रताड़ना के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है.

    चंडीगढ़ पुलिस ने उन पर पीछा करने, यौन प्रताड़ना और डराने-धमकाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है.

  4. पेले की अंतिम यात्रा: आंखों में आंसू लिए फैन्स कर रहे हैं अपने 'भगवान' को नमन

    ब्राज़ील के स्टार फ़ुटबॉल खिलाड़ी पेले को श्रद्धांजलि देने के लिए लाखों लोग उनके पुराने सैंटोस फ़ुटबॉल क्लब में जुट रहे हैं जहां उनका पार्थिव शरीर रखा हुआ था.

    पार्थिव शरीर को स्टेडियम से निकल कर सैंटोस शहर की सड़कों से होते हुए परिवार के पास दफ़नाने के लिए जाएगा.

    वहां मौजूद बीबीसी संवाददाता के मुताबिक, "स्टेडियम में कई लोगों की आखों में आंसू थे, कई तालियां बजा रहे हैं तो कई ज़मीन पर लेटकर अपने 'भगवान' को नमन कर रहे थे."

    ब्राज़ील के नए राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा भी श्रद्धांजलि देनी पहुंचे. लूला, जिन्होंने रविवार को कार्यभार संभाला था, वो श्रद्धांजलि समारोह में पहुंचे जिसकी शुरुआत एक मिनट के मौन से हुई.

    बीबीसी की फ्रांसिस मायो के मुताबिक, "ऐसा लग रहा है जैसे पूरा शहर विला बेलमीरो स्टेडियम की तरफ़ आ रहा है."

  5. दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर, मोहम्मद शाहिद और प्रेरणा के साथ

  6. समलैंगिक विवाह से जुड़ी याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में 6 जनवरी को सुनवाई

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    सुप्रीम कोर्ट समलैंगिक विवाह (सेम सेक्स मैरिज) से जुड़ी याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट छह जनवरी को सुनवाई करेगा.

    इन याचिकाओं में सुप्रियो चक्रवर्ती और अभय डांग की भी याचिका है. ये दोनों पिछले 10 साल से एक साथ हैं.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि वो समलैंगिक विवाह को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट और केरल हाईकोर्ट में दायर दो याचिकाओं, जिन्हें सुप्रीम कोर्ट ट्रांसफ़र करने की अर्ज़ी डाली गई थी, पर भी छह जनवरी को ही सुनवाई करेगा.

    वकील करुणा नंदी बताया कहा कि कि समलैंगिक विवाह से जुड़ी याचिकाएं छह जनवरी को लिस्ट की गई हैं, इसलिए उन्होंने इन ट्रांसफ़र पेटिशन को लिस्ट करने की गुज़ारिश की,

    उन्होंने कहा, "ये मामला समलैंगिक और क्वीयर विवाह से जुड़ा है. इसी तरह की याचिकाएं दिल्ली और केरल हाईकोर्ट में लंबित हैं. इसलिए ये ट्रांसफ़र पेटिशन है."

    इस पर मुख्य न्यायाधीश जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ ने कहा कि बेंच मुख्य याचिका के साथ इन याचिकाओं पर सुनवाई करेगी.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, ट्वेंटी-20 सिरीज़: श्रीलंका ने टॉस जीता, भारत की बल्लेबाज़ी

    भारत और श्रीलंका के बीच आज (मंगलवार को) तीन ट्वेंटी-20 मैचों की सिरीज़ का पहला मैच खेला जा रहा है.

    श्रीलंका के कप्तान दासुन शनका ने जीता है और पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया है.

    ये मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मैच में भारत की कप्तान हार्दिक पांड्या कर रहे हैं.

    हार्दिक पांड्या ने कहा कि वो टॉस जीतते तो बल्लेबाज़ी ही चुनते.

    शिवम मावी और शुभमन गिल आज के मैच से अपने इंटरनेशनल टी-20 करियर की शुरुआत कर रहे हैं.

    ट्वेंटी-20 वर्ल्ड कप सेमीफ़ाइनल में पहुंची भारतीय टीम का हिस्से रहे रोहित शर्मा, विराट कोहली और केएल राहुल जैसे सीनियर खिलाड़ियों को इस टीम में जगह नहीं दी गई है.

    ट्वेंटी-20 वर्ल्ड कप में दमदार प्रदर्शन करने वाले सूर्यकुमार यादव को उप कप्तान बनाया गया है.

    ट्वेंटी-20 सिरीज़ का दूसरा मैच पांच जनवरी और तीसरा मैच सात जनवरी को खेला जाएगा.

    10 जनवरी से तीन मैचों की वनडे सिरीज़ शुरु होगी. वनडे टीम की कप्तानी रोहित शर्मा करेंगे. वनडे टीम में हार्दिक पांड्या को उपकप्तान बनाया गया है.

  8. जयशंकर पाकिस्तान पर फिर बरसे, कहा, 'टेरर एपिसेंटर से भी कठोर शब्द इस्तेमाल कर सकता हूं'

    विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि पाकिस्तान के लिए वो 'टेरर एपिसेंटर' से भी ज़्यादा कठोर शब्द का इस्तेमाल कर सकते हैं.

    विदेश मंत्री जयशंकर ने ऑस्ट्रिया में दिए एक टीवी इंटरव्यू में कहा कि डिप्लोमेट होने का मतलब ये नहीं है कि आप सच नहीं बोल सकते.

    पाकिस्तान के लिए 'आतंकवाद का एपिसेंटर' (केंद्र) शब्द इस्तेमाल करने से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा. "आप एक डिप्लोमैट हैं इसका मतलब ये नहीं हैं कि आप सच नहीं बोल सकते."

    उन्होंने कहा, "मैं टेरर एपिसेंटर (आतंकवाद का केंद्र) से ज़्यादा कठोर शब्द का इस्तेमाल कर सकता हूं. इसलिए मेरा विश्वास करिए, जो हमारे साथ हो रहा है, उस हिसाब से मुझे लगता है कि 'एपिसेंटर' एक कूटनीतिक शब्द है."

    जयशंकर ने नवंबर में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के कार्यक्रम में पाकिस्तान को 'आतंकवाद का एपिसेंटर' बताया था.

    इसके बाद पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विवादित टिप्पणी की थी. भारत ने इसे 'निचले स्तर की टिप्पणी' बताया था.

    ऑस्ट्रिया के सरकारी टीवी चैनल ओआरएफ़ से पाकिस्तान को लेकर जयशंकर कहा, "ये वो देश है जिसने कुछ साल पहले भारत की संसद पर हमला किया, जिसने मुंबई पर हमला किया था, जिन्होंने होटल और विदेशी सैलानियों पर हमला किया, जो कि हर दिन बॉर्डर पार से आतंकवादी भेजते हैं."

    कठघरे में यूरोप

    उन्होंने कहा, "अगर आतंकवादी कैंप दिन के उजाले में कई शहरों में चल रहे हैं, इनमें भर्तियां हो रही हैं, आर्थिक मदद मिल रही हैं, तो क्या आप सच में मुझे बता रहे हैं कि पाकिस्तान नहीं जानता कि क्या हो रहा है? ख़ासतौर पर जब उन्हें सैन्य स्तर कि ट्रेनिंग मिल रही है."

    एक दूसरे सवाल के जवाब में जयशंकर ने कहा, "इसलिए जब हम जजमेंट और प्रिंसिपल की बात करते हैं, तो दशकों से चल रहे ऐसे कामों पर हम यूरोप की ओर से कड़ी निंदा क्यों नहीं सुनते."

  9. राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' पहुंची उत्तर प्रदेश, यात्रा में शामिल लोगों से बात कर रहे हैं बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा

  10. प्रियंका गांधी ने कहा, 'राहुल को नहीं खरीद पाए अंबानी-अदानी'

    कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने मगंलवार को अपने भाई और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को 'योद्धा' बताते हुए कहा वो कि वो सरकार के दबाव से नहीं डरते, जो उनकी छवि ख़राब करने के लिए हज़ारों करोड़ रुपये ख़र्च कर रही है.

    राहुल गांधी की अगुवाई में 'भारत जोड़ो यात्रा' क़रीब एक हफ़्ते के विराम के बाद मंगलवार को फिर से शुरू हुई है.

    प्रियंका गांधी दिल्ली से उत्तर प्रदेश जा रही यात्रा के स्वागत के लिए लोनी बॉर्डर पर पहुंची.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक उन्होंने कहा, "अंबानी और अदानी जैसे उद्योगपतियों ने कई नेताओं, पीएसयू और मीडिया को ख़रीद लिया लेकिन वो मेरे भाई को नहीं ख़रीद पाए न ख़रीद पाएंगे."

    उन्होंने कहा कि लोग कहते हैं कि राहुल गांधी को ठंड नहीं लगती, इसकी वजह ये है कि "उन्होंने सच का कवच पहन रखा है."

    ठंड में टी शर्ट पहन कर यात्र करने को लेकर राहुल गांधी पिछले कुछ दिनों से चर्चा में रहे हैं.

    यात्रा में शामिल हुए फ़ारुक़ और दुलत

    भारत जोड़ी यात्रा में मंगलवार को जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फ़ारुक़ अब्दुल्ला शामिल हुए.

    रॉ के पूर्व प्रमुख एएस दुलत भी इस यात्रा में शामिल हुए. इससे पहले रघुराम राजन, कमल हसन, पूजा भट्ट, स्वरा भास्कर समेत कई चर्चित लोग राहुल गांधी की इस यात्रा में शामिल हो चुके हैं.

    बीकेयू के नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि उनकी पार्टी से जुड़े लोगों को यात्रा से जुड़ने की छूट हैं, हालांकि वो और ज़िला अध्यक्ष से ऊपर के नेता इससे नहीं जुड़ेंगे.

  11. जसप्रीत बुमराह फिट, भारतीय वनडे टीम में वापसी

    चोट की वजह से क्रिकेट मैदान से दूर रहे तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह की भारतीय टीम में वापसी हो गई है.

    उन्हें श्रीलंका के ख़िलाफ़ 10 जनवरी से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सिरीज़ की टीम में जगह दी गई है.

    बुमराह चोट की वजह से बीते साल सितंबर से मैदान से दूर हैं. वो ट्वेंटी-20 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं ले सके थे. वो ‘बैक इंजरी’ से परेशान थे. बीसीसीआई ने बताया है कि नेशनल क्रिकेट अकादमी (एनसीए) ने बुमराह को फिट घोषित कर दिया है.

    श्रीलंका के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ में भारतीय टीम की कप्तानी रोहित शर्मा करेंगे. हार्दिक पांड्या उप कप्तान होंगे. पांड्या श्रीलंका के ख़िलाफ़ ट्वेंटी-20 सिरीज़ में भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं.

    श्रीलंका के ख़िलाफ़ पहला वन डे 10 जनवरी को गुवाहाटी, दूसरा वनडे 12 जनवरी को कोलकाता और तीसरा वनडे 15 जनवरी को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा.

    वनडे टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेट कीपर), ईशान किशन (विकेट कीपर), हार्दिक पांड्या (उप कप्तान), वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह.

  12. 'बत्ती गुल' न हो, इसके लिए क्या करेगा पाकिस्तान, मंत्री ने बताया

    पाकिस्तान गंभीर बिजली संकट से जूझ रहा है. बत्ती पूरी तरह गुल न हो इसके लिए कई उपाय किए जा रहे हैं. पाकिस्तान सरकार ने बिजली बचाने के लिए बक़ायदा नियम तय कर दिए हैं.

    पाकिस्तान के मंत्री ख्वाजा आसिफ़ ने बताया है कि सभी मॉल और मार्केट को रात साढ़े आठ बजे तक बंद करने का आदेश दिया गया है.

    वहीं, मैरिज हॉल रात दस बजे बंद होंगे.

    आसिफ़ ने कहा, “आर्थिक संकट को देखते हुए हमें अपनी जीवनशैली में बदलाव लाने की ज़रूरत है.”

    उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने सभी सरकारी दफ़्तरों में बिजली की ख़पत में 30 प्रतिशत कमी लाने का आदेश दिया है.

    देश भर में सिर्फ़ 50 प्रतिशत स्ट्रीट लाइटें जलेंगी. ऊर्जा बचाने के लिए ई बाइक के इस्तेमाल पर ज़ोर दिया जाएगा.

    उन्होंने बताया कि इस साल जुलाई से ज़्यादा बिजली की खपत करने वाले पंखों का उत्पादन बंद कर दिया जाएगा. ये ऊर्जा बचत के लिए तैयार योजना का हिस्सा है.

    आर्थिक संकट

    माना जा रहा है कि नए उपायों के जरिए 27 करोड़ डॉलर की बचत होगी.

    पाकिस्तान गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा है. पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार सात अरब डॉलर से कम हो गया है. ये देश की दो महीने की आयात ज़रूरतों को पूरा करने के लिए काफी नहीं है.

  13. मोदी के ख़िलाफ़ लड़ाई में कांग्रेस की दुविधा- हिंदुओं और मुसलमानों के बीच कैसे साधे संतुलन

    राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' के बीच कांग्रेस के भीतर से ऐसी आवाज़ें उठ रही हैं कि हिंदुओं को भी पार्टी के साथ लेकर चलना होगा.

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने बीते दिनों कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार के ख़िलाफ़ लड़ाई में हिंदुओं को साथ मिलाने की ज़रूरत है और सिर्फ़ अल्पसंख्यकों के बलबूते ये जंग नहीं जीती जा सकती.

    एके एंटनी केरल के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और फ़िलहाल वे कांग्रेस कार्यकारिणी के सदस्य हैं.

    एके एंटनी ने तिरुवनंतपुरम में पिछले बुधवार कहा कि ''मंदिर जानेवालों, माथे पर टीका-चंदन लगाने वालों को नर्म हिंदुत्ववादी कहने से नरेंद्र मोदी को फिर से जीत में मदद मिलेगी. हमें मोदी के ख़िलाफ़ लड़ाई में हिंदुओं को साथ लेने की ज़रूरत है.''

  14. इसराइल के मंत्री पहुंचे अल अक़्सा मस्जिद, क्यों उठे सवाल

    इसराइल के नए धुर दक्षिणपंथी सिक्युरिटी मंत्री ने यरूशलम में उस कंपाउंड का दौरा किया जहा अल-अक़्सा मस्जिद है. ये जगह मुस्लिमों और यहूदियों, दोनों के लिए महत्वपूर्ण है.

    इतमार बेन-ग्वेर को उस इलाके में कड़ी सुरक्षा के साथ देखा गया. ये जगह फिलहाल मुस्लिमों के लिए खुली हुई है लेकिन इतमार काफ़ी समय से इसे यहूदियों के लिए खोलने की वकालत करते रहे हैं.

    उन्होंने ट्वीट किया कि टेंपल माउंट (यहूदी इसी नाम से जानते हैं) सबके लिए खुला है.

    लेकिन उनके इस दौरे को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. फ़लस्तीन और जॉर्डन ने मंत्री इतमार की आलोचना की है.

    फ़लस्तीनी अधिकारियों ने कहा कि है कि ये दौरा 'उकसाने' के लिए था.

    वहीं जॉर्डन ने भी दौरे पर सवाल उठाए हैं. जॉर्डन इस जगह का संरक्षक है.

  15. दिल्ली कंझावला मामले में नया सीसीटीवी फ़ुटेज और नई जानकारियां मिलीं

  16. फिर मंडरा रहा दुनिया पर मंदी का ख़तरा

  17. कंझावला केस में पीड़ित की पोस्टमार्टम रिपोर्ट जारी, डॉक्टरों ने बताई मौत की वजह

    दिल्ली के कंझावला केस में पुलिस ने पीड़िता के पोस्टमार्टम की प्रोविजनल रिपोर्ट जारी की है.

    दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी (कानून व्यवस्था) सागर प्रीत हुड्डा की ओर से जारी रिपोर्ट में मौत की वजह ‘शॉक और हैमरेज’ बताई गई है.

    डॉक्टरों के मुताबिक ‘शॉक और हैमरेज’ की वजह मौत के पहले सिर, रीढ़ की हड्डी, बाईं जांघ की हड्डी और दोनों पैरों की निचली हड्डियों में लगी चोट है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक पीड़िता के शरीर पर ऐसी कोई चोट नहीं है, जिससे लगे कि 'यौन उत्पीड़न' हुआ था.

    पीड़िता का पोस्टमार्टम तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने मौलाना आज़ाद मेडिकल कॉलेज (MAMC) में किया.

    बोर्ड ने अपनी रिपोर्ट में बताया है, “सभी चोटों की वजह तेज़ी से हुई टक्कर है. संभव है कि किसी वाहन से टक्कर हुई हो और उसके साथ घसीटा गया हो.”

    मेडिकल बोर्ड ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि ऐसी 'कोई चोट नहीं है, जिससे लगे कि सेक्सुअल असॉल्ट (यौन उत्पीड़न) हुआ हो.'

    पुलिस ने जानकारी दी है कि पोस्टमार्टम की फ़ाइनल रिपोर्ट बाद में आएगी.

    दिल्ली पुलिस ने बताया था कि एक जनवरी को तड़के टक्कर के बाद पीड़ित युवती का जिस्म गाड़ी के साथ 10-12 किलोमीटर तक घिसटता रहा.

    जांच कहां तक पहुंची?

    स्पेशल सीपी सागर प्रीत हुड्डा ने आज (मंगलवार) मीडिया को बताया,"सुल्तानपुरी की घटना में एक नया चैप्टर सामने आया है.जो घटना हुई थी, उसमें मृतका के साथ एक और लड़की थी."

    उन्होंने बताया कि जो दूसरी लड़की पीड़ित के साथ मौजूद थी, उसे 'कोई चोट नहीं लगी.'

    स्पेशल सीपी हुड्डा ने बताया, "जब घटना घटी तो वो (दूसरी लड़की) साथ थी. उसे चोट नहीं लगी. वो वहां से चली गई थी."

    दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी के मुताबिक ये इस केस में एक 'अहम कामयाबी' है.

    बामुश्किल एक मिनट की प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पेशल सीपी ने सिर्फ़ जांच से जुडे अपडेट दिए. उन्होंने मीडिया के सवाल नहीं लिए.

    उन्होंने बताया, "अब हमारे पास घटना की प्रत्यक्षदर्शी है जो पुलिस से सहयोग कर रही है. उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं. ये एक अहम बात है."

    इस मामले में गृह मंत्रालय ने भी रिपोर्ट मांगी है.

  18. कोविड:चीन ने कहा, 'हमारे यात्रियों पर प्रतिबंध लगा तो हम भी लगाएंगे'

    चीन ने दुनिया के दूसरे देश की ओर से चीनी यात्रियों पर कोविड के कारण कई तरह के प्रतिबंध लगाने का विरोध किया है. चीन ने कहा है कि अगर ऐसा होता है तो वो भी जवाबी कार्रवाई करेगा.

    चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने पत्रकारों से कहा कि चीन के लोगों के लिए लगाए गए प्रतिबंधों को कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है.

    उधर, अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने कोरोना वायरस के फैलने से जुड़े डेटा और कथित नए वेरिएंट से जुड़ी जानकारियां साझा नहीं करने के लिए चीन की आलोचना की है.

    अमेरिका समेत क़रीब एक दर्जन देशों ने चीन से आने वालों के लिए निगेटिव टेस्ट अनिवार्य कर दिया है.

    चीन में कोरोना से जुड़े प्रतिबंधों में हाल ही में ढील दी गई है और कई चीनी विदेश यात्राओं पर निकलने के लिए बुकिंग कर रहे हैं.

  19. खिलाड़ी डैमार हैमलिन को मैदान पर कार्डियक अरेस्ट, हालत गंभीर

    अमेरिकन फ़ुटबॉल स्टार डैमार हैमलिन यूएस नेशनल फ़ुटबॉल लीग (एनएफ़एल) मैच के दौरान विरोधी टीम के खिलाड़ी से टक्कर के बाद मैदान पर गिर गए.

    उन्हें कार्डिएक अरेस्ट हुआ और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है.

    24 साल के हैमलिन द बफ़ैलो बिल्स के लिए खेलते हैं.

    उनका मैच सिनसिनाटी बैंगल्स के ख़िलाफ़ था.

    टक्कर मैच के पहले क्वार्टर में हुई. समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक उन्हें शुरुआती 30 मिनट तक मैदान पर उपचार दिया गया. बाद में स्थानीय अस्पताल में दाखिल कराया गया. एनएफ़एल ने घटना के एक घंटे बाद मैच को स्थगित कर दिया.

  20. सुप्रीम कोर्ट ने निलंबित आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल को दी अंतरिम ज़मानत

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को झारखंड खनन मामले में निलंबित आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल को एक महीने के लिए अंतरिम ज़मानत दी है.

    पूजा सिंघल ने अपनी बीमार बेटी की देखभाल के लिए कोर्ट से अंतरिम ज़मानत मांगी थी.

    सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस संजय किशन कौल और अभय एस ओका की पीठ ने पूजा सिंघल की याचिका पर सुनवाई करते हुए उन्हें अंतरिम ज़मानत दी है.

    लेकिन इसके साथ ही कोर्ट ने उन पर कुछ शर्तें भी लगाई हैं.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि पूजा सिंघल को जब तक कोर्ट का बुलावा न आए तब तक वो रांची न जाएं.

    इसके साथ ही अदालत ने इस मामले में अगली सुनवाई के लिए छह फरवरी की तारीख़ दी है. कोर्ट ने सिंघल की मूल ज़मानत अर्जी पर प्रवर्तन निदेशालय से जवाब मांगा है.

    कोर्ट ने ईडी से ये भी कहा है कि वह पूजा सिंघल की बच्ची के स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी की पुष्टि करके उसे सूचित करे.

    झारखंड सरकार में शीर्ष नौकरशाह रहीं पूजा सिंघल की संपत्तियों पर पिछले साल 11 मई को ईडी ने छापे की कार्रवाई की.

    इसके बाद उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया था. प्रवर्तन निदेशालय ने पूजा सिंघल पर मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े आरोप लगाए हैं.