You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पुतिन और शी जिनपिंग के बीच हुई बातचीत, ताइवान पर चीन के रुख का रूस ने किया समर्थन

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को कहा है कि वो उम्मीद कर रहे हैं कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग अगले साल की शुरुआत में राजकीय यात्रा पर रूस आ सकते हैं. हालांकि रूस ने इसकी तारीख़ के बारे में कुछ नहीं कहा.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश and शुभम किशोर

  1. ऋषभ पंत का देहरादून में चल रहा इलाज, डॉक्टर क्या बोले?

    भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी ऋषभ पंत कार दुर्घटना में ज़ख़्मी हो गए हैं.

    शुक्रवार सुबह ऋषभ की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. ऋषभ की कार दिल्ली-देहरादून हाइवे पर डिवाइडर से टकरा गई थी.

    दुर्घटना की शुरुआती तस्वीर में ज़ख़्म गहरे दिख रहे हैं.

    वीडियोः ईश्वर चंद और राजेश डोबरियाल, बीबीसी के लिए

  2. बेलारूस का अपनी सीमा में घुसे यूक्रेनी मिसाइल को मार गिराने का दावा

    बेलारूस ने यूक्रेन के राजदूत को तलब किया है. उनका कहना है कि उन्होंने बेलारूस की सीमा के अंदर घुसी यूक्रेन की एयर डिफेंस मिसाइल को गिरा दिया है.

    रूस की ओर से लगातार होते हवाई हमलों के बीच ये घटना हुई. बेलारूस की सरकारी टीवी पर मिसाइल का मलबा दिखाया गया है.

    यूक्रेनी सेना के एक प्रवक्ता ने बतया कि हादसा "एयर डिफेंस के कारण हुआ."

    S-300 रॉकेट के गिरने के बाद बेलारूस ने यूक्रेन से जांच की मांग की है, बेलारूस रूस का सहयोगी है.

    फ़रवरी में रूस के आक्रमण के बाद से ये पहला मौका है जब बेलारूस ने यूक्रेन की मिसाइल गिरा दी है.

    बेलारूस के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एंटोली ग्लाज़ ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स से कहा, "बेलारूस इस घटना को गंभीरता से ले रहा है."

    उन्होंने यूक्रेन से "भविष्य में ऐसी घटनाएं को रोकने के लिए ज़रूरी कदम उठाने के लिए कहा है."

  3. ऋषभ पंत कार दुर्घटना में ज़ख़्मी, 'मां को सरप्राइज़ देना चाहते थे'

    भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत कार दुर्घटना में ज़ख़्मी हो गए हैं. शुक्रवार सुबह ऋषभ की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. ऋषभ की कार दिल्ली-देहरादून हाइवे पर डिवाइडर से टकरा गई थी.

    देहरादून मैक्स अस्पताल के डॉक्टर आशीष याग्निक ने ऋषभ पंत की चोट के बारे में कहा, ''ऋषभ पंत स्थिर हैं. हड्डी रोग विशेषज्ञ और प्लास्टिक सर्जन समेत डॉक्टरों की टीम उनकी चोट की जांच कर रही है. जांच और इवैलुएशन की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही ये पता चल सकेगा कि आगे इलाज की दिशा क्या होगी. इसकी सूचना मेडिकल बुलेटिन के ज़रिए दी जाएगी.''

  4. ऋषभ पंत को कार एक्सीडेंट में घुटने, कलाई समेत कहाँ-कहाँ चोट

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने शुक्रवार दोपहर क्रिकेट खिलाड़ी ऋषभ पंत को सड़क दुर्घटना में आईं चोटों के बारे में जानकारी दी है.

    बीसीसीआई सचिव की ओर से जारी बयान में बताया गया है –

    'भारतीय विकेट कीपर ऋषभ पंत की कार शुक्रवार को उत्तराखंड के रुड़की में दुर्घटनाग्रस्त हुई है. उन्हें सक्षम अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उन्हें प्राथमिक इलाज दिया गया.

    ऋषभ को माथे पर दो कट लगे हैं, दाएं पैर में लिगामेंट फटने के साथ ही दाईं कलाई, एड़ी, अंगूठे में चोट आई है. इसके साथ ही घिसटने की वजह से उनकी पीठ पर चोटें आई हैं.

    ऋषभ को अभी देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी एमआरआई स्कैनिंग की जाएगी जिससे पता चले कि उन्हें कितनी चोटें आई हैं. और उनके उपचार की प्रक्रिया शुरू की जा सके.

    बीसीसीआई ऋषभ पंत के परिवार के संपर्क में है, और मेडिकल टीम उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों के संपर्क में है. बोर्ड ये सुनिश्चित करेगा कि ऋषभ पंत को बेहतरीन इलाज मिले ताकि वह इस दुर्घटना से पूरी तरह उबर सकें.'

    इससे पहले मैक्स अस्पताल के प्रमुख डॉक्टर आशीष याग्निक ने भी बताया था कि डॉक्टरों की एक टीम उनकी हड्डियों और त्वचा का इलाज कर रही है.

    इसके साथ ही डॉक्टर उनकी विस्तृत जांचे कर रहे हैं ताकि ये पता लगाया जा सके कि उनकी चोटें कितनी गहरी और व्यापक हैं.

  5. ऋषभ पंत का एक्सीडेंट कैसे हुआ, गाड़ी कैसे पलटी, जानिए

    क्रिकेट खिलाड़ी ऋषभ पंत का शुक्रवार को उत्तराखंड के हरिद्वार ज़िले में रुड़की शहर के पास रोड एक्सीडेंट हो गया है.

    इस सड़क दुर्घटना के बाद उन्हें रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया.

    इस अस्पताल में उनका शुरुआती उपचार किया गया. इसके बाद उन्हें देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल भेजा गया है.

    अब तक मिली जानकारी के मुताबिक़, मैक्स अस्पताल में प्लास्टिक सर्जन और हड्डी रोग विशेषज्ञ उनका इलाज़ कर रहे हैं.

    इसके साथ ही डॉक्टरों की एक टीम उनकी विस्तृत जांच कर रही है ताकि ये पता लगाया जा सके कि उन्हें किस प्रकार की चोटें आई हैं.

    हरिद्वार ग्रामीण के एसपी स्वप्न किशोर ने बताया है कि ये दुर्घटना शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े पांच – छह बजे के आसपास हुई है.

    किशोर ने बताया, “सुबह करीब 6 बजे ऋषभ पंत के हादसे की सूचना मिली. रुड़की के सक्षम स्पताल में उनका इलाज हुआ.'

    सोशल मीडिया पर एक्सीडेंट की ख़बर फैलने के बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि क्या वह ये गाड़ी खुद चला रहे थे या उनका ड्राइवर चला रहा था.

    स्वप्न किशोर ने बताया है, 'कार में ऋषभ पंत अकेले थे और उनसे ही जानकारी मिली है कि शायद उन्हें झपकी आई. या कुछ और हुआ...इसके बाद डिवाइडर से गाड़ी टकराई जिसके बाद गाड़ी में आग लग गयी.”

  6. ममता बनर्जी ने पीएम मोदी से हीराबेन के निधन पर क्या कहा?

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को पीएम मोदी की माँ हीराबेन के निधन पर उनसे आराम करने को कहा है.

    हीराबेन मोदी का शुक्रवार को गुजरात के अहमदाबाद में निधन हो गया है जिसके बाद पीएम मोदी ने अहमदाबाद पहुंचकर उन्हें मुखाग्नि दी.

    लेकिन इसके तुरंत बाद पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल में रेलवे की कई परियोजनों के लोकार्पण कार्यक्रम में हिस्सा लिया.

    पीएम मोदी इस कार्यक्रम में खुद उपस्थित होने वाले थे लेकिन माँ हीराबेन मोदी का निधन होने की वजह से वह इस कार्यक्रम में वीडियो लिंक के ज़रिए शामिल हुए.

    इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और उनकी धुर आलोचक ममता बनर्जी भी शामिल हुईं.

    लेकिन पीएम मोदी की मौजूदगी पर उन्होंने कहा, ‘सर, प्लीज़ थोड़ा आराम कीजिए, मुझे नहीं पता कि मैं आपके परिजनों और बाकी लोगों को अपनी संवेदनाएं किस तरह प्रकट करूं क्योंकि मां की जगह कभी भी कोई और नहीं ले सकता. आपकी मां हमारी मां जैसी थीं

    मुझे अपनी मां की याद आ रही है, सर, भगवान आपको शक्ति दे ताकि आप आगे बढ़ सकें. आज का दिन आपके लिए बहुत दुख भरा है. लेकिन आप फिर भी वर्चुअली आए, यह बड़े आदर की बात है. आपने अपने काम के ज़रिए अपनी मां को श्रद्धांजलि अर्पित की है.”

  7. म्यांमार: आंग सान सू ची को और सात साल जेल की सज़ा

    म्यांमार की एक सैन्य अदालत ने आंग सान सू ची को और सात साल की जेल की सज़ा सुनाई है.

    इस सज़ा के बाद उनकी कुल जेल की अवधि 33 साल हो गई है.

    फरवरी 2021 में तख़्तापलट में सेना द्वारा उनकी सरकार को अपदस्थ करने के बाद से ही लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित नेता नज़रबंद हैं.

    तब से उन्होंने 19 आरोपों पर 18 महीने तक मुक़दमों का सामना किया है. मानवाधिकार समूह इन मुकदमों को एक दिखावा कहते हैं.

    संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने पिछले हफ्ते ही उन्हें रिहा किए जाने की मांग की थी.

    शुक्रवार को उन्हें आखिरी पांच आरोपों में सज़ा सुनाई गई.

    एक अदालत ने उन्हें भ्रष्टाचार का दोषी पाया क्योंकि उन्होंने सरकार के एक मंत्री के लिए हेलीकॉप्टर किराए पर लेने में नियमों का पालन नहीं किया था.

    सू ची को पहले ही 14 अलग-अलग मामलों में दोषी ठहराया जा चुका है.

    इन मामलों में कोविड सुरक्षा नियमों का उल्लंघन, वॉकी-टॉकी आयात करना और आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम का उल्लंघन करना शामिल है.

    इस साल उनके मुक़दमों की सुनवाई भी बंद कमरे में हुई,जहां जनता और मीडिया की पहुंच प्रतिबंधित है और उनके वकीलों को पत्रकारों से बात करने पर भी प्रतिबंध लगा है.

    सू ची ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है. 77 वर्षीय नोबेल पुरस्कार विजेता सू ची ने अपना अधिकांश समय नज़रबंदी में बिताया है.

  8. ऋषभ पंत की कार दुर्घटनाग्रस्त, डॉक्टर क्या बोले?

    भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी ऋषभ पंत कार दुर्घटना में ज़ख़्मी हो गए हैं.

    शुक्रवार सुबह ऋषभ की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. ऋषभ की कार दिल्ली-देहरादून हाइवे पर डिवाइडर से टकरा गई थी.

    दुर्घटना की शुरुआती तस्वीर में ज़ख़्म गहरे दिख रहे हैं.

  9. ऋषभ पंत के एक्सीडेंट पर बोले कपिल देव – ‘ऐसा नहीं करना चाहिए’

    पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी कपिल देव ने क्रिकेटर ऋषभ पंत के रोड एक्सीडेंट पर कहा है कि ‘भगवान करे, जो ऋषभ पंत के साथ हुआ, वो किसी के साथ न हो.’

    ऋषभ पंत का उत्तराखंड में हरिद्वार के पास शुक्रवार को रोड एक्सीडेंट हुआ जिसके बाद उन्हें देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल में ले जाया गया है.

    इस हादसे की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं जिनमें पंत की कार पूरी तरह जली हुई नज़र आ रही है.

    ये ख़बर आने के बाद से पंत के फैन्स के साथ-साथ क्रिकेट जगत से जुड़ी हस्तियां उनकी जल्द बेहतरी को लेकर ट्वीट कर रही हैं.

    पूर्व क्रिकेट कपिल देव ने एक निजी चैनल से बात करते हुए कहा है कि ये एक सबक जैसा है.

    उन्होंने कहा, “इस हादसे से हमें सीख मिलती है कि हमें कोई ऐसा काम नहीं करना चाहिए जिससे ऐसी दुर्घटना हो. ख़ास तौर पर इन खिलाड़ियों के लिए. मुझे अपना दौर याद है, मैं एक उभरता हुआ खिलाड़ी था तो मेरी मोटरसाइकिल का एक्सीडेंट हुआ, उसके बाद मेरे भाई ने मुझे कभी मोटरबाइक नहीं चलाने दी.

    इन चीजों से हमें सीखना चाहिए कि जो ऋषभ पंत के साथ हुआ है, वो किसी और के साथ न हो. ये भगवान का शुक्र है कि वो सही सलामत हैं. इन बड़े खिलाड़ियों को थोड़ा बहुत संभल कर रहना चाहिए. खुदगाड़ी चलाने की ज़रूरत नहीं है. क्योंकि आप ड्राइवर अफ़ोर्ड कर सकते हैं.

    मैं मानता हूं कि गाड़ी चलाने का शौक होता है. हर इंसान को शौक होता है कि मैं गाड़ी चलाऊं, ये लोगों का पैशन भी होता है. इस उम्र में ये होता है. लेकिन जब आपके ऊपर इतनी ज़िम्मेदारी होती है तो थोड़ा बहुत ध्यान रखना हमारे ऊपर निर्भर करता है.’

  10. ऋषभ पंत को कितनी गंभीर चोटें आई हैं, डॉक्टरों ने बताया

      • Author, राजेश डोबरियाल
      • पदनाम, देहरादून से बीबीसी हिंदी के लिए

    क्रिकेटर ऋषभ पंत का इलाज कर रही डॉक्टरों की टीम ने बीबीसी को बताया है कि इस सड़क दुर्घटना में उन्हें कितनी गंभीर चोटें आई हैं.

    टीवी चैनलों और सोशल मीडिया पर इस हादसे की सीसीटीवी फुटेज़ वायरल हो रही है जिसमें ऋषभ पंत की गाड़ी कथित रूप से पलटती दिख रही है.

    इस हादसे के बाद ऋषभ पंत को पहले रुड़की के सिविल अस्पताल में ले जाया गया था जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया.

    इसके बाद उन्हें देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल में शिफ़्ट किया गया जहां इस समय उनका इलाज जारी है.

    इस अस्पताल के मेडिकल सुप्रिटेंडेंट डॉ आशीष याग्निक ने बताया है, ''अभी कुछ देर पहले ऋषभ पंत यहां आए हैं. डॉक्टरों की एक टीम उनका निरीक्षण कर रही है. कुछ जांचों के बाद ही हम इस बारे में विस्तार से कुछ कह पाएंगे. फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है.''

    डॉ याग्निक ने ये भी बताया है ''अभी प्लास्टिक सर्जन और ऑर्थोपेडिक यानी हड्डीरोग विशेषज्ञ उनका इलाज़ कर रहे हैं. हमारी जांच प्रक्रिया जारी है. इंटरनल इंजरी के बारे में जांच पूरी होने के बाद ही कुछ बताया जा सकेगा.''

    मीडिया ने जब डॉक्टर याग्निक से ऋषभ पंत की रीढ़ की हड्डी को लगी चोट पर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि वो जांच की रिपोर्ट आने पर ही कुछ कह पाएंगे.

  11. गुजरात पुलिस ने टीएमसी नेता साकेत गोखले को तीसरी बार गिरफ़्तार किया

    गुजरात पुलिस ने गुरुवार शाम टीएमसी नेता साकेत गोखले को एक बार फिर गिरफ़्तार कर लिया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, एक शीर्ष अधिकारी ने बताया है कि गुजरात पुलिस की टीम ने साकेत गोखले को गुरुवार शाम दिल्ली से गिरफ़्तार किया था.

    इस अधिकारी ने बताया है कि गोखले को क्राउड फंडिंग से जुटाए गए पैसे के ग़लत इस्तेमाल करने के मामले में गिरफ़्तार किया गया है.

    उन्हें अहमदाबाद की साइबर क्राइम टीम ने गिरफ़्तार किया है, जो शुक्रवार दोपहर तक उन्हें अहमदाबाद लेकर पहुंच रही है.

    ये तीसरा मौका है जब गुजरात पुलिस ने साकेत गोखले को गिरफ़्तार किया है.

    इससे पहले छह दिसंबर को गुजरात पुलिस ने साकेत गोखले को फ़ेक न्यूज़ फैलाने के मामले में गिरफ़्तार किया था.

  12. राहुल गांधी ने पीएम मोदी की माँ के निधन पर क्या कहा?

    पीएम नरेंद्र मोदी की माँ हीराबेन मोदी के निधन की ख़बर आने के बाद से विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं की ओर से श्रद्धांजलि दी जा रही है.

    पीएम मोदी के आलोचक और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्विटर पर उनकी माँ के निधन पर ट्वीट करके अपने संवेदनाएं जताई हैं.

    उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा है “प्रधानमंत्री नरेंद मोदी जी की माताजी, श्रीमती हीरा बा के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है.इस मुश्किल समय में, मैं उन्हें और उनके परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं और प्यार व्यक्त करता हूं.’

    इससे पहले राहुल गांधी ने हीराबेन की तबियत ख़राब होने की ख़बर आने पर ट्वीट किया था.

    राहुल गांधी ने लिखा था – ‘एक मां और बेटे के बीच का प्यार अनन्त और अनमोल होता है. मोदी जी, इस कठिन समय में मेरा प्यार और समर्थन आपके साथ है. मैं आशा करता हूं आपकी माताजी जल्द से जल्द स्वस्थ हो जाएं.’

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी अपने ट्विटर हैंडल पर पीएम मोदी के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं.

    उन्होंने लिखा है – ‘हीराबेन मोदी के निधन की ख़बर सुनकर बेहद दुखी हूं. पीएम नरेंद्र मोदी की माँ के निधन पर उनके प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं. दुख की इस घड़ी में हमारे विचार और प्रार्थनाएं पूरे परिवार के साथ हैं.’

    इसके साथ ही प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लिखा है – ‘ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं श्री नरेंद्र मोदी जी और उनके परिवार के समस्त सदस्यों को पीड़ा के इन क्षणों में साहस दें.’

    समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से लेकर बसपा सुप्रीमो मायावती, एनसीपी चीफ़ शरद पवार जैसे दिग्गज नेताओं ने अपनी संवेदनाएं जताई हैं.

    एनसीपी चीफ़ ने लिखा है - 'नरेंद्र भाई, मैं आपकी मां के निधन की ख़बर सुनकर बेहद दुखी हूं. ये एक अपूर्णीय क्षति है. मेरी संवेदनाएं स्वीकार कीजिए.'

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, ऋषभ पंत उत्तराखंड में सड़क दुर्घटना में घायल हुए

    क्रिकेट खिलाड़ी ऋषभ पंत उत्तराखंड के रुड़की में शुक्रवार को हुए कार हादसे में गंभीर रूप से ज़ख़्मी हो गए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, क्रिकेटर ऋषभ पंत की कार उत्तराखंड के रुड़की में डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी.

    इस हादसे में ऋषभ पंत को गंभीर चोटें आई हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, ये हादसा रुड़की बॉर्डर के पास हुआ है.

    स्थानीय पुलिस अधिकारी स्वप्न किशोर ने इस हादसे के बारे में जानकारी देते हुए बताया है कि 'ऋषभ पंत की कार हरिद्वार ज़िले में मंगलौर और नारसन के बीच एक्सीडेंट हुआ है. रुड़की सिविल अस्पताल में शुरुआती उपचार के बाद उन्हें देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल में शिफ़्ट किया गया है."

  14. बिन्यामिन नेतन्याहू फिर बने इसरायली प्रधानमंत्री, पुतिन ने दी बधाई

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इसरायली राजनेता बिन्यामिन नेतन्याहू को एक बार फिर इसराइल का प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी है.

    बिन्यामिन नेतन्याहू पिछले दो सालों से सत्ता से बाहर चल रहे थे.

    लेकिन इस बार शपथ लेने के साथ ही उन्होंने अब तक छह बार इसराइल के प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड बना लिया है.

    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक संदेश भेजकर बिन्यामिन नेतन्याहू को इस उपलब्धि पर बधाई दी है.

    उन्होंने कहा कि ‘मैं उम्मीद करता हूं कि आपके नेतृत्व में इसराइल की नयी सरकार दोनों देशों की जनता के हितों और मध्य पूर्व में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से रूस और इसराइल के बीच आपसी सहयोग के रिश्ते को मजबूती देती रहेगी.”

    इस संदेश में पुतिन ने ये भी कहा कि ‘रूस में, हम अपने देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करने में आपके व्यक्तिगत और दीर्घकालिक योगदान की बहुत सराहना करते हैं.’

    इसराइल ने इस साल की शुरुआत में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से बेहद सावधानी के साथ तटस्थता भरा रुख अपनाया हुआ है.

    इसराइल दोनों देशों के बीच गहरे रिश्तों को ख़ास तरजीह भी देता है.

    क्योंकि इसराइल में पूर्ववर्ती सोवियत संघ के एक करोड़ से ज़्यादा नागरिक रहते हैं.

    इसी बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने भी नेतान्याहू को प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी है.

    उन्होंने कहा है कि उनका देश इसराइल के साथ गहरे रिश्ते बनाने और साझा चुनौतियों का सामना करने के लिए मिलकर काम करने के लिए तैयार है.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़, इसराइल ने यूक्रेन की ओर से बार-बार हथियार मांगे जाने के बाद भी इस मांग को स्वीकार नहीं किया है.

  15. पीएम मोदी की माँ हीराबेन मोदी नहीं रहीं, अमित शाह, राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ ने दी श्रद्धांजलि

    पीएम नरेंद्र मोदी की माँ हीराबेन मोदी का शुक्रवार को अहमदाबाद में 100 साल की उम्र में निधन हो गया है.

    ये ख़बर आने के साथ ही पीएम मोदी अहमदाबाद के लिए रवाना हो चुके हैं. देश के तमाम दिग्गज नेता और अलग-अलग क्षेत्रों की हस्तियां आज अहमदाबाद पहुंच सकती हैं.

    लेकिन ये ख़बर आने के बाद से बीजेपी से लेकर तमाम दूसरी पार्टियों के नेताओं की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है.

    गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा है – ‘हीरा बा ने जिन संघर्षों का सामना करते हुए परिवार का पालन पोषण किया वो सभी के लिए एक आदर्श हैं. उनका त्यागपूर्ण तपस्वी जीवन सदा हमारी स्मृति में रहेगा. पूरा देश दुःख की इस घड़ी में प्रधानमंत्री मोदी जी व उनके परिवार के साथ खड़ा है. करोड़ों लोगों की प्रार्थना आपके साथ हैं. ॐ शांति’

    वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा है – ‘एक पुत्र के लिए माँ पूरी दुनिया होती है. माँ का निधन पुत्र के लिए असहनीय और अपूरणीय क्षति होती है. आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की पूज्य माता जी का निधन अत्यंत दुःखद है.प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें,ॐ शांति!’

    देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस मौके पर लिखा है – ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताश्री हीरा बा के निधन से मुझे गहरी वेदना हुई है. एक माँ का निधन किसी भी व्यक्ति के जीवन में ऐसी शून्यता लाता है, जिसकी भरपाई असंभव है.‘

  16. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 29 दिसंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.