ब्रेकिंगः महान फ़ुटबॉल खिलाड़ी पेले का निधन
अभी अभी ख़बर आ रही है कि ब्राज़ील के महान फ़ुटबाल खिलाड़ी पेले की मौत हो गई है.
वो 82 साल के थे और हाल के दिनों में किडनी और प्रोस्टेट की बीमारियों जूझ रहे थे.
21 साल के कैरियर में उनके नाम 1,281 गोल करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है.
वो एकमात्र फ़ुटबॉल खिलाड़ी हैं जिन्होंने तीन बार वर्ल्ड कप जीता, 1958, 1962 और 1970 में. उन्हें साल 2000 में फ़ीफ़ा के प्लेयर ऑफ द सेंचुरी का तमगा दिया गया.
पिछले साल सितम्बर में उनके आंत की सर्जरी हुई थी और एक ट्यूमर निकाला गया था. उनका इलाज़ साओ पाओलो के आइंस्टीन अस्पताल में चल रहा था.
ये ट्यूमर उनके एक रूटीन टेस्ट में पता चला था. उन्हें इसी साल नवंबर में फिर से अस्पताल में भर्ती किया गया.
दोबारा अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनकी बेटी केली नासीमेंटो सोशल मीडिया के मार्फ़त उनके प्रशंसकों को लगातार अपडेट कर रही थीं.
गुरुवार को उन्होंने एक फ़ोटो पोस्ट की जिसमें अस्पताल में पेले के शरीर पर उनका परिवार हाथ रखे हुए है. इसमें केली ने लिखा, “हम जो भी कुछ हैं उसके लिए बहुत शुक्रिया. हम आपको बहुत प्यार करते हैं. रेस्ट इन पीस.”