You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप में तीसरे स्थान पर क्रोएशिया, मोरक्को को 2-1 से दी मात

क्रोएशिया ने वर्ल्ड कप में अपने आखिरी मैच में जीत हासिल की. क्रोएशिया की टीम साल 2018 के वर्ल्ड कप में रनर अप रही थी.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and दिलनवाज़ पाशा

  1. यहां रोबोट बच्चों को पढ़ाते हैं

    बेंगलुरु के एक ऐसे स्कूल में रोबोट छात्रों को पढ़ा रहे हैं. बच्चे इससे काफ़ी खुश भी हैं.

    छात्रों के साथ-साथ ये टीचर्स के भी फेवरेट बन गए हैं. कैसे?

    देखिए तुलसी प्रसाद रेड्डी की ये ख़ास रिपोर्ट.

  2. यूक्रेन युद्ध के बीच राष्ट्रपति पुतिन ने की रूस के सैन्य कमांडरों से मुलाकात

    रूस का कहना है कि राष्ट्रपति पुतिन ने शुक्रवार को पूरा दिन रूस के सैन्य कमांडरों से यूक्रेन में चल रहे युद्ध के बारे में जानकारी ली.

    शुक्रवार को पुतिन के सेना के आपरेशनल मुख्यालय का दौरा करने से एक दिन पहले ही यूक्रेन ने चेताया था कि रूस नए साल की शुरुआत में यूक्रेन पर बड़ा हमला करने की तैयारी कर रहा है.

    रूस के सरकारी टीवी पर पुतिन के सेना मुख्यालय दौरे की तस्वीरें प्रसारित की गई हैं. पुतिन ने रक्षा मंत्री और सेना प्रमुख से भी मुलाक़ात की.

    सैन्य कमांडरों से बात करते हुए पुतिन ने कहा, "प्रिय साथियों, नमस्कार. आज हम अभियान की हर दिशा की कमान संभाल रहे कमांडरों को सुनेंगे. मैं हमारे तुरंत और मध्यम-वर्गीय क़दमों के बारे में आपकी राय जानना चाहता हूं."

    रूस ने पिछले साल 24 फरवरी को यूक्रेन पर आक्रमण किया था. शुरुआती महीनों में रूस की सेना ने तेज़ी से यूक्रेन के इलाक़ों पर क़ब्ज़ा किया लेकिन हाल के महीनों में रूस को कई मोर्चों पर हार का सामना करना पड़ा है और यूक्रेन ने बड़ा इलाक़ा रूस के क़ब्ज़े से छुड़ा लिया है. रूस ने यूक्रेन के पूर्वी हिस्से में कुछ बढ़त ज़रूर हासिल की है.

  3. बिलावल भुट्टो के बयान पर क्या बोले पाकिस्तानी, दुनिया की मीडिया ने दी कितनी जगह

    भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान को आतंकवाद का 'एपिसेंटर' बताया और उसके बाद पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल ज़रदारी भुट्टो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक विवादित बयान दिया.

    उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम सीधे-सीधे तो नहीं लिया लेकिन गुजरात में हुए दंगों का हवाला देकर उन पर टिप्पणी की.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बिलावल भुट्टो की टिप्पणी की भारत, पाकिस्तान और दुनिया के दूसरे देशों में खासी चर्चा है. भारत में उनकी टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली है. इसे लेकर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी ने पूरे देश में विरोध प्रदर्शन किए हैं.

    पाकिस्तान में भी उनके बयान पर मिलीजुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है.

  4. यूरोपीय संघ और संयुक्त राष्ट्र की आलोचना के बाद एलन मस्क ने बदला ये फ़ैसला

    अरबपति कारोबारी एलन मस्क ने कहा है कि ट्विटर से जिन पत्रकारों के एकाउंट्स सस्पेंड किए गए थे, उन्हें फिर से बहाल कर दिया जाएगा.

    एलन मस्क ने कई पत्रकारों पर ये आरोप लगाया था कि वे उनका लोकेशन डेटा शेयर कर रहे हैं जिसके बाद उनके ट्विटर एकाउंट सस्पेंड कर दिए गए. इनमें न्यूयॉर्क टाइम्स, सीएनएन और वाशिंगटन पोस्ट के पत्रकार भी शामिल थे.

    लेकिन इसे लेकर ट्विटर को कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा और एलन मस्क ने ट्विटर यूजर्स से पूछा कि अब क्या किया जाना चाहिए.

    मस्क के ट्विटर पोल में 36 लाख लोगों ने हिस्सा लिया और उनमें 59 फ़ीसदी लोगों ने कहा कि ये बैन फौरन हटा लिया जाना चाहिए.

    इसके बाद एलन मस्क ने ट्विटर पर ये एलान किया, "लोगों ने अपनी बात रख दी है. जिन्होंने मेरी लोकेशन जाहिर कर दी है, उन पर लगाया गया सस्पेंशन अब हटा लिया जाएगा."

    यूरोपीय संघ और संयुक्त राष्ट्र ने भी पत्रकारों के एकाउंट सस्पेंड किए जाने की निंदा की थी.

  5. बिहार: शाहरुख ख़ान की फ़िल्म 'पठान' के गाने 'बेशरम रंग' को लेकर कोर्ट में शिकायत

    बिहार के मुज़फ़्फ़रपुर ज़िले की एक अदालत में बॉलीवुड एक्टर शाहरुख ख़ान की फ़िल्म 'पठान' के एक गीत को लेकर शिकायत याचिका दायर की गई है.

    याचिकाकर्ता ने कोर्ट से मांग की है कि शाहरुख ख़ान और दीपिका पादुकोण ने अपनी आने वाली फ़िल्म 'पठान' के एक गीत में हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है, इसलिए उनके ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज किया जाए.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, एडवोकेट सुधीर ओझा ने शुक्रवार को ज़िले के सीजीएम (चीफ़ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट) कोर्ट के समक्ष ये शिकायत याचिका दायर की है. इस पर तीन जनवरी को सुनवाई होगी.

    याचिका दायर करने वाले वकील का दावा है कि फ़िल्म 'पठान' का गीत 'बेशरम रंग' आपत्तिजनक है और इससे हिंदू समुदाय की भावना आहत होती है. इस गीत के रिलीज़ होने के बाद देश के कुछ हिस्सों में फ़िल्म 'पठान' को लेकर विवाद हो रहा है.

    पठान के गाने को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहे विवाद के बीच अभिनेता शाहरुख ख़ान ने कहा है कि सोशल मीडिया की नकरात्मकता से विभाजनकारी और विनाशकारी नैरेटिव तैयार हो रहा है. उन्होंने कहा कि ऐसे दौर में सिनेमा की भूमिका अहम है.

    शाहरुख़ ने सिनेमा को इसका काउंटर नैरेटिव बताया. कोलकाता फ़िल्म फ़ेस्टिवल में बोलते हुए शाहरुख ने कहा, "सिनेमा और अब सोशल मीडिया मानवीय अनुभव और भावनाओं को व्यक्त करने का सबसे बड़ा माध्यम बन गया है."

    "अब हमारे समय के सामूहिक नैरेटिव को सोशल मीडिया आकार दे रहा है. इस धारणा के विपरीत कि सोशल मीडिया सिनेमा को नकारात्मक रूप से प्रभावित करेगा, मेरा मानना ​​है कि सिनेमा को अब और भी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी."

  6. बिहार: छपरा के बाद सीवान और बेगूसराय में ज़हरीली शराब से आठ और लोगों की मौत

    शराबबंदी क़ानून वाले राज्य बिहार के सारण ज़िले में ज़हरीली शराब के कारण हुई 30 लोगों की मौत के बाद राज्य के दो अन्य ज़िलों में 8 लोगों की मौत का मामला सामने आया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, सारण के बाद पड़ोस के सीवान ज़िले में छह और बेगूसराय ज़िले में दो लोगों की मौत ज़हरीली शराब के कारण हुई है.

    अपुष्ट रिपोर्टों में सारण में ज़हरीली शराब से लगभग 60 लोगों की मौत का दावा किया जा रहा है. हालांकि सरकारी आंकड़ों में केवल 30 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है.

    छह साल पहले राज्य में शराबबंदी क़ानून लागू होने के बाद ज़हरीली शराब से मरने वालों का ये अब तक का सबसे बड़ा मामला है.

    सीवान के भगवानपुर अनुमंडल में छह लोगों की मौत पर क्षेत्र के एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है. भगवानपुर में मौत के ये मामले गुरुवार के बाद से सामने आए हैं.

    उन्होंने कहा, "शराब की खरीद-बिक्री में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए हम इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं."

    उधर, बेगूसराय ज़िले के डीएसपी चंद्रमोहन प्रसाद ने पत्रकारों को बताया कि तेघरा अनुमंडल में 'कोई ज़हरीला केमिकल' पीने के कारण शुक्रवार को दो युवकों की मौत हुई है.

    उन्होंने कहा, "हमने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. जांच जारी है."

  7. भारत को दिए जवाब में पाकिस्तान ने फिर किया साल 2002 के गुजरात दंगों का जिक्र

    भारत और पाकिस्तान के बीच एक-दूसरे के ख़िलाफ़ बयानों का दौर जारी है. अब पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने भारतीय विदेश मंत्रालय के बयान पर जवाब दिया है.

    पाकिस्तान ने आरोप लगाया कि भारत अपने बयानों से 2002 के गुजरात दंगों की असलियत को छुपाना चाहता है.

    पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ''अपने इस बयान से भारत सरकार ने 2002 के गुजरात नरसंहार की असलियत को छल-कपट के पीछे छुपाने की कोशिश की है. ये जनसंहार, लिंचिंग, रेप और लूट की शर्मनाक कहानी है. सच ये है कि गुजरात नरसंहार के मास्टरमाइंड को सज़ा नहीं मिली और अब वो भारत में प्रमुख पद पर हैं.''

    ''कोई भी शब्दाडंबर भारत में ''भगवा आतंकवाद'' के अपराधों को छुपा नहीं सकता. सत्ताधारी पार्टी की राजनीतिक विचारधारा हिंदुत्व ने नफ़रत, अलगाव और सज़ा से बचाव के माहौल को जन्म दिया है.''

    प्रवक्ता ने कहा, ''भारत की हिंदुत्व आधारित राजनीति में सज़ा से बचाव की संस्कृति गहराई से जुड़ी हुई है. दिल्ली-लाहौर समझौता एक्सप्रेस पर हुए घिनौने हमले के दोषी और मास्टरमाइड को छोड़ दिया गया. इस हमले में भारत की ज़मीन पर 40 पाकिस्तानी मारे गए थे. ये आरएसएस-बीजेपी के तहत न्याय के नरसंहार को दिखाता है.''

    ''जैसे कि भारत पीड़ित होने का झूठ रचता है लेकिन वो खुद भारत के अवैध रूप से कब्ज़े वाले जम्मू और कश्मीर में दमन का अपराधी है. वो खुद दक्षिण एशिया में आतंकी समूहों का प्रायोजक और फाइनेंसर है.''

    इस विवाद की शुरुआत पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो के एक बयान से हुई थी.

    उन्होंने कहा था, "ओसामा बिन लादेन मर चुका है पर 'बुचर ऑफ़ गुजरात' ज़िंदा है. और वो भारत का प्रधानमंत्री है. जब तक वो प्रधानमंत्री नहीं बना था तब तक उसके अमेरिका आने पर पाबंदी थी."

    बिलावल भुट्टो की इस टिप्पणी का भारत में काफी विरोध हो रहा है.

    इसके जवाब में भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बयान जारी कहा, ''पाकिस्तान के हिसाब से भी यह बयान काफ़ी निचले स्तर का है. पाकिस्तान के अल्पसंख्यकों के प्रति रवैये में कोई ख़ास बदलाव नहीं आया है. उसे भारत पर लांछन लगाने का कोई अधिकार नहीं है.''

    ''आतंकवाद को वित्तीय सहायता देने, पनाह देने और उसे स्पांसर करने में पाकिस्तान की निर्विवादित भूमिका हमेशा चर्चा में रही है. पाकिस्तान के विदेश मंत्री के असभ्य बोल, उस देश के आतंकवाद को एक प्रॉक्सी के रूप में इस्तेमाल करने की विफ़लता का परिणाम है.''

  8. काशी तमिल संगमम: दो संस्कृतियों का मेल या बीजेपी की रणनीति

    19 नवंबर को बनारस में काशी तमिल संगमम की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि काशी और तमिलनाडु दोनों ही संस्कृति और सभ्यता के टाइमलेस सेंटर (कालातीत केंद्र) हैं.

    उत्तर और दक्षिण की भाषाओं में समानताएं बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "दोनों क्षेत्र संस्कृत और तमिल जैसी विश्व की सबसे प्राचीन भाषाओं के केंद्र हैं."

    तमिलनाडु और काशी में हिंदू देवता शिव से जुड़ी धार्मिक धरोहरों और उनकी विशेषताओं के बारे में कहा, "काशी में बाबा विश्वनाथ हैं, तो तमिलनाडु में भगवान रामेश्वरम का आशीर्वाद है. काशी और तमिलनाडु, दोनों शिवमय हैं, दोनों शक्तिमय हैं. एक स्वयं में काशी है, तो तमिलनाडु में दक्षिण काशी है. 'काशी-कांची' के रूप में दोनों की सप्तपुरियों में अपनी महत्ता है."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीधे संस्कृति, भाषा और भगवान शिव से जुड़े धार्मिक स्थलों के ज़रिए उत्तर भारत और दक्षिण भारत (तमिलनाडु) को कनेक्ट करने की कोशिश की.

  9. राहुल गांधी हमारी सेना का मनोबल तोड़ने का काम कर रहे हैं: बीजेपी

    राहुल गांधी के भारत-चीन की झड़प के संदर्भ में भारतीय सेना को लेकर दिए बयान पर बीजेपी ने हमलावर रुख अपनाया हुआ है. अब बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी पर भारतीय सेना का मनोबल तोड़ने का आरोप लगाया है.

    गौरव भाटिया ने कहा, ''एक भारतीय होने के नाते और भारतीय जनता पार्टी को भारत की सेना पर गर्व है, हमारा गरूर है सेना... जब जवान सीमा पर चीन की सेना को पीट रहे हैं, उनको अपनी ताकत दिखा रहे हैं... उस समय पर भारत के 'जयचंद' राहुल गांधी हमारी सेना का मनोबल तोड़ने का काम क्यों कर रहे हैं.''

    ''मैं राहुल गांधी जी को बता दूं कि ये 1962 वाला भारत नहीं है. भारत की एक इंच भूमि न किसी के कब्जे में है और न किसी में ये हिम्मत है कि वो कब्जा कर ले. विश्व की सबसे वीर सेना हमारे पास है, कूटनीतिक तौर पर हम सक्षम हैं.''

    उन्होंने सवाल पूछा, ''क्या कारण है कि जब-जब सेना के कारण देशवासियों की छाती 56 इंच की होती है तो कांग्रेस और राहुल गांधी की छाती छह इंच की हो जाती है.''

    ''राहुल गांधी देश को बताएं कि वो अपना 'जयचंद' वाला चरित्र कब छोड़ेंगे. साल 2007 में संसद में एक प्रश्न पूछा गया था तब तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने बताया था कि कुल 43180 वर्ग किलोमीटर जमीन कांग्रेस शासन के दौरान चीन ने कब्जाई है.''

    उन्होंने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि इनका चीन से समझौता है और ऐसा कोई बयान नहीं दिखा जब कांग्रेस पार्टी, सोनिया गांधी या राहुल गांधी ने चीन की निंदा की हो.

    बीजेपी प्रवक्ता ने एक संसदीय कार्यवाही के दौरान 2013 में तत्कालीन रक्षा मंत्री एके एंटनी का बयान दिखाया. इसमें उनसे चीन के साथ सीमा पर भारत के बुनियादी ढांचे को लेकर सवाल पूछा गया था. जवाब दिया गया कि 'स्वतंत्र भारत की कई सालों से नीति है कि सबसे अच्छा बचाव है सरहद का विकास ना करना. अविकसित सरहदें विकसित सरहदों से ज़्यादा सुरक्षित हैं.'

    बीजेपी नेता और सांसद रविशंकर प्रसाद ने भी राहुल गांधी के ख़िलाफ़ ट्विट किया था, ''आपने उरी और बालाकोट के बाद भी सेना की बहादुरी का प्रमाण मांगा था. अब तो ये झूठ फैलाना और देश के मनोबल को तोड़ने का काम बंद करिये. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत बहुत मज़बूत है और अपनी सीमाओं की रक्षा करने में सक्षम है.''

    क्या कहा राहुल गांधी ने

    राहुल गांधी ने तवांग में भारत और चीन के जवानों की झड़प को लेकर एक बयान में कहा था कि 'चीन अरुणाचल प्रदेश में भारतीय सेना के जवानों को पीट रहा है.'

    राहुल गांधी ने कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' के 100 दिन पूरे होने पर प्रेसवार्ता की थी. इस दौरान उन्होंने कहा था, "चीन हमारे ख़िलाफ़ युद्ध की तैयारी कर रहा है लेकिन हमारी सरकार इस बात को स्वीकार करने को तैयार नहीं है, वो सच्चाई छिपा रही है."

    उन्होंने कहा, "चीन ने भारत के दो हज़ार वर्ग किलोमीटर इलाक़े पर कब्ज़ा किया हुआ है, वो भारत के 20 जवानों को शहीद कर चुका है और अरुणाचल प्रदेश में भारतीय सेना के जवानों को पीट रहा है. मैंने कहा था कि भारत की प्रेस मुझसे इस बारे में सवाल नहीं करेगी और मेरी बात सच थी."

    वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज सीमा पर चीन के बुनियादी ढांचे के निर्माण को लेकर सरकार से सवाल किया था. उन्होंने कहा था, ''डोकलाम में चीनी निर्माण झमपेरी रिज तक है जिससे भारत के रणनीतिक सिलिगुड़ी कॉरिडोर को ख़तरा है. ये राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता की बात है. चीन पर चर्चा कब होगी?''

  10. बिलकिस बानो की रिव्यू पिटीशन को सुप्रीम कोर्ट ने किया खारिज

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    सुप्रीम कोर्ट ने बिलकिस बानो के रिव्यू पिटीशन को खारिज कर दिया है.

    बिलकिस बानो ने ये रिव्यू पिटीशन गुजरात सरकार को दिए शीर्ष अदालत के उस आदेश के ख़िलाफ़ दायर की थी जिसमें सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार से गैंग रेप के 11 दोषियों की सज़ा ख़त्म करने वाली याचिका पर विचार करने के लिए कहा था.

    बिलकिस बानो का साल 2002 के गुजरात दंगों के दौरान सामूहिक बलात्कार किया गया था और उनके परिवार के लोगों की हत्या कर दी गई थी.

    बिलकिस बानो की वकील शोभा गुप्ता ने बीबीसी को बताया, "मैं आश्चर्यचकित हूं, इस ऑर्डर को बताने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं. मैं सुप्रीम कोर्ट से इसकी उम्मीद नहीं कर रही थी."

    उन्होंने बताया कि वे ऑर्डर की कॉपी का इंतज़ार कर रही हैं. अगले कदम के बारे में उन्होंने बताया कि रिव्यू पिटीशन के खारिज होने के बाद सुप्रीम कोर्ट में क्यूरेटिव पिटीशन दायर किया जा सकता है.

    एडवोकेट शोभा गुप्ता ने कहा, "मैं पहले ऑर्डर की कॉपी देखूंगी और उसके बाद अगले कदम का फ़ैसला करूंगी कि क्यूरेटिव पिटीशन फाइल करना है या नहीं?"

  11. सचिन पायलट ने राहुल गांधी और अशोक गहलोत के बारे में क्या कहा?

    कांग्रेस के मीडिया प्रभारी जयराम रमेश ने कहा है कि राजस्थान में मुख्यमंत्री पद का दावेदार चुनाव के बाद तय किया जाएगा. राजस्थान में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं.

    ये बयान उन चर्चाओं को और हवा देगा जो राजस्थान की राजनीति में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच जारी राजनीतिक रस्साकशी की वजह से सालों से चर्चा में रहा है.

    सचिन पायलट ने पहले इस मामले में बग़ावत तक कर दी था और ख़बर उड़ी थी कि वो बीजेपी में शामिल हो सकते हैं.

    इस बीच बीबीसी संवाददाता फ़ैसल मोहम्मद अली को दिए गए एक इंटरव्यू में सचिन पायलट ने कहा है कि अशोक गहलोत बहुत अनुभवी और बुज़ुर्ग नेता हैं और उनका गहलोत साहब से कोई मुक़ाबला नहीं है.

  12. हमने कभी भी विपक्ष के किसी नेता के इरादे पर सवाल नहीं खड़ा किया है: राजनाथ सिंह

    फिक्की के 95वें वार्षिक सम्मेलन में रक्षा मंक्षी राजनाथ सिंह ने कहा है कि हमने कभी भी विपक्ष के किसी नेता के इरादे पर सवाल नहीं खड़ा किया है. हमने नीतियों को लेकर बहस की है.

    उन्होंने कहा, "चाहे गलवान हो या तवांग, हमारी सेना ने जिस शौर्य और पराक्रम का परिचय दिया है, उसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए, कम है. मैं बहुत ही विनम्रतापूर्वक निवेदन करता हूं, हमने कभी भी विपक्ष के किसी नेता की मंशा पर सवाल नहीं खड़ा किया है. हमने नीतियों को लेकर बहस की है. राजनीति सच बोलकर ही की जाती है, झूठ बोलकर राजनीति लंबे समय तक नहीं की जा सकती है."

    "राजनीति दो शब्दों के मेल से बना है- राज और नीति. और नीति संस्कृत के नय धातु से बना है, जिसका अर्थ है 'ले जाना'. वह पॉलिटिकल सिस्टम जो समाज को सही रास्ते पर आगे ले जाने का काम करे, उसे ही हम राजनीति कहते हैं. हर समय राजनीति में किसी के इरादे पर संदेह करना क्यों ज़रूरी है, इसका कारण मुझे समझ में नहीं आता है."

    इसस पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा था कि चीन भारत के ख़िलाफ़ युद्ध छेड़ने की तैयारी कर रहा है. चीन हमारे ख़िलाफ़ युद्ध की तैयारी कर रहा है लेकिन हमारी सरकार इस बात को स्वीकार करने को तैयार नहीं है, वो सच्चाई छिपा रही है."

    राहुल गांधी ने इस दौरान चीन का ज़िक्र किया और कहा कि प्रेस उनसे चीन के बारे में सवाल नहीं करती. ये चीन के मसले पर राहुल गांधी का सरकार पर सबसे तीख़ा हमला कहा जा सकता है. उन्होंने मीडिया से भी शिकायत के लहज़े में कहा कि कोई उनसे चीन के बारे में नहीं पूछता है.

    भारतीय सेना के जवानों की प्रशंसा में उन्होंने कहा, "चाहे गलवान हो या तवांग हो, मैं स्वयं इस बात की कल्पना नहीं कर सकता था कि इस प्रकार का करिश्मा हमारी सेना कर सकती है. सेना की जितनी भी प्रशंसा की जाए, वो कम है."

    रक्षा मंत्री ने आगे कहा, "प्रधानमंत्री ने 'पंच प्रण' यानी पांच संकल्पों की बात की थी जिनमें पहला-विकसित भारत का निर्माण, दूसरा-गुलामी की हर सोच से मुक्ति, तीसरा-विरासत पर गर्व, चौथा-एकता और एकजुटता और पांचवा-नागरिकों द्वारा कर्तव्य पालन, ये पांच बातें शामिल हैं. इनमें से सबसे पहले संकल्प को पूरा किए बिना भारत विश्व की महा शक्ति नहीं बन सकता."

    "इसका मतलब ये नहीं निकाला जाना चाहिए कि हम किसी देश पर दबाना चाहते हैं या किसी देश की भूमि को दखल कर लेना चाहते हैं. हम विश्व कल्याण के लिए महाशक्ति बनना चाहते हैं."

    भारत और चीन की अर्थव्यवस्था की तुलना करते हुए उन्होंने कहा, "साल 1949 में चीन की जीडीपी भारत से कम थी. 1980 तक भारत दुनिया की टॉप 10 अर्थव्यवस्थाओं में कहीं नहीं था. साल 2014 भारत विश्व अर्थव्यवस्थाओं में 9वें स्थान पर था और आज भारत की अर्थव्यवस्था 3.5 ट्रिलियन डॉलर के करीब है और ये दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है."

  13. राहुल गांधी के चीन पर बयान को लेकर अब रविशंकर प्रसाद ने बोला हमला

    बीजेपी नेता रवि शंकर प्रसाद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सेना की क्षमता पर सवाल उठाने का आरोप लगाया है. उन्होंने राहुल गांधी के चीन को लेकर दिए बयान की आलोचना की है.

    उन्होंने उरी और बालाकोट का ज़िक्र करते हुए राहुल गांधी से सवाल किया है कि वो कब तक सेना पर सवाल उठाते रहेंगे.

    राहुल गांधी ने तवांग में भारत और चीन के जवानों की झड़प को लेकर एक बयान में कहा था कि 'चीन अरुणाचल प्रदेश में भारतीय सेना के जवानों को पीट रहा है.'

    इस बयान को लेकर बीजेपी नेता राहुल गांधी को निशाने पर ले रहे हैं.

    रविशंकर प्रसाद ने कहा, ''आपने उरी और बालाकोट के बाद भी सेना की बहादुरी का प्रमाण मांगा था. अब तो ये झूठ फैलाना और देश के मनोबल को तोड़ने का काम बंद करिये. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत बहुत मज़बूत है और अपनी सीमाओं की रक्षा करने में सक्षम है.''

    उन्होंने कहा, ''राहुल गाँधी जी! कब तक आप झूठ बोल बोलकर सेना पर सवाल उठाते रहेंगे? अब तो हमारी सेना की बहादुरी मीडिया में उपलब्ध साक्ष्यों से भी जग ज़ाहिर हो चुकी है, लेकिन फिर भी आप सेना पर सवाल उठा रहे हैं.''

    राहुल गांधी ने कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' के 100 दिन पूरे होने पर प्रेसवार्ता की थी. इस दौरान उन्होंने कहा था, "चीन हमारे ख़िलाफ़ युद्ध की तैयारी कर रहा है लेकिन हमारी सरकार इस बात को स्वीकार करने को तैयार नहीं है, वो सच्चाई छिपा रही है."

    उन्होंने कहा, "चीन ने भारत के दो हज़ार वर्ग किलोमीटर इलाक़े पर कब्ज़ा किया हुआ है, वो भारत के 20 जवानों को शहीद कर चुका है और अरुणाचल प्रदेश में भारतीय सेना के जवानों को पीट रहा है. मैंने कहा था कि भारत की प्रेस मुझसे इस बारे में सवाल नहीं करेगी और मेरी बात सच थी."

    राहुल ने कहा, "हमारी सरकार रणनीतिक तौर पर काम नहीं करती, इवेंट बेस्ड काम करती है. वो सोचते हैं कि यहां पर एक इवेंट करो, वहां पर एक इवेंट करो. लेकिन जब अंतरराष्ट्रीय रिश्तों की बात होती है, जियो-स्ट्रैटजी की बात होती है, वहां पर शक्ति काम करती है."

  14. ट्विटर पर कू का अकाउंट निलंबित, एलन मस्क पर भड़के कू के संस्थापक

    ट्विटर ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट कू का अकाउंट शुक्रवार को निलंबित कर दिया है जिसका कू के सह संस्थापक ने विरोध किया है.

    इससे पहले ट्विटर ने न्यूयॉर्क टाइम्स, सीएनएन और वॉशिगटन पोस्ट के पत्रकारों के अकाउंट को निलंबित कर दिया था.

    कू के सह-संस्थापक मयंक बिदावतका ने ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी. उन्होंने कुछ ही दिनों पहले बनाए गए 'कू एमिनेंस' अकाउंट को बंद करने पर सवाल उठाया है.

    उन्होंने ट्वीट किया, ''मैं भूल गया था, अभी और होना बाकी है. मेस्टडन के अकाउंट पर प्रतिबंध लगाना. मेस्टडन के लिंक को असुरक्षित कहना. कू के हैंडल पर प्रतिबंध लगाना. वाकई, इस आदमी को कितने नियंत्रण की ज़रूरत है.?''

    ''सार्वजनिक रूप से से उपलब्ध जानकारी को पोस्ट करना गलत नहीं है. जिन पत्रकारों ने लिंक डाला उन्होंने कुछ गलत नहीं किया. अपने अनुकूल नीतियां बनाना और भी बुरा है. हर दूसरे दिन अपना रुख बदलना असंगत है. एकदम ही बातचीत के लिए जगह ख़त्म कर देना. ये सूची अंतहीन है. ये लोकतंत्र नहीं है. हमें इसके ख़िलाफ़ बोलना चाहिए!''

    मयंक ने कहा, ''मैंने पहले भी ये कहा है. हम कू चलाते हैं और पत्रकारों को वहां आ जाना चाहिए. कू ट्विटर का सबसे अच्छा विकल्प है. ये जगह जो है आपकी और करोड़ों यूजर्स की वजह से है. हमें इस आदमी के अहम को बढ़ाना नहीं चाहिए.''

    कू एप ट्विटर की तरह ही एक माइक्रोब्लॉगिंग साइट है. इसे मार्च 2020 में लॉन्च किया गया था. इसे बेंगलुरू की बॉम्बीनेट टेक्नोलॉजीस प्राइवेट लिमिटेड ने बनाया है.

  15. रूस-यूक्रेन युद्ध पर पीएम मोदी की सलाह पर अमेरिका ने क्या कहा

    रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर पीएम मोदी के बयान का अमेरिका ने शुक्रवार को स्वागत किया है.

    पीएम मोदी ने कहा था कि किसी भी तरह की हिंसा को नकारते हुए कूटनीति का रास्ता अपनाने पर ज़ोर दिया था.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रमुख उप प्रवक्ता वेदांत पटेल ने कहा, ''हम पीएम मोदी की शब्दों पर भरोसा करते हैं और उनके बयानों का स्वागत करते हैं. रूस से संबंधों को लेकर अन्य देश अपने फ़ैसले खुद लेंगे. हम युद्ध के प्रभाव को कम करने के लिए सहयोगियों के साथ समन्वय जारी रखेंगे.''

    वेदांत पटेल से रूस-यूक्रेन युद्ध में भारत की स्थिति और पीएम मोदी के युद्ध ख़त्म करने के बयान को लेकर सवाल पूछा गया था.

    पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को फ़ोन पर बात की थी.

    इस दौरान यूक्रेन युद्ध को लेकर पीएम मोदी ने दोहराया कि आगे का रास्ता बातचीत और कूटनीति से ही तय हो सकता है. इसके अलावा पीएम ने जी-20 की अध्यक्षता और इससे जुड़ी तैयारियों के बारे में पुतिन को जानकारी दी.

    इससे पहले सितंबर में समरकंद में एससीओ सम्मेलन में पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति से कहा था कि ये समय युद्ध का नहीं है. उन्होंने खाने, ईंधन, सुरक्षा और कीटनाशकों की समस्या के रास्ते निकालने पर ध्यान देने पर ज़ोर दिया था.

    एक अधिकारी ने बताया, "समरकंद में मीटिंग के बाद, दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की जिसमें ऊर्जा सहयोग, व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा सहयोग और अन्य प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं."

  16. ट्विटर ने पत्रकारों के अकाउंट किए निलंबित, यूएन और यूरोपीय संघ ने दी चेतावनी

    ट्विटर पर कुछ पत्रकारों के अकाउंट निलंबित किए जाने के फ़ैसले का यूरोपीय संघ के बाद अब संयुक्त राष्ट्र ने भी विरोध किया है.

    ट्विटर ने न्यूयॉर्क टाइम्स, सीएनएन और वॉशिंगटन पोस्ट के पत्रकारों के अकाउंट को लॉक कर दिया है.

    संयुक्त राष्ट्र (यूएन) ने ट्वीट किया कि मीडिया की आज़ादी ''कोई खिलौना नहीं है.'' वहीं, यूरोपीय संघ ने ट्विटर को प्रतिबंध लगाने की चेतावनी दी थी.

    ट्विटर के प्रवक्ता ने एक अमेरिकी टेक न्यूज़ वेबसाइट को बताया कि पत्रकारों के ट्विटर अकाउंट लोकेशन डाटा को लाइव शेयर करने को लेकर निलंबित किए गए हैं.

    यूएन में ग्लोबल कम्यूनिकेशंस की अंडर सेक्रेट्री जनरल मेलिसा फ्लेमिंग ने कहा कि वो पत्रकारों को "मनमाने ढंग से" ट्विटर से निलंबित किए जाने की खबरों से "काफ़ी परेशान" हैं.

    उन्होंने कहा, ''मीडिया की आज़ादी कोई खिलौना नहीं है. एक स्वतंत्र प्रेस लोकतांत्रिक समाजों की आधारशिला है और हानिकारक दुष्प्रचार के ख़िलाफ़ लड़ाई में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.''

    इससे पहले शुक्रवार को यूरोपीय संघ की कमिश्नर ने ट्विटर को यूरोप के नए डिजिटल सर्विसेज एक्ट के तहत प्रतिबंध लगाने की चेतावनी दी थी.

    उन्होंने कहा कि इस क़ानून के तहत ''मीडिया की स्वतंत्रता और बुनियादी अधिकार का सम्मान ज़रूरी है. एलन मस्क को इसकी जानकारी होनी चाहिए.''

    एलन मस्क ने इस मसले पर सीधे तौर पर कुछ नहीं बोला लेकिन एक ट्वीट में कहा, ''दिनभर मेरी आलोचना करना पूरी तरह से ठीक है लेकिन मेरी रियल-टाइम लोकेशन के बारे में बताना और मेरे परिवार को ख़तरे में डालना ठीक नहीं है.''

  17. बिलावल भुट्टो के पीएम मोदी पर दिए बयान के ख़िलाफ़ बीजेपी का देशव्यापी विरोध प्रदर्शन

    पाकिस्तान के विदेश मंत्री के पीएम मोदी के ख़िलाफ़ दिए गए विवादित बयान के ख़िलाफ़ आज भारतीय जनता पार्टी देशभर में विरोध प्रदर्शन करेगी.

    ये विरोध प्रदर्शन सभी राज्यों की राजधानी में किया जाएगा. इस दौरान बीजेपी के कार्यकर्ता पाकिस्तान के विदेश मंत्री के बयान का कड़ा विरोध करते हुए उनका और पाकिस्तान का पुतला फूकेंगे.

    बीजेपी ने इस संबंध में बयान जारी कर कहा है, ''पाकिस्तान के विदेश मंत्री का बयान पूरी तरह अपमानजनक और कायरता से भरा हुआ है. ये बयान सिर्फ़ सत्ता में बने रहने के लिए दिया गया है.''

    ''इस बयान का मकसद दुनिया को गुमराह करना और पाकिस्तान की गिरती अर्थव्यवस्था, अराजकता, सेना में मतभेद, बिगड़ते वैश्विक रिश्तों और पाकिस्तान के आतंकवाद का गढ़ होने से दुनिया का ध्यान हटाना है.''

    पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने शुक्रवार को कहा था, "ओसामा बिन लादेन मर चुका है पर 'बुचर ऑफ़ गुजरात' ज़िंदा है. और वो भारत का प्रधानमंत्री है. जब तक वो प्रधानमंत्री नहीं बना था तब तक उसके अमेरिका आने पर पाबंदी थी."

    बिलावल भुट्टो की इस टिप्पणी का भारत में काफी विरोध हो रहा है.

    भारत की विदेश राज्य मंत्री और नई दिल्ली से सांसद मीनाक्षी लेखी ने भुट्टो के बयान के जवाब में कहा, "आमतौर पर विदेश मंत्री ऐसी बात नहीं करते. ये वही हैं जिन्होंने बलूचिस्तान में लोगों को 'बुचर' किया है. जिन्होंने कश्मीर में लोगों को मारा है. ये पंजाब के भी बुचर हैं और कराची के भी."

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, ''पाकिस्तान के हिसाब से भी यह बयान काफ़ी निचले स्तर का है. पाकिस्तान के अल्पसंख्यकों के प्रति रवैये में कोई ख़ास बदलाव नहीं आया है. उसे भारत पर लांछन लगाने का कोई अधिकार नहीं है.''

  18. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 16 दिसंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    आज की अहम ख़बरें –

    • पाकिस्तान के विदेश मंत्री के पीएम मोदी के ख़िलाफ़ दिए बयान के ख़िलाफ़ बीजेपी का आज देशभर में विरोध प्रदर्शन.
    • ट्विटर कवर करने वाले कुछ पत्रकारों के अकाउंट निलंबित करने की संयुक्त राष्ट्र और यूरोपीय संघ ने निंदा की है.
    • पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति के साथ फोन पर बातचीत के दौरान यूक्रेन के मसले पर कहा कि संवाद और कूटनीति ही आगे बढ़ने का रास्ता है.
    • आंध्र प्रदेश के पलनाडु ज़िले में वाईएसआरसीपी और टीडीपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद इलाक़े में धारा 144 लगा दी गई है.
    • पूर्व राष्ट्रपति के महाभियोग को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बाद पेरू में दो मंत्रियों ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.