You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बिहार: ज़हरीली शराब से मरने वालों की संख्या बढ़कर 36 हुई

बिहार के सारण में ज़हरीली शराब से मरने वालों की संख्या बढ़कर 36 हो गई है.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश and शुभम किशोर

  1. बिहार: ज़हरीली शराब से मरने वालों की संख्या बढ़कर 36 हुई

      • Author, चंदन कुमार जजवाड़े
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, बिहार से

    बिहार के सारण में ज़हरीली शराब से मरने वालों की संख्या बढ़कर 36 हो गई है.

    सिविल सर्जन, छपरा और छपरा सदर हॉस्पिटल के रिकॉर्ड के मुताबिक़ अब तक छपरा में 33 और पटना के पीएमसीएच में रेफर किए गए तीन मरीज़ों की मौत हो गई है.

    इसके अलावा इशुआपुर और फोजी नामक जगह में कुल 7 मरीज़ मिले हैं. ये लोग ज़हरीली शराब पीकर घर में ही छुपे हुए थे और वहीं पर अपना इलाज करवा रहे थे.

    सिविल सर्जन और बाकी कई टीम इलाक़े के घर-घर जाकर जांच कर रही है. लोगों से अपील की जा रही है कि मौत की इतनी खबरें सुनने के बाद वो सावधानी बरतें.

    बिहार में छह साल पहले की गई शराबबंदी के बाद से ज़हरीली शराब से मरने वालों का ये अब तक का सबसे बड़ा मामला है.

    यूपी, हरियाणा से आ रही शराब - तेजस्वी

    बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा है कि बिहार में शराब की सप्लाई उत्तर प्रदेश और हरियाणा से हो रही है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ उन्होंने कहा, "ज़्यादातर शराब यूपी और हरियाणा से आ रही है जहां बीजेपी सत्ता में है और वो कोई जांच नहीं कर रहे. हमें पता चला है नेता प्रतिपक्ष के घर से 108 कार्टन शराब मिली है."

    इस बीच पुलिस ने दावा किया है कि शराब कारोबारियों से वो सख़्ती से निपट रही है.

    बिहार के सारण में ज़हरीली शराब से हुई मौतों के बाद पुलिस लगातार शराब बनाने वालों के ख़िलाफ़ कार्रवाई कर रही है. पुलिस का दावा है कि पिछले 24 घंटों में उन्होंने ज़िले से 87 लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    पुलिस के मुताबिक़ उन्होंने 61 लीटर शराब बरामद की है, 30 शराब की भट्टियों को नष्ट किया है और 13,000 लीटर आधी बनी शराब को नष्ट किया है.

    सारण के पुलिस कार्यालय से जारी एक प्रेस रिलीज़ में बताया गया कि पिछले 72 घंटों में 213 लोगों की गिरफ़्तारियां हुई हैं और 5,179 लीटर शराब बरामद की है.

  2. मलेशिया भूस्खलन: कम से कम 21 लोगों की मौत, कई अभी भी लापता

    मलेशिया के सेलान्गोर राज्य में भूस्खलन से होने वाली मौतों का अंकड़ा बढ़कर कम से कम 21 हो गया है. मारे जाने वालों में बच्चे भी शामिल हैं.

    ये हादसा सेलान्गोर के बतांग काली शहर में एक कैंम्प के पास हुआ. ये भूस्खलन शुक्रवार को सवेरे 03.00 बजे उस वक्त हुआ जब रात को परिवार टेन्ट के भीतर सो रहे थे.

    शुक्रवार से यहां मिट्टी के भीतर फंसे लोगों की तलाश का काम तेज़ी से चल रहा है.

    कैंम्प के मैनेजर का कहना है कि 51 वयस्क और 30 बच्चों ने रात भर कैम्प में रुकने के लिए अपना नाम रजिस्टर करवाया था.

    मलेशियाई प्रशासन के हवाले से स्थानीय मीडिया में ख़बरें आ रही हैं कि 700 अधिकारी राहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं और 14 लोग अभी भी लापता है.

    मलेशिया अग्निशमन विभाग ने कहा है कि मरने वालों में कम से कम चार बच्चे शामिल हैं.

    वहीं न्यू स्ट्रेट्स टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार कैंम्प में 20 प्राइमरी स्कूल टीचर और उनके परिजन कैम्प में रुके हुए थे.

    मलेशिया अग्निशमन विभाग और आपदा विभाग ने कहा है कि कैम्प से सटी 100 फ़ीट की पहाड़ी के खिसकने से ये "भीषण त्रासदी" हुई है. सरकारी अधिकारियों का कहना है कि भूस्खलन के कारण चार लाख पचास हज़ार वर्ग मीटर ज़मीन केम्प की जगह पर बहकर आ गई.

    स्थानीय सरकार के विकास मंत्री एनगा कोर मिंग ने कहा है कि ये कैंम्प अवैध रूप से काम कर रहा था.

    उन्होंने आदेश दिया है कि नदियों, झरनों और पहाड़ियों के पास बने सभी 'अधिक जोखिम वाले' कैम्प तुरंत प्रभाव से सात दिनों के लिए बंद कर दिए जाएं.

    डिप्टी प्रधानमंत्री ज़ाहिद हमीदी ने कहा है कि इस चेतावनी पर गंभीरता से अमल किया जाए क्योंकि आने वाले वक्त में मौसम और ख़राब हो सकता है.

  3. रूस ने यूक्रेन पर द़ाग़ी 76 मिसाइलें, इनमें से अधिकतर क्रूज़ मिसाइलें

    रूस ने शुक्रवार को यूक्रेन के कई शहरों पर ताबड़तोड़ मिसाइलें दाग़ी हैं. रूस ने 76 मिसाइलों के साथ यूक्रेन के कई शहरों में हमले किए हैं.

    यूक्रेन ने कहा है कि इस ताज़ा हमले में उसके नौ उर्जा फैसिलिटीज़ को नुक़सान पहुंचा है जिससे देश में उर्जा की खपत आधे से भी कम हो गई है.

    यूक्रेनी सेना के प्रमुख ने कहा है कि रूस ने 76 मिसाइलें दाग़ी हैं, जिनमें से अधिकतर क्रूज़ मिसाइलें हैं.

    यूक्रेन ने इनमें से 60 को इंटरसेप्ट कर लिया था. यूक्रेन ने इन हमलों में अब तक केंद्रीय यूक्रेन और दक्षिण में खेरसोन में तीन आम नागरिकों के मारे जाने की पुष्टि की है.

    यूक्रेन के रक्षा मंत्री के सलाहकार यूरी सैक ने कहा, "ताज़ा हमलों में हुआ नुक़सान बेहद महत्वपूर्ण है. उर्जा पर मुख्य सरकारी एजेंसी ने कहा है कि इलेक्ट्रिसिटी ग्रिड का पचास फ़ीसदी काम प्रभावित हुआ है."

    "मरम्मत का काम तेज़ी से चल रहा है लेकिन कई शहर हैं जो बुरी तरह प्रभावित हुए हैं. राजधानी कीएव के कई हिस्सों में इमर्जेंसी पावरकट करना पड़ा है."

    ख़रकीएव समेत कई दूसरे इलाकों में बिजली की सप्लाई पूरी तरह से बंद हो गई है.

    यूरी सैक ने कहा कि आपातकालीन सेवाएं काम कर रही हैं, लेकिन हालात "अभी भी मुश्किल हैं".

    बीते दिनों यूक्रेन पर रूस के हमलों में तेज़ी आई है और उसने यूक्रेन के रिहायशी इलाकों पर और उर्जा इन्फ्रास्ट्रक्चर पर हमला किया है.

    यूक्रेन के रूस पर 'ठंड को हथियार की तरह इस्तेमाल' करने का आरोप लगाया है.

  4. जोधपुर: सिलेंडर ब्लास्ट मामले में अब तक 32 मौत, परिजनों ने शव लेने से किया इनकार

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान में जोधपुर ज़िले के शेरगढ़ थाना इलाक़े में आठ दिसंबर को सिलेंडर फटने से हुई घटना में मौतों की संख्या बढ़कर 32 हो गई हैं. अभी 9 झुलसे हुए मरीजों की स्थिति गंभीर बनी हुई है.

    बीते दो दिन में सात और लोगों की मौत होने के बाद, परिजनों ने अब मृतकों के शव लेने से इंकार कर दिया है. अपनी मांगों को लेकर परिजन दो दिन से अस्पताल में ही धरने पर बैठे हुए हैं.

    परिजनों ने मांग पूरी नहीं होने तक शव लेने से इंकार कर दिया है. जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती मरीजों का इलाज जारी है.

    अस्पताल की मेडिकल सुप्रीटेंडेंट डॉ राजश्री बेहरा ने बीबीसी से कहा, "अस्पताल में 53 लोगों को भर्ती किया गया था. अब तक 32 लोगों की मौत हो चुकी हैं. दो लोगों को मृत अवस्था में लाया गया था. सात शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं, क्योंकि परिजनों ने शव लेने से इंकार कर दिया है."

    डॉ बेहरा ने कहा, "अभी 9 मरीज़ आईसीयू में हैं जिनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. जबकि, वार्ड में 9 मरीज़ों का इलाज जारी है."

    जोधपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने बीबीसी से कहा, "मृतकों के परिजन बुधवार शाम से अस्पताल में धरने पर हैं. ये लोग मुआवज़ा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं. कलेक्टर और मैं परिजनों से बातचीत कर रहे हैं."

    आठ दिसंबर को शेरगढ़ थाना क्षेत्र की भूंगरा बस्ती में एक शादी कार्यक्रम के दौरान चार सिलेंडर फटने की घटना हुई थी.

    ख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अस्पताल पहुंच कर पीड़ितों से मुलाक़ात कर आर्थिक सहायता की भी घोषणा की थी.

    इधर, जोधपुर की इस घटना को गैस त्रासदी का नाम दिया जा रहा है. राज्य में पहली बार इस तरह की घटना में बड़ी संख्या में मौत हुई हैं.

    केंद्र सरकार ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए और घायलों को पचास हज़ार रुपए की घोषणा की है.

  5. दिनभर पूरा दिन पूरी ख़बर प्रेरणा और अंजुम शर्मा के साथ

    पॉडकास्ट में आज बात पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो के विवादित बयान से लेकर भारतीय राजनीति, फिल्म और खेल की.

    संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में प्रधानमंत्री मोदी के ख़िलाफ़ पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो के बिगड़े बोल,भारत सरकार ने कहा - बयान निम्नस्तरीय, पाकिस्तानी उच्चायोग के बाहर बीजेपी का प्रदर्शन वैश्विक मंच पर ऐसे विवादित बयान देकर क्या हासिल करना चाहता है पाकिस्तान, विश्लेषण करेंगे पाकिस्तान के वरिष्ठ पत्रकार

  6. LIVE: 'निर्भया' गैंगरेप के 10 साल बाद उनकी मां से बातचीत कर रहे हैं बीबीसी संवाददाता राघवेंद्र राव., कैमरा: शाहनवाज़ अहमद

  7. भारत के विदेश मुद्रा भंडार में 2.908 अरब डॉलर की वृद्धि

    रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया के आंकड़ों के अनुसार, नौ दिसंबर को ख़त्म हुए हफ़्ते में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 2.908 अरब डॉलर बढ़कर 564.06 अरब डॉलर पर पहुंच गया है.

    इससे पिछले वाले हफ़्ते में विदेशी मुद्रा भंडार में 11 अरब डॉलर की वृद्धि हुई थी और ये बढ़कर 561.16 अरब डॉलर पर पहुंच गया था. समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, ये लगातार पांचवां हफ़्ता है जब विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि दर्ज की गई है.

    अक्टूबर 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार अपने सबसे उच्चतम स्तर 654 अरब डॉलर पर पहुंच गया था.

  8. पीएम मोदी पर बिलावल भुट्टो की टिप्पणी के ख़िलाफ़ बीजेपी ने पाकिस्तानी दूतावास के बाहर प्रदर्शन किया

    पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो की भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी के विरोध में बीजेपी नेताओं ने पाकिस्तान दूतावास के बाहर प्रदर्शन किया. बिलावल भुट्टो ने पीएम मोदी के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था.

    बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तानी दूतावास के बाहर पाकिस्तान के ख़िलाफ़ नारे लगाए.

    भुट्टो के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहे एक प्रदर्शनकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "हम भुट्टो की टिप्पणी की निंदा करने हैं. वो पीएम मोदी के ख़िलाफ़ ऐसी भाषा का इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं."

    वहीं मौजूद एक दूसरे नेता ने कहा, "पाकिस्तान को संयुक्त राष्ट्र से बाहर निकाल देना चाहिए. वो आतंकवाद को बढ़ावा देते हैं."

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर की पाकिस्तान के ख़िलाफ़ तीखी टिप्पणी के जवाब में बिलावल भुट्टों ने पीएम मोदी के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी.

  9. राजस्थान कांग्रेस में गुटबाज़ी के सवाल पर क्या बोले राहुल गांधी

    राजस्थान कांग्रेस में गुटबाज़ी के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा है कि हमारी पार्टी के लोग अगर कुछ बोलना चाहें तो हम उन्हें डराकर चुप नहीं करते हैं.

    जयपुर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दफ़्तर में मीडिया से बातचीत में राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर कहा, "पार्टी में बातचीत हमें ठीक लगती है, उससे दिक्कत नहीं है. राजस्थान ही नहीं पूरे देश में हमारा ऐसा ही है."

    "ज़्यादा नुक़सान नहीं होना चाहिए, अगर नुक़सान होता है तो हम कार्रवाई करते हैं लेकिन कांग्रेस की विचार धारा है कि हमारी पार्टी के लोग अगर कुछ बोलना चाहें तो हम उन्हें डराकर चुप नहीं करते."

    भारत जोड़ो यात्रा के बाद क्या राजस्थान कांग्रेस में सबकुछ ठीक हो जाएगा, इस सवाल पर राहुल गांधी ने कहा, "मेरी राय है कि कांग्रेस पार्टी का मुख्य मुद्दा ये है कि हमें पार्टी के आम कार्यकर्ता की बात सुननी है. बयानबाज़ी को लेकर पार्टी में कोई कन्फ्यूजन नहीं है. हमारी पार्टी डिक्टेटरशिप की पार्टी नहीं है. हमारी पार्टी फासीवादी पार्टी नहीं है."

    बीजेपी के ख़िलाफ़ कांग्रेस की संभावनाओं के सवाल पर उन्होंने कहा, "आप मेरे शब्दों को नोट कर लीजिए. कांग्रेस पार्टी एक दिन बीजेपी को हरा देगी. मेरे और कांग्रेस पार्टी के ख़िलाफ़ सुनियोजित तरीके से डीफेमेशन कैम्पेन चलाया जा रहा है. कांग्रेस विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है और वो फासीवाद के ख़िलाफ़ अडिग है."

    राजस्थान के दौसा में आज इस यात्रा के सौ दिन पूरे हो गए. सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री और प्रतिभा सिंह के अलावा हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के सभी नवनिर्वाचित विधायकों ने हिस्सा लिया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का प्रभाव क्षेत्र माने जाने वाले दौसा में कांग्रेस की इस यात्रा में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे.

    राहुल गांधी के साथ चल रहे सचिन पायलट के समर्थन में स्थानीय कांग्रेस समर्थकों ने नारे भी लगाए. सचिन पायलट और उनके पिता राजेश पायलट दोनों ही दौसा का लोकसभा में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.

  10. दक्षिण कोरिया में औरतें क्यों हैं नाराज़?

    दक्षिण कोरिया ने हाल के वर्षों में काफी तरक्की की है. लेकिन महिला अधिकारों के मामले में इस देश का रिकॉर्ड उतना ही ख़राब रहा है. दुनिया के तमाम धनी देशों में यहां औरतों की सैलरी पुरुषों के मुक़ाबले कम है.

    यहां बोर्ड-रूम से लेकर राजनीति तक हर जगह पुरुषों का दबदबा है, लेकिन दक्षिण कोरिया के नए राष्ट्रपति इस समस्या को दूर करने के बजाए जेंडर इक्वॉलिटी मिनिस्ट्री को ही ख़त्म कर रहे हैं.

    इससे महिलाओं में इस बात का डर है कि जो थोड़े-बहुत अधिकार उन्होंने हासिल किए थे, वो भी अब उनसे छिन सकते हैं. देखिए सोल से बीबीसी संवाददाता जीन मैकेंज़ी की ये रिपोर्ट जिसका कुछ ब्यौरा आपको विचलित कर सकता है.

  11. पीएम मोदी ने रूस के राष्ट्रपति पुतिन से फ़ोन पर की बात, क्या हुई चर्चा

    पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को फ़ोन पर बात की. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक दोनों देशों के प्रमुख ने ऊर्जा, व्यापार और रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की.

    यूक्रेन युद्ध को लेकर पीएम मोदी ने दोहराया कि आगे का रास्ता बातचीत और कूटनीति से ही तय हो सकता है. इसके अलावा पीएम ने जी-20 की अध्यक्षता और इससे जुड़ी तैयारियों के बारे में पुतिन को जानकारी दी.

    एक अधिकारी ने बताया, "समरकंद में मीटिंग के बाद, दोनों नेताओं ने द्वीपक्षीय संबंधों की समीक्षा की जिसमें ऊर्जा सहयोग, व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा सहयोग और अन्य प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं."

    "प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति पुतिन को जी-20 की भारत की वर्तमान अध्यक्षता के बारे में जानकारी दी, और इसकी प्रमुख प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला. उन्होंने शंघाई सहयोग संगठन की भारत की अध्यक्षता के दौरान दोनों देशों के साथ मिलकर काम करने की भी उम्मीद जताई."

    मोदी इस साल भारक-रूस सलाना समिट में इस साल हिस्सा नहीं लेंगे. पुतिन पिछली साल समिट में हिस्सा लेने भारत आए थे.

  12. यहां रोबोट बच्चों को पढ़ाते हैं

    बेंगलुरु के एक ऐसे स्कूल में रोबोट छात्रों को पढ़ा रहे हैं. बच्चे इससे काफ़ी खुश भी हैं.

    छात्रों के साथ-साथ ये टीचर्स के भी फेवरेट बन गए हैं. कैसे? देखिए तुलसी प्रसाद रेड्डी की ये ख़ास रिपोर्ट.

  13. भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन: सीएम समेत हिमाचल कांग्रेस के सारे विधायक हुए शामिल

    हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उनके डिप्टी मुकेश अग्निहोत्री और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की चीफ़ प्रतिभा वीरभद्र सिंह ने शुक्रवार को राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लिया.

    राजस्थान के दौसा में आज इस यात्रा के सौ दिन पूरे हो गए. सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री और प्रतिभा सिंह के अलावा हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के सभी नवनिर्वाचित विधायकों ने हिस्सा लिया.

    यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के विधायक बेटे विक्रमादित्य सिंह और हिमाचल कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला भी शामिल हुए.

    सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यात्रा के बाद ट्वीट किया, "कदम कदम मिलाए जा, सब को गले लगाए जा. यह जिंदगी है कोम की, तू कोम पर लुटाए जा. भारत जोड़ो यात्रा, राहुल जी के साथ. जय कांग्रेस."

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का प्रभाव क्षेत्र माने जाने वाले दौसा में कांग्रेस की इस यात्रा में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे.

    राहुल गांधी के साथ चल रहे सचिन पायलट के समर्थन में स्थानीय कांग्रेस समर्थकों ने नारे भी लगाए. सचिन पायलट और उनके पिता राजेश पायलट दोनों ही दौसा का लोकसभा में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.

  14. ज़हरीली शराब ने इन परिवारों के अपनों को छीन लिया

    6 साल के अनूप को जिस उम्र में पिता के गोद में होना था, वह पिता की अर्थी को मुखाग्नि देकर लौटा है. घर में तीन और बहने हैं एक मां है. पिता हरेंद्र राम मजदूरी करते थे फिर जाकर सभी बच्चों और परिवार का पेट भरता था.

    लेकिन अब परिवार का सहारा ख़त्म हो गया और दुनिया उजड़ गयी. आज घर में कुछ लोग आए हैं जो सांत्वना दे रहे हैं कल से उनको रोटी कौन देगा किसी को पता नहीं. पत्नी शीला देवी के सामने एक वीरान दुनिया है और अंधेरे में डूबा भविष्य.

    वह बहुत मुश्किल से बता पा रही हैं की मंगलवार को क्या हुआ. शराब पीकर घर आने के बाद हरेंद्र राम की तबीयत बिगड़ी और उन्हें पहले पास के ही सामुदायिक चिकित्सा केंद्र ले जाया गया जहां से छपरा के सदर हॉस्पिटल रेफर किया गया लेकिन यह छोटी सी दूरी उनके लिए बहुत लंबी साबित हुई और हरेंद्र राम ने 40 साल की उम्र में इन सब की दुनिया वीरान कर दी है.

    जहरीली शराब पीकर मौत का यह तांडव छपरा ने पहली बार देखा है. जिस राज्य में शराब पर सख़्त पाबंदी हो वहां शराब कैसे पहुँच रही है. इसपर स्थानीय लोग प्रशासन को जिम्मेदार मानते हैं.

    जिलाधिकारी के पास अभी भी मरने वालों का आंकड़ा 26 तक पहुंचा है, हालांकि स्थानीय लोग आशंका जता रहे हैं कि मरने वालों की तादाद इससे कहीं ज्यादा हो सकती है.

  15. ज़हरीली शराब से मौत के मामले में मानवाधिकार आयोग ने बिहार सरकार को भेजा नोटिस

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने बिहार में ज़हरीली शराब से हुई मौत के मामले में बिहार सरकार को नोटिस दिया है. आयोग ने मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर स्वत: संज्ञान लिया है.

    बिहार में अप्रैल 2016 में शराबबंदी लागू की गई थी. मानवाधिकार आयोग ने कहा है कि इसे ठीक से लागू नहीं किया गया है.

    आयोग का कहना है कि मीडिया में आ रही रिपोर्ट्स अगर सही हैं, तो ये मानवाधिकार के लिहाज़ से चिंताजनक है. ये प्रतीत होता है कि राज्य सरकार शराब की बिक्री और खपत पर प्रतिबंध लगाने में विफल रही है.

    आयोग न बिहार के डीजीपी, मुख्य सचिव को नोटिस भेजकर मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है, साथ ही एफ़आईआर और पीड़ितों के मेडिकल ट्रीटमेंट से जुड़ी सारी जानकारियां मांगी हैं.

    आयोग ने पूछा है कि क्या परिवारों को किसी तरह का मुआवज़ा दिया गया है.

    आयोग ने कहा कि वो ये भी जानना चाहते हैं कि हादसे के लिए ज़िम्मेदार अफ़सरों के ख़िलाफ़ क्या कार्रवाई की गई हैं. आयोग ने चार हफ़्तों के अंदर जवाब मांगा है.

  16. ब्रिटेन ने बताया, भारतीयों का 15 दिनों में मिल रहा है वीज़ा

    भारत में ब्रिटेन के उच्चायुक्त एलेक्स एलिस ने कहा है कि भारतीयों का वीज़ा अब 15 दिनों में प्रोसेस हो जा रहा है.

    एलिस ने वीडियो ट्वीट में कहा, "हमने दो महीने पहले वादा किया था कि भारतीयों का विज़िट वीज़ा 15 दिनों के अंदर प्रोसेस किया जाएगा. शानदार बात ये है कि टीम ने इसे हासिल कर लिया है."

    हालांकि उन्होंने कहा कि कुछ मामले ऐसे हैं, जिनमें देरी हो रही है.

    उन्होंने स्टूडेंट वीज़ा अप्लाई करने वालों से कहा है कि वो इसके लिए जल्दी करें क्योंकि बड़ी संख्या में आवेदन आ रहे हैं.

  17. भारत-चीन बॉर्डर की कहानी जिस पर इतना तनाव है

    पिछले कुछ सालों में भारत और चीन के बीच सीमा पर झड़प और तनाव की ख़बरें आती रही हैं. अब अरुणाचल प्रदेश के तवांग की घटना के बाद एक बार फिर सीमा विवाद बढ़ता दिख रहा है.

    लेकिन सिर्फ तवांग ही नहीं दोनों देशों के बीच सीमा पर कई इलाक़ों में विवाद है. साल 2020 में गलवान में भारत और चीन के बीच संघर्ष हुआ. इसके बाद चीन ने पूर्वी लद्दाख़ की पैंगोंग त्सो झील में अपनी गश्ती नौकाओं की तैनाती बढ़ा दी थी.

    ये इलाक़ा लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा यानी LAC के पास है. अब ये समझने की कोशिश करते हैं कि LAC क्या है और वहां हो रहे इस तनाव का कारण क्या है? देखिए ये रिपोर्ट.

  18. #INDvBAN भारत ने बांग्लादेश को 513 रन का दिया लक्ष्य

    बांग्लादेश के चट्टोग्राम में खेले जा रहे टेस्ट मैच में भारत ने मेजबान टीम को जीत के लिए 513 रन का लक्ष्य दिया है.

    पहली पारी में 404 रन बनाने के बाद भारत ने अपनी दूसरी पारी 258 रन पर घोषित कर दी.

    बांग्लादेश की टीम अपनी पहली पारी में केवल 150 रन ही बना पाई जिसके बाद मेहमान टीम ने 258 रन बनाए.

    दूसरी पारी में भारत की ओर से केएल राहुल ने 23 रन, शुभमान गिल ने 110 रन बनाए.

    चेतेश्वर पुजारा 102 और विराट कोहली 19 बनाकर नॉट आउट रहे. शुक्रवार को मैच के तीसरे दिन का खेल खेला जा रहा है.

    बांग्लादेश की तरफ़ से नजमुल हुसैन शांतो और ज़ाकिर हुसैन ने पारी की शुरुआत की है.

  19. COVER STORY: ईरान में महिलाओं की सीक्रेट डायरी

    ईरान की सरकार का कहना है कि हिजाब और सत्ता विरोधी प्रदर्शन पश्चिमी देशों की साज़िश है. लेकिन प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ईरानी सुरक्षाबल उन पर ज़ुल्म ढा रहे हैं.

    बीते ढाई महीने से वहां की महिलाएं अपने विचार, वॉइस नोट्स, लेख और स्केच बीबीसी संवाददाता सबा ज़वारेई को भेज रही हैं.

    इस रिपोर्ट में ऐसी ही तीन महिलाएं की कहानी को शामिल किया गया है. उनकी सुरक्षा को देखते हुए उनके नाम बदल दिए गए हैं.

  20. ज़हरीली शराब मामले पर बिहार में विपक्ष का प्रदर्शन, कहा - दारू, बालू और भ्रष्टाचार सरकार का एजेंडा है

    बिहार के सारण में ज़हरीली शराब से मरने वालों की संख्या शुक्रवार को 30 पहुंच गई. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक बिहार में छह साल पहले की गई शराबबंदी के बाद से ज़हरीली शराब से मरने वालों का सबसे बड़ा मामला है.

    शुक्रवार को बिहार विधानसभा में ये मुद्दा छाया रहा और बीजेपी ने विधानसभा की कार्रवाई के दौरान हंगामा किया और राजभवन की ओर मार्च किया.

    बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने मीडिया से बात हुए मरने वालों को मुआवज़ा देने की मांग की.

    उन्होंने कहा, "हमने गवर्नर से कहा है कि ज़रहीली शराब के कारण हज़ारों लोगों की जान जा चुकी है. मरने वालों की संख्या छुपाई जा रही है और विपक्ष की आवाज़ को दबाया जा रहा है."

    उन्होंने कहा, "सरकार क्रिमिनल को प्रोटेक्शन दे रही है. दारू, बालू और भ्रष्टाचार सरकार का एजेंडा बन गया है. हमने राज्यपाल के गुज़ारिश कि है कि मामले में दखल दें और ज़रूरी हो तो सरकार को बर्खास्त करें."

    हालांकि नीतीश कुमार ने विधानसभा में कहा, "मत पियो... मरोगे... इसका तो हम और ज़्यादा प्रचार करते हैं. दारू पीकर मर जाएगा तो उसको हम लोग कम्पनशेशन देंगे? सवाल ही नहीं पैदा होता है, ये कभी मत सोचिए."

    "अगर यही करना है तो सब मिलकर तय कर लीजिए खूब कहिए कि शराब पियो. ये सब बात ठीक नहीं है. पिएगा, गड़बड़ पिएगा तो मरेगा. इसलिए इस बात का ध्यान रखिए."

    सारण के डीएम राजेश मीणा ने पीटीआई को फ़ोन पर बताया कि मरने वालों की संख्या 30 हो गई है, हालांकि अपुष्ट रिपोर्टों में ये संख्या 50 बताई जा रही है.

    डीएम अपने बायन पर कायम है कि मौत "संभावित तौर पर ज़रहीली शराब पीने से हुई है" जिसकी पुष्टि विसरा जांच के बाद ही हो पाएगी.