ईरान: सरकार विरोधी प्रदर्शन में दूसरे शख़्स को सरेआम मौत की सज़ा

इमेज स्रोत, Getty Images
ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन को लेकर दूसरे व्यक्ति को सरेआम मौत की सज़ा दी गई है.
ईरान की ज्यूडिशियरी ने बताया कि माजिद रज़ा को मशाद शहर में सार्वजनिक तौर पर मौत की सज़ा दी गई.
उन्हें सुरक्षा बलों के दो लोगों की चाकू मारकर जान लेने के मामले में दोषी ठहराया गया.
सरकार विरोधी प्रदर्शन को लेकर बीते गुरुवार को मोहसिन शेकारी को फांसी पर लटकाया गया था.
तब ब्रिटेन के विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली ने कहा था, “ईरान शासन की ओर से अपने ही लोगों ख़िलाफ़ की जा रही हिंसा पर दुनिया आंखें मूंदकर नहीं रह सकती है.”
विरोध प्रदर्शन
ईरान में बीते करीब तीन महीने से सरकार के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. इसकी शुरुआत 22 साल की महसा अमीनी की मौत के बाद हुई. महसा को ईरान की मोरेलिटी पुलिस ने हिरासत में लिया था. बाद में उनकी मौत हो गई थी.
पुलिस ने महसा को हिरासत में लेने की वजह बताई थी कि उन्होंने हिजाब ठीक तरह से नहीं पहना था. महसा की मौत राजधानी तेहरान में हुई थी. उनकी मौत के बाद देश के 31 राज्यों के करीब 160 शहरों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए.
विरोध प्रदर्शनों को ईरान की सरकार के लिए सबसे बड़ी चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है.















