यूक्रेन युद्धः देश के दक्षिणी शहरों में जारी है भीषण लड़ाई

दक्षिणी यूक्रेन में भीषण लड़ाई चल रही है. रूस और यूक्रेन दोनों की ही तरफ़ से बड़े हमले हुए हैं.

लाइव कवरेज

मानसी दाश, कीर्ति दुबे and दिलनवाज़ पाशा

  1. रूस-यूक्रेन युद्धः देश के दक्षिणी शहरों में जारी है भीषण लड़ाई

    लड़ाई के बाद लगी आग

    इमेज स्रोत, BALITSKYEV

    दक्षिणी यूक्रेन में भीषण लड़ाई चल रही है. रूस और यूक्रेन दोनों की ही तरफ़ से बड़े हमले हुए हैं.

    रूस ने ओडेसा शहर पर ड्रोन से हमले किए हैं वहीं रूस के नियंत्रण वाले मेलितोपोल शहर पर यूक्रेन ने हमला किया है.

    यूक्रेन की सेना का कहना है कि ओडेसा पर दागे गए 15 में दस ड्रोन को उसने मार गिराया लेकिन बाक़ी पांच ड्रोन ने ऊर्जा सेक्टर को निशाना बनाया जिसकी वजह से बिजली चली गई है और पंद्रह लाख लोग अंधेरे में हैं.

    इसके बाद मेलितोपोल के निर्वासित मेयर ने कहा कि रूस के नियंत्रण वाले शहर पर यूक्रेन ने हमला किया है.

    मेलितोपोल में मास्को के तैनात किए गए अधिकारियों ने तस्वीरें जारी की हैं जिनमें बड़े पैमाने पर आग लगी दिख रही है.

    यूक्रेन के अधिकारियों का कहना है कि दक्षिणी यूक्रेन के बंदरगाह वाले तटीय शहर ओडेसा पर रूस का ड्रोन हमला दर्शाता है कि रूस ईरान में बने ड्रोन से यूक्रेन के अहम इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बना रहा है.

    अक्तूबर के बाद से रूस यूक्रेन के ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर पर ड्रोन और मिसाइल हमले कर रहा है.

    वहीं मेलितोपोल में रूस समर्थक प्रशासन का कहना है कि यूक्रेन के मिसाइल हमले में दो लगो मारे गए हैं और दस घायल हुए हैं.

    रूस का कहना है कि यूक्रेन ने हमले में अमेरिका से मिले हिमार्स रॉकेट लांचरों का इस्तेमाल किया है.

  2. चोटिल रोहित शर्मा बांग्लादेश के ख़िलाफ़ पहला टेस्ट नहीं खेलेंगे, राहुल होंगे कप्तान

    रोहित शर्मा

    इमेज स्रोत, PANKAJ NANGIA

    रोहित शर्मा बांग्लादेश के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट मैच में नहीं खेलेंगे. बीसीसीआई ने ये जानकारी देते हुए बताया है कि पहले टेस्ट में केएल राहुल कप्तानी करेंगे.

    सेलेक्शन कमिटी ने रोहित शर्मा की जगह अभिमन्यु ईश्वरन को टीम में जगह दी है. रोहित शर्मा को बांग्लादेश के ख़िलाफ़ दूसरे वनडे में चोट लग गई थी. वो तीसरे वनडे में भी नहीं खेल पाए थे.

    चयनकर्ताओं ने चोटिल मोहम्मद शमी और रवींद्र जडेजा की जगह नवदीप सैनी और सौरभ कुमार को जगह दी है.

    बीसीसीआई ने जानकारी दी है कि मेडिकल टीम रोहित की चोट को लेकर आगे फ़ैसला लेगी और तभी उनके दूसरे टेस्ट में खेलने का अंतिम निर्णय होगा. टेस्ट टीम में जयदेव उनदकट को भी जगह दी गई है.

    भारत और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट 14 दिसंबर से चटगांव में खेला जाएगा.

  3. सीरिया में अमेरिकी हेलीकॉप्टरों का हमला, आईएस के दो लड़ाके मारे गए

    अमेरिकी सेना के हेलीकॉप्टर की फ़ाइल तस्वीर

    इमेज स्रोत, MOD

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी सेना के हेलीकॉप्टर की फ़ाइल तस्वीर

    अमेरिका का कहना है कि उसकी सेना ने पूर्वी सीरिया में हेलीकॉप्टर से किए एक हमले में इस्लामिक स्टेट समूह के दो नेताओं को मार दिया है.

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड की तरफ़ से जारी एक बयान में कहा गया है कि मारे गए दो लोगों में से एक का नाम अनस है जो इस क्षेत्र में इस्लामिक स्टेट की गतिविधियों के लिए ज़िम्मेदार थे.

    सेंट्रल कमांड का कहना है कि उसका मानना है इस हमले में किसी नागरिक की मौत नहीं हुई है और ना ही कोई घायल हुआ है.

    अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन समय-समय पर इस तरह के हमले करता रहता है. पेंटागन का कहना है कि इस तरह के हमलों से वो इस्लामिक स्टेट के अभियानों को चोट पहुंचाते हैं.

    वहीं सीरिया में तुर्की भी कुर्द लड़ाकों के ख़िलाफ़ अभियान चला रहा है. पिछले महीने अमेरिका ने कहा था कि उसके समर्थक कुर्द लड़ाकों पर इन हमलों की वजह से अमेरिकी सैन्यबलों पर भी ख़तरा रहता है

  4. अफ़ग़ानिस्तान-पाकिस्तान सीमा पर गोलीबारी, 6 की मौत 17 घायल

    तालिबान के लड़ाके (फ़ाइल तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, तालिबान के लड़ाके (फ़ाइल तस्वीर)

    पाकिस्तान की सेना का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान सीमा पर अफ़ग़ानिस्तानी सुरक्षा बलों के साथ हुई झड़प में पाकिस्तान के छह नागरिक मारे गए हैं और 17 घायल हुए हैं.

    ये झड़प पाकिस्तान के बलूचिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के कंधार प्रांत की सीमा के करीब चमन चौकी पर हुई.

    पाकिस्तान का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान की तरफ़ से बिना किसी उकसावे के हमला किया गया है और उसके सीमा सुरक्षा बलों ने पर्याप्त जवाब दिया है.

    पाकिस्तान का कहना है कि पाकिस्तानी सीमा सुरक्षा बलों ने नागरिकों पर हमला नहीं किया है.

    पाकिस्तान का ये भी कहना है कि उसने तालिबान प्रशासन से संपर्क किया है और ऐसा फिर से ना हो इसकी गारंटी मांगी है.

    सीमा पर एक महीने पहले हुई इसी तरह की गोलीबारी में एक पाकिस्तानी गार्ड की मौत हो गई थी.

    अफ़ग़ानिस्तान में पहले जब तालिबान शासन आया था तब पाकिस्तान उन चुनिंदा देशों में से एक था जिसने उसे मान्यता दी थी.

    लेकिन तालिबान के मौजूदा प्रशासन के साथ पाकिस्तान के रिश्ते उतार-चढ़ाव भरे हैं.

    पाकिस्तान में सेना पाकिस्तानी तालिबान लड़ाकों के ख़िलाफ़ भी लड़ रही है.

  5. दक्षिण कोरिया हादसाः संसद ने देश के गृह मंत्री का इस्तीफ़ा मांगा

    राजधानी सोल में हैलोवीन पर मची भगदड़ में 158 लोग मारे गए थे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राजधानी सोल में हैलोवीन पर मची भगदड़ में 158 लोग मारे गए थे

    दक्षिण कोरिया में हैलोवीन पर हुए हादसे के लिए विपक्ष ने देश के गृह मंत्री का इस्तीफ़ा मांगा है.

    दक्षिण कोरिया की नेशनल असेंबली में विपक्ष हावी है. संसद में एक प्रस्ताव पारित कर देश के गृह मंत्री ली सांग मिन का इस्तीफ़ा मांगा गया है.

    दक्षिण कोरिया की राजधानी सोल में हैलोवीन पर मची भगदड़ में कम से कम 158 लोग मारे गए थे.

    इस हादसे के लिए पुलिस और प्रशासन की निष्क्रियता को भी ज़िम्मेदार माना गया था.

    अब विपक्ष ने संसद में प्रस्ताव पारित करके देश के गृह मंत्री का इस्तीफ़ा मांगा है.

    हालांकि ये माना जा रहा है कि राष्ट्रपति यून सुक योल मंत्री के इस्तीफ़े की मांग को स्वीकार नहीं करेंगे.

    दक्षिण कोरिया में पुलिस गृह मंत्रालय के तहत काम करती है.

    सोल के इटायवॉन इलाक़े में जब हादसा हुआ था तब पुलिस को बुलाया गया था.

    कई रिपोर्टों में ये दावा किया गया है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचने में देरी की थी.

  6. ज़ांबिया में सड़क किनारे मिले 27 प्रवासियों के शव

    क्राइम सीन की तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ज़ांबिया की राजधानी लुसाका के पास सड़क किनारे 27 लोगों के शव मिले हैं.

    माना जा रहा है कि मारे गए लोग इथियोपिया के प्रवासी थे. ये शव स्थानीय लोगों को रविवार सुबह 6 बजे के क़रीब मिले.

    ज़ांबिया की पुलिस के मुताबिक मौके पर एक व्यक्ति की सांसें चल रहीं थीं जिसे अस्पताल पहुंचाया गया है.

    पुलिस का कहना है कि सभी 28 लोग पुरुष हैं और उनकी उम्र 20 से 38 साल के बीच है.

    माना जा रहा है कि अन्य लोगों ने यात्रा के दौरान दम तोड़ा.

    पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि इन लोगों को अज्ञात लोग सड़क किनारे फेंक गए हैं.

    ज़ांबिया उत्तरी अफ़्रीका (हॉर्न ऑफ़ अफ़्रीका) से दक्षिण अफ़्रीका की तरफ जाने वाले प्रवासियों के रास्ते में पड़ता है.

    इसी साल अक्तूबर में पड़ोसी मलावी में पुलिस को एक क़ब्र से 25 शव मिले थे. ये भी इथियोपिया के प्रवासियों के थे.

  7. रूस के तेल पर प्रतिबंध का कोई असर साफ़ नहींः सऊदी ऊर्जा मंत्री

    सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्री

    इमेज स्रोत, Getty Images

    सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्री प्रिंस अब्दुलअज़ीज़ बिन सलमान ने कहा है कि रूस के कच्चे तेल पर यूरोप के प्रतिबंध और तेल की अधिकतम क़ीमत तय करने का कोई साफ़ असर अभी दिखाई नहीं दिया है.

    ऊर्जा मंत्री ने ये भी कहा है कि ये प्रतिबंध कैसे लागू किए जा रहे हैं ये भी अभी अस्पष्ट है.

    जी-7 ने यूरोप के समंदर के रास्ते आने वाले कच्चे तेल की क़ीमत तय की थी और ये प्रतिबंध पांच दिसंबर को प्रभावी हुआ था.

    पश्चिमी देश रूस के तेल के कारोबार पर चोट करके यूक्रेन में युद्ध संचालित करने की उसकी क्षमता को प्रभावित करना चाहते हैं.

    रूस ने कहा है कि वो इन प्रतिबंधों का पालन नहीं करेगा भले ही उसे तेल का उत्पादन कम करना पड़े.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक सऊदी अरब की राजधानी रियाद में देश के साल 2023 के बजट की घोषणा के बाद एक फोरम को संबोधित करते हुए सऊदी ऊर्जा मंत्री ने ये बात कही है.

    प्रिंस अब्दुलअज़ीज़ ने ये भी कहा कि रूस इन प्रतिबंधों पर क्या प्रतिक्रिया देता है ये भी देखना होगा ताकि वैश्विक बाज़ार कैसे चल रहा है उसे समझा जा सके.

    उन्होंने कहा, “ये क़दम राजनीतिक उद्देश्यों के लिए उठाए गए हैं और अभी ये स्पष्ट नहीं है कि ये अपना मक़सद हासिल कर पाएंगे या नहीं.”

  8. दादी के कुंडल वापस लेने के लिए बदमाशों से भिड़ गई पोती

    वीडियो कैप्शन, दादी के कुंडल वापस लेने के लिए बदमाशों से भिड़ गई पोती

    ये घटना उत्तर प्रदेश के मेरठ ज़िले की है. जहां एक लड़की अकेले दो बाइक-सवार बदमाशों से भिड़ गई.

    यह लड़की अपनी दादी के साथ आ रही थी, तभी दो बाइक-सवार बदमाशों ने बुज़ुर्ग महिला के कान से कुंडल छीन लिए.

    इसके तुरंत बाद लड़की उनसे भिड़ गई और एक कुंडल वापस भी ले लिया. ये घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है.

  9. गुजरात के नवनिर्वाचित 182 विधायकों में से 40 पर दर्ज हैं आपराधिक मामले: एडीआर

    गुजरात

    इमेज स्रोत, lpd.gujarat.gov.in

    गुजरात में 182 सदस्यों की विधानसभा में कम से कम 40 नए विधायकों के ख़िलाफ़ आपराधिक मामले दर्ज हैं. ये जानकारी एडीआर ने उम्मीदवारों के चुनावी शपथपत्रों के आधार पर दी है.

    आपराधिक मामलों का सामना कर रहे इन 40 विधायकों में से 29 के ख़िलाफ़ गंभीर मामले दर्ज हैं. इनमें हत्या के प्रयास और बलात्कार के आरोप भी शामिल हैं.

    इन 29 विधायकों में से 20 बीजेपी के हैं, 4 कांग्रेस के हैं और 2 आम आदमी पार्टी के हैं, 2 स्वतंत्र विधायक हैं और एक समाजवादी पार्टी का है. गुजरात में हुए विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने रिकॉर्ड जीत हासिल करते हुए 182 में से 156 सीटें जीती है.

    एडीआर के शोध के मुताबिक आपराधिक मामलों का सामना कर रहे विधायकों की संख्या 2017 के मुक़ाबले कम हुई है. तब 47 विधायकों पर आपराधिक मामले दर्ज थे.

    विधायक बने कम से कम तीन सदस्यों ने अपने चुनावी हलफ़नामों में बताया है कि उन पर हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में मुक़दमे चल रहे हैं. ये विधायक हैं वंसदा से कांग्रेस के आनंद पटेल, पाटन से कांग्रेस की कीर्ति पटेल और उना से बीजेपी के कालूभाई राठौड़.

    शोध के मुताबिक चुनाव जीतने वाले चार विधायकों पर महिलाओं के ख़िलाफ़ अपराध के मामले भी चल रहे हैं.

    इन चार विधायकों में से बीजेपी के विधायक जेठा भरवाड़ के ख़िलाफ़ बलात्कार का मुक़दमा है. जबकि कांग्रेस के विधायक जिग्नेश मेवाणी पर आईपीसी की धारा 254 के तहत मुक़दमा है.

  10. बीबीसी 100 वीमेन: नाइंसाफ़ी के ख़िलाफ़ महिलाओं का टूट रहा सब्र

    वीडियो कैप्शन, बीबीसी 100 वीमेन: क्या औरतों का गुस्सा बढ़ रहा है?

    गैलप नाम की संस्था हर साल दुनिया भर में एक सर्वे करती है. इस सर्वे के नतीजे बताते हैं पिछले 10 साल में महिलाएं ज़्यादा गुस्सैल हुई हैं. आख़िर इसकी वजह क्या है..?

    'गैलप वर्ल्ड पोल' में ऐसी ही महिलाओं को शामिल किया गया था. बीबीसी ने इसी सर्वे के 10 साल के डेटा का विश्लेषण किया. इसके मुताबिक़ महिलाएं पहले से ज़्यादा गुस्सैल हो रही हैं.

    इस सर्वे में हर साल 150 देशों में एक लाख 20 हज़ार लोगों से बात की जाती है. उनसे दूसरी चीज़ों के साथ ये भी पूछा जाता है कि 'पिछले दिन वो कौन-सा इमोशन था जिसे आपने सबसे ज़्यादा महसूस किया.'

  11. एमसीडी में हार के बाद दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष पद से आदेश गुप्ता का इस्तीफ़ा

    आदेश गुप्ता

    इमेज स्रोत, ANI

    दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष रहे आदेश गुप्ता ने कहा है कि उन्होंने दिल्ली नगर निगम चुनावों में पार्टी की असफलता की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपना इस्तीफा दिया है.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "एमसीडी चुनाव में पार्टी को उम्मीद के मुताबिक़ नतीजे नहीं मिले. हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मैं दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा दे दिया है."

    आदेश गुप्ता ने कहा, "मैंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को कल ही अपना इस्तीफ़ा भेज दिया था और आज ये स्वीकार कर लिया गया है."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    आदेश गुप्ता के इस्तीफे के बाद दिल्ली बीजेपी के उपाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को उनकी जगह पर कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है.

    इसकी जानकारी देते हुए आदेश गुप्ता ने ट्वीट किया, "मेरे मित्र और पुराने साथी वीरेंद्र सचदेवा जी को दिल्ली बीजेपी का कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर हार्दिक बधाई."

    पार्टी की हार के सवाल पर उन्होंने कहा, "हम कहां चूक गए, इसके लिए हमें पड़ताल करनी होगी. विश्लेषण के बाद ही हम कुछ कह सकेंगे."

  12. पाकिस्तान का दोस्त चीन आख़िर उसे कब तक बचा पाएगा?

    वीडियो कैप्शन, पाकिस्तान का दोस्त चीन आख़िर उसे कब तक बचा पाएगा?

    पाकिस्तान के आर्थिक हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं.

    कुछ दिन पहले स्टेट बैंक ऑफ़ पाकिस्तान ने जानकारी दी कि सरकार के विदेशी मुद्रा भंडार में सिर्फ़ चार से पांच हफ़्ते के आयात का खर्चा बचा है.

    पाकिस्तान के अर्थव्यवस्था को संभाले रखने में चीन, सऊदी अरब और यूएई ने लगातार मदद की है. लेकिन क्या ये देश आगे भी साथ बनाए रखेंगे?

    साथ ही पाकिस्तान के भीतर चल रही राजनीतिक उठा-पटक देश की अर्थव्यवस्था को कितना नुकसान पहुंचा देगी?

    इसी मुद्दे पर पाकिस्तान के वरिष्ठ पत्रकार वुसअतुल्लाह ख़ान की ख़ास टिप्पणी.

  13. इसराइल ने यूक्रेन को किस बात पर दी वॉर्निंग

    यूक्रेन में इसराइल के राजदूत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, यूक्रेन में इसराइल के राजदूत माइकल ब्रोड्सकी

    यूक्रेन में इसराइल के राजदूत ने कहा है कि कीएव को संयुक्त राष्ट्र के वेस्ट बैंक पर इसराइल के क़ब्ज़े के बारे में अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) की राय मांगने के प्रस्ताव के ख़िलाफ़ वोट करना चाहिए.

    रिपोर्टों के मुताबिक फ़लस्तीनी प्राधिकरण ने आईसीजे से '1967 के बाद से पश्चिमी तट पर इसराइली क़ब्ज़े के बारे में' राय मांगी है और इस पर संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव पर मतदान हो सकता है.

    वाईनेट न्यूज़ वेबसाइट के मुताबिक यूक्रेन में इसराइल के राजदूत माइकल ब्रोड्सकी ने यूक्रेन के डिप्टी विदेश मंत्री से मुलाक़ात में कहा है, "संयुक्त राष्ट्र में इसराइल विरोधी वोट करने से यूक्रेन के लिए समर्थन ख़तरे में पड़ जाएगा."

    वीडियो कैप्शन, रूस-यूक्रेन युद्ध: मलबे के नीचे से ज़िंदा निकला यूक्रेनी सैनिक

    यूक्रेन ने नवंबर में शुरुआती प्रस्ताव के समर्थन में मतदान किया था जिसके बाद इसराइल ने यूक्रेन के राजदूत को तलब कर लिया था.

    रिपोर्टों के मुताबिक उस समय इसराइल के तत्कालीन प्रधानमंत्री यायिर लैपिड ने कहा था, "इस क़दम का समर्थन करना आतंकवादी संगठनों के लिए इनाम है और ये इसराइल के ख़िलाफ़ अभियान है."

    वाइनेट की रिपोर्ट के मुताबिक इसराइली राजदूत ने घोषणा की है कि इसराइल यूक्रेन की राजधानी कीएव में बच्चों के एक अस्पताल के लिए 12 लाख डॉलर की मदद भेज रहा है.

    वीडियो कैप्शन, बीबीसी संवाददाता जेम्स वॉटरहाउस ने रूस के कब्जे से छुड़ाए गए कुछ गांवों का दौरा किया.

    वाइनेट ने ब्रोड्सकी के हवाले से कहा है, "यूक्रेन की आलोचना के बावजूद हम मदद करना जारी रखेंगे, ये हमारी नैतिक ज़िम्मेदारी है."

    वाइनेट ने अपनी रिपोर्ट में ये भी कहा है कि यूक्रेन के डिप्टी विदेश मंत्री ने इसराइली राजदूत से सैन्य मदद की मांग को भी दोहराया है.

    यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद से इसराइल फूंक-फूंक कर क़दम रख रहा है.

    वीडियो कैप्शन, COVER STORY: रूसी अल्टीमेटम के आगे डटा यूक्रेन

    इसराइल ने अभी तक रूस की आलोचना नहीं की है. ना ही इसराइल ने यूक्रेन के लिए हथियार भेजे हैं.

    हालांकि इसराइल यूक्रेन की मानवीय मदद कर रहा है और उसे सुरक्षात्मक उपकरण भी भेज रहा है.

    इसराली अधिकारियों का कहना है कि सीरिया में अपने हवाई अभियानों के लिए इसराइल को रूस से समन्वय करना पड़ता है. इसके अलावा इसराइल रूस में यहूदी आबादी को लेकर भी चिंतित है.

  14. मध्य प्रदेश: बोरवेल में गिरे आठ साल के तन्मय साहू की मौत

    वीडियो कैप्शन, मध्य प्रदेश: बोरवेल में गिरे आठ साल के तन्मय साहू की मौत

    मध्य प्रदेश के बैतूल ज़िले में एक बोरवेल में 80 घंटे से फँसे आठ साल के बच्चे तन्मय साहू की मौत हो गई है. अदनैर थाने के इंस्पेक्टर अजय कुमार सोनी ने बच्चे की मौत की पुष्टि की है.

    बीबीसी से उन्होंने कहा, "मांडवी इलाक़े के एक बोरवेल में लड़के के गिरने के बाद से स्थानीय पुलिस, अग्निशमन कर्मी, होमगार्ड और डिज़ास्टर रिस्पॉन्स की टीम सुबह से ही बच्चे को बाहर निकालने की कोशिश कर रही थीं. सुबह क़रीब 5.30 बजे बचाव टीम समानांतर गड्ढा खोदकर लड़के तक पहुंच सकी."

    उन्होंने बताया कि जब तक बचाव टीम बच्चे तक पहुँची तब तक वह बच्चा अचेत हो चुका था. जब बच्चे को लेकर बैतूल अस्पताल पहुंचे तो उसे मृत घोषित कर दिया गया.

    पूरी जानकारी दे रहे हैं बीबीसी संवाददाता सलमान रावी.

  15. बीजेपी ने जेडीयू के ख़िलाफ़ साज़िश की थी: नीतीश कुमार

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी पर जनता दल यूनाइटेड के ख़िलाफ़ साज़िश रचने का आरोप लगाया है.

    उन्होंने कहा कि साल 2020 के बिहार विधानसभा चुनावों में बीजेपी गठबंधन में सहयोगी पार्टी होने के बावजूद जनता दल यूनाइटेड के ख़िलाफ़ काम कर रही थी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, नीतीश कुमार ने कहा कि साल 2024 के चुनाव में बीजेपी का विरोध कर रही पार्टियां अगर हाथ मिला लें तो वे बड़े बहुमत के साथ चुनाव जीत सकती हैं.

    बिहार

    इमेज स्रोत, ANI

    जनता दल यूनाइटेड के एक कार्यक्रम में नीतीश कुमार ने आरोप लगाया कि पिछले चुनाव में उनकी पार्टी के ख़राब प्रदर्शन की वजह गठबंधन की सहयोगी पार्टी बीजेपी थी.

    उन्होंने बीजेपी का नाम लिए बगैर कहा, "उन्हें (बीजेपी) को ये याद दिलाया जाना चाहिए कि हमारी पार्टी ने पहले कभी इतनी कम सीटें नहीं जीती थीं, चाहे वो साल 2005 का विधानसभा चुनाव हो या साल 2010 के चुनाव हों. साल 2020 में हमें नुक़सान हुआ क्योंकि उन्होंने हमारे उम्मीदवारों को हराने की कोशिश की थी."

    बिहार में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद पर रहे नीतीश कुमार ने कहा कि वे एक और कार्यकाल के लिए हिचक रहे थे लेकिन बीजेपी की जिद पर वे इसके लिए तैयार हो गए थे.

    बिहार

    इमेज स्रोत, ANI

    उन्होंने कहा, "लेकिन बिहार को कुछ नहीं मिल रहा था (केंद्र में सत्तारूढ़ बीजेपी की सरकार से). विशेष राज्य की मांग स्वीकार नहीं की गई. वे (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) एक ऐसे राज्य से ताल्लुक रखते हैं जो ब्रितानी हुकूमत के समय से ही समृद्ध राज्य है. देश की तरक्की ग़रीब राज्यों के विकास के बग़ैर नहीं हो सकती है."

    "मैं ये कहना चाहूंगा कि अगर उनका (बीजेपी का) विरोध कर रही सभी पार्टियां एक साथ आ जाएं तो ऐसे गठबंधन को विशाल बहुमत मिलना तय है. लेकिन गेंद अब उन पार्टियों के पाले में है. मैं इस दिशा में कोशिश करता रहूंगा."

  16. श्रीधर मूर्ति से मिलिए, जो फूंक देते हैं पुतलों में 'जान'

    वीडियो कैप्शन, मिलिए, श्रीधर मूर्ति से जो फूंक देते हैं पुतलों में 'जान'

    वीडियो में दिख रहे ये स्टैच्यू, कहीं से भी स्टैच्यू नहीं लगते. ऐसा लगता है कि कोई ज़िंदा शख़्स ही बैठा हुआ है. इन्हें बनाने वाले शख़्स हैं बेंगलुरू के श्रीधर मूर्ति. श्रीधर साल 2019 से ही यशवंतपुरा में रहते हुए ये स्टैच्यू बना रहे हैं.

    श्रीनिवास गुप्ता मूल रूप से तेलुगू हैं. लेकिन उनका व्यापार कर्नाटक में है और अब वो कर्नाटक में ही रहते हैं. जानिए उनकी कहानी.

    रिपोर्टर: तुलसी प्रसाद रेड्डी नान्गा

  17. सुल्ली डील्स मामलाः एलजी ने अभियुक्त ओंकारेश्वर पर मुक़दमा चलाने की अनुमति दी

    ओंकारेश्वर ठाकुर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, ओंकारेश्वर ठाकुर

    दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सुल्ली डील्स मामले के मुख्य अभियुक्त के ख़िलाफ़ सीआरपीसी 196 के तहत मुक़दमा चलाने की अनुमति दे दी है. समाचार एजेंसी पीटीआई और एएनआई ने सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी है.

    ओंकारेश्वर ठाकुर के ख़िलाफ़ अब सीआरपीसी 196 के तहत मुक़दमा चलेगा. भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता की ये धारा उन अभियुक्तों पर लगाई जाती है जिन्होंने राज्य के ख़िलाफ़ अपराध या आपराधिक साज़िश रची होती है.

    आरोप है कि अभियुक्त ओंकारेश्वर ठाकुर ने सुल्ली डील्स एप और सुल्ली डील्स ट्विटर अकाउंट बनाकर कथित तौर पर मुसलमान युवतियों की ऑनलाइन बिक्री की थी. अभियुक्त का मक़सद मुसलमान समुदाय की महिलाओं का अपमान करना था.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    सुल्ली डील्स ऐप पर सैकड़ों मुसलमान लड़कियों की तस्वीर उनकी मर्ज़ी के बिना प्रकाशित की गई थी. कई तस्वीरें से छेड़छाड़ भी की गई थी. इसे लेकर बड़ा विवाद खड़ा हुआ था और कार्रवाई ना करने को लेकर पुलिस की आलोचना भी हुई थी.

    बाद में दिल्ली पुलिस ने मुख्य अभियुक्त ओंकारेश्वर को गिरफ़्तार कर लिया था.

  18. आर्थिक संकट से ग्रस्त श्रीलंका में मुश्किल में बच्चे

    वीडियो कैप्शन, COVER STORY: श्रीलंका में मुश्किल में बच्चे

    जंग हो या आर्थिक बदहाली, अक्सर ये देखा गया है कि इसका सबसे बुरा असर आम लोगों ख़ासकर बच्चों पर पड़ता है.

    श्रीलंका में भी यही हो रहा है.

    यहां लोग आर्थिक संकट से उबर नहीं पा रहे हैं और उसकी सबसे बड़ी कीमत चुकानी पड़ रही है बच्चों को.

  19. बेस एडिटिंग: वो थेरेपी जिससे लाइलाज कैंसर का इलाज हो सका

    13 साल की अलीसा
    इमेज कैप्शन, 13 साल की अलीसा

    एक नई तरह की मेडिसिन के इस्तेमाल से एक बच्ची के लाइलाज कैंसर का इलाज मुमक़िन हो पाया है. इससे पहले 13 साल की अलीसा के ल्यूकेमिया का हर इलाज फेल ही साबित हुआ था.

    इसलिए ग्रेट ऑरमंड स्ट्रीट अस्पताल के डॉक्टरों ने उनके लिए लिविंग ड्रग बनाने के लिए जैविक इंजीनियरिंग के ज़रिए 'बेस एडिटिंग' थेरेपी का इस्तेमाल किया.

    अब छह महीने बाद अलीसा में कैंसर नहीं पाया गया है, लेकिन अभी भी उन्हें मॉनीटर किया जा रहा है ताकि अगर कैंसर दोबारा हो तो वक्त रहते पता लगाया जा सके.

    लेस्टर की रहने वाली 13 साल की अलीसा बीते साल मई से टी-सेल अक्यूटलिंफ़ोब्लास्टिकल्यूकेमिया से पीड़ित थी. शरीर में टी-सेल बाहरी तत्वों से शरीर की रक्षा करते हैं और ये इम्यून सिस्टम का अहम हिस्सा होते हैं.

    लेकिन अलीसा के लिए ये टी सेल इम्यूनिटी के बजाय शरीर को ही नुकसान पहुंचाने लगे और अनियंत्रित रूप से बढ़ रहे थे. अलीसा का कैंसर काफ़ी अक्रामक था.

    कीमोथेरेपी और बोन-मैरो ट्रांसप्लांट दोनों के बावजूद वह कैंसर से छुटकारा नहीं पा सकी थीं. अगर ये नई थेरेपी नहीं इस्तेमाल की जाती तो अलीसा के लिए डॉक्टरों के पास एक ही चारा बचा था कि मौजूदा इलाज में ही उनके दर्द को थोड़ा कम किया जा सके.

    बीबीसी से बात करते हुए अलीसा कहती हैं, "यही होता कि धीरे-धीरे मैं मौत के मुंह में चली जाती."

    अलीसा की मां कियोना कहती हैं, "बीते साल के क्रिसमस पर वह बेहद डरी हुई थी. उसे लग रहा था कि वह उसका आखिरी क्रिसमस होगा. जनवरी में अपने 13वें जन्मदिन पर वह बस रोती रही. लेकिन अब जो हुआ है वह यक़ीन से परे है."

  20. ईरान में एक व्यक्ति की फांसी पर दुनिया भर में बहस

    वीडियो कैप्शन, ईरान में इस लड़के को क्यों दी गई फांसी की सज़ा?

    महसा अमीनी की मौत के बाद हो रहे सत्ता विरोधी प्रदर्शनों को लेकर ईरान में पहली बार किसी प्रदर्शनकारी को मौत की सजा दी गई है. ईरान के इस कदम की दुनियाभर में आलोचना हो रही है.

    यूएन ह्यूमैन राइट्स के प्रमुख ने भी इसकी निंदा की है, लेकिन देख के धार्मिक नेताओं ने न्यायपालिका की तारीफ़ की है. देश में अब तक कुल 7 लोगों को इन प्रदर्शनों के मामले में मौत की सजा सुनाई गई है.