You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूक्रेन युद्धः देश के दक्षिणी शहरों में जारी है भीषण लड़ाई

दक्षिणी यूक्रेन में भीषण लड़ाई चल रही है. रूस और यूक्रेन दोनों की ही तरफ़ से बड़े हमले हुए हैं.

लाइव कवरेज

मानसी दाश, कीर्ति दुबे and दिलनवाज़ पाशा

  1. इतिहास का चक्र घूम रहा है… ये भारत के उदय का समय है...: विदेश मंत्री एस जयशंकर

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने वाराणासी में कहा है कि इतिहास का चक्र घूम रहा है और भारत की समृद्ध विरासत और संस्कृति को नज़रअंदाज़ नहीं किया जाएगा.

    एस जयशंकर भारतीय समाज में मंदिरों की भूमिका पर बोल रहे थे. जयशंकर ने कहा, "हमें आज ये अहसास होना चाहिए कि इतिहास का पहिया घूम रहा है. समय लौट रहा है. भारत का उदय हो रहा है. एक युग था, जब मंदिरों को नज़रअंदाज़ किया गया, वो युग जो हमारे ख़िलाफ़ था, अब हमारे पीछे है."

    जयशंकर ने कहा कि मंदिर सिर्फ़ विश्वास या आस्था का केंद्र ही नहीं है बल्कि सामाजिक सामुदायिक केंद्र भी हैं.

    "ये इकट्ठा होने की जगहे हैं और ज्ञान का केंद्र हैं. ये संस्कृति और कला को बढ़ावा देते हैं."

    उन्होंने कहा, "मंदिर हमारी जीवन पद्धति हैं, हम जो हैं वो मंदिरों के बिना नहीं रह सकते हैं."

    जयशंकर ने कहा कि भारतीय संस्कृति का विस्तार करने की ज़रूरत है. भारत को अपनी संस्कृति को बढ़ावा देना चाहिए और इसे भारत को बाक़ी दुनिया तक ले जाना चाहिए.

    जयशंकर ने ये भी कहा कि भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने कंबोडिया और दुनिया के दूसरे स्थानों पर भी मंदिरों के जीर्णोद्धार का काम किया है.

  2. दिलीप कुमार ने जब प्यासा फ़िल्म को ठुकरा दिया...

    बात 1980 के दशक की है जब फ़िल्म 'प्रेम रोग' की शूटिंग चल रही थी. निर्देशक राज कपूर अभिनेता ऋषि कपूर के चेहरे पर एक हारे हुए प्रेमी की मायूसी, उदासी और लाचारगी देखना चाहते थे.

    लेकिन बार-बार कोशिश करने पर भी राज कपूर को ऋषि कपूर के चेहरे पर वो भाव नहीं दिख रहे थे.

    राज कपूर के सब्र का बाँध टूट गया और पूरी यूनिट के सामने वो ऋषि कपूर पर चिल्ला कर बोले, "मुझे यूसुफ़ चाहिए. चेहरे पर वही दर्द चाहिए जो ऐसा शॉट देते हुए यूसुफ़ की आँखों में होता..वही सच्चाई."

    राज कपूर यूसुफ़ ख़ान यानी दिलीप कुमार की बात कर रहे थे. ये किस्सा दिलीप कुमार की आत्मकथा 'दिलीप कुमार- द सब्सटांस एंड द शैडो' में दर्ज है.

  3. मायावती ने पूछा- रामपुर सीट पर हार कहीं सपा और बीजेपी की मिलीभगत तो नहीं?

    बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने रामपुर के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की हार को लेकर सपा और बीजेपी के बीच मिलीभगत की आशँका जताई है.

    रविवार को उन्होंने ट्वीट किया, "यूपी के मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में सपा की हुई जीत लेकिन रामपुर विधानसभा उपचुनाव में आज़म ख़ान की ख़ास सीट पर योजनाबद्ध कम वोटिंग करवा कर सपा की यहां पहली बार हुई हार पर यह चर्चा काफी गर्म है कि कहीं यह सब सपा व भाजपा की अन्दरुनी मिलीभगत का ही परिणाम तो नहीं?"

    एक और ट्वीट करते उन्होंने कहा, "इस बारे में ख़ासकर मुस्लिम समाज को काफी चिन्तन करने व समझने की भी ज़रूरत है ताकि आगे होने वाले चुनावों में धोखा खाने से बचा जा सके. खतौली विधानसभा की सीट पर भाजपा की हुई हार को भी लेकर वहाँ काफी सन्देह बना हुआ है, यह भी सोचने की बात है."

    आठ दिसंबर को यूपी में दो विधानसभा सीट और एक लोकसभा सीट पर हुए उपचुनावों के नतीजे आए. सपा का गढ़ माने जाने वाले रामपुर सदर से बीजेपी के आकाश सक्सेना ने समाजवादी पार्टी के आसिफ़ राजा को हराया

  4. गुजरात विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत पर विदेशी मीडिया ने क्या कुछ लिखा

    गुजरात में बीजेपी की रिकॉर्ड तोड़ जीत और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की जीत की ख़बरों से भारत से छपने वाले आज के अख़बार पटे दिखे. यहाँ तक कि अंतरराष्ट्रीय मीडिया में भी चुनाव की ख़बरों का ज़िक्र दिखा.

    पाकिस्तान से छपने वाले डॉन अख़बार ने चुनावों से जुड़ी रिपोर्ट की हेडलाइन लगाई है- अहम चुनावों में भारत के विपक्ष ने बाज़ी मारी.

    अख़बार लिखता है कि दो राज्यों में विधानसभा चुनाव, राजनीतिक नज़रिए से अहम दिल्ली के एमसीडी चुनाव और कुछ इलाक़ों में हुई उपचुनावों के नतीजों से संकेत मिलता है कि बीजेपी कमज़ोर हो रही है जबकि भारत का बँटा हुआ विपक्ष साथ आ रहा है.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, हिमाचल प्रदेश: सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

    सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के तौर पर आज शपथ ले ली है.

    हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के बहुमत में आने के बाद कांग्रेस पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में शनिवार को विधायक दल की बैठक में सुखविंदर सुक्खू को नेता चुन लिया गया.

    सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ मुकेश अग्निहोत्री ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.

    शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी मौजूद थे.

    हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर ज़िले के नादौन तहसील के सेरा गाँव से ताल्लुक रखने वाले सुखविंदर सिंह सुक्खू का जन्म 26 मार्च 1964 को हुआ था.

    सुक्खू के कॉलेज के दिनों से कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहे हैं और चार बार विधायक रहे हैं.

    सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में अपनी शुरुआती पढ़ाई से लेकर एलएलबी तक की पढ़ाई की है.

    प्रतिभा सिंह ने क्या कहा?

    रविवार को कांग्रेस की वरिषेठ नेता और प्रदेश में मुख्यमंत्री पद की दावेदार मानी जा रही प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में एक स्थिर सरकार होगी औ हम इसमें पूरा सहयोग देंगे.

    इससे पहले शनवार को प्रतिभा सिंह ने कहा था कि वो कांग्रेस हाई कमान के इस निर्णय को स्वीकार करती हैं.

  6. विदेश मंत्री एस जयशंकर और आरजेडी सांसद मनोज झा के बीच संसद में तीखी बहस

    विदेश मंत्री एस जयशंकर और आरजेडी सांसद मनोज झा के बीच ये तीखी बहस गुरुवार को राज्य सभा में हुई.

    सदन में भारत की विदेश नीति पर बहस चल रही थी.

    इसी दौरान मनोज झा ने विदेश मंत्री से कुछ तीखे सवाल किए और जयशंकर ने भी इन सवालों के जवाब देने में पूरी आक्रामकता दिखाई.

  7. यूपी: पुलिस मेस में ख़राब खाने की शिकायत करने वाले कॉन्स्टेबल के ट्रांसफ़र पर लगी रोक

    उत्तर प्रदेश पुलिस की मेस में ख़राब खाने की शिकायत करने वाले कॉन्स्टेबल मनोज कुमार के तबादले पर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने रोक लगा दी है.

    कॉन्स्टेबल मनोज कुमार ने फिरोज़ाबाद पुलिस लाइन की मेस में कथित रूप से परोसे जाने वाले ख़राब खाने का विरोध किया था. बाद में कॉन्स्टेबल मनोज कुमार का तबादला 20 सितंबर, 2022 को जारी किए गए एक आदेश के तहत फिरोज़ाबाद से ग़ाज़ीपुर कर दिया गया.

    याचिकाकर्ता के वकील ने कोर्ट से कहा कि तबादले के आदेश में भले ही ये कहा गया है कि फ़ैसला प्रशासनिक वजहों से लिया गया है लेकिन असल में उनका ट्रांसफर इसलिए किया जा रहा है क्योंकि उन्होंने पुलिस लाइन की मेस में ख़राब खाना दिए जाने का विरोध किया था.

    हाई कोर्ट ने मंगलवार को अपने तबादला आदेश पर रोक लगाते हुए कहा, "इस मामले पर विचार किए जाने की ज़रूरत है. प्रतिवादियों को चार हफ़्तों के भीतर अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया जाता है. इसके बाद याचिकाकर्ता को अपना जवाबी हलफनामा दायर करने का समय दिया जाता है."

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले की अगली सुनवाई के लिए हाई कोर्ट ने 28 फरवरी की तारीख तय की है.

    कोर्ट ने कहा, "अगर याचिकाकर्ता ने नई जगह पर ज्वॉइन नहीं किया है तो अगली सुनवाई की तारीख़ तक 20 सितंबर, 2022 को जारी किया गया ट्रांसफर ऑर्डर प्रभावी नहीं होगा."

  8. भारतीय रेल के निजीकरण पर क्या बोले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव

    रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे के निजीकरण के सवाल पर जवाब दिया है.

    उन्होंने कहा कि इसका निजीकरण नहीं होने जा रहा है और सरकार ने दृढ़ता के साथ ये फ़ैसला किया है.

    अश्विनी वैष्णव CII के ग्लोबल इकनॉमिक पॉलिसी समिट में बोल रहे थे.

  9. माइक टाइसन और डीजे ख़ालिद ने मक्का में उमरा किया

    अमेरिकी डीजे और रैपर डीजे ख़ालिद ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वो अमेरिकी बॉक्सर माइक टाइसन के साथ उमरा करते दिखे.

    जो वीडियो सामने आया है उसमें सऊदी अरब के मक्का में माइक टाइसन और ख़ालिद काबा में उमरा करते नज़र आ रहे हैं.

    पूर्व हैवीवेट चैंपियन 1992 में जेल में समय बिताने के दौरान कथित तौर पर इस्लाम कबूल कर लिया था.

    वीडिया के साथ डीजे ख़ालिद ने लिखा, "जिस पल मैं मक्का पहुंचा मेरी आंखें खुशी से भर आईं. जीवन भर मैं प्रार्थना करने और अल्लाह का आभार व्यक्त करने के लिए मक्का आना चाहता था."

  10. निर्भया फंड से ख़रीदी गई गाड़ियों का इस्तेमाल शिंदे के नेताओं की सुरक्षा में हुआ

    निर्भया फंड के तहत मुंबई पुलिस की ख़रीदी गई कई गाड़ियों का इस्तेमाल इस साल जुलाई में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिव सेना गुट के विधायकों और सांसदों के लिए किया गया.

    इंडियन एक्सप्रेसमें छपी एक ख़बर के मुताबिक़ महिलाओं के ख़िलाफ़ हो रहे अपराधों से निपटने के लिए ये गाड़ियां ख़रीदी गई थीं लेकिन इसका इस्तेमाल नेताओं को सुरक्षा देने में किया गया.

    अख़बार कहता है कि इस साल जून में मुंबई पुलिस ने 220 बोलेरो और 35 अर्टिगा गाड़ियां, 313 पल्सर मोटरसाइकल और 200 एक्टिवा स्कूटर ख़रीदे थे. इसके लिए निर्भया फंड से 30 करोड़ रुपये निकाले गए. जुलाई में ये गाड़ियां अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में बाँट दी गईं.

    महिलाओं के ख़िलाफ़ बढ़ रहे अपराधों को देखते हुए केंद्र सरकार ने साल 2013 में महिला सुरक्षा के लिए बनी योजनाओं के कार्यान्वयन को ध्यान में रखते हुए ये राज्यों के लिए फंड बनाया था.

  11. सुखविंदर सिंह सुक्खू के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पर प्रतिभा वीरभद्र सिंह ने क्या कहा

    हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा वीरभद्र सिंह ने रविवार को इस बात की पुष्टि की है कि वे पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद के लिए नामित किए गए सुखविंदर सिंह सुक्खू के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगी.

    सुखविंदर सिंह सुक्खू को कांग्रेस हाई कमान ने शनिवार को विधायक दल के नेता पद के लिए चुना था. इससे पहले तक पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह को सीएम पद की प्रमुख दावेदार के तौर पर देखा जा रहा था.

    रविवार को सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा वीरभद्र सिंह के घर जाकर उनके मुलाकात की.

    इस मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया से कहा, "वो पीसीसी चीफ़ हैं और हमने सबने उनके मातहत काम किया है. मैं यहां उन्हें शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित होने के लिए न्योता देने आया हूं."

    इस मुलाकात के बाद प्रतिभा सिंह ने कहा, "शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी है. मैं शपथ ग्रहण समारोह में क्यों नहीं सम्मिलित होऊंगी. इसमें कोई संदेह नहीं कि मैं जाऊंगी."

    मौजूदा हिमाचल प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री नई सरकार में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.

    समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के राजभवन में रविवार दोपहर के डेढ़ बजन शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा.

  12. गुजरात में करारी हार के बाद क्या बोले 'आप' उम्मीदवार ईसुदान गढ़वी

    गुजरात में बीजेपी को भारी जीत हासिल हुई है.

    बीजेपी को 156 सीटें तो कांग्रेस को 17 और आम आदमी पार्टी को 5 सीटें मिली हैं. इन चुनाव में आम आदमी पार्टी की लगातार चर्चा हो रही थी और पार्टी की तरफ से भी जीत के दावे किए जा रहे थे.

    लेकिन नतीजों में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री उम्मीदवार भी हार गए हैं. इस हार के पीछे आम आदमी पार्टी क्या कारण मानती है? देखिए आम आदमी पार्टी के सीएम उम्मीदवार रहे इसुदान गढ़वी से ख़ास बातचीत.

  13. अमेज़न प्राइम वीडियो की इंडिया हेड अपर्णा पुरोहित को सुप्रीम कोर्ट से मिली अग्रिम ज़मानत

    सुप्रीम कोर्ट ने अमेज़न प्राइम वीडियो की इंडिया हेड अपर्णा पुरोहित को वेब सिरीज़ 'तांडव' से जुड़े एक मामले में ऐन्टिसिपेट्री बेल (अग्रिम ज़मानत) दे दी है.

    जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस एमएम सुंदरेश की बेंच को अपर्णा पुरोहित के वकील मुकुल रोहतगी और सिद्धार्थ लूथरा ने बताया कि उनकी मुवक्किल जांच में सहयोग कर रही हैं, इसलिए उन्हें अग्रिम जमानत दी जाए.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा, "याचिकाकर्ता के बयान को ध्यान में रखते हुए हम अंतरिम आदेश की पुष्टि करते हैं. कोर्ट निर्देश देता है कि अगर अपर्णा पुरोहित को गिरफ़्तार किया जाता है तो उन्हें अरेस्ट करने वाले अधिकारी या ट्रायल कोर्ट द्वारा ज़मानत पर रिहा किया जाएगा. ज़मानत की शर्तें ट्रायल कोर्ट तय करेगा."

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने पांच मार्च, 2001 को अपर्णा पुरोहित को गिरफ़्तारी से अंतरिम संरक्षण दिया था. वेब सिरीज़ 'तांडव' को लेकर उनके ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज कराया गया था.

    उन पर इस वेब सिरीज़ में उत्तर प्रदेश पुलिस के कर्मचारियों, हिंदू देवी-देवताओं और प्रधानमंत्री का किरदार निभा रहे व्यक्ति द्वारा छवि बिगाड़ने का आरोप लगाया गया है.

    इससे पहले 27 जनवरी, 2021 को सुप्रीम कोर्ट ने इस वेब सिरीज़ के डायरेक्टर अली अब्बास ज़ाफ़र, अपर्णा पुरोहित, शो के प्रोड्यूसर हिमांशु मेहरा, शो के लेखक गौरव सोलंकी और एक्टर ज़ीशान अयूब को किसी क़ानूनी कार्रवाई से संरक्षण देने से इनकार कर दिया था.

    तब कोर्ट ने कहा था कि ये लोग उन अदालतों से ज़मानत मांग सकते हैं, जिनके अधिकार क्षेत्र में एफ़आईआर दर्ज हुई हैं. अपर्णा पुरोहित को इलाहाबाद हाई कोर्ट ने अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया था जिसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया था.

    19 जनवरी, 2021 को ग्रेटर नोएडा के एक व्यक्ति बलबीर आज़ाद की शिकायत पर रबुपुरा पुलिस स्टेशन में वेब सिरीज़ 'तांडव' को लेकर एफ़आईआर दर्ज कराई गई थी.

  14. चीन और सऊदी अरब की बढ़ती क़रीबी के मायने

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की सऊदी अरब की तीन दिन की यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कई सामरिक समझौतों पर दस्तख़त हुए हैं, जिनमें चीन की बड़ी टैक कंपनी ख़्वावे भी शामिल है.

    शी जिनपिंग और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने निवेश के 34 समझौतों का एलान किया. जिसमें हाइड्रोजन एनर्जी से हाउसिंग तक काफी कुछ शामिल है. चीन, सऊदी अरब का सबसे बड़ा ट्रेडिंग पार्टनर है.

    पिछले साल दोनों देशों के बीच सतासी अरब डॉलर्स से ज़्यादा का व्यापार हुआ. शी जिनपिंग ने आज राजधानी रियाद में गल्फ़ और अन्य अरब नेताओं से भी मुलाकात की है.

    इस घटनाक्रम से अमेरिका की फ़िक्र बढ़ गई है और अमेरिका समझना चाहता है कि मिडिल ईस्ट में चीन आख़िर करना क्या चाहता है.

    अमेरिका का कहना है चीन के बढ़ते असर की वजह से इलाके में स्थिरता के लिए ख़तरा बढ़ रहा है. इस समझौतों के बारे में मिडिल ईस्ट एंड नॉर्थ अफ्रीका, यूरेशिया ग्रुप के प्रमुख अयहम कामेल का ये कहना है.

  15. दुबई में एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान में मिला सांप, डीजीसीए ने दिया जांच का आदेश

    दुबई एयरपोर्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान में शनिवार को सांप मिलने के बाद डिरेक्टोरेट जनरल ऑफ़ सिविल एविएशन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, बी737-800 विमान केरल के कालीकट से दुबई पहुंचा था, वहां विमान के सामान रखने वाले हिस्से में सांप पाया गया. सभी यात्री विमान से सुरक्षित उतार लिए गए.

    डीजीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि एयरपोर्ट की फ़ायर सर्विस को बुला लिया गया था. उन्होंने बताया कि ये ग्राउंड हैंडलिंग के दौरान हुई गलती का नतीजा है. घटना की जांच की जाएगी और ज़रूरी कार्रवाई होगी.

    एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से इस घटना के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है.

  16. पीयूष गोयल ने संसद में चीन को लेकर जो कहा, वह भारत के लिए चिंताजनक क्यों

    चीन के साथ बढ़ता व्यापार घाटा लंबे वक़्त से भारत सरकार के लिए चिंता का विषय रहा है.

    यूपीए सरकार और नरेंद्र मोदी की एनडीए सरकार, दोनों में इस व्यापार घाटे को क़ाबू करने की रणनीति बनाने और उस पर अमल के तरीक़ों पर चर्चा होती रही है.

    हाल में इस सवाल पर संसद में एक बार फिर ज़ोरदार चर्चा हुई. वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने राज्यसभा में इस बात पर चिंता जताई कि भारत किस क़दर कई चीज़ों के लिए चीन पर निर्भर होता जा रहा है.

    गोयल ने यूपीए सरकार का नाम तो नहीं लिया लेकिन उन्होंने आँकड़ा का हवाला देते हुए कहा कि 2003-2004 में चीन से भारत का आयात 4.34 अरब डॉलर का था. लेकिन 2013-14 आते-आते ये बढ़ कर 51.03 अरब डॉलर का हो गया.

  17. ब्रेकिंग न्यूज़, #AUSvWI : ऑस्ट्रेलिया ने वेस्ट इंडीज़ को 419 रन के रिकॉर्ड अंतर से हराया

    ऑस्ट्रेलिया के एडीलेड में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में मेजबान टीम ने वेस्ट इंडीज़ को 419 रन से हरा दिया है.

    इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने ये सिरीज 2-0 से जीत ली है.

    वेस्ट इंडीज़ की रिकॉर्ड मार्जिन से ये हार हुई है. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में रनों के अंतर के लिहाज से ये नौवीं सबसे बड़ी हार है.

    ऑस्ट्रेलिया के 497 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करती हुई मेहमान टीम मैच के आख़िरी दिन पहले सत्र में 77 रन पर ही सिमट गई.

    दूसरी पारी में वेस्ट इंडीज़ की ओर से टी चंद्रपॉल ने महज 17 रन बनाए जो मेहमान टीम की ओर से सबसे बड़ा स्कोर था.

  18. पाकिस्तान-चीन का एक और सच आया सामने, क्या हैं इसके मायने

    चीन और पाकिस्तान की हिमालय से ऊंची और अरब सागर से गहरी दोस्ती के उदाहरण तो आपने बहुत सुन रखे होंगे मगर चीन के दुनिया पर बढ़ते प्रभाव के बारे में जारी सूची चाइना इंडेक्स 2022 में पाकिस्तान दुनिया के उन देशों में सबसे ऊपर है, जहाँ चीन का प्रभाव सबसे अधिक है.

    दुनिया भर में चीन के बढ़ते प्रभाव से संबंधित शोध में दुनिया के 82 देशों की सूची तैयार की गई है, जिनमें चीन के प्रभाव को मद्देनज़र रखा गया है.

    बुधवार को जारी होने वाली इस सूची में पाकिस्तान का पहला नंबर है जबकि इसके बाद कंबोडिया दूसरे और सिंगापुर तीसरे नंबर पर है.

    इसी तरह यूरोपीय देशों में से जर्मनी वह देश है, जहाँ चीन का प्रभाव सबसे अधिक है और दुनिया के 82 देशों की सूची में उसका नंबर 19 वां है.

  19. रूसी हमलों के कारण ओडेसा में लाखों लोग अंधेरे में रहने को मजबूर- ज़ेलेन्स्की

    यूक्रेन ने कहा है कि रूस के हमलों के कारण देश के दक्षिणी शहर ओडेसा में क़रीब 15 लाख लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हो गए हैं.

    यूक्रेनी सेना का कहना है कि उन्होंने हमला कर रहे दस ईरानी ड्रोन को गिराने की कोशिश की जिनमें से पांच को वो नाकाम कर सके लेकिन लेकिन पांच शहर के अहम बुनियादी ढांचों पर आकर गिरे.

    यूक्रेन के अधिकारियों का कहना है कि ओडेसा में रूस के हमलों से बिजली के दो प्रोजेक्ट को नुक़सान पहुंचा है जिससे शहर में बिजली की आपूर्ति बुरी तरह से प्रभावित हुई है. यूक्रेन का दावा है कि ये हमले ईरानी ड्रोन से किए गए थे.

    यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेन्स्की ने बिजली इन्फ्रास्ट्रक्चर को दुरुस्त करने के काम में लगे अधिकारियों की तारीफ़ की है और कहा है कि ये लोग महान काम कर रहे हैं. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि बिजली की सप्लाई सामान्य होने में अभी कई सप्ताह का वक्त लग सकता है.

    बीबीबी यूक्रेन के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता.

    ज़ेलेन्स्की ने कहा, "ओडेसा में स्थिति बहुत मुश्किल बनी हुई है. दुर्भाग्य की बात है कि यहां बुनियादी ढांचा हमले का निशाना बना है इसलिए बिजली की सप्लाई बाधित हुई है. इसे ठीक करने में अभी अधिक वक्त लगेगा."

    वहीं ओडेसा में अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वो लोग जो घरों को गर्म रखने के लिए बिजली पर निर्भर थे वो इलाक़े से बाहर जाने के विकल्प के बारे में विचार कर सकते हैं.

    ज़ेलेन्स्की ने ये भी घोषणा की कि बिजली की सप्लाई के काम में मदद के लिए नॉर्वे ने 10 करोड़ डॉलर की मदद भेज रहा है. उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस मदद के साथ ओडेसा के हर घर में जल्द ही बिजली पहुंच सकेगी.

    इधर यूक्रेन हाइमार्स रॉकेट लॉन्चर्स के ज़रिए रूस पर जवाबी हमले कर रहा है. रूसी कब्ज़े वाले मेलितोपोल में हुए एक हमले में एक रूसी सैनिक की मौत की ख़बर है.

    यूक्रेन के दक्षिणपूर्व में बसा मेलितोपोल रणनीतिक तौर पर रूस और यूक्रेन दोनों के लिए अहम है.

    इस साल अक्तूबर के महीने से रूस यूक्रेन के एनर्जी इन्फ्रास्ट्रक्चर को निशाना बना रहा है. वो इन पर मिसाइलों और ड्रोन से हमले कर रहा है.

    यूक्रेन का दावा है कि हमलों के लिए रूस ईरान के शहीद-136 ड्रोन का इस्तेमाल कर रहा है. ईरान रूस को ड्रोन देने के आरोपों से इनकार करता रहा है, हालांकि यूक्रेन और अमेरिका समेत उसके दूसरे सहयोगी कहते रहे हैं कि ईरान झूठ बोल रहा है.

  20. फ़ीफ़ा विश्व कप: मोरक्को की जीत से खुश हुए इमरान ख़ान, कहा- पहली बार हुआ ऐसा

    फ़ीफ़ा विश्व कप फ़ुटबॉल में पुर्तगाल के ख़िलाफ़ मोरक्को की जीत पर पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने टीम को बधाई दी है.

    उन्होंने सोशल मीडया पर लिखा, "पुर्तगाल को हराकर फ़ुटबॉल विश्व कप के सेमी फ़ाइनल में प्रवेश करने के लिए मोरक्को को बधाई. पहली बार अरब, अफ़्रीकी और मुस्लिम देश की कोई टीम विश्व कप के सेमी फ़ाइनल में पहुंची है. उन्हें इसके लिए और आगे के मैचों के लिए बधाई."

    अब आगे सेमी फ़ाइनल में मोरक्को का मुक़ाबला मौजूदा चैंपियन फ्रांस से होगा.

    शनिवार को मोरक्को की पुर्तगाल पर 1-0 से जीत ने फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में इतिहास रच दिया. मोरक्को पहला अफ़्रीकी देश बन गया जो सेमी फ़ाइनल मैच खेलेगा.

    मोरक्को के स्ट्राइकर यूसफ़ एन-नसारी के फर्स्ट-हाफ़ में किए गए गोल ने टीम को सेमीफ़ाइनल में पहुंचाया.

    इससे पहले नसारी के दो हेडर मारे लेकिन दोनों ही गोलपोस्ट के ऊपर से निकल गए.

    लेकिन पुर्तगाल के गोलकीपर डिएगो कोस्टा और डिफ़ेंडर रुबेन डियास नसारी को ज़्यादा देर तक नहीं रोक पाए और फर्स्ट हाफ़ खत्म होने से ठीक पहले 42वें मिनट पर नसारी ने टीम को बढ़त दिलाई.

    पुर्तगाल की ओर से एक भी गोल नहीं हुआ और इस तरह मोरक्को की जीत के साथ ही वह पहला सेमी फ़ाइनल में पहुँचने वाला अफ्रीकी देश बन गया.