सरकार ने संसद में कहा, चीन जब तक सीमा पर आक्रामक रहेगा, रिश्ते सामान्य नहीं होंगे

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि जब तक चीन सीमा पर सैनिकों की संख्या बढ़ाता रहेगा, और एलएसी पर एकतरफ़ा बदलाव की कोशिश करता रहेगा, तब तक भारत और चीन के बीच रिश्ते सामान्य नहीं हो सकते.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and शुभम किशोर

  1. सरकार ने संसद में कहा चीन जब तक सीमा पर आक्रमक रहेगा, रिश्ते सामान्य नहीं होंगे

    जयशंकर

    इमेज स्रोत, ANI

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि जब तक चीन सीमा पर सैनिकों की संख्या बढ़ाता रहेगा, और एलएसी पर एकतरफ़ा बदलाव की कोशिश करता रहेगा, तब तक भारत और चीन के बीच रिश्ते सामान्य नहीं हो सकते.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक राज्यसभा में सवालों के जवाब में उन्होंने कहा, "राजनयिक तौर पर हमारा रुख साफ़ है, हमने चीन से साफ़ कर दिया है कि हम एलएसी पर एकतरफ़ा बदलाव बर्दाश्त नहीं करेंगे."

    "और जब तक वो ऐसा करने की कोशिश करते रहेंगे, अपनी सेना बढ़ाएंगे, जो हमारे मुताबिक सीमावर्ती इलाकों के लिए एक गंभीर ख़तरा है, तो हमारे रिश्ते सामान्य नहीं रह सकते."

    चीन ने पिछले कुछ समय में पूर्वी लद्दाख में एलएसी पर सैन्य ढांचे बनाए हैं. जयशंकर ने कहा कि मिलिट्री कमांडरों के स्तर पर दोनों देशों में बातचीत चल रही है.

    जयशंकर ने कहा, "मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए, मिलिट्री कमांडरों को इससे निपटने की ज़िम्मेदारी दी गई है."

    भारतीय सेना और चीन की पीपल्स लिबरेशन आर्मी के बीच पूर्वी लद्दाख में एलएसी के आसपास कई जगहों पर मई 2020 से गतिरोध चल रहा है.

  2. दुनिया की सौ सबसे ताक़तवर महिलाओं की फोर्ब्स लिस्ट में निर्मला सीतारमण

    निर्मला

    इमेज स्रोत, ANI

    भारतीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, बायोकॉन की चेयरपर्सन किरण मजूमदार शॉ और नाइका फाउंडर फाल्गुनी नायर समेत छह भारतीय महिलाओं को फोर्ब्स मैगज़ीन ने दुनिया की सौ सबसे ताक़तवर महिलाओं की सालाना लिस्ट में शामिल किया है.

    इस लिस्ट में निर्मला सीतारमण का नाम 36वें नंबर पर है. वे लगातार चौथी बार इस लिस्ट में शामिल हुई हैं.

    साल 2021 में 63 वर्षीया निर्मला सीतारमण इस सूची में 37वें नंबर पर थीं जबकि साल 2020 में 41वें नंबर पर और साल 2019 में 34वें नंबर पर उन्हें इस फोर्ब्स लिस्ट में जगह मिली थी.

    उनके अलावा एचसीएल टेक की चेयरपर्सन रोशनी नडार मल्होत्रा 53वें रैंक पर, सेबी (सिक्योरिटीज़ एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ़ इंडिया) की चेयरपर्सन माधबी पुरी 54वें और स्टील अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया की चेयरपर्सन सोमा मंडल 67वें रैंक पर हैं.

    kiran

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, किरण मजूमदार शॉ

    रोशनी नडार मल्होत्रा, किरण मजूमदार शॉ और फाल्गुनी नायर इस प्रतिष्ठित सूची में पिछले साल क्रमशः 52वें, 72वें और 88वें रैंक पर रही थीं.

    मंगलवार को जारी की गई इस फोर्ब्स लिस्ट में किरण मजूमदार शॉ 72वें रैंक पर, फाल्गुनी नायर 89वें रैंक पर आई हैं. इस लिस्ट में 39 सीईओ, 10 हेड ऑफ़ स्टेट और 11 अरबपतियों के नाम शामिल किए गए हैं.

    इस सूची में सबसे ऊपर यूरोपियन कमीशन की अध्यक्ष उरसुला वॉ डेर लेयेन हैं. यूरोपियन सेंट्रल बैंक की प्रमुख क्रीस्टीन लागार्द दूसरे स्थान पर हैं और अमेरिका की उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस तीसरे स्थान पर.

    पूरी लिस्ट देखने के लिए यहाँ क्लिक करें

  3. सरकार ने संसद में कहा कश्मीर में आठ पत्रकारों को मिली ऑनलाइन धमकी

    कश्मीर

    इमेज स्रोत, Nasir Kachroo/NurPhoto via Getty Images)

    कश्मीर के आठ पत्रकारों को चरमपंथियों से ऑनलाइन धमकी मिली . इनमें से चार ने कथित तौर पर नौकरी से इस्तीफ़ा दे दिया है.

    गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा में बुधवार को ये जानकारी दी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, राय ने कहा कि इस शेरगारी पुलिस थाने में इसे लेकर केस दर्ज किया गया है.

    एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "जैसी की ख़बरे आई हैं, श्रीनगर के अख़बारों के लिए काम करने वाले आठ पत्रकारों को एख आतंकी ब्लॉग "कश्मीर फ़ाइट" से धमकी दी गई है. इस्तीफ़ा देने वाले पत्रकार राइज़िंग कश्मीर मीडिया हाउस के हैं."

    उन्होंने कहा कि "आतंकवाद" को लेकर सरकार की ज़ीरो टॉलरेंस पॉलिसी है और जम्मू कश्मीर में सुरक्षा के हालात बेहतर हुए हैं.

  4. भारत बनाम बांग्लादेश: दूसरे वनडे में पांच रन से हारी भारतीय टीम, श्रृंखला बांग्लादेश के नाम

    भारत  बनाम बांग्लादेश

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत और बांग्लादेश के बीच मीरपुर में हुए एक रोमांचक मुक़ाबले में बांग्लादेश ने भारत को 5 रन से हरा दिया है.

    अंतिम गेंद तक खिंचे इस मुक़ाबले में बांग्लादेश के 271 रन का पीछा करते हुए भारत की टीम 266 रन ही बना सकी.

    भारत की शुरुआत ख़राब रही, दूसरे ही ओवर में विराट कोहली 5 रन के निजी स्कोर पर अपना विकेट गंवा बैठे. इसके बाद तीसरे ओवर में शिखर धवन 8 रन के निजी स्कोर पर पैवेलियन लौट गए.

    आखिरी दो ओवरों में रोहित शर्मा ने शानदार बल्लेबाज़ी की लेकिन वो जीत नहीं दिला सके. उन्होंने नाबाद 51 रन बनाए.

    भारत की तरफ़ से सबसे ज़्यादा 82 रन श्रेयस अय्यर ने बनाए. अक्षर पटेल ने 56 रन बनाए लेकिन दोनों की अच्छी पारियां भी भारत को जीत नहीं दिला सकीं.

    इससे पहले पहले बल्लेबाज़ी बांग्लादेश की तरफ़ से मेहदी हसन मिराज ने शतक जड़ा औऱ महमदुल्लाह ने 77 रन बनाए.

    भारत की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने तीन और मोहम्मद सिराज और उमरान मलिक ने दो-दो विकेट लिए.

  5. दिन भर, पूरा दिन, पूरी ख़बर, इक़बाल अहमद और अंजुम शर्मा के साथ

    पॉडकास्ट में आज बात चीन के जासूसी जहाज़ और भारत के मिसाइल परीक्षण की. इसके अलावा, एमसीडी चुनाव में आप की शानदार जीत, होगी प्रियंका चोपड़ा से ख़ास बातचीत और खेल की ख़बरें भी.

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  6. ईरान के सांस्कृतिक ढांचे में बदलाव की ज़रूरत: आयातुल्लाह अली ख़ामेनेई

    ईरान के सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली ख़ामेनेई

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, ईरान के सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली ख़ामेनेई

    ईरान के सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली ख़ामेनेई ने मंगलवार को ईरान के सांस्कृतिक ढांचे में क्रांतिकारी ढंग से बदलाव लाए जाने की बात कही है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, ख़ामनेई की ओर से ये बयान एक ऐसे समय में आया है जब ईरान में महिला अधिकार बढ़ाने के लिए जा रहे व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं.

    खामनेई ने ईरान की संस्कृति परिषद की बैठक में कहा, “देश के सांस्कृतिक ढांचे को क्रांतिकारी ढंग से बदलने की ज़रूरत है. सुप्रीम काउंसिल को देश के अलग-अलग क्षेत्रों में सांस्कृतिक कमियों पर नज़र रखनी चाहिए.”

    ईरान में इसी साल के सितंबर महीने में 22 वर्षीय कुर्द महिला महसा अमीनी की पुलिस हिरासत में मौत होने के बाद से विरोध प्रदर्शन जारी है.

    इन विरोध प्रदर्शनों में महिलाएं और युवा बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं. ईरान के कई शहरों से हिंसा और आगजनी की तस्वीरें भी सामने आई हैं.

    इन विरोध प्रदर्शनों ने साल 1979 की इस्लामिक क्रांति के बाद सत्ता में आए इस्लामिक गणराज्य के शासन को गंभीर चुनौती दी है.

    इसके बाद ईरान के प्रॉसिक्यूटर जनरल ने बताया है कि देश की धार्मिक पुलिस यानी मोरैलिटी पुलिस को भंग कर दिया गया है.

  7. कश्मीर के इन सात लाख लोगों का भविष्य क्या है?

    वीडियो कैप्शन, कश्मीर के इन 7 लाख लोगों का भविष्य क्या है?

    जम्मू-कश्मीर के लगभग 7 लाख खानाबदोश गुज्जर-बकरवालों के लिए ज़िंदगी सदियों से चलने का नाम रही है.

    गर्मियों में ये लोग अपने मवेशियों को चराने कश्मीर की ऊंची पहाड़ियों पर जाते हैं और सर्दियों में जम्मू वापस लौटते हैं.

    इन लोगों के मुताबिक़, अगर उनके लिए कोई चीज़ हमेशा थमी रही है वो है विकास.

  8. दिल्ली छावला रेप केस: अभियुक्तों को बरी करने के सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के ख़िलाफ़ पुनर्विचार याचिका

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए
    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    साल 2012 में दिल्ली के छावला इलाके में 19 साल की एक लड़की के रेप और मर्डर केस में तीन अभियुक्तों को रिहा करने के सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के ख़िलाफ़ पुनर्विचार याचिका दायर की गई है.

    इस मामले में दिल्ली की एक निचली अदालत ने अभियुक्तों को मृत्युदंड दिया था. पुनर्विचार याचिका दायर करने वाली सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना ने बीबीसी को बताया, "रेप और मर्डर के इस केस में मैंने रिव्यू पिटीशन फ़ाइल किया है. मुझे सुप्रीम कोर्ट से इंसाफ़ चाहिए. मैंने इस मामले में ओपन कोर्ट हियरिंग की मांग की है."

    उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सीएफ़एसएल की रिपोर्ट, डीएनए प्रोफ़ाइलिंग रिपोर्ट पर संदेह जाहिर किया और ट्रायल कोर्ट के सामने पेश किए सबतों पर ध्यान नहीं दिया.

    सुप्रीम कोर्ट के तीन जजों की बेंच ने सात नवंबर को इस केस में दिल्ली हाई कोर्ट और निचली अदालत के फ़ैसले को पलटते हुए तीन अभियुक्तों राहुल, रवि और विनोद को रिहा कर दिया था.

    इन तीनों पर आरोप था कि 9 फरवरी, 2012 को जब पीड़िता काम से घर लौट रही थीं, तो उन्होंने उसे अगवा कर उसके साथ गैंगरेप किया था, फिर हत्या कर दी थी.

    सुप्रीम कोर्ट ने अभियुक्तों को रिहा करने की वजह बताते हुए कहा था, "अभियोजन पक्ष ने जिस गवाह को पेश किया था, उसके साथ दूसरे पक्ष ने जिरह नहीं किया या फिर जिरह करने का पर्याप्त समय नहीं मिला. ट्रायल कोर्ट भी मूकदर्शक बना रहा. हमने पाया कि अभियुक्तों को फेयर ट्रायल के उनके अधिकार से वंचित रखा गया."

    सुप्रीम कोर्ट ने ये भी कहा कि न तो ट्रायल कोर्ट ही और न ही हाई कोर्ट ने इस बात पर गौर किया कि डीएनए रिपोर्ट किस आधार पर तैयार की गई है और न ही ये देखा गया कि विशेषज्ञों ने जिस तकनीक का सहारा लिया है, वो भरोसेमंद है या नहीं.

  9. COVER STORY: बराबरी का हक़ मांगते पाकिस्तान के ट्रांसजेंडर्स

    वीडियो कैप्शन, पाकिस्तान में ट्रांसजेंडर्स के लिए पारित हुआ क़ानून जिसका कुछ मज़हबी समूह कर रहे विरोध.

    पाकिस्तान की संसद ने ट्रांसजेंडर्स को उनका क़ानूनी हक़ दिलाने के लिए साल 2018 में एक एक्ट पास किया था. लेकिन उस क़ानून पर कुछ नेताओं और दक्षिणपंथी धार्मिक पार्टियों को एतराज़ है.

    उनका कहना है कि इससे पश्चिमी तौर-तरीकों और समलैंगिकता को बढ़ावा मिलता है. इस क़ानून का भविष्य अधर में नज़र आता देख पाकिस्तान की ट्रांसजेंडर कम्युनिटी ने अब अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरने का रास्ता चुना है.

    देखिए कराची से बीबीसी संवाददाता शुमाएला ख़ान की रिपोर्ट.

  10. नोटबंदी के ख़िलाफ़ दायर याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट ने फ़ैसला सुरक्षित रखा

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए
    नोटबंदी

    इमेज स्रोत, AFP

    सुप्रीम कोर्ट के पांच जजों की बेंच ने केंद्र सरकार के 2016 में किए गए नोटबंदी के फ़ैसले के ख़िलाफ़ दायर याचिकाओं पर अपना फ़ैसला सुरक्षित रख लिया है.

    जस्टिल एस अब्दुल नज़ीर ने अगुवाई वाली बेंच से केंद्र और रिज़र्व बैंक से कहा था कि वो फ़ैसले से जुड़े रिकॉर्ड को सील लिफ़ाफे़ में देने के लिए कहा था.

    वरिष्ठ वकील पी चिदंबरम याचिकर्ताओं की तरफ़ से पेश हुए, उन्होंने कोर्ट से कहा कि "केंद्र सरकार नोटबंदी को लेकर आश्वस्त थी तो उसे इस फ़ैसले की प्रक्रिया से जुड़े ज़रूरी दस्तावेज़ पेश करने में क्या हर्ज है."

    उन्होंने कहा कि नोटबंदी "पूरी तरह से त्रुटियों से भरी" थी.

    इससे पहले केंद्र सरकार ने एफ़िडेविट फ़ाइल कर रहा था कि पांच सौ और हज़ार के नोट को बंद करना नकली नोट, टेरर फंडिंग, काले धन और टैक्स चोरी से निपटने में मददगार साबित हुए.

    8 नवंबर 2016 के नोटबंदी के फ़ैसले के ख़िलाफ़ कोर्ट में कई याचिकाएं दायर की गई थीं.

  11. वर्ल्ड कप: क्या पुर्तगाल के सुपरस्टार रोनाल्डो का सूरज ढल रहा है?

    रोनाल्डो कोच सेंटोस के साथ

    इमेज स्रोत, Getty Images

    स्विट्ज़रलैंड के ख़िलाफ़ मैच में पुर्तगाल का स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो को न खिलाना काफी चर्चा का विषय बना हुआ है.

    इससे पहले उनके इंग्लिश क्लब, मैनचेस्टर यूनाइटेड ने संकेत दिए थे कि अब उन्हें रोनाल्डो की ज़रूरत नहीं है. अब क़तर में चल रहे वर्ल्ड कप में पुतर्गाल ने उन्हें बाहर बिठा कर एक ढंग से इशारा किया है कि अब रोनाल्डो की उन्हें भी ज़रूरत नहीं है.

    इतना ही नहीं पुर्तगाल के कोच का रोनाल्डो को बेंच पर बिठाने का प्रयोग सफल भी रहा. पुर्तगाल के कोच सेंटोस को इस हिम्मत का पुरस्कार भी मिला. और पुर्तगाल ने स्विटज़रलैंड को 6-1 से हरा दिया. अब पुर्तगाल वर्ल्ड कप के क्वार्टरफाइनल में मोरक्को से खेलेगा.

    कोच सेंटोस ने पिछले ग्रुप मैच में दक्षिण कोरिया के खिलाफ रोनाल्डो को बदल कर युवा खिलाड़ी गोंकेलो रामोस को खिलाया था. इसकी काफी आलोचना हुई थी. लेकिन रामोस को खिलाना कोच के लिए जैकपॉट जैसा फ़ैसला बन चुका है.

  12. चीन ने सख़्त कोविड पाबंदियों में दी ढील, बीते सप्ताह हुए थे विरोध प्रदर्शन, फ़्रैंसिस माओ, बीबीसी न्यूज़

    चीन कोविड पाबंदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारी विरोध प्रदर्शनों के एक हफ़्ते बाद चीन ने अपनी सख़्त कोविड पाबंदियों में ढील दी है. संक्रमित लोगों को अब क्वॉरंटीन कैम्पों में रहने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा और वो घर पर ही आइसोलेशन में रह सकते हैं. हालांकि, ये नियम उनके लिए हैं जिनमें हल्के या कोई संक्रमण न दिखें.

    अब चीन में हर जगह जाने के लिए निगेटिव टेस्ट रिपोर्ट की भी ज़रूरत नहीं है. हालांकि, स्कूलों और अस्पताल के लिए पीसीआर रिपोर्ट अनिवार्य है. नए बदलावों से चीन के नागरिकों ने राहत ज़रूर महसूस की है लेकिन अचानक आए इस बदलाव ने उनके मन में चिंता भी बढ़ा दी है.

    बुधवार को चीन के नेशनल हेल्थ कमीशन ने कोविड पाबंदियों में कई बदलावों का एलान किया.

    चीन विरोध प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    मसलन, लॉकडाउन जैसी पाबंदी सिर्फ़ प्रभावित इलाके, इमारतों में लगाई जाएगी. पहले संक्रमित पाए गए लोगों के आस-पास बड़े इलाकों में लॉकडाउन लगाया जा रहा था. वहीं, कई शहर भी लॉकडाउन में थे. साथ ही अधिक जोख़िम वाले इलाकों के तौर पर चिह्नित किए गई जगहों पर अगर पांच दिनों के अंदर नया मामला नहीं मिलता है, तो लॉकडाउन हटा दिया जाएगा.

    अगर किसी स्कूल में बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित नहीं पाए जा रहे हैं तो परिसर बंद नहीं किया जाएगा. नए बदलावों में फ़ायर एग्ज़िट और दरवाजों को ब्लॉक करने पर भी सख़्त प्रतिबंध लगाया गया है. साथ ही लोगों को आपात चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया है.

    चीन के उरुमची में एक इमारत में आग लगने से 10 लोगों की मौत के बाद ही प्रदर्शन शुरू हुए थे. ऐसा माना गया कि कोविड से जुड़ी सख्त पाबंदियों की वजह से लोग इमारत से बाहर नहीं भाग सके. हालांकि, चीन ने इस दावे को खारिज किया था.

  13. BBC 100 Women: क्यों परेशान थीं गायक बिली आइलिश

    वीडियो कैप्शन, कामयाबी के बावजूद भी क्यों पहचान की तलाश कर रही थीं मशहूर सिंगर बिलि आइलिश.

    सिर्फ 14 साल की उम्र में बिली आइलिश म्यूज़िक इंडस्ट्री का चमकता सितारा बनकर उभरीं. इस साल ग्लैस्टनबरी फ़ेस्टिवल में छाने वाली वो सबसे युवा कलाकार थीं.

    उन्होंने जेम्स बॉन्ड की फ़िल्म ‘No Time to Die’ में गाने के लिए ऑस्कर पुरस्कार भी जीता.

    हाल में अपने वर्ल्ड टूर की आख़िरी रात उन्होंने BBC 100 WOMEN के लिए बीबीसी संवाददाता मेघा मोहन को अपना इंटरव्यू दिया और कई मुद्दों पर बात की.

  14. फ़ुटबॉल विश्व कप: मोरोक्को के खिलाड़ियों ने फ़लस्तीन के झंडे के साथ मनाया जश्न

    मोरोक्को

    इमेज स्रोत, KARIM JAAFAR/AFP via Getty Images

    मंगलवार को स्पेन पर शानदार जीत के बाद मोरोक्को की टीम ने फ़लस्तीन के झंडे के साथ जश्न मनाते देखे गए. उनके इस जश्न की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब शेयर की जा रही हैं.

    पिछले हफ़्ते ग्रुप स्टेज में कनाडा के ख़िलाफ़ जीत के बाद भी मोरोक्को के खिलाड़ी फ़लस्तीन के खिलाड़ी के साथ देखे गए थे.

    वर्ल्ड कप के होस्ट क़तर के इसराइल के साथ किसी तरह के रिश्ते नहीं हैं और वो फ़लस्तीन को देश का दर्जा देने के पक्ष में रहा है.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी की मुताबिक क़तर, जिसकी आबादी 29 लाख है, वहां क़रीब ढाई लाख फ़लस्तीनी रहते हैं.

    फ़ीफ़ा के नियम के तहत बैनर, झंडे और फ़्लायर जिन्हें "राजनीतिक, आक्रामक और भेदभावपूर्ण प्रकृति" का माना जाता है, उनका प्रदर्शनल प्रतिबंधित है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  15. बेसन की कहानी, जिसके बिना गुजरातियों का दिन नहीं गुजरता

    वीडियो कैप्शन, बेसन की कहानी, जिसके बिना गुजरातियों का दिन नहीं गुजरता

    गुजरात की हवाओं में यूं तो इन दिनों चुनावी रंग घुले हुए हैं, लेकिन इस वीडियो में बात न तो सियासत की होगी और न ही वोट की.

    आज कहानी उस स्वाद, पहचान, और जायके की है, जिसके बिना यहां की सुबह भी अधूरी है और शाम भी.

    बेसन की कहानी देखिए.

  16. एमसीडी चुनाव में जीत के बाद बोले पंजाब के सीएम भगवंत मान- गुजरात चुनाव के नतीजे चौंकाने वाले होंगे

    भगवंत

    इमेज स्रोत, ANI

    दिल्ली एमसीडी चुनावों में आम आदमी पार्टी की जीत के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दावा किया है एग्जिट पोल जिनमें आम आदमी पार्टी हारती हुई दिख रही है, वो गलत साबित होंगे.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक मान ने कहा कि गुजरात के नतीजे "चौंकाने" वाले होंगे.

    उन्होंने कहा, "केजरीवाल ने पहले कांग्रेस के 15 सालों के कार्यकाल को उखाड़ फेंका और फिर एमसीडी में बीजेपी के 15 सालों का शासन ख़त्म कर दिया."

    उन्होंने कहा कि लोगों को "नफ़रत की राजनीति" पसंद नहीं है और उन्होंने स्कूल, अस्पताल, साफ़-सफ़ाई और इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए वोट दिए.

    "बीजेपी आप को रोकना चाहती थी, इसलिए उन्होंने पूरी ताकत ज़मीन पर लगा दी. मैं कल फिर आपके साथ गुजरात चुनाव के नतीजों के दौरान रहूंगा. नतीजे चौंकाने वाले होंगे. एग्ज़िट पोल ग़लत साबित होंगे. मैं पार्टी ऑफ़िस जाऊंगा और कार्यकर्ताओं से साथ जश्न मनाऊंगा."

  17. इस एटीएम से सोने के सिक्के निकलते हैं

    वीडियो कैप्शन, इस एटीएम से सोने के सिक्के निकलते हैं

    ये एटीएम मशीन करेंसी नोट नहीं बल्कि सोने के सिक्के देती है. तेलंगाना में लगी इस मशीन को देश का पहला गोल्ड एटीएम कहा जा रहा है.

    गोल्डसिक्का नामक एक कंपनी ओपनक्यूब टेक्नोलॉजी की मदद से इसे बेगमपेट में लॉन्च किया है.

    ये एटीएम अलग-अलग वज़न के गोल्ड कॉइन दे सकती है.

    लोगों को क्रेडिट या डेबिट कार्ड से भुगतान करना होगा और पसंद का सोने का सिक्का ये मशीन उन्हें दे देगी.

  18. कोविड पाबंदियों के बीच चीन के आयात और निर्यात में बड़ी गिरावट

    चीन कारोबार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    चीन के आयात और निर्यात में नवंबर महीने में भारी गिरावट आई है. चीन में कोरोना की रोकथाम के लिए पाबंदियों के बीच अर्थव्यवस्था को ये झटका लगा है.

    देश में सख़्त कोरोना प्रतिबंधों के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन भी हो रहे हैं. इससे पहले अक्टूबर महीने में भी चीन का आयात और निर्यात 2020 के बाद से सबसे अधिक घटा था.

    हालांकि, हाल के दिनों में चीन के कुछ शहरों में कोविड पाबंदियों में ढील दी गई है, लेकिन इससे देश के उत्पादन क्षेत्र को पहले ही काफ़ी नुक़सान हो चुका है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, नवंबर महीने में चीन का निर्यात बीते साल की तुलना में 8.7 फ़ीसदी गिर गया. वहीं आयात में बीते साल की तुलना में 10.6 फ़ीसदी की गिरावट दर्ज की गई है.

    इसके साथ ही चीन का व्यापार मुनाफ़ा भी अक्टूबर के 85.15 अरब डॉलर से घटकर नवंबर में 69.84 अरब डॉलर हो गया है.

    शंघाई और वुहान जैसे इंडस्ट्रियल शहरों में लॉकडाउन से उत्पादन गिरा है. ये चीन के कारोबार के लिहाज से बड़े शहर माने जाते हैं. इन शहरों में लगातार तीन महीनों से आर्थिक गतिविधियां सुस्त हैं.

    सख़्ती की वजह से चीन की अर्थव्यवस्था भी मंद पड़ गई है और घरेलू मांग में भी कमी आई है.

  19. तालिबान ने भारत को दिया निवेश का न्योता, क्या है मंशा?

    तालिबान

    इमेज स्रोत, SERGEI BOBYLEV

    भारत और अफ़ग़ानिस्तान के तालिबान प्रशासन के बीच संबंध अभी तक अपरिभाषित ही रहे हैं. अफ़ग़ानिस्तान की सत्ता हासिल कर लेने के 15 महीने बाद भी भारत ने तालिबान की सरकार को मान्यता नहीं दी है.

    ऐसे में तालिबान का ये कहना कि वो चाहता है कि भारत अफ़ग़ानिस्तान में निवेश करे और नई शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर की परियोजनाओं को शुरू करे थोड़ा चौंकाने वाला ज़रूर है.

    दिलचस्प ये भी है कि अफ़ग़ानिस्तान से आ रही ख़बरों के मुताबिक तालिबान ने ये भी कहा है कि भारत अफ़ग़ानिस्तान के कई प्रांतों में कम से कम 20 रुकी हुई परियोजनाओं को फिर से शुरू करेगा.

    पिछले साल अगस्त महीने में हुए हिंसक सत्ता परिवर्तन के दो ही दिन बाद भारत ने क़ाबुल में अपना दूतावास बंद कर दिया था और सभी अधिकारियों को वापस भारत बुला लिया था.

  20. एमसीडी चुनाव में 'आप' की जीत के बाद बोले केजरीवाल, 'प्रधानमंत्री मोदी का भी चाहिए आशीर्वाद'

    केजरीवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    दिल्ली एमसीडी चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वो दिल्ली को ठीक करने के लिए पीएम का भी आशीर्वाद चाहते हैं.

    जीत के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "हमें दिल्ली को ठीक करने के लिए सभी के सहयोग की ज़रूरत है, ख़ासकर केंद्र सरकार के सहयोग की ज़रूरत है."

    "आज मैं इस मंच से केंद्र सरकार ख़ासकर प्रधानमंत्री जी से दिल्ली को ठीक करने के लिए आशीर्वाद चाहता हूं...केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री का आशीर्वाद भी चाहिए."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    दिल्ली के लोगों का शुक्रिया अदा करते हुए उन्होंने कहा, "मैं दिल्ली के लोगों के बहुत बधाई देना चाहता हूं. इतनी बड़ी और शानदार जीत के लिए, इतने बड़े बदलाव के लिए मैं दिल्ली के लोगों को बधाई देना चाहता हूं."

    उन्होंने कहा, "दिल्ली के लोगों ने मुझे दिल्ली की सफाई, भ्रष्टाचार को दूर करने, पार्क को ठीक करने के साथ कई सारी जिम्मेदारियां दी हैं. मैं दिन रात मेहनत करके कोशिश करूंगा की आपके इस भरोसे को कायम रखूं."