You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ताज महल से जुड़े 'ग़लत तथ्य' किताबों से हटाने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई से SC का इनकार

सुप्रीम कोर्ट ने इतिहास की किताबों में ताज महल के बारे में दी गई 'ग़लत जानकारी' को हटाने की मांग वाली जनहित याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and शुभम किशोर

  1. जेएनयू की दीवारों पर ब्राह्मण विरोधी नारे लिखे जाने के दावों पर आया प्रशासन का बयान

    जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) कैंपस में कई जगहों पर गुरुवार को ब्राह्मण-विरोधी नारे लिखे जाने का दावा किया गया है. इसकी कई तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया है कि छात्रों के दावों के अनुसार स्कूल ऑफ़ इंटरनेशनल स्टडीज़-2 की इमारत पर ब्राह्मण और बनिया समुदाय के ख़िलाफ़ नारे लिखे गए.

    इस मामले पर जेएनयू प्रशासन की ओर से बयान भी आ गया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई पर मौजूद बयान की कॉपी के अनुसार, "वाइस चांसलर ने दीवारों और फ़ैकल्टी के कमरों में अज्ञात लोगों की ओर से नारे लिखे जाने की इस मामले का संज्ञान लिया है. स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज़ के डीन और शिकायत कमिटी से जल्द से जल्द इसकी जांच करने और रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है."

    जेएनयू ने कहा है कि वीसी शांतिश्री डी. पंडित ने विश्वविद्यालय परिसर में किसी भी प्रकार की हिंसा के ख़िलाफ़ ज़ीरो टॉलरेंस को एक बार फिर दोहराया है.

  2. यूक्रेन युद्ध: राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के सहयोगी ने मानी 13000 सैनिकों की मौत की बात, एल्सा मैशमैन और जारोस्लाव लुकिव

    यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद से अब तक क़रीब 13 हज़ार यूक्रेनी सैनिकों की मौत हो चुकी है. यूक्रेन के एक अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की है.

    यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के सलाहकार मिख़ाइलो पोदोल्याक का कहना है कि युद्ध में अब तक 10 हज़ार से 13 हज़ार सैनिकों की जान गई है.

    ऐसा कम ही होता है जब यूक्रेन अपने मारे गए सैनिकों की जानकारी दे. पोदोल्याक के इस बयान की किसी अन्य सैन्य अधिकारी ने पुष्टि नहीं की है.

    उन्होंने कहा कि जून महीने में हर दिन 100 से 200 सैनिकों की मौत हो रही थी.

    बीते महीने अमेरिका ने एक सर्वोच्च सैन्य अधिकारी, मार्क मिली ने कहा था कि युद्ध शुरू होने के बाद से यूक्रेन के क़रीब एक लाख और रूस के भी एक लाख सैनिक या तो घायल हुए हैं या मारे जा चुके हैं.

    यूरोपीय कमीशन की प्रमुख उर्सूला फ़ॉन देर लेयन ने बुधवार को एक वीडियो संबोधन में दावा किया कि युद्ध में यूक्रेन के एक लाख सैनिक मारे जा चुके हैं. हालांकि, बाद में ईयू कमीशन के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि ये आंकड़े ग़लती से बोले गए. असल में ये घायलों और मारे जाने वालों को मिलाकर इतने सैनिक प्रभावित हुए हैं.

    यूक्रेनी टीवी चैनल 24 पर पोदोल्याक ने कहा कि यूक्रेन "मारे जाने वालों की संख्या के बारे में ख़ुलकर बात कर रहा है. हमने कई स्तर पर औपचारिक तरीक़े से जानकारी जुटाई है और इसके अनुसार 10 से 13,000 के बीच सैनिक मारे गए हैं."

    उन्होंने ये भी कहा कि युद्ध में मारे गए आम नागरिकों की संख्या भी 'बड़ी' हो सकती है. बीबीसी न्यूज़ ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया था जून महीने के मध्य तक क़रीब 3,600 आम नागरिकों की जान जा चुकी थी.

    मिखाइल पोदोल्याक ने बताया कि 24 फ़रवरी को यूक्रेन पर हमला बोलने के बाद रूस के भी क़रीब एक लाख जवानों की मौत हो चुकी है. वहीं, एक से डेढ़ लाख सैनिक या तो घायल हुए हैं या लापता हैं या फिर मोर्चे पर लौटने में अक्षम हैं.

    बीबीसी की रूसी सेवा के अनुसार युद्ध में रूस के सभी रैंकों के क़रीब 9,311 सैनिकों की जान गई है. वास्तविक आंकड़ा 18,600 से अधिक भी हो सकता है.

  3. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में जर्मनी का सफ़र ख़त्म, कोस्टा रिका को हराकर भी नहीं कर सका वापसी

    देर रात रोमांचक मुक़ाबले में कोस्टा रिका को हराकर भी चार बार की चैंपियन रही जर्मनी का फ़ीफ़ा विश्व कप में सफ़र ख़त्म हो गया.

    जापान की स्पेन पर 2-1 से विवादित जीत ने जर्मनी को फ़ुटबॉल विश्व कप के नॉकआउट स्टेज तक पहुंचने से रोक दिया.

    ग्रुप ई के मुक़ाबले में कोस्टा रिका के ख़िलाफ़ जर्मनी ने 4-2 से जीत दर्ज की. जर्मनी को नॉकआउट में पहुंचने के लिए जीत के साथ ही बेहतर गोल अंतर की भी ज़रूरत थी. टीम जीत गई लेकिन गोल अंतर के मामले में स्पेन से पीछे रह गई.

    जर्मनी और स्पेन दोनों के चार-चार अंक थे.

    जापान ने स्पेन को हराया

    जापान ने विश्वकप के ग्रुप ई में स्पेन को 2-1 से हराकर अंतिम-16 टीम में जगह बना ली. स्पेन और जर्मनी के बराबर अंक थे लेकिन स्पेन ने 9 गोल किए जबकि उसके ख़िलाफ़ तीन गोल हुए थे.

    वहीं जर्मनी ने 6 गोल किए और 5 गोल उसके ख़िलाफ़ हुए थे. इसलि स्पेन का गोल अंतराल बेहतर था.

    वहीं, ग्रुप सी के मैच में क्रोएशिया से हारने के बाद बेल्जियम भी अब नॉकआउट से बाहर हो गया है.

  4. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 01 दिसंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    आज की अहम ख़बरें-

    • अमेरिकी राष्ट्रपति ने की फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाक़ात, रूस पर हुई बात.
    • यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के सहयोगी ने माना- युद्ध में कम से कम 13000 सैनिकों की गई जान.
    • ओसामा बिन लादेन ने कुत्तों पर किया था रासायनिक हथियार का परीक्षण, बेटे ने इंटरव्यू में बताया.