You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

क़तर वर्ल्ड कप 2022: नीदरलैंड्स ने सेनेगल को 2-0 से हराया

सोमवार को दो मुक़ाबले हुए. पहले मुक़ाबले में इंग्लैंड ने ईरान को आसानी से 6-1 से हराया. दूसरे मुक़ाबले में नीदरलैंड्स सेनेगल पर हावी रहा

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश and अभिनव गोयल

  1. जब रणवीर सिंह से पूछा गया...’कौन हैं आप’

    बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह ब्रितानी रेसिंग ड्राइवर रहे पत्रकार मार्टिन ब्रंडल को इंटरव्यू दे रहे हैं.

    रणवीर सिंह इस साल की आख़िरी फार्मूला वन रेस के लिए अबु धाबी पहुंचे थे जहां ब्रितानी पत्रकार ने उनके ख़ास कपड़ों को लेकर उनकी तारीफ़ की.

    इस पर रणवीर सिंह ने उनका शुक्रिया अदा किया लेकिन ये कहते-कहते ब्रितानी पत्रकार मार्टिन ब्रंडल ने रणवीर सिंह से पूछ बैठे कि वह कौन हैं.

    सोशल मीडिया पर ये वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें मार्टिन ब्रंडल रणवीर सिंह से ये सवाल करते दिख रहे हैं.

    इस पर रणवीर सिंह ने जवाब दिया कि वह एक बॉलीवुड अभिनेता और लोगों का मनोरंजन करते हैं.

    सोशल मीडिया पर कई लोग रणवीर सिंह की इस बेबाकी और विनम्रता की तारीफ़ कर रहे हैं.

  2. ट्रक की टक्कर में कैसे तबाह हुईं 48 गाड़ियां

  3. फिलीपींस ने चीन पर लगाया संदिग्ध रॉकेट का मलबा बटोरने का आरोप

    फिलीपींस ने चीन पर उसकी समुद्री क्षेत्र से तैरते हुए मलबे को इकट्ठा करने का आरोप लगाया है. ऐसा माना जा रहा है कि ये किसी रॉकेट का मलबा है.

    फिलीपींस की नौसेना के वाइस एडमिरल अल्बर्टो कार्लोस ने कहा कि एक चीनी जहाज़ ने दो बार उनके रास्ते में रुकावट पैदा की.

    चीनी अधिकारियों ने अभी तक आरोपों का जवाब नहीं दिया है.

    वाइस एडमिरल अल्बर्टो का कहना है कि ये कचरा सबसे पहले रविवार को फिलीपींस शासित पगासा आइलैंड में दिखाई दिया था.

    उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने धातु जैसा दिखना वाला कचरा देखा, जब वे इस कचरे को वापिस खींच रहे थे तभी चीनी जहाज ने आकर रुकावट पैदा की.

    अल्बर्टो ने बताया कि कचरे को खींचने के लिए जो लाइन फिलीपींस की बोट से जुड़ी थी उसे चीनी जहाज ने काटकर जबरदस्ती कचरे को वापस ले लिया.

    इस महीने की शुरुआत में, पश्चिमी पालावान में बुसुंगा द्वीप और पश्चिमी मिंडोरो प्रांत के कैलिंटान शहर में भी इसी तरह का कचरा मिला था.

    अधिकारियों का मानना था कि ये कचरा चीन के लॉन्ग मार्च 5बी रॉकेट के हिस्से हो सकते हैं.

  4. मोरबी हादसे को सुप्रीम कोर्ट ने बताया ‘भारी त्रासदी’

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात के मोरबी में हुई दुर्घटना को ‘भारी त्रासदी’ कहा है.

    सुप्रीम कोर्ट ने आज अपने आदेश में मोरबी पुल के ढहने में मामले में हाई कोर्ट से अनुरोध किया है कि स्वतः संज्ञान लेते हुए नज़र रखने को कहा है ताकि उन्हें पता रहे कि जांच सही दिशा में जा रही है और लापरवाही के दोषी व्यक्तियों पर जवाबदेही तय हो.

    जस्टिस डी. वाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली बेंच ने अपने आदेश में कहा, “यह एक बहुत बड़ी त्रासदी है और इसके लिए एक साप्ताहिक निगरानी की आवश्यकता है ताकि जिस पार्टी को कॉन्ट्रैक्ट मिला और जो दोषी हैं उनकी ज़िम्मेदारी तय करते हुए मामला आगे बढ़े. गुजरात हाईकोर्ट ने खुद ही सुओ मोटो ले लिया है वरना हम ये नोटिस जारी करते. ”

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि इस मामले पर हाई कोर्ट को नियमित निगरानी रखनी होगी. सोमवार को सुप्रीम कोर्ट मोरबी हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों की ओर से दायर की गई एक याचिका पर सुनवाई कर रहा था.

    इस याचिका की पैरवी करने वाले अधिवक्ता विशाल तिवारी की मांग थी कि मामले की जांच एक न्यायिक समिति करे जिसकी निगरानी का काम एक रिटायर्ड जज के हाथों में हो.

    इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि मरने वालों के परिजनों को मुआवज़ा मिले इस पहलू का भी ध्यान रखना होगा.

    30 अक्टूबर को गुजरात के मोरबी में एक सस्पेंशन ब्रिज के गिरने से 132 लोगों की मौत हो गई थी. इस मामले में ब्रिज बनाने का ठेका ओरेवा ग्रुप को दिया गया था.

    हादसे के बाद सामने आया कि इसे दोबारा बिना हेल्थ सर्टिफकेट मिले ही आम लोगों के लिए खोला गया था.

  5. कांग्रेस के 'औकात' वाले बयान पर पीएम नरेंद्र मोदी ने दिया जवाब

    गुजरात विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक रैली में कांग्रेस नेता मधुसूदन मिस्त्री के उस बयान पर जवाब दिया है जिसमें उन्होंने कहा था कि पीएम मोदी को चुनाव में 'औकात' दिखा देंगे.

    सुरेंद्र नगर में आयोजित रैली में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, "ये कांग्रेस वाले कहते हैं आ मोदी ने नी औकात बताबी देसू औकात.. (इस मोदी को औकात बता देंगे औकात..) मोदी को उसकी औकात दिखा देंगे, अहंकार है ये भाइयों अहंकार.. मोदी को उसकी औकात दिखा देंगे, आपको तो पता राजपरिवार से हैं, मैं तो एक सामान्य परिवार की संतान हूं, मेरी कोई औकात नहीं थी, आपको मेरी औकात दिखाने की ज़रूरत नहीं है. अरे, मैं तो सेवक हूं सेवक, मैं तो सेवादार हूं, सेवक की, सेवादार की कहीं औकात होती है?''

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहीं नहीं रुके. उन्होंने कहा, "अरे आपने मुझे नीच कहा, नीची जाति का कहा, मौत का सौदागर कहा, गंदी नाली का कीड़ा कहा, आपको जो कहना था वो कहा, आपको हमारी औकात बताने की जरूरत है? हमारी कोई औकात नहीं थी. मेहरबानी करके विकास के मुद्दों की चर्चा करो. गुजरात को विकसित गुजरात बनाने के लिए आओ मैदान में. औकात बता-बात खेल से न भागो भाई.''

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, इंडोनेशिया में भीषण भूकंप, कम से 44 लोगों की मौत

    इंडोनेशिया के पश्चिमी जावा प्रांत में सोमवार को आए भूकंप के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 44 हो गई है.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी की रिपोर्ट के अनुसार, बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं और हज़ारों की संख्या में घरों को नुक़सान हुआ है.सियांजुर शहर के स्थानीय प्रशासन का कहना है कि अभी तक कम से कम 44 लोगों की मौत हुई है.

    यूएसजीएस के मुताबिक़, रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 5.6 आंकी गयी है.

    ख़बरों के मुताबिक़ भूकंप का केंद्र राजधानी जकार्ता से 100 किलोमीटर दूर सियांजुर है.

  7. श्रद्धा मर्डर केस: नहीं हुआ आफ़ताब का नारको टेस्ट, अब कब तक होगा?

    फोरेंसिक साइंस लैब ने सोमवार को बताया है कि आज श्रद्धा मर्डर केस के अभियुक्त आफ़ताब का नारको टेस्ट नहीं किया जाएगा.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने इस बारे में जानकारी दी है.

    एफ़एसएल के सह-निदेशक डॉ संजीव गुप्ता ने बताया है, “आज नार्को टेस्ट नहीं हो रहा है. दिल्ली पुलिस का अनुरोध आ चुका है और हमारी निदेशक के भी आदेश इसको जल्द कराने के हैं. हमारी टीम तीन दिन से इस पर काम कर रही है. नार्को टेस्ट करने से पहले कुछ मापदंड होते हैं जिन्हें पूरा किया जा रहा है.”

    इसके साथ ही फोरेंसिक मनोविज्ञान प्रभाग विभाग के प्रमुख डॉ पुनीत पुरी ने भी बताया है कि ‘पॉलीग्राफ परीक्षण के लिए व्यक्ति की अनुमति चाहिए होती है, कोर्ट ने हमें नोर्को टेस्ट की अनुमति दी है. अगर हमें आज कोर्ट के आदेश मिल जाते हैं तो 10 दिनों में पॉलीग्राफ, मनोविज्ञानिक और नार्को परीक्षण के सारे काम पूरे हो जाऐंगे.’

    दिल्ली पुलिस इस मामले में ऐसे सबूत जुटाने की कोशिश कर रही है जिससे अदालत में आफ़ताब पर लगे अभियोगों को साबित किया जा सके.

  8. श्रद्धा मर्डर केस: कांग्रेस ने कहा, ‘एक कौम – एक धर्म को टारगेट बनाया गया’

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को श्रद्धा मर्डर केस में एक धर्म विशेष को निशाने पर लिए जाने को लेकर आपत्ति जताई है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए अशोक गहलोत ने कहा है कि आग लगाना आसान होता है लेकिन उसे बुझाना मुश्किल होता है.

    उन्होंने कहा, “ये एक घटना है. एक दुर्घटना है. ये तो नाम दे दिए गए हैं. जुमले गढ़ दिए गए हैं. आप इसे किसी रूप में देख लीजिए. ये तो कोई नयी बात नहीं है. सदियों से धर्म के नाम पर शादियां होती हैं. कोई नयी बात तो नहीं है. पर जो आपने एक कौम को, एक धर्म को टारगेट बना दिया. उसके आधार पर देश के अंदर आपकी राजनीति चल रही है. उसका फायदा आपको मिल रहा है. क्योंकि धर्म और जाति के नाम पर इकट्ठा करना हो, एकजुट करना हो, संगठित करना हो, भीड़ बनानी हो तो बड़ा आसान काम है. आग लगाना बड़ा आसान है, आग को बुझाने में वक़्त लगता है.”

  9. राजस्थान: मंदिर में पूजा विवाद, पुजारी को जलाया

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान में राजसमंद ज़िले के देवगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार शाम क़रीब साढ़े छह बजे एक पुजारी और उनकी पत्नी को जलाने का मामला सामने आया है.

    गंभीर झुलसी हुई स्थिति में पुजारी और उनकी पत्नी को उदयपुर के ज़िला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. इस मामले में अब तक पुलिस ने 12 लोगों को हिरासत में लिया है.

    भीम इलाक़े के डिप्टी एसपी राजेंद्र सिंह राठौड़ ने बीबीसी को बताया, "रविवार शाम लगभग 6 बजे की घटना है. जलाने के लिए पेट्रोल का इस्तेमाल किया गया है.

    पुजारी नवरत्न लाल के बयानों के आधार पर एफ़आईआर दर्ज की गई है."

    डिप्टी एसपी ने बताया, "आईपीसी की धारा, 177, 149, 458, 436, 307 में एफ़आईआर दर्ज कर बारह आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है."

    उन्होंने कहा, "गांव के मंदिर में पूजा करने को लेकर विवाद चल रहा था. ग्रामीण कह रहे थे कि मंदिर ट्रस्ट बनाएंगे, जबकि पुजारी मंदिर में पूजा करने के लिए कह रहे थे."

    राज्य में मंदिर से जुड़े मामलों को लेकर बीते कम से कम दो साल में इस तरह की लगभग चार घटनाएं हो चुकी हैं.

  10. एमसीडी चुनाव: बीजेपी का आप पर टिकट बेचने का आरोप, केजरीवाल ने दिया जवाब

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी की ओर से जारी किए गए स्टिंग वीडियो पर अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है.

    बीजेपी ने एक स्टिंग ऑपरेशन में दावा किया था कि आम आदमी पार्टी ने एमसीडी चुनाव के लिए टिकट बेचे हैं.

    केजरीवाल ने इस स्टिंग ऑपरेशन पर कहा है, “बीजेपी हर रोज़ एक नयी नौटंकी लेकर आती है. कभी कहती है कि शराब घोटाला हुआ, उसकी जांच हो गयी. शराब घोटाले में कुछ भी नहीं मिला. इन्होंने कहा कि बस घोटाला हुआ, उसमें कुछ नहीं मिला.

    इन्होंने कहा कि सड़कों में घोटाला हुआ, उसमें कुछ नहीं मिला. अभी चार दिन पहले भी इन्होंने कहा था कि कोई टिकट घोटाला हुआ, उसकी भी जांच हो गयी, उसमें...तो ये जांच कर लें.”

    इससे पहले बीजेपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके आम आदमी पार्टी पर एमसीडी चुनाव के टिकट बेचने का आरोप लगाया.

    बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि ‘पूरी की पूरी आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार में लिप्त है. आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार विरोध की बात करती थी पर आज पूरी पार्टी उघाई करने में लगी है.’

    इसके साथ ही दिल्ली के विधायक विजेंदर गुप्ता ने लिखा है, “स्टिंग से स्पष्ट है कि आम आदमी पार्टी सिर्फ़ निगम की टिकट ही नहीं, इन्होंने विधानसभा की टिकट भी बेची थी.”

  11. अरुण गोयल ने चुनाव आयुक्त का पदभार संभाला

    पूर्व नौकरशाह अरुण गोयल ने सोमवार को भारत के चुनाव आयुक्त के रूप में अपनी ज़िम्मेदारियों को संभाल लिया है.

    अरुण गोयल पंजाब काडर के साल 1985 बैच के आईएएस अधिकारी हैं. उन्होंने बीते शुक्रवार ही भारी उद्योग मंत्रालय में सचिव के पद से वीआरएस लिया है.

    इसके बाद क़ानून और न्याय मंत्रालय ने शनिवार को अधिसूचना जारी करके उनकी नयी नियुक्ति के बारे में बताया है.

    इस साल मई महीने में पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्र के रिटायरमेंट के बाद से चुनाव आयोग की ज़िम्मेदारी राजीव कुमार और अनूप चंद्र पांडेय संभाल रहे थे.

    साल 2025 के फरवरी महीने में राजीव कुमार के रिटायरमेंट के बाद वह भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त बन सकते हैं.

  12. ईरान की फ़ुटबॉल टीम के कप्तान ने कहा - ठीक नहीं हैं उनके मुल्क़ में हालात

    ईरान की फ़ुटबॉल टीम के कप्तान एहसान हजसफ़ी ने देश के भीतर चल रहे विरोध प्रदर्शनों पर अपनी राय रखी है.

    ईरान में बीते कुछ महीनों से सरकार के ख़िलाफ़ हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं.

    आज फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में ईरान और इंग्लैंड के बीच मैच हो रहा है.

    इस मैच से पहले कप्तान एहसान हजसफ़ी ने कहा, "हमें ये स्वीकार करना पड़ेगा कि हमारे देश में हालात ठीक नहीं है और हमारे लोग प्रसन्न नहीं हैं."

    उन्होंने कहा कि वे प्रदर्शनों में मरने वालों का समर्थन करते हैं.

    मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का दावा है कि अब तक ईरान में हुए प्रदर्शनों में 400 से अधिक लोग मारे गए हैं. सुरक्षा बलों ने अब तक 16,800 लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    ईरान के नेता प्रदर्शनों को दंगा बताते रहे हैं और उनके लिए विदेशी ताक़तों को ज़िम्मेदार ठहराते रहे हैं.

    ये पहली बार है कि जब ईरान के किसी शीर्ष खिलाड़ी ने प्रदर्शनकारियों के हक़ में बयान दिया हो.

    उन्होंने प्रेस वार्ता के शुरू में कह दिया, "कुछ भी कहने से पहले बता दूँ कि मैं ईरान में मरने वालों को श्रृद्धाजंलि देता हूँ. उनके परिजनों को बताना चाहता हूँ कि हम उनके साथ हैं. मैं उनका समर्थन करता हूँ और उनसे सहानुभूति रखता हूँ."

  13. दिल्ली एलजी ने छावला रेप केस में रिव्यू पेटिशन डालने की मंजूरी दी

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    दिल्ली के उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने छावला रेप केस में सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले पर रिव्यू पेटिशन डालने की अनुमति दे दी है.

    सुप्रीम कोर्ट ने इसी महीने की शुरुआत में अपना फ़ैसला सुनाते हुए इस मामले से जुड़े तीन अभियुक्तों को रिहा कर दिया था.

    साल 2012 में दिल्ली के छावला इलाके में एक 19 साल की लड़की का गैंगरेप और फिर उनकी हत्या कर दी गयी थी.

    दिल्ली की निचली अदालत ने इस मामले में तीनों अभियुक्तों को मौत की सज़ा सुनाई थी.

    इसके बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने भी निचली अदालत के ज़रिए दी गई सज़ा को बरक़रार रखा था.

    लेकिन बीती सात नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने सबूतों के अभाव में तीनों अभियुक्तों को रिहा कर दिया था.

  14. राहुल गांधी आज पहुंचेंगे गुजरात, सूरत और राजकोट में करेंगे रैली

    कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज सोमवार को गुजरात के सूरत और राजकोट ज़िले में पहुंचेंगे.

    गुजरात में विधानसभा चुनावों के लिए एक और पांच दिसंबर को मतदान होने जा रहे हैं.

    गुजरात में बीजेपी पिछले ढाई दशकों से सत्ता में बनी हुई है. कांग्रेस यहां मुख्य विपक्षी दल की भूमिका में है.

    पिछले ढाई महीनों में राहुल गांधी की ये दूसरी गुजरात यात्रा होगी. हालांकि, चुनाव प्रचार के लिए वह पहली बार गुजरात पहुंच रहे हैं.

    राहुल गांधी अपनी पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं जो अब तक छह राज्यों और 31 ज़िलों से होकर गुज़र चुकी है.

  15. नीतीश कुमार ने वैशाली हादसे पर जताई संवेदना, मृतकों के परिवारों को मिलेंगे पांच लाख रुपये

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वैशाली ज़िले में बीते रविवार हुए सड़क हादसे पर संवेदना जताते हुए मृतकों के परिवारों को पांच लाख रुपये देने का एलान किया है.

    नीतीश कुमार ने ट्वीट कर इसका एलान किया है.

    उन्होंने लिखा है, “वैशाली के देसरी थाना क्षेत्र में तेज रफ़्तार ट्रक द्वारा बच्चों सहित कई लोगों को कुचलने की घटना से मर्माहत हूं. मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना है तथा उन्हें 5-5 लाख रू० अनुग्रह अनुदान दिया जाएगा. घायलों के समुचित इलाज का निर्देश दिया. उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है.”

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, वैशाली के ज़िलाधिकारी यशपाल मीणा ने इस दुर्घटना में कम से कम आठ लोगों की मौत होने और कई लोगों के घायल होने की सूचना दी है.

  16. आप नेता सत्येंद्र जैन वीडियो लीक मामले में कोर्ट पहुंचे, आज होगी सुनवाई

    दिल्ली की एक अदालत सोमवार को तिहाड़ जेल से आप नेता सत्येंद्र जैन के वीडियो लीक होने के मामले में दायर याचिका पर सुनवाई करेगी.

    सत्येंद्र जैन ने अपनी इस याचिका में दावा किया है कि प्रवर्तन निदेशालय ने कोर्ट के आदेश की अवमानना करते हुए इस क्लिप को जारी किया और इस वजह से उसके ख़िलाफ़ अवमानना के मामले में कार्रवाई होनी चाहिए.

    विशेष न्यायाधीश विकास धुल ने बीते शनिवार इस मामले में एजेंसी से अपना पक्ष रखने को कहा था.

    इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय ने जैन की जमानत याचिका की सुनवाई के दौरान उन पर जेल के अंदर विशेष सुविधाएं हासिल करने का आरोप लगाया था.

    इसके बाद कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय और जैन की लीगल टीम को हलफ़नामे से जुड़ी सामग्री और वीडियो लीक नहीं करने को कहा था. इस बारे में कोर्ट ने दोनों पक्षों से लिखित बयान भी लिया था.

    इसके साथ ही कोर्ट ने 17 नवंबर को सत्येंद्र जैन की जमानत याचिका ख़ारिज कर दी थी.

    हालांकि, इसके बाद भी तिहाड़ जेल का वीडियो लीक हो गया जिसकी वजह से आम आदमी पार्टी बीजेपी और कांग्रेस की ओर से राजनीतिक हमले झेल रही है.

    ऐसे में जैन और उनकी टीम प्रवर्तन निदेशालय के ख़िलाफ़ अवमानना के तहत कार्रवाई चाहते हैं.

    प्रवर्तन निदेशालय ने सत्येंद्र जैन को मनी लॉन्ड्रिंग के एक केस में साल 2017 में भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में दर्ज सीबीआई की एफ़आईआर के आधार पर गिरफ़्तार किया था.

    उनके ख़िलाफ़ उनसे जुड़ी चार कंपनियों के ज़रिए मनी लॉन्ड्रिंग करने का आरोप है.

  17. श्रद्धा मर्डर केस: पुलिस को मिले सिर के हिस्से, आफ़ताब के नारको टेस्ट की तैयारी शुरू

    दिल्ली पुलिस को बीते रविवार श्रद्धा वालकर हत्याकांड की जांच के सिलसिले में दक्षिणी दिल्ली से सिर के कुछ टुकड़े और हड्डियां मिली हैं.

    इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने दक्षिणी दिल्ली के मैदानगढ़ी इलाके की एक झील को भी खाली कराया है.

    लेकिन अब तक दिल्ली पुलिस ने इस मामले में कोई बड़ा सबूत मिलने की सूचना नहीं दी है.

    इसे लेकर धीरे-धीरे जांचकर्ताओं के लिए मुश्किल खड़ी होती जा रही है.

    दिल्ली पुलिस की एक टीम आफ़ताब को उस फ़्लैट में भी लेकर गयी जहां श्रद्धा वालकर और आफ़ताब कथित रूप से रहा करते थे.

    इसके साथ ही दिल्ली पुलिस और फोरेंसिक टीम के अधिकारियों ने आफ़ताब के नारको टेस्ट से पहले एक अहम बैठक की.

    जांचकर्ताओं को उम्मीद है कि नारको टेस्ट के दौरान उन्हें आफ़ताब से कुछ ऐसी जानकारी मिल सकती है जो इस केस को सुलझाने में मदद कर सकती है.

    इसी बीच दिल्ली पुलिस के पूर्व कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव ने कहा है कि जांचकर्ताओं के लिए इस केस को सुलझाना काफ़ी मुश्किल होने वाला है.

    उन्होंने कहा, “ये एक बहुत ही मुश्किल केस होने जा रहा है जिसमें उसका (आफ़ताब) जुर्म सिद्ध करने में न्याय व्यवस्था के सभी अंगों की मदद चाहिए होगी. पुलिस अपनी तरफ़ से पूरी कोशिश करेगी. लेकिन इस मामले में कोर्ट को मामले को समझते हुए फ़ैसले करने होंगे.”

  18. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 20 नवंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    आज की अहम ख़बरें-

    • पीएम मोदी आज गुजरात के सुरेंद्रनगर, जंबूसर और नवसारी में जनसभा कर सकते हैं
    • सुप्रीम कोर्ट आज मोरबी पुल हादसे से जुड़ी याचिका की सुनवाई कर सकता है
    • कतर में शुरू हुए फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप में आज इंग्लैंड - ईरान, सेनेगल - नीदरलैंड और अमेरिका - वेल्स के बीच मुकाबला होगा
    • आप नेता सत्येंद्र जैन के वीडियो लीक मामले में दिल्ली की एक अदालत आज सुनवाई करेगी