You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बिहारः पूजा कर रहे लोगों पर चढ़ा ट्रक, कम से कम 7 की मौत

बिहार के वैशाली ज़िले के मेहनार इलाक़े में सड़क किनारे पूजा कर रहे लोगों को अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया है

लाइव कवरेज

दीपक मंडल and प्रेरणा .

  1. बिहारः पूजा कर रहे लोगों पर चढ़ा ट्रक, कम से कम 7 की मौत

    बिहार के वैशाली ज़िले के मेहनार इलाक़े में एक सड़क हादसे में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई है.

    शुरुआती जानकारी के मुताबिक एक ट्रक ने सड़क किनारे रह रहे लोगों को रौंदा है.

    वैशाली के एसपी श्री महेश ने बीबीसी को बताया है कि अभी तक इस घटना में कम से कम सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.

    वैशाली के ज़िलाधिकारी यशपाल मीणा ने बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े को बताया है कि 6-7 लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की सूचना है. ज़िलाधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक इस हादसे में कम से कम सात बच्चों की मौत हुई है.

    जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष पप्पू यादव ने एक ट्वीट में कहा है, "वैशाली जिले के देसरी में हुई भीषण सड़क दुर्घटना अत्यंत दुखदाई है! दर्जनों लोगों के मौत की खबर है!"

    वहीं बीजेपी की बिहार इकाई ने ट्वीट करते हुए लिखा है, "वैशाली के निकट भीषण सड़क हादसा में अत्यंत दुखद परिस्थिति में बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु से हृदयघाती सूचना मिली है!"

    जानकारी के मुताबिक ये हादसा मेहनार-हाजीपुर मुख्य मार्ग पर देसरी थानाक्षेत्र में हुआ है.

    रिपोर्टों के मुताबिक नयागांव टोला में लोग सड़क किनारे पूजा कर रहे थे.

    अनियंत्रित ट्रक ने इन लोगों रौंद दिया.

    अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है.

  2. तुर्की ने इराक़ और सीरिया में कुर्दिश ठिकानों पर हवाई हमले किए, 30 से अधिक की मौत

    तुर्की ने इराक और सीरिया में कुर्दिश ठिकानों पर हवाई हमले शुरू कर दिए हैं. तुर्की ने पिछले सप्ताह इस्तांबुल में हुए धमाके के बाद ये कार्रवाई शुरू की है.

    तुर्की ने इस धमाके के लिए कुर्दिश चरमपंथियों को ज़िम्मेदार ठहराया था.

    ब्रिटेन स्थित सीरियन ऑब्ज़र्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने कहा है कि हमले में सिर्फ उत्तरी सीरिया में ही 31 लोगों की मौत हो गई है.

    इस्तांबुल में हुए बम धमाकों मे छह लोगों की मौत हो गई और 80 से अधिक लोग घायल हो गए थे.

    हालांकि कुर्दिश संगठन पीकेके ने इस हमले में अपना हाथ होने से इनकार किया है. तुर्की ने इस ऑपरेशन को क्लॉ सोर्ड का नाम दिया है.

    तुर्की के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक उन कुर्दिश ठिकानों पर हमला किया जा रहा है, जहां से तुर्की के खिलाफ हमले किए जा रहे थे.

    सीरियाई-कुर्दिश प्रवक्ता ने बताया कि आतंरिक रूप से विस्थापित लोगों के दो गांवों पर हमला किया गया है.

  3. फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप 2022 : क़तर और इक्वाडोर के बीच मैच शुरू

    क़तर में फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप का पहला मैच क़तर और इक्वॉडोर के बीच शुरू हो गया है. इससे पहले रंगारंग कार्यक्रम के साथ वर्ल्ड का आधिकारिक शुभारंभ किया गया था.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप-2022: क़तर में रंगारंग कार्यक्रम के साथ फ़ुटबॉल विश्व कप का शुभारंभ

    क़तर में रंगारग कार्यक्रम के साथ फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप शुरू हो गया है.

    के पॉप बैंड बीटीएस बैंड के जंग कुक और मशहूर अभिनेता मॉर्गन फ्रीमैन ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया.

    पहला मैच थोड़ी देर बार क़तर और इक्वॉडर के बीच खेला जाएगा.

    यह 1978 के अर्जेंटीना वर्ल्ड कप के बाद अब तक का सबसे कम अवधि वाला टूर्नामेंट होगा, यानी खेल शुरू होने से लेकर ख़त्म होने तक (20 नवंबर से 18 दिसम्बर) सिर्फ 29 दिन का.

  5. अमेरिका के गे क्लब में बंदूकधारी ने फ़ायरिंग की, पांच की मौत

    अमेरिका के कोलोराडो में एक गे क्लब के अंदर एक बंदूकधारी ने अंधाधुंध गोलियां चला कर पांच लोगों को मार डाला और 18 को घायल कर दिया.

    घायलों का इलाज चल रहा है. इस मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है.

    कोलोराडो स्प्रिंग्स में मौजूद इस क्लब का नाम क्लब 'क्यू' है. क्लब 'क्यू' ने फेसबुक पर जारी एक बयान में कहा है, ''हम अपने समुदाय पर इस मूर्खतापूर्ण हमले से सदमे में हैं.हम अपने उन ग्राहकों के आभारी हैं जिन्होंने उस बंदूकधारी को काबू करने में मदद की.''

    2016 में फ्लोरिडा के एक गे क्लब में गोलीबारी में 49 लोगों की मौत हो गई थी.

  6. मंगलुरु ब्लास्ट: सीएम बोम्मई बोले- अभियुक्त का 'आतंकी संगठन' से लिंक हो सकता है

    मंगलुरु ब्लास्ट को लेकर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि अभियुक्त शारिक के लिंक 'आतंकवादी' गुटों से हो सकते हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक सीएम बासवराज बोम्मई ने कहा, “ये एक आतंकी घटना लग रही है. एनआईए और दूसरी एजेंसियां वारदात की जगह पर गई हैं और जांच कर रही हैं. क्योंकि वो (अभियुक्त) कोयंबटूर समेत दूसरी जगहों पर गया था, इसलिए मुमकिन है कि उसका लिंक आतंकी संगठन से हो.”

    शनिवार को एक ऑटो रिक्शा में एक लो इंटेन्सिटी ब्लास्ट हुआ था जिसमें शारिक मौजूद था. डिवाइस एक प्रेशर कुकर में रखा गया था.

    आरोप है कि शारिक इसे मंगलुरू में किसी प्रार्थना की जगह पर ले जा रहे थे. इस ब्लास्ट में शारिक का शरीर 40 फ़ीसद जल गया है.

    पुलिस पूछताछ के लिए शारिक के ठीक होने का इंतज़ार कर रही है.

  7. फ़ीफ़ा विश्व कप के उद्घाटन समारोह में शामिल होने क़तर पहुंचे उप-राष्ट्रपति धनखड़

    भारत के उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ फ़ीफ़ा विश्व कप 2022 के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए दोहा पहुंचे हैं.

    इस मौक़े पर क़तर में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने कहा है कि ये ऐतिहासिक है.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई ने कहा, “हमें ख़ुशी और गर्व है कि भारत के उप-राष्ट्रपति फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के उद्घाटन समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए क़तर पहुंचे हैं.ये ऐतिहासिक लम्हा है और भारत और क़तर के बीच क़रीबी संबंधों को दिखाता है.”

    क़तर में आज से फ़ुटबॉल विश्व कप की शुरुआत हो रही है. पहला मैच क़तर और इक्वाडोर के बीच रात साढ़े नौ बजे से शुरू होगा.

  8. हमारे देश को आफ़ताब नहीं राम जैसा भगवान और मोदी जैसा नेता चाहिए: असम सीएम

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए प्रचार किया.

    उन्होंने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के घोंडा क्षेत्र में रोड शो किया. साल 2020 में ये इलाक़ा भी सांप्रदायिक दंगों से प्रभावित रहा था.

    उन्होंने इस दौरान कहा कि “हमें देश को बचाना है और एक शक्ति का निर्माण करना चाहिए ताकि हमारे देश पर और हम पर कोई अत्याचार न कर सके. हमारे देश को आफ़ताब (श्रद्धा मर्डर केस अभियुक्त) नहीं चाहिए, हमारे देश को राम जैसा भगवान और इंसान चाहिए और मोदी जैसा नेता चाहिए.“

    “हमारे देश में सिविल कोड चाहिए और लव जिहाद के ख़िलाफ़ क़ानून चाहिए. देश में कोई आफ़ताब जैसा शख़्स निकले उसे सीधे फांसी मिले ऐसा क़ानून चाहिए.”

    इस दौरान उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सीएए के दौरान दिल्ली में दंगों के लिए माफ़ी मांगनी चाहिए.

    सीएम सरमा ने कहा, “लोगों का उत्साह साफ़ बताता है कि चुनाव का परिणाम क्या रहने वाला है. केजरीवाल नाटक में माहिर हैं. वो सोचते हैं कि हिंदू दुश्मन हैं, लेकिन क्या भारत बिना हिंदुओं के हो सकता है. सीएए के दौरान दिल्ली में दंगों के लिए उन्हें माफ़ी मांगनी चाहिए. बीजेपी चुनाव जीतेगी.”

  9. मदर डेयरी ने फुल क्रीम दूध का दाम बढ़ाया, टोकन मिल्क भी महंगा हुआ

    मदर डेयरी ने अपने फुल क्रीम दूध की कीमत एक रुपया प्रति लीटर बढ़ा दी है. अब ये 63 रुपये के बजाय 64 रुपये में मिलेगा.

    हालांकि आधा लीटर के दूध के पैकेट का दाम नहीं बढ़ा है.

    मदर डेयरी के प्रवक्ता के मुताबिक टोकन मिल्क की कीमत भी बढ़ा दी गई है. अब टोकन मिल्क 48 रुपये की जगह 50 रुपये प्रति लीटर हो गया है.

  10. मोदी ने गुजरात की रैली में राहुल पर साधा निशाना, कहा- कांग्रेस गुजरात विरोधी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में पहले चरण के चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा.

    गुजरात में धोराजी की एक रैली में उन्होंने कहा, ''कल के अख़बार में एक कांग्रेस नेता की तस्वीर छपी है, जो उन लोगों के साथ खड़े हैं, जिन्होंने नर्मदा प्रोजेक्ट का विरोध किया था. उन्होंने दशकों तक इस प्रोजेक्ट को रोके रखने के लिए सब कुछ किया. वो ये सुनिश्चित करने में लगे थे कि यहां वर्ल्ड बैंक समेत किसी का भी पैसा न पहुंचे.''

    'नर्मदा बचाव आंदोलन' की मेधा पाटेकर 17 नवंबर को महाराष्ट्र में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुई थीं.

    इस दौरान राहुल मेधा पाटेकर के कंधे पर हाथ रख कर बात करते दिखे. इसके बाद बीजेपी नेताओं ने राहुल को निशाना बनाया था.

  11. नहीं रहीं बांग्ला अभिनेत्री एंड्रिला शर्मा, कार्डियक अरेस्ट से 24 साल की उम्र में निधन

    बांग्ला टीवी शोज़ और धारावाहिकों की जानी-मानी अभिनेत्री एंड्रिला शर्मा का रविवार को निधन हो गया था.

    24 साल की एंड्रिला को शनिवार की रात कार्डियक अरेस्ट आया था. इसके बाद उन्हें सीपीआर दी गई थी.

    इसके बाद उनकी स्थिति कुछ सुधरी थी लेकिन रात 12.59 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली. उन्हें हावड़ा के एक प्राइवेट अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया था.

    एंड्रिला कैंसर सर्वाइवर रह चुकी थीं. उन्होंने टीवी शो 'झुमुर' के बाद कई लोकप्रिय धारावाहिकों में काम किया. उनमें 'जीवन ज्योति' जैसा लोकप्रिय धारावाहिक शामिल है. उन्होंने 'भागर' वेब सीरीज में भी काम किया था.

  12. यूपी के डिप्टी सीएम बोले- प्रियंका गांधी श्रद्धा मर्डर केस पर चुप क्यों हैं?

    दिल्ली के श्रद्धा मर्डर केस मामले के बहाने उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी पर निशाना साधा है.

    मौर्य का कहना है कि प्रियंका गांधी ने इस मामले पर एक भी शब्द नहीं बोला है.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “कांग्रेस की प्रियंका गांधी कहती हैं ‘बेटी हूं लड़ सकती हूं’ लेकिन उन्होंने इस घटना पर अब तक एक शब्द भी नहीं बोला है. वो चुप क्यों हैं? क्योंकि यहां पर वह कुछ बोलेंगी तो उनका वोट बैंक ख़तरे में पड़ जाएगा.”

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, सूर्यकुमार यादव की शतकीय आतिशी पारी, न्यूज़ीलैंड को 192 रनों का लक्ष्य

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच माउंड माउंगुई में चल रहे दूसरे टी-20 मैच में भारत ने न्यूज़ीलैंड को 192 रनों का लक्ष्य दिया है. भारत ने 6 विकेट के नुक़सान पर 191 रन बनाए.

    सूर्यकुमार यादव की नाबाद 111 रनों की पारी की बदौलत भारत ने मज़बूत लक्ष्य न्यूज़ीलैंड को दिया है. सूर्यकुमार ने 51 गेंदों में 11 चौकों और 7 छक्कों की बदौलत इतने रन बनाए.

    उनके अलावा ईशान किशन ने 36 रन और श्रेयस अय्यर और कप्तान हार्दिक पांड्या ने 13-13 रन बनाए.

    इससे पहले न्यूज़ीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया था. भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच पहला टी-20 मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था.

  14. वीर सावरकर पर राहुल गांधी के बयान से नुक़सान हुआ है: संजय राउत

    शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत ने रविवार को दावा किया कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के कारण पैदा हुई सकारात्मक ऊर्जा राहुल गांधी की उस टिप्पणी के बाद नष्ट हो गई है, जो उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी वीर दामोदर सावरकर पर की थी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ शिवसेना के मुख पत्र सामना के साप्ताहिक कॉलम में 'रोखठोक' में राज्यसभा सदस्य राउत ने सवाल किया कि गांधी ऐसे मुद्दों को क्यों उठा रहे हैं जो लोगों की भावनाओं को छूते हैं और बीजेपी को लोगों का ध्यान हटाने के लिए मौका देते हैं.

    भारत जोड़ो यात्रा पर निकले राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा था कि वीर सावरकर बीजेपी और आरएसएस के प्रतीक हैं. गांधी ने भी दावा किया था कि सावरकर ने अंग्रेज़ों की मदद की और उन्हें माफ़ी पत्र लिखा.

    राहुल गांधी ने कहा, " दो-तीन साल उन्हें अंडमान में बंद कर दिया तो उन्होंने चिट्ठी लिखनी शुरू कर दी कि हमें माफ़ कर दो, जो भी हमसे चाहते हो ले लो. बस मुझे जेल से निकाल दो."

    इस बयान के बाद न केवल बीजेपी बल्कि महाराष्ट्र में कांग्रेस की सहयोगी पार्टी शिवसेना के नेता संजय राउत के निशाने पर हैं.

    इससे पहले शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत ने अघाड़ी गठबंधन में दरार तक की चेतावनी दे दी थी. उन्होंने कहा था कि वीर सावरकर पर ऐसे आरोप लगाना ना महाराष्ट्र और ना शिवसेना को मंजूर है. इससे एमवीए (महाविकास अघाड़ी) में भी दरार आ सकती है.

  15. गुजरात: धरती हिलने से मंजीरा बनने तक की कहानी

    गुजरात चुनाव 2022. कच्छे ज़िले की अंजार सीट पर बीजेपी 2007 से जीत दर्ज कर रही है. इस सीट पर करीब 2 लाख वोटर हैं. ये वो इलाका है जिसने 2001 में भीषण भूकंप झेला था और कई हज़ार लोगों की जान गई थी.

    अब इस इलाके में अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी, नरेंद्र मोदी की बीजेपी और कांग्रेस को लेकर आम लोग क्या सोचते हैं? साथ ही कीर्तन में बजाई जाने वाली मंजीरा कैसे बनती है?

    गुजरात दौरे पर गए बीबीसी संवाददाता विकास त्रिवेदी ने यही समझने की कोशिश की.

  16. क़ानून मंत्री की मौजूदगी में चीफ़ जस्टिस बोले- निचली अदालत के जज डर के कारण नहीं देते ज़मानत

    मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने शनिवार को कहा कि निचली अदालत के जज गंभीर मामलों में ज़मानत देने से बचते हैं क्योंकि उन्हें एक तरीके का डर होता है. वे डरते हैं कि कहीं बेल देने पर उन्हें निशाना न बना लिया जाए.

    उन्होंने कहा कि निचली अदालत के जज ऐसा इसलिए नहीं करते क्योंकि उन्हें अपराध की समझ नहीं है, बल्कि वे ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि उनके अंदर एक डर की भावना है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ बार काउंसिल ऑफ इंडिया के आयोजित अभिनंदन समारोह में बोलते हुए मुख्य न्यायाधीश ने कहा, "निचली अदालतों के कारण शीर्ष अदालतें ज़मानत याचिकाओं से भर गई हैं."

    जब मुख्य न्यायाधीश ज़मानत याचिकाओं से जुड़े मुद्दे पर बोल रहे थे,तब कार्यक्रम में क़ानून मंत्री किरेन रिजिजू भी मौजूद थे.

    क़ानून मंत्री ने कई वकीलों के केस ट्रांसफर से जुड़े मसले पर चिंता ज़ाहिर की है.

    उन्होंने कहा, "मैंने सुना है कि कुछ वकील केस के ट्रांसफर को लेकर मुख्य न्यायाधीश से मिलना चाहते हैं. ये किसी एक मामले में हो सकता है लेकिन अगर यह आदत बन जाती है तो पूरा आयाम बदल जाएगा."

  17. इंदिरा गांधी के जीवन के अनसुने किस्से: विवेचना

    इंदिरा गांधी को भारत के सबसे शक्तिशाली प्रधानमंत्रियों में से एक माना जाता है.

    इंदिरा की 105वीं जयंती पर उनके जीवन से जुड़े कुछ अनजान पहलुओं को याद कर रहे हैं रेहान फ़ज़ल विवेचना में.

    वीडियो प्रोडक्शनः देवाशीष कुमार

  18. नीतीश कुमार युवाओं को दस लाख नौकरी देने के वादे से अगर मुकरे तो करूंगा उनका घेराव: प्रशांत किशोर

    बिहार में जन सुराज यात्रा पर निकले चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने कहा है कि अगर जेडीयू प्रमुख राज्य के युवाओं को "10 लाख सरकारी नौकरी" देने के अपने वादे को पूरा करने में विफल रहते हैं तो बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का घेराव किया जाएगा.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार पूर्वी चंपारण ज़िले के मख़निया गांव में पत्रकारों से बात करते हुए किशोर ने मुख्यमंत्री को चेताने वाले लहज़े में कहा कि अगर वे युवाओं को दिए भरोसे पर खरे नहीं उतरते तो वे उनका घेराव करेंगे.

    गांधी मैदान में अपने स्वतंत्रता दिवस के भाषण के दौरान मुख्यमंत्री ने दावा किया था कि महागठबंधन सरकार का लक्ष्य सरकारी क्षेत्र में 10 लाख लोगों को नौकरी देना है.

    किशोर ने शनिवार को कहा, "उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी कहा था कि नई सरकार के हिस्से के रूप में आरजेडी अपने वादे को पूरा करेगा. अगर नीतीश कुमार इस मोर्चे पर विफल होते हैं तो मैं बिहार के युवाओं के साथ मिलकर उनका घेराव करूंगा."

  19. श्रद्धा मर्डर केस: लिव-इन रिलेशन पर क्या कहती हैं कॉलेज में पढ़ने वाली ये लड़कियां

    हाल ही में दिल्ली में हुए श्रद्धा मर्डर केस ने कई लोगों को हैरान कर दिया. श्रद्धा वालकर की हत्या उन्हीं के प्रेमी आफताब पूनावाला ने कर दी.

    बताया जा रहा है कि श्रद्धा और आफताब लिव इन रिलेशनशिप में थे. इस केस के सामने आने के बाद लिव इन रिलेशनशिप को लेकर भी लोग सवाल उठाने लगे हैं.

    ऐसे में लिव इन रिलेशनशिप में कपल किस तरह से रहते हैं और उनके क्या-क्या अधिकार होते हैं. देखिए यह वीडियो.

  20. कर्नाटक: मंगलूरु में हुए धमाके को कर्नाटक पुलिस ने बताया 'आतंकवादी घटना'

      • Author, इमरान क़ुरैशी
      • पदनाम, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी के लिए

    कर्नाटक के मंगलूरु के तटीय शहर में कल शाम एक ऑटोरिक्शा में हुए कम तीव्रता के विस्फोट को कर्नाटक पुलिस ने आतंकी घटना बताया है.

    कर्नाटक पुलिस ने इसे ''गंभीर नुकसान पहुंचाने के इरादे से किया गया आतंकवादी घटना'' बताया है.

    कम तीव्रता वाला ये धमाका तब हुआ जब एक व्यक्ति ऑटोरिक्शे में सवार होकर शहर के दूसरे हिस्से में जा रहा था. विस्फोट में यात्री और चालक दोनों ही घायल हो गए.

    विस्फोट के पीछे यात्री का ही हाथ बताया जा रहा है.

    राज्य के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने पुष्टि की है कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की एक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है.

    कर्नाटक के डीजीपी प्रवीण सूद ने बीबीसी हिंदी को बताया, ''ये साफ़ है कि कम तीव्रता वाले विस्फोट करने के पीछे उसका मक़सद आतंक पैदा करना था, लेकिन शायद, ग़लती से या जानबूझकर उसने शहर के रास्ते में ये विस्फोट कर दिया. वो खुद घायल है.''

    ''वो अपनी एक अलग पहचान के साथ नाम और बाकी चीज़ें बदलकर घूम रहा था. हमारे पास काफ़ी जानकारी है लेकिन हम उसके ठीक होने और फिर बात करने का इंतजार करेंगे.''

    कोयम्बटूर शहर में भी बीते 23 सितंबर को मंदिर के पास खड़ी एक कार में सिलिंडर ब्लास्ट की घटना सामने आई थी. हालांकि मंगलूरु में पुलिस ने प्रेशर कुकर और सर्किट बोर्ड टुकड़े पाए हैं.

    मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बेल्लारी में पत्रकारों से कहा, “हमारी पुलिस जांच कर रही है कि वो किस-किस जगह पर गया था, कोयंबटूर भी उनमें से एक है.”

    कर्नाटक का तटीय क्षेत्र, विशेष रूप से मंगलूरु, लंबे समय से सांप्रदायिक रूप से एक संवेदनशील क्षेत्र रहा है. यहां चरमपंथी गतिविधियों से जुड़े कुछ तार मिलते हैं.

    पहचान न ज़ाहिर करने की शर्त पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “कई शहरों में कई लोगों से पूछताछ की गई है.”