इंडोनेशिया के बाली में पीएम मोदी का भाषण
इंडोनेशिया के बाली में पीएम मोदी भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित कर रहे हैं.
You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
चेन्नई सुपर किंग्स यानी सीएसके ने ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को रिटेन कर लिया है.
कीर्ति दुबे and शुभम किशोर
इंडोनेशिया के बाली में पीएम मोदी भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित कर रहे हैं.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदीमीर ज़ेलेंस्की ने जी20 शिखर सम्मेलन में दुनिया के नेताओं से कहा है कि रूस का युद्ध अब समाप्त होना चाहिए.
उन्होंने जल्द ही ख़त्म होने वाले एक महत्वपूर्ण अनाज निर्यात सौदे को आगे बढ़ाए जाने का भी अनुरोध किया.
ज़ेलेंस्की ने वीडियो के ज़रिए बाली में मौजूद नेताओं को संबोधित किया.
रूस के नेता व्लादिमीर पुतिन जी20 में हिस्सा नहीं ले रहे हैं. अपनी जगह उन्होंने विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव को सम्मेलन में हिस्सा लेने भेजा है.
समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक ज़ेलेंस्की ने कहा: "मुझे विश्वास है कि अब समय आ चुका है जब रूस के विनाशकारी युद्ध को रोका जाना चाहिए. "
ज़ेलेंस्की ने परमाणु और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने, शत्रुता ख़त्म करने समेत कई रणनीतियों की रूपरेखा रखी.
महत्वपूर्ण है कि जेलेंस्की ने बार-बार जी20 के नेताओं को 'जी19' के रूप में संबोधित किया. इसका मतलब है कि जेलेंस्की ने इस सूची से जी 20 से रूस को हटा दिया.
केरल सरकार और राजभवन की तक़रार के बीच अब राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान ने कहा है कि वह दबाव में आने वाले व्यक्ति नहीं हैं.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ यूनिवर्सिटी विवाद को लेकर राजभवन के सामने जारी विरोध प्रदर्शन के बीच ख़ान ने कहा है, “मैं इन चीज़ो से निपटने वाला नहीं हूं, लेकिन मैं आपको एक बात बता सकता हूं, मुझे लगता है कि इस निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए आपके पास पर्याप्त सबूत हैं कि मैं उस तरह का व्यक्ति नहीं हूं जो दबाव में आ जाए.”
दरअसल, बीते दिनों एक अप्रत्याशित कदम उठाते हुए राज्य के राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान ने केरल के नौ विश्वविद्यालयों के कुलपति को इस्तीफ़ा सौंपने के निर्देश दिए थे.
राज्यपाल ने आरोप लगाए हैं कि विश्वविद्यालयों में कुलपति की नियुक्ति के समय यूजीसी के नियमों की अनदेखी हुई है.
इस फ़ैसले के खिलाफ़ बाद राजभवन के सामने विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं.
बीजेपी ने मुज़फ़्फ़रनगर की खतौली सीट पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव में राजकुमारी सैनी को टिकट दिया है.
राजकुमारी सैनी बीजेपी के पूर्व विधायक विक्रम सैनी की पत्नी हैं. विक्रम सैनी को 2013 में हुए मुज़फ़्फ़रनगर दंगों से जुड़े एक मामले में 11 अन्य लोगों के साथ दोषी क़रार दिया गया था, जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई थी.
इस सीट पर सपा गठबंधन से आरएलडी ने मदन भैया को उम्मीदवार बनाया है.
इंडियन एक्सप्रेस में छपीखबरके मुताबिक़ उनके ख़िलाफ़ 1990 से लेकर अब तक 32 मुक़दमे दर्ज हो चुके हैं.
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी लोकसभा सीट और रामपुर विधानसभा सीट के लिए भी बीजेपी ने मंगलवार को अपने उम्मीदवार के नामों का एलान किया.
पार्टी ने मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार और अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के खिलाफ़ रघुराज शाक्य को टिकट दिया है. वो पहले सपा से विधायक रह चुके हैं. पहले से ही मैनपुरी में बीजेपी की ओर से शाक्य समाज से किसी उम्मीदवार को टिकट दिए जाने के कयास लगाए जा रहे थे और 2019 लोकसभा चुनाव में भी पार्टी ने मुलायम सिंह यादव के ख़िलाफ़ भी शाक्य समाज से ही उम्मीदवार उतारा था. मैनपुरी में यादवों के बाद शाक्य समाज के वोटरों की अच्छी-खासी तादाद है.
वहीं, बीजेपी ने रामपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आकाश सक्सेना को उम्मीदवार घोषित किया है. रामपुर की सीट को आज़म खान का गढ़ माना जाता है लेकिन भड़काऊ भाषण वाले मामले में आज़म खान के दोषी पाए जाने पर उनकी सदस्यता रद्द हो गयी थी जिससे यह सीट खाली हुई. फिलहाल सपा ने इस सीट पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान नहीं किया है.
इन सभी सीटों पर पांच दिसंबर को वोटिंग होगी और आठ दिसंबर को वोटों की गिनती होगी.
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक को कार्यभार संभाले महज़ तीन हफ़्ते का वक्त हुआ है और वह पहली बार वैश्विक मंच पर अपने समकक्ष नेताओं से मिल रहे हैं.
इंडोनेशिया के शहर बाली में चल रहे जी20 सम्मेलन के पहले दिन अपनी बात रखते हुए उन्होंने पुतिन सरकार को आड़े हाथों लिया.
उन्होंने कहा कि "पुतिन प्रशासन ने घरेलू असंतोष को दबा दिया और केवल हिंसा के ज़रिए इसे (यूक्रेन युद्ध) वैधता का चोगा ओढ़ा दिया है. वैश्विक विरोध के स्वरों को वह (पुतिन) एक कोरस की तरह सुन रहे हैं.’’
सुनक ने सम्मेलन में मौजूद रूस के प्रतिनिधि,विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव को सीधे संबोधित किया. रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद पहली बार किसी ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने एक वरिष्ठ रूसी मंत्री से इस तरह आमने-सामने अपनी बात कही है.
अमेरिका ने कोविड-19 महामारी के दौरान उड़ानों के रद्द होने या बदलाव से प्रभावित अमेरिकी यात्रियों को टिकट के पैसे लौटाने में हुई देरी के लिए एयर इंडिया पर 14 लाख डॉलर का जुर्माना लगाया है.
अमेरिकी परिवहन विभाग ने सोमवार को कहा कि टाटा के मालिकाना हक़ वाली एयर इंडिया उन छह एयरलाइंस में शामिल है जिन्हें यात्रियों को रिफंड के रूप में कुल 60 करोड़ डॉलर लौटाने का निर्देश दिया गया है.
एयर इंडिया को भी 12.15 करोड़ डॉलर लौटाने को कहा गया है.
अधिकारियों ने कहा कि कहा कि एयर इंडिया का यात्रियों के 'अनुरोध पर रिफंड' करने का प्रावधान अमेरिकी परिवहन विभाग की नीतियों से अलग है.
अमेरिकी सरकार के नियमों के मुताबिक़ उड़ान रद्द होने या उसमें बदलाव होने पर एयरलाइन को यात्रियों के टिकट के पैसे कानूनी तौर पर वापस करने होते हैं.
एक विभागीय जांच में यह पाया गया कि एयर इंडिया ने रिफंड के आधे से अधिक आवेदनों पर कार्रवाई करने के लिए निर्धारित 100 दिनों से अधिक समय लगाया.
रिफंड में देरी का ये मामला टाटा समूह के एयर इंडिया का अधिग्रहण करने के पहले का है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी20 शिखर सम्मेलन के पहले दिन भारतीय मूल के ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से मुलाकात की.
दोनों नेताओं के बीच ये पहली मुलाकात है.
इंडोनेशिया के बाली में चल रहे जी20 शिखर सम्मेलन का विषय 'खाद्य सुरक्षा' है.
मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सम्मेलन में खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा सत्र में भाग लिया.
सत्र में अपनी बात रखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “कोविड के बाद एक नई विश्व व्यवस्था बनाने की ज़िम्मेदारी हमारे ऊपर है. इस वक़्त की ज़रूरत है कि हम एक साथ मिल कर शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए ठोस संकल्प दिखाएँ.”
खाद्य आपूर्ति के मामले पर भारत का पक्ष रखते हुए पीएम मोदी ने कहा, “भारत में, स्थायी खाद्य सुरक्षा के लिए, हम प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रहे हैं. बाजरा जैसे मोटे, पौष्टिक और पारंपरिक अनाजों को फिर से लोकप्रिय बना रहे हैं. मोटे अनाज वैश्विक कुपोषण और भूख को हालात को भी दूर कर सकता है. हम सभी को अगले साल अंतरराष्ट्रीय बाजरा वर्ष बड़े उत्साह के साथ मनाना चाहिए.”
दिल्ली में हुए श्रद्धा मर्डर केस में पुलिस ने नई जानकारी साझा की है.
दिल्ली पुलिस ने बताया है कि हत्या के बाद आफ़ताब ने श्रद्धा का फ़ोन फेक दिया था, अब पुलिस ने इस फ़ोन की आख़िरी लोकेशन ट्रेस कर ली है ताकि फ़ोन को हासिल किया जा सके.
पुलिस ने बताया है मई में श्रद्धा की हत्या करने के बाद भी आफ़ताब जून तक उसका इंस्टाग्राम अकाउंट इस्तेमाल करता रहा ताकि लोगों को लगे कि श्रद्धा ज़िंदा है.
हालांकि अब तक पुलिस को वो हथियार नहीं मिल सका है जिसका इस्तेमाल आफ़ताब ने श्रद्धा के शव के टुकड़े करने के लिए किया था.
मंगलवार को पुलिस आफ़ताब को दिल्ली के उस जंगल में ले गई जहां उसने शव के टुकड़े फ़ेके थे.
मामला
दिल्ली में छह महीने पहले मेहरौली इलाके में हुई हत्या के मामला सामने आया है. आफ़ताब नाम के शख्स ने 18 मई को अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा की हत्या की और फिर शरीर के टुकड़े करके जंगल में अलग-अलग जगह फेंके.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक़, अभियुक्त आफ़ताब और युवती मुंबई में काम के दौरान क़रीब आए थे. वो एक-दूसरे से प्रेम करते थे, लेकिन परिवार इस रिश्ते से नाराज़ था.
पुलिस ने बताया कि युवती ने जब आफ़ताब पर शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया तो उनके बीच झगड़े बढ़ने लगे. 18 मई को उनके बीच शादी की बात पर झगड़ा हुआ. गुस्से में आकर आफ़ताब ने युवती का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.
मिज़ोरम के हनहथियाल ज़िले के मौदढ़ गांव में पत्थर की खादान में हुए हादसे में अब तक आठ शव बरामद किए गए हैं.
सोमवार को दुर्घटना के बाद बीएसएफ की रेस्क्यू टीम फर्स्ट रिस्पांस यूनिट के तौर घटना स्थल पर पहुंची.
राहत बचाव अभियान अभी भी जारी है.
सोमवार को मिज़ोरम के हनथियाल ज़िले में एक पत्थर की खदान ढह गई थी.
हादसा दोपहर करीब 2.40 बजे हुआ था. हादसे के वक़्त एबीसीआई इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के मज़दूर खदान में काम कर रहे थे.
मिज़ोरम के आपदा प्रबंधन और पुनर्वास विभाग के अतिरिक्त सचिव, लालहरियटपुइया ने सोमवार को बताया था कि खदान के ढहने के समय लगभग 15 लोग साइट पर थे.
उन्होंने कहा कि लोगों के इस्तेमाल की जाने वाली उत्खनन की कच्ची विधि त्रासदी का कारण हो सकती है.
कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन सेन ने मंगलवार को बताया कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं.
सेन जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए इंडोनेशिया के बाली पहुंचे थे. इससे पहले, कंबोडिया के नोम पेन्ह में आयोजित दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के शिखर सम्मेलन के दौरान उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन सहित कई वैश्विक नेताओं से मुलाकात की थी.
कंबोडियाई नेता ने फ़ेसबुक पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि वह सोमवार रात कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए और इंडोनेशिया के एक डॉक्टर ने भी उनके कोविड-19 के संक्रमित होने की पुष्टि की है.
सेन ने बताया कि वह कंबोडिया लौट रहे हैं और जी20 शिखर सम्मेलन और उसके बाद बैंकॉक में होने वाले एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) की बैठक में हिस्सा नहीं लेंगे.
कंबोडिया दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्रों के शिखर सम्मेलन (आसियान) का मेज़बान था, इस सम्मेलन कासमापन रविवार को हुआ. यहां सेन ने कई नेताओं से मुलाक़ात की थी.
मंगलवार से इंडोनेशिया के बाली में 17वें जी20 सम्मेलन की शुरूआत हो गई है. भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस सम्मेलन में खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा सत्र में भाग ले रहे हैं.
सत्र में अपनी बात रखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “कोविड के बाद एक नई विश्व व्यवस्था बनाने की ज़िम्मेदारी हमारे ऊपर है. इस वक़्त की ज़रूरत है कि हम एक साथ मिल कर शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए ठोस संकल्प दिखाएँ.”
“मुझे यक़ीन है कि बुद्ध और गांधी की धरती पर पर जी20 के नेता मिलेंगे, तो हम दुनिया में शांति का एक मज़बूत पैगाम देंगे.”
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध पर पीएम ने कहा, “मैं दोहराता रहा हूँ कि हमें यूक्रेन में युद्धविराम और कूटनीति वापस लाने का तरीक़ा तलाशना होगा. दूसरे विश्वयुद्ध ने दुनिया में तबाही ला दी थी, उस समय नेताओं ने जिस तरह शांति स्थापित करने की गंभीर कोशिशें की थी आज हमें वो करने की ज़रूरत है.”
खाद्य आपूर्ति के मामले पर भारत का पक्ष रखते हुए पीएम ने कहा, “भारत में, स्थायी खाद्य सुरक्षा के लिए, हम प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रहे हैं. बाजरा जैसे मोटे, पौष्टिक और पारंपरिक अनाजों को फिर से लोकप्रिय बना रहे हैं. मोटे अनाज वैश्विक कुपोषण और भूख को हालात को भी दूर कर सकता है. हम सभी को अगले साल अंतरराष्ट्रीय बाजरा वर्ष बड़े उत्साह के साथ मनाना चाहिए.”
पीएम मोदी ने कहा- आज खाद की कमी कल का खाद्य संकट है, जिसका समाधान दुनिया के पास नहीं होगा. हमें खाद और अनाज दोनों की आपूर्ति श्रृंखला को स्थिर और सुनिश्चित रखने के लिए आपसी समझौता करने चाहिए.
उन्होंने कहा कि साल 2030 तक हमारी आधी बिजली अक्षय स्रोतों से पैदा होगी. समावेशी एनर्जी ट्रांज़िशन के लिए विकासशील देशों को समयबद्ध, किफायती और टेक्नॉलजी की आपूर्ति की ज़रूरत है.
मोदी ने कहा, “वैश्विक विकास के लिए भारत की ऊर्जा-सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है. हमें ऊर्जा की आपूर्ति पर किसी भी प्रतिबंध को बढ़ावा नहीं देना चाहिए और ऊर्जा बाज़ार में स्थिरता सुनिश्चित की जानी चाहिए. भारत स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण के लिए प्रतिबद्ध है.
इंडोनेशिया में आज से जी 20 सम्मेलन शुरू हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस 17वें जी20 लीडर्स समिट में खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा सत्र में भाग लिया.
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो ने कार्यक्रम स्थल पर पीएम मोदी को बधाई दी.
विदेश मंत्रालय ने बताया है कि पीएम मोदी ने खाद्य, उर्वरक और ऊर्जा के लिए लचीली आपूर्ति श्रृंखला की अहमियत पर ज़ोर दिया. इसके साथ ही वैश्विक दक्षिण यानी ग़रीब देशों में एनर्ज़ी ट्रांज़िसन के लिए किफ़ायती वित्तीय तरीके की ज़रूरत को हाइलाइट किया.
प्रधानमंत्री मोदी ने इस सत्र के शुरू होने से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन से हाथ मिलाया और बातचीत की.
इसके अलावा मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों से भी मिले.
विदेश मंत्रालय के मुताबिक प्रधानमंत्री की इस दौरे के दौरान लगभग 20 मुलाक़ातें तय हैं.
सोमवार शाम नरेंद्र मोदी ने बाली में भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाक़ात भी की है. बाली में चल रहा जी20 शिखर सम्मेलन भारत के लिए इसलिए भी ख़ास मायने रखता है क्योंकि अगले साल के सम्मेलन का मेज़बान भारत ही है.
एक अमेरिकी अख़बार ने दावा किया है कि अमेज़ॉन 10 हज़ार लोगों को नौकरी से हटाने वाला है. अगर ऐसा हुआ तो ये कंपनी के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी छंटनी है.
अख़बार के अनुसार नौकरी से निकालने की प्रक्रिया इस सप्ताह से ही शुरू हो सकती है.
अमेरीकी अख़बार न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के हवाले से सामने आई इस ख़बर में कहा गया है कि ये छंटनी कंपनी के कई बिजनेस जैसे वॉयस असिस्टेंट एलेक्सा और ह्यूमन रिसोर्स विभाग में होगी.
हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्विटर, मेटा और माइक्रोसॉफ्ट ने भी बड़ी संख्या में लोगों को नौकरी से निकाला है और अब इसमें ई-कॉमर्स कंपनी अमेज़ॉन का नाम भी जुड़ गया है.
रिपोर्ट में कहा गया है कि कंपनी से जुड़े एक व्यक्ति ने पहचान ना ज़ाहिर करने पर कहा कि इस छंटनी की संख्या बदल सकती है. क्योंकि जैसे- जैसे हर बिजनेस यूनिट अपनी योजना पूरी करेगी वैसे ही तस्वीर और साफ़ होगी. लेकिन ये संख्या 10 हज़ार के आस-पास हो सकती है.
ये संख्या एमेज़न के कुल कॉर्पोरेट कर्मचारियों का लगभग 3 फ़ीसदी है और 15 लाख से अधिक के वैश्विक कर्मचारियों वाली इस कंपनी के 1% हिस्से से कुछ कम है.
महत्वपूर्ण छुट्टियों के मौसम के दौरान अमेज़ॉन की ये छंटनी दिखाती है संकट की ओर बढ़ती वैश्विक अर्थव्यवस्था में कंपनी के उन बिजनेस यूनिट पर दबाव पड़ा है जिसमें खर्च ज्यादा था और जो डिलीवरी कम थी.
केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने सोमवार को कहा कि अगर उनकी पार्टी गुजरात में दिसंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करती है तो भूपेंद्र पटेल ही राज्य के मुख्यमंत्री रहेंगे.
शाह के बयान से यह स्पष्ट हो गया है कि पटेल बीजेपी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं और पार्टी की नजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शाह के गृह राज्य में लगातार सातवीं बार सत्ता हासिल करने पर है.
अमित शाह ने सीएनएन-न्यूज18 के कार्यक्रम में कहा, ‘‘अगर गुजरात में बीजेपी को बहुमत मिलता है तो भूपेंद्र पटेल ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे.’’
भूपेंद्र पटेल ने सितंबर 2021 में विजय रूपाणी के इस्तीफ़े के बाद मुख्यमंत्री का पद संभाला था. वह थापटेल घाटलोडिया निर्वाचन क्षेत्र से पहली बार विधायक बने हैं और इस बार भी उन्हें इसी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है.
गुजरात विधानसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान 1 दिसंबर को होंगे और दूसरे चरण की वोटिंग 5 दिसंबर को होगी.चुनाव के नतीजे 8 दिसंबर को आएगा.
नमस्कार,बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.
बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.
ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 14 नवंबर के अपडेट्स के लिए आपयहां क्लिककर सकते हैं.
आज की अहम ख़बरें –