You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अदनान सामी ने बताया उन्होंने क्यों छोड़ा पाकिस्तान

गायक अदनान सामी ने दावा किया है कि पाकिस्तान की सरकार के बुरे बर्ताव के कारण उन्हें देश छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and शुभम किशोर

  1. अदनान सामी ने बताया उन्होंने क्यों छोड़ा पाकिस्तान

    गायक अदनान सामी ने सोमवार को कुछ ट्वीट कर दावा किया कि पाकिस्तान की सरकार के बुरे बर्ताव के कारण उन्हें देश छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा.

    उन्होंने लिखा, "कई लोग मुझसे पूछते हैं कि मुझे पाकिस्तान से इतनी शिकायत क्यों हैं. सच्चाई ये है कि मुझे पाकिस्तान के लोगों से शिकायत नहीं है जो मेरे साथ बहुत अच्छे रहे हैं. जो लोग मुझसे प्यार करते हैं, मैं उनके प्यार करता हूं."

    "लेकिन मुझे वहां की इस्टैबलिशमेंट से दिक्कत है. जो लोग मुझे जानते हैं कि वहां कि वहां की सरकार ने मेरे साथ सालों तक क्या किया, यही कारण है कि मैंने पाकिस्तान छोड़ा."

    "एक दिन, बहुत जल्द मैं उन लोगों की सच्चाई सामने लेकर आऊंगा. इससे कई लोगों को धक्का लगेगा. मैं इसे लेकर कई सालों तक चुप रहा हूं, लेकिन सही समय आने पर मैं इसपर बात करूंगा."

    सामी को 2016 में भारत की नागरिकता दी गई थी.

  2. बाइडन-शी मिले, बात हुई, फिर रिश्ते पटरी पर लौटने की उम्मीद क्यों नहीं?

  3. प्रेमिका की हत्या कर शव के कई टुकड़े किए, छह महीने बाद कैसे खुला मामला?

  4. असदुद्दीन ओवैसी: 'मोदी के नक्शे क़दम पर चल रहे हैं केजरीवाल'

  5. 13 महीने के बच्चे को फ़ुट पंप के ज़रिए सांस देने की कोशिश करते परिवार की कहानी

  6. जी 20: चीन ने कहा, यूक्रेन में हालात को लेकर "बहुत चिंतित" हैं

    चीनी सरकारी मीडिया के मुताबिक अमेरिका के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि वो यूक्रेन के हालात को लेकर "बहुत चिंतित" हैं.

    चीन ने पहले जंग को लेकर संयम बरतने की बात की थी, लेकिन उसने रूस की बहुत आलोचना नहीं की है. रूस व्यापार के नज़रिए से चीन के लिए बहुत अहम है.

    इस बीच फ्रांस ने कहा है कि राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों चीन को रूस पर "दबाव" डालने के लिए कहेंगे.

    दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्ष मंगलवार को एक दूसरे से मिलेंगे.

  7. चीन के साथ कोई नया शीत युद्ध नहीं होगा - बाइडन

    जी-20 सम्मेलन में हिस्सा लेने बाली पहुंचे जो बाइडन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि उन्हें “पूरा” भरोसा है कि चीन के साथ कोई नया शीत युद्ध नहीं होगा और उन्हें नहीं लगता कि “चीन ताइवान पर आक्रमण की कोशिश कर रहा है”.

    उन्होंने ये भी कहा कि अमेरिका की “वन चाइना पॉलिसी” में कोई बदलाव नहीं आया है और ताइवान के मुद्दे पर दोनों देश शांति के लिए प्रतिबद्ध हैं.

    उन्होंने कहा कि चीनी राष्ट्रपति उनकी “खुलकर और ईमानदार” बातचीत हुई, और वो एक दूसरे के साथ “बिना झिझक” बातें कर रहे थे.

    उत्तर कोरिया के बारे में उन्होंने कहा कि चीन उसे नए परमाणु हथियारों का टेस्ट करने से रोकने की कोशिश के लिए प्रतिबद्ध है. लेकिन उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि चीन उत्तर कोरिया को कंट्रोल कर सकता है.

  8. वर्ल्ड चैंपियन टीम के सदस्य आदिल रशीद ने आईपीएल खेलने को लेकर कही अहम बात

    इंग्लैंड के स्पिनर आदिल रशीद ने कहा कि वो अगले साल होने वाले आईपीएल की नीलामी के लिए अपना नाम भेजेंगे. इंग्लैंड ने रविवार को पाकिस्तान को टी-20 वर्ल्ड कप के फ़ाइनल मुकाबले में हरा कर ट्रॉफ़ी अपने नाम की.

    मैच के बाद रशीद ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, “हां, मैं अपना नाम इस बार आईपीएल ऑक्शन के लिए भेजूंगा.”

    रशीद ने कहा कि इंग्लैंड ने अपने खेल को लेकर एक निडर रवैया अपनाया है और इसी ने उन्हें टी-20 वर्ल्ड कप जीतने में मदद की.

    उन्होंने कहा, “पिछले सात-आठ सालों से हम सकारात्मक अप्रोच के साथ खेले हैं. बैंटिंग और बॉलिंग के साथ निडर हैं, साथ ही खुद के साथ हम ईमानदार रहे हैं. पिछले दो विश्व कप से ये हमारे लिए काम कर रहा है.”

  9. पत्नी रिवाबा के लिए सियासी पिच पर बैटिंग करने पहुँचे रवींद्र जडेजा, भगवा कुर्ते की चर्चा

  10. गुजरातः नरोदा से कांग्रेस और 'आप' के उम्मीदवार बीजेपी के लिए क्या बोले?

  11. पीएम नरेंद्र मोदी जी-20 सम्मेलन में हिस्सा लेने बाली पहुंचे

    जी 20 सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए पीएम मोदी इंडोनेशिया के बाली शहर पहुंच गए हैं.

    इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, ब्रितानी प्रधानमंत्री ऋषि सुनक समेत कई दूसरे देशों के राष्ट्राध्यक्ष बाली पहुंचे.

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों से द्विपक्षीय मुलाक़ातें भी कर सकते हैं.

    ब्रितानी प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों से मोदी मुलाक़ात करेंगे. हालांकि ये अभी स्पष्ट नहीं है कि बाइडन के साथ मोदी की द्विपक्षीय मुलाक़ात होगी या नहीं. मोदी या जिनपिंग की मुलाक़ात के बारे में भी अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है.

  12. अक्टूबर में घटी महंगाई, क्या रही बड़ी वजह

    नए सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, खुदरा मुद्रास्फीति अक्टूबर में घटकर 6.77 प्रतिशत हो गई है. पिछले महीने ये दर 7.41 प्रतिशत थी.

    मुख्य रूप से खाद्य पदार्थों के दाम में आई कमी के कारण महंगाई दर गिरी है. हालांकि यह लगातार दसवें महीने भी रिजर्व बैंक के संतोषजनक दर से अधिक है.

    उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित खुदरा मुद्रास्फीति इस साल जनवरी से ही छह प्रतिशत की संतोषजनक दर से अधिक है.

    राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) द्वारा जारी नए आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में खाने के सामानों की महंगाई दर 7.01 प्रतिशत थी, जबकि सितंबर में यह 8.6 प्रतिशत थी.

  13. बाइडन-जिनपिंग की मुलाक़ात, क्या हुई बात ?, 14 नवंबर 2022 का ‘दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर’ मोहम्मद शाहिद और प्रेरणा के साथ.

  14. सुप्रीम कोर्ट ने जबरन धर्म परिवर्तन को बताया “गंभीर मसला”

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    जबरन धर्म परिवर्तन को “गंभीर मसला” बताते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से पूछा है कि वो इसे रोकने के लिए क्या कदम उठा रहे हैं. सुप्रीम कोर्ट की दो जजों की बेंच ने कहा, “आप (केंद्र) इसके लिए क्या कदम उठाएंगे और इसे रोकने के लिए गंभीर प्रयास करेंगे.”

    बीजेपी नेता अश्विनी कुमार उपाध्याय की दायर की गई एक पीआईएल पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने केंद्र और राज्यों को धोखाधड़ी से किए जा रहे धर्म परिवर्तन को कंट्रोल करने के लिए कड़े कदम उठाने के लिए कहा.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा, “जबरन धर्म परिवर्तन से न सिर्फ भारत देश को ही नहीं बल्कि आम लोगों की धर्म और व्यक्तिगत फ़ैसले लेने की आज़ादी पर भी असर पड़ता है.”

    कोर्ट ने केंद्र को 22 नवंबर तक इस मामले में एक एफ़िडेविट दायर करने के लिए कहा है.

  15. अफ़ग़ानिस्तान: तालिबान ने शरिया क़ानून के तहत सज़ा देने को कहा

    तालिबान नेता हैबतुल्लाह अखुंदज़ादा ने अफ़ग़ान न्यायाधीशों को कुछ अपराधों के लिए इस्लामी शरिया क़ानून के आधार पर सज़ा देने का आदेश दिया है.

    इन सज़ाओं में सरे आम अंगभंग करना और पत्थर मारना शामिल हैं.

    तालिबान के प्रवक्ता ने कहा कि डकैती, अपहरण और राजद्रोह जैसे अपराधों को इस्लामी शरिया क़ानून के आधार पर दंडित किया जाना चाहिए.

    1990 के दशक में जब तालिबान ने सत्ता संभाली थी तो सरे आम इस तरह की सज़ाओं के लिए उनकी दुनिया भर में निंदा की गई थी. इन सज़ाओं में सार्वजनिक रूप से दी जाने वाली फांसी भी शामिल थी.

    इसके बाद पिछले साल जब तालिबान ने दोबारा सत्ता में संभाली तो उन्होंने अधिक संयमित रहकर शासन करने का वादा किया था.

    तालिबान के सर्वोच्च नेता ने कहा कि अगर कानूनों का उल्लंघन करके अपराध किया जाता है तो न्यायाधीशों को शरिया के अनुसार अपराधियों को दंडित करना चाहिए.

    तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने रविवार देर रात ट्वीट किया कि मुल्ला अखुंदजादा ने न्यायाधीशों के एक समूह से मुलाकात की और इसके बाद इस "अनिवार्य" आदेश को जारी किया.

    प्रवक्ता ने अखुंदजादा के हवाले से कहा, "चोरों, अपहरणकर्ताओं और देशद्रोह के अपराधियों की सावधानीपूर्वक जांच करें."

    हालांकि तालिबान ने किस अपराध के लिए कौन सा दंड दिया जाएगा, इसकी स्पष्ट व्याख्या नहीं की है.

  16. रूस यूक्रेन जंग: ज़ेलेंस्की पहुंचे खेरसोन, कहा, यूक्रेन आगे बढ़ रहा है.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमीर ज़ेलेंस्की सोमवार को खेरसोन पहुंचे. उन्होंने वहां सैनिको से मुलाकात की और कहा कि यूक्रेन "आगे बढ़ रहा है" और शांति के लिए तैयार है.

    ज़ेलेंस्की ने नेटो और दूसरे मित्र देशों को शुक्रिया कहा.

    उन्होंने कहा कि अमेरिका के हाई मोबिलिटी रॉकेट सिस्टम से उन्हें बहुत मदद मिली है,

    खेरसोन पर रूस ने मार्च में कब्ज़ा किया लेकिन इसी महीने यूक्रेनी सेना ने फिर से इलाके को अपने कब्ज़े में लिया और रूस को पीछे हटना पड़ा.

    इसके बाद से इलाके के लोगों की वहां के सड़कों पर जश्न मनाती तस्वीरें सामने आ रही हैं.

  17. जी-20: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक बाली पहुंचे

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक जी-20 समिट में हिस्सा लेने बाली पहुंच गए हैं.

    प्रधानमंत्री बनने के बाद सुनक का ये दूसरा विदेश दौरा है. माना जा रहा है कि इस मंच का इस्तेमाल वो रूस की आलोचना के लिए करेंगे.

  18. गुजरात से LIVE: बीजेपी मुख्यालय के बाहर हंगामा, जानकारी दे रहे हैं बीबीसी संवाददाता रॉक्सी गागड़ेकर छारा.

  19. एनसीपी विधायक जीतेंद्र आव्हाड ने छेड़छाड़ के आरोपों पर कहा,ऐसी राजनीति कभी नहीं देखी

    एनसीपी नेता जीतेंद्र आव्हाड ने छेड़छाड़ के आरोपों पर अपनी सफ़ाई देते हुए अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है.

    उन्होने कहा, "354 के तहत मामला मुझे अस्वीकार्य है. मैंने जीवन में कभी ऐसा नहीं किया."

    "मेरी बेटी को उसके दोस्तों ने कहा कि तुम्हारे पिताजी ने किसी से छेड़छाड़ की है. मैंने ऐसी राजनीति कभी नहीं देखी. अगर ऐसा है तो मैं इसमें नहीं रहना चाहता."

    अपने ख़िलाफ़ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज होने के बाद आव्हाड ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ये बातें कही.

    शिकायत दर्ज होने के बाद उन्होंने कहा कि था वो अपनी विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफ़ा देने वाले हैं.

    उन्होंने एक ट्वीट किया, "पुलिस ने 72 घंटे में मेरे ख़िलाफ़ 2 झूठे मुकदमे दर्ज किए और वह भी 354 के. मैं इस पुलिस अत्याचार के खिलाफ लड़ूंगा. मैं अपने विधायक पद से इस्तीफा देने का फैसला कर रहा हूं."

    हालांकि इसके बाद उनकी पत्नी रूता सामंत ने जानकारी दी कि जीतेंद्र इस्तीफ़ा नहीं देंगे.

    सामंत ने ट्वीट किया, "जिस महिला ने यह शिकायत दर्ज कराई है, उसका एक मकसद है. रीदा राशिद के ख़िलाफ़ कई मामले दर्ज किए गए हैं और वह ज़मानत पर हैं. उन्होंने एनसीपी और आव्हाड के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक बातें की हैं."

    सामंत ने लिखा, "अगर किसी को एक तरफ धकेलना अपराध है, तो बाजार में, ट्रेनों में, रेलवे पुलों पर, भीड़ में हर दिन सैकड़ों लोगों के साथ छेड़छाड़ हो रहे हैं."

    क्या है पूरा मामला?

    रीडा राशिद ने आरोप लगाया है कि एक पुल के उद्घाटन समारोह में पहुंचे आव्हाड ने भीड़ में उनके साथ छेड़छाड़ की.

    उन्होेंने ट्विटर पर लिखा, "एनसीपी विधायक जितेंद्र अवध ने मुझे सबके सामने अपमानित किया.उसने मेरा हाथ पकड़ा और मुझे धक्का दिया और कहा कि तुम यहाँ क्या कर रहे हो."

    राशिद ने कहा कि पुलिस को महिलाओं का सार्वजनिक रूप से अपमान करने पर उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई करनी चाहिए.

    महाविकास अघाड़ी के नेताओं द्वारा मामला दर्ज कराए जाने की निंदा की गई है.

    एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने आव्हाड के ख़िलाफ़ कार्रवाई की निंदा की है.उन्होंने कहा कि मुद्दों पर कार्रवाई बदले की भावना से की जा रही है.

  20. पूजा स्थल अधिनियम: सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को जवाब दायर करने के लिए और समय दिया

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को पूजा स्थल अधिनियम,1991 को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर जवाब दाखिल करने के लिए और समय दिया है. अब इस पर सुनवाई जनवरी 2023 में होगी.

    मुख्य न्यायाधीश जस्टिस डी वाई चंद्रचूढ़ और जस्टिस जेबी पारदीवाला ने केंद्र से 12 दिसंबर तक शपथ पत्र दायर करने के लिए कहा है.

    सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि उन्हें एफ़िडेविट दायर करने के लिए और समय चाहिए क्योंकि उन्हें सरकार से इस बारे में विमर्श करना होगा.

    इससे पहले भी शीर्ष अदालत ने केंद्र को जवाब दाखिल करने के लिए समय दिया था.

    याचिकाओं में पूजा स्थल अधिनियम को यह कहते हुए चुनौती दी गई है कि यह अधिनियम हिंदुओं, जैनियों, बौद्धों और सिखों के अधिकारों को छीनता है क्योंकि वे अपने उन 'पूजा स्थलों और तीर्थस्थानों' को पुनर्स्थापित नहीं कर पाते जिन्हें आक्रमणकारियों ने बर्बाद कर दिया था.

    वहीं बीजेपी नेता और पूर्व सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि वो एक्ट को ख़त्म करने की नहीं बल्कि इसमें सिर्फ़ और मंदिरों को जोड़ने की मांग कर रहे हैं.