You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

'दृष्टि आईएएस' के विकास दिव्यकीर्ति ने 'राम और सीता' को लेकर क्या कहा?

ट्विटर पर कुछ लोग 'दृष्टि आईएएस' को बैन करने की मांग कर रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि अधूरी वीडियो शेयर कर उन्हें बदनाम किया जा रहा है

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and अभिनव गोयल

  1. अमेरिका यूक्रेन को देगा 40 करोड़ डॉलर के हथियार, क्या-क्या होगा शामिल

    अमेरिका ने यूक्रेन को एक बार फिर मदद के तौर पर हथियार और उपकरण देने की घोषणा की है.

    अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने बताया, ''मैंने यूक्रेन को रक्षा मंत्रालय इंवेंट्री से और 40 करोड़ डॉलर के हथियार और उपकरण देने का निर्देश दिया है. अगस्त 2021 के बाद से हम 25वीं बार मदद भेज रहे हैं. यूक्रेन के सुरक्षा बल रूस की सेना को पीछे खदेड़ रहे हैं, अमेरिका यूक्रेन के साथ खड़ा है.''

    अमेरिकी मदद के इस पैकेज में हॉक एयर डिफेंस सिस्टम के लिए मिसाइल, चार एवेंजर एयर डिफेंस सिस्टम्स, आर्टिलरी और मोर्टार राउंड्स, एचएमएम व्हिकल्स, 400 ग्रेनेड लॉन्चर्स, अवरोध हटाने के लिए तोड़ने वाले उपकरण, ठंड से बचाने वाले कपड़े आदि शामिल हैं.

    इस मदद को सही ठहारते हुए विदेश मंत्रालय ने बयानजारी किया है, ''यूक्रेन के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर रूस के हवाई हमलों के चलते अतिरिक्त बचाव की क्षमता अहम है.''

    रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध होने के बाद से पश्चिमी देशों ने हथियारों के ज़रिए यूक्रेन की मदद की है. यूक्रेन के नेटो में शामिल ना होने के कारण पश्चिमी देश यूक्रेन में रूस के ख़िलाफ़ सेना नहीं भेज सकते.

    वहीं, दोनों देशों के बीच संघर्ष अब भी जारी है और यूक्रेन के कुछ इलाक़ों पर रूस ने कब्ज़ा कर लिया है.

    हालांकि, रूस ने बुधवार को एक अहम शहर खेरसोन से अपनी सेना की वापसी की घोषणा कर दी है जिसे रूस के लिए एक झटका बताया जा रहा है.

  2. विराट कोहली सेमी फ़ाइनल में हार के बाद हुए इमोशनल, ट्विटर पर लिखी दिल की बात

    ऑस्ट्रेलिया में चल रहे टी-20 वर्ल्ड कप के सेमी फ़ाइनल में भारतीय टीम इंग्लैंड से बुरी तरह हार गई. इंग्लैंड ने भारत को 10 विकेट से मात दी.

    अब रविवार को पाकिस्तान का मुक़ाबला इंग्लैंड से होगा. भारत की ओर से इस वर्ल्ड कप के स्टार रहे विराट कोहली ने अब ट्वीट पर निराशा जताई है.

    ऑस्ट्रेलिया से भारत रवाना होने से पहले उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि वे अपना सपना पूरा किए बिना निराशा के साथ ऑस्ट्रेलिया से जा रहे हैं.

    उन्होंने लिखा है- एक ग्रुप के रूप में हम कई यादगार लम्हे अपने साथ लेकर जा रहे हैं और यहाँ से और बेहतर करने के लिए लक्ष्य के साथ. विराट कोहली ने सभी क्रिकेट फ़ैन्स का शुक्रिया भी अदा किया, जो बड़ी संख्या में भारतीय टीम का समर्थन करने के लिए स्टेडियम में आए.

    उन्होंने लिखा है कि भारत की जर्सी पहनना और देश का प्रतिनिधित्व करना हमेशा गर्व का अनुभव कराता है. भारत ने इस वर्ल्ड कप में अच्छा प्रदर्शन किया. लेकिन सेमी फ़ाइनल में भारत की टीम हार गई.

    भारत इस वर्ल्ड कप में सिर्फ़ दो मैच हारा. ग्रुप स्टेज में दक्षिण अफ़्रीका से और सेमी फ़ाइनल में इंग्लैंड से. विराट कोहली भारत की ओर से सबसे बड़े खिलाड़ी साबित हुए. उन्होंने छह मैचों में 292 रन बनाए, जो इस विश्व कप में सर्वाधिक रन है. सेमी फ़ाइनल में भी उन्होंने अर्धशतक लगाया था.

  3. टी20 विश्व कप: आलोचना झेल रही भारतीय टीम के समर्थन में उतरे ये सेलिब्रिटी

    टी20 विश्व कप के सेमीफ़ाइनल में भारत की हार के बाद टीम को कड़ी आलोचना का सामना कर पड़ रहा है.

    गुरुवार को हुए इस मैच में इंग्लैंड ने भारत को 10 विकेट से मात दे दी.

    लेकिन, इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम को कुछ सेलिब्रिटीज़ से समर्थन भी मिला है. टीम के सेमीफ़ाइनल तक पहुँचने और प्रयास करते रहने की सराहना भी की जा रही है.

    अभिनेता अजय देवगन ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ''आपकी सराहना करता हूँ क्योंकि आपने पूरे देश के सपनों को पूरा करने के लिए पूरी जान लगा दी. ये हमेशा से एक शानदार अनुभव रहा है. भले ही फ़ाइनल तक आपकी यात्रा बीच में भी ख़त्म हो गई फिर भी हमने इसके हर एक पल का आनंद लिया है. पूरे देश की आप पर नज़र थी और ऐसे में मैं कल्पना भी नहीं कर सकता कि आपमें से हर एक पर कितना दबाव होगा.''

    ''जीतना और हारना खेल का का हिस्सा है. दोनों ही नतीजों से बचा नहीं जा सकता. पर हम आपके साथ खड़े हैं. उतार-चढ़ाव, अच्छे-बुरे वक़्त में हम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम के साथ खड़े हैं. दुखी ना हों! हम बेहतर और ज़्यादा मजबूत बनकर वापसी करेंगे.''

    अभिनेता फरहान अख़्तर ने भी हार के बाद टीम का हौसला बढ़ाया.

    उन्होंने लिखा, "इंग्लैंड ने हमें हरा दिया. उन्हें इस दमदार प्रदर्शन के लिए बधाई. ये हार हमारी टीम के लिए बहुत मुश्किल होगी और ऐसे समय में हमें उनका हौसला बढ़ाना होगा. टीम इंडिया, हाँ ये निराशा भरा दिन था लेकिन कहानी यहीं ख़त्म नहीं होती... ये बस एक अध्याय है. हम और मज़बूत बनकर उभरेंगे.''

    अभिनेता अर्जुन रामपाल ने ट्वीट किया, ''आज हम हार गए, दुर्भाग्य से हमने सेमीफ़ाइनल में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया. हालांकि, इससे इंग्लैंड का प्रदर्शन कम नहीं हो जाता. वो बहुत अच्छा खेले. पूरे टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने अच्छा खेला. आज दिल टूट गया.''

  4. ट्विटर के दिवालिया होने को लेकर एलन मस्क ने दिया बड़ा बयान

    ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने गुरुवार को ट्विटर के दिवालिया होने की आशंका पर अपने कर्मचारियों से बात की.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक उन्होंने ट्विटर के कर्मचारियों को जानकारी दी कि वो दिवालिया होने की आशंका से इनकार नहीं करते.

    ट्वीटर में अपने कर्मचारियों के साथ पहली बार बैठक में मस्क ने आगाह किया है कि कंपनी अगले साल अरबों डॉलर खो सकती है.

    एलन मस्क ने हाल ही में 44 अरब डॉलर में ट्विटर को खरीदा है.

    इसके बाद से उन्होंने इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई बदलाव भी किए हैं.

    इस बीच दुनियाभर में ट्विटर ने हज़ारों लोगों को नौकरी निकाला है. इसपर एलन मस्क को आलोचना का भी सामना करना पड़ा है.

    उन्होंने कंपनी को हो रहे नुक़सान का हवाला देते हुए ब्लू टिक के लिए सब्सक्रिप्शन भी शुरू किया है.

    मस्क ने ये भी आरोप लगाया था कि एक्टिविस्ट ग्रुप ट्विटर की कमाई कम करने के लिए विज्ञापनदाताओं पर प्रभाव डाल रहे हैं.

    अमेरिकी एजेंसी ने जताई चिंता

    वहीं, अमेरिका के फेडरल ट्रेड कमिशन ने ट्विटर में कुछ कर्मचारियों के निकलने से चिंता भी जाहिर की है.

    कमिशन ने कहा कि गोपनीयता और अनुपालन से जुड़े तीन अधिकारियों के जाने के वो ट्वीटर पर ''गहरी चिंता'' के साथ नज़र रख रहे है.

    ट्विटर के दो वरिष्ठ कर्मचारियों योएल रॉथ और रॉबिन व्हीलर ने बुधवार को इस्तीफ़ा दे दिया है.

    गुरुवार को ट्विटर की चीफ़ सिक्योरिटी ऑफ़िसर ली किसनर ने ट्विटर से इस्तीफ़ा देने की घोषणा की थी. उन्होंने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी थी

    ट्वीटर के कुछ आंतरिक संदेशों के मुताबिक कंपनी में गोपनीयता और अनुपालन से जुड़ी जिम्मेदारियां संभाल रहे और भी लोगों ने इस्तीफ़ा दिया है.

  5. टी20 विश्व कप में भारत की हार के बाद विराट की बहन ने लिखा भावुक पोस्ट

    टी20 विश्व कप के सेमीफ़ाइनल में भारतीय टीम की हार के बाद पूर्व कप्तान विराट कोहली की बहन भावना कोहली ढींगरा ने उनके लिए एक पोस्ट लिखा है.

    भावना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर विराट कोहली के लिए एक संदेश लिखते हुए उनके प्रदर्शन की तारीफ़ की है और टीम का हौसला बढ़ाया है.

    उन्होंने लिखा, ''तुमने वहां अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. तुम फ़ीनिक्स की तरह उभरकर सामने आए. तुम पर बहुत-बहुत गर्व है.''

    भावना ने टीम के लिए लिखा, ''हम ऐसे समय में टीम का और ज़्यादा सहयोग करते हैं क्योंकि हमें मुश्किल समय में अपने परिवार का साथ देना चाहिए.''

    गुरुवार को हुए टी20 विश्व कप के सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में इंग्लैंड ने भारतीय टीम को 10 विकेट से हरा दिया था. इसे लेकर टीम की काफ़ी आलोचना हो रही है.

    इसके मैच के साथ ही भारत का टी20 विश्व कप का सफर भी समाप्त हो गया है.

    लेकिन, विश्व कप में विराट कोहली ने अपना शानदार प्रदर्शन के लिए जमकर तारीफ़ें बटोरी हैं. एक खराब दौर से लौटे कोहली की बेहतरीन बल्लेबाजी ने भारत को पाकिस्तान के साथ एक अहम मैच में जीत दिलाई.

    साथ ही वो टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में चार हज़ार रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज़ भी बने.

  6. पैरोडी अकाउंट्स के लिए अब एलन मस्क ने बनाया नया नियम

    ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने पैरोडी अकाउंट्स को लेकर एक अहम जानकारी दी है.

    उन्होंने ट्वीट किया, ''ज़्यादा सटीक होते हुए, जो अकाउंट पेरोडी कर रहे हैं. असल में लोगों को बरगलाना ठीक नहीं है.''

    मस्क ने कहा, ''पैरोडी में शामिल अकाउंट्स को अपने नाम के आगे पैरोडी लिखना होगा ना कि सिर्फ़ बायो में.''

    पैरोडी अकाउंट्स वो होते हैं जो किसी और के अकाउंट की नकल के तौर पर बनाए जाते हैं. नाम में ही पैरोडी लिखे होने से लोगों को साफ़तौर पर पता चल सकेगा कि ये नकली अकाउंट है.

    हाल ही में एलन मस्क के साथ खुद एक पैरोडी अकाउंट से जुड़ा मामला हुआ था.

    उनके नाम के एक पैरोडी या कहें नकली अकाउंट से एक भोजपुरी गाने का ट्वीट किया गया था. इस अकाउंट पर एलन मस्क के नाम के आगे ब्लू टिक भी लगा था. हालांकि, उसके नीचे कोई और नाम लिखा था.

    लेकिन, बाद में पता चला कि ये अकाउंट एलन मस्क का नहीं बल्कि कोइयान वूलफ़र्ड नाम के यूज़र का था. वह अमेरिकी नागरिक हैं और ऑस्ट्रेलिया की लाट्रोब यूनिवर्सिटी में हिंदी पढ़ाते हैं.

    तब भी एलन मस्क ने जानकारी दी थी कि अगर कोई यूज़र अपने हैंडल का नाम बदलता है तो वह अस्थाई रूप से वैरिफाई ब्लू टिक खो देगा.

  7. रूस के खेरसोन से हटने के बाद यूक्रेन ने किया बड़ी बढ़त का दावा

    यूक्रेन की सेना का कहना है कि उसे खेरसोन के आसपास आखिरी दिन में बड़ी बढ़त हासिल हुई है. रूस ने दो दिन पहले ही इस इलाक़े से अपनी सेना बाहर निकालने का फ़ैसला किया था.

    यूक्रेन की सेना का कहना है कि उन्होंने खेरसोन के उत्तर में 50 किमी. दूर स्निहरिवका का मुख्य शहर अपने कब्ज़े में ले लिया है.

    यूक्रेन ने खेरसोन में दो मोर्चो पर रूस की सेना के काफ़ी पीछे हटने का दावा भी किया है. उसे कुछ जगहों पर सात किमी. की बढ़त मिली है.

    रूस ने कहा है कि उसने शहर से निकलना शुरू कर दिया है. लेकिन, इस प्रक्रिया में हफ़्तों लग जाएंगे.

    खेरसॉन एक अहम इलाक़ा है और इस पर नियंत्रण खोना रूस के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है. हालांकि, यूक्रेन के अधिकारियों को ये आशंका है कि ये एक जाल भी हो सकता है.

    रूसी सेना के खेरसोन से बड़े स्तर पर निकलने के अभी कोई सबूत नहीं मिले हैं.

    यूक्रेन के सेना प्रमुख वलेरी ज़ुलुज़नी ने गुरुवार को कहा कि वो रूसी सेनी की वापसी की पुष्टि नहीं कर सकते लेकिन उनकी सेना ने महत्वूपर्ण बढ़त हासिल की है.

    वीडियो सामने आए हैं कि शहर में यूक्रेन की सेना के आने के बाद लोग उनका स्वागत कर रहे हैं.

  8. नमस्कार,बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार करें.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 10 नवंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिककर सकते हैं.

    आज की अहम ख़बरें –

    • यूक्रेन की सेना का कहना है कि उसे खेरसॉन के आसपास आखिरी दिन में बड़ी बढ़त हासिल की है.
    • अमेरिका में फेडरल ट्रेड कमिशन ने ट्विटर के शीर्ष गोपनीयता और अनुपालन अधिकारियों के कथित तौर पर हटने के बाद ट्विटर को लेकर चिंता जताई है.
    • पीएम मोदी आज वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन और कैम्पेगवड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे में टर्मिनल 2 का उद्घाटन करने बैंगलुरू पहुंचेंगे.
    • सुप्रीम कोर्ट ने राम सेतु को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने की एक याचिका को लेकर जवाब देने के लिए केंद्र सरकार को और समय दिया है.
    • सरकार ने आधार कार्ड नियमों में संशोधन किया है जिसके तहत दस्तावेजों को कम से कम 10 सालों में अपडेट करना ज़रूरी होगा.