टी20 वर्ल्ड कप: भारत की हार के बाद पाकिस्तान में ट्रेंड करने लगे ये शब्द
टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफ़ाइनल में भारत की हार के बाद भारतीय टीम की ट्विटर पर आलोचना की जा रही है. रोहित शर्मा, केएल राहुल, मोहम्मद शमी जैसे खिलाड़ियों को कुछ लोगों ने अपने निशाने पर लिया है.
ऐसा ही कुछ हाल पाकिस्तान का भी है. मैच के बाद पाकिस्तान में भी ट्विटर पर भारतीय खिलाड़ी ट्रेंड कर रहे हैं. इसमें कुछ हैशटैग्स के साथ लोग ट्वीट कर रहे हैं.
इनमें चीटर्स (#Cheaters), इरफ़ान पठान (#irfanpathan), हार्दिक पंड्या (#HardikPandya), अर्शदीप (#Arshdeep) के साथ -साथ #152-0 to 170-0 शामिल है.
शवार ख़ान नाम के एक यूज़र ने लिखा, "आज सभी पाकिस्तानी बहुत खुश हैं क्योंकि #Cheaters विश्व कप से बाहर हैं."
शहज़ाद नाम के यूज़र ने लिखा, "धोखेबाजों को हमेशा अपमान का सामना करना पड़ता है."
वहीं मलिक हसन के अपने ट्विटर हैंडल ने लिखा, "जीतने वाले कभी धोखा नहीं देते, धोखेबाज़ कभी नहीं जीतते."
इरफान पठान ने एक दिन पहले ट्वीट किया था कि, "पड़ोसियों जीत आती-जाती रहती है लेकिन ग्रेस आपके बस की बात नहीं है."
उनके इस ट्वीट को क़रीब 15 हज़ार लोगों ने रीट्वीट किया है और क़रीब 50 लोगों ने उस पर कमेंट किया है. मैच के बाद से उनके इस ट्वीट पर अब पाकिस्तानी ट्विटर यूज़र्स जवाब दे रहे हैं.
स्लीपी हेड नाम के यूज़र ने लिखा, "ग्रेस के नाम पर दो मिनट का मौन."
मरवा अब्बासी नाम की ट्विटर यूज़र ने लिखा, "भारत 10 विकेट से हारना पसंद करता है. इरफान पठान मुझे लगता है कि आपको ग्रेस की परिभाषा को फिर से पढ़ना होगा."
वहीं बिलाल अनवर ने लिखा, "हाय पड़ोसी इरफान पठान, क्या यार 10 विकेट से हार गए. थोड़ा ग्रेस से तो हारते."
पाकिस्तान के कुछ ट्विटर यूज़र्स भारत को आज की हार के साथ-साथ पिछले साल टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के साथ हुई हार की भी याद दिला रहे हैं.
पिछली बार पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से हराया था.
मलिक हमज़ा नाम के ट्विटर यूज़र ने लिखा, "152-0 से 170-0 तक, भारत ने एक साल में 18 रन का सुधार किया, ये काबिले तारीफ़ है."