You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

टी20 वर्ल्ड कप: भारत की हार के बाद पाकिस्तान में ट्रेंड करने लगे ये शब्द

सेमीफ़ाइनल में इंग्लैंड से मिली हार के बाद से कई भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान में ट्रेंड कर रहे हैं.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and अभिनव गोयल

  1. सुनील गावस्कर ने क्यों कहा, पाकिस्तान वर्ल्ड कप जीता तो बाबर होंगे प्रधानमंत्री

    पाकिस्तान के कई प्रशंसक मौजूदा ट्वेंटी-20 वर्ल्ड कप और साल 1992 के वनडे वर्ल्ड कप में समानता तलाश रहे हैं.

    साल 1992 में इमरान ख़ान की अगुवाई में उतरी पाकिस्तान टीम टूर्नामेंट से बाहर होने के कग़ार पर थी और वहां से ज़बरदस्त खेल दिखाते हुए चैंपियन बनी.

    बाबर आज़म की अगुवाई में खेल रही मौजूदा टीम ने भी लगभग उसी स्थिति से उबरते हुए फ़ाइनल में जगह बनाई है. अब पाकिस्तान टीम के फैन्स उसके वर्ल्ड कप जीतने का दावा कर रहे हैं. इनमें पाकिस्तान के कई पूर्व खिलाड़ी औरक्रिकेट एक्सपर्ट भी शामिल हैं.

    भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने गुरुवार को इस पर चुटकी लेते हुए कहा, “अगर पाकिस्तान वर्ल्ड कप जीतता है तो 2040 में बाबर आज़म पाकिस्तान के प्रधानमंत्री होंगे.”

    गावस्कर फ़िलहाल वर्ल्ड कप का प्रसारण कर रहे चैनल के लिए कमेंट्री कर रहे हैं. उन्होंने ये चुटकी भारत और इंग्लैंड के बीच गुरुवार को एडिलेड में खेले जाने वाले दूसरे सेमीफ़ाइनल के पहले ली. इस मैच में जीत हासिल करने वाली टीम 13 नवंबर को होने वाले फ़ाइनल मैच में पाकिस्तान से मुक़ाबला करेगी.

    तथ्य है कि 1992 में वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के कप्तान रहे इमरान ख़ान साल 2018 में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने.

    दिलचस्प है कि साल 1992 में जब तमाम एक्सपर्ट पाकिस्तान टीम की टूर्नामेंट से विदाई का एलान कर रहे तब गावस्कर ने इमरान ख़ान की टीम के कप जीतने की भविष्यवाणी की थी. बाद में चैंपियन टीम के सम्मान के दौरान सुनील गावस्कर को भी पाकिस्तान बुलाया गया.

  2. ज्ञानवापी मस्जिद: कथित 'शिवलिंग' की जगह सील रखने पर कल होगी सुनवाई

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    ज्ञानवापी मस्जिद मामले में कथित 'शिवलिंग' की जगह सुरक्षित रखने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार शाम सुनवाई शुरू होगी.

    सुप्रीम कोर्ट के 17 मई को दिये गये आदेश की सीमा 12 नंवबर को ख़त्म होने वाली है.

    इसे देखते मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रजूड़ की अध्यक्षता वाली बेंच शुक्रवार शाम तीन बजे से इस मामले की सुनवाई करेगी.

    कोर्ट ने 17 मई के अपने अंतरिम आदेश में ज्ञानवापी मस्जिद के अंदर वज़ू खाने को सील करने के आदेश दिए थे.

    हिंदू पक्ष का दावा है कि वज़ू खाने में शिवलिंग है, जबकि मुस्लिम पक्ष के मुताबिक ये एक फव्वारा है. हालांकि, कोर्ट ने नमाज़ के लिए मस्जिद जाने पर कोई रोक नहीं लगाई थी.

    हिंदू पक्ष की ओर से वकील विष्णु शंकर जैन ने कहा कि इस मामले पर जल्द सुनवाई ज़रूरी है क्योंकि पिछले आदेश की सीमा ख़त्म होने वाली और उसे आगे बढ़ाने की ज़रूरत है.

  3. पंजाब में डेरा सच्चा सौदा समर्थक की सरेआम गोली मारकर हत्या

    डेरा सच्चा सौदा के अनुयायी प्रदीप सिंह को पंजाब के फ़रीदकोट में सरेआम गोली मारने का मामला सामने आया है. गोली मारने की ये घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है.

    फ़रीदकोट ज़िले के कोटकापुरा शहर में हुई इस घटना में प्रदीप सिंह की सुरक्षा में लगा एक गार्ड भी घायल भी हो गया है.

    यह घटना तब हुई जब प्रदीप सिंह में आज सुबह अपनी दुकान खोलने जा रहे थे. तब बाइक सवार हमलावरों ने उन पर गोलियां बरसा दीं.

    प्रदीप सिंह बरगाड़ी बेअदबी मामले में अभियुक्त भी थे. वह साल 2021 से ज़मानत पर बाहर थे और उन्हें सुरक्षा मिली हुई थी.

    इस घटना के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, ''पंजाब एक शांतिपूर्ण राज्य है जहां लोगों के बीच मज़बूत भाईचारा है. किसो को भी पंजाब की शांति भंग नहीं करने दी जाएगी. पुलिस अधिकारियों को राज्य में क़ानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े निर्देश दिए गए हैं.''

    इस घटना के बाद कोटकापुरा के विधायक और विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवान अस्पताल पहुंचे.

    फ़रीदकोट रेंज आईजी प्रदीप यादव ने कहा कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.

    उन्होंने कहा, ''प्रदीप सिंह के सुरक्षाकर्मी ने जवाबी कार्रवाई की. इस घटना में तीन लोग घायल हुए हैं. हमने सीसीटीवी देखें हैं और कुछ सुराग मिले हैं. स्थिति नियंत्रण में है. शुरुआती तौर पर ये दिखाई दे रहा है कि प्रदीप सिंह के सुरक्षाकर्मियों की तरफ़ से लापरवाही हुई है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की एक विशेष टीम मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.''

    बरगाड़ी बेअदबी मामले के बाद अब तक डेरा सच्चा सौदा के सांतवें समर्थक की मौत हो गई है.

  4. गुजरात चुनाव: अहमदाबाद में कैसी है चुनावी हलचल?, लोगों से बात कर रहे हैं बीबीसी संवाददाता विनीत खरे

  5. रविंद्र जडेजा की पत्नी चुनावी मैदान में, बीजेपी ने दिया टिकट

    बीजेपी ने गुजरात विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. बीजेपी उम्मीदवारों में एक नाम को लेकर खासी चर्चा है.

    बीजेपी ने क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा को बीजेपी ने जामनगर उत्तर से टिकट दिया है.

    रिवाबा जडेजा करीब तीन साल से बीजेपी में सक्रिय हैं.

    पार्टी ने मौजूदा सरकार से भूपेंद्र पटेल और हर्ष सांघवी को टिकट दिया है. उनके अलावा अल्पेश ठाकोर को भी टिकट मिला है.

    गुजरात विधानसभा चुनावों की घोषणा हो चुकी है. एक और पांच दिसंबर को मतदान होगा और आठ दिसंबर को मतगणना की जाएगी.

  6. भारत- इंग्लैंड सेमीफ़ाइनल से पहले एडिलेड में क्या है माहौल, लोगों से बात कर रहे हैं बीबीसी संवाददाता नितिन श्रीवास्तव

  7. दलित मुसलमान और ईसाई को आरक्षण देने को लेकर मोदी सरकार ने क्या कहा

    धर्म परिवर्तन कर मुसलमान और ईसाई बनने वालों को अनुसूचित जाति का दर्जा देने के मामले में केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में अपना जवाब दाखिल किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक केंद्र सरकार ने दलित मुसलमानों और ईसाइयों को अनुसूचित जाति से बाहर रखने का बचाव किया है.

    सरकरा ने कहा कि ऐतिहासिक डेटा से पता चलता है कि इस्लाम और ईसाई धर्म के लोगों को किसी भी पिछड़ेपन या भदेभाव का सामना नहीं करना पड़ा है.

    केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफ़नामे में कहा कि दलित मुसलमान और ईसाई अनुसूचित जाती को मिलने वाले लाभों का दावा नहीं कर सकते. मंत्रालय के मुताबिक संविधान (अनुसूचित जाति) आदेश, 1950 में कोई भी असंवैधानिकता नहीं है.

    सुप्रीम कोर्ट ने एक एनजीओ 'सेंटर फॉर पब्लिक इंटरेस्ट लिटिगेशन' ने याचिका दाखिल कर इस्लाम और ईसाई धर्म अपनाने वाले दलित समुदायों को आरक्षण और अन्य लाभ देने की मांग की है.

    इस याचिका के जवाब में मंत्रालय ने कहा है कि अनुसूचित जाति की पहचान एक विशेष सामाजिक कलंक को देखते हुए की गई है जो संविधान (अनुसूचित जाति) आदेश, 1950 के तहत अनुसूचित समुदायों तक सीमित है.

  8. क़तर में हिरासत में लिए गए पूर्व भारतीय नौसेनिकों को लेकर रहस्य कायम

    क़तर में हिरासत में लिए गए आठ पूर्व भारतीय नौसेनिकों की स्थिति को अब भी रहस्य बना हुआ है. उनके ठीक होने को लेकर अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है.

    भारतीय दूतावास इस मामले को लेकर स्थानीय प्रशासन के लागातर संपर्क में है.

    पूर्व नौसेनिकों को हिरासत में लेने का कारण फिलहाल सार्वजनिक नहीं किया गया है और ना ही भारत को इसकी आधिकारिक तौर पर जानकारी दी गई है. ये 70 दिनों से हिरासत में हैं.

    इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया है कि दोहा में भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों से लगातार संपर्क में है ताकि एक और बार हिरासत में मौजूद भारतीयों से मिला जा सके.

    पीटीआई के अनुसार भारतीय अधिकारियों को दो बार कॉन्सुलर एक्सेस दी जा चुकी है यानी दो मौकों पर वो पूर्व नौसेनिकों से मिल चुके हैं.

    रिपोर्ट्स के मुताबिक ये आठ पूर्व सैन्यकर्मी एक नीजी कंपनी दहरा ग्लोबल टेक्नोलॉजिज़ एंड कंसल्टेंसी सर्विसेज के लिए काम कर रहे थे. वो कुछ मौकों पर अपने परिवार से बात कर सकते हैं.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, ''हमें आठ भारतीय नागरिकों के हिरासत में लिए जाने की जानकारी है जो कतर में एक निजी कंपनी के लिए काम कर रहे थे.''

    ''कतर में हमारा दूतावास वहां प्रशासन के संपर्क में है. दूतावास के अधिकारियों को हिरासत में मौजूद भारतीयों से मिलने का मौका मिला और उन्होंने उनकी सेहत की भी जानकारी ली.''

  9. छत्तीसगढ़: धर्म परिवर्तन कार्यक्रम में कांग्रेस मेयर के शामिल होने पर विवाद

    कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ में राजनंदगांव की मेयर हेमा देशमुख का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वो धर्म परिवर्तन से जुड़े एक कार्यक्रम में हिस्सा ले रही हैं. इस कार्यक्रम में हिंदुओं को बौद्ध धर्म स्वीकार कराया जा रहा है.

    बीजेपी ने इस वीडियो के ज़रिए कांग्रेस पर हिंदू विरोधी होने और हिंदुओं की आस्था पर हमला करने का आरोप लगाया है.

    जनजातीय मामलों की केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने ये वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, ''कांग्रेस राज में हिंदु विरोध चरम पर है. यहां हिंदू आस्था पर खुलेआम प्रहार किया जा रहा है और कांग्रेस की राजनांदगांव महापौर हिंदू धर्म के विरूद्ध शपथ ले रही है. कोई सनातन विरोधी कार्यक्रम हो और कांग्रेस से उसके तार ना जुड़े ऐसा हो सकता है क्या?''

    इस वीडियो में दिख रहा है कि मा देशमुख कार्यक्रम के दौरान मंच पर खड़ी हैं और वहां मंच और नीचे खड़े लोग हाथ आगे करके शपथ ले रहे हैं.

    उन्हें शपथ दिलाई जा रही है, ''मैं गौरी, गणपति इत्यादि हिंदू धर्म के किसी भी देवी-देवता को नहीं मानूंगा और ना ही उनकी कभी पूजा करूंगा. मैं इस बात पर कभी विश्वास नहीं करूंगा कि ईश्वर ने कभी अवतार लिया है. ''

    हालांकि, हेमा देशमुख का कहना है कि वो इस शपथ के दौरान ही मंच से नीचे आ गई थीं.

    उन्होंने एकसमाचार चैनलसे कहा, ''मैं मंच से उतरकर चल गई और मैंने प्रतिज्ञा की कि आपको इस तरह की शपथ में हमको अतिथि के तौर पर नहीं बुलाना चाहिए. ये आपकी बौद्ध विचारधारा बंद कमरे में करिए, हमें इस तरह अतिथि के तौर पर शामिल मत कीजिए. हमारे रहते आपको ये शपथ नहीं दिलाई चाहिए. ये बोलकर मैं निकल गई.''

    हेमा देशमुख ने कहा कि उन्हें इस बारे में नहीं पता था. वह पिछली बार भी इस कार्यक्रम में शामिल हुई थीं लेकिन तब ये शपथ नहीं ली गई थी.

    उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि बीजेपी के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह भी ऐसे कार्यक्रम में शामिल होते रहे हैं. उन्होंने कहा कि अगर जनप्रतिनिधियों को ये निर्णय लेना है तो ये ऊपर से तय होना चाहिए कि कहां जाना है और नहीं.

    हाल ही में आम आदमी पार्टी के नेता राजेंद्र पाल गौतम का भी एक वीडियो सामने आया था जिसमें वो धर्म परिवर्तन कार्यक्रम में शामिल थे. उस कार्यक्र में भी हिंदू देवी-देवताओं को ना मानने की शपथ दिलाई जा रही थी.

    इसका विरोध होने के बाद राजेंद्र पाल गौतम को मंत्री पद से इस्तीफ़ा देना पड़ा था.

  10. रूस के खेरसॉन से सेना वापस बुलाने के फ़ैसले पर जो बाइडन ने क्या कहा

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि यूक्रेनी शहर खेरसॉन से बाहर निकलने का रूस का फ़ैसला दिखाता है कि उनकी सेना के साथ ''कुछ वास्तविक समस्याएं'' हैं.

    बाइडन ने कहा कि वह "कुछ समय" से इस कदम की उम्मीद कर रहे थे और यह दोनों पक्षों को आगे सर्दियों में "अपनी स्थिति को फिर से जांचने" का मौका देगा.

    जो बाइडन ने मध्यावधि चुनाव के बाद व्हाइट हाउस में संबोधन के दौरान ये बातें कहीं.

    राष्ट्रपति के राजनीतिक प्रतिद्वंदियों ने यूक्रेन को अमेरिका की तरफ़ दी जा रही सैन्य और मानवीय सहायता की समीक्षा करने की बात कही थी. जो बाइडन ने इस बात पर ध्यान खींचा कि ये 'दिलचस्प' है कि रूस ने सेना वापस लेने की घोषणा के लिए 'चुनाव हो जाने का इतंज़ार' किया. और श्री बिडेन ने देखा कि यह "दिलचस्प" था कि मास्को ने वापसी की घोषणा करने के लिए "चुनाव के बाद तक इंतजार" किया.

    खेरसॉन यूक्रेन का अकेला ऐसा बड़ा शहर है जिस पर रूस ने फरवरी में हमला शुरू करने के बाद कब्जा किया है.

    लेकिन, बुधवार को यूक्रेन में रूस के कमांडर जनरल सर्गेई सुरोविकिन ने कहा कि शहर की आपूर्ति जारी रखना अब संभव नहीं है.

    इस वापसी का मतलब है कि रूसी सेना पूरी तरह से निप्रो नदी के पश्चिमी तट से हट जाएगी.

    रूस के लिए इसे एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है क्योंकि रूस को यूक्रेन के जवाबी हमले का सामना करना पड़ रहा है.

    जनरल सुरोविकिन ने वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक में कहा, "इस हालात में सबसे अच्छा विकल्प हमारे लिए ये है कि हम निप्रो नदी के दूसरी तरफ किनारे के साथ साथ अपने डिफेंस को मजबूत करें."

    वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि इस घोषणा के बाद यूक्रेन बहुत सोच समझकर कदम उठा रहा है.

  11. नमस्कार,बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार करें.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 9 नवंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिककर सकते हैं.

    आज की अहम ख़बरें –

    • अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि खेरसॉन से बाहर निकलने का रूस का फ़ैसला दिखाता है कि उनकी सेना के साथ ''कुछ वास्तविक समस्याएं'' हैं.
    • टी20 विश्व कप के समीफ़ाइनल मुक़ाबले में आज भारत और इंग्लैंड के बीच मैच होगा.
    • एआईएमआईएम को कर्नाटक के हुबली में ईदगाह मैदान पर टीपू सुल्तान जयंती मनाने के लिए मिली ईजाज़त.
    • ठगी के आरोप में गिरफ़्तार सुकेश चंद्रशेखर ने दिल्ली के उपराज्यपाल से उन्हें और उनकी पत्नी को किसी और जेल में भेजने की अपील की है.
    • क़ानून व्यवस्था बिगड़ाने के मामले में सऊदी अरब में गिरफ़्तार की गईं एक अमेरिकी महिला और उनकी आठ साल की बेटी को रिहा कर दिया गया है.