ऑस्ट्रेलिया में टी 20 विश्व कप के दौरान श्रीलंका के क्रिकेटर दानुष्का गुणातिलके पर बलात्कार करने का आरोप है.
कोर्ट के दस्तावेज़ों में क्रिकेटर पर आरोप है कि उन्होंने महिला का मुंह इतनी जोर दबाया कि उन्हें अपनी जान गंवाने का डर हो गया था.
31 साल के क्रिकेटर पर महिला के साथ यौन संबंध के दौरान कंडोम का उतारने का भी आरोप है.
तफ्शीश के दौरान पुलिस के सामने श्रीलंकाई क्रिकेटर दानुष्का गुणातिलके ने महिला के साथ किसी भी तरह की हिंसा से इनकार किया था और महिला की सहमति की बात बताई थी.
पुलिस ने कोर्ट में कहा था कि क्रिकेटर देश छोड़ कर जा सकता है इसलिए ज़मानत नहीं दी जानी चाहिए, जिसके बाद कोर्ट ने जमानत देने से इनकार कर दिया था.
अदालत को पुलिस ने जो तथ्य दिए हैं उनके मुताबिक क्रिकेटर गुणातिलके और 29 साल की शिकायतकर्ता 29 अक्टूबर को डेटिंग एप टिंडर पर मिले थे.
दस्तावेज़ों में कहा गया है कि वे 2 नवंबर को दोनों ने सिडनी में मिलने की लिए सहमति जताई थी. वे दोनों शिकायतकर्ता के घर लौटने से पहले बाहर ड्रिंक और डिनर के लिए गए थे.
वहां क्रिकेटर गुणातिलके पर महिला के साथ जबरन यौन संबंध बनाने का आरोप है. कथित तौर पर तीन बार महिला का दम घोंटने की कोशिश की गई, जिसमें से एक बार 30 सेकंड तक उसका दम घुटता रहा.
पुलिस ने आरोप लगाया है कि महिला को मौत का डर था और वह भाग नहीं सकती थी.
दस्तावेज़ों में कहा गया है कि महिला ने कथित हमलों के दौरान फर्श पर एक कंडोम भी देखा था. महिला ने क्रिकेटर को उसे पहनने के लिए कहा था.
पुलिस का कहना है कि महिला ने क्रिकेटर को बिना कंडोम के सेक्स करने या सांस घोटने के साथ सेक्स करने की अनुमति नहीं दी थी.
पुलिस का कहना है कि अगले दिन महिला ने दो दोस्तों को इस घटना के बारे में बताया, एक काउंसलिंग सर्विस से बात की और पुलिस से संपर्क करने से पहले डॉक्टर को दिखाया.
महिला का घटना के बाद अस्पताल में यौन उत्पीड़न की फॉरेंसिक जांच की गई और दम घोटने का पता करने के लिए महिला का ब्रेन स्कैन किया गया ताकि आंतरिक चोट के बारे में पता लगाया जा सके.
अदालत के दस्तावेज़ों में पुलिस ने बताया कि क्रिकेटर दानुष्का गुणातिलके ने किसी भी तरह की हिंसा से इनकार किया है और कहा कि उन्होंने सेक्स सहमति से किया था. लेकिन जब डिटेक्टिव्स ने उस बातचीत के बारे में पूछा जिसमें सहमति का जिक्र था तो क्रिकेटर को कुछ याद नहीं आ रहा था.
न्यू साउथ वेल्स में नए "अफरमेटिव कंसेंट” कानून के तहत एक व्यक्ति को सेक्स के लिए अपनी सहमति को कुछ बताकर या कुछ करके कम्युनिकेट करना होता है.
जून में लागू हुए सुधारों के मुताबिक यौन संबंध बनाते वक्त कंडोम को बिना सहमति के हटाना भी यौन उत्पीड़न अपराध की श्रेणी में आता है.
वहीं इस घटना के बाद श्रीलंका क्रिकेट ने दानुष्का गुणातिलके को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से निलंबित कर दिया गया है और घटना की जांच के लिए अपना पैनल नियुक्त किया है.