You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ट्विटर कर्मचारियों की छंटनी के बीच कंपनी के सह-संस्थापक जैक डोर्सी ने मांगी माफ़ी

जैक डोर्सी ने लिखा, "मैंने इस कंपनी के आकार को बहुत जल्दी ही बड़ा बना लिया, इसके लिए सबसे माफ़ी मांगता हूं."

लाइव कवरेज

प्रेरणा .

  1. इमरान के आरोपों पर सख़्त हुई पाकिस्तानी सेना, क्या बढ़ेगी तकरार?

    इमरान ख़ान ने ख़ुद पर हुए हमले के लिए देश के प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और पाक सेना के एक जनरल को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    गुरुवार को गुजरांवाला में एक हमलावर ने इमरान ख़ान को गोली मारकर घायल कर दिया था. इस हमले में इमरान ख़ान की पार्टी के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे.

    लाहौर के शौकत ख़ानम अस्पताल से पाकिस्तान को संबोधित करते हुए इमरान ख़ान ने सीधे-सीधे तीन लोगों पर हमले का आरोप लगाया है.

    इमरान ख़ान ने कहा कि प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़, गृह मंत्री राना सनाउल्लाह और ख़ुफ़िया एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारी मेजर-जनरल फ़ैसल नासिर उनकी हत्या की साज़िश रच रहे हैं.

    पाकिस्तान सेना के मीडिया विंग, आईएसपीआर ने इमरान ख़ान के आरोपों को निराधार और ग़ैर-ज़िम्मेदार बताया है.

    पाक सेना ने अपने बयान में कहा, “पाकिस्तान सरकार से सेना और उसके अधिकारियों के ख़िलाफ़ मानहानि और झूठे आरोपों के लिए ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ कानूनी कार्रवाई शुरू करने का अनुरोध किया गया है.”

    पाकिस्तान के गृहमंत्री राना सनाउल्लाह ने भी इमरान ख़ान के आरोपों को सिरे खारिज कर दिया है. प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने घटना के दिन ही इसकी निंदा करते हुए जांच के आदेश दे दिए थे.

  2. एलन मस्क ने बताया कि ट्विटर को हो रहे घाटे के लिए कौन ज़िम्मेदार

    ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने ट्विटर की कमाई कम होने के लिए एक्टिविस्ट समूहों को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    मस्क का आरोप है कि कंपनी ने खर्च घटाने के लिए जो छटनियां की हैं उसके चलते एक्टिविस्ट समूह ट्विटर की कमाई कम करने के लिए विज्ञापनदाताओं पर दबाव डाल रहे हैं.

    उन्होंने ट्वीट किया, ''ट्विटर की कमाई में बहुत कमी आई है. एक्टिविस्ट समूह विज्ञापनदातों पर दबाव डाल रहे हैं जबकि कंटेंट मॉडरेशन में कोई बदलाव नहीं हुआ है और एक्टिविस्ट को खुश करने के लिए हमने सब कुछ किया है. वो अमेरिका में अभिव्यक्ति की आज़ादी को ख़त्म कर रहे हैं.''

    एलन मस्क ने शुक्रवार को दुनियाभर में ट्विटर से छटनी करने की घोषणा की थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक हज़ारों लोगों को नौकरी से निकाल दिया गया है.

    कंपनी के सेफ़्टी एंड इंटीग्रिटी प्रमुख योल रॉथ ने एक ट्वीट में इस बात की पुष्टि की है कि दुनियाभर में ट्विटर से 50 प्रतिशत कर्मचारियों को निकाला गया है.

    उन्होंने यह भी बताया है कि समीक्षा के लिए पहले स्तर पर काम करने वाले दो हज़ार से ज़्यादा कंटेंट मॉडरेटर्स इससे प्रभावित नहीं हुए हैं.

    एलन मस्क खुद ट्वीट करते हुए बताया कि जब कंपनी हर दिन 40 लाख डॉलर का नुक़सान झेल रही हो तो, दुर्भाग्य से कोई और विकल्प नहीं है. उन्होंने इसे छटनी न लिखकर 'ट्विटर में श्रमशक्ति में कमी' लिखा है.

    उन्होंने बताया है कि जिनकी भी नौकरी जा रही है उन्हें तीन महीने का भुगतान किया जा रहा है जो उससे 50 प्रतिशत ज़्यादा है जितना क़ानूनी रूप से ज़रूरी है.

    कंटेंट मॉडरेशन के संबंध में उन्होंने कहा कि ट्विटर की इसे लेकर "दृढ़ प्रतिबद्धता" है जो "बिल्कुल नहीं बदलेगी."

    ऑनलाइन सुरक्षा समूह और कैंपनर्स ने इस बात की चिंता जाहिर की है कि पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प सहित अन्य विवादास्पद हस्तियों को कंटेंट मॉडरेशन में ढील दे सकते हैं और उनके ट्विटर अकाउंट्स से प्रतिबंध हटा सकते हैं.

  3. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है, अभिवादन स्वीकार करें कमलेश मठेनी का.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 4 नवंबर के अपडेट्स के लिए आप क्लिककर सकते हैं.

    आज की अहम ख़बरें –

    • ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क का आरोप है कि एक्टिविस्ट समूह ट्विटर की कमाई कम करने के लिए दबाव डाल रहे हैं.
    • ट्विटर ने भारत से इंजीनियरिंग, सेल्स, मार्केटिंग और कम्यूनिकेशन टीम से बड़ी संख्या में कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है.
    • पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान ख़ान की पूर्व पत्नी ने उनकी सुरक्षा के लिए पीटीआई के नेतृत्व को ज़िम्मेदार ठहराया है.
    • ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे टी20 विश्व कप मुक़ाबले में आज श्रीलंका और इंग्लैंड की टीम आमने-सामने होंगी.
    • उत्तर कोरिया के बैलिस्टिक मिसाइल हमले को लेकर भारत ने संयुक्त राष्ट्र ने चिंता जाहिर की है और बातचीत और कूटनीति से हल निकालने पर जोर दिया है.