You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

गुजरात चुनाव: सीएम चेहरा न बनाए जाने से इंद्रनील नाराज, आप छोड़ कांग्रेस में घर वापसी

इस साल अप्रैल महीने में ही इंद्रनील राजगुरु कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में गए थे.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश and अभिनव गोयल

  1. गुजरात: सीएम चेहरा न बनाए जाने से इंद्रनील नाराज, आप छोड़ कांग्रेस में घर वापसी

    गुजरात में वरिष्ठ नेता इंद्रनील राजगुरु आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में वापस आ गए हैं.

    इस साल अप्रैल महीने में ही वो कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में गए थे.

    चर्चा थी कि आम आदमी पार्टी गुजरात में मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में इंद्रनील राजगुरु को रख सकती है लेकिन पार्टी ने ऐसा नहीं किया.

    आम आदमी पार्टी ने ईसुदान गढवी को मुख्यमंत्री का उम्मीदवार बनाया है.

    साल 2017 में इंद्रनील ने गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी के खिलाफ राजकोट में चुनाव लड़ा था.

    गुजरात में दो चरणों में वोटिंग होगी. पहले चरण की वोटिंग 1 दिसंबर को और दूसरे चरण की वोटिंग 5 दिसंबर को होगी.

    वहीं 8 दिसंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे.

  2. जब तक तीन लोगों का इस्तीफा नहीं, तब तक विरोध प्रदर्शन होगा- इमरान ख़ान

    इमरान खान ने पाकिस्तान के लोगों से तब तक विरोध प्रदर्शन करने को कहा है जब तक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह और मेजर जनरल फैसल नसीर इस्तीफा नहीं दे देते.

    उन्होंने कहा कि जब तक ये तीन लोग रहेंगे तब तक घटना की स्वतंत्र जांच नहीं हो सकती है.

  3. इमरान ख़ान ने चीफ जस्टिस से कहा- कानून का शासन सुनिश्चित कराना आपकी जिम्मेदारी

    इमरान ख़ान ने पाकिस्तान के चीफ जस्टिस उमर अता बांदियाल को संबोधित करते हुए कहा कि देश में कानून का शासन सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है.

    उन्होंने चीफ जस्टिस से हिंसा की घटनाओं पर शाहबाज गुल, आजम स्वाति और अन्य के खिलाफ संज्ञान लेने की मांग की है.

  4. मुझ पर दो तरफ से गोलियां चलाई गईं- इमरान खान

    इमरान खान ने बताया कि जब वो कंटेनर के ऊपर खड़े थे तो कैसे उन पर गोलियां चलाई गई हैं.

    उन्होंने कहा, "उस दिन जब मैं कंटेनर पर था एक दम गोलियां चलती हैं. मेरी टांग पर गोलियां लगती हैं, मैं गिर जाता हूं. जब मैं गिर रहा होता हूं तो दूसरी तरफ से गोलियां चलती हैं. दो तरफ से गोलियां चलती हैं. दो आदमी थे. जब मैं गिर रहा होता हूं तो मेरे ऊपर से गोलियां जाती हैं. यानी अगर से एक दूसरे से इसे मिला देते तो मेरे ख्याल से इसमें मैंने बचना ही नहीं था."

    "चूंकि मैं गिर गया था. मेरे ख्याल से जो ऊपर बैठा था उसने सोचा कि ये मर गया है और वो वहां से चला गया. अब जो चीज समझने की है वो ये है कि एक तो पकड़ा गया. इसके पीछे पूरा प्लान था."

  5. लॉन्ग मार्च में तीन लोगों ने मुझे मारने की साजिश रची- इमरान खान

    इमरान खान ने कहा कि वजीराबाद से एक दिन पहले तीन लोगों ने उन्हें मारने की योजना बनाई थी. उन्होंने कहा कि ये तीन लोग उन चार लोगों से अलग हैं जिनके बारे में उन्होंने पहले बात की है.

    इससे पहले अपने संबोधन में इमरान ख़ान ने कहा था कि चार लोगों ने बंद कमरे में उन्हें मारने का फैसला किया था.

    जिन तीन लोगों का इमरान ख़ान ने जिक्र किया उनमें पाकिस्तान के गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और मेजर जनरल फैसल नसीर शामिल हैं.

    गुरुवार को इमरान ख़ान की तरफ से जारी बयान में भी इन तीन लोगों का नाम लिया गया था.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, चार लोगों ने बंद कमरे में मुझे मारने का फैसला किया- इमरान ख़ान

    इमरान खान ने कहा कि चार लोगों ने बंद कमरे में उन्हें मारने का फैसला किया है और उन्होंने एक वीडियो बनाकर रखी हुई है जिसमें उन चार लोगों के नाम बताए गए हैं.

    इमरान ख़ान ने कहा, "इन्होंने मुझे मरवाने का फैसला किया. चार लोगों ने बंद कमरे में मुझे मरवाने का फैसला किया. मैंने टीवी पर जाकर बताया. मैंने वीडियो बनाई और चार लोगों के नाम दिए, मैंने वीडियो बाहर रखी हुई है. अगर मुझे कुछ हुआ तो उसे रिलीज करेंगे."

    इमरान ख़ान ने कहा कि ऐसा उन्होंने इसलिए किया कि ताकि दुनिया और पाकिस्तान को ये पता चल सके कि ये किसने किया है.

  7. पाकिस्तान को संबोधित कर रहे हैं इमरान ख़ान

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के अध्यक्ष इमरान ख़ान पाकिस्तान को संबोधित कर रहे हैं.

    सबसे पहले इमरान ख़ान के निजी डॉक्टर फैसल सुल्तान खान ने उनके पैरों का एक्स-रे दिखाया. उनके मुताबिक इमरान ख़ान को चार गोलियां लगी हैं.

    इमरान ख़ान ने कहा कि उन्हें पहले से पता था कि गुजरांवाला या वजीराबाद में उन्हें मारने की कोशिश की जाएगी.

    मुझे हटाने में अमेरिका की साजिश

    इमरान ख़ान ने कहा कि अमेरिका के एक अंडर सेक्रेटरी ऑफ स्टेट ने मुझे हटाने के लिए पाकिस्तान के राजदूत को धमकी दी.

    इमरान ने कहा, "उसने फोन कर कहा कि अगर इमरान ख़ान को नहीं हटाया तो पाकिस्तान को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा. अगर हटा दिया तो सब कुछ ठीक हो जाएगा और उसके बाद मेरी सरकार के खिलाफ अविश्वास मत जमा करवाया जाता है."

    उन्होंने कहा कि देखते ही देखते मेरी पार्टी के लोगों को विपक्ष ने खरीदना शुरू कर दिया. उन्होंने कहा, "सरकार कभी अविश्वास मत के सामने नहीं हारती, क्योंकि सरकार के पास पैसा होता है. हम चाहते तो मंडी में जाकर खरीद लेते. वो 20-25 करोड़ ऑफर कर रहे थे हम ज्यादा दे देते. ऐसा पहले होता रहा है. जो इन्होंने इस्तेमाल किया वो चोरी का पैसा था. इन्होंने लोग खरीद लिए. हमने फैसला लिया कि हम इस ऑक्शन में हिस्सा नहीं लेंगे."

    इमरान के जाने पर लोग मिठाइयां बांटेंगे

    इमरान ख़ान ने कहा कि उन्हें लगा कि मैं हमेशा के लिए चला गया और लोग मिठाइयां बांटेंगे लेकिन पाकिस्तान के लोग 10 अप्रैल को सड़कों पर आ गए.

  8. Air Pollution Crisis : दिनभर : पूरा दिन पूरी ख़बर है,अंजुम शर्मा और प्रेरणा के साथ

  9. इमरान ख़ान के संबोधन से पहले कराची से विरोध प्रदर्शन की तस्वीरें

  10. ट्रॉली बैग में छिपाकर ला रहा था 46 लाख का सोना, कस्टम ने पकड़ा

    कस्टम विभाग ने चेन्नई एयरपोर्ट पर कोलंबो से आ रहे एक यात्री के पास एक किलो 38 ग्राम सोना बरामद किया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक करीब 46 लाख कीमत का सोना व्यक्ति ट्रॉली वाले सूटकेस बैग की आउटर लाइनिंग में छिपाकर ला रहा था.

    तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि कैसे व्यक्ति ने ट्रॉली बैग में चालाकी से सोना छिपाया हुआ था.

  11. पाकिस्तान: क्वेटा में पीटीआई कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन

  12. ईडी ने कश्मीर के अलगाववादी नेता शब्बीर अहमद की संपत्ति ज़ब्त की

    प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को जानकारी दी है कि उसने जम्मू-कश्मीर के अलगाववादी नेता शब्बीर अहमद शाह की 21 लाख 80 हजार रुपये की संपत्ति को ज़ब्त किया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, शब्बीर अहमद और लश्कर-ए-तैयबा के सह-संस्थापक हाफ़िज़ मोहम्मद सईद के ख़िलाफ़ साल 2017 में यूएपीए समेत आईपीसी की तमाम अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था.

    इस मामले में कुछ वक़्त से जांच जारी थी जिसमें ये पता चला है कि शब्बीर शाह पत्थरबाजी, जुलूसों और विरोध प्रदर्शनों के ज़रिए कश्मीर घाटी में अशांति फैलाने में सक्रिय थे.

    इसके साथ ही उन पर चरमपंथी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन से पैसे हासिल करने के भी आरोप हैं.

  13. तस्वीरों में : पाकिस्तान के कई शहरों में इमरान समर्थकों ने की आगजनी

  14. पाकिस्तान: इमरान ख़ान पर हमले के आरोप में दो और गिरफ़्तार, कई जगह प्रदर्शन

    वज़ीराबाद पुलिस ने बताया है कि इमरान ख़ान पर हमले के आरोप में दो और लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    इससे पहले नवीद अहमद नाम के एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया था. पुलिस के मुताबिक उसी ने इन दोनों की शिनाख्त की है.

    पुलिस के मुताबिक दोनों ही अभियुक्तों को वज़ीराबाद से ही गिरफ़्तार किया गया है.

    इसी दौरान पाकिस्तान के कई शहरों में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं.

    रावलपिंडी के फ़ैज़ाबाद में सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई, पुलिस ने आंसू गैस छोड़े और दो प्रदर्शनकारियों को गिरफ़्तार किया गया है.

    इसके अलावा कोहट मेे पीटीआई के कार्यकर्ताओं ने एक टोल प्लाज़ा को ब्लॉक किया.

  15. दिल्ली एमसीडी चुनाव : 4 दिसंबर को वोटिंग, 7 दिसंबर को नतीजे

    दिल्ली में चार दिसंबर को एमसीडी के चुनाव होंगे और सात दिसंबर को नतीजे आएंगे.

    दिल्ली चुनाव आयुक्त विजय देव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा दिल्ली में परिसीमन प्रक्रिया जरूरी थी. इस प्रक्रिया के बाद अब दिल्ली नगर निगम के तहत 68 निर्वाचन क्षेत्र हैं और इनमें कुल 250 वार्ड निर्धारित किए हैं.

    एमसीडी चुनाव को देखते हुए आज से ही चुनाव संहिता लागू हो गई है. रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर पर रोक रहेगी.

    चुनाव आयुक्त ने बताया कि 42 सीट एससी कोटे के तहत आरक्षित हैं, इसमें 21 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं. इसके अलावा बची हुई 208 सीटों में 50 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित रखी गई हैं.

    एमसीडी में क्या बदला

    पहले दिल्ली में तीन एमसीडी थी, जिसमें नॉर्थ, साउथ और ईस्ट शामिल थी. इन तीनों एमसीडी में कुल मिलाकर 272 सीटें थी.

    अब दिल्ली में सबको मिलाकर एक ही एमसीडी कर दी गई है, जिसमें कुल 250 सीटें हैं.

    2017 दिल्ली एमसीडी चुनाव के नतीजे

    बीजेपी- 181

    आप- 48

    कांग्रेस- 30

    अन्य- 11

    वहीं साल 2012 में एमसीडी का तीन टुकड़ों में विभाजन होने के बाद हुए चुनाव में बीजेपी को उत्तरी और पूर्वी क्षेत्र में स्पष्ट बहुमत मिला था. वहीं दक्षिण क्षेत्र में बीजेपी ने 104 में से 44 सीटें अपने नाम की थीं और सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी. बीजेपी ने 272 में उसे कुल 142 सीटें अपने नाम की थीं.

  16. अमृतसर में हिंदूवादी नेता की गोली मारकर हत्या

      • Author, रविंदर सिंह रॉबिन
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए

    पंजाब के अमृतसर में गोपाल मंदिर के बाहर हिंदूवादी नेता सुधीर सूरी की गोली मारकर हत्या कर दी है.

    गोली लगने के बाद उन्हें तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया है, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

    सुधीर सूरी अपने साथियों के साथ गोपाल मंदिर के बाहर धरना दे रहे थे, तभी उनका किसी से विवाद हो गया. इसके बाद उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई.

    सुधीर सूरी का नाम पहले भी विवादों में आया है. पिछले साल जुलाई महीने में इन्हें एक समुदाय के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था.

  17. पाकिस्तान से LIVE, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान जानलेवा हमले के बाद शौकत ख़ानम अस्पताल में भर्ती हैं. वहां से ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी संवाददाता तरहब असग़र

  18. इमरान ख़ान थोड़ी देर में देश को संबोधित करेंगे- वकील

    इमरान ख़ान के वकील और तहरीक-ए-इंसाफ़ के नेता बाबर अवन ने कहा है कि इमरान ख़ान थोड़ी देर में देश को संबोधित करेंगे.

    अवन ख़ान इमरान ख़ान से शौकत खानम अस्पताल में मिलने गए थे, जिसके बाद उन्होंने ये जानकारी दी.

    उन्होंने कहा कि उनके डॉक्टर भी उनके ईलाज से जुड़ी जानकारियां साझा करेंगे.

    गुरुवार को पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के लॉन्ग मार्च में फायरिंग की घटना हुई. इसमें इमरान ख़ान समेत 14 लोग घायल हो गए. जानकारी के मुताबिक इमरान ख़ान को टांग में गोली लगी है.

    अधिकारियों ने अब तक एक मौत की पुष्टि की है.

  19. पाकिस्तान: प्रधानमंत्री आवास की सुरक्षा बढ़ाई गई

    पाकिस्तान की तहरीक-ए-इंसाफ़ पार्टी ने जुमे की नमाज़ के बाद हड़ताल का आह्वान किया है. पार्टी के नेता फ़वाद चौधरी ने लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है.

    विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ के घर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. प्रदर्शनकारियों के वहां पहुंचने से होने वाली किसी तरह कि दिक्कत से निपटने के लिए अलग से प्लान बनाए गए हैं, और कई रेंजर्स भी तैनात किए गए हैं.

  20. दिल्ली प्रदूषण: कल बंद रहेंगे स्कूल, सुप्रीम कोर्ट ने कहा, दख़ल देना 'ज़रूरी'

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    दिल्ली में सभी प्राइमरी स्कूल कल यानी शनिवार को बंद रहेंगे. प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली सरकार ने ये फ़ैसला लिया है.

    दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी है.

    दिल्ली में प्रदूषण के बढ़े हुए स्तर से आम लोगों की हालत ख़राब होने की ख़बरें आ रही हैं.

    इस बीच सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण के मामले में दखल देना “ज़रूरी है”.

    कोर्ट ने कहा कि वो इस मामले में 10 नवंबर को सुनवाई करेगा.

    सुप्रीम कोर्ट में एक वकील ने दिल्ली में प्रदूषण को लेकर तुरंत सुनवाई के लिए याचिका डाली थी.

    याचिका में पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने से रोकने के लिए तुरंत कदम उठाने की बात कही गई है.

    इस पर सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश यूयू ललित ने कहा, “हम इस बात से सहमत हैं कि इस मामले में दखल देने की ज़रूरत है, इसे 10 नवंबर के लिए लिस्ट किया गया.”

    इस बीच दिल्ली के एलजी विनय कुमार सक्सेना ने पंजाब के सीएम को चिट्ठी लिखकर पराली जलने से रोकने के लिए जल्द कदम उठाने की अपील की है.

    दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बताया है कि राज्य सरकार के पचास फीसद कर्मचारियों को वर्क होम करेंगे.

    इसके साथ ही राज्य सरकार ने निजी कार्यालयों को भी इसका पालन करने के लिए एडवाइजरी जारी की जा रही है.