You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पाकिस्तान: प्रधानमंत्री आवास की सुरक्षा बढ़ाई गई

पाकिस्तान की तहरीक-ए-इंसाफ़ पार्टी ने जुमे की नमाज़ के बाद हड़ताल का आह्वान किया है.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश and अभिनव गोयल

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, इमरान ख़ान को पैर में गोली लगी- असद उमर

    पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ के महासचिव असद उमर ने कहा है कि गोलीबारी की घटना में इमरान खान के पैर में गोली लगी है.

    अब उन्हें लाहौर शिफ्ट कर दिया गया है.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, पाकिस्तान: फायरिंग की घटना में घायल हुए इमरान ख़ान

    पाकिस्तान में गुजरांवाला के अल्लाहवाला चौक पर पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई अध्यक्ष इमरान खान के कंटेनर के पास फायरिंग हुई है.

    पीटीआई नेता डॉ. यास्मीन राशिद के मुताबिक इस हमले में इमरान खान भी घायल हो गए हैं.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक इस हमले में सांसद फैसल जावेद भी घायल हुए हैं. बीबीसी उर्दू के पास उपलब्ध तस्वीरों में उन्हें घायल अवस्था में देखा जा सकता है.

    बचाव अधिकारियों के अनुसार इस घटना में तीन से चार लोग घायल हुए हैं. पुलिस ने घटनास्थल से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है.

    हालांकि पुलिस इस बात की पुष्टि अभी नहीं कर पाई है कि गोली उसी शख्स ने चलाई है या किसी और ने.

    सुरक्षाकर्मियों ने इमरान खान को बचा लिया है. कंटेनर से गाड़ी में शिफ्ट करते समय उन्हें पैरों पर पट्टियां दिखाई दीं

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, पाकिस्तान में इमरान ख़ान के कंटेनर के पास फायरिंग

    पाकिस्तान में गुजरांवाला के अल्लाहवाला चौक पर पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई अध्यक्ष इमरान खान के कंटेनर के पास फायरिंग हुई है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक इमरान ख़ान सुरक्षित हैं. बचाव अधिकारियों के अनुसार इस घटना में तीन से चार लोग घायल हुए हैं. पुलिस ने घटनास्थल से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है.

    हालांकि पुलिस इस बात की पुष्टि अभी नहीं कर पाई है कि गोली उसी शख्स ने चलाई है या किसी और ने.

    आपात स्थिति में सुरक्षाकर्मियों ने इमरान खान को बचा लिया है. कंटेनर से गाड़ी में शिफ्ट करते समय उन्हें पैरों पर पट्टियां दिखाई दीं

  4. पाकिस्तान की बल्लेबाज़ी देख शोएब अख़्तर ने मानी अपनी गलती

    टी 20 क्रिकेट विश्व कप में पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका की टीमें आमने सामने हैं. पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 9 विकेट पर 185 रन बनाए हैं.

    ट्विटर पर पाकिस्तान की बल्लेबाज़ी की शोएब अख़्तर ने तारीफ़ करते हुए लिखा कि आज टीम ने मुझे गलत साबित किया है.

    पाकिस्तान की क्रिकेट टीम के स्टार गेंदबाज़ रहे शोएब अख़्तर ने कहा, "पाकिस्तान क्रिकेट टीम आपने क्या शानदार वापसी की है. जो टीमें साउथ अफ्रीका के ख़िलाफ़ कुछ नहीं कर सकीं, वो पाकिस्तान ने करके दिखाया."

    "मैं सच में उम्मीद करता हूं कि मेरी भविष्यवाणी गलत साबित हो और पाकिस्तान की टीम कैसे भी करके सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाए. साउथ अफ्रीका को उन्होंने बहुत पीटा. वेल डन शादाब, वेल डन इफ्तिखार. एक बार फिर से आपने बहुत सारे लोगों को गलत साबित किया है जिसमें से एक मैं भी हूं."

    हारिस कहां था भाई, पहले क्यों नहीं खिलाया उसको? लेकिन फिर से कहूंगा कि पाकिस्तान ने शानदार बल्लेबाज़ी की है और मुझे खुशी हुई है कि पाकिस्तान ने एक बड़ा स्कोर बनाया है. साउथ अफ्रीका क्या कर रहा था, कैचिंग की प्रैक्टिस उन्हें करवा रहे हैं और एक कैच उन्होंने नहीं पकड़ा."

    पाकिस्तान की तरफ से इफ्तिखार अहमद और शादाब खान ने धुआंधार बल्लेबाजी की. इफ्तिखार ने 51 रन और शादाब ने 52 रन बनाए.

    फ़िलहाल सुपर 12 स्टेज के ग्रुप 2 में पाकिस्तान सबसे नीचे यानी पाँचवें पायदान पर है. पाकिस्तान तीन मैच खेल चुका है और अंकतालिका में उसके पास सिर्फ दो प्वाइंट हैं.

    पिछली हारों की वजह से पाकिस्तान के लिए आज का मुक़ाबला हर हाल में जीतना ज़रूरी है.

    इस समय ग्रुप 2 में भारत सबसे ऊपर है और दक्षिण अफ़्रीका भी पाँच अंक के साथ दूसरे स्थान पर है. अगर आज का मुक़ाबला दक्षिण अफ़्रीका ने जीता तो वो सेमीफ़ाइनल में पहुँच जाएगा.

    पाकिस्तान:मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद हारिस, शान मसूद, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ, नसीम शाह

    दक्षिण अफ्रीका:क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), तेम्बा बावुमा (कप्तान), रिले रूसो, एडेन मार्करम, हेनरिच क्लासेन, ट्रिस्टन स्टब्स, वेन पार्नेल, कगिसो रबाडा, लुंगी एंगिडी, एनरिच नोर्त्जे, तबरेज शम्सी

  5. राम मंदिर, धारा 370 और अल्पसंख्यकों पर क्या बोले राजनाथ सिंह

    देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हिमाचल प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में चुनावी सभा को संबोधित किया.

    जयसिंहपुर गांव में बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफ़ग़ानिस्तान में रहने वाले हिंदू, सिख, ईसाई, पारसी और यहूदी लोगों का अगर धार्मिक उत्पीड़न होता है तो भारत उन्हें डंके की चोट पर नागरिकता देने का काम करेगा.

    उन्होंने जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म करने का भी ज़िक्र किया. उन्होंने कहा, "आर्टिकल 370 की बात हमने अपने घोषणा पत्र में कही थी. भारतीय जनसंघ के समय में भी हमने कहा था कि जब भी हमारी सरकार बन जाएगी तो हम आर्टिकल 370 को चुटकी बजाकर ख़त्म कर देंगे. हमारी सरकार आई और हमने चुटकी बजाकर 370 को ख़त्म कर दिया."

    इसके बाद उन्होंने राम मंदिर की बात की. उन्होंने कहा, "हमने कहा था कि राम मंदिर बनाएंगे. जो कहा था वो प्रत्यक्ष रूप से पूरा हो रहा है. आप अयोध्या की धरती पर जाकर देख सकते हैं कि कैसे भव्य निर्माण हो रहा है."

    अर्थव्यवस्था पर बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस के समय में भारत दुनिया में दसवें नंबर पर था लेकिन नरेंद्र मोदी ने भारत को टॉप पांच में लाकर खड़ा कर दिया है.

    महंगाई पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में महंगाई की दर 12 फ़ीसदी तक पहुंची थी लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ये दर 7 प्रतिशत से ज़्यादा नहीं बढ़ने दी.

  6. मोरबी पुल हादसे के बाद उत्तराखंड सरकार कराएगी पुलों का ऑडिट

    गुजरात के मोरबी में हुए पुल हादसे के बाद उत्तराखंड सरकार ने अपने राज्य में पुलों का ऑडिट कराने का फ़ैसला किया है.

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को कहा है कि 'हमारी पहली प्राथमिकता जान-माल की सुरक्षा है. इसके लिए जो भी पुल पुराने हो गए हैं, उनका ऑडिट कराने का हमने निर्णय लिया है जिससे सुरक्षा बनी रहे और जो पुनर्निर्माण होना हो तो वो भी समय पर हो जाए.'

    उत्तराखंड में ऋषिकेश से लेकर तमाम अन्य जगहों पर मोरबी में गिरने वाले पुल जैसे सस्पेंशन ब्रिज़ हैं.

    इनमें ऋषिकेश का लक्ष्मण झूला सबसे प्रमुख है जो कि लगभग 100 साल पुराना सस्पेंशन ब्रिज़ है.

    मोरबी में हुए हादसे के बाद सोशल मीडिया पर लक्ष्मण झूले की सुरक्षा इंतज़ामों पर बात की जा रही थी.

    मोरबी पुल हादसे में लगभग 130 से ज़्यादा लोगों की मौत हुई है.

  7. केरल के राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान बोले, “मैं इस्तीफ़ा देने को तैयार हूं, अगर...”

    केरल के राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में कहा है कि अगर राज्य सरकार उनके ख़िलाफ़ लगाए गए आरोपों को साबित कर दे तो वो अपने पद से इस्तीफ़ा दे देंगे.

    केरल में राज्य सरकार और राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान के बीच पिछले कुछ समय से तनातनी जारी है.

    आरिफ़ मोहम्मद ख़ान ने पिछले दिनों यहां तक कहा था कि वह राज्य सरकार के एक निश्चित मंत्री के ख़िलाफ़ कदम उठा सकते हैं.

    इसके बाद सत्तारूढ़ गठबंधन से जुड़े नेताओं ने आरिफ़ मोहम्मद ख़ान पर आरएसएस का एजेंडा चलाने का आरोप लगाया था.

    उन्होंने कहा है, “उनसे (मुख्यमंत्री) पूछा जाए कि वो एक ऐसा वाक्या बताएं जब मैंने हस्तक्षेप किया हो. अगर आप ऐसा गंभीर आरोप लगा रहे हैं तो आपके पास ऐसा कोई वाक्या होना चाहिए....”

    .” वे लगातार कह रहे हैं कि मैं ये कदम आरएसएस के लोगों को लाने के लिए उठा रहा हूं. अगर मैंने अपनी शक्ति का प्रयोग करके एक शख़्स को भी नामित किया हो, आरएसएस के नहीं, किसी भी व्यक्ति को, तो मैं इस्तीफ़ा दे दूंगा. क्या वह इस्तीफ़ा देंगे अगर वह अपने आरोपों को साबित नहीं कर पाए...”

  8. गुजरात में 1 और 5 दिसंबर को होगा मतदान, क्या कह रहे हैं आम लोग, देखें लाइव

  9. उत्तर कोरिया ने संदिग्ध अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल दागी

    दक्षिण कोरिया के अधिकारियों का कहना है कि उत्तर कोरिया ने एक अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) दागी है.

    इस मिसाइल को दुनिया के दूसरे कोने पर मौजूद लक्ष्यों को निशाना बनाने के लिए बनाया गया है.

    उत्तर कोरिया ने इस साल सातवीं बार आईसीबीएम का प्रक्षेपण किया है.

    इस प्रक्षेपण के बाद चिंता इस बात की है कि उत्तर कोरिया जल्द ही एक परमाणु हथियार का परीक्षण कर सकता है.

    एक दिन पहले ही दोनों कोरियाई देशों ने मिसाइलें दागीं, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा है.

    उत्तर कोरिया ने इससे पहले बुधवार को दक्षिण कोरिया की ओर 23 मिसाइलें दागी थीं. इनमें से एक मिसाइल दक्षिण कोरियाई जल सीमा से कुछ दूर आकर भी गिरी थी.

    इसके जवाब में दक्षिण कोरिया ने भी लड़ाकू विमानों से हवा से ज़मीन पर मार करने वाली मिसाइलें उत्तर कोरिया की ओर दागी थीं.

    उत्तर कोरिया ने एक ही दिन में इतनी सारी मिसाइलें दागी हैं जब अमेरिका और दक्षिण कोरिया अपने अब तक के सबसे बड़े संयुक्त हवाई अभ्यास का आयोजन कर रहे हैं.

    प्योंगयांग ने इस संयुक्त अभ्यास को "आक्रामक और भड़काऊ " कह कर कड़ी आलोचना की है.

    दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ के एक बयान के अनुसार, गुरुवार को उत्तर कोरिया ने स्थानीय समयानुसार लगभग 07:40 बजे (23:40 GMT) लंबी दूरी की मिसाइल दागी.

    एक सूत्र ने बीबीसी से इस बात की पुष्टि की कि यह अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) थी.

    इसने लगभग 760 किमी (472 मील) तक की दूरी तय की और लगभग 1,920 किमी की ऊंचाई तक पहुंची.

    लेकिन योनहाप समाचार एजेंसी के सूत्रों के हवाले से कहा है कि लगता है कि उड़ान के बीच में यह मिसाइल विफल हो गई.

    प्योंगयांग ने कम दूरी की दो बैलिस्टिक मिसाइलें भी दागीं हैं.

    जापान ने जारी की जे वार्निंग

    उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया के बाद गुरुवार को जापान की ओर मिसाइल दागी है. इसके बाद जापान ने अपने नागरिकों के लिए ‘जे वॉर्निंग’ जारी की है.

    ये चेतावनी बेहद दुर्लभ मौकों पर जारी की जाती है. जापान ने अपने कुछ इलाकों में नागरिकों को घरों या भूमिगत बंकरों में छिपने की सलाह दी है.

  10. पाकिस्तान में चीन के लोगों की सुरक्षा पर शहबाज़ शरीफ़ से क्या बोले शी जिनपिंग

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बुधवार को बीते दो महीनों में दूसरी बार पाकिस्तान में सीपेक (CPEC) परियोजना पर काम करने वाले चीनी नागरिकों की सुरक्षा पर चिंता जताई है.

    जिनपिंग ने ये बात बीजिंग में शहबाज़ शरीफ़ से मुलाकात के दौरान कही. शहबाज़ शरीफ़ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार दो दिवसीय यात्रा पर चीन पहुंचे हैं.

    इस बैठक के बाद जारी किए गए साझा बयान के मुताबिक़, शी जिनपिंग ने कहा है, ‘मैं पाकिस्तान में मौजूद चीनी लोगों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हूं. मैं उम्मीद करता हूं कि पाकिस्तान सरकार अपने यहां चीनी संस्थानों और कर्मचारियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराएगा.”

    बीते दो महीनों में ये दूसरा मौका है जब चीनी राष्ट्रपति ने पाकिस्तान के सामने चीनी नागरिकों पर बलूच नेशनलिस्ट आर्मी समेत अन्य चरमपंथी गुटों की ओर से हमले किए जाने का मुद्दा उठाया हो. ये समूह पाकिस्तान के इस अशांत क्षेत्र में सीपेक के तहत किए जाने रहे चीनी निवेश का विरोध करते हैं.

    भारत का विरोध

    भारत भी चीनी निवेश का विरोध करता आया है क्योंकि ये परियोजना पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर से होकर जाती है जिस पर भारत अपना दावा करता आया है.

    शरीफ़ और शी जिनपिंग के बीच पिछले महीने समरकंद में एससीओ सम्मेलन के दौरान बैठक हुई थी. इस बैठक में जिनपिंग ने पाकिस्तान से अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की थी.

    कुछ ख़बरों के मुताबिक़, चीनी नागरिकों पर लगातार होते हमलों को ध्यान में रखते हुए चीन पाकिस्तान पर अपनी सुरक्षा एजेंसियों को उतारना चाहता है और वह इसके लिए पाकिस्तान पर दबाव बना रहा है.

    हालांकि, पाकिस्तान इससे बचने की कोशिश कर रहा है. क्योंकि अगर पाकिस्तान चीन की इस मांग को स्वीकार कर लेता है तो चीनी सशस्त्र बलों के जवान पाकिस्तानी ज़मीन पर उतर सकते हैं.

  11. चीन को जयशंकर की ये सलाह पाकिस्तान को कितना रोक पाएगी?

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज़ शरीफ़ ने अप्रैल में पद ग्रहण करने के बाद चीन का अपना पहला आधिकारिक दौरा शुरू किया है. वह चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की 20 वीं राष्ट्रीय कांग्रेस के बाद चीन का दौरा करने वाले पहले विदेशी नेता हैं.

    इसी कांग्रेस के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को तीसरे कार्यकाल के लिए पार्टी का नेता चुना गया था.

    शाहबाज़ शरीफ़ ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री ली कचियांग के साथ बातचीत की है और उम्मीद के मुताबिक़ दोनों नेताओं ने चीन-पाकिस्तान आर्थिक कॉरिडोर (सीपीईसी) के काम में तेज़ी और इसका दायरा और बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की है.

  12. सुप्रीम कोर्ट ने लाल क़िले पर हमले के दोषी मोहम्मद आरिफ़ की फांसी की सज़ा रखी बरकरार

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को साल 2000 में लाल किले पर हुए हमले के मामले में लश्कर चरमपंथी मोहम्मद आरिफ़ उर्फ अशफ़ाक की मृत्यु दंड की सज़ा को बरकरार रखा है.

    इस हमले में तीन लोगों की मौत हुई थी जिसमें सेना के दो जवान भी शामिल थे.

    चीफ़ जस्टिस यूयू ललित की अध्यक्षता वाली पीठ ने आरिफ़ की याचिका को खारिज किया है.

    ये फ़ैसला सुनाते हुए कोर्ट ने कहा – ‘उनका दोष सिद्ध हो चुका है. हम इस अदालत के रुख से सहमत हैं और इस फ़ैसले पर पुनर्विचार करने के लिए दायर की गयी याचिका खारिज करते हैं.’

    आख़िर क्या है मामला

    सुप्रीम कोर्ट ने साल 2011 में भी इस मामले में आरिफ़ की फांसी की सज़ा को बरकरार रखा था.

    जांच एजेंसियों ने बताया था कि दो चरमपंथी 22 दिसंबर की रात लाल किले में घुसे थे जो उस दौर में लाल किला भारतीय सेना का गैरिसन हुआ करता था जहां

    बंदूकधारियों ने यहां से भागने से पहले सेना के सप्लाई डिपो पर हमला करके दो सैनिकों और एक सुरक्षाकर्मी की हत्या कर दी थी.

    पाकिस्तानी चरमपंथी संगठन लश्कर-ए-तयैबा ने इस हमले को अंजाम देने की ज़िम्मेदारी ली थी. इस हमले के बाद दोनों देशों के बीच संबंधों में भारी तनाव देखने को मिला था.

    इसके बाद साल 2003 में भारतीय सेना ने लाल किले को छोड़ दिया और लाल किले को पर्यटन मंत्रालय को सौंप दिया गया.

  13. गोवा में सीबीआई क्यों बोली - 'यहां तो रामराज्य है'

    केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने बुधवार को गोवा में भ्रष्टाचार की शिकायतें नहीं मिलने पर चिंता जताई है.

    सीबीआई के एसपी अशेष कुमार ने गोवा में एक कार्यक्रम के दौरान बताया है कि उन्हें पिछले पांच सालों में भ्रष्टाचार की एक भी शिकायत नहीं मिली है.

    उन्होंने कहा, “पिछले पांच सालों से हमें रिश्वत की एक भी शिकायत नहीं मिली है. हमें आय से अधिक संपत्ति की एक भी शिकायत नहीं मिली है. इसका मतलब ये है कि गोवा में भ्रष्टाचार नहीं है. लोग इतने संतुष्ट हैं तो रामराज्य है...

    पिछले पांच सालों से एक भी शिकायत नहीं है कि उनसे रिश्वत मांगी जा रही हो. इसका क्या मतलब है... यहां पर लोगों की भ्रष्टाचार को लेकर सहनशीलता काफ़ी ज़्यादा है. लोग परेशान नहीं हैं. इसका ये मतलब है कि यहां केंद्र सरकार के कर्मचारी भ्रष्ट नहीं हैं. तभी यहां कोई शिकायत नहीं हैं.”

    अशेष कुमार ने एक उदाहरण देते हुए कहा कि 'अगर आपको बैंक से अपने बिज़नेस के लिए एक करोड़ का लोन मिलता है तो बैंक कर्मचारी उसमें से 20 फीसद कमिशन मांगते हैं. आपको 20 लाख रुपये देने पड़ते हैं.

    जब आपने बीस लाख रुपये दे दिए तो फिर ब्याज़ आदि मिलाकर आप लोन कैसे वापस कर पाएंगे. लेकिन लोग कुछ नहीं कह रहे हैं. क्या लोग बैंकों से लोन नहीं ले रहे हैं? पर हमारे पास कोई नहीं आ रहा है. मुझे पता है कि बैंक कर्मचारी अवैध कमीशन ले रहे हैं. लेकिन कोई शिकायत ही नहीं कर रहा है."

    इसके साथ ही सीबीआई ने कहा है कि ‘उनकी टीम गोवा में पिछले सालों से खाली बैठी है क्योंकि आम लोगों और मीडिया की ओर से किसी तरह की सक्रियता नहीं है. हमने सिर्फ तीन केस दर्ज किए हैं.’

    सीबीआई फिलहाल गोवा में बीजेपी नेता सोनाली फोगाट हत्याकांड की जांच कर रही है.

    इस पर टिप्पणी करते हुए अशेष कुमार ने कहा है कि ‘उनका मुख्य काम भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ है, सोनाली फोगाट जैसे अन्य केस नहीं. यहां भ्रष्टाचार नहीं है, और उनकी यहां ज़रूरत नहीं है.’

  14. चुनाव आयोग आज गुजरात चुनाव की तारीखों का एलान करेगा, 12 बजे प्रेसवार्ता

    भारतीय चुनाव आयोग गुरुवार को दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करके गुजरात चुनाव की तारीखों का एलान करेगा.

    चुनाव आयोग कुछ दिन पहले ही हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों की तारीख़ों का एलान कर चुका है. लेकिन गुजरात चुनाव की तारीखें अब तक सामने नहीं आई हैं.

    चुनाव आयोग को गुजरात की 182 सीटों पर विधानसभा चुनाव संपन्न करवाने हैं. सोशल मीडिया पर कयास लगाए जा रहे हैं कि चुनाव आयोग दो चरणों में चुनाव करा सकता है. क्योंकि साल 2017 में गुजरात विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराए गए थे.

    इस चुनाव में बीते 27 सालों से सत्ता में बनी हुई बीजेपी, प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है.

    पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 99 और कांग्रेस को 80 सीटें मिली थीं. और गुजरात विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 92 सीटों का है.

  15. बांग्लादेश के कप्तान शाकिब पर बोले सहवाग,– ‘कोहली जैसा खेलें, वरना…’

    टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने बुधवार को एडिलेड में भारत और बांग्लादेश के बीच हुए रोमांचक मुकाबले के बाद बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन पर दिलचस्प टिप्पणी की है.

    आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के इस रोमांचक मुकाबले से पहले शाकिब अल हसन ने कहा था कि भारतीय टीम यहां वर्ल्ड कप जीतने आई है, हम यहां वर्ल्ड कप जीतने नहीं आए हैं, हम यहां उलटफेर करने आए हैं.

    इस पर सोशल मीडिया में शाकिब हल हसन को काफ़ी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था.

    लेकिन कल हुए मैच में भारत से हारने के बाद शाकिब अल हसन को सहवाग की आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ रहा है.

    वीरेंद्र सहवाग ने कहा है कि ‘इस बात की ज़िम्मेदारी तो कप्तान को लेनी चाहिए न. उनसे पहले शंतो आउट हुए, फिर उसी ओवर में शाकिब भी आउट हो गए. तो वो...वहां पर ग़लती हो गयी. 99 रन पर तीन विकेट थे. फिर 100 रन पर चार विकेट और 102 रन पर पांच विकेट हो गए. ये जो तीन विकेट गिरे हैं, इनमें से एक साझेदारी बन जाती. ऐसा नहीं है कि टी-20 में आपको पचास रन की साझेदारी चाहिए. दस बॉल में 20 रन की साझेदारी भी खेल बदल सकती है.’

    मेरे ख्याल से चूक हो गयी, खुद कप्तान से भी. वो कप्तान हैं. अनुभवी भी हैं. ज़िम्मेदारी भी लें और खेलें अंत तक, जैसे कोहली खेलते हैं. टीम को मझधार से निकालें...या फिर ऐसे उल्टे-सीधे बयान न दें.’

  16. उत्तर कोरिया ने दागी मिसाइल, जापान ने अपने लोगों से बंकरों में छिपने को कहा

    उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया के बाद गुरुवार को जापान की ओर मिसाइल दागी है. इसके बाद जापान ने अपने नागरिकों के लिए ‘जे वॉर्निंग’ जारी की है.

    ये चेतावनी बेहद दुर्लभ मौकों पर जारी की जाती है. जापान ने अपने कुछ इलाकों में नागरिकों को घरों या भूमिगत बंकरों में छिपने की सलाह दी है.

    उत्तर कोरिया ने इससे पहले बुधवार को दक्षिण कोरिया की ओर 23 मिसाइलें दागी थीं. इनमें से एक मिसाइल दक्षिण कोरियाई जल सीमा से कुछ दूर आकर भी गिरी थी.

    इसके जवाब में दक्षिण कोरिया ने भी लड़ाकू विमानों से हवा से ज़मीन पर मार करने वाली मिसाइलें उत्तर कोरिया की ओर दागी थीं.

    उत्तर कोरिया की ओर से आक्रामक कदम उठाने का ये ताजा सिलसिला दक्षिण कोरिया और अमेरिका के बीच एयरफोर्स ड्रिल के बाद शुरू हुआ है.

    उत्तर कोरिया ने इस ड्रिल को रोकने की अपील की थी.

    लेकिन उत्तर कोरियाई मिसाइलें दागे जाने के बाद दक्षिण कोरिया ने पलटवार करते हुए कहा है कि दक्षिण कोरिया और अमेरिका के बीच संबंधों को बिगाड़ने के प्रयास सफल नहीं होंगे.

  17. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है, अभिवादन स्वीकार करें अनंत का.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 2 नवंबर के अपडेट्स के लिए आप क्लिक कर सकते हैं.

    आज की अहम ख़बरें –

    • प्रवर्तन निदेशालय आज झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछताछ करेगा
    • ब्राज़ील के मौजूदा राष्ट्रपति बोलसोनारो ने अपने समर्थकों से चक्का जाम ख़त्म करने की अपील की
    • उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया के बाद जापान की ओर दागी मिसाइल