You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बांग्लादेश को हराने के बाद रोहित शर्मा के समर्थन और आलोचना में बँटा ट्विटर

बारिश से प्रभावित इस मैच में बारिश शुरू होने तक बांग्लादेश भारत पर पूरी तरह हावी था, लेकिन बारिश के बाद भारत ने पासा पलट दिया

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश, दिनेश उप्रेती and चंदन शर्मा

  1. बांग्लादेश को हराने के बाद रोहित शर्मा के समर्थन और आलोचना में बँटा ट्विटर

    ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे टी20 विश्वकप के अपने चौथे मैच में भारत ने बांग्लादेश को रोमांचक मुक़ाबले में 5 रन से हरा दिया.

    बारिश से प्रभावित इस मैच में बारिश शुरू होने तक बांग्लादेश भारत पर पूरी तरह हावी था, लेकिन बारिश के बाद भारत ने पासा पलट दिया.

    सोशल मीडिया साइट ट्विटर पर इस जीत के ​बाद कई लोग रोहित शर्मा की कप्तानी की काफ़ी तारीफ़ कर रहे हैं, लेकिन ऐसे भी लोग हैं जो कई वजहों से उनकी आलोचना कर रहे हैं.

    भारत के पूर्व क्रिकेटर अमित मिश्रा ने लिखा, ''ग्रीन जर्सी के बारे में कुछ ख़ास है कि ये हम सबसे बेस्ट निकलवाता है. एक अति रोमांचक मुक़ाबला और रोहित शर्मा की लाजवाब कप्तानी.''

    रोहित शर्मा फ़ैनक्लब इंडिया ने ​मज़ाकिया अंदाज़ में ट्वीट किया, ''ब्रेकिंग: रोहित शर्मा आज रात ड्रेसिंग रूम में गिर गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, तो पता चला कि उन्हें एक बीमारी है. यह बीमारी- 'द ग्रेटेस्ट कैप्टन ऑफ़ ऑल टाइम' है.''

    एक अन्य यूज़र ने लिखा, ''कप्तान रोहित शर्मा के चलते आज बांग्लादेश जश्न नहीं मना पाया. भगवान के स्तर की कप्तानी.''

    वहीं समीर अल्लाना ने उनकी आलोचना करते हुए लिखा, ''टी20 विश्व कप के पिछले तीनों संस्करण में रोहित शर्मा ने अर्धशतक बनाया (2022, 2021, 2016). ये तीनों अर्धशतक इन टीमों के ख़िलाफ़ आए: नीदरलैंड- 53 (39) [2022], नामीबिया- 56 (37) [2021], अफग़ानिस्तान- 74 (47) [2021].''

    इस ट्वीट के अनुसार, ''लेकिन 2014 के टी20 विश्वकप के बाद से उन्होंने दुनिया की टॉप 9 टीमों के ख़िलाफ़ एक भी अर्धशतक नहीं लगाया.''

    मैच के बाद ट्विटर पर ट्रेंड करने लगा #cheating

    बांग्लादेश और पाकिस्तान के क्रिकेट फैंस भारत पर चीटिंग के आरोप लगा रहे हैं. इसकी वजह है कि शुरू में मैच 20 ओवर का था, लेकिन बांग्लादेश की बैटिंग के दौरान बारिश आ गई.

    बारिश की वजह से डकवर्थ लुइस नियम लागू किया गया और बांग्लादेश को 16 ओवर में 151 रन का नया टारगेट दिया गया, जिसे बांग्लादेश की टीम चेज नहीं कर पाई.

    अब बांग्लादेश और पाकिस्तान के क्रिकेट फैंस आरोप लगा रहे हैं कि अंपायर्स ने फील्ड के गीला होने के बावजूद मैच को फिर से शुरू कर टीम इंडिया का पक्ष लिया है.

    एक यूजर ने लिखा है कि भारतीय फैंस ने बीसीसीआई से विश्व कप खरीदने की अपील की है. उन्होंने सभी टीमों से इस अन्याय के ख़िलाफ़ आवाज उठाने के लिए भी कहा है.

    वहीं फैसल करीम नाम के एक यूजर ने लिखा, "वेल पेड इंडिया #cheating"

    अर्शदीप की तारीफ में बोले रोहित

    अर्शदीप से आख़िरी ओवर फिंकवाने पर रोहित ने कहा, "अर्शदीप जब टीम में आए थे, तो हमने उन्हें डेथ ओवर्स में गेंदबाज़ी करने को कहा था. बुमराह (जसप्रीत) की ग़ैर-मौजूदगी में ये किसी भी गेंदबाज़ के लिए मुश्किल काम है. एक युवा खिलाड़ी के लिए ऐसा काम (डेथ ओवर्स में गेंदबाज़ी) करना आसान नहीं है, लेकिन हमने उन्हें इसके लिए तैयार किया है. पिछले 8-9 महीनों से हमारे लिए वो ऐसा कर रहे हैं."

    रोहित ने कहा, "मुझे ऐसे खिलाड़ी का समर्थन करना था, जो नियमित तौर पर ऐसा कर रहा है. चुनाव मोहम्मद शमी और अर्शदीप के बीच था."

    भारत की बल्लेबाज़ी पर रोहित ने कहा, "विराट कोहली शानदार फ़ॉर्म में हैं और वो हमेशा ही टीम के साथ थे. बस कुछ पारियों की बात थी और एशिया कप के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा."

  2. भारत-बांग्लादेश मैच के दिन राहुल गांधी ने कहा- भारत की जर्सी आपको अपराजेय बनाती है

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 'भारत जोड़ो' यात्रा के दौरान हैदराबाद में एक बच्चे के साथ सड़क पर ही क्रिकेट खेला.

    कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से दो वीडियो ट्वीट कर इसकी जानकारी दी गई.

    पहले ट्वीट में जो वीडियो डाला गया है, उसमें राहुल गांधी एक बच्चे को गेंद फेंक रहे हैं.

    इस ट्वीट में लिखा गया, ''भारत और बांग्लादेश से भी ज़्यादा मनोरंजक मैच. राहुल गांधी को इस छोटे बल्लेबाज़ को गेंदबाज़ी करते देखिए.''

    वहीं एक अन्य ट्वीट में लिखा गया, ''बहुत अच्छा खेले चैम्पियन! सफ़र में एक नन्हे खिलाड़ी के साथ 'दोस्ताना-मैच' के बाद उनके बैट पर ऑटोग्राफ देते राहुल गांधी.''

    राहुल गांधी ने अपने ट्विटर हैंडल पर भी यह वीडियो डाला है. उन्होंने लिखा, ''आप देखिए, भारत की जर्सी आपको अपराजेय बनाती है. अच्छा खेली टीम इंडिया.''

  3. भगवंत मान का आरोप, किसान आंदोलन से नाराज़ बीजेपी प्रदूषण को लेकर पंजाब को कर रही टारगेट

    पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को बीजेपी पर आरोप लगाया कि वो किसानों को जानबूझकर परेशान कर रही है.

    भगवंत मान ने कहा कि किसानों के आंदोलन के बाद केंद्र सरकार को तीन कृषि क़ानून वापस लेने पड़े थे, जिसका बदला अब बीजेपी ले रही है.

    प्रदूषण को पूरे उत्तर भारत की समस्या बताते हुए उन्होंने पूछा है कि इसके लिए केवल दिल्ली और पंजाब पर ही क्यों उंगली उठाई जा रही हैं?

    उनके अनुसार, हरियाणा और राजस्थान में कई ऐसे शहर हैं जहां हवा की गुणवत्ता पंजाब से भी ज़्यादा ख़राब है, लेकिन केंद्र सरकार उन राज्यों पर कोई सवाल नहीं करती. उन्होंने कहा कि फरीदाबाद की हवा बहुत ख़राब है, लेकिन हरियाणा से सवाल नहीं किए जाते.

    मान ने कहा कि हर चिट्ठी में पंजाब से पूछा जाता है कि किसानों पर कितने केस दर्ज किए गए हैं, तो क्या पंजाब का किसान अपराधी है? उन्होंने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार के मन में किसानों के प्रति नफ़रत का भाव है.

    पंजाब के सीएम मान ने कहा कि प्रदूषण से निपटने के लिए उन्होंने केंद्र सरकार को कई सुझाव दिए, लेकिन हमारी बात नहीं मानी गई.

    उन्होंने कहा कि इस समस्या का समाधान करने के लिए बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, जैसे राज्यों को भी साथ लेकर काम करना होगा.

    मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने केंद्र सरकार से अपील की थी कि पराली जलाने की समस्या से निपटने के लिए किसानों को प्रति एकड़ 1,500 रुपए का मुआवज़ा दिया जाए लेकिन केंद्र ने इस सुझाव को ख़ारिज करते हुए कोई दूसरा उपाय बताने को कहा.

    उन्होंने कहा कि पंजाब में पराली के निपटारे के लिए बायोगैस उद्योग लगाने की मंजूरी मांगी, पर केंद्र ने इस उपाय को भी नहीं माना. उन्होंने कहा कि इन बातों से केंद्र सरकार के राजनीतिक इरादे का पता चलता है.

    इससे पहले बीजेपी ने राजधानी दिल्ली की हवा की गुणवत्ता ख़राब होने और पंजाब में पराली जलाए जाने को लेकर ​दिल्ली और पंजाब के सीएम के इस्तीफ़े की मांग की थी.

    बीजेपी ने कहा है कि पंजाब में जब आप की सरकार नहीं थी, तब दिल्ली के सीएम पंजाब को दिल्ली के प्रदूषण का जिम्मेदार बताते थे, लेकिन अब जब पंजाब में आप की ही सरकार है, तो भी पराली जलाने की समस्या कम नहीं हुई.

  4. राजस्थान: अशोक गहलोत ने पायलट को 'अनुशासन' में रहने को कहा

    राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बनाम सचिन पायलट के बीच की नोंक झोंक थमने का नाम नहीं ले रही है.

    बुधवार को सचिन पायलट के निशाना साधने के बाद जवाब में गहलोत ने पार्टी के नेताओं से 'अनुशासन बनाए रखने' और राजनीतिक बयान देने से परहेज करने को कहा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार सीएम गहलोत ने अलवर में कहा, ''कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने राजनीतिक बयानबाज़ी से बचने को कहा था. हम भी चाहते हैं कि सभी नेता अनुशासन बनाए रखें. पार्टी का ध्यान राजस्थान में सरकार बनाए रखने पर होना चाहिए.''

    उन्होंने कहा, ''दोबारा सरकार बनाना हमारा उद्देश्य है. हमने सुशासन दिया और राज्य में कई ऐसी योजनाएं शुरू की, जो पहले कभी शुरू नहीं की गई. हमने सुशासन के सहारे राज्य में सरकार बनाए रखने पर काम शुरू कर दिया है.''

    पहले सचिन पायलट ने क्या कहा था?

    सचिन पायलट ने मंगलवार को पीएम मोदी और सीएम गहलोत के बीच एक कार्यक्रम में दिखे तालमेल पर तंज़ कसते हुए कहा था कि गहलोत अगले ग़ुलाम नबी आज़ाद बन सकते हैं.

    पायलट ने कहा, ''पीएम द्वारा सीएम की तारीफ़ों को बेहद दिलचस्प पा रहे हैं. पीएम मोदी ने इससे पहले ग़ुलाम नबी आज़ाद की भी इसी तरह तारीफ़ की थी. हम सबने देखा कि उसके बाद क्या हुआ. कल जो कुछ हुआ, वो बहुत दिलचस्प था. इसे हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए.''

    उन्होंने नए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से गहलोत कैंप के विधायकों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने की भी मांग की थी.

  5. भारत-बांग्लादेश मैच के बाद क्यों ट्रेंड करने लगा #cheating

    टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने बांग्लादेश को बेहद रोमांचक मुक़ाबले में 5 रन से हरा दिया है.

    मैच में दोनों ही टीमों का प्रदर्शन शानदार रहा, लेकिन भारत की जीत के बाद ट्विटर पर 'चीटिंग' नाम का हैशटैग ट्रेंड कर रहा है.

    बांग्लादेश और पाकिस्तान के क्रिकेट फैंस भारत पर चीटिंग के आरोप लगा रहे हैं. इसकी वजह है कि शुरू में मैच 20 ओवर का था, लेकिन बांग्लादेश की बैटिंग के दौरान बारिश आ गई.

    बारिश की वजह से डकवर्थ लुइस नियम लागू किया गया और बांग्लादेश को 16 ओवर में 151 रन का नया टारगेट दिया गया, जिसे बांग्लादेश की टीम चेज नहीं कर पाई.

    अब बांग्लादेश और पाकिस्तान के क्रिकेट फैंस आरोप लगा रहे हैं कि अंपायर्स ने फील्ड के गीला होने के बावजूद मैच को फिर से शुरू कर टीम इंडिया का पक्ष लिया है.

    फैसल करीम नाम के एक यूजर ने लिखा, "वेल पेड इंडिया #cheating"

    वहीं एक दूसरे यूजर ने लिखा है कि भारतीय फैंस ने बीसीसीआई से विश्व कप खरीदने की अपील की है.

    उन्होंने सभी टीमों से इस अन्याय के ख़िलाफ़ आवाज उठाने के लिए भी कहा है.

  6. प्रसिद्ध समाजसेवी इला भट्ट का निधन, पीएम मोदी और राहुल गांधी ने जताया शोक

    जानी-मानी समाजसेवी और पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित इला भट्ट का बुधवार को निधन हो गया. वे 89 साल की थीं.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए एक ट्वीट किया है. गुजराती में किए ​ट्वीट में उन्होंने लिखा, ''इलाबेन भट्ट के निधन से बहुत दुख हुआ. महिलाओं के सशक्तिकरण, समाज सेवा और युवाओं को शिक्षित करने के उनके प्रयास के लिए उन्हें लंबे समय तक याद रखा जाएगा. उनके परिजनों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना. ऊं शांति!!''

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी उनके निधन पर दुख जताया है. अपने ट्वीट में ​उन्होंने लिखा, ''जानी मानी एक्टिविस्ट और पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित श्रीमती इला भट्ट के निधन से बहुत दुखी हूं. उन्होंने अपना जीवन गांधी के आदर्शों के प्रति और लाखों महिलाओं को मजबूत करने में समर्पित कर दिया. उनके क़रीबी, प्रियजनों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है.''

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा, ''प्रसिद्ध गांधीवादी और सेवा की संस्थापक इला भट्ट जी के निधन से अत्यंत दुखी हूं. पद्म भूषण हासिल करने वाली और महिला अधिकारों के लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया. उनकी असाधारण विरासत हमेशा प्रेरणा देती रहेगी.''

    इला भट्ट ने सेवा (सेल्फ़ इम्प्लॉयड वूमेन्स एसोसिएशन) के जरिए लाखों महिलाओं की ज़िंदगी को बेहतर बनाने के लिए काम किया. उन्हें रेमन मैग्सेसे और राइट लाइ​वलीहुड अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है.

    2016 से वे साबरमती आश्रम की अध्यक्ष थीं. महात्मा गांधी द्वारा अहमदाबाद में स्थापित गुजरात विद्यापीठ की वे सात साल तक चांसलर भी रही थीं.

  7. इसराइल अरब संबंध: ‘दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर’ मोहम्मद शाहिद और पायल भुयन के साथ

  8. भारत के ख़िलाफ़ बांग्लादेश की इस आदत से निराश हैं कप्तान शाकिब अल हसन

    भारत से टी20 विश्वकप का मैच हारने के बाद बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने कहा कि शानदार शुरुआत के बाद उनकी टीम यह मैच जीत सकती थी, पर ऐसा हो नहीं पाया.

    एडिलेड में बारिश से बाधित इस मैच में रोमांच अपने चरम पर रहा और भारत ने बांग्लादेश को 5 रन से हराया.

    उन्होंने कहा कि बांग्लादेश जीतने के क़रीब था, पर जीत नहीं सका. उनके अनुसार, भारत के साथ जब भी बांग्लादेश के ख़िलाफ़ खेलता है, तो ऐसा अक्सर होता है.

    उन्होंने कहा, "भारत के साथ खेलते हुए हमेशा यही होता है. हम बस जीतने वाले ही होते हैं, लेकिन जीत की दहलीज पार नहीं कर पाते."

    मैच ख़त्म होने के बाद जाने माने कमेंटेटर हर्षा भोगले से बातचीत में उन्होंने टीम के सलामी बल्लेबाज़ लिटन दास को अपना सबसे बेहतर बल्लेबाज़ बताया.

    बांग्लादेशी कप्तान ने कहा, "भारत के साथ खेलना हमेशा कठिन होता है. यह एक शानदार मैच रहा, दर्शकों ने खेल का पूरा आनंद लिया. अंत में किसी को जीतना ही था और किसी को हारना. लिटन ने वास्तव में अच्छी बल्लेबाजी की, हमारी योजना थी कि भारत के टॉपर ऑर्डर को पहले जल्दी आउट किया जाए. हम सकारात्मक हैं, हम इस विश्व कप में खेल का आनंद लेना चाहते थे, उम्मीद है कि हम अच्छे प्रदर्शन कर इसे जारी रख सकते हैं."

    मैच के बारे में अपनी योजना के बारे में शाकिब ने बताया कि भारत के टॉप 4 बल्लेबाज़ बहुत ख़तरनाक हैं, लिहाजा उनकी टीम की कोशिश थी कि जल्द से जल्द इन बल्लेबाज़ों को आउट किया जाए.

    शाकिब ने बताया, ''इसलिए मैंने अपने प्रमुख गेंदबाज़ तस्कीन अहमद से गेंदबाज़ी करवाई, लेकिन दुर्भाग्य से उन्हें कोई विकेट नहीं मिल पाया.''

    उन्होंने कहा कि उनकी टीम इस विश्वकप का लुत्फ़ लेना चाहती है और उन्हें पूरी उम्मीद है कि वे आगे भी ऐसा कर पाएंगे.

  9. भारत-बांग्लादेश मैच: अर्शदीप से आख़िरी ओवर कराने पर क्या बोले रोहित शर्मा?

    टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने बांग्लादेश को बेहद रोमांचक मुक़ाबले में 5 रन से हरा दिया है.

    एडिलेड में खेले गए मुक़ाबले में बारिश की वजह से डकवर्थ लुईस नियम लागू किया गया था.

    मैच के दौरान भारतीय बल्लेबाज़ी के बाद बांग्लादेश की पारी के दौरान बारिश ने खलल डाली. बारिश के बाद जब मैच शुरू हुआ तो बांग्लादेश के विकेट ताश के पत्ते की तरह ढहने लगे. बारिश की वजह से डकवर्थ लुईस नियम लागू किया गया और बांग्लादेश को 16 ओवर में 151 रन का नया टारगेट दिया गया. लेकिन बांग्लादेश की टीम 16 ओवर में छह विकेट पर 145 रन बना सकी और मुक़ाबला 5 रन से हार गई.

    रोमांचक रहा मुक़ाबला सांसें थाम देने वाले इस मैच में कप्तान रोहित शर्मा भी यदा-कदा हैरान परेशान होते दिखे. मैच के बाद उन्होंने बताया भी, "मैं शांत था पर नर्वस भी था. लेकिन टीम योजना के अनुसार ही खेलती रहे, इसके लिए ज़रूरी था कि मैं शांत रहूँ. इस तरह के छोटे फॉर्मेट के मुक़ाबले किसी भी तरफ जा सकते हैं, लेकिन हमने खेल शुरू होने के साथ ही अपनी भावनाओं पर काबू रखा. अंत में जीत हासिल करना अच्छा रहा."

    अर्शदीप से आख़िरी ओवर फिंकवाने पर रोहित ने कहा, "अर्शदीप जब टीम में आए थे, तो हमने उन्हें डेथ ओवर्स में गेंदबाज़ी करने को कहा था. बुमराह (जसप्रीत) की ग़ैर-मौजूदगी में ये किसी भी गेंदबाज़ के लिए मुश्किल काम है. एक युवा खिलाड़ी के लिए ऐसा काम (डेथ ओवर्स में गेंदबाज़ी) करना आसान नहीं है, लेकिन हमने उन्हें इसके लिए तैयार किया है. पिछले 8-9 महीनों से हमारे लिए वो ऐसा कर रहे हैं."

    रोहित ने कहा, "मुझे ऐसे खिलाड़ी का समर्थन करना था, जो नियमित तौर पर ऐसा कर रहा है. चुनाव मोहम्मद शमी और अर्शदीप के बीच था."

    भारत की बल्लेबाज़ी पर रोहित ने कहा, "विराट कोहली शानदार फ़ॉर्म में हैं और वो हमेशा ही टीम के साथ थे. बस कुछ पारियों की बात थी और एशिया कप के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा."

    भारतीय कप्तान ने केएल राहुल की भी तारीफ़ की. उन्होंने कहा, "केएल ने जिस तरह की बल्लेबाज़ी की, वो उनके लिए और टीम दोनों के लिए बहुत अहम थी. हम जानते हैं कि वह शीर्ष क्रम के किस रूतबे के खिलाड़ी हैं."

    रोहित ने भारत की फील्डिंग पर संतोष जताया.

    उन्होंने कहा, "हमने आज कई अच्छे कैच लिए. हम दर्शकों की बड़ी तादाद के बीच खेल रहे थे और इन हालात में कैच लेना आसान नहीं होता."

  10. टी20 वर्ल्ड कपः रोमांचक मुक़ाबले में भारत ने बांग्लादेश को आख़िरी गेंद पर हराया

  11. टी20 वर्ल्ड कप: भारत की बांग्लादेश पर जीत पर क्या बोले शोएब अख़्तर

    भारत ने टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप मैच में बांग्लादेश को रोमांचक मैच में 5 रन से हरा दिया है.

    बारिश से प्रभावित इस मुक़ाबले में बांग्लादेश के लिए लक्ष्य संशोधित कर 16 ओवर में 151 रन कर दिया गया था. भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 184 रन बनाए थे.

    बारिश ने कुछ देर के लिए मैच में खलल डाला, जिसके बाद डकवर्थ लुइस नियम के आधार पर बांग्लादेश को संशोधित लक्ष्य मिला.

    बारिश के कारण मुक़ाबला रोके जाने से पहले बांग्लादेश के ओपनर लिटन दास और नजमुल हुसैन शांतो ने भारतीय गेंदबाज़ों को मैदान के चारों तरफ़ मारा. ख़ासकर लिटन दास बेहद आक्रामक नज़र आ रहे थे.

    लेकिन बारिश के बाद जब मैच शुरू हुआ तो मुक़ाबला बदला-बदला नज़र आने लगा.

    पाकिस्तान के पूर्व गेंदबाज़ शोएब अख़्तर ने ट्वीट किया, "बांग्लादेश ने क्या शानदार खेल दिखाया. बारिश ने असल में उनका मोमेंटम तोड़ दिया. भारत ने शानदार वापसी की."

    भारत का अगला मुकाबला ज़िम्बाब्वे से होगा.

  12. इसराइल में नेतन्याहू के सत्ता में लौटने के आसार, जून 2021 में छोड़ी थी सत्ता

    इसराइल में हुए आम चुनावों के ताज़ा रुझानों को देखते हुए लग रहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू सत्ता में वापसी करने जा रहे हैं.

    अब तक जो 84 फ़ीसदी मतों की गिनती हुई है, उसके अनुसार नेतन्याहू के नेतृत्व वाला गठबंधन 120 में से 65 सीटें जीतता हुआ दिख रहा है.

    यदि अंतिम चुनाव नतीज़े रुझान के अनुसार ही रहे तो बिन्यामिन नेतन्याहू क़रीब डेढ़ साल बाद सत्ता में लौट आएंगे.

    उन्होंने यरुशलम में अपने समर्थकों से कहा, ''हम बड़ी जीत के क़रीब हैं.''

    हालांकि उन्हें सरकार चलाने के लिए अपनी सहयोगी धुर राष्ट्रवादी पार्टी रिलीजियस ज़ियोनिज़्म पार्टी का समर्थन लेना पड़ेगा. इस पार्टी के नेताओं इतामार बेन-ग्विर और बेज़ेल स्मोट्रिच का अरब विरोधी रुख़ चर्चित रहा है.

    इनका ज़ोर रहा है कि इसराइल के प्रति समर्पित न रहने वाले नेताओं या लोगों को देश से निकाल दिया जाए.

    इतामार बेन-ग्विर धुर-राष्ट्रवादी 'मियर कहाने' संगठन के अनुयायी रहे हैं, जिनके नस्लवादी और उग्र रुख़ के चलते इसराइल में प्रतिबंध लग चुका है. अमेरिका इस संस्था को चरमपंथी संस्था क़रार दे चुका है.

    बेन-ग्विर पर नस्लीय तनाव भड़काने और किसी चरमपंथी संगठन का समर्थन करने का आरोप लग चुका है.

  13. मोरबी पुल हादसाः भीड़ की वजह से टूटा पुल या कारण कुछ और हैं?

  14. मोरबी हादसा: फ़्लोरिंग के भार से गिरा था ब्रिज, केबल नहीं झेल पाए वज़न

  15. अमृता फडणवीस की सुरक्षा बढ़ने पर क्यों उठाए सवाल?

  16. ममता बनर्जी ने मोरबी हादसे की न्यायिक जांच कराने की मांग की

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने गुजरात के मोरबी में हुए सस्पेंशन ब्रिज हादसे की सुप्रीम कोर्ट की देखरेख में न्यायिक जांच कराने की मांग की है.

    बनर्जी ने बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय, केंद्रीय जांच ब्यूरो और अन्य केंद्रीय एजेसियों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आख़िर ये एजेंसियां इस हादसे में शामिल 'अपराधियों' के ख़िलाफ़ कार्रवाई क्यों नहीं करती?

    उन्होंने आरोप लगाया है कि केंद्रीय एजेंसियां केवल आम आदमी के ख़िलाफ़ ही क्यों कार्रवाई करती हैं, लोगों की जवाबदेही ज़रूर तय होनी चाहिए.

    समाचार एजेंसी एएनआई को ममता बनर्जी ने बताया, ''मैं इस पर नहीं बोलूंगी क्योंकि लोगों की ज़िंदगी राजनीति से ज़्यादा अहम होती है. मेरी संवेदनाएं हैं. कई लोग इस हादसे में मारे गए और कई अभी भी गायब हैं.''

    उन्होंने कहा, ''मैं कुछ नहीं बोलूंगी क्योंकि यह उनका राज्य है... मैं राजनीति पर कुछ नहीं बोलूंगी.''

  17. एडिटर्स गिल्ड ने द वायर के दफ़्तर पर दिल्ली पुलिस के छापेमारी के ढंग पर जताई आपत्ति

    एडिटर्स गिल्ड ऑफ़ इंडिया ने द वायर के शीर्ष संपादकों के घरों एवं दफ़्तर पर दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के छापों पर आपत्ति जताई है.

    भारतीय पत्रकारों की शीर्ष संस्था ने इस मुद्दे पर अपना बयान जारी करते हुए कहा है कि दिल्ली पुलिस ने जिस तरह द वायर के शीर्ष संपादकों के घरों और दफ़्तरों पर छापे मारे हैं, उससे वह परेशान है.

    इसके साथ ही एडिटर्स गिल्ड ऑफ़ इंडिया ने दिल्ली पुलिस से नियमानुसार जांच करने और संवेदनशील पत्रकारीय जानकारियों की गोपनीय सुनिश्चित करने की अपील की है.

    द वायर ने कुछ दिनों पहले बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय से संबंधित ख़बर प्रकाशित की थी. लेकिन इस ख़बर पर सवाल उठाए जाने के बाद उसे डिलीट कर दिया गया.

    मालवीय ने इस मामले में द वायर के ख़िलाफ़ केस दर्ज कराया है. और दिल्ली पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर ही द वायर के संपादकों के घरों और दफ़्तर पर छापा मारा था.

    एडिटर्स गिल्ड ऑफ़ इंडिया ने दिल्ली पुलिस की ओर से पत्रकारों की डिजिटल डिवाइस जब्त करने और उसकी हेश वेल्यू नहीं देने पर सवाल उठाए हैं.

  18. अभिनेत्री पूजा भट्ट कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं

    हिंदी फ़िल्मों की अभिनेत्री पूजा भट्ट बुधवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में हो रही 'भारत जोड़ो' यात्रा में हैदराबाद में शामिल हुईं.

    कांग्रेस पार्टी ने उनकी एक फ़ोटो शेयर करते हुए ​ट्वीट में लिखा कि हर रोज़ देश में मोहब्बत चाहने वालों की तादाद बढ़ रही है. पार्टी ने दावा किया है कि हर रोज़ नया इतिहास रचा जा रहा है.

    कांग्रेस पार्टी की यह यात्रा तमिलनाडु, कर्नाटक के बाद अब तेलंगाना से होकर गुजर रही है. इस यात्रा के 56वें दिन पूजा भट्ट भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं और राहुल गांधी के साथ पैदल चलीं.

    'कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा में कुछ देर शामिल हुईं पूजा भट्ट' , इस सुर्खी का जवाब भी पूजा भट्ट ने ट्विटर पर दिया. उन्होंने इमोजी का इस्तेमाल करते हुए लिखा, "हां, ठीक-ठीक कहें तो 10.5 किलोमीटर पैदल."

    'भारत जोड़ो' यात्रा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल ने एक ट्वीट में लिखा, ''हर कोई जुड़ रहा है 'भारत जोड़ो यात्रा' से. विचारधारा की इस पदयात्रा में अब एक्ट्रेस पूजा भट्ट भी हुईं शामिल.''

  19. चीन के राष्ट्रपति ने आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान से किया अहम वादा

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने पाकिस्तान को आर्थिक मदद जारी रखने का वादा किया है.

    जिनिपंग ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज़ शरीफ़ की बीजिंग यात्रा के दौरान ये भरोसा दिलाया. सरकारी मीडिया ने शी जिनपिंग के हवाले से ये ख़बर दी है. पाकिस्तान इन दिनों भुगतान संतुलन संकट से जूझ रहा है.

    पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान में पिछले महीने आई बाढ़ ने हालात और बिगाड़ दिए हैं. अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि पाकिस्तान को इससे करीब 30 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है.

    पाकिस्तान सरकार चीन से और कर्ज़ लेने की कोशिशों में है, हालाँकि पाकिस्तान पर पहले ही चीन का 23 अरब डॉलर का कर्ज है. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक दोनों नेताओं के बीच बीजिंग में ग्रेट हॉल ऑफ़ द पीपुल में चर्चा हुई. बैठक में जिनपिंग ने शाहबाज़ शरीफ़ से कहा कि दोनों देशों को इकोनॉमिक कॉरिडोर के साथ ग्वादर बंदरगाह पर आधारभूत ढाँचा तेज़ी से विकसित करने पर ज़ोर देना चाहिए.

  20. मोरबी हादसा: तीन बेटों को खोने वाली मां ने कहा, 'ज़िम्मेदार लोगों को हो फांसी'