You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
कोर्ट ने खारिज की पत्रकार सिद्दीक़ कप्पन की जमानत याचिका
इस फैसले के बाद कप्पन को जेल में ही रहना होगा. सुप्रीम कोर्ट ने सितंबर महीने में यूएपीए मामले में पत्रकार को जमानत दे दी थी.
लाइव कवरेज
अनंत प्रकाश and दिनेश उप्रेती
कोर्ट ने खारिज की पत्रकार सिद्दीक़ कप्पन की जमानत याचिका
केरल के पत्रकार सिद्दीक़ कप्पन के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दर्ज किए गए मामले में लखनऊ सत्र अदालत ने जमानत याचिका खारिज कर दी है.
12 अक्टूबर को लखनऊ की एडीजे प्रथम की अदालत ने कप्पन की बेल की अर्जी पर सुनवाई पूरी करके अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था.
पत्रकार सिद्दीक़ कप्पनको 2020 में उत्तर प्रदेश पुलिस ने आतंकवाद विरोधी कानून, गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत गिरफ्तार किया गया था.
ईडी द्वारा दर्ज मामले में कप्पन पर आरोप है कि उनके खाते में 45 हज़ार रुपये प्रतिबंधित संस्था पीएफआई से आए हैं और पीएफआई ने ही कप्पन और उनके साथियों का हाथरस में खर्च उठाया था.
अपनी दलीलों में कप्पन के वकीलों ने अदालत को बताया है कि कप्पन ने 45 हज़ार की यह रकम खुद मशीन से अपने खाते में जमा की थी.
हाथरस रेप मामले में सिद्दीक़ कप्पन को सुप्रीम कोर्ट से पहले ही सितंबर में ज़मानत मिल चुकी है.
कप्पन के एडवोकेट मोहम्मद दानिश का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार एनआईए मामले में जमानत मिले 50 दिन हो चुके हैं लेकिन जमानतों का सत्यापन अभी पूरा नहीं हुआ है, जिसके चलते देरी हो रही है.
फिलहाल सिद्दीक़ कप्पन लखनऊ की जेल में हैं.
यूक्रेन युद्धः रूस के समझौता तोड़ने के बावजूद अनाज लेकर चले जहाज़
यूक्रेन का कहना है कि अनाज से लदे 12 जहाज़ काला सागर स्थित बंदरगाह से बाहर निकले हैं. रूस के अनाज के निर्यात समझौते को तोड़ने के बाद ये जहाज़ अनाज लेकर निकले हैं.
यूक्रेन के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक इन जहाज़ों में से एक इथियोपिया के लिए 40 हज़ार टन अनाज लेकर जा रहा है. युद्ध में घिरे इथियोपिया में इस समय भुखमरी का ख़तरा मंडरा रहा है.
यूक्रेन ने इससे पहले रूस पर 'भूख का डर दिखाकर दुनिया को ब्लैकमेल' करने के आरोप लगाए थे.
क्राइमिया में रूस के ब्लैक सी फ्लीट (काला सागर जहाज़ी बेड़े) पर ड्रोन हमलों के बाद रूस ने अनाज निर्यात समझौते को तोड़ने की घोषणा कर दी थी.
रूस के नियंत्रण वाले क्राइमिया प्रायद्वीप में शनिवार को ड्रोन विमानों ने जहाज़ों पर हमले किए थे. रूस ने इसके लिए यूक्रेन को ज़िम्मेदार बताया था. हालांकि यूक्रेन ने इन हमलों की ज़िम्मेदारी नहीं ली है. यूक्रेन ने क्राइमिया पर इससे पहले हुए हमलों की भी ज़िम्मेदारी नहीं ली है.
यूक्रेन-रूस युद्ध की वजह से दुनियाभर में खाद्य संकट पैदा होने का ख़तरा मंडरा रहा है. यूक्रेन और रूस दुनिया के बड़े अनाज उत्पादक देश हैं. यूक्रेन काले सागर के रास्ते अनाज निर्यात करता है. फिलहाल यहां रूसी बलों का प्रभाव है. तुर्की की मध्यस्थता में हुए समझौते के तहत रूस यूक्रेन से अनाज के निर्यात को होने देने पर सहमत हुआ था.
COP27 जलवायु सम्मेलन में शामिल होंगे अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन
व्हाइट हाउस ने जानकारी दी है कि अगले महीने मिस्र में होने वाले संयुक्त राष्ट्र के पर्यावरण सम्मेलन COP27 में जो बाइडन हिस्सा लेंगे.
बताया गया है कि जो बाइडन कंबोडिया और इंडोनेशिया जाने से पहले COP27 जलवायु परिवर्तन सम्मेलन में हिस्सा लेंगे.
इस सम्मेलन में 200 से ज्यादा देशों को आमंत्रित किया गया है. इस हफ्ते की शुरुआत में ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा था कि वे इस सम्मेलन में हिस्सा नहीं लेंगे.
स्काई न्यूज से बात करते हुए उन्होंने कहा था कि मौजूदा वक्त में उनका ध्यान ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए केंद्रित है.
उनके इस फैसले की ब्रिटेन के विपक्षी दलों ने निंदा की है. पिछले साल COP26 शिखर सम्मेलन की मेजबानी ग्लास्गो में ब्रिटेन ने की थी.
इसी बीच समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक ब्रितानी प्रधानमंत्री के प्रवक्ता का कहना है कि उनके सम्मेलन में ना जाने के फ़ैसले की समीक्षा की जा रही है.
संयुक्त राष्ट्र जलवायु शिखर सम्मेलन क्या है?
संयुक्त राष्ट्र का जलवायु शिखर सम्मेलन हर साल होता है. इसमें सरकारें वैश्विक स्तर पर जलवायु परिवर्तन रोकने के लिए उठाए जाने वाले क़दमों पर चर्चा करती हैं और इन पर मुल्कों में सहमति बनती है.
इन्हें COP या 'कांफ्रेंस ऑफ़ द पार्टीज़' कहा जाता है. इन सम्मेलनों में वो देश शामिल होते हैं जिन्होंने 1992 में हुए मूल जलवायु समझौते पर दस्तख़त किए थे, वही पार्टी भी हैं.
COP27 संयुक्त राष्ट्र की जलवायु के मुद्दे पर 27वीं सालाना बैठक है. ये मिस्र के शर्म अल-शेख़ में 6 से 18 नवंबर के बीच होगी.
मोरबी पुल का रखरखाव करने वाली कंपनी के प्रमुख ने क्या कहा?
गुजरात के मोरबी में रविवार को माच्छू नदी पर बने सस्पेंशन ब्रिज के टूटने से अब तक 141 लोगों की मौत हो गई है.
जब पुल को मरम्मत के बाद फिर से खोला गया था उस समय कंपनी ओरेवा ग्रुप के प्रमुख जयसुखभाई पटेल ने कहा था, “यह लगभग 150 साल पुराना सस्पेंशन ब्रिज है जो मोरबी के राजा के समय का है. इसे 15 साल के लिए हमारी कंपनी को रखरखाव, संचालन और सुरक्षा के लिए सौंपा गया है. सरकार और मोरबी नगर पालिका के बीच चार पन्नों के समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं"
ओरेवा समूह अजंता ब्रांड की घड़ियों का निर्माण करता है. इसके अलावा बल्ब, लाइटें और घरेलू इस्तेमाल के अन्य उपकरण भी बनाता है.
जयसुखभाई ने बताया, "यह पुल मोरबी की स्मृति चिन्ह है. पुल पिछले 6 महीनों से मरम्मत के लिए बंद था. इसे बैठक के दिन जनता के लिए खोल दिया गया है."
"यह एक हैंगिंग ब्रिज है और इसलिए एक विशेष कंपनी की मदद ली गई है."
"इस हैंगिंग ब्रिज की जरूरत को देखते हुए इसके लिए सामान विकसित किया गया. 2007 के भूकंप में ब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के बाद मरम्मत का काम प्रकाशभाई धनग्राधा की कंपनी ने किया था जिसके वे संस्थापक हैं.”
"इस बार इसकी रिपेयर पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए गए.”
वहीं इस हादसे के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर नौ लोगों को गिरफ्तार किया है.
'द वायर' के संपादक सिद्धार्थ वरदराजन के घर दिल्ली पुलिस का छापा
दिल्ली पुलिस ने सोमवार को न्यूज पोर्टल 'द वायर' के संस्थापक और संपादक सिद्धार्थ वरदराजन और एम के वेणु के घरों की तलाशी ली.
बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने 'द वायर', इसके संस्थापकों और संपादकों के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज करवाया है.
ये मुक़दमा न्यूज पोर्टल 'द वायर' की उन रिपोर्टों के बाद दर्ज हुआ है जिनमें कहा गया था कि बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने 700 से अधिक सोशल मीडिया पोस्ट को हटाने के लिए मेटा में अपने विशेषाधिकार का इस्तेमाल किया था. हालांकि बाद में इन रिपोर्टों को वापिस ले लिया गया.
इस मुक़दमे के संबंध में ही पुलिस तलाशी लेने पहुंची थी. पुलिस का कहना है कि अभियुक्तों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जाएगी और पुलिस जांच के संबंध में सबूत जमा करेगी. पुलिस ने अभी तक किसी को भी हिरासत में नहीं लिया है.
इस एफ़आईआर में मालवीय ने 'द वायर' के संस्थापक संपादकों सिद्धार्थ वरदराजन, सिद्धार्थ भाटिया और एमके वेणु के अलावा डिप्टी एडिटर और कार्यकारी न्यूज़ प्रोड्यूसर जाह्नवी सेन, 'द वायर' की मालिक संस्था 'फ़ाउंडेशन फ़ॉर इंडिपेंडेंट जर्नलिज़्म' और अन्य अज्ञात लोगों पर धोखाधड़ी और जाली दस्तावेज़ पेश करने का आरोप लगाया था.
अमित मालवीय का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा ने इस रिपोर्ट को खारिज किया था. रिपोर्ट में फ़र्ज़ी दस्तावेजों का हवाला दिया गया था.
दूसरी ओर 'द वायर' ने इस मामले में अपने ही एक पूर्व कन्सल्टेन्ट देवेश कुमार पर एक स्टोरी में मनगढ़ंत ब्यौरा पेश करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से उनकी शिकायत की है.
अक्टूबर में, 'द वायर' ने दावा किया था कि मेटा ने अपने एक्सचेक कार्यक्रम के जरिए अमित मालवीय को कुछ विशेषाधिकार दिए थे, जहां वे मेटा पर किसी भी ऐसे पोस्ट को हटा सकते थे जो उन्हें सरकार या बीजेपी के खिलाफ लगता था.
'द वायर' ने दावा किया था कि उनकी रिपोर्ट एक कथित मेटा इनसाइडर से सोर्स किए गए दस्तावेज पर आधारित थी. मेटा ने इस रिपोर्ट का खंडन करते हुए दस्तावेज को फर्जी बताया था.
'द वायर' ने स्टोरी वापिस लेते हुए अपने पाठकों से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए गलती के लिए माफी भी मांगी है.
ब्राज़ील में वामपंथी लूला की जीत पर बोले राहुल, 'ग़रीबों की जीत हुई'
ब्राज़ील के राष्ट्रपति चुनावों में पूर्व राष्ट्रपति और वामपंथी नेता लुईस ईनास्यू लूला डा सिल्वा ने दक्षिणपंथी नेता जाइर बोलसोनारो को हरा दिया है.
लूला की जीत को एक बड़े राजनीतिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है. विश्व के नेता लूला की जीत का स्वागत कर रहे हैं और उन्हें बधाई दे रहे हैं,
इनमें लातिन अमेरिका के वामपंथी झुकाव वाले राष्ट्रपतियों के अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और ब्रिटेन के नए कंज़रवेटिव प्रधानमंत्री ऋषि सुनक भी शामिल हैं.
कई वैश्विक नेताओं ने कहा है कि वो लूला डी सिल्वा के साथ वैश्विक मुद्दों ख़ासकर अमेज़न के जंगलों की रक्षा के लिए काम करना चाहते हैं. लूला ने अपने चुनाव के बाद कहा है कि उनका मक़सद अमेज़न में जंगलों के कटान को पूरी तरह रोकना है लेकिन उनके सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती भुखमरी से निपटने की है.
ब्राज़ील की अर्थव्यवस्था महामारी के बाद की चुनौतियों से उबरने की कोशिश कर रही है.
वहीं भारत में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी लूला को बधाई दी है.
ट्विटर पर पोस्ट एक संदेश में राहुल गांधी ने कहा, "ब्राज़ील के लोगों को शुभकामनाएं. ये ग़रीबों की जीत है, श्रमिक वर्ग की जीत है और पिछड़े वर्ग की जीत है. ये सामाजिक न्याय की जीत है. मैं राष्ट्रपति चुने गए लूला डा सिल्वा को मुबारकबाद देता हूं."
31 अक्टूबर का ‘दिनभर: पूरा दिन, पूरी ख़बर’ सुनिए मोहम्मद शाहिद और वात्सल्य राय से
न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ टी20 सिरीज़ के लिए हार्दिक पंड्या को मिली बड़ी ज़िम्मेदारी
भारत ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ टी20 इंटरनेशनल मैचों की सिरीज़ के लिए टीम की घोषणा कर दी है.
इस सिरीज़ के लिए हार्दिक पंड्या को अहम ज़िम्मेदारी दी गई है, उन्हें कप्तानी सौंपी गई है. ऋषभ पंत को उप कप्तान बनाया गया है.
टीम इस प्रकार है-
हार्दिक पंड्या (कप्तान), ऋषभ पंत (उप कप्तान, विकेटकीपर) शुभमन गिल, इशान किशन, दीपक हुडा, सूर्य कुमार यादव, श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, हर्षल पटेल, मोहम्मद सिराज, भुवनेश्वर कुमार, उमरान मलिक
टी20 सिरीज़ का पहला मुक़ाबला 19 नवंबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा. दूसरा मैच 20 नवंबर को और तीसरा टी20 मुक़ाबला 22 नवंबर को नेपियर में खेला जाएगा.
न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ के लिए शिखर धवन को कप्तान बनाया गया है. इस सिरीज़ के लिए भी ऋषभ पंत उप कप्तान होंगे.
वनडे टीम- शिखर धवन (कप्तान), ऋषभ पंत, शुभमन गिल, दीपक हुडा, सूर्य कुमार यादव, श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, शहबाज़ अहमद, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, दीपक चाहर, कुलदीप सेन, उमरान मलिक.
बीसीसीआई ने बांग्लादेश के ख़िलाफ़ टेस्ट सिरीज के लिए रोहित शर्मा को कप्तान बनाए रखा है.
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप कप्तान) शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, केएस भरत, रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और उमेश यादव.
बांग्लादेश के ख़िलाफ़ वनडे टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, रजत पाटीदार, श्रेयस अय्यर, राहुल त्रिपाठी, ऋषभ पंत, इशान किशन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, दीपक चाहर, यश दयाल
ब्रेकिंग न्यूज़, मोरबी पुल हादसा: 9 लोग गिरफ़्तार, ग़ैर इरादतन हत्या का केस दर्ज
गुजरात पुलिस ने बताया है कि मोरबी पुल हादसे में अभी तक कुल मिलाकर 9 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.
गुजरात के मोरबी में रविवार को माच्छू नदी पर बने सस्पेंशन ब्रिज के टूटने से सैकड़ों लोग नदी में गिर गए और कई लोगों की मौत हो गई थी.
राजकोट रेंज के आईजी अशोक यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि मोरबी पुल हादसे में अब तक कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
मोरबी पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है. उन्होंने कहा, “कल साढ़े छह बजे हैंगिग ब्रिज टूटा है. काफी लोग उसमें पानी में गिरे हैं और गिरने से काफी लोगों की मौत हुई है. कल हमने जो एफआईआर की थी उसमें आईपीसी की धारा 304, 308 और 114 की धारा लगाई गई है. उसमें अब तक नौ लोग गिरफ्तार किए गए हैं.
नौ लोग गिरफ्तार
- दीपक भाई नवीन चंद्र भाई पारेख (उम्र 44) - ओरेवा कंपनी के मैनेजर
- दिनेश भाई मनसुख भाई दवे(मैनेजर)- ओरेवा कंपनी के मैनेजर
- मनसुख भाई वालजी भाई टोपिया(उम्र 59)- टिकट क्लर्क
- मदेभाई लाखा भाई सोलंकी- टिकट क्लर्क.
- प्रकाश भाई लालजी भाई परमार - ब्रिज रिपेयरिंग कॉन्ट्रेक्टर
- देवांग भाई प्रकाश भाई परमार (उम्र 31)- ब्रिज रिपेयरिंग कॉन्ट्रेक्टर
- अल्पेश गोहिल- सिक्योरिटी गार्ड
- दिलीप गोहिल- सिक्योरिटी गार्ड
- मुकेश भाई चौहान- सिक्योरिटी गार्ड
मोरबी में मरने वालों की तादाद 141, क्या सस्पेंशन ब्रिज को मिला था फ़िटनेस सर्टिफिकेट?
इमरान ख़ान ने कहा, मुख्य चुनाव आयुक्त पर 10 अरब रुपये की मानहानि का केस करूंगा
तहरीक-ए-इंसाफ के अध्यक्ष और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने हक़ीक़ी आजादी मार्च को चौथे दिन संबोधित करते हुए चुनाव आयुक्त पर निशाना साधा.
उन्होंने कहा कि तोशाखाना और विदेशी फंडिंग मामले में उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त के ख़िलाफ़ 10 अरब रुपये के हर्जाने का केस करेंगे.
उन्होंने कहा कि वे मुख्य चुनाव आयुक्त को अदालत में ले जाएंगे. वह मुख्य चुनाव आयुक्त को अदालत में खड़ा करेंगे और उनसे यह पैसा लेकर शौकत खानम मेमोरियल कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च में निवेश करेंगे ताकि भविष्य में सिकंदर सुल्तान राजा किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान न पहुंचाए.
इमरान ख़ान ने कहा कि शौकत खानम कैंसर अस्पताल के लिए उन्हें नौ अरब मिले हैं. इस अस्पताल में 75 फीसदी मरीजों का इलाज मुफ्त किया जाता है, वहीं अब शौकत खानम कैंसर अस्पताल कराची में भी बनने जा रहा है.
उन्होंने कहा कि इसके अलावा अल-कादिर विश्वविद्यालय में सभी बच्चों को मुफ्त में शिक्षा दी जा रही है.
इमरान ख़ान ने मुख्य चुनाव आयुक्त सिकंदर सुल्तान राजा को शरीफ परिवार का एक कर्मचारी बताया. उन्होंने कहा कि सुल्तान राजा ने मेरी प्रतिष्ठा को खराब कर इन कल्याणकारी परियोजनाओं को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है और मेरी ईमानदारी पर सवाल उठाया है.
उन्होंने कहा कि अगर उनके खिलाफ कुछ भी अवैध साबित होता है तो वह कोर्ट के फैसले से पहले अपना इस्तीफा दे देंगे.
21 अक्टूबर को तोशाखाना मामले में चुनाव आयोग ने इमरान खान की संसद सदस्यता रद्द कर दी थी. ये फ़ैसला पाकिस्तान के मुख्य चुनाव आयुक्त सिकंदर सुल्तान राजा की अध्यक्षता वाली चार सदस्यों की बेंच ने सुनाया था.
मोरबी हादसाः ‘मैंने रस्सी से पंद्रह शवों को पानी से बाहर निकाला’
तेल पर सऊदी अरब और यूएई की जुगलबंदी, अमेरिका ने बताया 'ख़तरनाक खेल'
सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात ने ओपेक और उसके सहयोगी देशों के तेल उत्पादन में कमी करने के फ़ैसले का बचाव किया है.
हालाँकि अमेरिका ने इस पर सख्त ऐतराज जताया था और कहा था कि इससे दुनिया के सामने आर्थिक अनिश्चितता का माहौल बन सकता है.
पिछले कुछ महीनों से तेल के उत्पादन पर खाड़ी देश और अमेरिका के बीच मतभेद बढे हैं.
सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्री प्रिंस अब्दुलअज़ीज़ बिन सलमान ने अपने संक्षिप्त भाषण में तेल उत्पादन में कटौती के फ़ैसले का बचाव तो किया ही साथ ही ये भी बताया कि संयुक्त राष्ट्र का जलवायु परिवर्तन सम्मेलन मिस्र और यूएई में आयोजित किया जाएगा.
उन्होंने कहा, "हम इसका आयोजन खुद करेंगे, किसी पर थोपेंगे नहीं." यूएई के ऊर्जा मंत्री सुहेैल अल मज़ूरी ने भी कहा कि तेल उत्पादन में कटौती का अभी के हालात को देखते हुए लिया गया है.
उन्होंने कहा, "अगर तेल उत्पादन बढ़ाने की ज़रूरत हुई तो ओपेक और उसके सहयोगी बस एक फ़ोन कॉल की दूरी पर हैं."
तस्वीरें: गुजरात के मोरबी में पुल टूटने से अब तक 141 की मौत
सरदार पटेल विद्यालय के पूर्व छात्रों ने अमित शाह के ख़िलाफ़ क्यों लिखी चिट्ठी
सहवाग ने बताया- भारत ने दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ की थी ये बड़ी भूल
टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज़ वीरेंद्र सहवाग का कहना है कि भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ अगर ऋषभ पंत को टीम में शामिल किया होता तो मैच का नतीजा कुछ और हो सकता था.
क्रिकेट वेबसाइट क्रिकबज़ के साथ बातचीत में सहवाग ने कहा कि टीम मैनेजमेंट को दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ मैच में दिनेश कार्तिक की जगह ऋषभ पंत को टीम में शामिल करना चाहिए था.
उन्होंने कहा, "पंत को ऑस्ट्रेलिया में खेलने का अनुभव है. उन्होंने वहाँ टेस्ट और वनडे मुक़ाबले खेले हैं और अच्छा प्रदर्शन किया है. उन्हें पता है कि इन हालात में वहाँ कैसा प्रदर्शन करना चाहिए."
सहवाग ने कहा कि कार्तिक ने ऑस्ट्रेलिया में बहुत क्रिकेट नहीं खेली है और ऑस्ट्रेलिया के हालात बेंगलुरु से अलग हैं. उन्होंने कहा, "दिनेश कार्तिक ने आख़िरी बार ऑस्ट्रेलिया में कब खेला था? उन्होंने इस तरह के उछाल भरे विकेट पर कब बल्लेबाज़ी की थी? ये कोई बेंगलुरु का विकेट नहीं है. मैं तो ये भी कहूँगा कि पंत को हुड्डा (दीपक) की जगह टीम में शामिल किया जाना चाहिए था. पंत की गाबा की पारी तो बेमिसाल थी."
छठ की तस्वीरें: उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ ही संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व
हिमाचल प्रदेश चुनाव में 'अपने' ही क्यों बने बीजेपी-कांग्रेस के लिए सिरदर्द
कोर्ट ने खारिज की पत्रकार सिद्दीक़ कप्पन की जमानत याचिका