You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पाकिस्तानः इमरान ख़ान का 'लॉन्ग मार्च' रुका, क्या है वजह?

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ के चीफ़ और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने रविवार को अपना 'लॉन्ग मार्च' रोक दिया है.

लाइव कवरेज

मोहम्मद शाहिद, दीपक मंडल and चंदन शर्मा

  1. यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड पर केजरीवाल का आया बयान, बीजेपी की मंशा पर उठाए सवाल

    यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड यानी समान नागरिक संहिता की ज़रूरत की जांच के लिए हाई लेवल कमिटी गठित करने के गुजरात सरकार के फ़ैसले पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने टिप्पणी की है.

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुजरात के भावनगर में एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान कहा कि बीजेपी की योजना यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड लागू करने की नहीं है.

    उन्होंने कहा, “संविधान के आर्टिकल 44 में ये साफ़-साफ़ लिखा है कि यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड बनाना सरकार की ज़िम्मेदारी है. सरकार को यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड बनाना चाहिए और ये ऐसा बनाना चाहिए जिसमें सभी समुदायों की रज़ामंदी होनी चाहिए.”

    “भारतीय जनता पार्टी ने क्या किया? उत्तराखंड चुनाव से पहले एक समिति बनाई जो उत्तराखंड चुनाव जीतने के बाद अपने घर चली गई. अब गुजरात के चुनाव के तीन दिन पहले एक समिति बनाई और ये भी अब चुनाव के बाद अपने घर चली जाएगी. मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश में यह समिति क्यों नहीं बनाते?”

    “अगर इनकी नीयत यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड बनाने की है तो यह देश में क्यों नहीं बनाकर लागू करते? लोकसभा चुनाव का इंतज़ार कर रहे हैं क्या? तो पहले आप उनसे पूछना कि केजरीवाल जी कह रहे हैं कि आपको यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड लागू करना नहीं है, आपकी नीयत ख़राब है.”

  2. जब भारत को रॉकेट क्रायोजेनिक टेक्नोलॉजी देने से मना कर दिया था: पीएम मोदी

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भारत के अंतरितक्ष अभियान की चर्चा की.

    पीएम मोदी ने कहा, “आपसे बात करते हुए मुझे वो पुराना समय भी याद आ रहा है, जब भारत को क्रायोजेनिक रॉकेट टेक्नोलॉजी देने से मना कर दिया गया था. लेकिन भारत के वैज्ञानिकों ने ना सिर्फ स्वदेशी टेक्नोलॉजी विकसित की बल्कि आज इसकी मदद से एक साथ दर्जनों सैटेलाइट्स अंतरिक्ष में भेज रहा है."

    “इस लॉन्चिंगके साथ भारत ग्लोबल कमर्शियल मार्केट में एक मज़बूत प्लेयर बनकर उभरा है, इससे, अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत के लिए अवसरों के नए द्वार भी खुले हैं.”

    पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने एक साथ 36 सैटेलाट्स को अंतिरक्ष में स्थापित किया है, दिवाली से ठीक एक दिन पहले मिली ये सफलता एक प्रकार से हमारे युवाओं की तरफ़ से देश को एक स्पेशल दिवाली गिफ्ट है.

    उन्होंने देश को छठ पूजा, गुरु पूरब और सरदार पटेल की जयंती की बधाई भी दी.

  3. पाकिस्तान के पीएम का दावा, इमरान ख़ान ने एक मित्र के ज़रिए सेना अध्यक्ष के लिए भिजवाए थे तीन नाम

    पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान ख़ान के बारे में प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने दावा किया है कि नए सेना प्रमुख की नियुक्ति को लेकर उन्होंने एक महीना पहले उनसे संपर्क किया था. उनके अनुसार, दोनों नेताओं के एक कॉमन मित्र के ज़रिए यह संपर्क किया गया.

    पीएम शरीफ़ का दावा है कि इमरान ख़ान ने उनसे संपर्क करके सेना अध्यक्ष पद के लिए तीन लोगों के नाम सौंपकर उनमें से किसी एक को चुनने का प्रस्ताव दिया था.

    हालांकि शहबाज़ शरीफ़ का दावा है कि उन्होंने उनके साथ बैठने से ही इनकार कर दिया.

    शरीफ़ ने शनिवार को लाहौर में पत्रकारों से बात करते हुए इन जानकारियों को साझा किया.

    उन्होंने कहा कि इमरान ख़ान उनसे सेना प्रमुख की नियुक्ति और चुनाव कराने जैसे दो मसलों पर बात करना चाहते थे.

    उन्होंने कहा, ''लेकिन मैंने उनसे केवल लोकतंत्र और अर्थव्यवस्था के चार्टर के अनुसार ही बात करने की पेशकश की.''

    उन्होंने कहा, ''मैंने उन्हें संदेश भिजवाया कि सेना प्रमुख की नियुक्ति प्रधानमंत्री का संवैधानिक अधिकार है और मैं अपने तरीक़े से यह फ़ैसला लूंगा.''

    शहबाज़ शरीफ़ ने आरोप लगाया गया है कि इमरान ख़ान के 2014 में धरने पर बैठने से चीन के राष्ट्रपति का पाकिस्तान दौरा खटाई में पड़ गया था और अब जब ख़ान फिर आंदोलन कर रहे हैं, तो वे चीन जाने वाले हैं.

  4. टी-20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान के ख़िलाफ़ नीदरलैंड्स ने टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी का किया फ़ैसला

    टी-20 के ग्रुप-2 के मैच में नीदरलैंड्स ने टॉस जीतकर पाकिस्तान के ख़िलाफ़ पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया है.

    ग्रुप-2 के मैच में पाकिस्तान पांचवें और नीदरलैंड्स सबसे नीचे छठवें पायदान पर मौजूद है.

    पाकिस्तान अपना पिछला मैच ज़िम्बॉब्वे से और नीदरलैंड्स भारत से हार गया था. दोनों टीमों को इस टूर्नामेंट में बने रहने के लिए यह मैच जीतना बेहद ज़रूरी है.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, टी-20 वर्ल्ड कप: ज़िम्बॉब्वे को बेहद रोमांचक मैच में बांग्लादेश ने 3 रन से हराया

    टी-20 के ग्रुप-2 के बेहद रोमांचक मुक़ाबले में बांग्लादेश ने ज़िम्बॉब्वे को 3 रन से हरा दिया.

    20वें ओवर की अंतिम गेंद पर ज़िम्बॉब्वे को जीत के लिए 5 रनों की दरकार थी लेकिन उस पर मुसद्दिक़ हुसैन ने ब्लेसिंग मुज़ाराबानी को स्टंप आउट कर दिया.

    उस समय लगा कि बांग्लादेश 4 रनों से मैच जीत गया है और टीमें स्टेडियम से बाहर आने लगीं लेकिन तभी अंपायर ने पाया कि विकेटकीपर नूरुल हसन ने बॉल विकेट के आगे से पकड़ी थी.

    इसके बाद अंपायर ने नो बॉल का इशारा किया और आख़िरी फ़्री हिट की गेंद खेलने के लिए बल्लेबाज़ वापस मैदान पर आए.

    मुसद्दिक़ हुसैन की अंतिम गेंद पर ब्लेसिंग कोई शॉट नहीं लगा पाए और बांग्लादेश तीन रन से मैच जीत गया. ज़िम्बॉब्वे की टीम मैदान पर वापस उतरी ज़रूर लेकिन वो फिर भी इस आख़िरी मौक़े को जीत में नहीं भुना पाई.

    20 ओवर तक चले मैच में ज़िम्बॉब्वे की टीम 8 विकेट के नुक़सान पर 147 रन ही बना पाई.

    ज़िम्बॉब्वे की ओर से सीन विलियम्स ने 64 रनों की पारी खेली और 19वें ओवर में बांग्लादेश के कप्तान शाकिब उल हसन ने उन्हें बेहद शानदार तरीक़े से रनआउट किया.

    इससे पहले बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया था और बांग्लादेश ने 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 150 रन बनाए थे.

    बांग्लादेश की ओर से सबसे अधिक 71 रन सलामी बल्लेबाज़ी नजमुल हुसैन शांतो ने बनाए थे.

    वहीं जिम्बॉब्वे की ओर से रिचर्ड एनग्रावा, ब्लेसिंग मुज़ाराबानी ने 2-2 विकेट लिए.

  6. राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जब बन गए धावक

    कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा तेलंगाना राज्य में जारी है. इस यात्रा के दौरान रविवार को पार्टी नेता राहुल गांधी ने अलग अंदाज़ दिखाया.

    कांग्रेस नेता ने कुछ बच्चों के साथ तेज़ दौड़ लगाई. कांग्रेस पार्टी ने तक़रीबन एक मिनट का इससे जुड़ा एक वीडियो भी ट्वीट किया है.

    दौड़ शुरू करने से पहले राहुल गांधी बच्चों से पूछते दिख रहे हैं कि क्या वो रेस लगाएंगे, इसके बाद राहुल गांधी ने दौड़ लगानी शुरू कर दी.

    कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा कश्मीर में ख़त्म होगी. अब तक यह यात्रा तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक राज्यों से गुज़र चुकी है.

  7. टीएमसी विधायक की पत्नी को लॉटरी में एक करोड़ मिलने पर विवाद

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के विधायक और पूर्व राज्यसभा सदस्य विवेक गुप्त की पत्नी रुचिका गुप्त को लॉटरी में एक करोड़ रुपए का इनाम मिलने के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है. विवेक गुप्त कोलकाता के एक मीडिया घराने के मालिक भी हैं.

    इससे पहले तृणमूल कांग्रेस नेता अणुब्रत मंडल समेत कई अन्य नेताओं या उनके रिश्तेदारों को भी इस लॉटरी का इनाम मिल चुका है.

    विवेक गुप्त की पत्नी को लॉटरी मिलने के बाद विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं पर अपने रिश्तेदारों के ज़रिए काले धन को सफ़ेद करने और मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगाया है.

    उन्होंने एक ट्वीट में कहा, "आम लोग टिकट खरीदते हैं, लेकिन टीएमसी नेताओं को बंपर इनाम मिलता है. पहले अणुब्रत मंडल ने जैकपॉट जीता और अब टीएमसी विधायक विवेक गुप्ता की पत्नी ने 1 करोड़ रुपए जीते हैं."

    शुभेंदु ने इससे पहले बीते साल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी एक पत्र भेजा था.

    उसमें उन्होंने लिखा था, "डियर लॉटरी का बंगाल में एक बड़ा बाज़ार है. इस खेल में गंभीर अनियमितताएं हैं और बेईमान तरीक़े अपनाए गए हैं, जिनकी गहन जांच की ज़रूरत है."

    प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने तो सीधे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा है कि इस लॉटरी का नाम भाइपो (भतीजा) लॉटरी कर देना चाहिए. इसमें कई लोग शामिल हैं.

    दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस की दलील है कि जिस लॉटरी में यह इनाम मिला है, उसका संचालन बीजेपी-शासित नगालैंड से होता है.

    तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष कहते हैं, "हर सप्ताह किसी न किसी व्यक्ति को एक करोड़ रुपए का इनाम मिलता है. विजेताओं में से किसी न किसी का संबंध किसी राजनीतिक पार्टी के साथ हो ही सकता है. अगर लॉटरी का संचालन ग़ैर-क़ानूनी है तो केंद्र को देश में इस पर पाबंदी लगा देनी चाहिए."

    विधायक विवेक गुप्ता ने कहा है कि उनकी पत्नी पर राजनीतिक हमले अनुचित हैं क्योंकि उनका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है.

  8. पाकिस्तान से मैच से पहले नीदरलैंड्स के कोच ने ऐसा क्यों कहा

    आईसीसी टी-20 विश्व कप के 'ग्रुप 2' के मैच में रविवार को ऑस्ट्रेलिया के पर्थ स्टेडियम में नीदरलैंड की टीम पाकिस्तान से भिड़ेगी. अभी तक खेले गए अपने दोनों मैच हार चुकी इन दोनों टीमों से विश्व कप से बाहर होने से बचने के लिए जी-जान लगाने की उम्मीद है.

    इस बीच नीदरलैंड के हेड कोच रेयान कुक ने कहा है कि पाकिस्तान की टीम को हराया जा सकता है. उनका मानना है कि पाकिस्तान के साथ हाल में खेले गए वर्ल्ड सुपर लीग वनडे टूर्नामेंट में कम अंतर से मैच हारने की वजह से उनकी टीम का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है.

    नीदरलैंड के हेड कोच ने मैच से पहले कहा कि उनकी टीम पाकिस्तान के ​ख़िलाफ़ अच्छे प्रदर्शन को लेकर आश्वस्त है.

    ज़िम्बॉब्वे की तरह पाकिस्तान को हराने की संभावना के बारे में उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हर टीम अपने खेले हुए मैच को जीतना चाहती है, लेकिन हमने साफ़ तौर पर देखा कि पाकिस्तानी टीम को हराया जा सकता है.''

    उन्होंने कहा, “ज़ाहिर है हाल ही में पाकिस्तान के नीदरलैंड में वर्ल्ड सुपरलीग में खेलने से हमें काफ़ी आत्मबल मिला है, क्योंकि उन मैचों को हम कम अंतर से हारे. इस बार ये बहुत अच्छा होगा.”

    रेयान कुक ने नीदरलैंड के गेंदबाज़ी आक्रमण को बेहतर बताते हुए कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि रविवार को पाकिस्तान के ख़िलाफ़ उनकी टीम को जल्दी विकेट मिलेगा.

    एक सवाल के जवाब में कुक ने कहा कि पाकिस्तान के ख़िलाफ़ पहले खेले गए मैचों से उनकी टीम को अपने बारे में समझने का मौका मिला है, इसलिए उन्हें पता है कि पाकिस्तान के गेंदबाज़ कल उनके ख़िलाफ़ किस तरह की गेंदें फेंकेंगे.

    उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान के गेंदबाज़ों के पास काफ़ी तेज़ गति है. हमने उनका पहले भी सामना किया है, इसलिए हम उनसे अच्छे से परिचित हैं कि वे हम पर क्या फेंकेंगे.''

    रेयान कुक ने बताया, "उनकी गेंदबाज़ी काफ़ी विविध है, इसलिए हमें उनके ख़िलाफ़ अपनी योजनाएं लागू करनी होंगी. ज़ाहिर है, सब बल्लेबाज़ उनके खिलाफ अलग-अलग अपनी योजना बना रहे हैं और नेट्स में प्रैक्ट्स कर रहे हैं. इसलिए हम उन्हें रविवार के मैच में बाहर करने में कामयाब होंगे.”

  9. यूक्रेन के ख़िलाफ़ पुतिन ने अचानक लिया एक और फ़ैसला

    रूस ने कई देशों के सहयोग से कुछ हफ़्ते पहले हुए उस समझौते को निलंबित करने का एलान किया है, जिसके तहत यूक्रेन बिना किसी बाधा के काला सागर के अपने बंदरगाहों से दूसरे देशों को अनाज निर्यात कर सकता था.

    रूस का ताज़ा एलान क्राइमिया के बंदरगाह शहर सेवेस्तोपोल में काला सागर में मौजूद अपने बेड़ों पर कथित ड्रोन हमले के बाद आया है.

    उसका दावा है कि ये जहाज अनाज निर्यात समझौते से जुड़े थे. उसने यह भी कहा है कि ताज़ा हमले से उसके एक जहाज को थोड़ा नुक़सान पहुँचा है.

    इस हमले का आरोप यूक्रेन पर लगाते हुए रूस ने दावा किया है कि नौ हवाई और सात मरीन ड्रोन से किए गए ये हमले शनिवार की सुबह चार बजकर 20 मिनट पर किए गए.

    मॉस्को में विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, "रूस 'ब्लैक सी इनिशिएटिव' में भाग लेने वाले सिविल मालवाहक जहाजों की सुरक्षा की गारंटी नहीं दे सकता और इसके कार्यान्वयन को आज से अनिश्चित काल के लिए निलंबित करता है."

    यूक्रेन ने रूस के निर्णय को 'अनुमानित' बताया

    हालांकि यूक्रेन ने हमले के आरोपों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है. इसके बजाय यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने रूस के क़दम को 'अनुमान के मुताबिक़' बताया है.

    यूक्रेन के अलावा रूस ने ब्रिटेन के सैनिकों के भी इस हमले में शामिल होने का आरोप लगाया है. हालांकि उसने इस आरोप का कोई सबूत नहीं दिया है. रूस ने ब्रिटेन पर पिछले महीने गैस पाइपलाइन उड़ाने का भी आरोप लगाया है.

    लेकिन ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि रूस ऐसा करके 'बड़े स्तर के झूठे आरोपों को आगे बढ़ा' रहा है.

  10. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है, अभिवादन स्वीकार करें रजनीश और चन्दन का.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 29 अक्तूबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.