You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कुंडा फायरिंग केस में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की पुलिस आमने-सामने

उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर में कुंडा फायरिंग केस के बाद से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के वरिष्ठ अधिकारी आमने सामने हैं.

लाइव कवरेज

दिनेश उप्रेती, प्रियंका झा and अभिनव गोयल

  1. मनीष सिसोदिया से पूछताछ से पहले बीजेपी का वार- 'ये आम आदमी पार्टी का जश्न-ए-भ्रष्टाचार'

    दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से सीबीआई की पूछताछ से पहले बीजेपी ने आम आदमी पार्टी और डिप्टी सीएम पर निशाना साधा है.

    बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कहा है कि मनीष सिसोदिया जैसे गाड़ी में अपने समर्थकों को संबोधित करते जा रहे थे, ऐसा लग रहा है जैसे आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार का वर्ल्ड कप जीता हो.

    समर्थकों की नारेबाज़ी के बीच मनीष सिसोदिया के राजघाट पहुँचने को लेकर पात्रा ने कहा कि ये आम आदमी पार्टी का 'जश्न-ए-भ्रष्टाचार' है.

    उन्होंने कहा, "सुबह से ये ड्रामा देखा, उनकी मां टीका कर रही हैं. ये पहली बार नहीं है. आप याद करिए, नवाब मलिक भी ऐसे ही जेल गए, संजय राउत भी और तो और सत्येंद्र जैन के लिए तो अरविंद केजरीवाल ने भारत रत्न की मांग की थी. लेकिन इनमें से कोई भी व्यक्ति आज तक जेल से बाहर नहीं आ पाया. ये लोग गाजे-बाजे के साथ जेल गए लेकिन आज तक ये सबूत नहीं दे पाए कि उन्होंने भ्रष्टाचार नहीं किया."

    संबित पात्रा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कोई भी भ्रष्ट व्यक्ति ये नहीं कहता है कि वो भ्रष्ट है. वो खुद को हमेशा दूध का धुला ही बताता है. आज आम आदमी पार्टी और मनीष सिसोदिया भी ये कर रहे हैं.

    संबित पात्रा ने मनीष सिसोदिया की तुलना भगत सिंह से किए जाने पर भी आपत्ति जताई और आम आदमी पार्टी से माफ़ी मांगने को कहा.

    उन्होंने कहा, "हमने शराब घोटाले पर 6 तकनीकी सवाल पूछे थे लेकिन जवाब नहीं दिया गया. आप जवाब इसलिए नहीं दे रहे क्योंकि आपने और केजरीवाल जी ने मिलकर करोड़ों रुपये का घोटाला किया. आप शराब के ठेकों में भ्रष्टाचार करने वाले की तुलना महामहिम भगत सिंह से कर रहे हैं. भगत सिंह भारत का स्वाभिमान हैं और मनीष सिसोदिया और अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार के प्रतीक हैं. इस तुलना के लिए माफ़ी मांगी जानी चाहिए."

    बता दें कि शराब नीति में कथित घोटाले से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए सीबीआई ने मनीष सिसोदिया को मुख्यालय में तलब किया है.

  2. दिल्ली: मनीष सिसोदिया शराब नीति से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए सीबीआई दफ़्तर पहुँचे

    दिल्ली की शराब नीति से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सीबीआई मुख्यालय पहुँचे हैं. उन्हें सीबीआई ने सोमवार सुबह 11 बजे पूछताछ के लिए बुलाया है.

    पूछताछ में शामिल होने के लिए निकलने से पहले सिसोदिया ने अपनी मां का आशीर्वाद लेते हुए वीडियो भी शेयर किया और अपने ख़िलाफ़ केस को पूरी तरह फर्जी बताया.

    सीबीआई में पेशी से पहले सिसोदिया राजघाट पहुँचे और अपने समर्थकों को संबोधित किया.

    उन्होंने लिखा, "मेरे ख़िलाफ़ पूरी तरह से फर्ज़ी केस बनाकर इनकी तैयारी मुझे गिरफ़्तार करने की है. मुझे आने वाले दिनों में गुजरात चुनाव प्रचार के लिए जाना था. ये लोग गुजरात बुरी तरह से हार रहे हैं. इनका मकसद मुझे गुजरात चुनाव प्रचार में जाने से रोकना है. लेकिन मेरे जेल जाने से चुनाव प्रचार नहीं रुकेगा. गुजरात का आने वाला चुनाव एक आंदोलन होगा."

    क्या है मामला?

    दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने बीते साल नवंबर में आई दिल्ली की आबकारी नीति को बनाने और इसे लागू करने में कथित अनियमितताओं के लिए सीबीआई जाँच की सिफारिश की थी.

    इसके बाद सीबीआई ने इसी साल अगस्त महीने में मनीष सिसोदिया के साथ ही 14 अन्य लोगों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की थी.

    सीबीआई इस मामले में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता और 'ओनली मच लाउडल' के पूर्व सीईओ विजय नायर और हैदराबाद के बिज़नेसमैन अभिषेक बोइनपल्ली को गिरफ़्तार कर चुकी है.

  3. कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग जारी, राहुल गांधी ने बेल्लारी में डाला वोट

    कांग्रेस के नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए सोमवार को वोटिंग जारी है. राहुल गांधी ने भी कर्नाटक के बेल्लारी में अध्यक्ष पद के लिए अपना वोट डाला.

    पार्टी अध्यक्ष पद के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच मुक़ाबला है.

    राहुल गांधी से पहले दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी एक साथ वोटिंग के लिए पहुँचे थे.

    राहुल गांधी इस समय भारत जोड़ो यात्रा में हैं और 1000 किलोमीटर से अधिक पैदल चल चुके हैं.

    अध्यक्ष पद के लिए चुनाव पर जब सोनिया गांधी से पूछा गया कि क्या वो इससे ख़ुश हैं तो उन्होंने कहा, "मैं लंबे समय से इसका इंतज़ार कर रही थी."

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, यूक्रेन की राजधानी कीएव में कई धमाके, ड्रोन का हुआ इस्तेमाल

    यूक्रेन की राजधानी कीएव में कम से तीन धमाके सुने गए हैं.

    कीएव के मेयर विताली क्लित्स्को ने बताया कि धमाकों से सेंट्रल शेवचेंकिवस्की की रिहायशी इमारत को नुकसान पहुंचा है. राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के दफ्तर ने दावा किया कि धमाके कामिकेज़े ड्रोन्स से किए गए.

    पिछले हफ्ते भी यूक्रेन के कई शहरों में रूस ने मिसाइलों से हमला किया था, जिसमें कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई थी. कीएव में मौजूद बीबीसी संवाददाता पॉल एडम्स के मुताबिक ये धमाके स्थानीय समयानुसार सुबह सात बजे हुए.

    सोशल मीडिया साइट टेलीग्राम पर धमाकों की जानकारी देते हुए क्लित्स्को ने कहा कि धमाके शेवचेंकिवस्की ज़िले में हुए, जिसे पिछले हफ्ते भी निशाना बनाया गया था.

    उन्होंने बताया कि बचावकर्मी घटनास्थल पर पहुँच गए हैं. उन्होंने लोगों से हवाई हमलों से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों पर रहने को कहा है.

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पिछले हफ्ते कहा था कि यूक्रेन की स्पेशल सर्विस क्राइमिया के पुल पर हमले के लिए ज़िम्मेदार है. उन्होंने कहा कि क्राइमिया के पुल को नुक़सान पहुँचाने जाने के बाद रूस ने बदला लिया है.

  5. जया बच्चन पैपराज़ी से हुईं नाराज़, कहा- मैं चाहती हूं कि आप गिर जाएं

    अभिनेत्री और सांसद जया बच्चन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह मीडिया के लोगों पर भड़कतीं दिख रही हैं.

    मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ये वीडियो एक फैशन शो के वेन्यू का है. यहाँ जया बच्चन अपनी नातिन नव्या नवेली के साथ पहुँची थीं. उसी समय पैपराज़ी उनकी तस्वीरें क्लिक करने लगे और एक फोटोग्राफ़र लड़खड़ा गया. इसके बाद जया बच्चन ने फ़ोटोग्राफ़र से कहा, "मैं चाहती हूं कि आप गिर जाएं."

    जया बच्चन इतना नाराज़ दिखीं कि उन्होंने बाकी फ़ोटोग्राफ़र्स से भी पूछा, "आप लोग कौन हैं? आप किस मीडिया से हैं?"

    इस वीडियो को लेकर इंटरनेट यूज़र्स जया बच्चन की आलोचना भी कर रहे हैं.

    एक यूज़र ने लिखा है, "आप लोग जनता और मीडिया की वजह से सेलेब्रिटी हैं. लोगों से आपको जोड़ने में मीडिया की बड़ी भूमिका है. जिस तरह से आप फ़ोटोग्राफ़र के लिए गिरने की कामना कर रही हैं, वो अशिष्ट है. अगर आप कैमरा से नफ़रत करती हैं तो ऐसे इवेंट्स में मत जाइए."

    पत्रकार रोहन दुआ ने ट्वीट किया, "नातिन नव्या की मौजूदगी या चार बार राज्यसभा सांसद रहने का उनका रुतबा भी उन्हें अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने से रोक नहीं सका."

  6. दिल्ली के मिरांडा हाउस कॉलेज में युवकों के दीवार फांदकर घुसने के वीडियो वायरल

    दिल्ली के मिरांडा हाउस कॉलेज में आयोजित दीपावली मेला के दौरान कुछ युवकों के दीवार फांदकर कॉलेज परिसर में प्रवेश करने को लेकर विवाद हुआ है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं.

    सोशल मीडिया पर कई वीडियो शेयर किए गए हैं जिसमें युवक कॉलेज की दीवार पर चढ़ने की कोशिश कर रहे हैं. समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने इन वायरल वीडियो का स्वत: संज्ञान लेते हुए एफ़आईआर दर्ज की है.

    यह घटना 14 अक्टूबर की है.

    दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने वीडियो शेयर कर इस घटना पर चिंता व्यक्त की है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं.

    उन्होंने ट्वीट किया, "दिल्ली के सबसे विख्यात कॉलेज में से एक मिरांडा हाउस में चल रहे दीवाली मेले में लड़के दीवार फांदकर ज़बर्दस्ती घुस रहे हैं. लड़कियों ने छेड़छाड़ और शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं. हम दिल्ली पुलिस और कॉलेज प्रशासन को नोटिस भेज रहे हैं. कैसे ये गुंडागर्दी हुई? क्या सुरक्षा प्रबंध किए?"

    दिल्ली पुलिस के उपायुक्त (उत्तर) सागर सिंह कालसी ने कहा कि 14 अक्टूबर को मिरांडा हाउस कॉलेज में दीपावली मेला उत्सव का कार्यक्रम था. इसमें सभी कॉलेज छात्रों के प्रवेश की इजाजत थी. अंदर भारी भीड़ हो गई तो कुछ समय के लिए कॉलेज प्रशासन को प्रवेश द्वार बंद करना पड़ा. उन्होंने दावा किया कि कुछ छात्र दीवार फांदकर दीवाली मेला देखने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्हें रोक लिया गया और वे कॉलेज परिसर में नहीं घुस सके.

  7. यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बीजेपी को बताया मुसलमानों का 'असल शुभ चिंतक'

    उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बीजेपी को मुसलमानों का असली शुभ चिंतक बताया और कहा कि कथित सेक्युलर पार्टियों ने इस समुदाय का इस्तेमाल केवल वोटबैंक के तौर पर किया है.

    ब्रजेश पाठक रविवार को बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से आयोजित की गई पसमांदा मुसलमानों की बैठक के दौरान बोल रहे थे.

    उन्होंने कहा, "तथाकथित सेक्युलर पार्टियों ने मुसलमानों को केवल वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल किया. ये पार्टियां मुसलमानों के वोट लेकर सत्ता में आईं लेकिन इस समुदाय को कभी भी इनके अधिकार नहीं मिले. यही कारण है कि मुसलमान आज इतने पिछड़े हैं."

    यूपी के डिप्टी सीएम ने कहा, "बीजेपी ही मुसलमानों की असली शुभ चिंतक है और वो इस समुदाय को मुख्यधारा में लाने के लिए सार्थक प्रयास भी कर रही है. इसके लिए सरकार कई योजनाएं चला रही हैं, जिससे मुसलमान समुदाय को फ़ायदा हो रहा है."

    ब्रजेश पाठक ने ये भी कहा कि आज़ादी के बाद से आज तक मुसलमानों का इस्तेमाल बिरयानी में तेज पत्ते की तरह होता आया है, जिस तरह से बिरयानी बनने के बाद खाते समय तेज पत्ता फेंक दिया जाता है उसी तरह वोट लेने के बाद मुसलमानों को भी छोड़ दिया गया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार इसी कार्यक्रम में राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने कहा कि अगर कोई पार्टी गंभीरता से मुसलमानों के लिए सोच रही है तो वो केवल बीजेपी है.

    उन्होंने कहा, "जिस तरह से बीजेपी मुसलमानों की शिक्षा, सुरक्षा और प्रगति को लेकर चिंतित है, किसी और पार्टी ने पहले ऐसा नहीं किया. मुसलमानों के पिछड़े होने का एक बड़ा कारण ये है कि उन्हें कभी अच्छी गुणवत्ता वाली शिक्षा नहीं दी गई."

  8. विश्व हिंदू परिषद के नेता की धमकी- मौलवी अपना सामान बांध लें

  9. यूपी: लखनऊ में ऑटो ड्राइवर समेत दो पर छात्रा के साथ गैंगरेप का आरोप

      • Author, अनंत झणाणे
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, लखनऊ से

    उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार शाम को एक छात्रा के साथ ऑटो में गैंगरेप का मामला सामने आया है. छात्रा घर से शाम को ट्यूशन पढ़ने के लिए निकली थी.

    पुलिस में दर्ज एफ़आईआर के अनुसार छात्रा ने शाम 6 बजकर 45 मिनट पर एक फायर स्टेशन से ऑटो पकड़ा. ऑटो में ड्राइवर के अलावा एक और लड़का था. छात्रा का आरोप है कि कुछ दूर जाने के बाद ऑटो गलत रास्ते पर जाने लगा.

    एफ़आईआर में छात्रा का कहना है कि उसने शोर मचाया लेकिन वो (अभियुक्त) ऑटो को अंधेरे की तरफ ले गए. इसके बाद अभियुक्तों ने एक-एक करके छात्रा के साथ करीब तीन घंटे तक बलात्कार किया और उसके सिर पर वार करके उसे घायल किया. छात्रा का आरोप है कि अभियुक्तों ने उसका फोन भी छीन लिया था.

    बलात्कार के बाद अभियुक्तों ने ऑटो में सीएनजी भरवाया. उसके बाद उसे शहर के हुसड़िया चौराहे पर लाकर फेंक दिया. छात्रा का आरोप है कि उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी भी दी.

    हुसडिया चौराहे के पास खड़ी पुलिस की 112 गाड़ी ने छात्रा से पूछताछ की. बाद में उसकी ख़राब हालत देखते उसे उसके घर ले गई. अगले दिन रविवार सुबह को परिवार ने 1090 को सूचना देकर एफ़आईआर दर्ज कराई.

    रविवार शाम को छात्रा को लखनऊ के सिविल अस्पताल में मेडिकल के लिए लाया गया, जहां पर डीसीपी प्राची ने छात्रा से मुलाकात की.

    मीडिया से बात करते हुए प्राची ने कहा, "मेरी बच्ची से मुलाकात हो गई है. उसका प्राथमिक उपचार चल रहा है. मेरी डॉक्टर से बात हुई है. उसे हर प्रकार की सुविधा दी जाएगी. टीमें लगी हुई हैं जल्द से जल्द इसमें गिरफ्तारी की जाएगी."

  10. दिल्ली की आबकारी नीति मामले में डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया से आज सीबीआई करेगी पूछताछ

    दिल्ली सरकार की आबकारी नीति को बनाए जाने और इसे लागू करने से जुड़ी कथित गड़बड़ियों से जुड़े मामले में सीबीआई ने सोमवार को दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को तलब किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, सीबीआई ने मनीष सिसोदिया को सोमवार सुबह 11 बजे दिल्ली स्थित एजेंसी के मुख्यालय बुलाया है.

    इससे पहले रविवार को मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर के कहा था कि उन्हें सीबीआई ने पूछताछ के लिए बुलाया है और वो इसमें पूरा सहयोग देंगे.

    सिसोदिया ने लिखा, "मेरे घर पर 14 घंटे सीबीआई रेड कराई, कुछ नहीं निकला. मेरा बैंक लॉकर तलाशा, उसमें कुछ नहीं निकला. मेरे गाँव में इन्हें कुछ नहीं मिला. अब इन्होंने कल 11 बजे मुझे सीबीआई मुख्यालय बुलाया है. मैं जाऊंगा और पूरा सहयोग करूंगा. सत्यमेव जयते."

    पीटीआई ने एक अधिकारी के हवाले से बताया कि अभी तक सीबीआई इस मामले में इंडो स्पिरिट्स के मालिक समीर महेंद्रू, बडी रिटेल प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अमित अरोड़ा और इंडिया अहेड न्यूज़ के मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम मूथा सहित कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है.

    सीबीआई इस मामले में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता और 'ओनली मच लाउडल' के पूर्व सीईओ विजय नायर और हैदराबाद के बिज़नेसमैन अभिषेक बोइनपल्ली को गिरफ़्तार कर चुकी है. सीबीआई ने इसी साल अगस्त महीने में मनीष सिसोदिया के साथ ही 14 अन्य लोगों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की थी.

    दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने बीते साल नवंबर में आई दिल्ली की आबकारी नीति को बनाने और इसे लागू करने में कथित अनियमितताओं की जाँच सीबीआई से कराने की सिफारिश की थी.

  11. विदेशी निवेशकों ने दिया झटका, शेयर बाज़ार से दो हफ्ते में 7500 करोड़ निकाले

    विदेशी निवेशकों ने अक्टूबर के पहले दो कारोबारी हफ्तों में करीब 7500 करोड़ रुपये के शेयर बेच दिए.

    भले ही दुनिया की तमाम अर्थव्यवस्थाओं में भारत को अब भी मजबूत माना जा रहा हो, लेकिन विदेशी निवेशक चिंता में हैं. भारतीय रिज़र्व बैंक के तमाम प्रयासों के बावजूद भी महंगाई के काबू में नहीं आने, ब्याज दरों में लगातार बढ़ोतरी से कारोबारियों को आ रही मुश्किलों और आईएमएफ समेत कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों के भारत की जीडीपी ग्रोथ अनुमान में कमी करने से विदेशी निवेशक चिंता में हैं.

    वहीं, अमेरिकी फेडरल रिज़र्व के ब्याज दरों में बढ़ोतरी करने से उन्हें भारत से पैसा निकालकर वहाँ निवेश करना ज़्यादा सुरक्षित और फ़ायदेमंद नज़र आ रहा है. कुल मिलाकर इस साल यानी 2022 में विदेशी निवेशक भारतीय शेयर बाज़ारों से 1.76 लाख करोड़ रुपये की निकासी कर चुके हैं.

    आईएमएफ़ ने घटाया अनुमान

    अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष यानी आईएमएफ़ ने भारत की आर्थिक विकास दर के अनुमान को साल 2022-23 के लिए 7.4 फीसदी से घटाकर 6.8 फीसदी कर दिया है. आईएमएफ़ ने दूसरी बार अपने अनुमान में कटौती की है.

    आइएमएफ़ के मुताबिक भारत समेत दुनियाभर की अगले साल विकास दर कम रहेगी. रूस-यूक्रेन जंग, दुनियाभर के बिगड़ते आर्थिक हालात, पिछले एक दशक में महंगाई दर का सबसे अधिक होना और महामारी इन हालात के लिए ज़िम्मेदार हैं.

    भारत की सख़्त मॉनिटरी पॉलिसी और वैश्विक कारणों से भारत की आर्थिक विकास दर कम रह सकती है. हालांकि आरबीआई के अनुमान की तुलना में आईएमएफ की अनुमान दर ज़्यादा है. रिज़र्व बैंक ने मौजूदा वित्त वर्ष में जीडीपी के 7.2 फीसदी की दर से बढ़ने का अनुमान जताया है. और 2023-24 में 6.1 फीसदी.

    आईएमएफ़ ने कहा कि अमेरिका, यूरोपीय संघ और चीन की अर्थव्यवस्थाओं की हालात ख़राब होती जा रही है और "सबसे बुरा दौर आना अभी बाकी है." हालांकि भारत के प्रदर्शन को उन्होंने अच्छा बताया है.

  12. कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मतदान आज, मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर में मुक़ाबला

    कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को मतदान होगा. इसके लिए देश भर में 40 केंद्रों पर कुल 68 बूथ बनाए गए हैं.

    इन मतदान केंद्रों पर क़रीब 9,800 मतदाता शशि थरूर और मल्लिकार्जुन खड़गे में से किसी एक को अपना मत देंगे.

    मतदान की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे के बीच चलेगी. नतीज़े का एलान बुधवार 19 अक्टूबर को दिल्ली के अकबर ​रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में किया जाएगा.

    इस चुनाव की ख़ासियत है कि पिछले 22 सालों में पहली बार अध्यक्ष पद के चुनाव में मतदान कराने की नौबत आई है.

    इस मतदान की यह भी ख़ासियत है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में हो रही भारत यात्रा में भी एक मतदान केंद्र बनाया गया है.

    रविवार की शाम को पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने मतदाताओं को दिशानिर्देश जारी किए हैं.

    उन्होंने कहा है, "बैलेट पेपर में दो उम्मीदवारों के नाम होंगे. मतदाताओं को पसंदीदा उम्मीदवार के सामने बने बॉक्स में 'टिक' लगाने का निर्देश दिया जाता है. इसके अलावा कोई अन्य चिह्न बनाने या नंबर लिखने पर वोट अमान्य हो जाएंगे."

    खड़गे और थरूर का क्या है कहना?

    ​पीटीआई के अनुसार, मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि यदि वे अध्यक्ष बनते हैं तो उन्हें पार्टी चलाने में गांधी परिवार की सलाह और समर्थन लेने में कोई हिचक नहीं होगी.

    वहीं शशि थरूर ने लखनऊ में कहा, ''खड़गे साहब वरिष्ठ नेता हैं अगर वे जीतेंगे तो हम सब उनके साथ सहयोग और काम करेंगे. पार्टी हमारा घर और परिवार है.''

  13. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 16 अक्टूबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    शुरुआत आज की कुछ बड़ी ख़बरों से-

    • कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए मतदान आज, मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर में है मुक़ाबला.
    • टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप: अभ्यास मैच में आज भारत का मुक़ाबला मेज़बान ऑस्ट्रेलिया से.
    • टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में आज वेस्ट इंडीज़ का मुक़ाबला स्कॉटलैंड से, ज़िम्बाब्वे भिड़ेगी आयरलैंड से.
    • ज्ञानवापी-श्रृंगार गौरी मामले में वाराणसी की ज़िला अदालत में आज होगी सुनवाई.
    • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली में एग्री स्टार्टअप कॉन्क्लेव और किसान सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे.
    • एक्साइज़ मामले में सीबीआई आज दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया से पूछताछ करेगी.