कांग्रेस अध्यक्ष चुनावः मल्लिकार्जुन खड़गे vs शशि थरूर, जानें अहम बातें
कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को मतदान होगा. इसके लिए देश भर में 40 केंद्रों पर कुल 68 बूथ बनाए गए हैं.
इन मतदान केंद्रों पर क़रीब 9,800 मतदाता शशि थरूर और मल्लिकार्जुन खड़गे में से किसी एक को अपना मत देंगे.
मतदान की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे के बीच चलेगी. नतीज़े का एलान बुधवार 19 अक्टूबर को दिल्ली के अकबर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में किया जाएगा.
इस चुनाव की ख़ासियत है कि पिछले 22 सालों में पहली बार अध्यक्ष पद के चुनाव में मतदान कराने की नौबत आई है.
इस मतदान की यह भी ख़ासियत है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में हो रही भारत यात्रा में भी एक मतदान केंद्र बनाया गया है.
ये भी पढ़ें:
- खड़गे के समर्थन में कांग्रेस के प्रवक्ताओं ने क्यों दिया इस्तीफ़ा- प्रेस रिव्यू
- मल्लिकार्जुन खड़गे: दक्षिण के दलित नेता अध्यक्ष बने तो कांग्रेस को कितना फ़ायदा
खड़गे और थरूर का क्या है कहना?
पीटीआई के अनुसार, मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि यदि वे अध्यक्ष बनते हैं तो उन्हें पार्टी चलाने में गांधी परिवार की सलाह और समर्थन लेने में कोई हिचक नहीं होगी.
वहीं शशि थरूर ने लखनऊ में कहा, ''खड़गे साहब वरिष्ठ नेता हैं अगर वे जीतेंगे तो हम सब उनके साथ सहयोग और काम करेंगे. पार्टी हमारा घर और परिवार है.''
गहलोत ने क्या कहा?
सोमवार को होने वाले इस चुनाव के ठीक पहले रविवार की शाम को पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने मतदाताओं को दिशानिर्देश जारी किए हैं.
उन्होंने कहा है, "बैलेट पेपर में दो उम्मीदवारों के नाम होंगे. मतदाताओं को पसंदीदा उम्मीदवार के सामने बने बॉक्स में 'टिक' लगाने का निर्देश दिया जाता है. इसके अलावा कोई अन्य चिह्न बनाने या नंबर लिखने पर वोट अमान्य हो जाएंगे."
वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है, ''हम सभी अध्यक्ष पद के इस चुनाव का हिस्सा बनेंगे. इस चुनाव को लेकर सब में उत्साह है. यह एक नई शुरूआत होगी.''
गहलोत ने यह भी कहा कि गांधी परिवार से अध्यक्ष न बनने का एलान करके सोनिया और राहुल गांधी ने बहुत बड़ा त्याग किया है. उनके अनुसार ऐसा करने के लिए बड़ी हिम्मत चाहिए.
ये भी पढ़ें:
- कांग्रेस में अध्यक्ष पद की लड़ाई मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर तक कैसे आई
- शशि थरूर: कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए कितनी तगड़ी है दावेदारी