ईरानी महिलाओं के समर्थन में उतरीं प्रियंका चोपड़ा, कहा- मैं आपके साथ हूं

प्रियंका चोपड़ा ने लिखा कि जब दबी हुई आवाजें बोलती हैं तो ज्वालामुखी की तरफ फूटती हैं और उन्हें रोका नहीं जा सकता.

लाइव कवरेज

  1. ब्रिटेन की गृह मंत्री को भारत का जवाब, वीज़ा ख़त्म होने के बाद भी रुकने वाले भारतीयों पर उठाए थे सवाल

    सुएला ब्रेवरमैन भारतीय मूल की हैं

    इमेज स्रोत, PA MEDIA

    भारत ने ब्रिटेन की गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन को जवाब देते हुए कहा कि भारत ने उन सभी मामलों में कार्रवाई शुरू की है जो भी उसके सामने उठाए गए हैं.

    स्पेक्टेटर मैग्ज़ीन को दिए साक्षात्कार में सुएला ब्रेवरमैन ने कहा था कि माइग्रेशन एंड मोबिलिटी पार्टनरशिप ने अच्छी तरह से काम नहीं किया. सुएला ने कहा कि ब्रिटेन में वीज़ा समाप्त होने के बाद सबसे ज़्यादा भारतीय प्रवासी ही रहते हैं.

    उन्होंने कहा कि, "मुझे भारत के साथ खुली सीमा की नीति को लेकर चिंताएँ हैं क्योंकि मुझे लगता है कि लोगों ने जब ब्रेग्ज़िट को चुना था, तब इसलिए वोट नहीं किया था."

    भारतीय उच्चायोग ने कहा कि मोबिलिटी एंड माइग्रेशन से संबंधित कुछ मुद्दों पर बातचीत चल रही है. उन मामलों पर कोई भी टिप्पणी करना ठीक नहीं है क्योंकि बातचीत चल रही है. अगर कोई समझौता होता है तो उसमें दोनों देशों के हित शामिल होंगे.

    ब्रिटेन भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते करना चाहता है. इस समझौते से दोनों देशों के बीच अरबों के कारोबार को बढ़ावा मिलेगा.

    दूसरी तरफ ब्रिटेन के साथ किसी भी तरह के कारोबारी समझौते में भारत की प्राथमिकता भारतीय छात्रों और पेशेवरों के लिए वीज़ा नियमों में राहत हासिल करना है.

  2. सोनिया की 'भारत जोड़ो यात्रा' से कितना फ़ायदा और बीजेपी इसके ख़िलाफ़ कैसे चला रही है कैंपेन

    कांग्रेस

    इमेज स्रोत, Twitter/INC

    गुरुवार को 'भारत जोड़ो यात्रा' में पहली बार सोनिया गांधी ने हिस्सा लिया. कर्नाटक के मंड्या ज़िले में वो अपने बेटे और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ क़रीब 45 मिनट तक साथ चलीं. इसे पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रोत्साहन की तरह देखा जा रहा है.

    सोनिया गांधी की तबीयत ठीक नहीं चल रही है. वो देर से यात्रा से जुड़ीं, लेकिन पूरे जोश के साथ अपने बेटे, कर्नाटक के नेता सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के साथ क़रीब 45 मिनट तक चलीं. एक मौका ऐसा भी आया जब राहुल गांधी अपनी मां के जूते का फीता बांधते हुए दिखे.

    बेलगावी ज़िले के ख़ानपुर से कांग्रेस विधायक डॉक्टर अंजलि निम्बाल्कर के मुताबिक़, "45 मिनट के दौरान उन्होंने दो बार आराम करने के लिए ब्रेक लिया और फिर यात्रा से जुड़ीं. वो स्वस्थ हैं. उन्होंने राहुल जी और दूसरे लोगों से बात की. उन्होंने मुझसे कहा कि वो ख़ुश हैं कि इतनी सारी महिलाएं यात्रा में हिस्सा ले रही हैं और हर तरफ़ यात्रा को देखने के लिए भी महिलाएं इकट्ठा हैं."

    सुबह 6.30 बजे शुरू हुई यात्रा में जब 11.30 बजे पहली बार ब्रेक हुआ तो सोनिया गांधी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं से बात की. यात्रा 4.30 बजे फिर शुरू हुई और 7 बजे राहुल गांधी की सभा के साथ ख़त्म हुई.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, ज्ञानवापी केस: कथित शिवलिंग की कार्बन डेटिंग पर फ़ैसला टला, अगली सुनवाई 11 अक्टूबर को

    ज्ञानवापी मस्जिद

    इमेज स्रोत, ROBERT NICKELSBERG/GETTY IMAGES

    ज्ञानवापी मस्जिद में कथित शिवलिंग की कार्बन डेटिंग करवाए जाने के फैसले को वाराणसी की अदालत ने टाल दिया है.

    अब मामले की अगली सुनवाई 11 अक्टूबर को होगी.

    चार महिला याचिकाकर्ताओं ने बनारस के ज़िला जज की अदालत में सील किए गए वज़ूखाने की कार्बन डेटिंग करने की मांग की थी.

    वैज्ञानिक जांच के जरिए याचिकाकर्ता ये पता करना चाहते हैं कि कथित शिवलिंग कितना लंबा, कितना चौड़ा और कितना अंदर तक है. उनका कहना है कि इस जांच के बाद ये साफ हो जाएगा कि ये फव्वारा नहीं शिवलिंग है.

    इसी साल मई के महीने में ज्ञानवापी मस्जिद का सर्वे हुआ था, जिसके बाद हिन्दू पक्ष ने दावा किया था कि मस्जिद के वज़ूखाने के बीचों बीच एक 'शिवलिंग' बरामद हुआ है. जिसके बाद एक निचली अदालत ने उसे सील करने के आदेश दिए थे.

  4. यूक्रेन की जंग ऐसे चकनाचूर कर रही है व्लादिमीर पुतिन के ख़्वाब

    यूक्रेनी सैनिक

    इमेज स्रोत, Reuters

    "सच हमारे साथ है और सच्चाई ही हमारी ताकत है."

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पिछले हफ़्ते मॉस्को के मशहूर लाल चौक पर आयोजित एक भव्य समारोह में यूक्रेन के चार बड़े भूभागों को रूस के साथ मिलाने के बाद ये बात कही है.

    उन्होंने कहा है - "जीत हमारी होगी!" लेकिन वास्तविक दुनिया में हालात बिलकुल अलग नज़र आ रहे है.

    पुतिन ने पूर्वी यूक्रेन के इलाक़ों को रूस में मिलाने वाली अवैध संधियों पर हस्ताक्षर कर दिए हैं. लेकिन यूक्रेन की सेनाएं रूस के कब्ज़े वाले क्षेत्र में आगे बढ़ रही है.

    सैकड़ों रूसी युवा युद्ध लड़ने के लिए सेना में भर्ती होने की जगह रूस से भागते दिख रहे हैं. और युद्ध क्षेत्र में स्थितियां इतनी ख़राब होती जा रही हैं कि पुतिन और उनके समर्थक अपने लक्ष्य को बदलते दिख रहे हैं.

    पहले दावा किया जा रहा था कि इस संघर्ष का उद्देश्य यूक्रेन को नाज़ी विचारों में यकीन रखने वालों से मुक्त कराना और रूसी भाषी लोगों की रक्षा करना है. लेकिन अब इस संघर्ष को पश्चिम के ख़िलाफ़ अस्तित्व की लड़ाई को रूप में दिखाने की कोशिश की जा रही है. असल में सच यही है.

  5. एशिया कप में पाकिस्तान की महिला टीम ने भारत को दिया 138 रनों का लक्ष्य

    निदा डार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    एशिया कप में पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम ने भारतीय टीम के सामने जीत के लिए 138 रनों का लक्ष्य दिया है.

    पाकिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 137 रन बनाए.

    बांग्लादेश के सिलहट में पाकिस्तान की कप्तान बिस्माह मारूफ़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया.

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    लेकिन एक समय पाकिस्तान की टीम के तीन विकेट सिर्फ़ 33 रनों पर ही गिर गए थे.

    बाद में कप्तान बिस्माह मारूफ़ और निदा डार की बल्लेबाज़ी की बदौलत पाकिस्तान की टीम 137 रनों तक पहुँच पाई.

    निदा डार ने सर्वाधिक 56 रन बनाए. जबकि कप्तान बिस्माह मारूफ़ ने 32 रनों का योगदान दिया.

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

    भारत की ओर से दीप्ति शर्मा को तीन विकेट मिले, जबकि पूजा वस्त्राकर ने दो विकेट लिए.

    एशिया कप में अभी तक भारत की टीम अपने तीनों मैच जीतकर अंक तालिका में पहले नंबर पर है.

    पाकिस्तान की टीम ने अभी तक तीन में दो मैच जीते हैं.

  6. मोटर साइकिल के पार्ट्स जोड़ने वाली मध्य प्रदेश की ये लड़कियां

    वीडियो कैप्शन, मोटर साइकिल के पार्ट्स जोड़ने वाली मध्य प्रदेश की ये लड़कियां

    इन लड़कियों को बाइक के पार्ट्स ठीक करता देखकर बहुत से लोग बातें बनाते हैं. लेकिन इन लड़कियों को किसी की परवाह नहीं. वो गांव जहां रोज़गार की तलाश में लड़कियों को दूसरे शहर जाना पड़ता था, वहां अब हालात बदल रहे हैं.

    गायत्री मोटर पार्ट्स जोड़ती हैं. वो कहती हैं, "लोग बोलते हैं कि लड़की गाड़ी ठीक करने जा रही है, ऐसा कौन करता है. हर कोई बात सुनाता है. बहुत-सी औरतें हवाई जहाज़ चलाती हैं, ट्रेन चलाती हैं तो हम भी कम नहीं हैं. हम भी मोटर रीपेयरिंग का काम कर सकते हैं. यही जवाब देते हैं."

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, एलेस बिआलियात्स्की, रूस के 'मेमोरियल' और यूक्रेन के 'सिविल लिबर्टीज़' को इस बार का नोबेल पीस प्राइज़ देने का एलान

    नोबेल शांति पुरस्कार

    इमेज स्रोत, Twitter@NobelPrize

    इस बार के नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा कर दी गई है.

    बेलारूस के मानवाधिकार कार्यकर्ता एलेस बिआलियात्स्की, रूस के मानवाधिकार संगठन 'मेमोरियल' और यूक्रेन के मानवाधिकार संगठन 'सिविल लिबर्टीज़' को इस बार का नोबेल पीस प्राइज़ संयुक्त रूप से देने का एलान किया गया है.

    सम्मान की घोषणा के साथ नोबेल प्राइज़ कमेटी ने अपने बयान में कहा है, "पीस प्राइज़ से सम्मानित व्यक्ति और संस्थाएं अपने-अपने देशों में सिविल सोसायटी का प्रतिनिधित्व करती हैं. उन्होंने सालों तक सत्ता की आलोचना के अधिकार नागरिकों के बुनियादी अधिकारों के संरक्षण के लिए काम किया है."

    "उन्होंने युद्ध अपराधों और सत्ता के दुरुपयोग के मामलों के डॉक्युमेंटेशन के लिए बेहतरीन काम किया है. वे शांति और लोकतंत्र के लिए सिविल की अहमियत को दिखलाते हैं."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  8. मोहन भागवत ने दशहरा संबोधन में मुसलमानों पर क्या कहा?

    वीडियो कैप्शन, मोहन भागवत ने दशहरा संबोधन में मुसलमानों पर क्या कहा?

    आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने विजयादशमी के अपने संबोधन में सामाजिक समरसता की अपील की है. नागपुर में आरएसएस के मुख्यालय में अपने वार्षिक संबोधन के दौरान उन्होंने महिलाओं के सशक्तीकरण, जनसंख्या नीति, रोज़गार बढ़ाने और दलितों के साथ भेदभाव बंद करने के साथ ही अल्पसंख्यकों को लेकर विचार ज़ाहिर किए.

    भागवत ने कहा कि देश में एक समग्र जनसंख्या नीति बननी चाहिए. ये सब पर समान रूप से लागू होना चाहिए. भागवत ने बीआर आंबेडकर और महर्षि अरविंदो के विचारों का हवाला दिया और कहा, ''कथित अल्पसंख्यकों में यह डर पैदा किया जा रहा है कि उन्हें हमसे या संगठित हिंदुओं से ख़तरा है.''

    उदयपुर और अमरावती में हुई हत्याओं का ज़िक्र करते हुए भागवत बोले, ''यह ख़तरनाक प्रवृति है. इसका अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने भी विरोध किया. लेकिन ये सिर्फ़ अपवाद बन कर ना रह जाए, बल्कि अधिकांश मुस्लिम समाज का ये स्वभाव बनना चाहिए. ''

    उन्होंने कहा, ''आरएसएस की ओर से अल्पसंख्यकों से बातचीत कोई पहली बार नहीं है. संघ ने पहले भी ऐसा किया है. डॉ. हेडगेवार के समय से ऐसा चला आ रहा है और गुरुजी ने जिलानी से मुलाक़ात की थी. तब से ही हमारा सभी वर्गों के साथ संवाद चलता रहा है.''

  9. पीएफ़आई पर लगे प्रतिबंध के फ़ैसले पर विचार के लिए केंद्र सरकार ने किया ट्राइब्यूनल का गठन

    पीएफ़आई

    इमेज स्रोत, GETTY IMAGES

    केंद्र सरकार ने एक ट्राइब्यूनल गठित किया है जो इस बात पर विचार करेगा कि पॉप्यूलर फ्रंट ऑफ़ इंडिया और उसके सहयोगी संस्थानों पर लगे प्रतिबंध को बरक़रार रखा जाए या नहीं.

    दिल्ली हाई कोर्ट के न्यायाधीश दिनेश कुमार शर्मा वाले इस ट्राइब्यूनल के गठन को लेकर केंद्र सरकार ने गुरुवार को अधिसूचना जारी की है. केंद्र सरकार ने पॉपुलर फ़्रंट ऑफ़ इंडिया और इससे जुड़े संगठन या संस्थाओं को पांच साल के लिए 'अवैध संस्था' घोषित कर दिया है.

    केंद्र सरकार ने अपने आदेश में पीएफ़आई पर 'गुप्त एजेंडा चलाकर एक वर्ग विशेष को कट्टर बनाने' और 'आतंकी संगठनों से जुड़े होने' की बात कही है.

    अब इस फ़ैसले को ट्राइब्यूनल के सामने न्यायसंगत साबित करना होगा. मामला ट्राइब्यूनल में पहुंचने के बाद ट्राइब्यूनल पीएफ़आई और उसके आठ सहयोगी संगठनों को एक कारण बताओ नोटिस जारी करके पूछेगा कि क्यों उन्हें अवैध घोषित नहीं किया जाना चाहिए.

    इस जांच के दौरान ट्राइब्यूनल पीएफ़आई और उसके सहयोगी संगठनों के साथ-साथ केंद्र सरकार से ज़रूरी जानकारियां मांगेगा और यह तय करेगा कि इन संगठनों को ग़ैरकानूनी घोषित करने के लिए पर्याप्त कारण उपलब्ध हैं या नहीं.

    उसके पास यह तय करने के लिए छह महीने का समय होगा कि केंद्र सरकार ने जो प्रतिबंध लगाया है उसे बरक़रार रखा जाए या रद्द किया जाए.

  10. नर्सरी में पूर्व पुलिस अधिकारी ने की गोलीबारी, 22 बच्चों समेत 37 की मौत

    वीडियो कैप्शन, नर्सरी में पूर्व पुलिस अधिकारी ने की गोलीबारी, 23 बच्चों समेत 34 की मौत

    थाईलैंड में एक प्री-स्कूल चाइल्ड डे केयर सेंटर में एक पूर्व पुलिस अधिकारी ने गोलियां चलाई हैं. इस गोलीबारी में कम से कम 37 लोग मारे गए हैं. थाईलैंड के उत्तर-पूर्व में नॉन्ग बुआ लाम्फू में इस हमले के बाद से बंदूकधारी फ़रार है.

    पुलिस का कहना है कि मरने वालों में बच्चे और वयस्क शामिल हैं. मरने वालों में कम से कम 22 बच्चे हैं. पुलिस का कहना है कि हमलावर ने बच्चों और वयस्कों को गोली मारी, चाकू मारा और फिर ख़ुद की जान ले ली.

    पुलिस के मुताबिक़, बंदूकधारी को पिछले साल पुलिस बल से निलंबित किया गया था.

  11. दिल्ली एक्साइज़ पॉलिसी मामला: ईडी के छापे पर बोले केजरीवाल- 500 से ज़्यादा रेड...

    अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया

    इमेज स्रोत, ANI

    दिल्ली की आबकारी नीति से जुड़े कथित घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय के ताज़ा छापों पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि मनीष सिसोदिया के ख़िलाफ़ सबूत तलाशने के लिए केंद्रीय एजेंसियों ने सैकड़ों छापे मारे हैं लेकिन उनके हाथ कुछ नहीं लगा है कि क्योंकि उनके उपमुख्यमंत्री ने कुछ भी ग़लत नहीं किया है.

    उन्होंने कहा कि केंद्रीय जांच ब्यूरो और प्रवर्तन निदेशालय के सैकड़ों अधिकारियों का समय 'गंदी राजनीति' के लिए बर्बाद किया जा रहा है. समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली की ख़त्म कर दी गई आबकारी नीति से जुड़े इस मामले में कथित अनियमितताओं और पैसे के अवैध लेन-देन के सिलसिले में ईडी ने शुक्रवार को दिल्ली, पंजाब और हैदराबाद के 35 ठिकानों पर छापेमारी की.

    दिल्ली सरकारी की आबकारी नीति 2021-22 को लागू करने में हुई कथित अनियमितताओं की जांच कर रही केंद्रीय एजेंसी सीबीआई की ओर से दर्ज कराई गई एफ़आईआर में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया एक अभियुक्त हैं.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    अरविंद केजरीवाल ने इन छापों पर ट्वीट कर कहा, "500 से ज़्यादा रेड, 3 महीनों से सीबीआई/ईडी के 300 से ज़्यादा अधिकारी 24 घंटे लगे हुए हैं- एक मनीष सिसोदिया के ख़िलाफ़ सबूत ढूँढने के लिए. कुछ नहीं मिल रहा. क्योंकि कुछ किया ही नहीं. अपनी गंदी राजनीति के लिए इतने अधिकारियों का समय बर्बाद किया जा रहा है. ऐसे देश कैसे तरक़्क़ी करेगा?"

    ईडी इस मामले में सीबीआई की एफ़आईआर के आधार पर ही जांच कर रही है. उसने अब तक इस केस में 103 छापे मारे हैं. दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने आबकारी नीति 2021-22 की सीबीआई जांच की सिफ़ारिश की थी.

    उन्होंने इस मामले में आबकारी विभाग के 11 अधिकारियों को निलंबित भी किया है. ईडी इस केस में अब तक आम आदमी पार्टी के विधायक दुर्गेश पाठक और तिहाड़ जेल में बंद मंत्री सत्येंद्र जैन से पूछताछ कर चुकी है.

  12. जुनैद के परिवार को इंसाफ़ के लिए करना होगा कितना इंतज़ार?

    वीडियो कैप्शन, जुनैद के परिवार को इंसाफ़ के लिए करना होगा कितना इंतज़ार?

    भारत के सुप्रीम कोर्ट से तकरीबन 50 किलोमीटर दूर हरियाणा के फ़रीदाबाद के खंडावली गाँव के क़ब्रिस्तान में जुनैद की क़ब्र पर लगा पत्थर अब पुराना पड़ने लगा है, लेकिन उनके हत्यारों को अब तक सज़ा नहीं मिली है.

    इंसाफ़ का इंतज़ार कर रहे उनके परिवार की उम्मीदें अब कमज़ोर हो रही हैं और घटना के पाँच साल बाद भी उन्हें लगता है कि इंसाफ़ अब भी बहुत दूर है. 17 साल के जुनैद की जून 2017 में दिल्ली से लौटते वक़्त एक ट्रेन में हत्या कर दी गई थी.

    इस हमले में उनके दो भाई भी घायल हुए थे. भीड़ के हाथों हिंसा की इस घटना के वीडियो वायरल हुए थे और इसे भारत में मुसलमानों पर बढ़ रहे अत्याचार के सिलसिले की एक कड़ी के रूप में देखा गया था.

  13. चीफ़ जस्टिस यूयू ललित अपने उत्तराधिकारी के नाम की सिफारिश करें: केंद्र सरकार

    मुख्य न्यायाधीश यूयू ललित

    इमेज स्रोत, TWITTER

    इमेज कैप्शन, मुख्य न्यायाधीश यूयू ललित

    केंद्र सरकार ने भारत के मुख्य न्यायाधीश यूयू ललित को अपने उत्तराधिकारी को नामित करने के लिए कहा है. मुख्य न्यायाधीश आठ नवंबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं.

    सीजेआई और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश की नियुक्ति से जुड़ी प्रक्रिया के तहत क़ानून मंत्रालय ने न्यायाधीश यूयू ललित से इस संबंध में सुझाव मांगे हैं.

    न्यायाधीश यूयू ललित ने 27 अगस्त को सीजेआई के तौर पर शपथ ली थी. उनसे पहले न्यायाधीश एनवी रमन्ना इस सीजेआई थे जो 26 अगस्त को सेवानिवृत्त हुए थे.

    न्यायाधीश रमन्ना ने परंपरा और वरिष्ठता को देखते हुए अपने उत्तराधिकारी के तौर पर न्यायाधीश यूयू ललित को नामित किया था.

    मौजूदा नियमों के मुताबिक मौजूदा मुख्य न्यायाधीश सुप्रीम कोर्ट के सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश को ही नामित करते हैं. इसके हिसाब से न्यायाधीश डीआई चंद्रचूड़ भारत के अगले और 50वें मुख्य न्यायाधीश हो सकते हैं.

  14. अमेरिका में भारतीय परिवार की हत्या

    वीडियो कैप्शन, अमेरिका में भारतीय परिवार की हत्या

    अमेरिका में क़ैलिफ़ोर्निया की मर्सेड काउंटी पुलिस ने बुधवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया है कि उन्हें एक पंजाबी परिवार के चार सदस्यों के शव मिले हैं जिनका कुछ दिन पहले अपहरण कर लिया गया था.

    पुलिस पिछले कुछ दिनों से इस परिवार की तलाश कर रही थी. इस परिवार में 27 वर्षीय जसलीन कौर, 36 वर्षीय जसदीप सिंह, 39 वर्षीय अमनदीप सिंह और आठ महीने की एक बच्ची शामिल थी.

    इस मामले में पुलिस ने कहा है कि उसके पास संदिग्ध अभियुक्त से जुड़ी जानकारियां हैं, लेकिन वे इसे साझा नहीं कर सकते.

  15. ब्रेकिंग न्यूज़, महिला एशिया कप: भारत के ख़िलाफ़ पाकिस्तान का टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला

    भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर

    बांग्लादेश के सिलहट में खेले जा रहे महिला एशिया कप में पाकिस्तान की टीम ने भारत के ख़िलाफ़ मैच में टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया है.

    इस मैच में भारत की तरफ़ से हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में स्मृति मंधाना, एस मेघना, जेमिमा रॉड्रिग्स, डी हेमलता, ऋचा घोष, पूजा वस्त्राकर, दीप्ति शर्मा, राधा यादव, रेणुका सिंह और राजेश्वरी गायकवाड़ खेल रही हैं.

    इससे पहले पाकिस्तान की कप्तान बिस्माह मारूफ़ ने टॉस जीता और पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया. केपी नवगिरे और शफाली वर्मा आज के मैच में जगह नहीं बना पाई हैं. राधा यादव को स्नेह राणा की जगह खेलाया जा रहा है.

    पाकिस्तान की टीम ने भी दो बदलाव किए हैं. क़ायनात इम्तियाज़ और डायना बेग़ बाहर रखी गई हैं और उनकी जगह पर लेफ्ट आर्म स्पिनर सादिया इक़बाल और आमियान अनवर को लिया गया है.

  16. परमाणु हथियारों के इस्तेमाल पर पुतिन की धमकी मजाक नहीं है: राष्ट्रपति बाइडन

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन

    इमेज स्रोत, GETTY IMAGES

    अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि 1962 के क्यूबा मिसाइल संकट के बाद परमाणु हमले का सबसे बड़ा ख़तरा मंडरा रहा है.

    उन्होंने कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन में पिछड़ने के बाद जब टैक्टिकल परमाणु हथियारों की बात करते हैं तो वो ''मज़ाक नहीं कर रहे होते''. अमेरिका ये पता करने की कोशिश कर रहा है कि रूस को युद्ध से कैसे रोका जाए.

    राष्ट्रपति बाइडन ने कहा, ''क्यूबा मिसाइल संकट के बाद पहली बार हमारे ऊपर परमाणु हथियारों का सीधा ख़तरा मंडरा रहा है. हमने कैनेडी और क्यूबा संकट के बाद ऐसी अंतिम लड़ाई के आसार नहीं देखे थे.''

    इससे पहले अमेरिका और यूरोपीय संघ ने पहले कहा था कि रूस की परमाणु हमले की धमकी को गंभीरता से लिया जाना चाहिए.

    हालांकि, अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने पिछले हफ़्ते कहा था कि रूस के परमाणु हमले की धमकी के बावजूद अमेरिका को ऐसे संकेत नहीं मिले हैं कि रूस तुरंत इसकी तैयारी कर रहा है.

    इस साल 24 फरवरी को रूस ने यूक्रेन पर हमला कर दिया था. तब से दोनों देशों के बीच संघर्ष जारी है.

    हाल ही में राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के चार इलाक़ों के रूस में विलय की घोषणा की थी. यूक्रेन इन इलाक़ों को वापस लेने की कोशिश कर रहा है.

  17. BBC Hindi: बीते हफ़्ते की वो ख़बरें, जो शायद आप मिस कर गए

    पोन्नियिन सेलवन: मणिरत्नम की फ़िल्म

    इमेज स्रोत, Getty Images

    नमस्ते जी. कैसे हैं आप? उम्मीद है कि अच्छे होंगे.

    आप अपनी व्यस्त ज़िंदगी से वक़्त निकालकर इस कहानी को पढ़ रहे हैं, आपका आभार.

    हमें मालूम है कि बीता हफ़्ता आपके लिए काफ़ी व्यस्त रहा होगा. ऐसे में कई ज़रूरी चीज़ों को करते हुए आपसे कुछ ख़बरें छूटी होंगी.

    ऐसे में हम लाए हैं बीते सप्ताह की कुछ दिलचस्प और अहम ख़बरें जिन पर शायद आपकी नज़र ना गई हो. ये पांच ख़बरें आपने पढ़ लीं तो ये समझिए कि आप पूरी तरह से अपडेटेड हैं.

  18. झारखंडः दुमका में लड़की को जलाकर मारने की कोशिश, अभियुक्त गिरफ़्तार, आनंद दत्त, बीबीसी हिन्दी के लिए

    झारखंड

    इमेज स्रोत, ANAND DUTTA

    झारंखड के दुमका जिले में एक लड़की को पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश का मामला सामने आया है. अभियुक्त राजेश राउत को लड़की का प्रेमी बताया जा रहा है. घटना बीते गुरुवार की है. डॉक्टरों के मुताबिक़, वह 90 प्रतिशत जल चुकी है.

    गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रांची के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (रिम्स) रेफर कर दिया गया है. दुमका एसडीपीओ शिवेंद्र ने बीबीसी हिन्दी को बताया कि अभियुक्त युवक को शुक्रवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है. जिला प्रशासन की तरफ से एक लाख रुपये का चेक पीड़िता के परिजनों को सौंपा गया है. आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस तहकीकात कर रही है.

    पीड़िता और आरोपी दोनों ही जरमुंडी प्रखंड के रहनेवाले हैं. एसडीपीओ शिवेंद्र के मुताबिक दोनों में जान-पहचान साल 2019 से थी. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन दोनों के घरवाले तैयार नहीं थे. इस बीच लड़के की शादी इसी साल फरवरी महीने में हो चुकी थी. इधर लड़की की शादी जब ठीक होने लगी तो लड़के ने इसका विरोध किया.

    झारखंड

    इमेज स्रोत, TWITTER

    वहीं, लड़की के परिवार की ओर से दर्ज कराए गए बयान के मुताबिक घटना से चार दिन पहले वह पूजा करने बासुकीनाथ मंदिर गई थी. जहां लड़के ने उससे कहा कि अगर मुझसे शादी नहीं करोगी तो दुमका में जैसे जलाकर मारा था न, वैसे मार देंगे. तुम्हारी शादी कहीं नहीं होने देंगे.

    लड़का दुमका जिले के ही रामगढ़ प्रखंड के महेशपुर गांव का रहनेवाला है. जबकि, लड़की जरमुंडी प्रखंड के भालकी गांव में रहती है. ये उसका ननिहाल है. मूलरूप से वह जामा प्रखंड के भैरोपुर गांव की रहनेवाली है. बचपन से ही ननिहाल में ही पली-बढ़ी है.

    झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री ने इस घटना पर कहा, "दुमका में पेट्रोल से एक युवती को जलाकर मारने के मामले की आग अभी बुझी नहीं कि जरमुंडी थाने के भालकी गाँव में किसी राजेश राउत नाम के युवक ने उन्नीस वर्षीया युवती को पेट्रोल डाल जला कर मारने का प्रयास किया है. झारखंड में क़ानून व्यवस्था की इससे बदतर स्थिति और क्या हो सकती है?"

    वहीं, गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, "यह है झारखंड के मुख्यमंत्री के परिवार का ज़िला, पेट्रोल से जलाने की यह दूसरी घटना है, ग्रूमिंग गैंग की बढ़ती ताक़त से यह समाज में फैल रहे वहशीपन की निशानी है,लड़की के बेहतर इलाज के लिए परिजनों को तत्काल 2 लाख रुपये झारखंड बीजेपी ने देने का फ़ैसला किया है."

  19. कर्नाटक के मशहूर मदरसे में जबरन घुसकर पूजा और नारेबाजी, पुलिस ने दर्ज किया केस

    मदरसे पर चढ़े लोग

    इमेज स्रोत, Twitter/asadowaisi

    कर्नाटक के बीदर ज़िले में गुरुवार सुबह कुछ लोगों ने दशहरे के मौके पर जुलूस निकालने के बाद 550 साल पुराने महमूद गवान मदरसे में जबरदस्ती घुसकर पूजा-पाठ किया. इसके बाद स्थानीय प्रशासन ने मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया है.

    अंग्रेजी अख़बारइंडियन एक्सप्रेस में छपी ख़बरके मुताबिक़, पुलिस ने इस मामले में नौ लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया है.

    इस घटना से जुड़े वीडियो वायरल होने के बाद मुस्लिम समुदाय से जुड़े कुछ लोगों ने ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया.

    इन लोगों ने दावा किया है कि भीड़ ने मदरसे में पूजा के दौरान नारियल तोड़ा है जिससे मदरसे को नुकसान पहुंचा है.

  20. अमेरिका में सिख परिवार की हत्या के मामले में पुलिस ने क्या बताया

    जसलीन कौर, जसदीप सिंह, अमनदीप सिंह और आठ महीने की एक बच्ची का मिला शव

    इमेज स्रोत, MERCEDSHERIFF

    इमेज कैप्शन, जसलीन कौर, जसदीप सिंह, अमनदीप सिंह और आठ महीने की एक बच्ची का मिला शव

    अमेरिका में क़ैलिफ़ोर्निया में अपहरण के बाद मारे गए सिख परिवार के मामले में संदिग्ध के बारे में जानकारी सामने आई है. पुलिस के मुताबिक संदिग्ध परिवार के ट्रक कारोबार में साथ काम कर चुका था.

    प्रशासन और रिश्तेदारों के अनुसार संदिग्ध का परिवार से लंबे समय से किसी मसले पर विवाद चल रहा था जो ज़्यादा बिगड़ गया और उसने ये कदम उठाया.

    क़ैलिफ़ोर्निया की मर्सेड काउंटी पुलिस ने बुधवार शाम को बताया था कि उन्हें एक पंजाबी परिवार के चार सदस्यों के शव मिले हैं जिनका कुछ दिन पहले अपहरण कर लिया गया था.

    इस परिवार में 27 वर्षीय जसलीन कौर, 36 वर्षीय जसदीप सिंह, 39 वर्षीय अमनदीप सिंह और आठ महीने की एक बच्ची शामिल थी.

    ये परिवार मूल रूप से पंजाब में होशियारपुर का रहने वाला था जिनका मर्सेड काउंटी में ट्रक का कारोबार था.

    मर्सेड काउंटी पुलिस शेरिफ़

    इमेज स्रोत, MERCED COUNTY POLICE/FB

    इमेज कैप्शन, मर्सेड काउंटी पुलिस शेरिफ़

    एक टीवी चैनल एनबीसी बे एरिया ने एक रिश्तेदार के हवाले से बताया है, ''इस मामले में प्राथमिक संदिग्ध जीसस मैन्यूल सेलगाडो हैं जो पीड़ित परिवार की ट्रक कंपनी में ड्राइवर का काम करते थे. बाद में किसी झगड़े के बाद वो अलग हो गये थे.''

    मर्सेड काउंटी शेरिफ़ वर्न वर्नके ने बताया कि इस मामले में एक और शख़्स भी शामिल हो सकता है लेकिन अभी जांच की जा रही है.

    उन्होंने बताया कि संदिग्ध ने एक साल पहले पीड़ित परिवार को गुस्से से भरे ई-मेल या मैसेज भेजे थे. परिवार का कहना है कि ट्रक कंपनी से कुछ चुराया नहीं गया है और मृतकों ने जेवर पहने हुए थे.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक पुलिस को अपहरण की जानकारी तब मिली जब उन्हें सोमवार को अमनदीप सिंह का जलता हुआ ट्रक मिला.

    जब पुलिस ने ट्रक की जांच की तो उन्हें परिवार के बारे में कुछ पता नहीं चला. इससे पुलिस ने अंदाज़ा लगाया कि परिवार का अपहरण कर लिया गया है.