You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

IND vs SA ODI: दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को हराया

भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच वनडे सीरीज़ के पहले मैच में दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को 9 रन से हरा दिया है.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश and अभिनव गोयल

  1. 'आरआरआर' ऑस्कर की रेस में हुई शामिल, पर कैसे?

    दक्षिण भारतीय फ़िल्म ‘आरआरआर’ ने ऑस्कर अवॉर्ड की रेस में शामिल होने के लिए निजी श्रेणी में आवेदन किया है.

    कुछ समय पहले तक फ़िल्म के निर्माता उम्मीद लगा रहे थे कि भारत सरकार की ओर से इस फ़िल्म को ऑस्कर में नामांकित किया जाएगा.

    लेकिन डायरेक्टर पान नलिन की गुजराती फ़िल्म 'छेल्लो शो' को भारत की ओर से 95वें ऑस्कर्स के लिए आधिकारिक रूप से भेजा गया.

    इसके बाद सोशल मीडिया पर आरआरआर फ़िल्म के प्रशसंकों में निराशा देखी गयी थी.

    लेकिन अब एसएस राजामौली की फ़िल्म आरआरआर ने ऑस्कर की सभी मुख्य श्रेणियों में आवेदन किया है.

    आरआरआर ने बेस्ट पिक्चर, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट एक्टर, स्क्रीनप्ले, ऑरिजिनल स्कोर, एडिटिंग, सिनेमेटोग्राफ़ी, साउंड और प्रोडक्शन डिज़ाइन से लेकर वीएफ़एक्स आदि श्रेणियों में आवेदन किया है.

    इसके बाद लॉस एंजेल्स के चीनी थिएटर में इस फ़िल्म की मेग्रा स्क्रीनिंग हुई.

  2. राष्ट्रपति मुर्मू पर विवादित टिप्पणी के लिए बीजेपी और NCW ने उदित राज को घेरा

    बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने गुरुवार को कांग्रेस नेता उदित राज के उस बयान पर आपत्ति दर्ज कराई है जिसमें उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया है.

    उदित राज ने ट्वीट करके राष्ट्रपति मुर्मू के ख़िलाफ़ विवादित टिप्पणियां की थी. और ये ख़बर लिखे जाने तक उन्होंने ट्वीट डिलीट नहीं किया है.

    संबित पात्रा ने उदित राज के इसी बयान पर कहा है – ‘जिस प्रकार का शब्द उन्होंने (उदित राज) राष्ट्रपति जी के लिए प्रयोग किया है वो चिंताजनक है, ये कोई पहली बार कांग्रेस ने इस प्रकार के शब्दों का प्रयोग राष्ट्रपति जी के लिए नहीं किया है. इससे पहले, अधीर रंजन चौधरी जी ने किया...वो भी हमने सुना है.

    ‘ये सब कहीं न कहीं कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है और ये कहीं न कहीं आदिवासी विरोधी मानसिकता को उजागर करता है. कांग्रेस को इसके लिए क्षमा मांगनी चाहिए.’

    इसके साथ ही राष्ट्रीय महिला आयोग ने उदित राज को नोटिस भेजकर इस मामले में माफ़ी मांगने को कहा है.

    राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा रेखा शर्मा ने ट्वीट कर लिखा है - 'देश की सर्वोच्च शक्ति और एक महिला, जो अपनी अथक मेहनत से इस पद पर पहुंची है, के ख़िलाफ़ एक बेहद आपत्तिजनक बयान है. डॉ उदित राज को इस अपमानजनक बयान के लिए माफ़ी मांगनी चाहिए.'

    अपने बयान पर आपत्ति जताए जाने के बाद उदित राज ने अपने ट्विटर अकाउंट पर सफाई दी है.

  3. पाकिस्तान की महिला टीम एशिया कप में थाईलैंड से हार गई

    बांग्लादेश में चल रहे महिला एशिया कप में पाकिस्तान की टीम थाईलैंड के हाथों हार गई है. सिलहट में हुए इस मैच में पाकिस्तान की महिला टीम ने पहले बल्लेबाज़ी की और 20 ओवरों में पाँच विकेट पर 116 रन बनाए.

    पाकिस्तान की ओर से सिद्रा अमीन ने सर्वाधिक 56 रन बनाए. जवाब में थाईलैंड की टीम ने 19.5 ओवर में छह विकेट के नुक़सान पर लक्ष्य हासिल कर लिया.

    थाईलैंड को आख़िरी ओवर में जीत के लिए 10 रन बनाने थे, जो उसने पाँच गेंदों में बना लिए. थाईलैंड की ओर से नट्टाकम चंतम ने 51 गेंदों में 61 रनों की पारी खेली. उन्हें प्लेयर ऑफ़ द मैच का पुरस्कार मिला.

    एशिया कप में अभी तक अपने तीनों मैच जीतकर भारतीय महिला टीम अंक तालिका में सबसे ऊपर है. पाकिस्तान की महिला टीम दूसरे नंबर पर है. शुक्रवार को भारत और पाकिस्तान का मैच खेला जाना है. इस एशिया कप में सात टीमें हिस्सा ले रही हैं. टॉप चार टीमें सेमी फ़ाइनल में पहुँचेंगी. एशिया कप का फ़ाइनल 15 अक्तूबर को खेला जाएगा.

  4. नेपाल के IPL खिलाड़ी संदीप लामिछाने रेप केस में काठमांडू एयरपोर्ट से गिरफ़्तार

    नेपाल के आईपीएल खिलाड़ी संदीप लामिछाने को गुरुवार सुबह यौन शोषण से जुड़े एक मामले में काठमांडू एयरपोर्ट से गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    नेपाल पुलिस के प्रवक्ता टेक प्रसाद राय ने बीबीसी को बताया है, "कतर एयरवेज़ की उड़ान संख्या 648 से आए लामिछाने को काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से गिरफ्तार किया गया है.”

    पुलिस लामिछाने को अगले रविवार को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है.

    काठमांडू के पुलिस अधीक्षक दिनेश मैनाली ने बीबीसी को बताया है, "गुरुवार और शुक्रवार को दशहरे की छुट्टियाँ हैं और शनिवार को सार्वजनिक अवकाश है, इसलिए हम रविवार को अदालत में मामला दायर करेंगे."

    नेपाल पुलिस ने बताया है कि जब वह नेपाल से बाहर गए थे, तो एक नाबालिग लड़की ने शिकायत की थी कि लामिछाने ने उनके साथ नेपाल में ज़बरदस्ती की थी.

    काठमांडू जिला न्यायालय ने बीती 23 अगस्त को उनके ख़िलाफ़ आगे की जाँच के लिए गिरफ़्तारी का वारंट जारी किया था.

    साल 2018 में आईपीएल की दिल्ली कैपिटल्स टीम में चुने जाने के बाद से संदीप लामिछाने ने अंतरराष्ट्रीय प्रसिद्धि हासिल की है.

    वह नेपाल के पहले ऐसे क्रिकेट खिलाड़ी हैं, जिनका चयन आईपीएल में हुआ था और पिछले कुछ दिनों से वह जमैका में कैरेबियन प्रीमियर लीग खेल रहे थे.

  5. अमेरिका में पंजाबी परिवार के चार सदस्यों के मिले शव, कुछ दिन पहले हुआ था अपहरण

    अमेरिका में क़ैलिफ़ोर्निया की मर्सेड काउंटी पुलिस ने बुधवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया है कि उसे एक पंजाबी परिवार के चार सदस्यों के शव मिले हैं, जिनका कुछ दिन पहले अपहरण कर लिया गया था.

    पुलिस पिछले कुछ दिनों से इस परिवार की तलाश कर रही थी. इस परिवार में 27 वर्षीय जसलीन कौर, 36 वर्षीय जसदीप सिंह, 39 वर्षीय अमनदीप सिंह और आठ महीने की एक बच्ची शामिल थी.

    इस मामले में पुलिस ने कहा है कि उसके पास संदिग्ध से जुड़ी जानकारियां हैं, लेकिन वे इसे साझा नहीं कर सकते.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, इस परिवार का ताल्लुक भारत के होशियारपुर शहर से था.

    पुलिस ने बताया है कि पिछले सोमवार मर्सेड के एक व्यापारिक प्रतिष्ठान से इस परिवार का बंदूक की नोक पर अपहरण कर लिया गया था.

  6. सोनिया गांधी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं

    कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्षा सोनिया गांधी गुरुवार को कर्नाटक में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं.

    ये भारत जोड़ो यात्रा का 29वां दिन है जिसकी शुरुआत कर्नाटक के मंड्या ज़िले से हुई.

    बीते 28 दिनों से भारत जोड़ो यात्रा केरल के अलग-अलग ज़िलों से होकर गुजरी है.

    सोनिया गांधी अपनी सेहत से जुड़ी वजहों के चलते कुछ देर तक राहुल गांधी समेत अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ यात्रा करेंगी जिसके बाद वह दिल्ली जाएंगी.

    इसके साथ ही कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी शुक्रवार को मैसूर पहुंचकर भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगी.

    कर्नाटक में ये यात्रा 21 दिन चलेगी. और इस दौरान 511 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी.

  7. अगले कॉमनवेल्थ खेलों से कुश्ती बाहर, भारत ने इसी खेल में जीते हैं 26 गोल्ड

    कॉमनवेल्थ गेम्स फेडरेशन ने बुधवार को एलान किया है कि साल 2026 में ऑस्ट्रेलिया में होने जा रहे कॉमनवेल्थ खेलों में कुश्ती को शामिल नहीं किया गया है.

    सोशल मीडिया पर इस ख़बर को लेकर भारतीय कुश्ती खिलाड़ियों एवं प्रशंसकों के बीच निराशा देखी जा रही है.

    क्योंकि भारतीय कुश्ती खिलाड़ियों ने पिछले चार कॉमनवेल्थ खेलों में 26 गोल्ड, 15 सिल्वर, और 15 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं.

    इससे पहले इन खेलों में शूटिंग के भी बाहर होने की आशंका जताई जा रही थी. लेकिन अंतिम लिस्ट में कुश्ती और जूडो को बाहर किया गया है और शूटिंग को शामिल किया गया है.

    इसके साथ ही इस बार के खेलों में कोस्टल रोइंग, साइकिलिंग (बीएमएक्स) और गोल्फ की शुरुआत होगी.

    अंग्रेजी अख़बार हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए भारतीय पहलवान विनेश फोगट ने कहा है कि ये भारतीय कुश्ती के लिए अच्छी ख़बर नहीं है.

    उन्होंने कहा है, “ये भारतीय कुश्ती के लिए अच्छी ख़बर नहीं है. लेकिन हम क्या कर सकते हैं. अगर इसमें सरकार के दखल की ज़रूरत है तो वही सही. हम चुनिंदा खेलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रदर्शन करते हैं. अगर आप कुश्ती को बाहर कर देंगे तो हमारे पास क्या बचता है?”

  8. मैक्सिको में बंदूकधारियों ने चलाईं अंधाधुंध गोलियां, शहर के मेयर समेत कई मौतें

    मैक्सिको के दक्षिण – पश्चिमी इलाके में कुछ बंदूकधारियों ने बुधवार दोपहर सेन मिगुएल तोतोलापेन शहर के मेयर कोनरेडो मिगुएल अलमेडा समेत कुल 18 लोगों को मार दिया है.

    मेयर अलमेडा के पिता और पूर्व मेयर ख़्वान मेंडोज़ा अकोस्टा की भी इस गोलीबारी में मौत हुई है.

    स्थानीय पुलिस के मुताबिक़, बंदूकधारियों ने बुधवार दोपहर लगभग दो बजे शहर के टाउन हॉल में घुसकर गोलीबारी की जिसमें मेयर समेत परिषद के सदस्यों और पुलिसकर्मियों की मौत हुई है.

    कुछ ख़बरों के मुताबिक़, टाउन हॉल में हुए हमले से पहले हमलावरों ने मेयर के पिता को उनके घर पर जाकर मारा था.

    इसके साथ ही कुछ ख़बरों के मुताबिक़, घटना से पहले शहर को जोड़ने वाली सड़कों पर बड़े वाहन खड़े कर दिए गए थे ताकि सुरक्षा बल अंदर प्रवेश न कर सकें.

    मेयर कोनरेडो मेंडोज़ा की पार्टी पीआरडी ने इस हमले की निंदा करते हुए इसे एक कायरतापूर्ण हत्या बताया है.

    इस घटना से जुड़ी जानकारियां आना जारी है, नई जानकारियां आने पर इस ख़बर को अपडेट किया जाएगा.

  9. दिग्विजय सिंह ने कहा अगर मोहन भागवत ये काम करें तो बन जाऊंगा उनका प्रशंसक

    कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने बुधवार शाम आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से सवाल किया है कि क्या कभी किसी महिला को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सरसंघचालक के रूप में चुना जाएगा.

    मोहन भागवत इस समय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक हैं जो संघ का सर्वोच्च पद है.

    इससे पहले मोहन भागवत ने बुधवार सुबह नागपुर में आरएसएस मुख्यालय में दिए भाषण में महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर अपनी बात रखी थी.

    उन्होंने कहा था कि 'महिलाएं जो काम कर सकती हैं, वो पुरुष नहीं कर सकते हैं, इसलिए उनका सशक्तिकरण किया जाना अहम है.'

    इसके साथ ही सामाजिक असमानता के मुद्दे पर उन्होंने कहा है कि ‘संविधान के कारण राजनीतिक तथा आर्थिक समता का पथ प्रशस्त हो गया, परन्तु सामाजिक समता को लाये बिना वास्तविक व टिकाऊ परिवर्तन नहीं आयेगा, ऐसी चेतावनी पूज्य डॉ. बाबासाहब आंबेडकर जी ने हम सबको दी थी.'

    दिग्विजय सिंह ने इस मुद्दे पर भी मोहन भागवत से एक सवाल भी किया है.

    अपने ट्वीट में उन्होंने पूछा है कि ‘क्या अगला सरसंघचालक एक ग़ैर चितपावन ब्राह्मण हो सकता है? क्या एक ओबीसी, एससी और एसटी सरसंघचालक के रूप में स्वीकार किए जाएंगे, क्या उन्हें आरएसएस में जगह मिलेगी, क्या उन्हें आरएसएस में सामान्य सदस्यता मिलेगी और क्या वह अल्पसंख्यकों को सदस्यता देने की शुरुआत करेंगे?'

  10. पश्चिम बंगाल में अचानक आई बाढ़, मूर्ति विसर्जन करने गए 7 लोग डूबे, कई लापता

    पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी ज़िले में बुधवार शाम मूर्ति विसर्जन के दौरान अचानक बाढ़ आने की वजह से कम से कम 7 लोगों की मौत हो गयी है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, जलपाईगुरी के एसपी देबर्शी दत्ता ने बताया है कि कई लोग नदी में फंस गए और कई लोग बह गए, अब तक 7 लोगों के शव मिले हैं और एनडीआरएफ़ एवं सिविल डिफेंस टीमें बचाव अभियान में लगी हुई हैं.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर शोक जताते हुए मृतकों के परिवारवालों को श्रद्धांजलि दी है.

    पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा है, ‘पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में दुर्गा पूजन के त्योहार पर हुए हादसे से मन आहत है. मैं उन लोगों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं जिन्होंने इस हादसे में अपनों को खोया है.”

  11. नमस्कार,बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 05अक्टूबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    शुरुआत आज की कुछ बड़ी ख़बरों से-

    • जलपाईगुड़ी में अचानक बाढ़ आने से 7 लोगों की मौत हुई
    • उत्तर कोरिया ने समुद्र की ओर एक नयी मिसाइल लॉन्च की
    • सोनिया गांधी कर्नाटक में भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लेंगी
    • भारत-साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला होगा