ईरान में छात्राओं का विरोध, हज़ारों वीडियो पोस्ट किए गए
ईरान में हिजाब के विरोध में प्रदर्शन 21वें दिन भी जारी है. ईरान में प्रदर्शनकारी हाई स्कूल छात्राओं ने और अधिक वीडियो ऑनलाइन पोस्ट किए हैं.
एक वीडियो में सुरक्षाकर्मी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में नारेबाज़ी कर रही युवा छात्राओं को धक्का देते हुए और दिख रहे हैं.
एक अन्य वीडियो में छात्राएं सरकार समर्थक बासजी मिलिशिया के एक लड़ाके के विरोध में नारे लगाते हुए दिख रही हैं. ये लड़ाका छात्राओं को संबोधित करते हुए भाषण दे रहा था.
बासजी मिलिशिया सरकार का समर्थक समूह है और इससे लोग ख़ौफ़ खाते हैं.
ईरान में 22 साल की युवती माहसा अमीनी की मौत के विरोध में शुरू हुए प्रदर्शन अब देशभर के स्कूलों और कॉलेजों में फैल गए हैं.
बीबीसी ने ऐसे हज़ारों वीडियो देखे हैं जिनमें स्कूली छात्राएं सरकार का विरोध कर रही हैं और सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह ख़ामेनेई के पोस्टर फाड़ रही हैं.
ईरान के शिक्षा मंत्री का कहना है कि छात्राओं के इस विरोध प्रदर्शन के पीछे ईरान के दुश्मन हैं.