बृजलाल खाबरी को कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश राज्य इकाई का अध्यक्ष बनाया

इमेज स्रोत, Twitter@KhabriINC
कांग्रेस पार्टी ने शनिवार को बृजलाल खाबरी को उत्तर प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है. पार्टी की ओर से जारी एक बयान में आज ये जानकारी दी गई है.
अध्यक्ष बनाए जाने के बाद बृजलाल खाबरी ने कहा, "मैं इस ज़िम्मेदारी के लिए माननीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी, माननीय राहुल गांधी जी एवं अपनी नेता दीदी प्रियंका गांधी जी का धन्यवाद करता हूँ. शुक्रिया प्रियंका दीदी मुझ जैसे एक दलित परिवार के बेटे पे विश्वास करने के लिए. जय भीम-जय संविधान-जय कांग्रेस."
अजय सिंह लल्लू ने कई महीने पहले उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा दे दिया था. नया अध्यक्ष चुनने में इतना समय क्यों लगा, इस सवाल पर बृजलाल खाबरी ने कहा, "किसी अच्छे काम को करने में थोड़ा देर लगती है. तराशने और तलाशने दोनों में बहुत टाइम लगता है."
खाबरी ने बताया, "सबसे बड़ी प्राथमिकता है, अन्याय और अत्याचार के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाना और कांग्रेस के संगठन को मजबूत करना."
कांग्रेस की उत्तर प्रदेश में ख़राब स्थिति को लेकर उन्होंने कहा, "दो चीजें होती हैं. एक ख़राब और एक अच्छा. अगर ख़राब है तो अच्छा हो जाएगा. खराब है तो अच्छा होना ही है."
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बृजलाल खाबरी के अलावा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लिए छह क्षेत्रीय प्रमुखों की भी नियुक्ति की है.
ये क्षेत्रीय प्रमुख हैं- नसीमुद्दीन सिद्दिक़ी, अजय राय, वीरेंद्र चौधरी, नकुल दुबे, अनिल यादव और योगेश दीक्षित. विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की हार के बाद तत्कालीन अध्यक्ष अजय लल्लू ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.
अजय लल्लू के इस्तीफ़े के बाद से यूपी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष का पद खाली था.


















