You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूक्रेन पर रूस के एलान में राष्ट्रपति पुतिन ने क्यों लिया भारत का नाम

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आज यूक्रेन के चार नए इलाक़ों को रूस में शामिल किया. इस लेकर उन्होंने मॉस्को में एक समारोह में भाषण भी दिया जिसमें उन्होंने पश्चिम के देशों पर खुलकर निशाना साधा.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे, ब्रजेश मिश्र and अभिनव गोयल

  1. कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पर्चा भरने के बाद बोले मल्लिकार्जुन खड़गे- पार्टी की विचारधारा से...

    कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पर्चा दाखिल करने के बाद मीडिया से बात करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी का आभार जताया है.

    उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी की तरफ से मैंने अपना नामांकन पत्र पेश किया है. सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं, प्रतिनिधियों और राज्य प्रमुखों ने यहां हाजिर होकर मुझे प्रोत्साहन दिया है और नामांकन भरने के लिए वो यहां आए. उनका मैं आभारी हूं."

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि वे कांग्रेस पार्टी की विचारधारा के साथ बचपन में जुड़ गए थे और आठवीं क्लास से ही पर्चे बांटने का काम करते थे.

    इस मौके पर उन्होंने इंदिरा गांधी को याद करते हुए कहा, "उन्होंने खुद गुलबर्गा आकर हम सबको उत्साहित करके कांग्रेस पार्टी में काम करने का मौका दिया. पहली बार टिकट मुझे 1972 में मिला था. तब से मैं लगातार चुनकर आ रहा हूं. उसी ढंग से आज मुझे फिर कांग्रेस पार्टी के सभी नेताओं ने आर्शीवाद दिया है और कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकित किया गया है. मैं जो फॉर्म भर रहा हूं, सभी उत्साह के साथ मेरे साथ जुड़े हुए हैं."

    शुक्रवार को मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम सामने आने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली और खड़गे के समर्थन का वादा किया है.

    मल्लिकार्जुन खड़गे से पहले शशि थरूर और झारखंड कांग्रेस के नेता केएन त्रिपाठी ने अध्यक्ष पद के चुनाव में नामांकन भरा है.

  2. कांग्रेस अध्यक्ष पद के बदलते उम्मीदवार, किसी ने ली चुटकी तो कहीं उठे उम्र पर सवाल

    पहले अशोक गहलोत, फिर दिग्विजय सिंह और अब मल्लिकार्जुन खड़गे...कांग्रेस में अध्यक्ष पद की उम्मीदवारी को लेकर चल रही उठा-पटक अब तक नहीं थमी है. तीन दिन में तीन नाम सामने आ चुके हैं.

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पीछे हटने के बाद मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का नाम सामने आया था, लेकिन उन्होंने भी नामांकन करने से इनकार कर दिया है.

    अब वरिष्ठ कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन का पर्चा भर दिया है.

    इससे पहले गुरुवार को दिग्विजय सिंह ने पार्टी दफ़्तर से अध्यक्ष पद के नामांकन का फ़ॉर्म लिया था और कहा था कि वो शुक्रवार को नामांकन करेंगे.

  3. मायावती का केंद्र सरकार पर निशाना, पीएफ़आई पर बैन आरएसएस को खुश करने के लिए लगाया गया

    बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने शुक्रवार को कहा कि कुछ राज्यों में चुनावों से पहले पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया पर प्रतिबंध आरएसएस को खुश करने के लिए लगाया गया है. ऐसा कर सरकार राजनीतिक स्वार्थ पूरा कर रही है.

    मायावती ने आरएसएस पर भी बैन लगाने की मांग की है.

    ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा, "आरएसएस पर भी बैन लगाने की माँग खुलेआम हो रही है कि अगर पीएफआई देश की आन्तरिक सुरक्षा के लिए खतरा है तो उस जैसी अन्य संगठनों पर भी बैन क्यों नहीं लगना चाहिए?"

    केंद्र सरकार ने बुधवार को पीएफआई पर पांच साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया था.

    केंद्र सरकार का कहना है कि पीएफ़आई का संबंध आतंकवादी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश और प्रतिबंधित संगठन सिमी से रहा है.

    सरकार ने पीएफ़आई पर 'गुप्त एजेंडा चलाकर एक वर्ग विशेष को कट्टर बनाने' और 'आतंकवादी संगठनों से जुड़े होने' की बात कही है.

    केंद्र सरकार के अनुसार पीएफ़आई देश की आतंरिक सुरक्षा के लिए एक बड़ा ख़तरा बन गया है.

    पीएफआई पर पांच करोड़ का जुर्माना

    केरल हाई कोर्ट ने गुरुवार को पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के नेताओं को राज्य में हड़ताल के कारण हुए नुकसान के लिए 5.20 करोड़ रुपये जमा करने का निर्देश दिया था.

    राज्य सरकार ने सार्वजनिक और निजी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई के लिए पांच करोड़ रुपये के मांग की थी.

    22 सितंबर को एनआईए ने पीएफ़आई ने देशभर में पीएफआई के दफ्तरों पर छापे मारे थे, जिसमें कुछ नेताओं की भी गिरफ्तारी हुई थी.

  4. रूस की यूक्रेन के चार और इलाकों के औपचारिक विलय की तैयारी

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को एक हस्ताक्षर समारोह के दौरान औपचारिक रूप से यूक्रेन के चार इलाकों का अपने देश में विलय कर लेंगे. यह फ़ैसला इन चार इलाकों में रूस के अपनी तरह के जनमत संग्रह के नतीजों के बाद लिया गया.

    यूक्रेन समेत पश्चिम के देश इस 'जनमत संग्रह को दिखावा' बताते हुए इसे यूक्रेन की ज़मीन हड़पने का एक बहाना बता रहे हैं.

    रूस समर्थित अधिकारियों ने पहले यह दावा किया कि पांच दिनों तक चले इस जनमत संग्रह को लोगों का बड़ा समर्थन मिला है.

    जनमत संग्रह पर तथाकथित मतदान पूर्व के लुहांस्क, दोनेत्स्क और दक्षिण के ज़ापोरिज़्ज़िया, खेरसोन में करवाए गए.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे ने भरा नामांकन, अब तक कुल तीन उम्मीदवार

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन भर दिया है.

    शुक्रवार को मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम सामने आने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली और खड़गे के समर्थन का वादा किया.

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर नामांकन भरा. इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनके समर्थन में पहुंचे.

    थोड़ी देर पहले अपनी दावेदारी वापस लेते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा, "कल मैं खड़गे साहब के घर गया और मैंने उनसे पूछा कि आप अगर फॉर्म भरेंगे तो मैं नहीं भरूंगा, तो उन्होंने कहा कि मेरा इरादा नहीं है."

    "जब मुझे मीडिया से उनके नाम की चर्चा का पता चला तो मैं आज उनसे मिलने गया और कहा कि अगर आप फॉर्म भर रहे हैं तो आप वरिष्ठ नेता हैं मैं आपके खिलाफ़ चुनाव लड़ने की सोच भी नहीं सकता. अब उनका इरादा चुनाव लड़ने का है तो मैंने कहा कि मैं आपका प्रस्तावक बनूंगा."

    अब तक तीन नामांकन

    मल्लिकार्जुन खड़गे से पहले शशि थरूर ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा.

    उनके अलावा झारखंड कांग्रेस के नेता केएन त्रिपाठी ने भी अध्यक्ष पद के चुनाव में नामांकन भरा है.

    उन्होंने कहा, "मैंने भी पार्टी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा है. पार्टी के नेताओं के फैसले का सम्मान किया जाएगा."

  6. खड़गे की उम्मीदवारी पर बोले मनीष तिवारी- दिग्विजय सिंह ने शिष्टाचार दिखाया

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन भरने से पहले कांग्रेस के तमाम नेता कांग्रेस के दफ्तर पहुंच रहे हैं.

    यहां मौजूद पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “दिग्विजय सिंह सम्मानीय नेता हैं और उन्होंने शिष्टाचार दिखाते हुए अपना नामांकन का फैसला वापस लिया है. ये बेहतर होगा कि किसी एक नेता के लिए आम सहमति पार्टी में बन जाए.”

    थोड़ी देर पहले अपनी दावेदारी वापस लेते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा, " कल मैं खड़गे साहब के घर गया और मैंने उनसे पूछा कि आप अगर फॉर्म भरेंगे तो मैं नहीं भरुंगा, तो उन्होंने कहा कि मेरा इरादा नहीं है."

    "जब मुझे मीडिया से उनके नाम की चर्चा का पता चला तो मैं आज उनसे मिलने गया और कहा कि अगर आप फॉर्म भर रहे हैं तो आप वरिष्ठ नेता हैं मैं आपके खिलाफ़ चुनाव लड़ने की सोच भी नहीं सकता. अब उनका इरादा चुनाव लड़ने का है तो मैंने कहा कि मैं आपका प्रस्तावक बनूंगा "

  7. कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए शशि थरूर ने भरा नामांकन

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भर दिया है.

    शशि थरूर ने ट्वविटर के ज़रिए इसकी जानकारी दी.

    थरूर ने बताया कि वो एक बजे इस संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. शुक्रवार सुबह शशि थरूर नामांकन भरने से पहले राजघाट पहुंचे.

    थोड़ी देर पहले मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “जब आप किसी रेस में शामिल होते हैं. तो आपको पता होता है कि नतीजे तय नहीं हैं लेकिन आप इस आत्मविश्वास के साथ जाते हैं कि आप अपनी ओर से पूरी कोशिश करेंगे, भले ही नतीजे कुछ भी हों.”

    खड़गे होंगे सामने

    शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष पद के नामांकन भरने का आखिरी दिन है.

    अध्यक्ष पद के लिए अब पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम सामने आया है. कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने उनके नाम का समर्थन किया है.

    वहीं दिग्विजय सिंह अब कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन नहीं भर रहे. उन्होंने कहा कि खड़गे पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और वो उनके खिलाफ चुनाव में नहीं उतरेंगे.

  8. शरजील इमाम को देशद्रोह के मामले में ज़मानत

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    दिल्ली की साकेत कोर्ट ने जेएनयू के छात्र शरजील इमाम को 2019 के देशद्रोह के एक मामले में ज़मानत दी है.

    इस केस में उन पर ‘भड़काऊं भाषण’ देने का आरोप है जिसकी वजह से जामिया नगर में हिंसा हुई.

    एडिशनल सेशन जज अनुज अग्रवाल ने शरजील इमाम को एफ़आईआर संख्या 242/2019 में ज़मानत दी है. हालांकि इमाम इस ज़मानत के बावजूद जेल से बाहर नहीं आएंगे.

    वह दिल्ली दंगों से जुड़ी एक केस में जेल में ही रहेंगे. साल 2020 में दिल्ली में हुए दंगों से जुड़ी एफ़आईआर संख्या 59/2020 में यूएपीए की धाराएं लगाई गई हैं शरजील उस एफ़आईआर के तहत जेल में हैं उन पर ‘दंगों के पीछे हुई साजिश’ में शामिल होने का आरोप है.

    ये हालिया ज़मानत शरजील को दिसंबर 2019 के एक केस में मिली है. दिल्ली के न्यूफ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस स्टेशन में दर्ज एफ़आईआर के मुताबिक़ 13 दिसंबर , 2019 को शरजील इमाम ने नागरिकता संशोधन बिल केखिलाफ़ हो रहे प्रदर्शनों में एक भाषण दिया जिसके बाद 15 दिसंबर को जामिया नगर में भीड़ ने रास्ते रोके और निजी गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया.

  9. दिग्विजय सिंह पीछे हटे, कहा- खड़गे का करूंगा समर्थन

    कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पार्टी के अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे. उन्होंने चुनाव की दावेदारी से अपना नाम वापस ले लिया है.

    अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे. दिग्विजय सिंह ने कहा है कि वह मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रस्तावक बनेंगे.

    दिग्विजय सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “मैंने जीवन भर कांग्रेस के लिए काम किया है और करता रहूंगा. तीन बातों पर मैं कभी समझौता नहीं करूंगा- दलितों, आदिवासी और गरीबों के अधिकार लिए. सांप्रदायिक ताकतों के साथ और तीसरा मेरी प्रतिबद्धता कांग्रेस और नेहरू गांधी परिवार के साथ हमेशा रहेगी इसलिए कल मैं खड़गे साहब के घर गया और मैंने उनसे पूछा कि आप अगर फॉर्म भरेंगे तो मैं नहीं भरूंगा, तो उन्होंने कहा कि मेरा इरादा नहीं है."

    "जब मुझे मीडिया से उनके नाम की चर्चा का पता चला तो मैं आज उनसे मिलने गया और कहा कि अगर आप फॉर्म भर रहे हैं तो आप वरिष्ठ नेता हैं मैं आपके खिलाफ़ चुनाव लड़ने की सोच भी नहीं सकता. अब उनका इरादा चुनाव लड़ने का है तो मैंने कहा कि मैं आपका प्रस्तावक बनूंगा “

    उनके एलान के बाद कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने मीडिया से कहा, “ दिग्विजय सिंह ने अपना नाम वापस ले लिया है और बड़े सम्मान के साथ उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रस्तावक बनने की इच्छा जताई है."

    "मैं साफ़ करना चाहता हूं कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी किसी ने भी इसमें कोई दखल नहीं दिया है. मैं चाहता था कि गांधी परिवार का ही कोई अध्यक्ष बने लेकिन उनकी ग़ैर-मौजूदगी में खड़गे साहब सबसे उचित हैं. ”

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, काबुल में एक एजुकेशन सेंटर में धमाका, कम से कम 19 लोगों की मौत

    अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में एक एजुकेशन सेंटर में हुए आत्मघाती धमाके में कम से कम 19 लोग मारे गए हैं और कई लोग ज़ख्मी हैं.

    पुलिस के मुताबिक शहर के पश्चिमी इलाके के दश्त-ए-बार्ची में काज एजुकेशन सेंटर में यह धमाका हुआ है.

    सेंटर के कर्मचारियों का कहना है कि धमाका तब हुआ जब छात्र एक परीक्षा दे रहे थे.

    इस इलाके में रहने वाले अधिकतर लोग हज़ारा समुदाय के हैं. हज़ारा समुदाय को निशाना बनाकर पहले भी हमले किए गए हैं.

    अब तक किसी संगठन ने इस धमाके की जिम्मेदारी नहीं ली है.

    तालिबान ने की हमले की निंदा

    तालिबान के गृह मंत्रालय ने हमले की निंदा की है और बताया कि सुरक्षाबल मौके पर पहुंच गए हैं.

    अब्दुल नफ़ी टाकोर ने कहा कि आम नागरिकों पर हमला करना, ‘दुश्मन की अमानवीय क्रूरता और नैतिक मूल्यों की कमी’ को साबित करता है.

    अफ़ग़ानिस्तान की सत्ता में बीते साल अगस्त में तालिबान की वापसी हुई है और उनका कहना है कि वो देश में हालात स्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं.

    हालांकि देश में तालिबान के विरोधी इस्लामिक स्टेट के हमले लगातार हो रहे हैं.

    दश्त-ए-बार्ची में पहले भी कई हमले हो चुके हैं. कुछ हमलों में स्कूलों और अस्पतालों को निशाना बनाया गया.

    बीते साल अफ़ग़ानिस्तान की सत्ता पर तालिबान की वापसी से पहले दश्त-ए-बार्ची में लड़कियों के एक स्कूल पर हमला हुआ था जिसमें 85 लोग मारे गए थे. मरने वालों में अधिकतर स्टूडेंट थीं और इस हमले में सैकड़ों लोग घायल हुए थे.

  11. आरबीआई ने फिर बढ़ाया रेपो रेट, महंगे हो जाएंगे लोन

    रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया (आरबीआई) ने लगातार चौथी बार रेपो रेट में बढ़ोतरी की है. आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने रेपो रेट में 50 बेसिस प्वाइंट बढ़ाने की घोषणा की जो तत्काल प्रभाव से लागू होगा.

    इसी के साथ रेपो रेट 5.90 फ़ीसदी हो गया है जो तीन साल में सबसे अधिक है.

    रेपो रेट वह दर है जिस पर आरबीआई बैंकों को लोन देता है.

    रेपो रेट बढ़ने से होम लोन, पर्सनल लोन समेत दूसरे लोन भी महंगे हो जाएंगे.

    आरबीआई गवर्नर ने कहा कि पहली तिमाही में जीडीपी की ग्रोथ उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है. हालांकि 13.5% की दर दुनिया की कई बड़ी अर्थव्यवस्थाओं से बेहतर थी.

    उन्होंने कहा, ‘‘लगातार बढ़ रहे भू-राजनीतिक तनावों और कमज़ोर वैश्विक वित्तीय बाजार की वजह से पैदा हुई अनिश्चितताओं के कारण मुद्रास्फीति आज लगभग 7% पर है और हमें उम्मीद है कि इस वर्ष की दूसरी छमाही में यह लगभग 6% पर बनी रहेगी.’’

    आरबीआई गवर्नर ने कहा कि दूसरी तिमाही को लेकर आंकड़े संकेत करते हैं कि आर्थिक गतिविधियां बेहतर बनी रहेंगी, निजी खपत में तेजी आ रही है और ग्रामीण क्षेत्र में मांग धीरे-धीरे बढ़ रही है, निवेश की मांग बढ़ रही है. कृषि क्षेत्र मज़बूत बना हुआ है.

  12. कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए खड़गे की उम्मीदवारी की चर्चा के बीच थरूर ने क्या कहा?

    कांग्रेस सांसद शशि थरूर शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव में अपना नामांकन भरने से पहले राजघाट पहुंचे.

    वह शुक्रवार दोपहर तक अपना नामांकन पर्चा भरेंगे.

    अध्यक्ष पद के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम की चर्चा को लेकर शशि थरूर ने कहा, “मुझे ऐसी (मल्लिकार्जुन खड़गे अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ सकते हैं)अफ़वाहें सुनाई दी हैं. वह मेरे एक बेहद सम्मानीय सहकर्मी हैं, हमने लोकसभा में एक साथ काम किया है. ये बेहतर होगा कि कई लोग इस फ्रेम में शामिल हों. जितने ज़्यादा उम्मीदवार होंगे, उतना बेहतर होगा. ”

    मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “जब आप किसी रेस में शामिल होते हैं. तो आपको पता होता है कि नतीजे तय नहीं हैं लेकिन आप इस आत्मविश्वास के साथ जाते हैं कि आप अपनी ओर से पूरी कोशिश करेंगे, भले ही नतीजे कुछ भी हों.”

    शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष पद के नामांकन भरने का आखिरी दिन है. मगर अभी तक ये स्पष्ट नहीं है कि कितने उम्मीदवारों के बीच मुक़ाबला होगा.

    गुरुवार को दिग्विजय सिंह ने भी कहा था कि वो शुक्रवार को पर्चा दाख़िल करेंगे.

    शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भी मैदान में उतरने की अटकलें लगने लगीं.

    अब से थोड़ी देर पहले दिग्विजय सिंह ने मल्लिकार्जुन खड़गे से उनके आवास पर मुलाकात की.

    इससे पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की घोषणा की थी. हालांकि राज्य में मुख्यमंत्री पद को लेकर मचे घमासान के बाद उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया.

    उन्होंने कहा कि "वे इस माहौल में अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे."

  13. बुमराह बाहर, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ़ सिरीज़ में मोहम्मद सिराज को मिली जगह

    जसप्रीत बुमराह के चोटिल होने की वजह से दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ खेली जा रही टी20 सिरीज में मोहम्मद सिराज को टीम में जगह मिली है.

    बीसीसीआई के मुताबिक, बुमराह को पीठ दर्द की शिकायत थी जिसके बाद वो इस सिरीज से बाहर हो गए हैं. बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी देखभाल कर रही है.

    दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस सिरीज़ के बाद भारतीय टीम टी20 विश्वकप खेलने ऑस्ट्रेलिया जाएगी.

    दक्षिण अफ्रीका के साथ खेला गया पहला मैच भारत ने आठ विकेट से जीत लिया था. इस सिरीज का दूसरा मैच रविवार, दो अक्टूबर को गुवाहाटी में खेला जाएगा और तीसरा मैच इंदौर में चार अक्टूबर को खेला जाएगा.

    इस सिरीज़ में अब भारतीय टीम में रोहित शर्मा (कप्तान), के एल राहुल (उप कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), आर. अश्विन, युज़वेंद्र चहल, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षल पटेल, दीपक चहर, उमेश यादव, श्रेयस अय्यर, शहबाज़ अहमद और मोहम्मद सिराज होंगे.

  14. खड़गे के अध्यक्ष पद की दावेदारी की ख़बरों के बीच दिग्विजय सिंह ने की मुलाकात

    कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर उनसे मुलाकात की.

    शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन का आखिरी दिन है. कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अब तक की जानकारी के मुताबिक़ पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह नामांकन भर रहे हैं.

    लेकिन ख़बरें हैं कि मल्लिकार्जुन खड़गे भी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकते हैं. इन ख़बरों के बीच दिग्विजय सिंह ने उनसे मुलाकात की.

    इससे पहले गुरुवार को दिग्विजय सिंह ने पार्टी दफ़्तर से अध्यक्ष पद के नामांकन का फ़ॉर्म लिया और कहा- “ मैं अध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को 11 बजे से तीन बजे के बीच नामांकन दाखिल करूंगा.”

    इसके बाद उन्होंने शशि थरूर से मुलाकात की जो इस पद के दावेदार हैं. अभी तक पुष्ट तौर शशि थरूर और दिग्विजय सिंह की दावेदारी ही सामने आई है.

    इनके अलावा ऐसी ख़बरें हैं कि कांग्रेस नेता पवन बंसल ने भी नामांकन फॉर्म लिया है. हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने फॉर्म अपने लिए लिया है या किसी और नेता के लिए.

    इसके पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की घोषणा की थी. हालांकि राज्य में मुख्यमंत्री पद को लेकर मचे घमासान के बाद उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया.

    उन्होंने कहा कि "वे इस माहौल में अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे."

  15. मुकेश अंबानी को मिली ज़ेड प्लस सुरक्षा, ख़ुद उठाएंगे खर्च

    केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उद्योगपति मुकेश अंबानी की सुरक्षा बढ़ाकर ज़ेड प्लस कर दी है. रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के मालिक मुकेश अंबानी के पास साल 2013 से जेड श्रेणी की सुरक्षा थी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद मुकेश अंबानी की सुरक्षा बढ़ाई गई है.

    अंबानी की सुरक्षा अब 40 से 50 कमांडो अलग-अलग शिफ्ट में करेंगे. सुरक्षा पर होने वाला खर्च अंबानी खुद वहन करेंगे.

    बीते साल अंबानी के आवास एंटीलिया के बाहर विस्फोटक मिलने के बाद गृह मंत्रालय उनकी सुरक्षा बढ़ाने पर विचार कर रहा था.

    मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी के पास वाई श्रेणी की सुरक्षा है.

    फरवरी 2021 में अंबानी के घर बाहर पार्क एक कार में विस्फोटक बरामद हुआ था. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने इस मामले की जांच शुरू की और मुंबई पुलिस के असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर सचिन वाज़े को साजिश रचने के मामले में गिरफ़्तार किया गया था.

    ज़ेड प्लस भारत का दूसरा सबसे बड़ा सुरक्षा कवर है. अगस्त में मुंबई पुलिस ने मुकेश अंबानी और उनके परिवार को धमकी देने के मामले में एक शख़्स को गिरफ्तार किया था.

    सुप्रीम कोर्ट ने जुलाई 2020 में केंद्र सरकार मुकेश अंबानी और उनके परिवार का सुरक्षा कवर जारी रखने की अनुमति दी थी.

    बीते महीने अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी को भी केंद्र सरकार ने ज़ेड श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराई थी.

  16. यूक्रेन के इलाक़ों पर रूस के कब्ज़े की चर्चा, बाइडन ने पुतिन को दी कड़ी चेतावनी

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने गुरुवार को कहा कि वह रूस की ओर से यूक्रेन के कब्ज़े वाले इलाके में कराए गए जनमत संग्रह को ‘कभी भी मान्यता नहीं देंगे.’

    उन्होंने रूस के इस क़दम को अंतरराष्ट्रीय नियमों का ‘शर्मनाक उल्लंघन’ बताया.

    पैसेफ़िक देशों के नेताओं से वाशिंगटन में मुलाकात करते हुए बाइडन ने कहा, “ मैं इसे लेकर बेहद साफ़ करना चाहता हूं कि मैं यूक्रेन के क्षेत्र में रूस की ओर से किए जा रहे दावों को कभी मान्यता नहीं दूंगा. ये तथाकथित जनमत संग्रह एक दिखावा है, झूठ है. इनके नतीजे मॉस्को में तैयार किए गए हैं. ”

    “ यूक्रेन के लोग क्या चाहते हैं ये इससे साफ़ है कि वह हर दिन अपनी जान क़ुर्बान कर रहे हैं ताकि अपने लोगों और अपने देश की आज़ादी को बचा सकें”

    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की बात करते हुए बाइडन ने कहा, “पुतिन की शाही महत्वाकांक्षाओं के कारण यूक्रेन पर रूस का हमला संयुक्त राष्ट्र चार्टर और संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के बुनियादी सिद्धांतों का एक प्रमुख उल्लंघन है.”

    क्रेमलिन ने कहा है कि रूस के कब्ज़े वाले यूक्रेन के चार इलाकों में किए गए जनमत संग्रह के नतीजों का एलान औपचारिक रूप से शुक्रवार को किया जाएगा.

    हाल ही में पुतिन ने कहा था कि अपने क्षेत्र को बचाने के लिए परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की हद तक जा सकते हैं.

    इस साल 24 फरवरी को रूस ने यूक्रेन पर हमला किया था और दोनों देशों के बीच बीते सात महीने से अधिक वक़्त से युद्ध जारी है.

  17. कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनावः आज नामांकन का आखिरी दिन, थरूर और दिग्विजय भरेंगे पर्चा

    कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए शुक्रवार को नामांकन का आखिरी दिन है.

    कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अब तक पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह नामांकन भर रहे हैं.

    इनके अलावा ऐसी ख़बरें हैं कि कांग्रेस नेता पवन बंसल ने भी नामांकन फॉर्म लिया है. हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने फॉर्म अपने लिए लिया है या किसी और नेता के लिए.

    इसके पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की घोषणा की थी. हालांकि राज्य में मुख्यमंत्री पद को लेकर मचे घमासान के बाद उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया.

    उन्होंने कहा कि "वे इस माहौल में अध्यक्ष पद का चुनव नहीं लड़ेंगे."

    गहलोत ने गुरुवार को दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाक़ात के बाद एलान किया कि वो अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे.

    गहलोत ने क्यों बदला फ़ैसला?

    अशोक गहलोत के फ़ैसले में बदलाव का एक कारण राहुल गांधी का वो बयान भी माना जा रहा है जिसमें उन्होंने ‘वन मैन, वन पोस्ट’ की बात कही थी.

    यानी अगर गहलोत पार्टी अध्यक्ष चुने जाते तो उन्हें राजस्थान के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देना पड़ता. गहलोत के इस्तीफ़े के आसार देखते हुए राजस्थान की राजनीति गरमा गई और प्रदेश कांग्रेस में हलचल मच गई. पार्टी में दो अलग-अलग गुट बन गए. इनमें से एक गुट चाहता था कि अशोक गहलोत का कोई करीबी सीएम बने, जबकि दूसरा गुट सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाना चाहता था.

    इस विवाद को विराम देते हुए गहलोत ने स्पष्ट किया कि वो राज्य के मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे और पार्टी अध्यक्ष का चुनाव नहीं लड़ेंगे.

    हालांकि फिलहाल यह कहा जा रहा है कि सोनिया गांधी राजस्थान के मुख्यमंत्री पद को लेकर फैसला ले सकती हैं.

  18. फ्लोरिडा में तूफान इयान का क़हर, कई लोगों की मौत, लाखों घरों में बिजली कटी

    अमेरिका के फ़्लोरिडा में इयान तूफ़ान का क़हर कम होने का नाम नहीं ले रहा है.

    तूफ़ान से सबसे बुरी तरह प्रभावित इलाके शार्लेट काउंटी में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.

    एक स्थानीय अधिकारी जोसेफ़ टिसिओ ने बीबीसी को बताया कि“फ्लोरिडा में इयान तूफ़ान से सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में से एक है शार्लेट काउंटी,जहां 10 लोगों की मौत हुई है.’’

    पूरे फ़्लोरिडा में लाखों लोगों के लिए राहत-बचाव अभियान चलाया जा रहा है.

    राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि इयान तूफ़ान फ्लोरिडा के इतिहास का सबसे भयानक चक्रवात साबित हो सकता है.

    फ़्लोरिडा के गवर्नर रॉन डिसेंटीस ने बताया है अब तक 700 लोगों को राहत-बचाव अभियान के ज़रिए सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया है.

    उन्होंने कहा, “राहत- बचाव अभियान के बारे में मुझे बताया गया कि जैसे ही सुबह तड़के ही हवाएं थोड़ी कमज़ोर पड़ी, हमारे पास कोस्टगार्ड, शहरी खोज और बचाव दल थे. साथ ही हमने लोगों की सहायता के लिए नेशनल गार्ड को भी तैनात किया था, इस अभियान में अब तक सात सौ से अधिक लोगों को बचाया गया है और अधिक डेटा आने पर इसकी पुष्टि होने की संभावना है.”

    गवर्नर ऑफ़िस की ओर से दिए गई जानकारी के मुताबिक़ लगभग 5000 फ्लोरिडा नेशनल गार्ड, साथ ही साथ पड़ोसी राज्यों के 2000 गार्डमैन इस अभियान के तहत लोगों को बचाने का काम कर रहे हैं.

    800 सदस्यों वाली आठ टीम लोगों को खोजन का काम कर रही हैं.

    कोस्टगार्ड ने रात भर में दर्जनों लोगों को बचायाऔर नेशनल गार्ड के साथ मिलकर सर्च और रेस्क्यू कामों के तहत कई बैरियर आईलैंड पर हैलीकॉप्टर से सर्च ऑपरेशन किए गए.

    42000 टेक्नीशियन रात भर काम करते रहे ताकि 25 लाख प्रभावित फ्लोरिडा के लोगों को बिजली की आपूर्ति जल्द से जल्द किया जा सके.

    तूफ़ान में प्रभावित लोगों के लिए 200 शेल्टर होम बनाए गए हैं.

    अब तक जो पता है

    तूफ़ान इयान जो पहले थोड़ा कमज़ोर होकर ट्रॉपिकल तूफ़ान के दायरे में आ चुका था वह एक बार फिर कैटेगरी-1 तूफ़ान बन चुका है यानी शक्तिशाली हो गया है.

    यह अब अटलांटिक महासागर के ऊपर है, और शुक्रवार को दक्षिण कैरोलिना पहुंचने से पहले एक बार फिर ताकतवर तूफ़ान में तब्दील हो रहा है.

    गुरुवार की शाम फ्लोरिडा में बिजली कट गई और इससे 25 से 26 लाख लोगों को होने वाली बिजली की आपूर्ति ठप हो गई.

    अब तक एक 72 साल के शख्स की मौत हुई है जो तूफ़ान में आउटडोर पुल की सफ़ाई करने बाहर निकले थे.

  19. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार करें कीर्ति दुबे और ब्रजेश मिश्र का.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 29 सितंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    शुरुआत आज की कुछ बड़ी ख़बरों से-

    • कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में नामांकन का आज आखिरी दिन.
    • राजस्थान में मुख्यमंत्री के नाम का फ़ैसला पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी करेंगी.
    • अमेरिका में फ्लोरिडा में ताकतवर तूफ़ान इयान की वजह से भारी बारिश, बाढ़, भीषण तबाही