पाकिस्तान को अमेरिकी सलाह पर बोला चीन- असलियत में कुछ करके दिखाएं

चीन ने मंगलवार को पाकिस्तान के संबंध में अमेरिकी सेक्रेटरी एंटनी ब्लिंकन के एक बयान पर तीख़ी प्रतिक्रिया दी है.

लाइव कवरेज

ब्रजेश मिश्र and प्रेरणा .

  1. पाकिस्तान को अमेरिकी सलाह पर बोला चीन- असलियत में कुछ करके दिखाएं

    वांग वेनबिन

    इमेज स्रोत, EPA

    चीन ने मंगलवार को पाकिस्तान के संबंध में अमेरिकी सेक्रेटरी एंटनी ब्लिंकन के एक बयान पर तीख़ी प्रतिक्रिया दी है.

    असल में भीषण बाढ़ की स्थिति से गुज़र रहे पाकिस्तान को अमेरिकी सेक्रेटरी ने सलाह दी थी कि इस विकट स्थिति को देखते हुए उसे अपने दोस्त चीन से कर्ज़ माफ़ी के लिए बात करनी चाहिए.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ज़रदारी से ब्लिंकन ने वाशिंगटन में कहा, ''हमने एक सिंपल मेसेज भेजा है. हम यहां पाकिस्तान के लिए हैं, जैसे हम पिछली प्राकृतिक आपदाओं के दौरान थे, पुनर्निर्माण के लिए तत्पर हैं.''

    ''साथ में मैं अपने साथियों से अपील करता हूं कि वह चीन से कर्ज़ माफी और पुनर्गठन के कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात करे ताकि पाकिस्तान बाढ़ से और तेजी से उबर सके.''

    एंटनी ब्लिंकन

    इमेज स्रोत, @SecBlinken

    चीन ने जवाब में क्या कहा?

    एंटनी ब्लिंकन के इसी बयान पर पलटवार करते हुए चीन ने कहा है कि चीन-पाक सहयोग के ख़िलाफ़ अनुचित टिप्पणी करने की बजाय अमेरिका को पाकिस्तान के लोगों के हित में कुछ करना चाहिए.

    चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने बीजिंग में एक मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि जब से देश में बाढ़ आई है, चीन "ज़रूरत के समय अपने सच्चे दोस्त और भाई के रूप में" पाकिस्तान की सहायता के लिए आगे बढ़ा है और 57 मिलियन अमरीकी डालर की मानवीय सहायता दी है.

    वांग ने कहा, "हम पाकिस्तानी लोगों को बाढ़ से उबरने और जल्द से जल्द उनके घरों के पुनर्निर्माण में मदद करने के लिए हर संभव प्रयास करना जारी रखेंगे."

  2. इस बेटी ने करवाई अपनी मां की शादी

    वीडियो कैप्शन, इस बेटी ने करवाई अपनी मां की शादी

    निर्मली की पहली शादी कामयाब नहीं रही थी. सालों तक अकेले एक आत्मनिर्भर महिला के तौर पर उन्होंने अपनी बेटी की परवरिश की. इस दौरान उन्होंने अपने शौक भी मरने नहीं दिए.

    उन्हें बाइक से घूमने का शौक है और इसी शौक ने उन्हें उनके भावी हमसफ़र से मिलवाया. जब उन्होंने दोबारा शादी करने के बारे में सोचा तो सबसे बड़ी झिझक यही थी कि वो अपनी बालिग बेटी से क्या कहेंगी.

    लेकिन इसके बाद जो हुआ, वो निर्मली की ज़िंदगी की सबसे ख़ूबसूरत यादों में से एक है.

  3. केरल 'आतंकवाद का गढ़' बन गया है, बीजेपी अध्यक्ष नड्डा के इस बयान पर सीपीएम ने दिया जवाब

    जेपी नड्डा

    इमेज स्रोत, ANI

    बीजेपी प्रमुख जेपी नड्डा ने बीते सोमवार को ये दावा किया था कि केरल 'आतंकवाद और कर्ज़ जाल का गढ़' बन गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ अब जेपी नड्डा के इस बयान पर राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी माकपा ने पलटवार करते हुए कहा है कि राज्य में दंगा भड़काने की योजनाओं में आरएसएस सबसे आगे था.

    माकपा राज्य सचिवालय ने अपने एक बयान में वाम सरकार के खिलाफ नड्डा के आरोपों का विरोध किया और इसे "झूठा प्रचार" करार दिया.

    नड्डा ने सोमवार को कहा था कि राज्य में सांप्रदायिक तनाव बढ़ रहे हैं और हिंसा पैदा करने और बढ़ावा देने वालों को वाम सरकार का मौन समर्थन है.

    उन्होंने यह भी दावा किया था कि राज्य सरकार के वित्तीय अनुशासन की कथित कमी ने केरल को कर्ज के जाल में डाल दिया है. वहीं सत्तारूढ़ सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए नड्डा ने कहा कि सोने की तस्करी घोटाले की आंच मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच गई है.

    इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए, माकपा के राज्य सचिवालय ने कहा, "केरल में एलडीएफ शासन के दौरान यहां कोई सांप्रदायिक दंगा नहीं हुआ है. लोग जानते हैं कि बीते पांच सालों में राज्य में माकपा के 17 कार्यकर्ताओं की हत्या के पीछे आरएसएस का हाथ था.''

  4. आशा पारेख: 37 साल बाद मिला है किसी अभिनेत्री को फाल्के पुरस्कार

    आशा पारेख

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आशा पारेख

    आशा पारेख को उनके 80 वें जन्म दिन से ठीक पहले दादा साहब फाल्के पुरस्कार मिलना उनके लिए एक खूबसूरत सौगात है. उनका 2 अक्टूबर को 80वां जन्म दिन है. जबकि इस बार का राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार समारोह 30 सितंबर को होना निश्चित हुआ है.

    हिन्दी सिनेमा की दिलकश और बेहद सफल अभिनेत्री आशा पारेख ने अपने फ़िल्म करियर में एक से एक यादगार फ़िल्म की है. जब प्यार किसी से होता है, तीसरी मंज़िल, लव इन टोक्यो, दो बदन, उपकार, कन्यादान, आन मिलो सजना, कटी पतंग, समाधि और मैं तुलसी तेरे आँगन की.

    इधर आशा पारेख को सन 2020 के लिए भारतीय सिनेमा का यह शिखर पुरस्कार मिलना और भी बड़ी बात है, क्योंकि भारत सरकार ने 37 साल बाद किसी फ़िल्म अभिनेत्री को फाल्के सम्मान दिया है. पिछली बार वर्ष 1983 के लिए अभिनेत्री दुर्गा खोटे को यह सम्मान मिला था, अन्यथा फाल्के पुरस्कार पर अधिकतर पुरुषों का वर्चस्व रहा है.

    जबकि फाल्के पुरस्कार की शुरुआत सन 1969 में अभिनेत्री देविका रानी के साथ हुई थी, जब 1970 में 17 वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में देविका को इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया था, लेकिन बाद में पुरुष ही इस पुरस्कार को ज्यादा पाते रहे.

  5. कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव: मधुसूदन मिस्त्री ने बताया किस-किस ने नोमिनेशन फॉर्म लिए

    मधुसूदन मिस्त्री

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मधुसूदन मिस्त्री

    कांग्रेस पार्टी में सांगठनिक चुनाव के लिए जिम्मेदार विभाग के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री ने मंगलवार को बताया कि अध्यक्ष पद के लिए नोमिनेशन फॉर्म शशि थरूर और पवन बंसल ने लिए हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने ये स्पष्ट किया अशोक गहलोत ने नोमिनेशन फॉर्म कलेक्ट नहीं किया है. पार्टी अध्यक्ष के चुनाव में नामांकन फ़ाइल करने के लिए ये फॉर्म भरना ज़रूरी है.

    अब तक ये माना जा रहा है कि अशोक गहलोत 28 सितंबर को नोमिनेश दाखिल करेंगे. शशि थरूर के बारे में ये चर्चा है कि वे 30 सितंबर को पर्चा भरेंगे.

    कांग्रेस संगठन के अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को चुनाव होने हैं और इसके नतीज़ों की घोषणा 19 अक्टूबर को कर दी जाएगी.

    मधुसूदन मिस्त्री ने बताया, "अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अब तक जो भी प्रगति हुई है, उसके बारे में हमने अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को अवगत कराया है. अब तक दो लोगों ने फॉर्म लिए हैं. उनमें शशि थरूर और पवन बंसल हैं. पवन बंसल ने दो फॉर्म लिए हैं."

    मधुसूदन मिस्त्री ने बताया कि ये स्पष्ट नहीं है कि पवन बंसल ने फॉर्म अपने लिए हैं या किसी और के लिए. अशोक गहलोत के बारे में पूछे जाने पर मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि "मुझे इस बारे में जानकारी नहीं है. किसी ने मुझसे संपर्क नहीं किया है."

  6. किंग कोबरा सामने आ जाए तो क्या करें?

    वीडियो कैप्शन, किंग कोबरा सामने आ जाए तो क्या करें?

    बहुत से लोगों को किंग कोबरा को देखकर सिहरन हो जाती है. लेकिन आंध्र प्रदेश में अनाकापल्ली के ईस्टर्न घाट्स वाइल्डलाइफ़ सोसायटी के लोग, लोगों से कहते हैं कि अगर उन्हें किंग कोबरा दिखे तो वे उन्हें कॉल करें.

    पूर्वी घाट वाइल्ड लाइफ़ सोसायटी का काम फ़ोन आने के बाद सिर्फ़ किंग कोबरा के रेस्क्यू तक ही सीमित नहीं है. वे किंग कोबरा के अंडों को प्रीज़र्व करने की भी ज़िम्मेदारी निभाते हैं.

  7. रूस की गैस सप्लाई पाइपलाइन कैसे लीक हुई, यूरोपीय देश इसकी जांच करेंगे

    गैस पाइपलाइन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    यूरोपीय देश रूस और यूरोप के बीच दो प्रमुख गैस पाइपलाइनों में हुई तीन 'रहस्यमयी लीक' की जांच कर रहे हैं. इसे 'रहस्यमयी' इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि इन दो प्रमुख गैस पाइपलाइन नॉर्ड स्ट्रीम 1 और 2 को हुए नुकसान का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है.

    अधिकारियों ने पाइपलाइन में किसी तरह की गड़बड़ी या नुकसान से इनकार नहीं किया है. नॉर्ड स्ट्रीम 1 के संचालक ने कहा है कि समुद्र के नीचे की गैस पाइपलाइनों को एक ही दिन में "अभूतपूर्व" क्षति हुई है.

    दोनों ही पाइपलाइन मॉस्को और यूरोप के बीच जारी ऊर्जा संघर्ष के केंद्र में रही हैं. गैस पाइपलाइन में हालिया हुए नुकसान का कारण जो भी हो, इससे यूरोप को होने वाली गैस आपूर्ति तुरंत प्रभावित नहीं होगी क्योंकि दोनों ही पाइपलाइन काम नहीं कर रही थीं.

    डेनमार्क के प्रधानमंत्री, मेटे फ्रेडरिकसेन का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाज़ी होगी, लेकिन ये विश्वास करना कठिन है कि एक के बाद एक लीक मात्र एक संयोग का हिस्सा हैं.

    वहीं रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि वह इस घटना को लेकर "बेहद चिंतित" हैं और जानबूझकर हमले की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है. जर्मन, डेनिश और स्वीडिश अधिकारी इन घटनाओं की जांच कर रहे हैं.

    यूरोपीय संघ रूस पर यूरोप को ब्लैकमेल करने के लिए गैस की आपूर्ति में कमी करने का आरोप लगाता रहा है. वहीं मॉस्को इससे इनकार करता है. रूस का कहना है कि उन पर लगे प्रतिबंधों के कारण गैस के बुनियादी ढांचे को ठीक से बनाए रखना असंभव हो गया है.

    अमेरिका और सऊदी अरब के बाद रूस दुनिया में कच्चे तेल का तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक है.वो प्रतिदिन लगभग 50 लाख बैरल कच्चे तेल का निर्यात करता है.इसमें आधे से अधिक तेल यूरोप को जाता है.

  8. शशि थरूर: कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए कितनी तगड़ी है दावेदारी

    शशि थरूर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    वो अपनी बातों और हरकतों से चौंकाने में पीछे नहीं हटते - अपने दोस्तों को, प्रशंसकों को और राजनीतिक विरोधियों को. कुछ नहीं तो अंग्रेज़ी का कोई ऐसा शब्द ही बोल देते हैं जिसकी चर्चा हर जगह होने लगती है.

    एक बार फिर, जब कई लोग मान रहे थे कि शायद कांग्रेस के अध्यक्ष पद के नामांकन के लिए वो आगे नहीं आएंगे, उन्होंने अपने दोस्तों और आलोचकों को ग़लत साबित कर दिया है.

    शशि थरूर, जो सबसे बेहतरीन राजनीतिक टिप्पणीकारों में से एक हैं और जिन्हें कई लोग प्रभावशाली शख़्सियत मानते हैं, वो अब एक कठिन लड़ाई के लिए मैदान में हैं. वो कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव जीतें या हारें, लड़ने का मन उन्होंने बना लिया है.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, डीआरडीओ ने VSHORADS मिसाइल का किया सफल परीक्षण

    वेरी शॉर्ट रेंज एयर डिफेंस सिस्टम

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, वेरी शॉर्ट रेंज एयर डिफेंस सिस्टम

    रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने मंगलवार को 'वेरी शॉर्ट रेंज एयर डिफेंस सिस्टम' (VSHORADS) मिसाइल के दो सफल परीक्षण किए.

    मिसाइल का परीक्षण ओडिशा के तट से दूर चांदीपुर के एकीकृत परीक्षण रेंज के एक ग्राउंड-बेस्ड पोर्टेबल लॉन्चर से किया गया.

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    डीआरडीओ के अनुसार, VSHORADS एक मैन पोर्टेबल एयर डिफेंस सिस्टम (MANPAD) है जिसे हैदराबाद स्थित डीआरडीओ के रिसर्च सेंटर इमरत (RCI) द्वारा अन्य डीआरडीओ प्रयोगशालाओं और भारतीय उद्योग भागीदारों के सहयोग से डिजाइन और विकसित किया गया है.

    अधिकारियों ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि VSHORADS में कई नई तकनीकों को शामिल किया गया है, जिसमें लघु प्रतिक्रिया नियंत्रण प्रणाली और एकीकृत एवियोनिक्स शामिल हैं. परीक्षणों के दौरान ये सफलतापूर्वक संचालित किए गए. शॉर्ट रेंज पर कम ऊंचाई वाले हवाई ख़तरों को बेअसर करने के लिए बनाई गई मिसाइल को दोहरे तेजी वाली डुअल ठोस मोटर द्वारा संचालित किया जाता है.

    बीते 8 सितंबर को भारत ने 6 क्विक रिएक्शन मिसाइल प्रणाली (QRSAM) का सफल परीक्षण किया था.

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

  10. उत्तर प्रदेश उच्च न्यायिक सेवा परीक्षा में टॉप करने वाली मंजुला से मिलिए

    वीडियो कैप्शन, उत्तर प्रदेश उच्च न्यायिक सेवा परीक्षा में टॉप करने वाली मंजुला से मिलिए

    दो बच्चों की मां मंजुला भलोठिया ने उत्तर प्रदेश उच्च न्यायिक सेवा परीक्षा में टॉप किया है.

    लोगों ने उन्हें कहा कि शादी हो जाने, बच्चे हो जाने के बाद पढ़ाई नहीं हो सकती, लेकिन उन्होंने किसी की बात पर ध्यान नहीं दिया और पढ़ाई जारी रखी.

    मंजुला का कहना है कि वो इस अवधारणा को बदलना चाहती थीं.

  11. अंकिता भंडारी मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट सुनवाई करेगी: पुष्कर सिंह धामी

    पुष्कर सिंह धामी

    इमेज स्रोत, @ukcmo

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में त्वरित न्याय के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की बात कही है.

    उन्होंने कहा, "इस प्रकरण की तेजी से जांच करने के लिए एसआईटी का गठन किया जा चुका है तथा इस मामले में संलिप्त दोषी लोगों को शीघ्रता से सजा मिले इसके लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कार्यवाही की जाएगी, जो इस प्रकार के घृणित कार्य को करने वाले अपराधियों के लिए एक नजीर साबित होगा."

    धामी के एक ट्वीट को कोट करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि सरकार ने "माननीय अदालत से अनुरोध किया है कि मामले में त्वरित न्याय के लिए एक फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किया जाए ताकि दोषियों को जल्द से जल्द दंडित किया जा सके."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    19 वर्षीय अंकिता भंडारी की हत्या रिज़ॉर्ट संचालक और भाजपा नेता और पूर्व राज्यमंत्री विनोद आर्य के बेटे पुलकित आर्य, रिज़ॉर्ट मैनेजर सौरभ भास्कर और एक अन्य कर्मी अंकित ने की है.

    पुलिस के मुताबिक़, अंकिता को 'अनैतिक कार्य' के लिए मजबूर किया जा रहा था और जब अंकिता ने इस बारे में दूसरों को बताने की धमकी दी तो उनकी हत्या कर दी गई. शनिवार को अंकिता का शव ऋषिकेश-हरिद्वार मार्ग पर चीला शक्ति नहर के पावर हाउस के पास बरामद किया गया.

  12. 27 सितंबर 2022 का 'दिनभर: पूरा दिन, पूरी ख़बर', सुनिए मोहम्मद शाहिद और अंजुम शर्मा से

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  13. भारत को अमेरिका से हमारे द्विपक्षीय संबंधों पर टिप्पणी करने से बचना चाहिए: पाकिस्तान

    एस.जयशंकर

    इमेज स्रोत, TWITTER/DR. S. JAISHANKAR

    इमेज कैप्शन, रविवार को वाशिंगटन में भारतीय-अमेरिकियों के साथ बातचीत में जयशंकर ने कहा था कि पाकिस्तान के साथ अमेरिका के संबंधों ने दोनों ही देशों में से किसी को भी “फ़ायदा नहीं पहुंचाया.”

    पाकिस्तान ने अमेरिका के साथ उसके संबंधों पर, विदेश मंत्री एस जयशंकर की कि गई टिप्पणी को न केवल अनुचित बताया है, बल्कि उसे ख़ारिज भी किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार पाकिस्तान का कहना है कि दोनों देशों के बीच संबंध क्षेत्र में शांति के लिए महत्वपूर्ण हैं.

    रविवार को वाशिंगटन में भारतीय-अमेरिकियों के साथ बातचीत में जयशंकर ने कहा था कि पाकिस्तान के साथ अमेरिका के संबंधों ने दोनों ही देशों में से किसी को भी “फ़ायदा नहीं पहुंचाया.”

    वहीं, जयशंकर ने पाकिस्तान को अमेरिका की तरफ़ से एफ- 16 लड़ाकू विमानों के रखरखाव के लिए मिले 45 करोड़ डॉलर के पैकेज पर भी सवाल उठाया था.

    जिसके बाद मंगलवार को पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने कहा, ''भारत से आग्रह किया जाता है कि वह अंतरराष्ट्रीय संबंधों के बुनियादी मानदंडों का सम्मान करे और अमेरिका और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय संबंधों पर टिप्पणी करने से परहेज करे. भारत को अपने राजनयिक आचरण के गंभीर आत्मनिरीक्षण की भी ज़रूरत है.''

    विदेश कार्यालय ने यह भी कहा कि हाल के महीनों में पाकिस्तान-अमेरिका संबंध मजबूत और बहुआयामी हुए हैं.

    इससे पहले सोमवार को एस. जयशंकर की टिप्पणी पर सफ़ाई देते हुए अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा था कि हम पाकिस्तान और भारत के साथ अपने संबंधों को एक नज़रिए से नहीं देखते. दोनों अलग-अलग तरह से हमारे साझेदार हैं. भारत के साथ हमारे संबंध अलग हैं और पाकिस्तान के साथ हमारे रिश्ते अपनी जगह हैं.

  14. ईरान: हिजाब विरोधी प्रदर्शनकारियों पर सख़्त हुए रईसी

    वीडियो कैप्शन, ईरान: हिजाब विरोधी प्रदर्शनकारियों पर सख़्त हुए रईसी

    ईरान में हिजाब को लेकर जारी विरोध प्रदर्शनों में अब तक 40 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव में ज़बरदस्त हिंसा हो रही है.

    ये विरोध प्रदर्शन, पुलिस हिरासत में एक युवती की मौत से भड़क उठे. उसे कथित तौर पर हिजाब पहनने के सख्त नियमों का उल्लंघन करने के लिए हिरासत में लिया गया था.

    ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी ने देश में फैले हुए विरोध प्रदर्शनों की लहर को रोकने के लिए सख़्त कार्रवाई की धमकी दी है. आपको इस रिपोर्ट की कुछ तस्वीरें विचलित करने वाली लग सकती हैं.

  15. उद्धव या शिंदे: कौन 'असली' शिवसेना- ईसी करे फ़ैसला, सुप्रीम कोर्ट का आदेश

    एकनाथ शिंदे उद्धव ठाकरे

    इमेज स्रोत, Getty Images/facebook

    सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को निर्वाचन आयोग से कहा कि वो महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुट की उस याचिका पर सुनवाई करे जो उन्होंने अपने समूह को वास्तविक शिवसेना के तौर मान्यता देने के लिए दायर किया है.

    शिंदे गुट ने पार्टी के नाम के अलावा संगठन के चुनाव चिह्न पर भी दावा किया है. जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अगुवाई वाली संविधान पीठ ने उद्धव ठाकरे धड़े की याचिका को खारिज करते हुए मंगलवार को निर्वाचन आयोग को ये आदेश दिया.

    शिंदे समूह का दावा है कि वे असली शिवसेना हैं, और ठाकरे की ओर से चुनाव आयोग को इस संबंध में निर्णय लेने से रोकने की मांग की गई थी. शिवसेना की इस याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया.

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    जस्टिस एमआर शाह, जस्टिस कृष्ण मुरारि, जस्टिस हिमा कोहली और जस्टिस पीएस नरसिंहा भी इस बेंच में शामिल थे. संविधान पीठ ने कहा, "हम ये निर्देश देते हैं कि निर्वाचन आयोग के समक्ष इस मामले की कार्यवाही पर कोई भी स्थगन आदेश नहीं दिया जाएगा."

    सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग के काम में दखल देने से इनकार कर दिया है. इससे चुनाव आयोग के लिए पार्टी के चुनाव चिह्न पर फैसला लेने का रास्ता साफ हो गया है. सुप्रीम कोर्ट के फैसले से शिंदे समूह को राहत मिली है, लेकिन ठाकरे गुट को बड़ा झटका लगा है.

    सुप्रीम कोर्ट ने आज एक दिन की लंबी सुनवाई के बाद चुनाव आयोग के काम को स्थगित करने से इनकार कर दिया.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    शिवसेना के चुनाव चिह्न 'धनुष बाण' पाने के लिए शिंदे समूह और ठाकरे गुट के बीच सुप्रीम कोर्ट में चल रही जंग अब चुनाव आयोग तक पहुंच गई है.ये दिन ऐतिहासिक हो गया क्योंकि आज इस संविधान पीठ के समक्ष हुई सुनवाई का यूट्यूब पर सीधा प्रसारण किया गया.

    मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "लोकतंत्र में बहुमत महत्वपूर्ण है. विधानसभा और लोकसभा दोनों में आज हमारे पास बहुमत है. जो भी फैसले लिए जाते हैं, वे संविधान के अनुसार होते हैं. वे कानून के अनुसार होते हैं. सुप्रीम कोर्ट ने सभी पहलुओं पर विचार करते हुए निर्णय दिया गया. चुनाव विभाग एक स्वायत्त संस्था है. कुछ निर्णय अदालत में होते हैं. कुछ चुनाव आयोग के समक्ष किए जाते हैं. लोकतंत्र के लिए यही सही निर्णय है और संवैधान विशेषज्ञों ने ऐसा ही महसूस किया."

  16. राष्ट्रपति पुतिन ने मानी ग़लती, उनके किस एलान के ख़िलाफ़ रूस में बढ़ रहा विरोध

    रूस, पुतिन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन

    रूस ने माना है कि लोगों को यूक्रेन से युद्ध लड़ने के लिए लामबंद करने की प्रक्रिया में गलतियां हुई हैं. देश में बढ़ते विरोध के बीच राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपनी ग़लती मानी है.

    रूसी राष्ट्रपति के प्रवक्ता ने कहा, "कुछ ऐसे मामले हैं जहां नियमों का उल्लंघन किया गया." और ये भी कहा कि "हर ग़लती को सुधारा जाएगा."

    मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि कई लोग जिन्हें सेना का कोई अनुभव नहीं है और जो बुज़ुर्ग हैं उन्हें भी युद्ध में शामिल होने के लिए बुलाया गया है.

    बीते सप्ताह लोगों को युद्ध के लिए लामबंद करने की पुतिन सरकार की कोशिशों ने देश में विरोध प्रदर्शनों को बढ़ा दिया है.

  17. Live: राजस्थान कांग्रेस के सियासी संकट पर क्या बोल रहे युवा?

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  18. ताइवान पर अमेरिका और चीन के बीच बढ़े तनाव के बाद एप्पल ने भारत के लिए किया बड़ा एलान, अरुणोदय मुखर्जी और मोनिका मिलर, बीबीसी संवाददाता

    एप्पल

    इमेज स्रोत, APPLE

    टेक्नोलॉजी कंपनी एप्पल ने कहा है कि उसने आईफोन 14 का निर्माण भारत में शुरू कर दिया है. एप्पल का कहना है कि वो अपने सप्लाई चेन नेटवर्क का विस्तार चीन से बाहर करना चाहता है.

    कंपनी अपने ज़्यादातर हैंडसेट का निर्माण चीन में करती है लेकिन अमेरिका और चीन में बढ़ते तनाव के बीच उत्पादन उसने उत्पादन का कुछ काम देश के बाहर शिफ्ट किया है.

    एप्पल के इस फ़ैसले को चीन की ज़ीरो कोविड पॉलिसी से भी जोड़कर देखा जा रहा है. कोरोना महामारी पर रोकथाम के लिए चीन ने बड़े पैमाने पर लॉकडाउन का सहारा लिया. इस वजह से देश में व्यापारिक गतिविधियों पर गहरा असर पड़ा है.

    वीडियो कैप्शन, नेटफ़्लिक्स को कितनी टक्कर दे पाएगा एप्पल टीवी प्लस?

    एप्पल ने इसी महीने आईफोन के अपने नए मॉडल को लॉन्च किया है. कंपनी ने एक बयान में कहा, "नए आईफोन 14 में नई टेक्नोलॉजी और महत्वपूर्ण सेफ्टी फीचर्स लॉन्च किए गए हैं. हम आईफोन 14 के भारत में निर्माण को लेकर उत्साहित हैं."

    ताइवानी कंपनी फॉक्सकॉन एप्पल के ज़्यादातर हैंडसेट का निर्माण करती है. साल 2017 से फॉक्सकॉन का तमिलनाडु में भी एक संयंत्र काम कर रहा है जहां आईफोन के पुराने मॉडलों का निर्माण होता है.

    लेकिन अब एप्पल भारत में अपने नए प्रोडक्ट के निर्माण के साथ बड़ा दाव लगाने के लिए तैयार दिख रहा है. जाहिर है कि वो भारतीय बाज़ार में अपनी मौजूदगी बढ़ाना चाहता है.

    वीडियो कैप्शन, 10 साल में कितना बदल गया iPhone?

    पिछले साल देश में उसकी बाज़ार हिस्सेदारी लगभग चार फीसदी थी. लेकिन भारत में उसका मुकाबल अपेक्षाकृत सस्ते कोरियाई और चीनी ब्रैंड्स से है जो यहां के स्मार्टफोन मार्केट पर दबदबा रखते हैं.

    भारत में एप्पल के निर्माण का ये मतलब नहीं है कि देश में आईफोन अब सस्ते मिलने लगेंगे. इसकी वजह आईफोन के कॉम्पोनेंट्स पर ऊंची इम्पोर्ट ड्यूटी और दूसरे टैक्स हैं.

    हां, भारतीय लोग अब ऐप्पल की पैकिंग पर मेड इन इंडिया लिखा हुआ देख सकेंगे लेकिन इसके बावजूद उन्हें एप्पल उत्पादों के लिए मोटी कीमत चुकानी होगी.

    वीडियो कैप्शन, नरेंद्र मोदी क्या विश्व नेता बन कर उभरे हैं?

    भारत में आईफोन के उत्पादन में वृद्धि का एलान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के लिए भी सफलता की तरह है. सरकार मेक इन इंडिया कार्यक्रम को आगे बढ़ा रही है ताकि देश में उत्पादन और निर्यात बढ़ाया जा सके.

    ताइवान और ट्रेड के मुद्दे पर चीन और अमेरिका के बीच बढ़े तनाव को देखते हुए एप्पल नहीं चाहता है कि किसी प्रतिकूल परिस्थिति में उसके सप्लाई चेन नेटवर्क पर असर पड़े, इसलिए वो प्रोडक्शन के काम का चीन के बाहर भी विस्तार करना चाहता है.

    भारत को लेकर उसकी घोषणा इसी रणनीति का हिस्सा है. इस महीने की शुरुआत में इन्वेस्टमेंट बैंक जेपी मॉर्गन ने कहा था कि एप्पल आईफोन उत्पादन का 5 फीसदी हिस्सा इस साल भारत से पूरा कर सकता है.

  19. आज का कार्टून: आशा पारेख को दादा साहब फाल्के पुरस्कार

    आशा पारेख को दादा साहब फाल्के पुरस्कार

    अभिनेत्री आशा पारेख को दादा साहब फाल्के पुरस्कार दिए जाने से जुड़ा आज का कार्टून.

  20. मक्का और मदीना आने वालों के लिए सऊदी अरब ने शुरू की ये सर्विस

    हज

    इमेज स्रोत, Getty Images

    सऊदी अरब के हज और उमरा मंत्रालय ने मक्का और मदीना आने की चाह रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक एकीकृत सरकारी प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है.

    नुसुक नाम के इस ऐप के जरिए मक्का और मदीना आने वाले श्रद्धालु अपनी यात्रा का कार्यक्रम और उसकी बुकिंग करा सकते हैं.

    नुसुक की मदद से दुनिया भर के यात्री पूरे सऊदी अरब की यात्रा का कार्यक्रम बना सकते हैं, ई-वीज़ा के लिए आवेदन दे सकते हैं और यहां तक कि होटल और फ़्लाइट भी बुक करा सकते हैं.

    इस ऐप पर कई तरह की सेवाएं और सूचनाएं मुहैया कराई गई हैं जिससे मुस्लिम तीर्थयात्री अपनी उमरा ठीक से पूरी कर सकें. अरब न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, नुसुक की शुरुआत 'किंगडम विज़न 2030' के उद्देश्यों के मुताबिक़ है.

    वीडियो कैप्शन, कोरोना दौर में मक्का में कैसे हो रही है हज यात्रा?

    कुछ इसी तरह की सेवाएं मुहैया कराने वाला 'मक़ाम' नाम का एक ऐसा ही ऐप पहले से काम कर रहा था. लेकिन अब ये कहा गया है कि जब तक सभी सेवाएं नुसुक पर ट्रांसफ़र नहीं कर दी जाती हैं, मक़ाम पहले की तरह काम करता रहेगा.

    सऊदी अरब के हज और उमरा विभाग के मंत्री डॉक्टर तौफ़ीक़ बिन फावज़ान अल-राबियाह ने कहा कि तीर्थयात्रियों के यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने और उन्हें मुहैया कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने की कोशिशों का नुसुक एक हिस्सा है.

    उन्होंने बताया कि सरकारी की कई एजेंसियां इस दिशा में काम कर रही हैं.