You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

भारत-ऑस्ट्रेलिया टी-20 : रोहित शर्मा ने भारत को दिलाई शानदार जीत

ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट पर 90 रन बनाए. रोहित शर्मा की शानदार पारी की बदौलत भारत ने आठवें ओवर में जीत हासिल कर ली.

लाइव कवरेज

दिनेश उप्रेती, अनंत प्रकाश and अभिनव गोयल

  1. टाटा ग्रुप ने कंसॉलिडेशन को लेकर किया बड़ा फ़ैसला

    टाटा ग्रुप ने अपनी कंपनियों के कंसॉलिडेशन को लेकर एक बड़ा फ़ैसला किया है.

    टाटा ग्रुप की मेटल्‍स से जुड़ी सभी कंपनियों का विलय टाटा स्‍टील में होगा. इसका मतलब कि समूह के मेटल्‍स से जुड़े सभी कारोबार की एक कंपनी टाटा स्‍टील हो जाएगी. टाटा स्‍टील ने स्‍टॉक एक्‍सचेंज को बताया कि गुरुवार को कंपनी के बोर्ड ऑफ़ डायरेक्‍टर्स की बैठक में इस प्रस्ताव को मंज़ूरी दी गई.

    टाटा स्‍टील की ओर से शेयर बाज़ार को दी जानकारी के मुताबिक, ग्रुप की जिन कंपनियों का टाटा स्‍टील में विलय होगा, उनमें टाटा स्‍टील लॉन्‍ग प्रोडक्‍ट्स , द टिनप्‍लेट कंपनी ऑफ़ लिमिटेड , टाटा मेटालिक्‍स लिमिटेड, टीआरएफ़ लिमिटेड, इंडियन स्‍टील एंड वायर प्रोडक्‍ट्स लिमिटेड, टाटा स्‍टील माइनिंग लिमिटेड और एसएंडटी माइनिंग कंपनी लिमिटेड शामिल हैं.

    इस विलय पर आख़िरी मंज़ूरी के लिए अब सभी कंपनियों को अपने शेयरधारकों, सेबी और अन्य संबंधित विभागों से मंज़ूरी लेनी होगी.

  2. एंकर का हेडस्कार्फ लगाने से इनकार, नहीं किया ईरानी राष्ट्रपति का इंटरव्यू

    अमेरिका के एक प्रमुख न्यूज़ चैनल सीएनएन की एंकर क्रिस्टीन एमनपोर ने ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के साथ इंटरव्यू रद्द कर दिया, वजह यह थी कि राष्ट्रपति रईसी चाहते थे कि क्रिस्टीन हेडस्कार्फ यानी सिर ढककर उनका इंटरव्यू करें.

    एमनपोर की दलील थी कि पूर्व में किसी राष्ट्रपति ने उनसे ऐसी मांग नहीं की, जब उन्होंने ईरान के बाहर उनका इंटरव्यू किया.

    एमनपोर का कहना है कि रईसी के सहयोगी ने उन्हें बताया कि ऐसा 'ईरान में मौजूदा हालातों' के कारण किया गया था.

    ईरान में पिछले शुक्रवार को कथित तौर पर हिजाब के नियमों का पालन नहीं करने पर एक महिला की पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी. 22 साल की महसा अमीनी की शुक्रवार को मौत हो गई थी. चश्मदीदों का कहना था कि तेहरान में अमीनी की गिरफ़्तारी के बाद उन्हें वैन में पीटा गया था, हालांकि पुलिस ने इन आरोपों का खंडन किया है.

    ईरान में विरोध प्रदर्शन लगातार बढ़ते जा रहे हैं और सातवें दिन प्रदर्शनों की आग 80 शहरों तक फैल गई है. अधिकारियों के मुताबिक पुलिस के साथ हुई झड़पों में कम से कम 17 लोगों की मौत हुई है.

    रईसी संयुक्त राष्ट्र महासभा में शिरकत करने के लिए न्यूयॉर्क में थे और अमेरिकी धरती पर यह उनका पहला इंटरव्यू था. एमनपोर ने कहा कि वह इंटरव्यू लेने के लिए तैयार थी, लेकिन तभी राष्ट्रपति के एक सहायक ने इस बात पर ज़ोर दिया कि रईसी चाहते हैं कि वह (एमनपोर) बालों को ढककर रखें.

    एमनपोर ने बाद में ट्विटर पर लिखा, "हम न्यूयॉर्क में हैं, जहाँ हेडस्कार्फ़ पहनने को लेकर कोई नियम या परंपरा नहीं है."

    उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति रईसी के सहयोगी ने साफ़ तौर पर कहा कि इंटरव्यू नहीं होगा अगर वह हेडस्कार्फ नहीं पहनेंगी क्योंकि यह 'सम्मान का सवाल' है.

    इसके बाद क्रिस्टीन एमनपोर की टीम वहाँ से चली आई. क्रिस्टीन ने इसे 'अभूतपूर्व और अप्रत्याशित स्थिति' बताया.

    ईरान में महिलाएं

    1979 में ईरान में इस्लामी क्रांति के बाद यह क़ानून बना दिया गया था कि महिलाओं को इस्लामी तरीक़े से कपड़े पहनने होंगे. इसके बाद यह ज़रूरी हो गया कि महिलाएं चादर ओढ़ें जो उनके शरीर को ढंके रहे, साथ ही हेड स्कार्फ़ या हिजाब या बुर्क़ा पहनें.

    हालिया सालों में ईरान में हिजाब की अनिवार्यता को लेकर कई अभियान चलाए गए हैं लेकिन ईरान की धार्मिक मामलों की पुलिस ने ड्रेस कोड का पालन न करने के आरोपों में कई बार कड़ी कार्रवाई की है जिसके ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन हुए हैं.

    वहीं हाल ही में ईरान की न्यायपालिका के प्रमुख ग़ुलाम हुसैन मोहसेनी-इजेई ने कहा था कि इस अभियान के पीछे विदेशी ताक़तें हैं. साथ ही उन्होंने ख़ुफ़िया एजेंसियों को निर्देश दिए थे कि वो तलाशें कि इसके पीछे कौन है.

    गर्मियों में राष्ट्रपति रईसी ने इस अभियान का सीधे तौर पर हवाला देते हुए उन्होंने वादा किया था कि 'इस्लामी समाज में संगठित भ्रष्टाचार को बढ़ावा' देने के ख़िलाफ़ वो कड़ी कार्रवाई करेंगे.

    बीते कुछ महीनों में ईरान के सरकारी टीवी चैनलों ने उन महिलाओं के वीडियो प्रसारित किए हैं जो स्वीकार कर रही हैं कि उन्हें सख़्त ड्रेस कोड का पालन न करने को लेकर गिरफ़्तार किया गया था.

    कई ईरानियों का आरोप है कि इस कड़ी कार्रवाई के पीछे शीर्ष नेता अली ख़ामेनेई हैं. उनके एक भाषण को सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है जिसमें वो धार्मिक मामलों की पुलिस की भूमिका और उसके काम करने के तरीक़े की तारीफ़ कर रहे हैं.

  3. दिल्ली एनसीआर में 24 घंटों से नहीं रुकी बारिश, नोएडा प्रशासन ने लिया ये बड़ा फ़ैसला

    उत्तर प्रदेश से लेकर हरियाणा और दिल्ली में पिछले कई घंटों से लगातार बारिश के बाद लोगों के लिए स्थितियां चुनौतीपूर्ण होती दिख रही हैं.

    भारी बारिश की वजह से कई जगहों पर पानी भरने और ट्रैफिक जाम होने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं.

    बीते गुरुवार दिल्ली - गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर बारिश की वजह से भारी जाम देखा गया था.

    गुरुग्राम की आपदा प्रबंधन टीम ने सभी निजी संस्थानों एवं कॉरपोरेट संगठनों को सलाह दी है कि वे अपने कर्मचारियों को घर से काम करने दें ताकि ट्रैफिक जाम से बचा जा सके और मरम्मत से जुड़े काम पूरे किए जा सकें.

    गुरुग्राम प्रशासन ने आठवीं तक की कक्षाओं के लिए भी स्कूल बंद कर दिए हैं.

    उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में भी भारी बारिश को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन ने 23 और 24 तारीख़ को स्कूल बंद रखने के आदेश दिए हैं.

    नोएडा प्रशासन ने भी 23 सितंबर के लिए आठवीं कक्षा तक के स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए हैं.

    वहीं, भारतीय मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि अगले तीन – चार घंटों में दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

  4. 'बाबर आज़म, रिज़वान से छुटकारा पाने का वक्त...' शाहीन अफ़रीदी के इस ट्वीट की है चर्चा

    पाकिस्तान ने गुरुवार को खेले गए टी20 इंटरनेशनल मुक़ाबले में इंग्लैंड को हरा दिया और जीत के हीरो रहे कप्तान बाबर आज़म और मोहम्मद रिज़वान.

    10 विकेट की इस धमाकेदार जीत का पाकिस्तान में सोशल मीडिया पर भी खूब जश्न मनाया गया और चर्चा में रहा शाहीन शाह अफ़रीदी का ट्वीट.

    अफ़रीदी ने जिस अंदाज़ में कप्तान आज़म और रिज़वान की तारीफ़ की, उसका सोशल मीडिया पर खूब चर्चा है.

    दुबई में हुए क्रिकेट एशिया कप 2022 के बाद से पाकिस्तान के दोनों सलामी बल्लेबाज़ कप्तान बाबर आज़म और मोहम्मद रिज़वान आलोचकों के निशाने पर थे और उनकी धीमी स्ट्राइक रेट को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे.

    बाबर की खराब फॉर्म ने भी पाकिस्तान की टेंशन बढ़ा दी थी, लेकिन इंग्लैंड के ख़िलाफ़ जिस तरह से इन दोनों ने बल्लेबाजी की, उससे तमाम आलोचकों को जवाब मिल गया होगा.

    200 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ 10 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की. कप्तान बाबर 110 रन और रिजवान 88 रन बनाकर नाबाद लौटे.

    बाबर का टी-20 इंटरनेशनल में ये दूसरा शतक है. फ़िलहाल वह लंदन में अपने घुटने चोट का इलाज करा रहे हैं.

    शाहीन ने जिस तरह अपने ट्वीट की शुरुआत की, उससे कुछ लोगों को हैरानी हुई पर जब पूरा ट्वीट पढ़ा तब समझ में आया कि दरअसल, उन्होंने इसे कप्तान और रिज़वान की तारीफ़ में लिखा था.

    उन्होंने लिखा, "मुझे लगता है अब कप्तान बाबर आज़म और मोहम्मद रिज़वान से छुटकारा पाने का वक्त आ गया है. अगर सही से खेलते तो मैच 15 ओवर में फिनिश हो जाना चाहिए था. ये आखिरी ओवर तक ले गए... इस शानदार पाकिस्तानी टीम पर हमें नाज़ है."

  5. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार करें अनंत और दिनेश का.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 22 सितंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    शुरुआत आज की कुछ बड़ी ख़बरों से-

    • दिल्ली एनसीआर के कई हिस्सों में पिछले कई घंटों से बारिश जारी
    • इंस्टाग्राम की सेवाएं भारत समेत दुनिया के कई देशों में प्रभावित
    • कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए आज से नामांकन; शशि थरूर, गहलोत कर रहे दावा
    • भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच टी-20 सिरीज़ का दूसरा मुक़ाबला नागपुर में