You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सचिन पायलट ने आज़ाद के इस्तीफ़े की टाइमिंग पर उठाए सवाल

सचिन पायलट ने कहा कि ग़ुलाम नबी आज़ाद ने संघर्ष करने की बजाय अपनी जिम्मेदारी से पीछे हटने का काम किया है

लाइव कवरेज

भूमिका राय and अभिनव गोयल

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, ग़ुलाम नबी आज़ाद ने कांग्रेस से तोड़ा नाता, राहुल गांधी को बताया पार्टी की दुर्दशा के लिए ज़िम्मेदार

    ग़ुलाम नबी आज़ाद ने कांग्रेस पार्टी से नाता तोड़ दिया है. कांग्रेस के अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे पत्र में उन्होंने विस्तार से अपने इस्तीफ़े की वजह बताई है. ग़ुलाम नबी आज़ाद लंबे समय से कांग्रेस नेतृत्व से नाराज़ बताए जा रहे थे.

    उन्हें कांग्रेस के उन असंतुष्ट नेताओं के ग्रुप जी-23 का भी हिस्सा माना जाता था, जिन्होंने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कांग्रेस संगठन में फेरबदल की मांग की थी और ये भी आरोप लगाया था कि इसकी अनदेखी की जा रही है.

    अपने पाँच पन्नों के इस्तीफ़े में ग़ुलाम नबी आज़ाद ने कांग्रेस के साथ अपने लंबे संबंधों का ज़िक्र किया है, साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से अपने रिश्तों को भी याद किया है.

    आज़ाद ने पत्र में लिखा है कि कांग्रेस पार्टी में ऐसी स्थिति पैदा हो गई है, जहाँ से वापस लौटना मुश्किल है. इसी महीने 18 अगस्त को ग़ुलाम नबी आज़ाद को जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस की चुनाव समिति का प्रमुख बनाया गया था.

    लेकिन कुछ ही घंटों के बाद उन्होंने स्वास्थ्य का आधार देते हुए पद छोड़ने की घोषणा की थी. कांग्रेस में जल्द ही संगठन के चुनाव होने वाले हैं. जो पिछले कुछ समय से टल रहे हैं. सोनिया गांधी अभी अंतरिम अध्यक्ष हैं.

    आज़ाद ने अपनी चिट्ठी में चुनाव प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं. राहुल गांधी का ज़िक्र करते हुए ग़ुलाम नबी आज़ाद ने लिखा है कि कांग्रेस पार्टी की ये हालत इसलिए हुई है क्योंकि पिछले आठ वर्षों से नेतृत्व ने एक ऐसे व्यक्ति को आगे किया, जो कभी गंभीर ही नहीं था.

    उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की राजनीति में एंट्री और ख़ासकर जब वर्ष 2013 में जब उन्हें पार्टी का उपाध्यक्ष बनाया गया, उसके बाद पार्टी के अंदर की सलाह लेने की प्रक्रिया को उन्होंने पूरी तरह ख़त्म कर दिया.

    ग़ुलाम नबी आज़ाद ने कहा कि पार्टी में सभी वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को किनारे कर दिया गया और ग़ैर अनुभवी और चापलूसों को पार्टी के मामलों में प्राथमिकता दी जाने लगी.

    सोनिया गांधी को संबोधित करते हुए उन्होंने लिखा है कि वो ये इस्तीफ़ा बहुत भारी मन से दे रहे हैं.

    कांग्रेस के लिए महज़ एक हफ़्ते में यह दोहरा झटका है. इससे पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता आनंद शर्मा ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की संचालन समिति से इस्तीफ़ा दे दिया था.

    आनंद शर्मा ने सोनिया गांधी को लिखे पत्र में कहा था कि वो अपने "आत्मसम्मान से समझौता नहीं करेंगे."

    गुलाम नबी आज़ाद के इस्तीफ़े पर अब प्रतिक्रियाएं भी आने लगी हैं.

    उमर अब्दुल्लाह ने इस पर ट्वीट किया है.

    उन्होंने लिखा है, "लंबे समय से अफ़वाह उड़ रही थी लेकिन कांग्रेस के लिए एक झटका कम नहीं था. शायद हाल के दिनों में पार्टी छोड़नेवाले वो सबसे वरिष्ठ नेता हैं. उनका इस्तीफ़ा पढ़ना बहुत तकलीफदेह है. भारत की सबसे पुरानी पार्टी में टूट होते देखना, काफी दुखद है."

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, योगी आदित्यनाथ को सुप्रीम कोर्ट से मिली बड़ी राहत, मुक़दमा चलाने के लिए की गई अपील ख़ारिज

    सुप्रीम कोर्ट ने वर्ष 2007 के गोरखपुर दंगा मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ख़िलाफ़ मुक़दमा चलाने के लिए की गई अपील को ख़ारिज कर दिया है. चीफ़ जस्टिस एनवी रमन्ना की खंडपीठ ने अपने फ़ैसले में कहा है कि याचिका में कोई मेरिट नहीं है. सुप्रीम कोर्ट के इस फ़ैसले से सीएम योगी आदित्यनाथ को बड़ी राहत मिली है.

    योगी आदित्यनाथ पर भड़काऊ भाषण देने का आरोप था. 24 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सुनवाई के बाद फ़ैसला सुरक्षित रख लिया था. दरअसल इस मामले में पहले अपील इलाहाबाद हाई कोर्ट में की गई थी, जहाँ इसे ख़ारिज कर दिया गया था.

    पूरा मामला क्या है

    ये मामला 27 जनवरी 2007 को गोरखपुर में सांप्रदायिक दंगे से जुड़ा है. एफ़आईआर दर्ज कराने के लिए गोरखपुर के एक पत्रकार परवेज़ परवाज़ और सामाजिक कार्यकर्ता असद हयात ने याचिका दाख़िल की थी.

    हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद योगी आदित्यनाथ समेत बीजेपी के कई नेताओं के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई थी. 2008 में परवेज़ परवाज़ ने गोरखपुर के कैंट पुलिस थाने में एक एफ़आईआर की थी जिसमें योगी आदित्यनाथ के साथ कुछ अन्य लोगों पर भड़काऊ भाषण का आरोप लगाया गया था.

    मामले में दर्ज एफ़आईआर में आरोप था कि तत्कालीन बीजेपी सांसद योगी आदित्यनाथ, गोरखपुर के विधायक राधा मोहन दास अग्रवाल और गोरखपुर की तत्कालीन मेयर अंजू चौधरी ने रेलवे स्टेशन के पास भड़काऊ भाषण दिया था और उसी के बाद दंगा भड़का था.

    लेकिन 2018 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अपने फ़ैसले में उस याचिका को ही ख़ारिज कर दिया, जिसमें दंगों में योगी आदित्यनाथ की भूमिका की जाँच कराए जाने की मांग की गई थी.

  3. ज़वाहिरी की मौत पर तालिबान ने उठाए सवाल और कहा- अभी तक नहीं मिला है शव

    तालिबान ने कहा है कि उसे अभी तक अल क़ायदा के पूर्व प्रमुख अल ज़वाहिरी का शव नहीं मिला है. हालाँकि उनकी पड़ताल जारी है.

    तालिबान के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने गुरुवार को कहा कि तालिबान को अभी तक अल ज़वाहिरी का शव नहीं मिला है.

    उन्होंने पत्रकारों से कहा, “इस मामले में जाँच चल रही है और अभी भी पूरी नहीं हुई है. इस बारे में जो भी जानकारी है वो जाँच पूरी होने के बाद ही सामने आ पाएगी.”

    तालिबान के आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा, “जहाँ हमला हुआ था, वहाँ सब कुछ बर्बाद हो चुका था, कोई शव भी नहीं मिला था.”

    अमेरिकी ने किया था दावा

    अमेरिका ने 31 जुलाई को अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में एक ड्रोन हमले में अल-ज़वाहिरी को मारने का दावा किया था.

    अमेरिका की सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी यानी सीआईए ने आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन चलाया था. ज़वाहिरी के मारे जाने की पुष्टि ख़ुद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने की थी.

    बाइडन ने कहा था, "ज़वाहिरी के हाथ अमेरिकी नागरिकों की हत्या से रंगे थे. अब लोगों को इंसाफ़ मिल गया है और यह आतंकवादी नेता अब जीवित नहीं है."

    अधिकारियों का कहना है कि ज़वाहिरी एक सुरक्षित घर की बालकनी में थे तभी ड्रोन के ज़रिए दो मिसाइल दागी गई.

    तालिबान के अधिकारियों ने अमेरिका के दावे के बाद कहा था कि ड्रोन हमला तो हुआ था लेकिन जिस समय हमला हुआ घर ख़ाली था. तालिबान अधिकारियों ने कहा था कि ड्रोन हमला एक ख़ाली घर पर हुआ.

    तालिबान के एक नेता ने न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स से कहा था कि वे हमले के समय ज़वाहिरी की मौजूदगी के अमेरिकी दावे की पुष्टि नहीं करते हैं.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, सात्विक और चिराग शेट्टी ने बैडमिंटन वर्ल्ड चैम्पियनशिप में रचा इतिहास

    भारत के सात्विकसैराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने बैडमिंटन वर्ल्ड चैम्पियनशिप में इतिहास रच दिया है.

    सात्विक और चिराग की जोड़ी ने क्वार्टर फ़ाइनल में जापान के युगो कोबायाशी और ताकुरो होकी की जोड़ी को तीन गेम्स में हराकर सेमी फ़ाइनल में जगह बना ली है.

    इसके साथ ही उन्होंने भारत के लिए पदक पक्का कर लिया है. ये वर्ल्ड चैम्पियनशिप के पुरुष डबल्स में भारत का पहला पदक होगा.

    क्वार्टर फ़ाइनल का पहला गेम काफ़ी रोमांचक रहा. भारत और जापान के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. जापान की जोड़ी तो मौजूदा चैम्पियन भी है. लेकिन आख़िरकार सात्विक और चिराग की जोड़ी ने 24-22 से पहला गेम जीत लिया.

    लेकिन दूसरे गेम में बाज़ी पलट गई. भारतीय जोड़ी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई. आख़िरकार 21-15 से जापान ये गेम जीत गया. अब मैच 1-1 से बराबर था.

    तीसरे गेम में भारतीय जोड़ी ने शुरू से ही आगे रही. एक समय वे 4-1 से आगे थे और ये बढ़त उन्होंने बनाए रखी. उन्होंने ये मैच 21-14 से जीतकर सेमी फ़ाइनल में जगह बनाई.

    हाल ही में बर्मिंघम में संपन्न राष्ट्रमंडल खेलों में भी सात्विक और चिराग की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीता था.

  5. वीएचपी ने मुनव्वर फ़ारूक़ी के शो को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस को लिखी चिट्ठी

    विश्व हिंदू परिषद ने स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फ़ारूकी के शो को रद्द करवाने के लिए ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को एक पत्र लिखा है.

    यह पत्र मुनव्वर फ़ारूक़ी के 28 अगस्त 2022 को दिल्ली के सिविक सेंटर में होने वाले एक कार्यक्रम के संदर्भ में है. इस पत्र में फ़ारूक़ी के कार्यक्रम को रद्द करने की मांग की गई है.

    पत्र में आरोप लगाया गया है कि फ़ारूक़ी अपने कार्यक्रमों में हिंदू देवी-देवताओं का मज़ाक उड़ाते हैं.

    इसमें दावा किया गया है कि उनके एक कार्यक्रम के बाद हैदराबाद में सांप्रदायिक तनाव भड़क गया था.

    पत्र में आगे लिखा गया है, “मेरा निवेदन है कि इस शो को तुरंत रद्द कर दिया जाए, वरना विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता शो का विरोध करेंगे और प्रदर्शन करेंगे.”

    पत्र में मांग की गई है कि इस मामले में उचित कार्यवाही की जाए.

    द इंडियन एक्सप्रेस ने अपनी एक रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से कहा है कि उन्हें अभी तक ऐसी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है.

    फ़ारूक़ी की टीम को भी वीएचपी के नोटिस के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं है और ना ही उन्हें शो के रद्द होने की कोई सूचना है.

  6. सऊदी अरब फिर आया पाकिस्तान को बचाने, किया बड़ा एलान

    आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान की मदद के लिए सऊदी अरब ने एकबार फिर हाथ बढ़ाया है. सऊदी अरब पाकिस्तान में एक अरब डॉलर का निवेश करेगा.

    सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय की ओर से ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी गई है.

    सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक़, “सऊदी अरब के किंग सलमान ने पाकिस्तान में एक अरब डॉलर के निवेश के लिए निर्देश दिए हैं. उन्होंने पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति को सहारा देने के लिए और वहां के लोगों के लिए यह मदद देने का निर्देश दिया है.”

    विज्ञप्ति के मुताबिक़, इस बात की जानकारी सऊदी अरब के विदेश मंत्री ने गुरुवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्री के साथ फ़ोन पर हुई बातचीत के दौरान दी.

    सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फ़ैसल बिन फ़रहान ने गुरुवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्री से बिलावल भुट्टो से फ़ोन पर बातचीत की.

    इस बातचीत के दौरान उन्होंने पाकिस्तान के विदेश मंत्री को किंग सलमान के निर्देश की जानकारी दी. साथ ही दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की. दोनों नेताओं के बीच साझा लाभ के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई.

    पहले भी मदद कर चुका है सऊदी अरब

    पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच पाकिस्तान की स्थापना के समय से ही मज़बूत संबंध हैं. 1970 के दशक के बाद से ये संबंध और भी मज़बूत हुए हैं.

    पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था जब-जब संकट में आती है,सऊदी अरब उसकी मदद के लिएआगे आता है.

    पाकिस्तान में इमरान ख़ान की सरकार गिरने के बाद प्रधानमंत्री बने शहबाज़ शरीफ़ ने अपना पहला विदेशी दौरा सऊदी अरब का ही किया था. इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने सऊदी से आठ अरब डॉलर का राहत पैकेज लेने में कामयाबी हासिल की थी.

    सऊदी अरब ने पिछले क़र्ज़ समझौते के तहत दिसंबर 2021 में भी पाकिस्तान स्टेट बैंक में तीन अरब डॉलर जमा कराए थे.

    इसके अलावा पिछले साल जब पाकिस्तान मुश्किल आर्थिक संकट में फंसा था, डॉलर के मुक़ाबले उसका रुपया टूट रहा था और विदेशी मुद्रा भंडार ख़त्म हो रहा था तब भी सऊदी अरब ने ही आगे बढ़कर उसकी मदद की थी.

    पिछले साल अक्टूबर में सऊदी अरब ने पाकिस्तान को 4.2 अरब डॉलर की आर्थिक मदद दी थी. पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के सऊदी दौरे के दौरान इस मदद की घोषणा की गई थी. ये मदद सस्ते क़र्ज़ और उधार तेल के रूप में थी.

  7. ओवैसी ने जुमे की नमाज़ से पहले टी राजा मामले को लेकर ये कहा

    एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने लोगों से अपील की है कि वे शुक्रवार को ‘नमाज़ ए जुमा के बाद कोई नारा ना लगाएं.’

    देर रात एक वीडियो जारी कर ओवैसी ने कहा, “हैदराबाद की अवाम को यह पैग़ाम देना चाहूंगा कि आप सभी को इस बात की जानकारी होगी कि जिस बीजेपी के नेता ने पैग़ंबर मोहम्मद के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक वीडियो बनाया था, आज तेलंगाना सरकार ने उसे गिरफ़्तार कर लिया है. हमारी यही सबसे बड़ी मांग थी.”

    ओवैसी ने आगे कहा, “कल जुमा है और आप सभी से मेरी गुज़ारिश है कि आप सभी अपने पूरे परिवार के साथ जुमे की नमाज़ अदा कीजिए. इसके साथ ही हमारी ये कोशिश भी होनी चाहिए कि जिस तरह से शांतिपूर्ण तरीक़े से हमने प्रदर्शन किया और जिसके नतीजे में आरोपी को जेल भी जाना पड़ा, उसी तरह से हमें यह कोशिश करना है कि हमारा कल का जुमा अच्छी तरह से गुज़र जाए.”

    उन्होंने कहा, “नमाज़ ए जुमा के बाद हम कोई नारा न लगाएं, ऐसा कोई वाकया न पेश आए, जिससे दूसरों को तकलीफ हो.”

    टी राजा सिंह को तेलंगाना पुलिस ने फिर किया गिरफ़्तार

    तेलंगाना की पुलिस ने बीजेपी से निलंबित विधायक टी राजा सिंह को गुरुवार को फिर गिरफ़्तार कर लिया.

    पैग़ंबर मोहम्मद पर आपत्तिजनक टिप्पणी के कारण राजा सिंह को पहले भी गिरफ़्तार किया गया था. लेकिन अदालत ने उन्हें ज़मानत दे दी थी, जिसके बाद हैदराबाद में प्रदर्शन हुए थे.

    टी राजा सिंह ने बीते सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया था. इसमें उन्होंने पैग़ंबर मोहम्मद के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक टिप्पणियाँ की थीं.

    इसके बाद बीजेपी ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था और उन्हें कारण बताओ नोटिस भी जारी कर 10 दिनों के भीतर जवाब देने के लिए कहा.

    असदुद्दीन ओवैसी ने भी टी राजा सिंह को ज़मानत मिलने पर नाराज़गी जताई थी और मांग की थी कि उन्हें फिर जेल भेजा जाना चाहिए.

  8. राजू श्रीवास्तव के परिवार ने कहा- होश नहीं आया, वो अभी भी वेंटिलेटर पर

    हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव के होश में आने की ख़बरों के बाद उनके परिवार की ओर से एक बयान जारी कर उनकी सेहत की जानकारी दी गई है.

    उनकी बेटी अंतरा श्रीवास्तव ने लिखा है कि उनके पिता को 'होश नहीं आया है, मगर उनकी सेहत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है'.

    एक बयान जारी करके कहा है कि केवल एम्स के मीडिया अकाउंट, पिता के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी बयान पर ही भरोसा करें क्योंकि वही वास्तविक है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी और की कही बातों या समाचार पर भरोसा ना करें.

    दरअसल, इससे पहले गुरुवार दोपहर को मीडिया में ख़बर आई थी कि राजू श्रीवास्तव को होश आ गया है. यह ख़बर उनके फ़ैन्स के लिए खुशख़बरी से कम नहीं थी क्योंकि राजू श्रीवास्तव बीते 10 अगस्त से ही दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती हैं. जहां उनका इलाज चल रहा है.

    राजू श्रीवास्तव की बेटी ने बताया है, “मेरे पिता को अभी तक होश नहीं आया है लेकिन उनकी सेहत में सुधार हो रहा है.सिर्फ़ मेरे पिता के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट की गई जानकारी पर ही भरोसा करें. किसी और प्लेटफ़ॉर्म से दी गई सूचना या जानकारी ग़लत हो सकती है.”

    राजू श्रीवास्तव की सेहत के बारे में अपडेट देते हुए लिखा गया है, “मेरे पिता, राजू श्रीवास्तव की हालत स्थिर है और वह धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं. वह इस समय वेंटिलेटर पर हैं. एम्स दिल्ली में डॉक्टर और उनकी पूरी टीम कड़ी मेहनत और लगन से काम कर रही है. हम डॉक्टरों के और राजू श्रीवास्तव के सभी शुभचिंतकों के आभारी हैं.”

    राजू श्रीवास्तव के ऑफ़िशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से भी बेटी के इस नोट को शेयर किया गया है.

    इसके अलावा मीडिया ने भी देर शाम उन ख़बरों का खंडन कर दिया जिसमें राजू श्रीवास्तव के होश में आने की बात कही गई थी.

    राजू श्रीवास्तव को 10 अगस्त को दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था. वह जिम में वर्कआउट कर रहे थे और वर्कआउट करने के दौरान ही उनके सीने में दर्द उठा और वो वहीं गिर पड़े.

    कौन हैं राजू श्रीवास्तव

    कानपुर में एक कवि के घर जन्म लेने वाले राजू श्रीवास्तव को लोग उनके ज़मीन से जुड़े हास्य और उनके किरदार 'गजोधर' के लिए पहचानते हैं.

    राजू श्रीवास्तव कई फ़िल्मों और धारावाहिकों में हास्य कलाकार के रूप में काम कर चुके हैं. 'ग्रेट इंडियन लाफ़्टर चैलेंज' से सुर्खियों में आए राजू श्रीवास्तव 'कॉमेडी सर्कस' और 'लाफ़ इंडिया लाफ' में भी लोगों को हंसा चुके हैं.

    साल 2014 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर ली थी. तात्कालिक भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा का दामन थामा था.

  9. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया.

    हम यहां आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.

    25 अगस्त के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.