You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

रोहिंग्या लोगों को दिल्ली में बसाने के मुद्दे पर बीजेपी और आम आदमी पार्टी आमने-सामने

दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि केंद्र सरकार चोरी छिपे रोहिंग्या लोगों को दिल्ली में स्थाई ठिकाना देने की कोशिश कर रही है

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and अभिनव गोयल

  1. शोएब अख़्तर को ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ पर आया ग़ुस्सा, इस हरकत को कहा 'शर्मनाक'

    पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद हसनैन और ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेटर मार्कस स्टॉयनिस को लेकर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. और अब इस मामले में पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर और रावलरपिंडी एक्सप्रेस कहे जाने वाले शोएब अख़्तर भी कूद पड़े हैं.

    दरअसल ये मामला रविवार का है, जब द हंड्रेड प्रतियोगिता के अंतर्गत साउदर्न ब्रेव्स और ओवल इन्विन्सिबल के बीच मैच चल रहा था. इस मैच के दौरान पाकिस्तान के मोहम्मद हसनैन की गेंद पर स्टॉयनिस आउट हो गए. लेकिन आउट होकर पवेलियन की ओर जाते समय स्टॉनिस ने बार-बार मोहम्मद हसनैन के एक्शन को दोहराया और संकेतों में ये दिखाने की कोशिश की कि हसनैन चकिंग कर रहे थे.

    इस घटना पर शोएब अख़्तर ने ट्वीट कर लिखा- स्टॉयनिस का इशारा शर्मनाक था. आप ऐसा कैसे कर सकते हैं? आईसीसी इस मामले पर चुप ही रहेगी. किसी भी खिलाड़ी को ऐसा करने का हक़ नहीं है, ख़ासकर उस समय जब किसी खिलाड़ी का एक्शन पहले ही क्लियर हो चुका हो.

    इस साल के शुरू में हसनैन को ग़लत गेंदबाज़ी एक्शन का दोषी पाया गया था और उन्हें सस्पेंड कर दिया गया था. उनके ग़लत एक्शन की शिकायत अंपायर जिरार्ड अबूड ने बिग बैश लीग के दौरान की थी. उन्हें अपने एक्शन में सुधार करने का मौक़ा दिया गया और बाद में उनके एक्शन को क्लियर भी किया गया.

  2. बिलकिस बानो गैंगरेप मामले में दोषियों की रिहाई पर आया राहुल गाँधी का बयान, पीएम मोदी पर निशाना

    गुजरात के बिलकिस बानो गैंगरेप केस में सज़ा काट रहे सभी 11 दोषियों की स्वतंत्रता दिवस पर रिहाई को लेकर राहुल गाँधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है.

    राहुल गाँधी ने इस पूरे मामले का ज़िक्र करते हुए कहा है कि पीएम मोदी की कथनी और करनी में फ़र्क को सारा देश देख रहा है.

    गाँधी ने ट्वीट किया, "5 महीने की गर्भवती महिला से बलात्कार और उनकी 3 साल की बच्ची की हत्या करने वालों को 'आज़ादी के अमृत महोत्सव' के दौरान रिहा किया गया. नारी शक्ति की झूठी बातें करने वाले देश की महिलाओं को क्या संदेश दे रहे हैं? प्रधानमंत्री जी, पूरा देश आपकी कथनी और करनी में अंतर देख रहा है."

    रिहा किए गए ये सभी 11 लोग साल 2002 के गुजरात दंगों के दौरान बिलकिस बानो के सामूहिक बलात्कार और उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या के मामले में उम्रकैद की सज़ा काट रहे थे और गोधरा जेल में बंद थे.

    इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भी प्रधानमंत्री पर सीधा निशाना साधते हुए कहा था, "कल प्रधानमंत्री जी ने लाल क़िले की प्राचीर से बड़ी-बड़ी बातें की... नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी शक्ति... अच्छे अच्छे शब्द इस्तेमाल किये. कुछ घंटों के बाद गुजरात सरकार ने एक ऐसा निर्णय लिया जो अप्रत्याशित था, जो कभी नहीं हुआ."

    खेड़ा ने कहा, "अगर अपराध की प्रकृति की ही बात करें तो क्या बलात्कार उस श्रेणी में नहीं आता जिसमें कड़ी से कड़ी सज़ा मिले उनको? जितनी कड़ी सज़ा मिले उतनी कम मानी जाती है."

  3. बिलकिस बानो मामले में गुजरात सरकार के बचाव में आई वीएचपी, ओवैसी को कहा मुसलमानों को भड़काने वाला

    विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) ने बिलकिस बानो गैंगरेप मामले में दोषियों की रिहाई का बचाव किया है. स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर गुजरात सरकार के इस फ़ैसले की कई विपक्षी पार्टियाँ आलोचना कर रही हैं.

    कांग्रेस ने भी इस पर पीएम नरेंद्र मोदी को घेरा है, तो एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी ने भी इस फ़ैसले की आलोचना की है.

    विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त महामंत्री सुरेंद्र जैन ने बयान जारी करके ओवैसी के बयान की कड़ी आलोचना की है और कहा है कि वे मुस्लिम समाज को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं.

    वीडियो संदेश में सुरेंद्र जैन ने कहा- स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देश की अधिकांश सरकारों ने अपने कई क़ैदियों को उनकी सज़ा में छूट दी है. गुजरात सरकार ने कुछ क़ैदियों को छूट दी. लेकिन ओवैसी जैसे नेताओं ने इस अवसर का भी दुरुपयोग करके मुस्लिम समाज को भड़काने का अक्षम्य अपराध किया है. वो भूल जाते हैं कि गुजरात सरकार ने ये निर्णय सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार ही लिया है.

    उन्होंने कहा कि क्या देश भर में जो क़ैदी छोड़े गए, उनमें मुसलमान शामिल नहीं हैं? क्या गुजरात के छोड़े गए इन क़ैदियों का अपराध यही है कि वे गुजराती हिंदू हैं?

    ओवैसी पर निशाना साधते हुए सुरेंद्र जैन ने कहा- ओवैसी जैसे कट्टरपंथी नेता कोई भी मौक़ा नहीं छोड़ते मुस्लिम समाज को भड़काने का. इन जैसे भड़काऊ नेताओं के कारण ही तिरंगा यात्रा जैसे महान आयोजनों पर हमले हो रहे हैं. तिरंगे के बीच में चाँद तारा लगाने का अक्षम्य अपराध भी इन्हीं लोगों के द्वारा किया जा रहा है. इन्हीं के कारण से सर तन से जुदा का गैंग आज तेज़ी से सक्रिय हो गया है.

    वीएचपी के संयुक्त महामंत्री ने मुस्लिम समाज से अपील की कि वे भारत के विकास के मार्ग को अवरुद्ध न करें.

    2002 के गुजरात दंगों के दौरान एक भीड़ ने बिलकिस बानो के परिवार पर हमला किया था. इस दौरान पाँच महीने की गर्भवती बिलकिस बानो के साथ गैंगरेप किया गया.

    उनकी तीन साल की बेटी सालेहा की भी बेरहमी से हत्या कर दी गई. उस वक़्त बिलकिस क़रीब 20 साल की थीं. इस दंगे में बिलकिस बानो की माँ, छोटी बहन और अन्य रिश्तेदारों समेत 14 लोग मारे गए थे.

    एक दिन पहले ही असदुद्दीन ओवैसी ने बिलकिस बानो के मामले में कहा था धर्म को लेकर बीजेपी इतनी पक्षपाती है कि रेप और नफ़रती हिंसा के लिए भी माफ़ी मिल जाती है.

    ओवैसी ने अपने ट्वीट में लिखा था- आज़ादी का अमृत महोत्सव मनाने का ये बीजेपी का तरीक़ा है. जो लोग जघन्य अपराध के दोषी हैं, उन्हें रिहा कर दिया गया है. एक धर्म के लिए बीजेपी इतनी पक्षपाती है कि बलात्कार और हेट क्राइम भी माफ़ कर दिए जाते हैं. क्या बीजेपी-शिंदे की महाराष्ट्र सरकार भी रुबीना मेमन की रिहाई के लिए समिति बनाएगी?

    कांग्रेस ने भी मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बिलकिस बानो गैंगपेर के दोषियों की रिहाई पर गुजरात सरकार के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी सवाल खड़े किए थे.

  4. रूस से भारत क्यों ख़रीद रहा है तेल, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बताया

    विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बताया है कि यूक्रेन पर हमले के बाद लगे प्रतिबंधों के बावजूद भारत ने रूस से तेल ख़रीदना क्यों जारी रखा है.

    थाइलैंड में भारतीय समुदाय से बातचीत के दौरान जयशंकर ने कहा कि भारत में लोगों की आमदनी इतनी नहीं कि वे ऊँचे दामों में पेट्रोल-डीज़ल ख़रीद पाएँ. ऐसे में ये उनका नैतिक दायित्व है कि वे अपने लोगों को सबसे अच्छा सौदा दिलवाएँ.

    जयशंकर ने इस दौरान कहा, "तेल और गैस की क़ीमतें बेतहाशा बढ़ गई हैं और अब बहुत से पुराने सप्लायर तेल को दूसरे रास्तों से यूरोप भेज रहे हैं. यूरोप अब रूस की बजाय मध्य पूर्व के देशों और उन अन्य स्रोतों से अधिक आयात कर रहा है, जो भारत को आपूर्ति कर सकते हैं."

    विदेश मंत्री ने कहा, "ये ऐसी स्थिति है, जहाँ हर देश स्वाभाविक तौर पर अपने नागरिकों के लिए अच्छा से अच्छा सौदा करने और तेल-गैस के बढ़े दामों का असर कम करने की कोशिश करेगा. हम भी ठीक ऐसा ही कर रहे हैं. हालाँकि भारत ये छिपकर नहीं बल्कि ईमानदारी के साथ कर रहा है."

    एस जयशंकर ने ये भी कहा, "मेरे देश में प्रति व्यक्ति आमदनी दो हज़ार डॉलर है. ये लोग गैस-तेल के ऊँचे दाम नहीं दे सकते. ये मेरी प्रतिबद्धता और नैतिक दायित्व है कि मैं उन्हें अच्छी डील दिलवाऊँ."

    उन्होंने कहा कि अमेरिका सहित अन्य देश भारत की स्थिति से अच्छे से वाकिफ़ है और वे इसे स्वीकार करके आगे बढ़ेंगे.

  5. जम्मू में एक ही परिवार के छह लोगों के शव संदिग्ध हालत में मिले

    जम्मू में एक ही परिवार के छह लोगों के शव संदिग्ध हालत में मिले हैं.

    पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सकीना बेग़म, उनकी दो बेटियाँ नसीमा अख़्तर और रूबीना बानो, बेटा ज़फ़र सलीम और दो अन्य रिश्तेदार नूर उल हबीब और सज्जाद अहमद के तौर पर हुई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, सभी शव सिद्धरा इलाक़े से बरामद किए गए और अब उन्हें गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, दो शव एक घर में मिले जबकि बाक़ी चार परिवार के दूसरे घर में मिले हैं.

    पुलिस की टीम ने मौक़े पर पहुँच कर जाँच शुरू कर दी है.

  6. पीएम मोदी ने की फ़्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों से बात, जंगलों में लगी आग पर दिया भरोसा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से फ़ोन पर बातचीत की. इस दौरान पीएम मोदी ने फ़्रांस के जंगलों में लगी भीषण आग तथा सूखे की स्थिति से निपटने के लिए सहयोग का भरोसा दिया.

    बातचीत के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट किया, "आज मैंने अपने दोस्त और राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बात की. उन्हें फ़्रांस के जंगलों में लगी भीषण आग से निपटने में भारत के सहयोग का आश्वासन दिया. हमने भारत-फ़्रांस रणनीतिक साझेदारी के तहत द्विपक्षीय सहयोग और वैश्विक तथा क्षेत्रीय महत्ता वाले अन्य मुद्दों पर चर्चा की."

    पीएम मोदी ने बताया कि फ़्रांस के राष्ट्रपति और उनके बीच खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा जैसी वैश्विक चुनौती से निपटने में सहयोग को लेकर भी सहमति बनी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने पीएमओ की ओर से जारी बयान के हवाले से बताया है कि दोनों नेताओं ने महत्वपूर्ण भू-राजनीतिक चुनौतियों और असैन्य परमाणु ऊर्जा सहयोग को लेकर भी चर्चा की.

    पीएमओ के मुताबिक़ फ़ोन पर हुई इस वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने रक्षा सहयोग से जुड़ी परियोजनाओं और असैन्य परमाणु ऊर्जा सहित भारत और फ्रांस के बीच जारी द्विपक्षीय पहलों की भी समीक्षा की.

  7. 'जासूसी' पोत श्रीलंका के हंबनटोटा पहुँचने के बाद चीन ने भारत की चिंता पर दिया ये जवाब

    अपने जहाज़ के श्रीलंका के हंबनटोटा बंदरगाह पर पहुँचने के बाद चीन ने कहा है कि इससे किसी देश की सुरक्षा को ख़तरा नहीं होगा. चीन ने कहा है कि किसी तीसरे पक्ष को जहाज़ नहीं रोकना चाहिए.

    ये पोत 22 अगस्त तक हंबनटोटा में रहेगा. भारत ने कुछ दिन पहले अपने पड़ोस में पोत की मौजूदगी को लेकर श्रीलंका के सामने चिंता ज़ाहिर की थी.

    भारत को आशंका है कि जहाज़ युआन वांग-5 के ज़रिए चीन भारत के परमाणु, मिसाइल से जुड़े अहम प्रतिष्ठानों की जासूसी कर सकता है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने चीन के आधिकारिक मीडिया की रिपोर्ट्स के हवाले से बताया है कि ये पोत सैटेलाइट और बैलिस्टिक मिसाइलों को ट्रैक करने जैसी उन्नत तकनीक से लैस है. इसमें दो हज़ार क्रू सदस्य सवार हो सकते हैं.

    चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने भारत की चिंताओं से जुड़े सवाल के जवाब में कहा कि जहाज़ "अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार" शोध के लिए हंबनटोटा पहुँचा है.

    उन्होंने कहा, "मैं फिर से इस बात पर ज़ो देना चाहता हूं कि युआन वांग-5 की समुद्री वैज्ञानिक शोध गतिविधियां अंतरराष्ट्रीय कानून और अंतरराष्ट्रीय सामान्य प्रक्रिया के अनुरूप हैं."

    वेनबिन ने कहा, "ये पोत किसी भी देश की सुरक्षा और उसके आर्थिक हितों को प्रभावित नहीं करता. इसे किसी तीसरे पक्ष की ओर से रोकने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए."

    हंबनटोटा पोर्ट को बीजिंग ने वर्ष 2017 में श्रीलंका से कर्ज़ के बदले में 99 साल के पट्टे पर ले लिया था. श्रीलंका का कहना है कि उसने गहन विचार-विमर्श के बाद चीन के पोत को हंबनटोटा आने की मंज़ूरी दी है.

    भारत को आशंका है कि चीन इस पोर्ट का इस्तेमाल सैन्य गतिविधियों के लिए कर सकता है. 1.5 अरब डॉलर का हम्बनटोटा पोर्ट एशिया और यूरोप के मुख्य शिपिंग रूट के पास है.

    चीन यूआन वांग 5 को एक अंतरराष्ट्रीय शिपिंग और शोध-सर्वेक्षण पोत बताता है, लेकिन इसे दोहरे उपयोग वाला जासूसी जहाज़ भी कहा जाता है.

  8. सरीना विलियम्स को यूएस ओपन से पहले झटका, टीनेजर से हार सिनसिनाटी में पहले ही दौर में बाहर

    इसी महीने होने जा रहे यूएस ओपन ग्रैंड स्लैम मुक़ाबले से पहले अमेरिकी टेनिस स्टार सरीना विलियम्स को बड़ा झटका लगा है.

    अमेरिका में सिनसिनाटी ओपन मुकाबले में उन्हें ब्रिटेन की 19 वर्षीय एमा रेडुकानू ने पहले ही दौर में बाहर का रास्ता दिखा दिया.

    23 बार की ग्रैंड स्लैम विजेता विलियम्स को सीधे सेटों में 6-4 6-0 से हार मिली.

    पूरे मैच के दौरान परेशानी में दिखने और फिर मिली हार के बाद सरीना विलियम्स बिना मीडिया से बात किए चुपचाप कोर्ट से बाहर चली गईं.

    40 साल की सरीना विलियम्स ने बीते सप्ताह वोग़ पत्रिका के लिए लिखे एक लेख में विलियम्स ने कहा था कि वो अब अन्य महत्वपूर्ण चीज़ों की ओर आगे बढ़ रही हैं. इसके बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, "काउंटडाउन शुरू हो चुका है."

    इसकी वजह से ये कयास और तेज़ हो गए कि सेरेना विलियम्स यूएस ओपन के बाद रिटायरमेंट का एलान कर सकती हैं. यूएस ओपन इसी महीने 28 तारीख़ से शुरू होने वाला है.

    सरीना विलियम्स ने लंबे समय तक चोटिल रहने के बाद इसी साल जून में विंबलडन मुकाबले से सिंगल्स मुकाबले में वापसी की थी. उन्होंने कहा है कि वो यूएस ओपन खेलेंगी.

  9. गुलाम नबी आज़ाद ने ठुकराया अहम प्रस्ताव, जम्मू-कश्मीर कांग्रेस में हलचल

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री रह चुके गुलाम नबी आज़ाद ने अपने फ़ैसले से पार्टी के अंदर हलचल पैदा कर दी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुलाम नबी आज़ाद को जम्मू-कश्मीर में पार्टी के प्रचार समिति का प्रमुख नियुक्त किया लेकिन चंद घंटों के अंदर ही आज़ाद ने ये प्रस्ताव ठुकरा दिया.

    जम्मू और कश्मीर में संगठन में सुधार के तौर पर सोनिया गांधी ने गुलाम नबी आज़ाद के करीबी माने जाने वाले विकास रसूल वानी को केंद्र शासित प्रदेश की इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है.

    आज़ाद कांग्रेस के 'जी-23' समूह के प्रमुख सदस्यों में से भी एक हैं. ये समूह पार्टी नेतृत्व का आलोचक रहा है और संगठनात्मक बदलावों की मांग करते रहा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि नियुक्तियों को सार्वजनिक किए जाने के कुछ घंटे बाद आज़ाद ने गांधी के प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया.

    बता दें कि जम्मू-कश्मीर में पाँच अगस्त, 2019 को संविधान के अनुच्छेद 370 के विशेष प्रावधान खत्म किए जाने के बाद से ही वहाँ विधानसभा अस्तित्व में नहीं है.

    परिसीमन का काम संपन्न हो चुका है. फ़िलहाल सरकार की ओर से विधानसभा चुनाव की तारीख़ को लेकर कुछ स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है.

  10. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 16 अगस्त के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.