स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्र के नाम संबोधन, पांच ख़ास बातें

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र के नाम अपने संदेश में कहा कि आधुनिक भारत के निर्माताओं ने प्रत्येक वयस्क नागरिक को राष्ट्र-निर्माण की सामूहिक प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर प्रदान किया.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and दीपक मंडल

  1. श्रीलंका की राह पर बांग्लादेश, पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतें आसमान पर, रजनी वैद्यनाधन, बीबीसी संवाददाता

    बांग्लादेश में प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, FUTURE PUBLISHING/GETTY IMAGES

    दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल बांग्लादेश में महज़ एक हफ़्ते के अंदर पेट्रोल-डीज़ल के दाम 50 फ़ीसदी से अधिक बढ़ गए हैं.

    बांग्लादेश इस महंगाई के लिए यूक्रेन में छिड़ी जंग पर दोष मढ़ रहा है लेकिन नाराज़ जनता विरोध के लिए सड़कों पर उतर आई है.

    श्रीलंका और पाकिस्तान के बाद बांग्लादेश तीसरा ऐसा दक्षिण एशियाई देश है, जहाँ महंगाई सातवें आसमान पर जा रही है और जिसने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ़) से कर्ज़ मांगा है.

    बांग्लादेश में पेट्रोल की कीमत 86 टका प्रति लीटर से बढ़कर 130 टका तक पहुँच गई है. वहीं, डीज़ल और मिट्टी के तेल के दाम भी 42.5 फ़ीसदी बढ़ गए हैं.

    आसमान छूती महंगाई को लेकर बांग्लादेश के ऊर्जा मंत्री नसरुल हामिद ने बीबीसी बांग्ला से कहा, "हम जानते हैं कि क़ीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है लेकिन अगर दूसरे देशों की वजह से ईंधन के दाम बढ़ रहे हैं तो हम क्या कर सकते हैं?"

    सरकार पर कुप्रबंधन के आरोपों को ख़ारिज करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने पहले ही महंगाई से बचने के लिए बहुत रियायतें दी हैं लेकिन अब क़ीमतों को बढ़ने से रोकना संभव नहीं है.

    नसरुल हामिद ने कहा, "अगर वैश्विक स्तर पर क़ीमतें कम होती हैं, तो हम कुछ व्यवस्था करने की कोशिश करेंगे."

    बीते सप्ताह ईंधन के नए दामों का एलान होने के बाद हज़ारों बांग्लादेशी नागरिकों ने देशभर में पेट्रोल पंप पर विरोध प्रदर्शन किए. बांग्लादेश में विरोध प्रदर्शन हालाँकि, श्रीलंका जितने बड़े स्तर पर नहीं हुए लेकिन यहाँ जनता में गु़स्सा और असंतोष बढ़ता जा रहा है.

  2. चीन के राजदूत ने ताइवान को लेकर भारत से अब ये जताई उम्मीद

    भारत में चीन के राजदूत सन वाइडॉन्ग

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भारत में चीन के राजदूत सन वाइडॉन्ग

    अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी के ताइवान दौरे के बाद अब पहली बार भारत में चीन के राजदूत सन वाइडॉन्ग की टिप्पणी आई है.

    उन्होंने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान उम्मीद जताई है कि भारत 'वन चाइना' पॉलिसी को अपने समर्थन को दोहरा सकता है.

    वाइडॉन्ग का ये बयान ऐसे समय आया है जब एक दिन पहले ही भारत की ओर से ये स्पष्ट किया जा चुका है कि इस नीति पर समर्थन को दोहराने की कोई ज़रूरत नहीं है.

    वाइडॉन्ग ने कहा, "मेरा मानना है कि 'वन चाइना' पॉलिसी को लेकर भारत के नज़रिये में बदलाव नहीं आया है. हमें उम्मीद है कि भारत 'एक चीन सिद्धांत' के लिए समर्थन दोहरा सकता है."

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार वाइडॉन्ग ने पूर्वी लद्दाख में गतिरोध को लेकर कहा कि दोनों पक्षों को बातचीत जारी रखनी चाहिए.

    इससे पहले शुक्रवार को एक मीडिया ब्रीफ़िंग में, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने 'एक-चीन' नीति का उल्लेख करने से परहेज़ किया था. उन्होंने कहा था कि 'प्रासंगिक' नीतियों पर भारत का रुख सबको पता है और इसे दोहराने की आवश्यकता नहीं है.

    चीन ने दावा किया है कि पेलोसी की ताइवान यात्रा के बाद लगभग 160 देशों ने वन-चाइना पॉलिसी के लिए अपना समर्थन दिया है. चीन, ताइवान को अपना अलग प्रांत मानता है.

    भारत ने वन चाइना पॉलिसी का समर्थन किया था, लेकिन उसने एक दशक से अधिक समय से सार्वजनिक रूप से या द्विपक्षीय दस्तावेज़ों में इस रुख़ को नहीं दोहराया है.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, ऑस्ट्रेलिया के कैनबरा एयरपोर्ट पर गोलीबारी, ख़ाली कराया गया एयरपोर्ट

    ऑस्ट्रेलिया की राजधानी कैनबरा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ऑस्ट्रेलिया की राजधानी कैनबरा में गोलीबारी की ख़बर आ रही है. गोलीबारी की इस घटना के बाद से एयरपोर्ट को खाली करा लिया गया है.

    प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने तीन गोलियां चलने की आवाज़ सुनी. पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में भी लिया है.

    फिलहाल किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है.

    सेंट्रल पुलिस एयरपोर्ट की तलाशी ले रही है. इस संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतज़ार है. ये गोलीबारी टर्मिनल के चेक-इन वाली जगह हुई.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, शेयर कारोबारी राकेश झुनझुनवाला का 62 साल की उम्र में निधन

    राकेश झुनझुनवाला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    जाने-माने शेयर कारोबारी राकेश झुनझुनवाला का रविवार को निधन हो गया. मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली.

    राकेश झुनझुनवाला की उम्र 62 साल थी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार स्वास्थ्य खराब होने पर आज सुबह ही उन्हें अस्पताल ले जाया गया था.

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    भारत के वॉरेन बफेट कहलाने वाले राकेश झुनझुनवाला की आकासा एयरलाइंस के विमान ने इसी महीने पहली उड़ान भरी थी. झुनझुनवाला को उसी समय सार्वजनिक तौर पर देखा गया था. कुछ रिपोर्ट्स में ये भी बताया गया है कि पिछले कुछ समय से उनकी सेहत खराब चल रही थी.

    राकेश झुनझुनवाला ने 400 कर्मचारियों के साथ ये कंपनी शुरू की थी. आकासा एयरलाइंस का लक्ष्य अगले साल मार्च महीने तक हर महीने पौने दो सौ भर्तियों के साथ 2,000 कर्मचारी रखने का था.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राकेश झुनझुनवाला के निधन पर दुख जताया है. पीएम मोदी ने लिखा है कि राकेश झुनझुनवाला ज़िंदादिल, मज़ाकिया और पैनी नज़र वाले शख्स थे. पीएम मोदी ने कहा है कि आर्थिक जगत में राकेश झुनझुनवाला ने अमिट छाप छोड़ी है. पीएम मोदी ने उनके निधन को दुखद बताते हुए परिवार के प्रति संवेदना ज़ाहिर की है.

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

    बीते साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ राकेश झुनझुनवाला की मुलाकात की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर ख़ूब वायरल हुई थी. इसके बाद ही उनके आकासा एयरलाइंस को सरकार की हरी झंडी मिलने की ख़बर भी आई थी.

    छोड़िए X पोस्ट, 3
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 3

  5. सलमान रुश्दी की हालत में सुधार, वेंटिलेटर से हटाया गया और बात भी कर पा रहे हैं

    सलमान रुश्दी

    इमेज स्रोत, Reuters

    ब्रिटिश लेखक सलमान रुश्दी की सेहत में अब काफ़ी सुधार है और उन्हें वेंटिलेटर से हटा दिया गया है.

    अमेरिकी मीडिया में आई रिपोर्टों के अनुसार वेंटिलेटर से हटाए जाने के बाद रुश्दी अब बात भी कर पा रहे हैं.

    बुकर पुरस्कार विजेता रहे रुश्दी पर उस समय एक 24 वर्षीय शख्स ने चाकू से हमला किया था जब वो अमेरिका के न्यूयॉर्क में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुँचे थे. हमलावर ने उनके ऊपर 15 से 20 बार चाकू से हमला किया.

    रुश्दी को अपनी लिखी किताब 'द सैटेनिक वर्सेज़' के लिए बीते कई दशकों से जान से मारने की धमकियों का सामना करना पड़ रहा था.

    भारतीय मूल के रुश्दी के एजेंट एंड्रयू वाइली ने सलमान को वेंटिलेटर से हटाए जाने की ख़बरों की पुष्टि की है. इससे पहले वाइली ने शनिवार को बताया था कि हमले की वजह से रुश्दी के लिवर को काफ़ी नुकसान पहुँचा है और बांह की नसें भी कट गई हैं.

    हमलावर की पहचान न्यू जर्सी के रहने वाले हादी मतर के तौर पर हुई है. हमलावर पर हत्या की कोशिश और हमले का आरोप दर्ज किया गया है. हमलावर हादी मतर को रिमांड पर भेज दिया गया है.

  6. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 'मुफ़्त कल्चर' पर राज्यों को दी ये नसीहत

    निर्मला सीतारमण

    इमेज स्रोत, ANI

    'रेवड़ी कल्चर' पर छिड़ी बहस के बीच केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी इस पर टिप्पणी की है और राज्यों को नसीहत दी है.

    सीतारमण ने मुफ़्त की योजनाएं चलाने वाले राज्यों से कहा है कि वे अपनी वित्तीय स्थिति की समीक्षा करने के बाद ही इस तरह की सुविधाएं मुहैया कराएं.

    उन्होंने कहा कि मुफ़्त की सुविधाओं पर बहस शुरू होना अच्छा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की ख़बर के अनुसार निर्मला सीतारमण ने कहा, "आप कोई वादा कर सकते हैं. मान लीजिए कि जब कोई राज्य सरकार कोई वादा करती है और लोगों को कुछ सुविधाएं मुफ़्त में देने की बात कहती है. ये बिजली हो सकती है, ये कुछ और भी हो सकती है. मैं ये नहीं कह रही कि आपको ऐसा नहीं करना चाहिए लेकिन अपनी आर्थिक स्थिति की समीक्षा करने के बाद ही ऐसा करें."

    सीतारमण ने भारतीय जनता पार्टी के आर्थिक प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ये टिप्पणी की.

    कुछ दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुफ़्त की योजनाओं को 'रेवड़ी कल्चर' बताते हुए इसे देश के विकास में रुकावट बताया था.

  7. सलमान रुश्दी की हालत अस्पताल में अब कैसी है?

    सलमान रुश्दी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ब्रिटिश लेखक सलमान रुश्दी की हालत अब भी नाज़ुक बनी हुई है. वह अमेरिका के पेन्सिलवेनिया के अस्पताल में वेंटिलेटर पर हैं.

    उनके शरीर पर चाकू से गोदने के गहरे घाव हैं. शुक्रवार को भारतीय मूल के लेखक सलमान रुश्दी पर उस समय हमला हुआ जब वो एक साहित्यिक मंच पर भाषण देने के जाने के वक्त हादी मतर नाम के युवक ने चाकू से उनकी गर्दन और शरीर पर कई जगह हमले किए थे.

    बुकर पुरस्कार विजेता रहे सलमान रुश्दी की किताब 'द सैटेनिक वर्सेज़' के लिए उन्हें बीते कई दशकों से जान से मारने की धमकियों का सामना करना पड़ रहा है.

    वहीं, सलमान रुश्दी के हमलावर पर हत्या की कोशिश और हमले का आरोप दर्ज किया गया है. हमलावर हादी मतर को रिमांड पर भेज दिया गया है.

    तमाम विदेशी नेताओं सहित अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने भी सलमान रुश्दी पर हुए जानलेवा हमले की निंदा की है. बाइडन ने कहा कि इस हमले के बारे में सुनकर वो और उनकी पत्नी जिल दोनों बेहद दुखी हैं.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    उन्होंने कहा कि सलमान रुश्दी हमेशा सच, साहस, उसूलों के लिए खड़े रहे हैं. उन्होंने अपने विचार निडर होकर सबके सामने रखे हैं.

    बाइडन ने रुश्दी पर हुए हमले को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताया.

  8. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 13 अगस्त के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.